डिजिटल समाचार स्रोत

...

राजनांदगांव में 40 डिग्री पहुंचा तापमान:दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश के आसार, गरज चमक के साथ 40-50 किमी/घंटे से हवा चलेगी

छत्तीसगढ़ में मार्च के पहले पखवाड़े में ही तेज गर्मी पड़ रही है। राजनांदगांव में पारा 40 डिग्री पहुंच गया है। प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री बना हुआ है। अगले 48 घंटे में तापमान में कोई विशेष बदलाव आने की संभावना नहीं है। हाालांकि आज से तीन दिन 13, 14 और 15 मार्च को बस्तर संभाग के कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती हैं। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश की भी संभावना है। इससे तापमान में 3-5 डिग्री की गिरावट आ सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक झारखंड में बने बारिश के सिस्टम के असर से बस्तर में बारिश की स्थिति बन रही है। बिहार से उत्तर छत्तीसगढ़ तक ट्रफ लाइन सक्रिय मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार से झारखंड होते हुए उत्तर छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर ऊंचाई पर एक ट्रफ (द्रोणिका) सक्रिय है। इसका मतलब है कि इस ऊंचाई पर हवा का दबाव कम है और वहां हवाओं का मिलन हो रहा है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम बदलने की संभावना बन रही है। इस दौरान इस ट्रफ के कारण प्रदेश में कुछ इलाकों में बादल बढ़ सकते हैं, गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा) तक चल सकती हैं। समझिए क्या होती है ट्रफ लाइन ट्रफ लाइन मौसम विज्ञान में कम दबाव की एक लंबी पट्टी होती है। यह आमतौर पर नक्शे पर एक ऐसी रेखा के रूप में दिखाई जाती है जहां आसपास के क्षेत्रों की तुलना में हवा का दबाव थोड़ा कम होता है। इस वजह से अलग-अलग दिशाओं से हवाएं इस क्षेत्र की ओर खिंचती हैं और ऊपर उठती हैं। राजनांदगांव सबसे गर्म वहीं पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। रायपुर में अगले 24 घंटे के दौरान आसमान साफ रहने के साथ हल्की धुंध रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बस्तर में तीन बदल सकता है मौसम 13 मार्च: प्रदेश के कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना। गरज-चमक और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 14 मार्च: कुछ जगहों पर हल्की बारिश के आसार, साथ ही गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। 15 मार्च: कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान भी गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:42 am

भिवानी में 8.70 लाख की धोखाधड़ी:भैंस खरीदकर पैसे नहीं लौटाए पैसे, एक साल तक झांसे में लेकर कटवाता रहा चक्कर

भिवानी में एक व्यक्ति से भैंस खरीदने के नाम पर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। जिसमें आरोपी ने 7 भैंस खरीदी और उसके 8 लाख 70 हजार रुपए नहीं दिए। पैसों के लिए एक साल तक चक्कर कटवाता रहा। एसपी को शिकायत देने के बाद केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी। भिवानी के गांव पपोसा निवासी वजीर ने पुलिस को शिकायत दी। जिसमें बताया कि उसने एक साल पहले गांव अलखपुरा निवासी एक व्यक्ति को 7 भैंस भेजी थी। जिसकी कीमत करीब 8 लाख 70 हजार रुपए बनते हैं। लेकिन उसके द्वारा बार-बार फोन करने पर थोड़े दिन में पैसे देने की बात कहता है और बात टालता रहता है। लेकिन रुपए वापस नहीं देता। इसको लेकर आरोपी उसको 5 बार तोशाम लेकर गया, लेकिन वहां जाकर रुपए देने से मुकर गया। इसको लेकर गांव अलखपुरा में कई बार पंचायत हो चुकी है। जिसमें आरोपी रुपए देने को राजी हो जाता, लेकिन बाद में पैसे देने से मना कर देता था। ऐसे करते हुए आरोपी ने एक साल का समय निकाल दिया। उसने आरोप लगाए कि पुलिस वाले भी कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं कर रही। जिसके कारण उसे मानसिक परेशान होना पड़ रहा है। जिसके बाद मामले की शिकायत एसपी को दी और कार्रवाई की मांग की। जिसके बाद केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:42 am

रेलिंग से टकराकर 15 फीट खाई में गिरी बाइक:रायसेन के दो युवक गंभीर घायल, गुजरात से मजदूरी कर लौट रहे थे

रायसेन जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक सड़क हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घोघरी-सुल्तानगंज रोड पर गुजरात से मजदूरी कर लौट रहे इन युवकों की बाइक सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराकर करीब 15 फीट गहरी खाई में गिर गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम केसलोन निवासी जयकुमार कुशवाहा (18) और शंकरलाल (22) गुजरात से मजदूरी कर अपने गांव लौट रहे थे। घोघरी-सुल्तानगंज रोड पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। इसके बाद बाइक समेत तीनों युवक करीब 15 फीट गहरी खाई में जा गिरे। एक राहगीर ने घटना देखकर आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद 108 एम्बुलेंस और सुल्तानगंज थाना पुलिस को सूचित किया गया। एम्बुलेंस स्टाफ के डॉक्टर जयसिंह ठाकुर और पायलट मुकेश प्रजापति मौके पर पहुंचे। खाई में गिरे घायल जयकुमार को स्पाइन बोर्ड की मदद से सावधानीपूर्वक ऊपर लाकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया गया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुल्तानगंज ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सागर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल, तीनों युवकों का उपचार जारी है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:40 am

फरीदाबाद में 14-15 मार्च को लगेगा फ्लावर मेला:कमिश्नर बोले- पर्यावरण जागरूकता का देंगे संदेश; मेयर बोलीं- मेहंदी पहचान जीवंत रखेंगे

फरीदाबाद की पुरानी सांस्कृतिक पहचान को फिर से जीवंत करने के लिए नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। शहर में आगामी 14 और 15 मार्च को दो दिवसीय फ्लावर मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल शामिल होंगे, जबकि फरीदाबाद की मेयर परवीन बत्रा जोशी और नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा भी मौजूद रहेंगे। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश मेयर परवीन बत्रा जोशी ने बताया कि यह फ्लावर मेला शहर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने और स्वच्छ व हराभरा वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों को पौधों और हरियाली के महत्व की जानकारी मिलेगी और पर्यावरण को बचाने की प्रेरणा भी मिलेगी। मेहंदी की पुरानी पहचान को फिर से मिलेगा जीवन मेयर ने कहा कि एक समय फरीदाबाद की पहचान मेहंदी के लिए पूरे देश में मशहूर थी। यहां से बड़ी मात्रा में मेहंदी की खरीदारी होती थी और विदेशों से भी लोग मेहंदी लेने आते थे। नगर निगम अब इस पुरानी पहचान को दोबारा जीवंत करने की योजना बना रहा है। इसके तहत हर साल करवा चौथ से दो दिन पहले शहर में मेहंदी मेले का आयोजन किया जाएगा, जिससे फरीदाबाद की पारंपरिक पहचान को बढ़ावा मिल सके। टाउन पार्क सेक्टर-12 में लगेगी फूलों की प्रदर्शनी यह फ्लावर मेला फरीदाबाद के प्रसिद्ध टाउन पार्क सेक्टर-12 में आयोजित किया जाएगा। मेले में विभिन्न प्रकार के फूलों और पौधों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें पर्यावरण प्रेमी और शहरवासी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। नगर निगम के अनुसार, मेले में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं। शहरभर में होंगे ऐसे आयोजन नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि आने वाले समय में शहर के अलग-अलग स्थानों पर इस तरह के कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और फरीदाबाद को स्वच्छ व हराभरा बनाने में मदद मिलेगी।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:39 am

धार में 44,913 किसानों ने कराया गेहूं पंजीयन:समर्थन मूल्य पर खरीदी में देरी की आशंका

धार जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए किसानों का पंजीयन पूरा हो गया है। 10 मार्च अंतिम तिथि थी। इस वर्ष कुल 44,913 किसानों ने पंजीयन कराया है, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। अंतिम दिन सर्वर की धीमी गति और तकनीकी समस्याओं के बावजूद 3,031 किसानों ने पंजीयन कराया। अधिकारियों के अनुसार, यदि अंतिम दिनों में तकनीकी दिक्कतें नहीं आतीं तो पंजीयन का आंकड़ा और अधिक हो सकता था। कई किसान सर्वर की समस्या के कारण समय पर पंजीयन नहीं करा पाए। इस बीच, समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में देरी की आशंका जताई जा रही है। पहले खरीदी 16 मार्च से प्रस्तावित थी, लेकिन खेतों में गेहूं में अधिक नमी के कारण इसे 1 अप्रैल तक बढ़ाए जाने पर विचार चल रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। जिले में इस बार गेहूं खरीदी के लिए 66 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। हालांकि, कई केंद्रों पर अभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार नहीं हो पाई हैं। खरीदी में देरी की आशंका के चलते किसान अब मंडियों का रुख कर रहे हैं। धार कृषि उपज मंडी में प्रतिदिन 8 से 10 हजार क्विंटल से अधिक गेहूं की आवक दर्ज की जा रही है। किसानों का कहना है कि आर्थिक दबाव के कारण उन्हें मंडी में कम कीमत पर गेहूं बेचना पड़ रहा है, जबकि सरकारी खरीदी समय पर शुरू होने पर उन्हें बेहतर दाम मिल सकते थे। कृषि विभाग के अनुसार, इस बार जिले में गेहूं का उत्पादन अच्छा होने की संभावना है और रकबा भी पिछले साल की तुलना में लगभग 20 हजार हेक्टेयर बढ़ा है। क्षेत्रवार पंजीयन में बदनावर 13,488 किसानों के साथ सबसे आगे रहा, इसके बाद धार में 11,919 और सरदारपुर में 8,965 किसानों ने पंजीयन कराया।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:38 am

बांदा–महोबा में आयकर विभाग की छापेमारी:2.5 करोड़ रुपए नकद बरामद, 50 घंटे से जांच जारी

बांदा और महोबा में आय से अधिक संपत्ति, काला धन और मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका पर आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई जारी है। बुधवार सुबह शुरू हुई छापेमारी 50 घंटे से अधिक समय बाद भी जारी है। बांदा और महोबा में करीब 26 टीमों के 200 से अधिक अधिकारी पिछले 50 घंटे से जांच में जुटे हैं। अब तक करीब 2.5 करोड़ रुपये नकद मिलने की चर्चा है। जानकारी के अनुसार छानबीन के दौरान कारोबारियों के घरों और प्रतिष्ठानों से अब तक करीब 2.5 करोड़ रुपये नकद मिलने की चर्चा है। इसके अलावा आय-व्यय से जुड़े कई दस्तावेजों में हेराफेरी के संकेत मिले हैं, जिनका मिलान किया जा रहा है। खनन कारोबारी सोमेश भारद्वाज के गूलरनाका स्थित आवास और कार्यालय पर भी आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा। उनके मौजूद न होने पर मुनीम शारदा साहू से संपत्ति और आय से जुड़े मामलों में पूछताछ की गई। एक टीम लखनऊ के पार्क रोड स्थित उनके आवास पर भी पहुंची है। उप आयकर निदेशक ऋषिराज के नेतृत्व में दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर, मेरठ और आगरा समेत कई शहरों से आयकर विभाग की लगभग 20 टीमें इस अभियान में शामिल हैं। पीएसी और अन्य सुरक्षा बलों की मौजूदगी में बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे से छापेमारी शुरू की गई थी। जांच के दायरे में हमीरपुर सदर के पूर्व विधायक और चौधरी ऑटोमोबाइल के मालिक युवराज सिंह, उनके भाई सीरजध्वज सिंह, महोबा से बसपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी व पेट्रोल पंप और खनन कारोबारी दिलीप सिंह, बिजली विभाग के ठेकेदार शशांक शेखर, अवनि परिधि अस्पताल के संचालक अज्ञात गुप्ता तथा कारोबारी शिवशरण सिंह और राहुल सिंह शामिल हैं। करीब आधा दर्जन से अधिक कारोबारियों के 26 ठिकानों पर जांच की जा रही है। सभी स्थानों पर आयकर विभाग की टीमें लगातार दो दिनों से डेरा डाले हुए हैं। अधिकारी शिफ्ट बदल-बदल कर दिन-रात बैंक खातों, आय-व्यय के दस्तावेजों और अन्य वित्तीय लेन-देन की जांच कर रहे हैं। छापेमारी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी संबंधित आवासों पर ही की गई है। फिलहाल आयकर विभाग के अधिकारी मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:37 am

नूंह में गोकशी की साजिश नाकाम, दो गोवंश मुक्त:पहाड़ी इलाके में पुलिस की रेड; बाप और दो बेटों पर केस दर्ज

हरियाणा के नूंह जिले में पुलिस ने गौ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पिनंगवा थाना क्षेत्र के गांव खोरी शाह चौखा में एक मकान पर दबिश देकर दो गोवंश को मुक्त कराया गया। इस मामले में बाप-बेटों सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि खोरी शाह चौखा गांव के पहाड़ी इलाके में बने एक मकान में गोवंश को गोकशी के लिए रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस की आहट मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। क्षेत्र घनी आबादी, तंग गलियों और पहाड़ी इलाका होने के कारण पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पाई। तलाशी के दौरान एक गाय और एक बछड़ा बरामद किया गया। गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया बरामद किए गए दोनों गोवंश को कब्जे में लेकर पशु चिकित्सक से उनका शारीरिक परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया। तीनों आरोपी फरार, तलाश जारी जांच के दौरान आरोपियों की पहचान खोरी शाह चौखा निवासी हारून पुत्र हलीम, मोनू उर्फ इरफान पुत्र हारून और मौसीम पुत्र हारून के रूप में हुई है। पिनंगवा थाना प्रभारी निखिल ने बताया कि तीनों के खिलाफ हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:34 am

कुचामन में 22 किलो डोडा-चूरा जब्त, 3 गिरफ्तार:1 ट्रक और 1 बाइक जब्त, मंगलाना टोल के पास पकड़ा ट्रक

डीडवाना-कुचामन जिले में पुलिस ने 2 अलग-अलग कार्रवाई में 22 किलो 200 ग्राम डोडा-चूरा जब्त किया है और 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल 1 ट्रक और 1 बाइक भी जब्त की गई है। यह कार्रवाई कुचामन सिटी थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से की। पहली कार्रवाई कुचामन क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान हुई। पुलिस ने कुचामन से राणासर की ओर जा रही एक बाइक को रोका। तलाशी लेने पर बाइक सवार नवीन शर्मा (41) निवासी नावां और आमीन खां (42) निवासी मकराना के पास से 1 किलो 200 ग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले की जांच मारोठ थाना प्रभारी ऋतु चौधरी कर रही हैं। दूसरी कार्रवाई सूचना के आधार पर की गई। मंगलाना टोल की ओर से आ रहे पंजाब नंबर के एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक की केबिन से 21 किलो डोडा-चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर बलदेव सिंह (50) निवासी रायकोट, जिला लुधियाना (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक को जब्त कर लिया। इस मामले की जांच नावां थाना प्रभारी नंदलाल रिणवा कर रहे हैं। इस कार्रवाई में थानाधिकारी सतपाल सिंह, उपनिरीक्षक महावीर प्रसाद मीणा, डीएसटी प्रभारी जीवराज सिंह सहित पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9530413387 पर सूचना दें, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:34 am

सिरसा में BBMB की खाली जमीन पर कब्जा-सामान चोरी आरोप:प्लॉट अलॉट होने पर परिवार जोधकां आया, लोगों ने दी धमकी, केस दर्ज

सिरसा में भाखडा बान्ध विस्थापित (BBMB) की खाली जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कब्ज करने और सामान चोरी करने का आरोप लगाने का मामला सामने आया है। यह मामला एसपी के पास पहुंचा और जांच कर केस दर्ज किया गया। आरोप है कि उक्त लोग राजनीतिक से प्रभावशाली है और प्लॉट में जाने से रोक लगा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ये मामला जिले के जोधकां गांव का है। बीबीएमबी के वक्त गांव में प्लॉट अलॉट होने पर परिवार गांव में आया था। अब लोग उनको धमकी दे रहे हैं और उनको प्लॉट में भी नहीं जाने देते। वहां पर लगाए कंटीले तार व अन्य सामान भी चोरी कर लिया। अब परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। सिलसिलेवार ढंग से जानिएं पूरा मामला : शिकायत में महिला ने बताया, प्लॉट में निर्माण कार्य शुरू किया तो रूकवा दिया पुलिस को दी शिकायत में सिरसा के जोधकां निवासी महिला सरबती का कहना है कि उसने परिवार के रहने को 4 प्लॉट खरीद किए हुए हैं। 25 मार्च 2025स को डीसी के माध्यम से पैमाइश करवाई थी और कंटीली तार लगवा दी। कोर्ट आदेश के बाद उसने प्लॉट निर्माण के लिए ईंटे डलवाई। जब मिस्त्री काम के लिए आते हैं तो उनको उपरोक्त लोग गाली-गलौज कर व डरा-धमकाकर भगा देते हैं। आरोप है कि वे प्लॉट पर कब्जा करना चाहते हैं। उसके बेटे ने प्लॉट पर खेती के लिए ट्रैक्टर चलाया तो उससे हाथापाई की और डायल 112 को बुलाना पड़ा। उनके खिलाफ डिंग थाना में शिकायत दी। मगर उक्त लोगों ने कोर्ट पैमाइश करने वाले अधिकारियों पर गलत पैमाइश करने की याचिका दायर की और बाद में वापस ले ली। 19 नवंबर को उसके बेटे के साथ दोबारा उन लोगों ने गाली-गलौज की और ट्रैक्टर रूकवा दिया। डायल 112 बुलानी पड़ी। उक्त लोगों ने उसके प्लॉट व प्लॉटों की गलियों की भूमि पर रिहायशी इलाके में कंटीली तार लगा दी है, जिससे वह प्लॉट में ना जा सके। उसके बेटे को भी धमकी दी है। इसी साल 5 जनवरी को उसने सीएम विंडो में शिकायत दी, जिस पर डिंग थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मांग है कि शिकायत की जांच उच्च अधिकारी से करवाकर उसका चोरी किया सामान बरामद व कब्जा छुड़ावाया जाए। उक्त लोग राजनीतिक व पहुंच वाले हैं। इससे उसके परिवार को खतरा है। नियम अनुसार रिहायशी प्लॉट में खेती नहीं कर सकते : महिला शिकायत में महिला का कहना है कि गांव जोधकां में भाखड़ा बांध विस्थापित की जमीन है, जिसमें गांव में चार प्लॉट उसने खरीद किए हैं। भाखडा बान्ध विस्थापित (BBMB) की खाली भूमि पर गांव ने फतेहाबाद डीसी को शिकायत दी थी, जिस पर खेती की अनुमति दी थी। उस पर कोर्ट ने स्टे लगा दी। इसके खिलाफ कोर्ट में अपील की, उसको पुरस्वार्थ कमेटी जोधका ने इसे विद-ड्रा कर लिया। आरोप है कि उक्त लोग रिहायशी प्लॉटों में खेती करना चाहते हैं, पर सरकार के नियम के अनुसार, वहां खेती नहीं कर सकते। ये हैं पूरा मामला जानिएं, ऐसे खरीद की थी जमीन शिकायत में महिला ने बयान दर्ज करवाए कि वर्ष 1959 में हिमाचल में जब भाखडा बान्ध बना था, तब कुल जमीन 501 कनाल 10 मरला रिहायशी भूमि गांव जोधका तहसील व जिला सिरसा में उनके लगभग 205 परिवारो को अलॉट हुई थी। उस समय हिमाचल से जिनको भुमि जलाट हुई थी, उनमें से करीब 5 प्रतिशत लोग ही गांव जौथका में आए थे। उनकी कुल जमीन 501 कनाल 10 मरला में से 250 कनाल पर लोगों ने नाजायज कब्जा कर रखा है, जो इन प्लाटों में से कई प्लाटों की रजिस्टरी अपने नाम करवा रखी है और कंटीली तारें लगा रखी है। पुलिस जांच में पाया कि कंटीली तार व अन्य सामान चोरी पाया गया और कब्जा करने का आरोप है और महिला समेत चार लोगों के नाम पर प्लॉट की रजिस्ट्री है। इस मामले में डीएसपी के आदेशों में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:33 am

महामंडलेश्वर हनीट्रैप केस में सामने आई साध्वी मंदाकिनी...VIDEO:कहा- मेरी हत्या हो सकती है,अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष पर लगाए आरोप

उज्जैन में चारधाम मंदिर के महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद महाराज को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश के मामले में नया मोड़ आ गया है। मामले में आरोपी बनाई गई पूर्व महामंडलेश्वर साध्वी मंदाकिनी ने वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताया है और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी महाराज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, वाराणसी से लाई गई महिला ने भी अपनी हत्या की आशंका जताते हुए मंदाकिनी सहित पूरे गिरोह पर साजिश रचने के आरोप लगाए हैं। पुलिस केस दर्ज, आरोपी अभी फरार महाकाल थाना पुलिस ने महामंडलेश्वर को बलात्कार के झूठे मामले में फंसाकर ब्लैकमेल करने की साजिश के आरोप में साध्वी मंदाकिनी और घनश्याम पटेल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घनश्याम पटेल की अग्रिम जमानत निरस्त हो चुकी है, जबकि पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। वीडियो जारी कर लगाए साजिश के आरोप साध्वी मंदाकिनी ने वीडियो जारी कर कहा कि वह उत्तराखंड यात्रा पर हैं और पुलिस जांच में सहयोग करेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वाराणसी की जिस महिला ने उनके खिलाफ बयान दिया है, उसे हायर कर उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उज्जैन पहुंचकर पूरे मामले का खुलासा करेंगी। मंदाकिनी ने वीडियो में कहा कि उन्हें अपनी जान का खतरा है और रास्ते में उनकी हत्या करवाई जा सकती है। उनका कहना है कि कुछ लोगों को डर है कि मेरे पास कई राज हैं, जिनका खुलासा होने पर कई लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मंदाकनी ने आरोप लगाए कि 13 अखाड़ों के अध्यक्ष जिस अखाड़े से आते है वहां पर कई लोग गृहस्थी महामंडलेश्वर बने हुए हैं,मंदाकनी ने आरोप लगाया कि आप दुर्योधन हो, मेरा चीर हरण करवा रहे हो। आप औरत की इज्जत उछाल कर बलात्कार करते हो। वाराणसी की महिला ने भी लगाए आरोप मामले में सामने आई वाराणसी निवासी महिला ने दावा किया कि उसे 50 हजार रुपए का लालच देकर इस साजिश में शामिल किया गया था। महिला का कहना है कि उसे सिखाया गया था कि वह महामंडलेश्वर पर आरोप लगाए। महिला ने यह भी कहा कि उसने आज तक शांति स्वरूपानंद महाराज को सामने से नहीं देखा और पूरी साजिश के बाद उसकी हत्या करने की योजना थी। पुलिस बोली- जल्द गिरफ्तारी होगी महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि रंगपंचमी के दिन दत्त अखाड़ा परिसर में एक महिला को पकड़कर पूछताछ की गई थी। पूछताछ और वीडियो फुटेज के आधार पर पता चला कि घनश्याम पटेल, साध्वी मंदाकिनी और अन्य लोग मिलकर महामंडलेश्वर को झूठे केस में फंसाने की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और उनकी तलाश जारी है। पढ़िए…मंदाकिनी ने वीडियो में क्या कहा अपने ऊपर लगे आरोपों पर मंदाकिनी ने वीडियो जारी कर कहा, “मैं उत्तराखंड की यात्रा पर हूं। 13 अखाड़ों के अध्यक्ष रवींद्र पुरी महाराज उज्जैन में आकर आवेदन देते हैं कि मंदाकिनी गुनहगार है। क्या आपने मंदाकिनी को बुलाकर पूछा कि मैं गुनहगार हूं? एक पागल औरत को हायर करके मेरे खिलाफ षड्यंत्र रचा गया है। उज्जैन के संतों के साथ पहले भी मेरी झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मैंने कभी भी पट्टाभिषेक के नाम पर पैसे नहीं लिए। जो भी पैसा मुझे मिला, वह मैंने अखाड़े को दे दिया। मैं उत्तराखंड से उज्जैन जरूर पहुंचूंगी और अब यहां से प्रस्थान कर रही हूं। मैं पुलिस की जांच में पूरा सहयोग करूंगी। मुझे अपनी जान का खतरा है और रास्ते में मुझे मरवा भी सकते हैं, क्योंकि उन्हें डर है कि मेरे पास उनके कई राज हैं। इनके अखाड़े के अंदर कई लोग गृहस्थी महामंडलेश्वर बने हुए हैं। आप नारी का चीरहरण कर रहे हो, आप औरत की इज्जत उछालकर उसका बलात्कार करते हो। आप दुर्योधन हो, जो मेरा चीरहरण करवा रहे हो।” 'आज तक मैंने शांतिस्वरूपानंद जी को नहीं देखा' मुझे पागल साबित किया गया। मुझसे कहा गया कि तुम्हें यही सब बोलना है। मेरा इंटरव्यू किया गया और कहा गया कि इसे बाद में डिलीट कर देंगे। एक होटल और ऑटो में वीडियो बनाकर मेरा बयान रिकॉर्ड किया गया। ये लोग साजिश रच रहे थे कि स्वामी जी को फंसाने के बाद मेरी हत्या कर देंगे। उन्हें पता था कि मेरा आगे-पीछे कोई नहीं है। मुझे 50 हजार रुपए का लालच दिया गया। मैंने महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद जी को कभी देखा तक नहीं, सिर्फ चारधाम में उनकी फोटो देखी है। आज तक उन्हें सामने से नहीं देखा। मुझसे कहा गया था कि मैं स्वामी जी पर आरोप लगा दूं, बाद में ये लोग मेरी हत्या करवा देते और मेरी हत्या का आरोप स्वामी जी पर लगा देते। मेरे लिए फ्लाइट बुक करवाई जा रही थी, लेकिन मैं ट्रेन से आई। ये खबर भी पढ़ें… महिला का नहाते हुए वीडियो बनाया, साध्वी ने साजिश रची उज्जैन के चारधाम मंदिर के महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद महाराज को हनी ट्रैप में फंसाने की साजिश रचने के मामले में नया खुलासा हुआ है। जिस महिला को इस हनी ट्रैप के लिए लाया गया था, पुलिस ने अब उसी को फरियादी बना लिया है। महिला का आरोप है कि साजिश रचने वाली पूर्व महामंडलेश्वर साध्वी मंदाकिनी ने उसके नहाते समय अश्लील वीडियो बना लिए थे। बाद में इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे घनश्याम पटेल से मिलवाया गया और महामंडलेश्वर को फंसाने की योजना समझाई। पूरी खबर पढ़ें…

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:32 am

फर्जी प्रमाण पत्र से पाई पीएसी की नौकरी:33 साल बाद हुई सजा, आगरा कोर्ट ने अर्थदंड लगाकर सुनाया फैसला

फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर पीएसी में नौकरी पाने के मामले में अदालत ने 33 वर्ष बाद फैसला सुनाते हुए आरोपी को तीन वर्ष की कैद और 7,500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। मामला थाना ताजगंज में वर्ष 1992 में दर्ज हुआ था। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-3 विवेक विक्रम की अदालत ने आरोपी तुकमान सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी ग्राम हीरापुर, थाना बेबर जिला मैनपुरी को दोषी पाते हुए सजा सुनाई। अभियोजन के अनुसार तुकमान सिंह 41वीं वाहिनी पीएसी की एफ कंपनी में नंबर 51735 के पद पर तैनात था और उसने फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी प्राप्त की थी। मामले में तत्कालीन सेना नायक, 41वीं वाहिनी पीएसी ने 7 मई 1992 को थाना ताजगंज में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस का दबाव बढ़ने पर आरोपी ने 13 जनवरी 1993 को अदालत में आत्मसमर्पण किया था। अदालत ने 24 मार्च 1993 को आरोप तय कर मामले की सुनवाई शुरू की थी। 33 वर्षों तक चले विचारण के बाद अदालत ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों के बयानों और एपीओ अमित कुमार के तर्कों के आधार पर आरोपी को दोषी मानते हुए तीन वर्ष की कैद और 7,500 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:30 am

डूंगरपुर में दशामाता पूजन, गेपसागर पाल पर उमड़ी भीड़:महिलाओं ने पीपल की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की

डूंगरपुर में चैत्र कृष्ण दशमी के अवसर पर दशामाता का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया। बड़ी संख्या में व्रतार्थी महिलाएं और श्रद्धालु शुक्रवार को शहर के गेपसागर की पाल पर स्थित प्राचीन पीपल के वृक्ष पर पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। कई श्रद्धालुओं ने होली के 10 दिन बाद यह पर्व मनाया, जबकि कुछ महिलाओं ने गुरुवार को व्रत रखा था। दशामाता का व्रत रखने वाली महिलाएं पूजा की थाल सजाकर गेपसागर पहुंचीं। उन्होंने पीपल के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा की, परिक्रमा करते हुए सूत का पतला धागा लपेटा और श्रीफल व वधेरे चढ़ाए। इस दौरान कुछ पुरुष श्रद्धालुओं ने भी परिक्रमा कर पूजा में भाग लिया। दशामाता की कथा सुनींमहिलाओं ने श्रद्धापूर्वक दशामाता की कथा का श्रवण किया। पूजा संपन्न होने के बाद, उन्होंने पुराने धागे को उतारकर दशामाता का नया धागा धारण किया। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की। व्रतार्थी महिलाओं ने अपने घरों में देशी घी के मोदक बनाकर माता को भोग लगाया। वागड़ अंचल में, होली का पर्व मनाने अपने गांव लौटे कई लोग दशामाता के पर्व के बाद ही रोजगार के लिए गुजरात और महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों की ओर वापस प्रस्थान करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर परिषद ने गेपसागर की पाल पर टेंट की व्यवस्था की थी।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:29 am

हिसार का सरसाना फैमिली आईडी में हांसी जिले में शामिल:तकनीकी गड़बड़ी से ग्रामीण परेशान; सरकारी काम अटके, नहीं हो रहा समाधान

हिसार जिले के सरसाना गांव के लोगों को फैमिली आईडी पोर्टल में एक बड़ी तकनीकी गड़बड़ी का सामना करना पड़ रहा है। हांसी को नया जिला बनाए जाने के बाद सरकारी रिकॉर्ड अपडेट करते समय यह त्रुटि सामने आई है। इसके तहत हिसार जिले के खंड ब्लॉक द्वितीय का सरसाना गांव गलती से हांसी जिले के नारनौंद ब्लॉक में दर्ज हो गया है। इस त्रुटि के कारण सरसाना गांव के निवासियों की फैमिली आईडी में उनका जिला हिसार के बजाय हांसी प्रदर्शित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह या तो तकनीकी खराबी है या फिर अधिकारियों की लापरवाही का परिणाम, इसमें जल्द से सुधार किया जाए। ऑनलाइन कार्यों में आ रही दिक्कतें गलत प्रविष्टि के कारण ग्रामीणों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। फैमिली आईडी में हांसी जिला दिखने की वजह से वे आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, डीसी रेट से संबंधित दस्तावेज और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, आवेदन करने पर भी प्रमाण पत्रों में गलत जिला दर्ज हो जाता है, जिससे वे वैध नहीं माने जाते। इस वजह से लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। प्रशासन से सुधार की मांग गांव के निवासियों ने प्रशासन से इस तकनीकी त्रुटि को जल्द से जल्द ठीक करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सरसाना गांव को फैमिली आईडी पोर्टल में सही तरीके से हिसार जिले में दर्शाया जाए, ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से जिला प्रशासन से मिलकर इस मुद्दे को उठाएंगे।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:29 am

अलवर के युवक को भिवानी में ट्रैक्टर ने कुचला:अलवर में दम तोड़ा,परिजनों का आरोप डाॅक्टरों ने लापरवाही की,हरियाणा में जमीदारा करता था

अलवर जिले के केरवाड़ा गांव के रहने वाले युवक दुलीचंद (44) की हरियाणा के भिवानी में ट्रैक्टर से कुचलने से गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई।घटना मंगलवार की बताई जा रही है। दुलीचंद पिछले करीब छह महीने से हरियाणा में विक्की नाम के सेठ के पास जमीदारा का काम करता था। हादसे के बाद विक्की ने उसे हिसार के जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। घटना की सूचना मिलने पर दुलीचंद के परिजन बुधवार को हिसार पहुंचे। गुरुवार रात को परिजन उसे एंबुलेंस से अलवर के सरकारी अस्पताल लेकर आए। परिजनों का आरोप है कि वे दुलीचंद को वेंटिलेटर पर सही सलामत लेकर आए थे, लेकिन अलवर अस्पताल में डॉक्टरों ने मरीज को अंदर भर्ती नहीं किया और जयपुर रेफर कर दिया। इस दौरान करीब दो घंटे तक जयपुर ले जाने के लिए एंबुलेंस भी नहीं पहुंची और मरीज ऑक्सीजन पर ही रहा। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने सही से इलाज नहीं किया, जिसके कारण दुलीचंद ने दम तोड़ दिया। फिलहाल अस्पताल चौकी पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम भिवानी पुलिस के आने के बाद कराया जाएगा। दुलीचंद की शादी नहीं हुई थी और वह दो भाइयों में छोटा था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:28 am

कटनी में युवक की अपहरण कर हत्या:पुरानी रंजिश में धारदार हथियारों से वार, खेत में मिला शव; ऑटो से ले गए थे हमलावर

कटनी के रीठी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की अपहरण के बाद धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। युवक का शव गुरुवार सुबह बूढ़ा-ललितपुर की पहाड़ी के पास एक खेत में बरामद हुआ। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान उन्हत्तर पारधी (30) के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी डिजायन पारधी के साथ बिरूहली गांव के डेरे में रहता था। बुधवार शाम युवक पत्नी के साथ पटेहरा से ऑटो से लौट रहा था।इमलिया मोड़ के पास चार युवकों ने उनका ऑटो रोका। हमलावरों ने उन्हत्तर को ऑटो से खींचकर बाहर निकाला, उसके साथ मारपीट की और जबरन बाइक पर बैठाकर जंगल की ओर ले गए। पत्नी ने बिरूहली पहुंचकर परिजनों को सूचना दी पत्नी डिजायन पारधी ने किसी तरह पैदल चलकर बिरूहली डेरे पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। अपहरण की सूचना मिलते ही रीठी थाना प्रभारी मो. शाहिद और कुठला थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ सक्रिय हो गए। पुलिस टीमों ने रातभर बूढ़ा, ललितपुर और सुगवां के घने जंगलों में तलाशी अभियान चलाया। युवक का शव पहाड़ी के किनारे एक खेत में मिला गुरुवार सुबह पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल बुलाकर तलाशी अभियान तेज किया गया। सुबह करीब 10 बजे युवक का शव पहाड़ी के किनारे एक खेत में मिला। घटनास्थल पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों और खोजी श्वान दल ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। 2022 के कत्ल का बदला लेकर युवक को मारा साल 2022 में कुठला थाना क्षेत्र के पटेहरा गांव में पारधियों के बीच हुए विवाद में बूढ़ा-ललितपुर के एक युवक की हत्या हो गई थी। उस मामले में मृतक उन्हत्तर पारधी के परिवार के चार लोग आरोपी थे। तभी से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। बताया जाता है कि उस समय मृतक की पत्नी ने सरेआम बदला लेने की बात कही थी, जिसे अब अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश रीठी पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी मो. शाहिद ने बताया कि आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें जंगलों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि देर रात अपहरण की सूचना मिलते ही सर्चिंग शुरू कर दी गई थी और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:27 am

सीहोर में 1600 सिलेंडर की बुकिंग वेटिंग:एजेंसी संचालक बोले, सर्वर की वजह से देरी, शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम शुरू

सीहोर जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है। हालांकि पिछले दो दिनों में करीब 1600 बुकिंग वेटिंग में पहुंच गई हैं। एजेंसी संचालकों का कहना है कि यह बुकिंग लगातार क्लियर की जा रही हैं और गैस की कोई कमी नहीं है। गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार, अचानक ज्यादा बुकिंग आने या लोग मोबाइल नंबर अपडेट कराने पहुंचने के कारण सर्वर कुछ समय के लिए धीमा या डाउन हो जाता है। इसी वजह से बुकिंग में थोड़ी देरी हो रही है। शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम शुरू खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने गैस से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए जिला और अनुभाग स्तर पर कंट्रोल रूम शुरू किया है। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का नंबर 9111568661 है। यह कंट्रोल रूम अगले आदेश तक रोज सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेगा। कालाबाजारी रोकने के लिए बैठक गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए एसडीएम नितिन टाले, आष्टा थाना प्रभारी और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ने एलपीजी वितरकों के साथ बैठक की। बैठक में घरेलू और कमर्शियल सिलेंडरों के स्टॉक की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि जमाखोरी या कालाबाजारी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद आष्टा की कई गैस एजेंसियों के गोदामों का भी निरीक्षण किया गया। कुछ कमर्शियल उपभोक्ताओं को फिलहाल सप्लाई बंद ऑयल कंपनी के अनुसार अभी अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को छोड़कर अन्य वाणिज्यिक उपभोक्ताओं जैसे होटल, मॉल, फैक्ट्री और औद्योगिक इकाइयों को कमर्शियल गैस की आपूर्ति फिलहाल नहीं की जाएगी। जरूरी सेवाओं जैसे अस्पताल, स्कूल, पुलिस, सीआरपीएफ, डिफेंस और जेल आदि के लिए गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आकलन किया जा रहा है। एजेंसी संचालक बोले—गैस की कोई कमी नहीं गैस एजेंसी संचालक मुस्तफा हुसैन ने बताया कि जिले में गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। लोग ओटीपी के लिए मोबाइल नंबर अपडेट कराने आ रहे हैं और अचानक ज्यादा कॉल या बुकिंग होने से सर्वर धीमा हो जाता है। उन्होंने कहा कि वेटिंग बुकिंग लगातार क्लियर की जा रही हैं और गैस की कोई कमी नहीं है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:27 am

चंदौली में गौवंश तस्करी का भंडाफोड़, एक तस्कर गिरफ्तार:दो वाहनों से तीन गौवंश बरामद, पश्चिम बंगाल भेजने की तैयारी

चंदौली में सदर कोतवाली पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। लीलापुर के पास हाईवे पर जांच के दौरान पुलिस ने दो मैजिक मालवाहक वाहन जब्त किए और उनसे तीन गौवंश बरामद किए। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, ये गौवंश वध के लिए पश्चिम बंगाल भेजे जाने की योजना थी। गिरफ्तार तस्कर की पहचान बिहार राज्य के बक्सर जिले के कमरपुर गांव निवासी जलालुद्दीन के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गौवंश की तस्करी से अच्छा मुनाफा कमाता है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने गौवंश तस्करी रोकने और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। इसी अभियान के तहत सदर कोतवाली पुलिस टीम लीलापुर के पास हाईवे पर वाहनों की जांच कर रही थी। जांच के दौरान, पुलिसकर्मियों ने दो मालवाहक मैजिक वाहनों को रोका। वाहनों की तलाशी लेने पर उनमें से तीन गौवंश मिले। पुलिस ने एक तस्कर को तुरंत दबोच लिया, लेकिन दूसरा तस्कर पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। इस कार्रवाई में सदर कोतवाल विजय बहादुर सिंह, रावेन्द्र सिंह, बीरेन्द्र यादव, धीरेन्द्र यादव और प्रियेश कुमार यादव सहित पुलिस टीम शामिल थी।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:25 am

धौलपुर में बिजली बिलों के बकायादारों पर एक्शन:राजाखेड़ा में 20 लाख की राशि बकाया होने पर ट्रांसफॉर्मर उतारे

धौलपुर में बिजली बिलों की बकाया वसूली को लेकर विद्युत निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। अधीक्षण अभियंता विवेक शर्मा के निर्देश पर उपखंड राजाखेड़ा के ग्रामीण क्षेत्रों में बकायादारों के ट्रांसफॉर्मर उतारे गए। इस दौरान पुलिस जाप्ता और आरएसी बटालियन भी मौजूद रही। सहायक अभियंता के नेतृत्व में वसूली टीम ने दिघी, गड़ी करीलपुर, नागर और गंहैदी फीडर के गांवों में अभियान चलाया। सोमली से एक सिंगल फेज, सोमली का पुरा से एक सिंगल फेज, पसुआपुरा से 5 सिंगल फेज और गंहैदी फीडर से एक ट्रांसफार्मर हटाया गया। इन ट्रांसफॉर्मरों पर करीब 20 लाख रुपए की बकाया राशि थी, जिन्हें विभागीय स्टोर कार्यालय में जमा कराया गया है। इस दौरान सहायक अभियंता आनंद तिवारी ने ग्रामीणों से समय पर बिजली बिल जमा करने और बिजली चोरी से बचने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि विद्युत तंत्र से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ खतरनाक हो सकती है। तिवारी ने उपभोक्ताओं को बताया कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर वे विभाग के टोल फ्री नंबर 18001806507 पर या अपने क्षेत्र के कनिष्ठ अभियंता अथवा लाइनमैन से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने उन लोगों से भी कनेक्शन लेने का आग्रह किया जिन्होंने अभी तक बिजली कनेक्शन नहीं लिया है। साथ ही, सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत छत पर सोलर संयंत्र लगाने के लिए पंजीकरण कराने की भी अपील की गई।इस बकाया वसूली अभियान में कनिष्ठ अभियंता मयंक मिश्रा, कनिष्ठ अभियंता विशाल जायसवाल, वरिष्ठ टेक्निशियन अवधेश कुमार शर्मा, शमशेर खान, घनश्याम सिंह, सालू सिंह, वीरेंद्र सिंह, राजवीर सिंह, यूनिश खान, शिवनरेश शाहपुरिया, राजूलाल और भूदेव सिंह सहित विभागीय टीम के सदस्य मौजूद रहे। पुलिस जाप्ता और आरएसी की टुकड़ी ने भी अभियान में सहयोग किया।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:24 am

शाहजहांपुर में स्वास्थ्य विभाग में 30 लाख का घोटाला:सेवानिवृत्त कर्मचारियों के इलाज के नाम पर निकाले रुपये, डीएम ने दिया कार्रवाई का आदेश

शाहजहांपुर जिले के स्वास्थ्य विभाग में चौंकाने वाला घोटाला सामने आया है। सेवानिवृत्त 12 कर्मचारियों ने अपने इलाज के नाम पर सरकारी खजाने से 30 लाख 93 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। जांच में पता चला कि कई अस्पताल फर्जी दस्तावेज के जरिए बनाए गए, जो अस्तित्व में ही नहीं थे। वर्ष 2025 के अक्टूबर से दिसंबर के दौरान किए गए इस भुगतान का विवरण वित्त मंत्रालय पहुंचा। वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने संदेह जताते हुए जिला प्रशासन से तुरंत जांच करने को कहा। इसके बाद डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सीडीओ की अगुवाई में तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की। जांच में खुलासा: कई अस्पताल अस्तित्व में नहीं जांच में सामने आया कि एक सेवानिवृत्त महिला कर्मचारी के बेटे ने कहा कि उनकी मां असमर्थ हैं और उन्हें कई बार लाइफ केयर अस्पताल लखनऊ में इलाज हुआ। वहीं, दूसरे सेवानिवृत्त जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि उन्होंने और उनकी पत्नी ने कोई इलाज नहीं कराया और न ही बिल-बाउचर दिए। लखनऊ के लाइफ केयर अस्पताल और मिशन अस्पताल ने भी पुष्टि की कि इन कर्मचारियों का उनके यहां इलाज नहीं हुआ। सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब पता चला कि 'सरस्वती हार्ट केयर एंड मल्टीस्पेशिलिटी अस्पताल' नाम का कोई अस्पताल लखनऊ में मौजूद ही नहीं है। डीएम ने दिए सख्त आदेश डीएम ने सरकारी धन हड़पने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, रुपये वापस कराने, और 15 दिन में जमा न करने पर आरसी जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, इस घोटाले में शामिल कर्मचारियों की सेवा समाप्त होने के साथ ही विभागीय कार्रवाई करने के भी आदेश दिए गए हैं।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:24 am

फूलपुर में ट्रक की टक्कर से छात्रा की मौत:मेहंदीपुर गांव के पास हादसा, परिवार में मचा कोहराम

प्रयागराज के फूलपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 11वीं की छात्रा की मौत हो गई। मेहंदीपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार छात्रा को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक छात्रा की पहचान ढकपुरा मौजा अलेमऊ निवासी कालेत्तर यादव की 17 वर्षीय पुत्री प्राची यादव के रूप में हुई है। प्राची मैलहन स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। वह सुबह अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। मुबारकपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने फूलपुर-मुबारकपुर रोड को जाम कर दिया और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:23 am

कछौना ज्वेलरी चोरी का वांछित शातिर गिरफ्तार:15 माह बाद बरेली से पकड़ा गया शातिर, कई मुकदमे दर्ज

हरदोई के कछौना में करीब 15 माह पहले कछौना नगर के मोहल्ला इमलीपुर स्थित विशाल गुप्ता की ज्वेलरी शॉप में हुई बड़ी चोरी के मामले में वांछित शातिर अपराधी को एसटीएफ ने बरेली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ प्रदेश के विभिन्न जिलों में कई चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। दुकान में रेडीमेड कपड़ों का कारोबार भी होता है। तीन जनवरी को दुकान बंद कर मालिक घर चले गए थे। अगले दिन साप्ताहिक बंदी के कारण दुकान नहीं खुली। पांच जनवरी की सुबह जब दुकान खोली गई, तो शटर और चैनल के ताले टूटे मिले। चोरी में लगभग 40 किलो चांदी, 150 ग्राम सोने के जेवर और डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी हो गए। सुराग और बरामदगी चोरी के बाद दुकान से लगभग 300 मीटर दूर एक खेत में जेवरों के खाली डिब्बे, ताला तोड़ने में इस्तेमाल की गई रॉड और प्लास बरामद हुए। चोरों ने दुकान में लगे नौ सीसीटीवी कैमरों और डीवीआर को भी तोड़कर अपने साथ ले लिया। पुलिस ने पहले भी किए थे कई गिरफ्तार तत्कालीन अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच के दौरान कुछ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था और कुछ जेवर भी बरामद किए गए। इसी मामले में शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के मिलकिया निवासी गंगाराम का नाम सामने आया था, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था। एसटीएफ ने दबोचा आरोपी मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ के उपनिरीक्षक अजीत कुमार की टीम ने बृहस्पतिवार दोपहर गंगाराम को बरेली के सेटेलाइट बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गंगाराम के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में लगभग 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:22 am

घर में घुसकर मारपीट, दुष्कर्म मामले में तीन दोषी:फर्रुखाबाद कोर्ट ने दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों को जेल भेजने का दिया आदेश

फर्रुखाबाद में 11 साल पुराने एक मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) अभिनितम उपाध्याय की अदालत ने तीन आरोपियों को दोषी करार दिया है। इन आरोपियों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। यह मामला घर में घुसकर मारपीट, दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी से संबंधित है। अदालत ने सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए 18 मार्च की तारीख तय की है। यह घटना 7 सितंबर 2014 की रात करीब 9 बजे की है। थाना नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़िता ने अदालत में बताया था कि धोबियन नगला निवासी अवधेश और बसंतपुर निवासी नरवीर व नरेंद्र (पुत्र रामनिवास) शराब के नशे में उसके घर में घुस आए थे। आरोपियों ने घर में घुसकर महिला, उसकी बहू और दोनों पुत्रियों के साथ मारपीट की। इसके बाद उन्होंने बहू को एक कमरे में खींच लिया और असलहे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने परिवार को गांव छोड़ने की धमकी भी दी। पीड़िता के अनुसार, आरोपी करीब एक घंटे तक घर में रहे और जाते समय हवाई फायरिंग भी की। पीड़िता ने पहले थाने में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से भी न्याय की गुहार लगाई। बाद में, न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मामले की जांच की और तीनों आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने नरवीर, नरेंद्र और अवधेश को घर में घुसकर मारपीट, जान से मारने की धमकी और दुष्कर्म के आरोप में दोषी ठहराया। हालांकि, उन्हें एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत बरी कर दिया गया। अदालत ने तीनों दोषियों को न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जिला जेल भेजने का आदेश दिया है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:21 am

बागेश्वर धाम में चतुर्थ हनुमान चालीसा हवन:2 लाख से अधिक भक्तों ने ऑनलाइन आहुति दी; 20 अप्रैल को होगा पांचवां हवन

बागेश्वर धाम में गुरुवार को चतुर्थ श्री हनुमान चालीसा हवन का आयोजन किया गया। इस अनुष्ठान में देश-विदेश से लगभग 2 लाख भक्तों ने ऑनलाइन आहुति डाली। धाम परिसर में 30 हजार से अधिक श्रद्धालु प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित होकर हवन में शामिल हुए। यह इस श्रृंखला का चौथा आयोजन था। इससे पहले भी धाम पर तीन हनुमान चालीसा हवन आयोजित किए जा चुके हैं। हवनों की यह श्रृंखला दिसंबर 2025 से प्रारंभ हुई थी और 12 मार्च को इसका चौथा आयोजन संपन्न हुआ। हवन हनुमान चालीसा की 40 चौपाइयों के आधार पर विशेष विधि-विधान से संपन्न कराया गया। ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन से जुड़े लाखों श्रद्धालु इस हवन का मुख्य उद्देश्य सनातन परंपरा के अनुसार घर-घर यज्ञ और हवन की संस्कृति को पुनर्जीवित करना तथा लोगों को इसकी विधि से अवगत कराना है। कार्यक्रम के दौरान भक्तों ने अपने घर-परिवार में नकारात्मक ऊर्जा को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा के संचार की कामना की। बागेश्वर महाराज ने बताया कि यह ऑनलाइन हनुमान चालीसा हवन भक्तों को साथ जोड़कर करवाया जाता है। इसका लक्ष्य है कि अधिक से अधिक लोग अपने घरों में भी हवन की परंपरा को अपनाएं। 20 अप्रैल को बागेश्वर धाम में पांचवां हनुमान चालीसा अगला, पांचवां हनुमान चालीसा हवन 20 अप्रैल को बागेश्वर धाम में आयोजित किया जाएगा। इसमें भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। हवन के लिए, ऑनलाइन जुड़े भक्तों ने रात में तिल, जौ, चावल, धूप, घी, दीपक, चंदन, लकड़ियां, कपूर, नारियल, सुपारी, कलावा, रुई की बाती, माचिस, पुष्प और जल जैसी आवश्यक सामग्री एकत्र कर निःशुल्क हवन किया।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:20 am

लखीमपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी पूरी:14-15 मार्च को 16 केंद्रों पर 4800 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

लखीमपुर खीरी में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा की प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक का संचालन एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने किया। यह परीक्षा जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर 14 और 15 मार्च को दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में 4800 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने नोडल अधिकारी (पुलिस), नोडल अधिकारी (प्रशासन), स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और सहायक केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को बोर्ड द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार ही संपन्न कराया जाए और किसी भी स्तर पर छोटी से छोटी गलती भी अक्षम्य होगी। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को भर्ती बोर्ड के दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करने और समय से सभी तैयारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप केंद्रों की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने केंद्रों पर भ्रमणशील रहकर सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से परीक्षा कक्षों की निगरानी करने को कहा।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:20 am

अटसू में राजस्व टीम ने कई विवाद निपटाए:सॉफर गांव में चकरोड की नापतौल, अटसू में भूमि चिन्हित कर सौंपी

औरैया। मिशन समाधान कार्यक्रम के तहत तहसील क्षेत्र में लंबे समय से लंबित राजस्व विवादों को सुलझाने के लिए अभियान चलाया गया। तहसीलदार अविनाश कुमार के नेतृत्व में राजस्व टीम ने अटसू कस्बे और आसपास के गांवों में जाकर पुराने प्रकरणों का स्थलीय निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत सॉफर में प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य और ग्रामीणों ने अटसू–निवाड़ी मार्ग से स्कूल तक जाने वाले चकरोड को कब्जा मुक्त कराने की मांग की। मौके पर पहुंचे सॉफर के लेखपाल राजकमल और सेऊपुर की लेखपाल नेहा की टीम ने सड़क और विद्यालय तक भूमि की नापतौल की। जांच में पाया गया कि अभिलेखों में चकरोड केवल सेऊपुर मौजा में स्थित खेत तक ही दर्ज है। टीम ने ग्रामीणों को बताया कि इसके आगे रास्ता खेत मालिक की सहमति से ही निकाला जा सकता है। विवादित भूमि की नापतौल और हस्तांतरण अटसू कस्बे में गाटा संख्या 764 की लगभग 40 वर्गमीटर नगर पंचायत भूमि को नापकर चिन्हित किया गया और नगर पंचायत को सौंप दिया गया। वहीं, गाटा संख्या 762 की निजी भूमि की पैमाइश कर उसे उसके स्वामी को सुपुर्द किया गया। तहसीलदार ने अभियान की सफलता जताई तहसीलदार अविनाश कुमार ने बताया कि मिशन समाधान अभियान के तहत क्षेत्र में विवादित भूमियों की नापतौल कर कई पुराने मामलों का निस्तारण किया गया है, जिससे ग्रामीणों में संतोष और राहत की भावना है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:19 am

इंदौर में ‘घर की सफाई’ बना जनआंदोलन:माय एफएम-नगर निगम की कबाड़ से स्वच्छता की मुहिम, 3 दिन में 2000 किलो ई-वेस्ट जमा

शहर में स्वच्छता को लेकर शुरू की गई एक अनोखी पहल अब तेजी से जनभागीदारी वाली मुहिम बनती जा रही है। 94.3 माय एफएम और इंदौर नगर निगम द्वारा मिलकर शुरू किया गया “घर की सफाई” अभियान शहर के अलग-अलग वार्डों में पूरे जोश के साथ आगे बढ़ रहा है। इस अभियान के तहत माय एफएम के आरजे अभी, नगर निगम की टीम और कई सामाजिक संस्थाओं के सदस्य रोजाना शहर के 4 से 5 वार्डों में पहुंचकर घर-घर से अनुपयोगी सामान एकत्रित कर रहे हैं। अब तक यह मुहिम शहर के 14 वार्डों तक पहुंच चुकी है और हर जगह लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। बड़ी संख्या में नागरिक आगे आकर अपने घरों का कबाड़ और ई-वेस्ट देकर इस अभियान का हिस्सा बन रहे हैं। अभियान के तहत सिर्फ तीन दिनों में करीब 2 हजार किलो कबाड़ और ई-वेस्ट एकत्रित किया जा चुका है। इसमें पुरानी लोहे या अन्य मेटल की वस्तुएं, खराब इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पुराना फर्नीचर, गद्दे और घर में रखा ऐसा सामान शामिल है जो अब उपयोग में नहीं आता। दरअसल शहर में बढ़ते कबाड़, खासकर ई-वेस्ट की समस्या को देखते हुए इस पहल की शुरुआत की गई है। इस पूरे अभियान की सोच “वेस्ट टू बेस्ट” है, यानी बेकार समझी जाने वाली चीजों से कुछ नया और उपयोगी बनाना। इसके जरिए शहर को साफ रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा रहा है। अभियान की शुरुआत शहर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने माय एफएम के आरजे अभी के साथ मिलकर की थी। महापौर ने इस पहल की सराहना करते हुए शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर इंदौर को और स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दें। अगर आपके घर में भी ऐसा सामान है जो अब उपयोग में नहीं आता, तो आप भी इस अभियान का हिस्सा बन सकते हैं। इसके लिए “घर की सफाई” लिखकर 7770943943 पर व्हाट्सऐप कर माय एफएम की टीम को अपने घर बुलाया जा सकता है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:18 am

जौनपुर में जनसेवा केंद्र लूट का खुलासा:पुलिस मुठभेड़ में तीन गिरफ्तार, संचालक को गोली मार 90 हजार लूटे थे

जौनपुर के जफराबाद थाना क्षेत्र में गोसाईपुर गांव में जनसेवा केंद्र संचालक प्रेमचन्द्र यादव को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर लूट लिया था। घटना की जानकारी पत्नी निशा देवी ने लिखित शिकायत में दी थी। शिकायत में बताया गया कि प्रेमचन्द्र यादव केंद्र से लौट रहे थे, तभी तीनों बदमाशों ने उन्हें गोली मारकर उनकी मोटरसाइकिल (UP62ADW 6194), मोबाइल और नकदी लूट ली। सूचना के आधार पर जफराबाद, गौराबादशाहपुर और स्वाट टीम ने गुरुवार देर रात कार्रवाई की। मुखबिर ने बताया कि लूट के तीन आरोपी लूटी हुई मोटरसाइकिल पर केराकत-बेलाव की तरफ आ रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार हैं। पुलिस टीम बेलाव पुल के पास पहुंची और चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद तीनों बदमाश सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश मोटरसाइकिल छोड़कर बगीचे में भागे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल बदमाश मुठभेड़ में जफराबाद थाने के उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार सिंह के दाहिने हाथ में गोली लगी। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ला की बुलेटप्रूफ जैकेट ने भी गोली रोक दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आदर्श यादव उर्फ अलगू पुत्र बेचू यादव घायल हुआ। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन बदमाश गिरफ्तार, हथियार और लूटी चीजें बरामद गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान आदर्श यादव उर्फ अलगू, पुत्र बेचू यादव, निवासी विशुनपुर बसवत दिवाकर कुमार, पुत्र राधेश्याम गौतम अमन यादव, पुत्र लालसाहब यादव के रूप में हुई है। अमन यादव को भागते समय बाएं पैर में चोट लगी और उसे सदर अस्पताल जौनपुर भेजा गया। तलाशी में उनके पास से लूटे हुए मोबाइल, नकदी और अवैध हथियार बरामद हुए। आरोपियों ने स्वीकारा जुर्म पूछताछ में आदर्श यादव ने बताया कि उसने दिवाकर, अमन और फरार अनुराग यादव के साथ मिलकर 11 मार्च की रात 8 से 9 बजे के बीच लूट की थी। गोली उसने ही चलाई थी। लूट में कुल लगभग 90,000 रुपये प्राप्त हुए थे। अनुराग यादव ने बाकी पैसा अपने पास रखा था और तीनों को 10,000-10,000 रुपये, मोबाइल और मोटरसाइकिल दी थी।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:17 am

रायगढ़ में 5 उद्योगों पर 13.96 लाख का जुर्माना:सुरक्षा मानकों में बरती गई लापरवाही, निरीक्षण में मिला नियमों का उल्लंघन

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के उद्योगों में लगातार हो रही घटनाओं और मजदूरों की मौत के मामलों को गंभीरता से लिया गया है। जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आने पर औद्योगिक सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की। इसके बाद श्रम न्यायालय में केस दर्ज किए गए, जहां अदालत ने 5 उद्योगों पर कुल 13 लाख 96 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया है। औद्योगिक सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग के उपसंचालक राहुल पटेल ने बताया कि जिले की कई फैक्ट्रियों में दुर्घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं के बाद विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर सुरक्षा मानकों का उल्लंघन और लापरवाही सामने आई। जांच में लापरवाही मिलने पर संबंधित उद्योगों के खिलाफ कारखाना अधिनियम 1948, छत्तीसगढ़ कारखाना नियमावली 1962, भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार अधिनियम 1996 और छत्तीसगढ़ भवन व अन्य सन्निर्माण कर्मकार नियम 2008 के प्रावधानों के तहत आपराधिक प्रकरण श्रम न्यायालय में दर्ज किए गए। मामलों की सुनवाई के बाद श्रम न्यायालय ने फैसला सुनाते हुए पांच उद्योगों पर कुल 13 लाख 96 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया। सुरक्षा मानकों की लगातार हो रही अनदेखी उपसंचालक राहुल पटेल ने बताया कि रायगढ़ जिले के कारखानों की लगातार जांच की जा रही है, ताकि उद्योगों में सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके। इसके बावजूद कई जगहों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आ रही है, जिसके चलते ऐसे मामलों में श्रम न्यायालय में केस दर्ज किए गए। इन उद्योपरगों लगाया गया जुर्माना

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:17 am

वाराणसी कोर्ट से ग्रेनेड बरामदगी में विवेचक आज पेश होगा:23 अप्रैल 2016 को मिला था बम, CJM ने कैंट थाने से मांगी 10 साल की प्रगति रिपोर्ट

वाराणसी जिला एवं सत्र न्यायालय में 10 साल पहले मिले ग्रेनेड के मामले में सीजेएम कोर्ट ने आज रिपोर्ट तलब की है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने कैंट थाने से विवेचक को आख्या के साथ आज दोपहर कोर्ट परिसर में बुलाया है। पिछले 10 साल में केस को लेकर प्रगति भी मांगी है। शनिवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत में बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने प्रार्थना पत्र देकर बनारस कचहरी में दिनांक 23 अप्रैल 2016 को दो ज़िंदा हैंड ग्रेनेड बरामद होने के मामले में प्रगति रिपोर्ट तलब करने मांग की थी। इसके बाद कैंट थाने को नोटिस जारी किया गया था। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत में वकील ने बताया कि कैंट थाने में 23 अप्रैल 2016 को केस दर्ज कराई गई बताया गया कि कचहरी परिसर में चेकिंग के दौरान एक ग्रेनेड जो सेना अथवा अर्धसैनिक बलों के द्वारा विशेष परिस्थिति में युद्ध के दौरान प्रयोग में लाया जाता है। संदिग्ध अवस्था में कचेहरी के गेट नंबर दो से प्रवेश करने पर नीम के पेङ के पास अधिवक्ताओं की चौकी के पास से बरामद हुआ। 2 ग्रेनेड से अज्ञात अपराधियों द्वारा विस्फोट करके कचहरी परिसर में आने वाले अधिवक्ता एवं अधिकारियों के जीवन को ख़तरे में डालने व संपत्ति को गंभीर क्षति पहुंचाने के उद्देश्य ही रखा गया था। ग्रेनेड बरामदगी की सूचना पर अधिवक्ता व वादकारीयो मे भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई थी। तब उस वक़्त के बनारस बार के महामंत्री नित्यानंद राय ने साहस का परिचय दिखाते हुए पुलिस के माइक के द्वारा सम्पूर्ण कचहरी को ख़ाली कराने में अभूतपूर्व योगदान दिया था। जो विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। 10 वर्ष की लंबी अवधि बीत जाने के बाद भी इतने गंभीर मामले में विवेचना जस की तस है। प्रार्थना पर सीजेएम मनीष कुमार ने कैंट पुलिस से अब तक की पूरी कार्यशैली, सतर्कता और विवेचना की रिपोर्ट तलब की है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:15 am

घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर कार्रवाई:प्रतापगढ़ में छापेमारी, 13 सिलेंडर जब्त

प्रतापगढ़ में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया और जिला रसद अधिकारी रामचन्द्र शेरावत के निर्देशन में प्रवर्तन टीम ने मेसर्स सेनापति कैटरर्स पर छापा मारा। इस छापेमारी के दौरान कुल 13 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इन सिलेंडरों को बाद में प्रिया एच.पी. गैस एजेंसी, प्रतापगढ़ को सौंप दिया गया। कार्रवाई में प्रवर्तन अधिकारी धर्मेन्द्र रोत, प्रवर्तन निरीक्षक प्रद्युमन नाथ रावल और कालूराम ताबियार शामिल थे। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग न करें। चेतावनी दी गई है कि यदि कोई व्यक्ति इस संबंध में दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:15 am

रूस में लुधियाना के समरजीत की मौत:रूस ने जबरन सेना में किया भर्ती, सितंबर से था लापता, दिसंबर में हुई मौत

पंजाब के लुधियाना के युवक समरजीत सिंह की रूस में मौत हो गई। करियर बनाने के लिए रूस पहुंचे 21 वर्षीय समरजीत को जबरन आर्मी में भर्ती किया गया। 8 सितंबर के बाद उसका परिवार से संपर्क टूट गया और दिसंबर में उसकी मौत हो गई। समरजीत की मौत की सूचना परिवार को दो दिन पहले मिली और अब उसका शव रूस से लुधियाना आ चुका है। आज उसका डाबा स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार होगा। समरजीत अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। समरजीत के मौसा अमरजीत सिंह ने बताया कि परिवार को दो दिन पहले सूचना मिली थी कि समरजीत की मौत हो गई और उसका डेथ सर्टिफिकेट भी उन्हें भेजा गया। उन्हें सूचना दी गई कि वीरवार को शव दिल्ली एयरपोर्ट पर आएगा। अमरजीत सिंह ने बताया कि वीरवार को शव हासिल कर लुधियाना लाए हैं। उन्होंने बताया कि डेथ सर्टिफिकेट में दिसंबर में मौत होने की बात लिखी है। उन्होंने बताया कि समरजीत को जबरन सेना में भर्ती किया गया था। उसकी पहचान भी रूस सेना के टोकन से ही हुई है। धोखे से किया आर्मी में भर्ती चरणजीत सिंह ने बताया कि ट्रेनिंग के कुछ दिन बाद जब उन्होंने समरजीत को आर्मी की वर्दी दी तो उसने सवाल किया कि उसे वर्दी क्यों दी जा रही है। जिस पर उन्होंने कहा कि उन्हें आर्मी के डॉक्टर के साथ काम करना है, इसलिए वर्दी पहननी जरूरी है। कुछ दिन बाद समरजीत पता चला कि उसे धोखे से आर्मी में भर्ती करवा दिया। आठ सितंबर को आखिरी बार हुई थी परिवार से बात चरणजीत सिंह ने बताया कि उसका 21 साल का बेटा समरजीत सिंह जुलाई में करियर बनाने के लिए रूस गया था। उसकी आखिरी बार 8 सितंबर को परिवार से वीडियो कॉल पर बात हुई थी। यह 22 सेकेंड की कॉल थी लेकिन उसमें से सिर्फ सात सेकेंड ही बात हो पाई थी। कॉल पर समरजीत ने कहा- “मैं ठीक हूं, पापा अपना और मम्मी का ख्याल रखना।” इतना कहकर कॉल कट गई। इसके बाद पिता चरणजीत बार-बार फोन मिलाते रहे, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। बाद में पता चला कि समरजीत को जबरन रूसी सेना में भर्ती किया गया था और अब उसका कोई सुराग नहीं है। रूस पहुंचकर खुश था समरजीत ​​​​​पिता चरणजीत ने बताया कि 16 जुलाई को ​​समरजीत लुधियाना से रूस जाने के लिए निकला। उसके बाद वह रूस पहुंचा। वहां पर कुछ दिन रहने के बाद उसे कहा गया कि रशियन लैंग्वेज सीखने के लिए 3 महीने का कोर्स करना होगा। उसने वह कोर्स शुरू किया और कहा कि कोर्स पूरा होने के बाद उसे नौकरी मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि वह बहुत खुश था। सात लाख रुपए कर्ज लेकर भेजा था रूस पिता चरणजीत ने बताया कि समरजीत ने 2020 में 12वीं कक्षा पास की थी। उसके बाद एक्सरे टेक्नीशियन का डिप्लोमा किया। डिप्लोमा करके वह यहां पर नौकरी कर रहा था। अचानक उसने बाहर जाने की जिद्द पकड़ी। चरणजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने बेटे को विदेश भेजने के लिए जी तोड़ मेहनत की और पैसा पूरा नहीं हुआ तो 7 लाख रुपए मकान की रजिस्ट्री रखकर लोन लिया। उन्होंने बताया कि घर का गुजारा चलाने के लिए एक छोटी सी दुकान है। दूसरा बेटा 12वीं कक्षा में पढ़ रहा है। परिवार में उनकी पत्नी, बेटा और ताई हैं। बेटे को सुरक्षित वापस लाने के लिए परिवार के संघर्ष को सिलसिलेवार जानिए… डिप्टी कमिश्नर को दिया आवेदन: चरणजीत सिंह ने बताया कि जब आखिरी बार उनके बेटे की बात हुई तो उसके बाद उन्होंने एक दो दिन संपर्क साधने की कोशिश की। लेकिन संपर्क नहीं हुई। फिर रूस में फंसे बूटा सिंह का एक वीडियो सामने आया और उसके बाद वो घबरा गए। उन्होंने बताया कि वो फिर डीसी दफ्तर गए और डीसी को इस संबंध में आवेदन दिया। पंजाब सरकार को भेजा आवेदन: चरणजीत सिंह ने बताया कि अलग-अलग माध्यमों से उन्होंने पंजाब सरकार से अपने बेटे को सकुशल वापस लेने की गुहार लगाई। लेकिन कोई ठोस रिस्पोंस नहीं मिला। एनआरआई मंत्री संजीव अरोड़ा को मिलने गए तो वो नहीं मिले। उनके स्टाफ से ही बात होती रही। लेकिन हुआ कुछ नहीं। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू को मिले: परिवार ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू से मुलाकात की और उन्हें अपने बच्चे के केस से अवगत कराया और उसकी पूरी फाइल उन्हें सौंपी। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि वो इस मामले को केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के सामने उठाएंगे। सांसद राजा वड़िंग को मिलने गए: चरणजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को मिलने उनके दफ्तर पहुंचे। राजा वड़िंग तो नहीं मिले लेकिन उनके पीए ने उन्हें भरोसा दिलाया कि अगर जरूरत पड़ी तो उन्हें दिल्ली लेकर जाएंगे। दिल्ली के जंतर मंतर में धरना दिया: चरणजीत सिंह ने बताया कि रूस में जिन युवाओं को जबरन सेना में भर्ती किया गया उनके परिजन जंतर मंतर में एकत्रित हुए और मांग की कि उनके बच्चों को सकुशल वापस लाया जाए। उन्होंने बताया कि धरने के बाद विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने बुलाया और उन्हें आश्वासन दिया। 27 युवाओं के नाम विदेश मंत्रालय को दिए: समरजीत सिंह के पिता चरणजीत सिंह ने बताया कि जंतर मंतर धरने में बैठे परिवारों ने विदेश मंत्रालय को 27 युवाओं की सूची दी जिन्हें रूस में जबरन आर्मी में भर्ती किया है। उनमें से कोई भी युवा परिवार के संपर्क में नहीं हैं। विदेश मंत्रालय से लगातर संपर्क करते रहे: समरजीत के पिता चरणजीत सिंह बेटे की सकुशल वापसी के लिए विदेश मंत्रालय से संपर्क करते रहे। विदेश मंत्रालय ने रूस को अपने मिसिंग युवाओं की सूची भेजी। पड़ताल हुई और अब उसके मरने की खबर आई है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:11 am

ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत:पीलीभीत में पूर्णागिरि से लौटते समय हुआ हादसा

पीलीभीत में गुरुवार रात एक रेल हादसे में एक महिला की मौत हो गई। यह घटना अकेला हंसपुर रेलवे हॉल्ट पर हुई, जहां ट्रेन से उतरते समय महिला का पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गईं। शाहजहांपुर जिले के खुटार थाना क्षेत्र के ग्राम नवदिया होरीलाल निवासी 50 वर्षीय कमला देवी, पत्नी राजेंद्र प्रसाद, अपने परिवार के साथ उत्तराखंड के पूर्णागिरि मंदिर से दर्शन कर लौट रही थीं। परिवार गुरुवार रात ट्रेन से अपने घर वापस आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन पीलीभीत के अकेला हंसपुर हॉल्ट पर रुकी। यात्री नीचे उतरने लगे, तभी कमला देवी का संतुलन बिगड़ा और उनका पैर फिसल गया। वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच आ गईं। इस दुर्घटना में उनका एक पैर कट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें ट्रेन के नीचे से बाहर निकाला। परिजनों ने गंभीर हालत में कमला देवी को रात करीब 10 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पूरनपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका कमला देवी के सात बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे और चार बेटियां शामिल हैं। उनके केवल एक बेटे की शादी हुई है। मां के निधन से बच्चों पर यह दुखद घड़ी आई है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:10 am

दुर्ग में ट्रैफिक पुलिस की सख्त चेकिंग का असर:85% ज्यादा चालान, सड़क हादसों में मौतें घटीं; 2025 में 89 मौतें, इस साल 27 कम

दुर्ग जिले में यातायात पुलिस की सख्ती का असर अब साफ तौर पर सड़क हादसों के आंकड़ों में दिखाई देने लगा है। पुलिस ने इस साल नियम तोड़ने वालों पर चालान की कार्रवाई काफी बढ़ा दी है। इसका नतीजा यह हुआ कि पिछले साल की तुलना में इस साल सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या कम हो गई है। यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार साल 2025 में 1 जनवरी से 10 मार्च के बीच सड़क हादसों में कुल 89 लोगों की मौत दर्ज की गई थी। इनमें जनवरी में 47, फरवरी में 30 और मार्च में 10 मार्च तक 12 लोगों की जान गई थी। साल 2026 में इसी अवधि में यह संख्या घटकर 62 रह गई है। इस साल जनवरी में 36, फरवरी में 23 और मार्च में 10 मार्च तक 3 लोगों की मौत दर्ज की गई है। यानी पिछले साल की तुलना में इस साल 27 कम लोगों की जान सड़क हादसों में गई है। पुलिस की सख्ती से बढ़ी चालानी कार्रवाई चालानी कार्रवाई के आंकड़ों में भी बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। साल 2025 में 1 जनवरी से 10 मार्च तक कुल 14,162 चालान किए गए थे। इनमें जनवरी में 5,364, फरवरी में 7,245 और मार्च में 10 मार्च तक 1,553 चालान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस साल जांच और चालानी कार्रवाई काफी बढ़ाई गई है। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले, शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले और लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ लगातार अभियान चल रहा है। 3 महीने में 26 हजार से ज्यादा चालान साल 2026 में इसी अवधि में चालानों की संख्या बढ़कर 26,234 हो गई है। इस साल जनवरी में 8,662, फरवरी में 14,704 और मार्च में 10 मार्च तक 2,868 चालान किए गए हैं। यानी पिछले साल की तुलना में इस साल करीब 85 प्रतिशत ज्यादा चालान हुए हैं। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार जांच यातायात पुलिस दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे, सेंट्रल एवेन्यू मार्ग, दुर्ग शहर, सुपेला चौक, नेहरू नगर चौक और पावर हाउस चौक जैसे व्यस्त और दुर्घटना संभावित स्थानों पर लगातार वाहन जांच कर रही है। यहां हेलमेट चेकिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव जांच और तेज, लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। वाहन चालकों को समझाया जा रहा है कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और सड़क पर सावधानी से गाड़ी चलाएं।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:09 am

अफसर बनने का सपना टूटा, अब वकालत के साथ खेती:चार तरह के गेहूं, 7 रंग की गोभी उगा रहे; सालाना 15 लाख का प्रॉफिट

RAS अधिकारी बनने का सपना था। इंटरव्यू तक भी पहुंचे। सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा का रिटन क्लियर हो गया था, लेकिन फिजिकल के दिन हुए हादसे के कारण सरकारी नौकरी का सपना अधूरा रह गया। गांव लौटे और वकालत करने के साथ खेती भी शुरू की। चार वैराइटी का गेहूं, सात रंगों की गोभी और तीन रंगों की शिमला मिर्च जैसी फसलें उगा रहे हैं। 60 बीघा जमीन पर खेती से अब उन्हें हर साल करीब 15 लाख रुपए का प्रॉफिट हो रहा है। खेती में नवाचार के लिए राज्य स्तर पर सम्मान मिल चुका है। म्हारे देश की खेती में आज बात कोटा के किसान भगवंत सिंह आसावत की... इटावा उपखंड के पीपल्दा कलां गांव के किसान भगवंत सिंह आसावत (50) बताते हैं- ग्रेजुएशन के बाद LLB की पढ़ाई की। साल 1998 में जयपुर जाकर RAS भर्ती परीक्षा की तैयारी शुरू की। करीब 5 साल तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता रहा। RAS के इंटरव्यू तक पहुंचा। साल 2001 में सब-इंस्पेक्टर का फिजिकल टेस्ट होना था, लेकिन उसी दिन पिता छत से गिर गए। इस कारण फिजिकल टेस्ट नहीं दे सका। इसके बाद सरकारी नौकरी के लिए प्रयास नहीं किया। गांव लौट आया। साल 2002 से खेती करने लगा। इटावा कोर्ट में वकालत की प्रैक्टिस भी शुरू कर दी। धीरे-धीरे खेती में नए प्रयोग करने लगे। आज मेरा खेत नवाचार के लिए पहचाना जाता है। खेती में किए गए इन प्रयोगों के लिए कई सम्मान मिल चुके हैं। साल 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मुझे सम्मानित किया था। 2025 में एमओएफआई अवॉड्‌र्स में ‘फार्मर आइकन ऑफ इंडिया’ सम्मान भी मिला। परंपरागत खेती में नवाचार कर बढ़ाया उत्पादन भगवंत सिंह बताते हैं- शुरुआत में मैंने भी अन्य किसानों की तरह परंपरागत तरीके से ही खेती की। उस समय खेत में सामान्य फसलें ही उगाई जाती थीं। कुछ वर्षों के अनुभव के बाद लगा कि यदि खेती में नई तकनीक और अलग-अलग फसलों को अपनाया जाए तो उत्पादन और आय, दोनों बढ़ाए जा सकते हैं। साल 2010 के बाद खेती में नए प्रयोग शुरू किए। सब्जियों, फलों और अलग-अलग किस्मों की फसलें लगाना शुरू किया। मेरे खेतों में सीजनल फसलें, बागवानी और सब्जियों का मिश्रित मॉडल अपनाया गया है। इससे साल के अलग-अलग मौसम में कई फसलों का उत्पादन मिलता रहता है। जब खेत में अलग-अलग रंगों की सब्जियां और फसलें उगती हैं तो पूरा खेत रंग-बिरंगा दिखाई देता है। एक महीने पहले तैयार करते हैं पौधे भगवंत सिंह के अनुसार, समय और खर्च बचाने के लिए फसल की पौध एक महीने पहले ही नर्सरी में तैयार कर लेते हैं। इसके बाद तैयार पौध को खेत में रोप दिया जाता है। अगर बीज को सीधे खेत में बोया जाए तो पूरे खेत में देखभाल करनी पड़ती है। इससे पानी ज्यादा लगता है और निराई-गुड़ाई का काम भी अधिक करना पड़ता है, जिससे समय और लागत, दोनों बढ़ जाते हैं। नर्सरी में पहले पौध तैयार करने से कम जगह में पौध की अच्छी देखभाल हो जाती है। पौधे मजबूत बनते हैं। बाद में खेत में लगाने पर उनका विकास भी बेहतर होता है। इससे समय, मेहनत और खर्च तीनों में कमी आती है। गेहूं में ‘विलीनीकरण विधि’ से कम बीज में ज्यादा उत्पादन किसान भगवंत सिंह बताते हैं कि करीब चार बीघा जमीन में देसी लाल काठिया, काला और नीलाबंरी गेहूं लगाया जाता है, जबकि छह बीघा में सामान्य गेहूं की खेती करता हूं। इन फसलों को जैविक तरीके से उगाया जाता है, जिससे अनाज का पोषण स्तर बेहतर रहता है और बाजार में भी अच्छा मूल्य मिल जाता है। गेहूं की खेती में ‘विलीनीकरण विधि’ अपनाई है, जो कुछ हद तक धान की रोपाई की तरह होती है। इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें बीज की मात्रा बहुत कम लगती है। जहां सामान्य तरीके से एक बीघा में करीब 20 किलो बीज लगता है। वहीं इस विधि में सिर्फ 2 से 3 किलो बीज से ही बुवाई हो जाती है। इस पद्धति में मैंने हरियाणा के चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित WH-1270 वैराइटी लगाई है। इस किस्म की खासियत यह है कि एक पौधे से लगभग 300 तक बालियां निकल सकती हैं। यही कारण है कि इस तकनीक से उत्पादन भी ज्यादा मिलता है। इस विधि से प्रति हेक्टेयर करीब 90 क्विंटल तक उत्पादन मिल सकता है, जबकि सामान्य गेहूं की खेती में यह उत्पादन लगभग 50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर ही रहता है। अमरूद और आंवले से बढ़ा रहे आय भगवंत सिंह बताते हैं- करीब 15 बीघा जमीन पर बागवानी की है, जिससे आय में अच्छा इजाफा हुआ है। इसमें करीब दो बीघा जमीन में थाई अमरूद (ताइवान पिंक वैराइटी) का बगीचा लगाया गया है। करीब 1000 पौधे पांच-पांच फीट की दूरी पर लगाए गए हैं। एक पौधे से औसतन करीब 15 किलो तक अमरूद मिल जाते हैं। इस तरह दो बीघा में लगभग 15 हजार किलो अमरूद का उत्पादन हो जाता है। बाजार में अमरूद का औसतन 30 रुपए प्रति किलो तक भाव मिल जाता है। खास बात यह है कि यह फसल साल में दो बार (सर्दी और बारिश के मौसम में) उत्पादन देती है। वहीं एक बीघा जमीन में करीब 60 आंवले के पौधे लगाए हैं। ये पौधे करीब दो साल पहले लगाए गए थे। आंवले के पौधों में आमतौर पर तीसरे साल से फल लगना शुरू होता है, इसलिए इस साल पहली अच्छी फ्रूटिंग होने की उम्मीद है। ‘थ्री लेयर’ तकनीक से सालभर लेते हैं फसल किसान भगवंत सिंह बताते हैं- 12 बीघा जमीन पर तार और बांस के ढांचे पर ‘थ्री लेयर’ तकनीक अपनाई है। इस तकनीक में अलग-अलग ऊंचाई पर फसलें लगाई जाती हैं, जिससे जमीन का पूरा उपयोग हो पाता है। एक ही खेत में कई तरह की फसलें उगाई जा सकती हैं और सालभर उत्पादन मिलता रहता है। टमाटर, करेला, लौकी और गिलकी (तुरई) जैसी बेल वाली सब्जियां मचान पद्धति से उगाई जाती हैं। इसमें पौधों को बांस और तार के सहारे ऊपर चढ़ाया जाता है। इससे फसल मिट्टी के सीधे संपर्क में नहीं आती। रोग कम लगते हैं और उत्पादन सामान्य खेती की तुलना में करीब तीन गुना तक ज्यादा मिल सकता है। नवंबर से मई तक टमाटर और हरी मिर्च नवंबर से मई के बीच टमाटर और हरी मिर्च की खेती की जाती है। टमाटर के पौधे एक महीने पहले नर्सरी में तैयार किए जाते हैं। एक बीघा में करीब 4 हजार पौधे लगाए जाते हैं। एक पौधे से औसतन 5 से 20 किलो तक टमाटर मिल जाते हैं। ICAR की अरका रक्षक वैराइटी के पौधे से 20 किलो तक उत्पादन मिल सकता है। बाजार में टमाटर का भाव औसतन 12 से 40 रुपए प्रति किलो तक मिल जाता है। वे बताते हैं कि लंबी हरी मिर्च के पौधे बूंदी के एक्सीलेंस सेंटर से लाकर लगाए जाते हैं। एक बीघा में लगभग 4 हजार पौधे लगाए जाते हैं। एक पौधे से करीब पांच किलो तक उत्पादन मिल जाता है और कम से कम पांच बार तुड़ाई होती है। बाजार में कभी-कभी 80 रुपए प्रति किलो तक भाव भी मिल जाता है। भगवंत सिंह खेत में खाली जगह का भी पूरा उपयोग करते हैं। खेत के खाली हिस्सों में धनिया, ककड़ी और तरबूज की मिश्रित खेती कर लेते हैं, जिससे अतिरिक्त आय हो जाती है। करेला से अच्छा मुनाफा भगवंत सिंह बताते हैं कि जून में इसी ढांचे पर करेला लगाया जाता है। अगस्त से इसकी तुड़ाई शुरू हो जाती है और दिसंबर तक चलती रहती है। एक बीघा से करीब 80 हजार रुपए तक की आमदनी हो जाती है। करेला के पौधे बीज से नर्सरी में तैयार किए जाते हैं, जिससे करीब एक महीने का समय बच जाता है। इससे पौधों की देखभाल भी आसान रहती है और उत्पादन बेहतर मिलता है। सालभर गोभी की खेती, रंगीन वैराइटी भी भगवंत सिंह सालभर गोभी का उत्पादन लेने की कोशिश करते हैं। मार्च में पौध तैयार कर अप्रैल में रोपाई की जाती है और करीब 90 दिन में फसल तैयार हो जाती है। इसके बाद अगस्त में दूसरी फसल लगाई जाती है। खास तौर पर रंगीन एक्सोटिक गोभी भी उगाते हैं, जिनमें बैंगनी, पीली, हरी और सफेद किस्में शामिल हैं। इन गोभी की मांग जयपुर और दिल्ली जैसे बड़े बाजारों में रहती है। बाजार में औसतन 50 रुपए प्रति किलो तक भाव मिल जाता है। एक बीघा में करीब 4000 पौधे लगाए जाते हैं। रंगीन शिमला मिर्च की बाजार में अच्छी मांग किसान भगवंत सिंह जुलाई-अगस्त और फरवरी में शिमला मिर्च की खेती करते हैं। इसमें रेड, येलो और ग्रीन तीनों रंगों की किस्में लगाई जाती हैं। एक पौधे से औसतन 4 से 5 किलो उत्पादन मिलता है और लगभग 8 से 10 बार तुड़ाई होती है। रंगीन शिमला मिर्च की होटल और रेस्टोरेंट में अच्छी मांग रहती है। मंडी में भी यह आसानी से बिक जाती है और आमतौर पर 40 से 50 रुपए प्रति किलो तक भाव मिल जाता है। महिला किसानों को भी दे रहे आगे बढ़ने की प्रेरणा किसान भगवंत सिंह बताते हैं कि पत्नी ममता सिंह भी खेती के काम में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं और महिला किसानों को आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं। उनके अनुसार, ममता सिंह आसपास के गांवों की करीब 400 महिला किसानों को जलवायु अनुकूल खेती के तरीके सिखा रही हैं, ताकि बदलते मौसम में भी खेती से अच्छी आय ली जा सके। भगवंत सिंह के मुताबिक, उनकी पत्नी महिलाओं को बायोफोर्टिफाइड गेहूं के बीज भी उपलब्ध करवा रही हैं। इससे महिलाओं को पोषण से भरपूर अनाज मिलता है और खेती से उनकी आय बढ़ाने में भी मदद मिलती है। जब महिलाएं खेती में नई तकनीक और बेहतर बीज अपनाती हैं, तो परिवार की सेहत और आर्थिक स्थिति, दोनों मजबूत होती हैं। भगवंत सिंह बताते हैं- बायोफोर्टिफाइड गेहूं वैज्ञानिकों द्वारा पौधों के चयन और क्रॉस-ब्रीडिंग (संकरण) की प्रक्रिया से तैयार किया जाता है। इसमें किसी प्रकार का रसायन मिलाकर पोषण नहीं बढ़ाया जाता, बल्कि प्राकृतिक तरीके से ऐसी किस्में विकसित की जाती हैं, जिनमें पोषक तत्व अधिक हों। इसमें जिंक और आयरन अधिक होते हैं, जो शरीर के लिए जरूरी हैं। कुपोषण और खून की कमी (एनीमिया) को कम करने में मदद मिलती है। वहीं उत्पादन सामान्य गेहूं के बराबर या उससे बेहतर हो सकता है। वर्मी कम्पोस्ट और आधुनिक सिंचाई से कम लागत में बेहतर उत्पादन खेती के साथ-साथ भगवंत सिंह पशुपालन भी करते हैं। उनके पास 2 भैंस और 1 गाय है, जिनसे रोजाना करीब 10-12 लीटर दूध मिलता है। पशुओं के पोषण और दूध उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए उन्होंने अजोला यूनिट भी लगाई है, जो पशुओं के लिए पौष्टिक चारा है। खेत की उर्वरता बनाए रखने के लिए वे वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग करते हैं। केंचुए, गोबर और फसल अवशेषों से तैयार यह जैविक खाद मिट्टी के लिए बहुत लाभकारी होती है। भगवंत सिंह बताते हैं कि एक बीघा जमीन में लगभग 10 टन वर्मी कम्पोस्ट जरूरी होता है। इससे मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होती है और फसलों को प्राकृतिक पोषण मिलता है। भगवंत ने सिंचाई के लिए भी आधुनिक तकनीक अपनाई है। सब्जियों की खेती में ड्रिप सिंचाई का उपयोग किया जाता है, जबकि अन्य फसलों में मिनी स्प्रिंकलर सिस्टम लगाया गया है। इससे फसलों को जरूरत के अनुसार पानी मिलता है और पानी की काफी बचत भी होती है। वेस्ट से खेत को बना रहे उपजाऊ भगवंत खेती में फसल अवशेषों का बेहतर उपयोग कर मिट्टी की उर्वरता बढ़ा रहे हैं। वे बताते हैं कि फसल कटाई के बाद बचने वाले भूसे, तनों, डंठलों, पत्तों और छिलकों को बेकार नहीं फेंकते, बल्कि इन्हें खेत की मिट्टी में ही मिला देते हैं। जब यह जैविक अवशेष गलते हैं तो मिट्टी में प्राकृतिक रूप से पोषण बढ़ता है और जमीन अधिक उपजाऊ बनती है। उनके अनुसार, इस प्रक्रिया से मिट्टी में जैविक कार्बन की मात्रा बढ़ती है, जिससे पोषक तत्वों की उपलब्धता भी बेहतर होती है। इससे मिट्टी की कठोरता कम होती है और वायु संचरण अच्छा बना रहता है। साथ ही मिट्टी का पीएच मान भी संतुलित रहता है, जो किसी भी फसल के अच्छे उत्पादन के लिए बेहद जरूरी है। भगवंत सिंह कहते हैं कि फसल अवशेषों को खेत में जलाना नुकसानदायक होता है। इससे मिट्टी के कई लाभकारी सूक्ष्म जीव और मित्र कीट जैसे केंचुए, जलकर नष्ट हो जाते हैं, जो प्राकृतिक रूप से मिट्टी को उपजाऊ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए वे किसानों को भी फसल अवशेषों को जलाने के बजाय खेत में ही उपयोग करने की सलाह देते हैं। --- खेती-किसानी से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए... विदेशी बैंक की जॉब छोड़ी, दूध-घी बेचकर लाखों कमा रहे:MBA किसान ने 7 गायों से शुरू की थी डेयरी, अब 80; घास भी खुद ही उगाई MBA करने के बाद विदेशी बैंक में 12 साल नौकरी की। छोटा भाई लंदन शिफ्ट हुआ तो सालाना लाखों का पैकेज छोड़कर गांव लौट आए। फिर शुरुआत की डेयरी फार्म की। पूरी खबर पढ़िए

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:08 am

यूपी में अलविदा जुमा पर हाईअलर्ट:ज्ञानवापी मस्जिद में 2 शिफ्ट में पढ़ी जाएगी नमाज; ड्रोन से की जा रही निगरानी

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद शिया समुदाय में नाराजगी देखी जा रही है। इसे देखते हुए उत्तर प्रदेश में अलविदा जुमे पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। डीजीपी राजीव कृष्ण ने सेंसिटिव एरिया में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। साथ ही संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। वाराणसी में आज मस्जिदों में नमाज दो शिफ्ट में अदा की जाएगी। ज्ञानवापी और लाटसरैयां में कड़ी सुरक्षा के बीच नमाज अदा होगी। मुफ्ती-ए-बनारस अब्दुल बातिन नोमानी ने कहा कि रमजान के आखिरी जुमे (शुक्रवार) को अलविदा की नमाज अदा की जाएगी। इमाम व मुअज्जिन जुमे की नमाज की रवायत पूरी करेंगे। दुआओं में मुल्क की तरक्की-खुशहाली के लिए बारगाहे इलाही में मिन्नतें भी करेंगे। मस्जिदों के अलावा कई जगह छतों पर टेंट की व्यवस्था होगी। अलविदा जुमे की नमाज से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:07 am

हिसार में लिफ्ट मांग कर लोगों को फंसाती थी महिला:पहले छेड़छाड़ का आरोप, फिर करती स्नैचिंग; नशे ने बनाया अपराधी, साथी समेत काबू

हिसार में लिफ्ट मांगकर लोगों को जाल में फंसाने और छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाकर डराने के बाद स्नैचिंग करने वाले महिला और उसके साथी को सीआईए-1 और पीएलए चौकी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने शहर में लगातार दो वारदातों को अंजाम दिया था और तीसरी वारदात की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंजली निवासी धोला कुआं, चारकुटुंब गेट हांसी (हाल किरायेदार) और नितेश निवासी आजाद नगर हिसार के रूप में हुई है। बुजुर्ग को बनाया पहला शिकार पहली घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कैंप चौक के पास हुई। एक बुजुर्ग व्यक्ति स्कूटी पर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। रास्ते में एक महिला ने तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर उससे लिफ्ट मांगी। बुजुर्ग ने मानवता के नाते उसे स्कूटी पर बैठा लिया। कुछ दूरी तय करने के बाद महिला ने स्कूटी रुकवाई और अचानक बुजुर्ग पर छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाने लगी। उसने पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी और मौका पाकर बुजुर्ग का बैग छीनकर फरार हो गई। बैग में नकदी और जरूरी दस्तावेज थे। दूसरी वारदात बैंक कॉलोनी में इसी तरह दूसरी वारदात अर्बन एस्टेट थाना क्षेत्र की बैंक कॉलोनी में हुई। यहां भी उसी महिला ने इसी तरीके से एक व्यक्ति को निशाना बनाकर स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया। लगातार दो घटनाओं की सूचना मिलते ही सीआईए-1 और पीएलए चौकी की टीम सक्रिय हो गई। तीसरी वारदात से पहले पकड़े गए पुलिस ने दोनों घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध महिला की पहचान की। गुप्त सूचना के आधार पर पता चला कि महिला अपने साथी के साथ बरवाला चुंगी के पास न्यू पुलिस लाइन क्षेत्र में तीसरी वारदात की फिराक में घूम रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में गश्त बढ़ाई और संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दोनों को काबू कर लिया। पूछताछ में हुआ खुलासा पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला राह चलते लोगों से लिफ्ट मांगती थी और थोड़ी दूरी पर जाकर वाहन रुकवाकर चालक को छेड़छाड़ के झूठे आरोप में फंसाने की धमकी देती थी। इसी दौरान वह उनका सामान और नकदी छीन लेती थी। वारदात के समय उसका साथी कुछ दूरी पर खड़ा रहता था और घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो जाते थे। नशे की लत ने बनाया अपराधी आरोपियों ने बताया कि वे दोनों नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह जांच की जा रही है कि क्या उन्होंने पहले भी ऐसी घटनाएं की हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:06 am

डीग में अवैध रूप से चल रहे 3 कारखाने सीज:शिकायत के बाद नगर परिषद ने की कार्रवाई, प्रदूषण फैलाने का आरोप

डीग में नगर परिषद की टीम ने अवैध रूप से संचालित 3 कारखानों को सीज कर दिया है। यह कार्रवाई एसडीएम की जनसुनवाई में मिली शिकायत के बाद की गई। इन कारखानों पर ध्वनि प्रदूषण फैलाने और खतरनाक रसायनों का उपयोग करने का आरोप है, जिससे आसपास के निवासियों को परेशानी हो रही थी। जानकारी के अनुसार गुरुवार को डीग एसडीएम की जनसुनवाई में मुनेश बंसल पुत्र जगदीश प्रसाद वैश्य, निवासी मेला ग्राउंड, डीग ने एक शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि क्षेत्र में अवैध कारखानों से तेज ध्वनि प्रदूषण और अन्य प्रकार की बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों को समस्या हो रही है। शिकायत मिलने के बाद, नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह के निर्देश पर परिषद की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम में कार्यालय सहायक (अतिक्रमण शाखा) राजवीर सिंह, भूरी सिंह, हरीराज जादौन, विशाल सिंह, अभिषेक शर्मा सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ कारखानों में खतरनाक रसायनों का उपयोग किया जा रहा था और डेंट-पेंट, लोहे के बक्से बनाने तथा वेल्डिंग जैसे कार्य किए जा रहे थे, जिनसे तेज आवाज और प्रदूषण फैल रहा था। निरीक्षण में टीम को ध्वनि प्रदूषण और पर्यावरण को प्रभावित करने वाली गतिविधियां मिलीं। इसके बाद नगर परिषद ने कार्रवाई करते हुए राजू गुप्ता के कारखाने और इकलैरा वालों के कारखाने सहित कुल 3 अवैध इकाइयों को सीज कर दिया।नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध रूप से संचालित कारखानों और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई पर संतुष्टि व्यक्त की है और प्रशासन से ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखने की मांग की है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:05 am

गाय बचाने के प्रयास में कार पलटी,चार घायल:कोलारस में एयरबैग खुलने से बाल-बाल बची जान, अचानक ब्रेक लगाने से हादसा

शिवपुरी जिले में तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। कोलारस थाना क्षेत्र में गाय को बचाने के प्रयास में एक कार पलट गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। वहीं, शिवपुरी शहर के माधव चौक पर एक तेज रफ्तार कार ने गोलंबर की रेलिंग तोड़ दी। जानकारी के अनुसार, भोपाल निवासी साहूराम (90) अपने परिवार के साथ 12 मार्च को लखनऊ से भोपाल लौट रहे थे। शाम के समय उनकी कार कोलारस थाना क्षेत्र में एनएच-46 पर अन्नपूर्णा होटल के सामने पहुंची। गाय को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाएअचानक सड़क पर एक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार कई गुलाटें खाते हुए डिवाइडर में जा गिरी। हादसे में कार सवार साहूराम (90), सेवा बाई (68), सरिता (41) और प्रिया (8) निवासी भोपाल को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को कोलारस के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। कार के एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया। पूरी घटना हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। कोलारस पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रेलिंग से टकराई कारइधर, शिवपुरी शहर के माधव चौक पर गुरुवार देर रात एक और हादसा हुआ। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच एक तेज रफ्तार कार माधव चौक के गोलंबर में लगी रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गोलंबर की तीन से चार रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस इस मामले में जानकारी जुटा रही है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:04 am

रायपुर में खाद्य विभाग ने होटल में मारी रेड:घरेलू एलपीजी महंगे दामों में बेचकर कर रहे थे कालाबाजारी, 350 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त

रायपुर में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए बड़ा अभियान चलाया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर खाद्य विभाग की संयुक्त जांच टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी की। इस दौरान कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जांच के दौरान धरसींवा विकासखंड के सेजबहार स्थित कमल होटल में घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर 14.2 किलोग्राम क्षमता के 8 सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं, बाबूलाल चिकन सेंटर से भी घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर 3 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए। कई जगह सिलेंडर जब्त इसी तरह अभनपुर-नवापारा क्षेत्र में रवि ग्लास एंड प्लाइवुड में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी का मामला सामने आया। यहां से 14.2 किलोग्राम क्षमता के 26 घरेलू सिलेंडर, 19 किलोग्राम क्षमता के 2 व्यावसायिक सिलेंडर और 5 किलोग्राम क्षमता के 4 सिलेंडर जब्त किए गए। गैस एजेंसी की जांच में स्टॉक में बड़ा अंतर इसके अलावा खाद्य विभाग की टीम ने कोरासी इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी की भी जांच की, जहां रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर पाया गया। जांच में 14.2 किलोग्राम क्षमता के 101 भरे और 64 खाली घरेलू सिलेंडर और 19 किलोग्राम क्षमता के 23 खाली व्यावसायिक सिलेंडर कम पाए गए। इस अनियमितता के चलते एजेंसी के गोदाम में उपलब्ध कुल 355 घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडरों को जब्त कर एजेंसी की सुपुर्दगी में दिया गया है। मामले में एलपीजी (वितरण और विनियमन) आदेश 2000 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:01 am

गोरखपुर में रेप पीड़िता का बहन के साथ अपहरण:कोर्ट में होनी थी गवाही, आरोपी बना रहे थे समझौते का दबाव...

गोरखपुर के चर्चित होटल-हुक्का बार सामूहिक दुष्कर्म कांड में अब एक नया मामला सामने आया है। इस घटना की मुख्य गवाह रेप पीड़िता का ही अपहरण कर लिया गया है। आरोपी उसकी छोटी बहन को भी साथ ले गए हैं। पीड़िता की मां का आरोप है कि मुकदमे में समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। बात न मानने पर यह घटना हुई। रामगढ़ताल थाना पुलिस ने बुधवार को अज्ञात लड़कियों के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। घर के पास रहने वाली महिलाओं पर शक पीड़िता की मां ने तहरीर में लिखा है कि कि कुछ समय से तीन-चार महिलाएं उनके घर के पास किराए पर रह रही थीं। उन्होंने धीरे-धीरे बेटी से से मेलजोल बढ़ाया और घर आना-जाना शुरू कर दिया। करीब तीन दिन पहले वही लड़कियां उनकी दोनों बेटियों को अपने साथ ले गईं, जिसके बाद से दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है। काफी तलाश के बाद कुछ पता नहीं चला। इसी माह मुकदमे में सुनवाई होनी है,आशंका है कि पीड़ित गवाही न करे इसलिए योजनाबद्ध तरीके से वारदात में शामिल आरोपियों ने अपने सहयोगी लड़कियों को पड़ोस में किराए पर कमरे पर रखवाया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही होटल व हुक्का बार संचालक समझौता करने का दबाव बना रहे थे लेकिन वह तैयार नहीं हुई। जनवरी 2025 में शाहपुर के हुक्का बार में छापा मारकर कई युवक और युवतियों को पुलिस ने पकड़ा था। उसी समय यहां पर बच्चियों के साथ रेप की घटना सामने आई थी। साथ ही देह व्यापार के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ था। सामुहिक दुष्कर्म,देह व्यापार व पाक्सो एक्ट की पुष्टि होने के बाद 18 से अधिक लोगों को पुलिस ने जेल भेजने के बाद गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि मोबाइल फोन लोकेशन, सर्विलांस और आसपास लगे सीसी कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। इसके अलावा घटना में शामिल जो आरोपी जो जमानत पर छूटे हैं उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 9:00 am

नोएडा में गैस बुकिंग के लिए जारी नंबर:पैनिक नहीं होने की अपील, वाट्सऐप नंबर , मिस्डकॉल अलर्ट किया गया जारी

खाड़ी देशों में युद्ध के चलते एलपीजी का संकट का दिख रहा है। पैनिक की वजह से गैस बुकिंग किए जाने वाले मोबाइल नंबर व्यवस्त , कनेक्ट नही होने जैसी समस्या आ रही है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने गौतमबुद्धनगर वासियों से अपील है कि वो गैस कंपनियों द्वारा उपलब्ध कराए गए नंबर पर फोन और वाट्सऐप करे। स्मार्ट बुकिंग मॉडल्स व्हाट्सएप 7588888824, मिस्डकॉल 8454955555, एसएमएस/वीआरएस बुकिंग 7718955555, इंडियन ऑयल वन एप, भारत बिल पेमेंट सिस्टम, पोर्टल https://cx.indianoil.in आदि माध्यमों से गैस कंपनियों के नेशनल स्तर पर संचालित विभिन्न प्रकार के विकल्पों का प्रयोग कर आवश्यकता होने पर अपनी गैस बुकिंग करा सकते है। बता दे विगत दो दिनों से बुकिंग के बाद भी लोगों को गैस सिलेंडर मिलने में दिक्कत आ रही है। सुबह आठ बजे लाइन में लगने के बाद दोपहर बाद तक उनका नंबर आ रहा है। पैनिक की स्थिति होने के चलते लोग बुकिंग एजेंसियों को फोन कर रहे है। जिससे नंबर नॉट रिचेबल और कनेक्ट नहीं होने जैसी समस्या आ रही है। ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से ये नंबर और वाट्सऐप जारी किया गया है। ताकि लोग इन पर फोन कर बुकिंग आसानी से करा सके।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:58 am

रेवाड़ी में अवैध कॉलोनियों पर सियासी घमासान:कांग्रेस की सीएम से जांच की मांग; गरीबों के आशियाने गिराए, DTP बोले- आरोप गलत

रेवाड़ी कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने जिला नगर योजनाकार विभाग (डीटीपी) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की मिलीभगत से रेवाड़ी में 800 एकड़ से अधिक जमीन पर अवैध कॉलोनियां विकसित की गई हैं। चौधरी ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के चलते अधिकारी और कर्मचारी बिल्डरों को संरक्षण दे रहे हैं, जिससे शहर की प्लानिंग व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। प्रवीण चौधरी ने कहा कि अवैध निर्माणों के खिलाफ चल रही तोड़फोड़ की कार्रवाई में भेदभाव किया जा रहा है। उनके अनुसार, आम लोगों और गरीबों के मकान तोड़े जा रहे हैं, जबकि प्रभावशाली व्यक्तियों के अवैध निर्माणों पर कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस सत्ताधारी नेता के संरक्षण में ये अधिकारी पिछले दो साल से रेवाड़ी में टिके हुए हैं। रेवाड़ी को बदनाम नहीं होने देंगे कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि रेवाड़ी को ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों से बदनाम नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम लोगों के घर क्यों तोड़े जा रहे हैं, जबकि रसूखदारों के अवैध निर्माणों को बचाया जा रहा है। चौधरी ने कहा कि यदि यह भेदभाव बंद नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। सीबीआई और ईडी जांच की मांग प्रवीण चौधरी ने मुख्यमंत्री से मांग की कि जिला नगर योजनाकार विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सीबीआई तथा ईडी से जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों की आय और संपत्ति की भी जांच होनी चाहिए ताकि भ्रष्टाचार का सच सामने आ सके। चौधरी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगी। आम लोगों को पीसने नहीं देंगे कांग्रेस शहरी जिला कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए चौधरी ने कहा कि वे आम लोगों को पीसने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि गरीबों के घर तोड़े जा रहे हैं, जबकि बड़े बिल्डरों और प्रभावशाली लोगों के अवैध निर्माणों को नजरअंदाज किया जा रहा है। डीटीपी ने आरोपों को बताया निराधार इस मामले में जिला नगर योजनाकार मनदीप सिहाग से संपर्क किया गया तो उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताया। सिहाग ने कहा कि किसी को भी राजनीति से प्रेरित होकर बयान नहीं देना चाहिए। उन्होंने बताया कि विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है और अधिकारियों को अवैध प्लॉटिंग की रजिस्ट्री न करने के निर्देश दिए जाते हैं। सिहाग ने कहा कि यदि किसी के पास कोई ठोस सबूत है, तो उसे विभाग में प्रस्तुत किया जाए।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:57 am

सिरसा में बंद घर को बनाया निशाना, गहनें-कैश चुराया:परिवार गया था शादी समारोह में, दीवार फांदकर अंदर घुसे, लॉक टूटे मिले

सिरसा में एक बंद घर को चोरों ने निशाना बना लिया। परिवार रिश्तेदार की शादी समारोह में गया था। पीछे से चोर घर पहुंच गए और दीवार फांदकर अंदर घुस गए। घर के अंदर कमरा व अलमारी के लॉक तोड़ दिए। अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहनें और कैश चोरी कर ले गए। जानकारी के अनुसार, ये घटना ऐलनाबाद शहर की है। जब परिवार शादी के बाद घर लौटा तो मेन गेट बंद मिला। मगर घर के अंदर गए तो सभी लॉक टूटे मिले व सामान बिखरा मिला। इससे पहले भी ऐलनाबाद में मकान और दुकान में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया था। एक बुजुर्ग महिला को घर में अकेला देख अपराधियों ने चाकू के बल पर छीनाझपटी कर ली थी, जो बाद में पकड़े गए। जानिएं क्या है पूरा मामला पुलिस को दी शिकायत में ऐलनाबाद के वार्ड नंबर दो निवासी देवी लाल ने बताया कि बुधवार शाम को वह अपने पूरे परिवार के साथ गांव चाईयां में विवाह समारोह में गया हुआ था। घर के सभी कमरों व बाहर मेन गेट पर ताला लगाकर गया था। रात करीब 2 बजे उसका बड़ा बेटा संदीप विवाह समारोह से घर आया तो गेट का ताला लगा हुआ था। घर के अंदर कमरों के ताले और अलमारी के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद सामान चेक किया तो अलमारी में रखे दो जोड़ी सोने के टोपस, अंगूठी, दो नोजपिन और चार जोड़ी चांदी पाजेब व तागड़ी घुंघरू व चांदी का कड़ा और अलमारी में रखा करीब 10 हजार कैश गायब मिले। इसके बाद घरवालों और पुलिस को सूचना दी।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:57 am

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी फरार:इंदौर में मिलने बुलाकर शादी से किया इनकार, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी

इंदौर के लसूडिया इलाके में 20 वर्षीय युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने कॉलोनी में रहने वाले अजय पाटिल के खिलाफ गुरुवार रात दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी अजय पाटिल को करीब पांच साल से जानती है। दोनों एक ही कॉलोनी में रहते हैं और सामान्य बातचीत के दौरान एक-दूसरे को पसंद करने लगे। पिछले करीब एक साल से दोनों एक-दूसरे से मिल रहे थे। दिसंबर 2024 में होटल ले जाकर किया दुष्कर्म युवती के अनुसार आरोपी उसे दिसंबर 2024 में महालक्ष्मी नगर स्थित एक होटल में लेकर गया था। वहां शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद भी आरोपी शादी की बात टालता रहा। पीड़िता ने बताया कि आरोपी 7 दिसंबर 2025 को उसे दोबारा होटल ले गया। इसके बाद उसने युवती से बातचीत करना बंद कर दिया। खजराना मंदिर बुलाकर शादी से किया इनकार युवती के अनुसार आरोपी ने 2 मार्च को उसे खजराना गणेश मंदिर बुलाया। यहां बातचीत के दौरान उसने साफ कहा कि वह शादी नहीं करेगा। दबाव बनाने पर आरोपी ने युवती के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। मां को बताई पूरी घटना, दर्ज कराया मामला धमकी के बाद युवती काफी डर गई और उसने अपनी मां को पूरी बात बताई। इसके बाद उसकी मां उसे थाने लेकर पहुंची, जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:55 am

मुरथल ढाबों पर कमर्शियल गैस संकट, रसोई व्यवस्था बदली:भट्ठी पर खाना बनाना शुरू; LPG गैस का 70% यूज बंद, इंडक्शन चूल्हे मंगवाए

हरियाणा के प्रसिद्ध मुरथल ढाबों पर इन दिनों कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी का सीधा असर देखने को मिल रहा है। गैस की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण कई ढाबा संचालकों को अपने पारंपरिक तरीकों की ओर लौटना पड़ रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि ढाबों की रसोई अब फिर से लकड़ी और कोयले की भट्ठियों पर निर्भर होती जा रही है। ढाबा संचालकों ने ग्राहकों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक इंतजाम भी किए हैं। कहीं इंडक्शन चूल्हे मंगवाए जा रहे हैं, तो कहीं अतिरिक्त भट्ठियां लगाकर खाना तैयार किया जा रहा है। इसके बावजूद गैस संकट का असर धीरे-धीरे ढाबों के संचालन और कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। संचालकों को सबसे ज्यादा परेशानी मुरथल ढाबा एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंजीत सिंह का कहना है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी का सबसे ज्यादा असर छोटे ढाबा संचालकों पर पड़ रहा है। बड़े ढाबों के पास कुछ वैकल्पिक साधन मौजूद हैं, लेकिन छोटे ढाबों के लिए गैस की कमी बड़ी समस्या बन गई है। इसी कारण कई ढाबा संचालक अब लकड़ी और कोयले की भट्ठियों पर शिफ्ट हो गए हैं, जबकि कुछ ने इंडक्शन चूल्हों का भी सहारा लेना शुरू कर दिया है। 70% तक घटाया गैस का उपयोग रेशम ढाबा के मैनेजर मंगत राम के अनुसार गैस की समस्या के चलते उनके ढाबे पर गैस का उपयोग करीब 70 प्रतिशत तक कम कर दिया गया है। फिलहाल गैस का इस्तेमाल केवल 30 प्रतिशत कामों में ही किया जा रहा है, जिसमें मुख्य रूप से तवे की रोटी और पराठे बनाना शामिल है। बाकी अधिकांश खाना अब लकड़ी और कोयले की भट्ठियों पर तैयार किया जा रहा है। पहले गैस पर बनती थी ग्रेवी आइटम जानकारी के अनुसार मुरथल के ढाबों में बेस किचन के लगभग 10 से 12 आइटम पहले गैस पर ही तैयार किए जाते थे। इनमें रेड और व्हाइट ग्रेवी, चॉक मसाला, कढ़ाई पनीर, बटर मसाला, मिक्स वेज, येलो दाल और दाल मखनी जैसे लोकप्रिय व्यंजन शामिल हैं। इन सभी व्यंजनों को तैयार करने में गैस का काफी अधिक उपयोग होता था, लेकिन अब गैस की कमी के कारण इन्हें भी लकड़ी और कोयले की भट्ठियों पर बनाया जा रहा है। ढाबों में लगाई अतिरिक्त भट्ठियां मैनेजर मंगत राम ने बताया कि उन्होंने अपने ढाबे पर पांच अलग-अलग भट्ठियां लगा दी हैं ताकि काम सुचारू रूप से चलता रहे। हालांकि एक भट्ठी को पूरी तरह से चालू होने में करीब 30 से 40 मिनट का समय लगता है। इसके अलावा गैस की तुलना में भट्ठी पर खाना तैयार करने में लगभग 15 मिनट अधिक समय लग रहा है, जिससे काम की गति भी प्रभावित हो रही है। मेनू और कीमतों में नहीं बदलाव गैस संकट के बावजूद ढाबा संचालकों ने अभी तक मेनू या कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। ढाबों पर ग्राहकों की मांग के अनुसार सभी आइटम पहले की तरह तैयार किए जा रहे हैं। संचालकों का कहना है कि फिलहाल उनका प्रयास यही है कि ग्राहकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सेवा पहले की तरह जारी रहे। इंडक्शन चूल्हों का सहारा, महंगी पड़ रही बिजली मुरथल के कई ढाबों ने इंडक्शन चूल्हे भी मंगवाकर रख लिए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर उनका इस्तेमाल किया जा सके। झिलमिल ढाबा के संचालक और ढाबा संगठन के प्रधान मंजीत सिंह का कहना है कि उन्होंने भी अपने स्टाफ को इंडक्शन चूल्हे मंगवाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि कमर्शियल बिजली दर काफी ज्यादा होने के कारण इंडक्शन चूल्हों का अधिक उपयोग करना भी उनके लिए महंगा साबित हो सकता है। युद्ध के बीच कारोबार पर भी असर मंजीत सिंह का कहना है कि युद्ध के कारण फ्लाइट अलग-अलग जगह से होकर जा रही है। जिससे ग्राहक की कमी आई है।ग्राहकों की संख्या में कमी देखने को मिल रही है और कुल मिलाकर ढाबों का बिजनेस लगभग 25 प्रतिशत तक घट गया है। हर दिन इस संकट का असर थोड़ा-थोड़ा दिखाई दे रहा है। बड़े पराठे अभी भी गैस पर हो रहे तैयार रेशम ढाबा पर मशहूर 21 इंच का बड़ा पराठा और तवे की रोटियां फिलहाल गैस पर ही तैयार की जा रही हैं, जबकि बाकी अधिकांश खाना लकड़ी और कोयले की भट्ठियों पर बनाया जा रहा है। ढाबा प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर दो इंडक्शन चूल्हे भी मंगवा कर रखे हैं। इन चूल्हों पर एक साथ 5 से 6 रोटियां तैयार हो जाती हैं, हालांकि इन्हें फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में ही रखा गया है। प्रधान मंजीत सिंह का कहना है कि जहां गैल गैस कंपनी द्वारा 80% से तक का उसे करने के लिए कहा गया है और ऐसे में उन्होंने कहा है कि जहां कस्टमर 20 से 25% कम होने की वजह से भी गैस का प्रयोग कम होना शुरू हो गया है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:54 am

हरदोई की महिला प्रधान ज्योत्स्ना द्विवेदी को दिल्ली में सम्मान:औडेरी ग्राम पंचायत बनी मॉडल, स्वच्छता, पेयजल और सड़क पर विशेष ध्यान

जनपद हरदोई की टोडरपुर ब्लॉक क्षेत्र की औडेरी ग्राम पंचायत की महिला ग्राम प्रधान ज्योत्स्ना द्विवेदी को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राजधानी दिल्ली में सम्मानित किया गया। औडेरी को मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करने और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उनके प्रयासों को यह पुरस्कार मान्यता देता है। ग्राम प्रधान ज्योत्स्ना द्विवेदी ने अपने कार्यकाल में पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया। उनके प्रयासों से औडेरी ग्राम पंचायत आदर्श पंचायत के रूप में विकसित हो रही है, जिससे ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं। मुख्यमंत्री ग्राम पंचायत पुरस्कार और वित्तीय सहयोग ग्राम पंचायत में किए गए विकास कार्यों और बेहतर प्रशासनिक प्रबंधन के चलते औडेरी को हाल ही में मुख्यमंत्री ग्राम पंचायत पुरस्कार के तहत 30 लाख रुपये की धनराशि भी प्रदान की गई थी। अब दिल्ली में सम्मानित किए जाने से न केवल ग्राम प्रधान बल्कि जनपद और प्रदेश का नाम भी रोशन हुआ है। जिला प्रशासन ने जताया गर्व जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान ज्योत्स्ना द्विवेदी द्वारा पंचायत में किए गए विकास कार्यों और नवाचारों को देखते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है। विनय कुमार सिंह ने उम्मीद जताई कि इस उपलब्धि से अन्य ग्राम पंचायतों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी और ग्रामीण विकास की दिशा में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:54 am

प्रतापगढ़ में व्यापारी पिटाई मामले में तीन सिपाही लाइन हाजिर:सीओ की जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई, एसएसआई पहले ही हटाए गए

प्रतापगढ़ में होली के दिन कंधई थाना क्षेत्र के हनुमानगंज बाजार में हुए विवाद के मामले में एसपी दीपक भूकर ने सख्त कार्रवाई की है। एक व्यापारी की पिटाई से जुड़े इस मामले में तीन और सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इससे पहले, एसएसआई असलम खान को भी हटाया जा चुका है। यह विवाद मस्जिद की दीवार पर रंग पड़ने को लेकर शुरू हुआ था। बताया जाता है कि होली के दिन दो व्यापारियों के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस ने दोनों व्यापारियों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया था। जमानत पर रिहा होने के बाद जब व्यापारियों के शरीर पर चोट के निशान दिखे, तो स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद बड़ी संख्या में व्यापारी थाने पहुंचे और पुलिस कार्रवाई के विरोध में हंगामा करने लगे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी दीपक भूकर ने तत्काल एसएसआई असलम खान को लाइन हाजिर कर दिया था। मामले की जांच सीओ पट्टी मनोज रघुवंशी को सौंपी गई थी। जांच के दौरान पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर सिपाही अरशद अंसारी, जगजीत सिंह यादव और रवि कुमार को भी लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस बीच, व्यापारियों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे व्यापारी नेता रवि गुप्ता को लेकर भी कुछ तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, रवि गुप्ता पर पहले से ही तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2017 में जालसाजी और धोखाधड़ी, वर्ष 2015 में विद्युत अधिनियम और 2023 में आईटी एक्ट के तहत दर्ज मामले शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न न हो।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:52 am

कांशीराम जयंती पर कांग्रेस का सामाजिक परिवर्तन सम्मेलन:नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लेंगे हिस्सा, लखनऊ में दोपहर 1 बजे से कार्यक्रम

बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की जयंती को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने दलितों को अपने पाले में करने के लिए बड़ा दांव खेला है। कांग्रेस लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार को सामाजिक परिवर्तन दिवस के रूप में कांशीराम जयंती मनाएगी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। कार्यक्रम दोपहर 1 बजे शुरू होगा। सामाजिक न्याय, संविधान की मूल भावना और बहुजन समाज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन के माध्यम से दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों और भागीदारी पर विशेष संवाद होगा। राहुल गांधी दोपहर 3:30 बजे करेंगे संबोधन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपरान्ह करीब 3:30 बजे सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पार्टी नेताओं के अनुसार, राहुल गांधी अपने संबोधन में संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और बहुजन समाज के मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। कांशीराम जयंती को ‘सामाजिक परिवर्तन दिवस’ के रूप में मना रही कांग्रेस कांग्रेस इस वर्ष कांशीराम जयंती को “सामाजिक परिवर्तन दिवस” के रूप में मना रही है। पार्टी का कहना है कि मान्यवर कांशीराम ने देश में सामाजिक न्याय और बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी को नई दिशा दी थी। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस इस अवसर पर बहुजन संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रही है। प्रदेश भर से जुटेंगे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे। इनमें राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा ‘मोना’, अनुसूचित विभाग के अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम, पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष अनिल जयहिंद, राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर और प्रदीप नरवाल समेत प्रदेश भर से आए पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:52 am

कानपुर की इलेक्ट्रिक बाजार में भीड़:इंडेक्शन की खरीदारी बढ़ी, ग्राहक बोले- रसोई गैस का आप्शन तैयार कर रहे हैं

कानपुर में इलेक्ट्रॉनिक बाजार में इंडक्शन खरीदने वालों की इलेक्ट्रिक बाजर की दुकानों में भीड़ लग गई है। शहर के सबसे बड़े और पुराने बाजार मनिराम बगिया में लोग इलेक्ट्रिक बाजार में पहुंचकर केवल इलेक्ट्रिक इंडक्शन मांग रहे हैं। जिस तरह से गैस सिलेंडर की किल्लत बढ़ रही है, लोग इसे विकल्प के तौर पर खरीद रहे हैं। क्योंकि लगातार ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच हमलों की खबरों से लोगों को लग रहा है कि आने वाले दिनों में गैस सिलेंडर मिलना मुश्किल हो सकता है। कानपुर का मनिराम बगिया बाजार, जो करीब 60 साल पुराना इलेक्ट्रिक बाजार है, यहां करीब 150 से ज्यादा इलेक्ट्रिक की दुकानें हैं। इस बाजार में गुरुवार को हर दुकान पर केवल इंडक्शन खरीदने वाले ही पहुंचते रहे। मार्केट में इंडक्शन की कोई कमी नहींमनिराम बगिया इलेक्ट्रिक मार्केट के सीनियर प्रेसिडेंट मनोज मेघानी ने बताया कि ईरान और इजरायल के बीच जिस तरह से हालात चल रहे हैं, उससे लोगों को लग रहा है कि गैस की किल्लत बढ़ सकती है। इसलिए जो लोग मार्केट में आ रहे हैं, वे सिर्फ इलेक्ट्रिक इंडक्शन खरीदने ही पहुंच रहे हैं। पूरे मार्केट में लगभग हर दुकान पर यही स्थिति रही। मेरी दुकान पर भी दिनभर इंडक्शन पूछने वाले लोग आए, जबकि मेरा काम इलेक्ट्रिक वायर का है। लेकिन अगर इसी तरह के हालात रहे तो मैं भी कंपनी से इंडक्शन मंगाकर बेचना शुरू कर दूंगा। हालांकि मार्केट में इंडक्शन की कोई कमी नहीं है। कंपनियों की तरफ से सप्लाई में किसी तरह की कमी की बात सामने नहीं आई है। बाजार में पर्याप्त माल मौजूद है, लेकिन इसके बावजूद इंडक्शन के खरीदार लगातार पहुंच रहे हैं। सबसे बड़े डिस्ट्रीब्यूटर की दुकान पर उमड़ी भीड़शहर के मनिराम बगिया में सबसे बड़े डिस्ट्रीब्यूटर मंघाराम की दुकान पर पूरे दिन से लेकर रात तक इंडक्शन खरीदने वालों की भीड़ लगी रही। हालात ऐसे हो गए कि हैवेल्स कंपनी के इलेक्ट्रिक इंडक्शन खत्म हो गए। इसके बाद अन्य कंपनियों के इंडक्शन बिकने शुरू हुए। लोग किसी भी हालत में गैस की कमी को पूरा करने और विकल्प के रूप में अपने लिए इंडक्शन खरीदकर ले जाना चाह रहे थे। दुकानदार बंटी ने बताया कि कंपनी की तरफ से माल पूरा मिल रहा है। किसी भी तरह से इंडक्शन की कीमत भी नहीं बढ़ाई गई है। जो भी माल के ऑर्डर दिए गए हैं, उन्हें कंपनी भेज रही है। अचानक भीड़ बढ़ने की वजह गैस की किल्लत है। इंडेक्शन की कीमत जानिए ग्राहकों बोलेअमन गुप्ता ने बताया कि जिस तरह से गैस को लेकर हालात बन रहे हैं, उसे देखते हुए वह इंडक्शन लेने आए हैं। इससे कम से कम गैस की कमी को पूरा किया जा सकेगा। वी.एस. त्रिपाठी ने कहा कि आज हालात कुछ-कुछ नोटबंदी जैसे लग रहे हैं। लोग लाइन में हैं और उन्हें लग रहा है कि गैस मिलेगी या नहीं। इसी डर की वजह से लोग विकल्प के तौर पर इंडक्शन खरीद रहे हैं। अगर सरकार कोई रास्ता निकालती है तो लोगों को राहत मिल सकती है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:51 am

मऊ में पीएम सूर्य घर योजना का 72% लक्ष्य पूरा:1853 घरों पर सौर पैनल लगे, 5819 किलोवॉट बिजली उत्पादन; 1 करोड़ घरों के लिए मुफ्त बिजली योजना

भारत सरकार ने 15 फरवरी 2024 को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (PM-Surya Ghar) शुरू की। इसका उद्देश्य 1 करोड़ घरों के छत पर सौर ऊर्जा पैनल (Rooftop Solar) लगवाकर 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्रदान करना और इसके लिए सब्सिडी देना है। पीओ नेडा अरविंद कुमार पांडे के अनुसार, योजना के तहत 1 किलोवाट से 10 किलोवाट तक के घरेलू कनेक्शन धारक सौर पैनल ले सकते हैं। सब्सिडी इस प्रकार है: जिले को योजना में 2600 घरों का लक्ष्य मिला है। अब तक 1853 घरों में सौर पैनल लग चुके हैं, यानी 72% लक्ष्य पूरा हो चुका है। इन पैनलों से 5819 किलोवॉट बिजली का उत्पादन हो रहा है। यदि 58 मेगावॉट बिजली उत्पादन के लिए जमीन लगती, तो लगभग 290 एकड़ की आवश्यकता होती। लेकिन घर के छतों पर सौर पैनल लगने से जमीन की बचत हुई है। मऊ जिले में इस योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार ने कुल 16.5 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी है। आवेदन कैसे करें जो लोग भी योजना का लाभ लेना चाहते हैं, वे पीएम सूर्य घर पोर्टल या पीएम सूर्य घर मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और अपने घर की छत पर सौर पैनल लगवा सकते हैं।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:51 am

बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या की:खेत में मिली लाश, रिश्ते में लगते थे मामा-भांजी, शादी करना चाहते थे;परिवार से विवाद के बाद दी जान

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार को दोनों की लाश खेत में मिली। शादी नहीं होने से नाराज कपल ने जान दे दी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मामला छोटेबेठिया थाना क्षेत्र का है। मृतकों की पहचान लक्ष्मीपुर के रहने वाले राकेश अचला (26) और जबेली की रहने वाली कुमारी जगवती बडडे (20) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों रिश्ते में मामा-भांजी लगते थे। इसी वजह से उनका शादी करना संभव नहीं हो पा रहा था। देखिए पहले ये तस्वीरें- जानिए क्या है पूरा मामला ? दरअसल राकेश और जबेली एक-दूसरे को पसंद करते थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। 11 मार्च की रात दोनों टेकामेटा के रहने वाले नाथू दुगा के खेत पहुंचे, जहां उन्होंने कीटनाशक पी लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। महुआ बीनने गए ग्रामीणों ने देखी लाश 12 मार्च की सुबह ग्रामीण महुआ बीनने के लिए खेतों की ओर गए। इस दौरान उन्होंने कपल की लाश देखी, उनके मुंह से झाग निकल रहा था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना जाबेली सरपंच कैसियो खलको को दी। सरपंच ने छोटेबेठिया थाना पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी। पीएम के बाद परिजनों को सौंपा शव इधर, घटनास्थल पर पुलिस टीम ने दोनों शवों का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन इस रिश्ते के लिए राजी नहीं थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस बोली- मजदूरी करते थे दोनों इस मामले में थाना प्रभारी रमन उसेंडी ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। युवक-युवती परिजनों के साथ रहते हुए मजदूरी करते थे। युवक अक्सर युवती के गांव आया करता था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच पड़ताल की जा रही है। …………………………… इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… पेड़ से लटकी में मिली गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड की लाश: कोंडागांव में दोनों बिना बताए घर से निकले, साड़ी का फंदा बनाया, फांसी लगाकर दी जान छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया है। दोनों की लाश एक ही पेड़ पर एक ही फंदे से लटकी हुई मिली। जानकारी के मुताबिक दोनों सोमवार को घर में बिना कुछ बताए कही चले गए थे। परिजन दोनों की तलाश में जुटे हुए थे। पढ़ें पूरी खबर…

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:50 am

फरीदाबाद में एडिशनल SHO घूस लेते अरेस्ट:एक्सीडेंट केस रफा-दफा करने को लिए 40 हजार रुपए; छांसया थाने में थी ड्यूटी

फरीदाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार रात छांयसा थाने के एडिशनल एसएचओ एसआई प्रदीप को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस अधिकारी पर सड़क हादसे के एक मामले में कार्रवाई से राहत देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, गांव छांयसा निवासी संजय के चचेरे भाई की वैन से 13 फरवरी को एक सड़क हादसा हुआ था। इस हादसे में बाइक सवार रोहित और उसका मामा घायल हो गए थे। घायल पक्ष ने वैन चालक के खिलाफ छांयसा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसकी जांच एसआई प्रदीप कर रहे थे। समझौते के बाद मांगी 40 हजार रुपए की रिश्वत दोनों पक्ष एक ही गांव के रहने वाले थे, इसलिए बाद में उनके बीच आपसी समझौता हो गया। समझौते की जानकारी जांच अधिकारी एसआई प्रदीप को भी दे दी गई थी। आरोप है कि समझौते के आधार पर मुकदमा रद्द करने और कार्रवाई से राहत देने के लिए एसआई प्रदीप ने संजय के चचेरे भाई से 40 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। एसीबी ने बिछाया जाल, मौके पर हुई गिरफ्तारी पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत की जांच के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाया। गुरुवार रात जैसे ही एसआई प्रदीप ने शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपए लिए, एसीबी की टीम ने मौके पर ही उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी से पूछताछ जारी, पुराने मामलों की भी जांच गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम आरोपी पुलिसकर्मी को अपने साथ ले गई और उससे पूछताछ शुरू कर दी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या उसने पहले भी किसी से रिश्वत ली थी। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:49 am

झालावाड़ में राजीविका समूहों को 3.06 करोड़ का लोन बांटा:कलेक्टर ने 80 प्रतिभाओं को टेबलेट देकर किया सम्मानित

झालावाड़ में आयोजित रोजगार एवं स्वरोजगार मेले में राजीविका स्वयं सहायता समूहों को 3 करोड़ 6 लाख रुपए का ऋण वितरित किया गया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली 80 टेबलेट दीदी कैडर को टेबलेट देकर सम्मानित भी किया गया। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने मेले में महिला समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और उनके उत्पादों की सराहना की। कलेक्टर ने राजीविका समूहों की महिलाओं की रचनात्मकता, हुनर और प्रबंधन क्षमता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच महिलाओं को अपनी प्रतिभा और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने मेले में उपस्थित महिला समूहों और ग्रामीणों से व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। मेले में राजस्थान ग्रामीण बैंक और पंजाब नेशनल बैंक ने स्वयं सहायता समूहों को कुल 3 करोड़ 6 लाख रुपए की ऋण राशि वितरित की। यह राशि समूहों को स्वरोजगार गतिविधियों का विस्तार करने में सहायता करेगी। इसके अलावा जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 80 राजीविका कैडर को टेबलेट प्रदान किए गए। ये टेबलेट दीदी डिजिटल माध्यम से समूहों के कार्यों को सशक्त बनाने में सहयोग करेंगी। लक्की ड्रा में 5 को मिले इनामजिला परियोजना प्रबंधक बलवीर सिंह गुर्जर ने बताया कि राजीविका स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी से मेले में उनके उत्पादों की प्रदर्शनी और स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन स्टॉलों पर प्रतिदिन अच्छी बिक्री हो रही है, जिससे महिलाओं को आर्थिक लाभ मिल रहा है। राजस्थान ग्रामीण बैंक ने एक लक्की ड्रा का भी आयोजन किया, जिसमें 5 भाग्यशाली विजेताओं को कलेक्टर राठौड़ ने पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर राजस्थान ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक शैंकी अरोरा, चीफ मैनेजर डी. अमित शर्मा और पंजाब नेशनल बैंक आरसेटी के चंद्रशेखर सुमन भी उपस्थित थे।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:49 am

हरदोई में टीचर पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप:अच्छे नंबरों का लालच देकर धमकाया, फोटो वायरल करने की धमकी; मुकदमा दर्ज

हरदोई में एक शिक्षक पर 12वीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज के शिक्षक के खिलाफ छात्रा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा ने आरोप लगाया है कि शिक्षक मंजेश उसे बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक दिलाने का लालच देता था। इसी बहाने उसने कई बार छात्रा के साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ की। जब छात्रा ने विरोध किया, तो शिक्षक ने उसे धमकाया। छात्रा के अनुसार, शिक्षक ने उसके साथ कई तस्वीरें लीं और उन्हें यूट्यूब सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर बदनाम करने की धमकी दी। शिकायत में बताया गया है कि शिक्षक छात्रा को शारीरिक और मानसिक रूप से लगातार परेशान कर रहा था। 11 मार्च की शाम आरोपी शिक्षक छात्रा के घर पहुंचा। वहां उसने गाली-गलौज की और छात्रा को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद छात्रा ने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। बेनीगंज के कोतवाल मार्कण्डेय सिंह ने पुष्टि की कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच जारी है। स्कूल के प्रधानाचार्य अमित कुमार ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह पुष्टि की कि आरोपी शिक्षक 14 फरवरी से बिना किसी पूर्व सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:49 am

मोबाइल से बुकिंग नहीं होने पर एजेंसी पहुंच रहे उपभोक्ता:सिलेंडर को लेकर सीएम हेल्पलाइन में एक दिन में 86 शिकायतें, अधिकारी बोले- पर्याप्त स्टॉक

सतना शहर में इन दिनों एलपीजी सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। डोर-टू-डोर सप्लाई के बावजूद गैस एजेंसियों पर लोगों की भीड़ लग रही है। मोबाइल नंबर से बुकिंग नहीं हो पाने के कारण कई उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर सीधे एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। वाणिज्यिक (कमर्शियल) सिलेंडरों की सप्लाई बंद होने से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी परेशानी हो रही है। ऐसे में एजेंसी संचालकों को उपभोक्ताओं को लाइन में लगाकर घरेलू गैस सिलेंडर देना पड़ रहा है। जिले में 4.10 लाख गैस उपभोक्ता सतना जिले में आईओसी, बीपीसीएल और एचपीसीएल कंपनियों के करीब 4 लाख 10 हजार एलपीजी उपभोक्ता हैं। मांग के अनुसार रोजाना करीब साढ़े 6 हजार घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई की जा रही है। सीएम हेल्पलाइन में एक दिन में 86 शिकायतें घरेलू गैस सिलेंडर न मिलने और बुकिंग में समस्या को लेकर गुरुवार को एक ही दिन में सीएम हेल्पलाइन पर 86 शिकायतें दर्ज की गईं। इसके अलावा नए गैस कनेक्शन से जुड़ी 8 शिकायतें भी सामने आई हैं। जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी सम्यक जैन ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतों का गंभीरता से निराकरण किया जा रहा है। गैस एजेंसियों द्वारा होने वाली सिलेंडरों की सप्लाई पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि कंपनियों से फिलहाल मांग के अनुसार सिलेंडर मिल रहे हैं। मुख्य सचिव ने की सप्लाई की समीक्षा घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर मुख्य सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, एडीएम विकास सिंह, जिला खाद्य अधिकारी सम्यक जैन और गैस कंपनियों के अधिकारी शामिल हुए। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि अगर ऑनलाइन बुकिंग में समस्या आ रही है तो कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) और अन्य प्लेटफॉर्म से भी गैस बुकिंग की सुविधा शुरू की जाए। प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने एलपीजी सिलेंडर को लेकर एडवाइजरी जारी की है। इसके अनुसार सिलेंडर की सप्लाई मिलने के 25 दिन बाद ही नए रिफिल की बुकिंग की जा सकेगी और बुकिंग के 3 से 4 दिन के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी दी जाएगी। प्रशासन ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को जरूरत पड़ने पर इलेक्ट्रिक इंडेक्शन, डीजल भट्टी या इलेक्ट्रिक भट्टी का उपयोग करने की सलाह दी है। वहीं अस्पताल और हॉस्टल को कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई जारी रखने की बात कही गई है। सिलेंडर की कमी नहीं, स्टॉक न करने की अपील जिला खाद्य अधिकारी सम्यक जैन ने कहा कि जिले में एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त सप्लाई उपलब्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से जरूरत के मुताबिक ही बुकिंग कराने और सिलेंडर का अनावश्यक स्टॉक न करने की अपील की है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:49 am

आजमगढ़ में 5 करोड़ की लागत से बनेगा पार्क:चंद्रमा ऋषि आश्रम पर बनाया जाएगा महर्षि वाल्मीकि इको पार्क, पर्यटकों को मिलेंगी सुविधा

आजमगढ़ जिले में स्थित पौराणिक एवं धार्मिक महत्व के चन्द्रमा ऋषि आश्रम, सिलनी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस स्थल पर “महर्षि वाल्मीकि ईको पार्क” के निर्माण हेतु उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा ईको टूरिज्म परियोजना के अंतर्गत कुल 5 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया है। इस परियोजना का डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) शासन द्वारा नामित आर्किटेक्ट एवीएफ क्रिएटिव कंसल्टेन्सी लिमिटेड द्वारा तैयार किया गया है। परियोजना का अप्रेजल 12 मार्च 2026 को शासन स्तर पर संपन्न हुआ। इको टूरिज्म स्थल के रूप में किया जाएगा विकसित प्रस्तावित महर्षि वाल्मीकि ईको पार्क के अंतर्गत चन्द्रमा ऋषि आश्रम परिसर में पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा तथा प्राकृतिक सौंदर्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न आकर्षक एवं उपयोगी संरचनाओं का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना के तहत गजीबो, व्यूइंग डेक, ईको कॉटेज, कैफेटेरिया, पर्यटन सूचना केंद्र, भव्य प्रवेश द्वार, चन्द्रमा ऋषि एवं महर्षि वाल्मीकि के जीवन वृत्त पर आधारित म्यूरल्स वाल, सोलर लाइट, मेडिटेशन एवं योगा सेंटर, आरती स्थल, बच्चों के लिए प्ले एरिया तथा आकर्षक पाथवे सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इस परियोजना के क्रियान्वयन से चन्द्रमा ऋषि आश्रम क्षेत्र को एक प्रमुख आध्यात्मिक और ईको-टूरिज्म स्थल के रूप में विकसित किया जा सकेगा। साथ ही यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। डीएम द्वारा अपेक्षा व्यक्त की गई है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के क्रियान्वयन से जनपद आजमगढ़ के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलेगी और क्षेत्र में पर्यटन विकास को नई गति प्राप्त होगी।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:49 am

संभल में एलपीजी और कॉमर्शियल सिलेंडर की किल्लत:कांग्रेस ने जताया गहरा आक्रोश; प्रशासन से फील्ड में जांच की मांग

संभल जिले में एलपीजी और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। कांग्रेस ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस की आपूर्ति तुरंत सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता और व्यापारियों को परेशानी न हो। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने कहा कि भाजपा सरकार और जिला प्रशासन द्वारा गैस का पर्याप्त स्टॉक होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। जिलेभर में आम लोग सिलेंडर के लिए परेशान हैं और कई जगह लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई हैं। एजेंसियों की सुस्ती से उपभोक्ताओं को दिक्कत जियाउर्रहमान ने बताया कि कई गैस एजेंसियों के संचालक अपने फोन बंद किए हुए हैं या उपभोक्ताओं के कॉल नहीं उठा रहे हैं। इसके कारण घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे व्यापारियों, होटल और ढाबा संचालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार की नीति पर कांग्रेस का हमला जिलाध्यक्ष ने भाजपा और मोदी सरकार की विदेश नीति व दूरदर्शिता की कमी को इस स्थिति का कारण बताया। उनका कहना था कि केवल दावे करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर व्यवस्था सुधारना जरूरी है। प्रशासन से फील्ड जांच की मांग कांग्रेस ने जिला प्रशासन से अपील की है कि अधिकारी स्वयं फील्ड में निकलकर स्थिति का जायजा लें। गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली की जांच करें और सुनिश्चित करें कि जिले में गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से हो, ताकि आम जनता को तुरंत राहत मिल सके।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:49 am

संभल में 20 नए आलू कोल्ड स्टोरेज बिना लाइसेंस संचालित:जिला उद्यान अधिकारी ने चेताया कार्रवाई का खतरा, 2023 में चैंबर गिरने से 11 लोगों की मौत हुई थी

संभल जिले में 20 नए आलू कोल्ड स्टोरेज बिना लाइसेंस के संचालित हो रहे हैं। इन शीत गृहों में आलू का भंडारण शुरू कर दिया गया है, जबकि अभी तक इन्हें भंडारण का औपचारिक अनुमोदन नहीं मिला है। जिला उद्यान अधिकारी सौरभ बंसल ने इस मामले में कार्रवाई की चेतावनी दी है। जिला उद्यान अधिकारी के अनुसार, 11 कोल्ड स्टोरेज के कागजात अनुमोदन के लिए भेजे गए हैं, जबकि शेष के दस्तावेज मिलने पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बावजूद इसके कई नए कोल्ड स्टोरेज में अधिनियम के नियमों को दरकिनार करते हुए आलू भंडारण शुरू कर दिया गया है। संभल आलू उत्पादन में प्रमुख उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद के बाद संभल आलू की फसल के लिए दूसरा प्रमुख जनपद है। इस साल 20 नए कोल्ड स्टोरेज बनने से जिले में कुल शीत गृहों की संख्या 71 हो गई है। सरकार के निर्देशों की अनदेखी करते हुए कुछ कोल्ड स्टोरेज मालिकों ने बिना अनुमोदन के ही भंडारण शुरू कर दिया है। कानूनी कार्रवाई के प्रावधान अवैध रूप से आलू भंडारण करने वाले कोल्ड स्टोरेज पर 'शीत गृह अधिनियम' के तहत कार्रवाई की जा सकती है और प्राथमिकी दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा, यदि कोई कोल्ड स्टोरेज अपनी क्षमता से अधिक आलू रखता है (ओवरलोडिंग), तो 'उत्तर प्रदेश शीत गृह विनियमन अधिनियम' के तहत कार्रवाई की संभावना रहती है। लाइसेंस प्रक्रिया जटिल और कड़े दस्तावेज अनिवार्य कोल्ड स्टोरेज मालिकों को लाइसेंस प्राप्त करने के लिए कई आवश्यक दस्तावेज जमा करने होते हैं। इनमें लाइसेंस शुल्क का प्रमाण, भवन की मजबूती का प्रमाण पत्र और मशीनरी के फिटनेस प्रमाण पत्र शामिल हैं। लाइसेंस प्रक्रिया के लिए लगभग 8-10 प्रकार के दस्तावेजों की विस्तृत चेकलिस्ट का पालन करना अनिवार्य है। पिछले हादसे की याद यह स्थिति तब सामने आई है जब वर्ष 2023 में तहसील चंदौसी के एक आलू कोल्ड स्टोरेज के चैंबर गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद शीत गृहों के संचालन और सुरक्षा मानकों को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही थी। सवाल यह कि जिम्मेदार कौन? जनपद संभल में आलू का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है और यह अन्य राज्यों सहित उत्तर प्रदेश के 25 जिलों में जाता है। पिछले हादसे को कोई भूल नहीं पाया है, 48 घंटे तक रेस्क्यू चला और एनडीआरएफ की टीम ने भी भाग लिया। अब बिना लाइसेंस भंडारण शुरू होने के बाद यह चिंता बनी हुई है कि यदि कोई हादसा हुआ तो जिम्मेदार कौन होगा।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:48 am

धौलपुर में 2 बाइक में भिड़ंत, 7 लोग घायल:तूड़ी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करते समय हुआ हादसा

धौलपुर के सैंपऊ थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 2 बाइकों पर सवार 7 लोग घायल हो गए। इनमें से 4 की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल धौलपुर रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल में एम्बुलेंस उपलब्ध न होने के कारण घायलों को करीब आधे घंटे तक स्ट्रेचर पर इंतजार करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, यह घटना हाजीपुर के पास हुई। खादर निवासी विकेश (15), रामराज (15), सचिन (8) और रिंकू (22) एक बाइक से बाड़ी मार्ग से अपने गांव लौट रहे थे। तूड़ी से भरे एक ट्रैक्टर—ट्रॉली को ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। 4 गंभीर घायलों को किया ​रेफरदूसरी बाइक पर कन्ना का डांडा निवासी सुरजीत (20), नरेश (20) और राजाखेड़ा निवासी मनीष (20) सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी 7 लोग घायल हो गए।घटना के बाद सभी घायलों को सैंपऊ अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सा प्रभारी डॉ. मुकेशराम मीणा ने 4 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल धौलपुर रेफर कर दिया। आधे घंटे तक स्ट्रेचर पर इंतजार करते रहे घायलउपखंड मुख्यालय के इस सबसे बड़े अस्पताल में केवल एक ही 108 एम्बुलेंस उपलब्ध है। यह एम्बुलेंस दुर्घटना और रेफर मरीजों को लाने-ले जाने के लिए पर्याप्त नहीं मानी जाती है। हादसे के बाद जब घायल अस्पताल पहुंचे, तब 108 एम्बुलेंस दूसरे मरीज को छोड़ने जिला अस्पताल गई हुई थी। एम्बुलेंस के अभाव में रेफर किए गए मरीज करीब आधे घंटे तक स्ट्रेचर पर ही एम्बुलेंस का इंतजार करते रहे। अंततः अस्पताल में एंबुलेंस नहीं मिलने पर परिजनों को गांव से आई निजी गाड़ी से ही घायलों को जिला अस्पताल ले जाना पड़ा। कस्बे में शादी-विवाह (साहलग) के कारण अन्य कोई वाहन भी आसानी से उपलब्ध नहीं हो सका।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:46 am

हापुड़ में LPG सिलेंडर कालाबाजारी का खुलासा, एजेंसी सील:OTP भेजी, डिलीवरी नहीं; 1500-2000 में बेचे जा रहे थे

हापुड़ के ग्राम टियाला में रसोई गैस की कालाबाजारी का खुलासा हुआ है। प्रशासन ने टियाला स्थित महेंद्र भारत गैस एजेंसी को सील कर दिया है। आरोप है कि एजेंसी संचालक और डिलीवरी बॉय मिलकर सिलेंडर को 1500 से 2000 रुपये में ब्लैक में बेच रहे थे। भारत गैस एजेंसी सील पूर्ति विभाग को शिकायतें मिली थीं कि एजेंसी पर प्रतिदिन 360 सिलेंडरों की आपूर्ति होती है, लेकिन औसतन केवल 200 सिलेंडर ही वितरित किए जाते हैं। उपभोक्ता लगातार सिलेंडर न मिलने की शिकायत कर रहे थे। जांच के दौरान गोदाम में मात्र 28 सिलेंडर पाए गए, जबकि उसी सुबह एक बड़ी खेप पहुंची थी। फर्जी डिलीवरी ओटीपी से धोखाधड़ी गुरुवार सुबह जब उपभोक्ताओं की भीड़ जुटी, तो पुलिस और पूर्ति विभाग ने 360 सिलेंडरों से भरी एक गाड़ी को रोककर मौके पर ही वितरण शुरू करवाया। जांच में यह भी सामने आया कि 50 से अधिक उपभोक्ताओं को पिछले दो-तीन दिनों में सिलेंडर दिए जाने का रिकॉर्ड दिखाया गया था। उनके मोबाइल पर फर्जी डिलीवरी ओटीपी भेजे गए, लेकिन उन्हें वास्तव में सिलेंडर नहीं मिले थे। उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें न तो सिलेंडर मिला और न ही उनकी बुकिंग हो पा रही थी। एजेंसी का लाइसेंस रद्द एजेंसी मैनेजर से पूछताछ जारी है। प्रशासन ने एजेंसी का लाइसेंस रद्द करने के लिए भारत गैस कंपनी को एक ई-मेल भेजा है। कंपनी की एक जांच टीम शुक्रवार को हापुड़ पहुंचकर सभी गैस एजेंसियों का निरीक्षण करेगी। इससे पहले बुधवार रात असौड़ा में 40 सिलेंडर छिपाकर रखे हुए पकड़े गए थे। जिलाधिकारी की मंजूरी के बाद इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज की जा रही है। प्रशासन ने जिले में कालाबाजारी रोकने के लिए अपनी चौकसी बढ़ा दी है। 360 सिलेंडरों में मिली गड़बड़ी जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा बालियान ने बताया, गैस सिलेंडर के वितरण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। एजेंसी द्वारा फर्जी डिलीवरी ओटीपी जेनरेट करके सिलेंडर की आपूर्ति दिखा दी गई। प्रारंभिक जांच में 360 सिलेंडरों की एक गाड़ी में गड़बड़ी पाई गई है। एजेंसी को सील कर दिया गया है और रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:45 am

रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर सपा का प्रदर्शन:अमेठी में नेता ने चूल्हे पर खाना बनाकर जताया विरोध

अमेठी में समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता जयसिंह प्रताप यादव ने रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और किल्लत के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने अमेठी तहसील क्षेत्र के बासूपटी गांव में ग्रामीणों के बीच चूल्हे पर लकड़ी और कंडे से भोजन बनाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस अनोखे प्रदर्शन के माध्यम से सपा नेता ने सरकार पर निशाना साधा। जयसिंह प्रताप यादव ने कहा कि भाजपा के 'अच्छे दिनों' में सिलेंडर गायब हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रसोई गैस की बढ़ती कीमतें और उपलब्धता में कमी आम जनता के लिए बड़ी समस्या बन गई है। यादव ने डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) नंबर की अनिवार्यता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घंटों लाइन में लगने के बाद उपभोक्ताओं को बताया जा रहा है कि डीएसी नंबर के बिना सिलेंडर नहीं मिलेगा। यदि गैस कंपनियों का सर्वर डाउन है, तो जनता क्या करे, यह सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने पुरानी पासबुक दिखाने के बहाने सिलेंडर न देने को अमानवीय बताया। यादव ने आरोप लगाया कि कालाबाजारी करने वाले लोग मजबूरी का फायदा उठाकर ब्लैक मार्केट में कई गुना अधिक दाम वसूल रहे हैं। सपा नेता ने कहा कि जनता पहले ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए भटकी थी और अब खाने की गैस के सिलेंडर के लिए भटक रही है। उन्होंने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि जनता अब महंगाई से राहत चाहती है और पूर्ववर्ती समाजवादी सरकार को याद कर रही है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:44 am

नोएडा में 1.74 करोड़ की जीएसटी चोरी करने वाले गिरफ्तार:फर्जी इनवाइस बनाकर करते थे आईटीसी क्लेम, दस्तावेज बनाने में था माहिर

CRT व थाना सेक्टर-58 नोएडा पुलिस ने फर्जी फर्म बनाकर 01 करोड़ 74 लाख 11 हजार 987 रुपये की जीएसटी चोरी करने वाले गिरोह का 01 वांछित ठग को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, एक टेबलेट व दो फर्जी आधार कार्ड बरामद किए गए है। इसका नाम रोहन गुप्ता है। ज्वाइंट टीम ने इसे छोटा डी पार्क सेक्टर-62 से पकड़ा है। बनाई फर्जी फर्म 29 जुलाई 2024 को केएस इंटर प्राइसेज के द्वारा GST PORTAL पर ऑनलाइन जीएसटी नंबर प्राप्त कर रोहन ने अपने साथियों के साथ मिलकर विभिन्न फर्मा आलम इंटरप्राइजेज, केएस इंटरप्राइजेज, सीपी ट्रेडर्स व ट्रेडियोग्राफी के नाम से फर्जी फर्म तैयार की। 2024-25 में बिना किसी वास्तविक खरीद फरोख्त के 1 करोड़ 74 लाख 11 हजार 987 रुपये का बोगस आईजीएसटी क्लेम किया गया। फर्जी दस्तावेजों से बनाई इनवाइसबोगस इन वर्ड सप्लाई करते हुए अन्य फर्म को आउट वर्ड सप्लाई की गई। बोगस आईजीएसटी की आईटीसी अपनी आपूर्ति फर्म सीपी ट्रेड को सप्लाई की गई और फर्म केएस इंटर प्राइसेज के द्वारा बोगस अस्तित्वहीन फर्म ट्रेडियोग्राफी से बिना वास्तविक आपूर्ति प्राप्त किए केवल फर्जी प्रपत्रो का आदान-प्रदान करते हुए इनवाइस सप्लाई घोषित की ई। बोगस इनवर्ड सप्लाई के सापेक्ष बोगस आईटीसी क्लेम किया गया। फर्जी फर्मो में दिखाई खरीदफरोख्तपीड़ित ने (राज्यकर अधिकारी खंड-9 नोएडा) थाना सेक्टर-58 में 25 अक्टूबर 2025 को मुकदमा दर्ज कराया। जिसकी गहन विवेचना व उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बोगस फर्म केएस इंटरप्राइजेज द्वारा अन्य क्रमशः फर्म आलम इंटरप्राइजेज से खरीद दिखाकर, फर्म सीपी ट्रेडर्स को बिक्री दिखाकर, फर्म सीपी ट्रेडर्स द्वारा फर्म ट्रेडियोग्राफी को बिक्री दिखाकर, फर्म ट्रेडियोग्राफी द्वारा जीएसटी क्लेम कर इंपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) प्राप्त करते थे।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:44 am

नूंह के SDM कार्यालय में ACB की रेड:6 हजार रुपए लेते क्लर्क रंगे हाथ काबू; गाड़ी की RC ट्रासंफर के लिए मांगी रिश्वत

हरियाणा के नूंह जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बृहस्पतिवार को एक सरकारी क्लर्क को 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई नूंह स्थित एसडीएम कार्यालय में की गई। क्लर्क को आज शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। गिरफ्तार क्लर्क की पहचान नूंह एसडीएम कार्यालय की ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण शाखा में कार्यरत अशोक कुमार के रूप में हुई है। उस पर एक व्यक्ति से वाहन की आरसी ट्रांसफर करने के लिए 6 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। पीड़ित ने इस संबंध में एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत दर्ज कराई थी। एसीबी ने बिछाया जाल, मौके पर हुई गिरफ्तारी शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। बृहस्पतिवार को एसीबी ने जाल बिछाकर शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ एसडीएम कार्यालय भेजा। जैसे ही क्लर्क ने शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपए लिए, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ जारी, अन्य कर्मचारियों की भूमिका की जांच गिरफ्तारी के बाद आरोपी क्लर्क से पूछताछ शुरू कर दी गई है। एसीबी यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में किसी अन्य कर्मचारी की संलिप्तता तो नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सरकारी दफ्तरों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल जिले में रिश्वतखोरी के लगातार सामने आ रहे मामलों से सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे-छोटे कामों के लिए भी सरकारी दफ्तरों में रिश्वत मांगना आम बात हो गई है। भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा एसीबी अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी सरकारी कर्मचारी को रिश्वत लेते या मांगते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:42 am

लखनऊ में मार्च में पड़ रही सामान्य से अधिक गर्मी:दिन में 35 डिग्री से सेल्सियस ऊपर पहुंचा पारा, 15 मार्च के बाद मिलेगी राहत

लखनऊ में शाम और सुबह हल्की ठंडी हवा का असर रह रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ चटक धूप हो रही है। इसके चलते मौसम गर्म हो जा रहा है। इससे तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास दर्ज किया जाएगा। मार्च में अभी तक अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहा है। गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री रहा। यह सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक रहा। अधिकतम आर्द्रता 80 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 27 फीसदी रहा। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल 2 दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 15 मार्च से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ में बारिश की संभावना बनी हुई है। बारिश से लगातार पड़ रही तेज गर्मी से राहत मिलेगी। मार्च के अंत तक पड़ने लगेगी भीषण गर्मी मार्च के अंत तक भीषण गर्मी का दौर बढ़ेगा। उत्तर प्रदेश में आगामी ग्रीष्म ऋतु (मार्च-अप्रैल-मई) के दौरान गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री सेल्सियस अधिक और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री अधिक रहने की संभावना है। पिछली शीत ऋतु में पश्चिमी विक्षोभों की कम सक्रियता के कारण सामान्य से कम वर्षा हुई, जिससे तापमान पहले से ही ज्यादा रहा। अप्रैल मई में लू के दिनों की संख्या बढ़ेगी अब भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में जारी ला-निना की स्थिति कमजोर हो रही है और यह तटस्थ नीनो में बदलने वाली है। हिंद महासागरीय द्विध्रुव भी तटस्थ रहने की उम्मीद है। इन सबके संयुक्त प्रभाव से मार्च में ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रह सकता है और हीटवेव की संभावना कम है। लेकिन, अप्रैल-मई में पूर्वांचल और तराई इलाकों में लू के दिनों की संख्या बढ़ने का अलर्ट है। न्यूनतम तापमान भी पूरे सीजन में सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है, जिससे रातें भी गर्म रह सकती हैं।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:39 am

संभल में AQI 187, तापमान 17 से 38 डिग्री:अलविदा जुमे पर मौसम साफ, 15 मार्च से बारिश की संभावना

संभल में लगातार तीन दिन के कोहरे के बाद अलविदा जुमे पर मौसम साफ रहा। हालांकि, वातावरण में प्रदूषण का स्तर अधिक दर्ज किया गया, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 187 रहा। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 15 मार्च से बारिश होने की संभावना है, जिससे मार्च में मौसम एक बार फिर करवट लेगा। शुक्रवार सुबह 8 बजे संभल का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जो मार्च के लिए अब तक का सबसे अधिक तापमान होगा। सुबह-शाम चलने वाली सर्द हवाएं और दिन की तेज धूप के कारण बदलते मौसम का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। सरकारी और निजी अस्पतालों में खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. पवन कुमार ने बताया कि दिन में गर्मी और शाम को मौसम बदलने के कारण लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने बच्चों को बाहर की चीजों से दूर रखने और सभी को हल्के गुनगुने पानी का उपयोग करने की सलाह दी। सुबह खेत में काम करने वाले किसानों और दोपहिया वाहन चालकों को अभी भी सर्द हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। चंदौसी जंक्शन से लखनऊ जाने वाली पांच ट्रेनें और बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर अपने निर्धारित समय पर चल रही हैं। मौसम सामान्य होने के साथ ही रोडवेज बसों में भी दिन के अलावा सुबह-शाम यात्रियों की संख्या बढ़ी है। स्थानीय निवासी नरेश चंद्र ने बताया कि दिन में अधिक गर्मी हो रही है, जो आमतौर पर अप्रैल के मध्य में होती थी। सभासद मौ. रेहान ने कहा कि अलविदा जुमे पर सुबह से मौसम सामान्य है और दिन में तेज धूप के बाद गर्मी बढ़ेगी।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:39 am

मंदसौर में पर्याप्त एलपीजी स्टॉक उपलब्ध:प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील की, बोले- कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई

मंदसौर जिले में एलपीजी गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने गुरुवार रात स्पष्ट किया है कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट या गैस का भंडारण करने से बचें। जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिले में घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है और वितरण व्यवस्था पर जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई जिला आपूर्ति अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई गैस सप्लायर या विक्रेता एलपीजी गैस की कालाबाजारी करता हुआ पाया जाता है या इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे कालाबाजारी या किसी प्रकार की अनियमितता की जानकारी जिला प्रशासन को दें। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन, ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन में होगी बुकिंग प्रशासन के अनुसार शहरी क्षेत्रों में एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग 25 दिनों में तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों में उपलब्ध होगी। इसलिए उपभोक्ताओं को घबराने या अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण करने की आवश्यकता नहीं है। होटल-रेस्टोरेंट संचालकों से की अपील जिला प्रशासन ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से भी अपील की है कि वे घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का उपयोग न करें और इसके स्थान पर वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी न आए।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:39 am

सीतापुर में दो सड़क हादसों में 5 लोग घायल:2 की हालत गंभीर, दो बाइकों की भिड़ंत; डीसीएम चालक फरार

सीतापुर में गुरुवार देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच में जुटी हुई है। पहली घटना कमलापुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर मुजफ्फरपुर पुल के पास हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सड़क से उठाकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उनकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरी घटना खैराबाद थाना क्षेत्र में सीएमओ कार्यालय के पास नेशनल हाईवे पर हुई। यहां आलू लादकर ऑटो रिक्शा से जा रहे दो लोगों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डीसीएम वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो सड़क पर पलट गया। उसमें सवार दोनों लोग घायल हो गए। हादसे में ऑटो चालक विमलेश समेत दो लोग चोटिल हो गए। घटना के बाद डीसीएम चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में जांच की जा रही है और फरार डीसीएम चालक की तलाश भी की जा रही है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:38 am

'मेरा भी सच सुना जाए, एकतरफा फैसला ना ले':पत्नी ने वीडियो जारी कर आरोपों को बताया गलत; पति ने बताया था मौत का जिम्मेदार

रतलाम में दो दिन पूर्व सुसाइड करने के पहले वीडियो बनाकर पत्नी पर आरोप लगाने वाले युवक की पत्नी का वीडियो सामने आया है। जहां पत्नी ने पति द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत बताया है और कहा कि- पति आए दिन मारपीट कर विवाद करते थे। मेरी प्रशासन से यह अपील है कि आसपास वाले लोगों से पूछे कि वह इंसान कैसा था। बीवी कैसी थी। उसके बाद ही कोई निर्णय ले। बता दें कि रतलाम के स्टेशन रोड थाना अंतर्गत ऊंकाला रोड निवासी मोइनुद्दीन काजी (35) ने मंगलवार को अपने घर में सल्फास की गोलियां खाली ली थी। रात में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बुधवार को मृतक का मौत के पहले का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। जिसमें मौत का जिम्मेदार पत्नी व ससुराल पक्ष के लोगों को बताया। पत्नी के खिलाफ युवक ने वीडियो एक बंद कमरे में बनाया है। उसके हाथ में सल्फास की गोली की डिब्बी दिखाई दे रही है। डिब्बी दिखाते हुए वह पत्नी का नाम लेते हुए कह रहा है कि तूने आज स्टेटस लगाया कि मैं तेरे लिए सिरदर्द बन गया हूं। ठीक है, कोई बात नहीं है। यह देख सल्फास है, जो मैं खाने वाला हूं। यह जहर है, जहर। पता कर लेना, यह सल्फास की गोलियां हैं। वीडियो में उसने यह भी कहा कि यह कदम मुझे मजबूरन उठाना पड़ रहा है, क्योंकि मैंने तुझे मनाने की बहुत कोशिश की। हमारे बीच छोटा-मोटा झगड़ा या अनबन हुई हो तो दोनों मिलकर सुलझा सकते थे, लेकिन तूने हर बार वहीं गलती की। तूने अपने घर वालों को, मां-बाप और भाई को बुलाया। वे आए, मेरी नहीं सुनी और तुझे लेकर चले गए। मैंने कॉल किया तो मुझे डराया-धमकाया। दो दिन बाद पत्नी का वीडियो सामने आया युवक द्वारा वीडियो में अपनी पत्नी पर लगाए गए आरोपों के बाद गुरुवार को पत्नी का भी वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। पत्नी ने पति द्वारा लगाए गए आरोपों का गलत बताया। पत्नी ने वीडियो में कहा- कि चार दिन पूर्व मेरे साथ पति ने बहुत मारपीट की। तब मेरा भाई व पिता आकर मुझे लेकर गए। पत्नी ने पति के सभी आरोपों का जवाब भी वीडियो में दिया है। यहां तक उसने आखरी बार पति का मुहं तक नहीं देखने देने का आरोप भी ससुराल पक्ष पर लगाया। पत्नी ने यह भी कहा कि केवल एक तरफ का सुन कर मुझे गुनहगार साबित ना करे। चार दिन पहले लड़ाई की पत्नी ने पति का नाम लेते हुए वीडियो में कहा कि- मोईन काजी के जो भी वीडियो वायरल हो रहे है। उसमें मुझे सरासर गलत साबित किया है कि मैं उनके बच्चों से बात नहीं करा रही थी। उन्होंने मुझसे चार दिन पहले लड़ाई की। हम दोनों के बीच झगड़ा बहुत ज्यादा हो गया। इस दौरान उन्होंने मारपीट की। मेरे बेटे ने मेरे भाई को फोन लगाया। कहा कि मामू अम्मी को लेने आ जाओ, पापा बहुत मार रहे है। तब मेरे भाई व पापा लेने आ गए। वहां उन्हें कुछ नहीं बोला। उन्होंने केवल यह कहा कि हर रमजान में लड़ाई लड़ते हो। पिछली बार भी रजमान मे लड़ाई की थी। इस बार भी ऐसा किया। मैं इसके बाद घर (मायके) चली गई। इनके खिलाफ ना कि मैनें कोई रिपोर्ट लिखाई। बच्चों से भी कराई बात वीडियों में महिला ने यह भी कहा कि तीन चार दिन मुझे परेशान किया। मैनें मेरे बच्चों फातिमा व आसिम की भी बात कराई। मैनें यह भी कहा कि बच्चों को ले कर चले जाओ। मेरा एक बेटा है जिसको घर छोड़ कर आ गई। उसकी एग्जाम थी। इस बीच उन्होंने इतने फोन लगाए मैनें बच्चों से भी बात करा दी। बच्चों से बात कराने के बाद भी सल्फास खाने की वीडियो बनाई। आखरी वक्त मुहं देखने नहीं दिया पत्नी ने कहा कि पति द्वारा वीडियो बनाने के समय में पीयर (मायके) में थी। मेरे पास फोन आया तो मेडिकल कॉलेज पहुंची। मैं रोती बिलखती रही। लेकिन किसी ने घर चलने को नहीं बोला। आखरी वक्त में मुहं नहीं देखने दिया। कहां कि यहां आओगी तो मार देंगे, जला देंगे। आखरी समय में बच्चों को भी उनके बाप का नहीं देखने दिया। जुआ, सट्‌टा खेलते थे पत्नी ने वीडियो में अपने पति पर सट्‌टा, जुआ खेलने का भी आरोप लगाया। वीडियो में कहा कि उनके द्वारा मेरे परिवार को भी खसीटा गया जो कि पूरी तरह से गलत है। इनकी आदतें खुद की गलत थी। जुआ, सट्‌टा खेलते थे इनको मना किया। कमाते और हार जाते। ऊपर से लड़ाई करते। यह बात तो उनके घर वाले ओपन नहीं कर रहे है। विषय यह नहीं था कि औरत चली गई। मेरी तो कितनी बार लड़ाई हुई। कोई पहली बार लड़ाई नहीं हुई। लड़ाई की वजह से दो बार कोर्ट केस भी हुए। फिर भी मैं आ गई। कितनी बार रिपोर्ट भी की। लेकिन इस बार रिपोर्ट नहीं की। सोचा दिमांग ठंडा हो जाए फिर खुद आ जाएंगे। मेरा भी सच सुना जाए वीडियो में पत्नी ने कहा कि मेरी यह इच्छा है कि मेरा भी सच सुने। केवल एक तरफ का सुन कर मुझे गुनहगार साबित नहीं किया जाए। मेरे तीन बच्चे है। वीडियो में पास में बैठी एक बच्ची को दिखाते हुए महिला ने कहा कि यह सबसे छोटी है। एक बच्चा तो मेरे पर डिपेंड है। वह न बोल सकता है वह थोड़ा मेंटल है। ऐसे बच्चों को भी छोड़ कर सल्फास खाई। मैं क्या करु। वीडियो ऐसा बनाया है इतना बड़ा इश्यु नहीं हुआ था। वीडियो में जो बोल रहे मेरे पर कोई कर्जा नहीं था। इनके ऊपर कर्जा था। कर्जे के कारण यह कदम उठाया। कर्ज के कारण मेरी रकम गिरवी रख दी। आज भी सुनार के यहां गिरवी पड़ी है। मेरी प्रशासन से यह अपील है कि आसपास वाले लोगों से पूछे कि वह इंसान कैसा था। बीवी कैसी थी। उसके बाद ही कोई निर्णय ले। पुलिस ने की पूछताछ स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन ने बताया कि मृतक का मोबाइल जब्ती में लिया है। दो लोगों के बयान हुए है। महिला का भी वीडियो सामने आया है। दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पढ़े पूरी खबर- पत्नी का स्टेटस-'तू सिरदर्द बन गया', पति ने खाया जहर:VIDEO में बोला- तूने 13 साल परेशान किया, बाप को अपने बच्चों से दूर किया

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:38 am

युवक ने शराब पीकर सल्फॉस खाई, हालत गंभीर:मंदसौर में गेहूं बेचकर घर पर दिए रुपए, फिर खेत पहुंचकर आत्महत्या की कोशिश

मंदसौर जिले के सुवासरा थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन करने का मामला सामने आया है। शराब पीने के बाद युवक ने सल्फॉस की गोली खा ली, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। गेहूं बेचकर घर लौटा था युवक जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय दीवान सिंह चौहान, पिता राम सिंह चौहान, निवासी रूगनाथ (थाना सुवासरा) गुरुवार को अपने खेत का गेहूं बेचकर करीब 12 हजार रुपए लेकर घर आया था। घर पहुंचने के बाद उसने 10 हजार रुपए अपनी मां को दिए और कुछ देर बाद घर से निकल गया। खेत के पास जाकर किया जहर का सेवन बताया जा रहा है कि दीवान सिंह खेत के पास पहुंचा, जहां उसने पहले शराब पी और उसके बाद सल्फॉस की गोली खा ली। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय मंदसौर रेफर कर दिया गया। जिला चिकित्सालय के डॉक्टर बी.एस. कटारा के अनुसार मरीज रेफर होकर अस्पताल पहुंचा है। उसने पहले शराब पी और फिर सल्फॉस की गोली का सेवन किया है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर है और उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:37 am

सिद्धार्थनगर में आज महिला सुरक्षा पर जनसुनवाई:विकास भवन में 11 बजे से बैठक, उपाध्यक्ष चारु चौधरी करेंगी मामलों की समीक्षा

सिद्धार्थनगर में महिला सुरक्षा, अधिकारों की रक्षा और महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों के समाधान के लिए शुक्रवार, 13 मार्च को विकास भवन सभागार में विशेष जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इसमें राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी मौजूद रहकर महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की समीक्षा करेंगी। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल होंगे। इस दौरान महिला उत्पीड़न से जुड़े लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय और जरूरी सहायता मिल सके। पीड़ित महिलाएं सीधे रख सकेंगी शिकायत जनसुनवाई के दौरान जिले की पीड़ित महिलाएं सीधे राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के समक्ष अपनी शिकायतें प्रस्तुत कर सकेंगी। प्राप्त शिकायतों पर मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। अधिकारियों से अपेक्षा की जाएगी कि वे मामलों के निस्तारण में तेजी लाते हुए पीड़ित महिलाओं को राहत दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं। महिला सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता जिला प्रशासन का कहना है कि महिला सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर इस तरह की जनसुनवाई और समीक्षा बैठकों का आयोजन किया जाता है, ताकि महिलाओं से जुड़े मामलों का प्रभावी निस्तारण हो सके और उन्हें न्याय पाने के लिए भटकना न पड़े। महिलाओं से जनसुनवाई में पहुंचने की अपील प्रशासन ने जिले की महिलाओं से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या अधिकारों से जुड़ी शिकायत है तो वे शुक्रवार को सुबह 11 बजे विकास भवन सभागार पहुंचकर अपनी समस्या सीधे राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के समक्ष रख सकती हैं। इससे शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:36 am

कानपुर में 50 हजार स्टूडेंट की थाली से तवा-रोटी गायब:कोचिंग मंडी में 25% टिफिन के रेट बढ़े; अब बच्चे को मिल रही तंदूरी रोटी

‘स्टूडेंट तवा रोटी ज्यादा पसंद करते थे, लेकिन जब से गैस मिलना बंद हुई है, तब से हम छात्रों के लिए कोयले पर तंदूरी रोटी बनाने लगे हैं। जो बच्चा पहले 5 रोटी खाता था, अब 3 रोटी ही खाने लगा है।’ यह कहना है कानपुर की कोचिंग मंडी काकादेव में ओम भोजनालय चलाने वाले कौशलेन्द्र का। उन्होंने कहा- गैस ना मिलने से बच्चो के टिफिन में 25% रेट बढ़े हैं। इससे काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। यह हालत केवल एक भोजनालय, रेस्टोरेंट या ढाबे की नहीं है, बल्कि कोचिंग मंडी के करीब 50 से ज्यादा ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों की है। आखिर ये संचालक बिना गैस सिलेंडर के काम कैसे चला रहे हैं? इसका छात्रों के जीवन पर क्या असर पड़ रहा है? गैस सिलेंडर न मिलने के कारण मेन्यू और रेट में क्या बदलाव किए गए हैं? इन सभी सवालों के जवाब जानने के लिए दैनिक भास्कर ने कानपुर की सबसे बड़ी कोचिंग मंडी पहुंचकर ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों से बात की। देखिए 2 तस्वीरें… एक नजर काकादेव कोचिंग मंडी पर स्टूडेंट्स की थाली 10 रुपए महंगी हुईकाकादेव में कृष्णा भोजनालय के संचालक अभिषेक शुक्ला अपनी दुकान में खाली बैठे मिले। अभिषेक शुक्ला ने बताया- गैस सिलेंडर की बहुत किल्लत हो गई है। गैस एजेंसी वाले सिलेंडर देने से मना कर रहे हैं, जबकि बाहरी लोग 2500 रुपए तक में सिलेंडर दे रहे हैं। हम लोग पहले बच्चों को 2200 रुपए में 60 डाइट देते थे, जिसकी कीमत अब बढ़कर 2600 रुपए हो गई है। यानी छात्रों की एक थाली पर करीब 10 रुपए का इजाफा करना पड़ा है। 5 रोटी की जगह तीन रोटी खाने लगे बच्चेकाकादेव में ओम भोजनालय चलाने वाले कौशलेन्द्र ने बताया- बच्चे रात में पढ़ते है। इसलिए तवा रोटी ज्यादा पसंद करते है। क्योंकि बच्चों को पचाने में कोई परेशानी नहीं होती है। लेकिन मजबूरी है कोयले पर तंदूरी रोटी ही बन पाती है। इसलिए अधिकतर 5 पांच रोटी खाने वाले बच्चे 3 और 6 रोटी खाने वाले बच्चे 4 रोटी खाने लगे है। पहले हम 5 किलो कोयले में किचन का काम चला लेते थे, लेकिन अब 25 किलो कोयला लग रहा है। सिलेंडर न मिलने की वजह से कोयले का रेट भी 16 रुपए प्रति किलो से बढ़ाकर 18 रुपए प्रति किलो करना पड़ा है। हमारे यहां अधिकतर कोचिंग पढ़ने वाले छात्र ही खाना खाते हैं। लेकिन अब पूरा काम कोयले पर आ गया है। अगर कोयले के रेट और बढ़ गए, तो हमारे पास दुकान बंद करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचेगा। एलपीजी सिलेंडर की कमी का असर काकादेव की कोचिंग मंडी पर भी पड़ा है। 2600 रुपए में सिलेंडर मिल रहाकौशलेन्द्र के मुताबिक बाजार में सिलेंडर 2000 से 2600 रुपए तक में मिल रहा है। महंगा होने की वजह से उन्होंने सिलेंडर लेना बंद कर दिया है। गैस की जमाखोरी करने वाले दलाल ग्राहकों को उनकी जरूरत के हिसाब से 3000 से 3500 रुपए तक में सिलेंडर बेच रहे हैं। इसी कारण अब उन्होंने कोयले का सहारा लेना शुरू कर दिया है। यूपी के शहरों में सिलेंडर के रेट पहले 200 केक बिकते थे, अब काउंटर खालीवहीं काकादेव में बेकरी चलाने वाले शनि सूटर ने बताया- बाजार में सिलेंडर 2500 से लेकर 4500 रुपए तक में मिल रहा है। ऐसे में हम किसी तरह काम चला पा रहे हैं। पहले हमारी दुकान पर केक खरीदने के लिए हमेशा भीड़ रहती थी और रोज करीब 200 केक बिक जाते थे। लेकिन अब सिलेंडर न मिलने के कारण माल तैयार नहीं हो पा रहा है, क्योंकि केक का बेस गैस ओवन में बनता है। गैस न होने की वजह से हम अपने ग्राहकों को सामान नहीं दे पा रहे हैं। हमारी सरकार से मांग है कि गैस वितरण की प्रक्रिया पहले की तरह जल्द शुरू की जाए। इस समय बाजार में सिलेंडर 2500 से 4500 रुपए तक में मिल रहा है, जबकि एजेंसियों पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं। अब तीन पॉइन्ट में समझिए गैस क्राइसिस का असर कानपुर शहर के पास सरसौल में एजेंसी पर भीड़ लगने के बाद गैस वितरण के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। वहीं जेके मंदिर के पास नजीराबाद पुलिस ने ग्राहकों को एनाउंसमेंट के जरिए गैस वितरण करवाया है। मौके पर पुलिस के बड़े अधिकारी पहुंच गए। जिसके बाद ग्राहकों को समझा बुझा कर शांत कर पाए।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:34 am

सवाई माधोपुर शहर में लेपर्ड मूवमेंट से दहशत:लोगों ने 72 सीढी स्कूल में चहलकदमी करते देखा, वन विभाग ने पिंजरा लगाया

सवाई माधोपुर के पुराने शहर में पिछले कुछ समय से लेपर्ड का मूवमेंट बना हुआ है। जिससे यहां दहशत का माहौल है। बीती रात एक बार फिर शहर में लेपर्ड आने की सूचना से हड़कंप मच गया। इस दौरान लेपर्ड को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी ।सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और 72 सीढी स्कूल में एक बार फिर पिंजरा लगाया गया। 72 सीढ़ी स्कूल में नजर आया लेपर्ड, वन विभाग ने पिंजरा लगाया दरअसल, सवाई माधोपुर के पुराने शहर में पिछले तीन-चार महीनों से लगातार लेपर्ड पेरीफेरी वाले इलाकों में आ रहे हैं। जिससे यहां भय का माहौल बना हुआ है। बीती रात करीब 9:00 बजे कुछ लोगों ने 72 सिटी स्कूल परिसर में लेपर्ड को चहलकदमी करते हुए देखा। हालांकि लेपर्ड महज कुछ ही पलों में लोगों की आंखों से ओझल हो गया। इस दौरान लोग लेपर्ड को देखने के लिए 72 सीढी स्कूल परिसर में पहुंचे। जहां उन्हें लेपर्ड के पगमार्ग भी दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और यहां पर पिंजरा लगाया।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:34 am

असंतुलित जीवनशैली से बढ़ रहीं समस्याएं:विदिशा पंचकल्याणक महोत्सव में मुनि संभवसागर बोले-भौतिकता में उलझ रही युवा पीढ़ी

विदिशा में आयोजित पंचकल्याणक महोत्सव के दौरान मुनि संभवसागर ने वर्तमान युवा पीढ़ी को लेकर चिंता जताई। गुरुवार को उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी भौतिकता की चकाचौंध में अपने मूल संस्कारों से दूर होती जा रही है। समाज को मजबूत और संस्कारित बनाने के लिए गर्भ संस्कार, माता-पिता की जिम्मेदारी और शुद्ध जीवनशैली को समझना जरूरी है। गर्भावस्था में दिनचर्या और खान-पान पर दिया जोर मुनि संभवसागर गर्भ कल्याणक उत्तरार्ध कार्यक्रम की प्रातःकालीन धर्मसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज गर्भवती महिलाओं में कई तरह की समस्याएँ बढ़ रही हैं। इसका बड़ा कारण असंतुलित दिनचर्या और अशुद्ध खान-पान है। गर्भधारण के बाद माता को अपने आहार-विहार, विचार और मानसिक स्थिति की शुद्धता पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उत्तम संतान के लिए संयमित जीवन जरूरी मुनि संभवसागर ने उदाहरण देते हुए कहा कि किसान अच्छी फसल के लिए पहले खेत तैयार करता है, खरपतवार हटाता है और फिर अच्छा बीज बोता है, तभी अच्छी पैदावार होती है। इसी तरह अच्छी संतान के लिए माता-पिता को भी अपनी जीवनशैली को संयमित और संस्कारित बनाना होगा। उन्होंने कहा कि पहले की माताएँ गर्भावस्था में खान-पान और दिनचर्या का विशेष ध्यान रखती थीं, जिससे बच्चों में अच्छे संस्कार आते थे। लेकिन आज कई लोग मोबाइल और भौतिक आकर्षणों में उलझे रहते हैं, जिससे आने वाली पीढ़ी के संस्कार प्रभावित हो रहे हैं। बच्चों की मानसिक समस्याओं पर जताई चिंता मुनि संभवसागर ने कहा कि बच्चों में बढ़ रही मानसिक समस्याओं और विकलांगता के कई मामलों के पीछे माता-पिता की लापरवाही भी एक कारण है। उन्होंने कहा कि जीव को 84 लाख योनियों के बाद मनुष्य जन्म मिलता है, इसलिए इस जीवन को संस्कारित बनाना जरूरी है। मुनि संभवसागर ने कहा कि जैन आगमों का अध्ययन और उनके सही अर्थ को समझना जरूरी है। जब तक धर्मग्रंथों के सिद्धांतों को नहीं समझेंगे, तब तक आत्मकल्याण और समाज का उत्थान संभव नहीं है। धर्मसभा में मुनि निस्सीम सागर और मुनि संस्कार सागर भी मंचासीन रहे। पंचकल्याणक महोत्सव समिति के प्रवक्ता अविनाश जैन विद्यावाणी ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन गर्भ कल्याणक उत्तरार्ध के साथ भगवान आदिनाथ जयंती पर वैराग्यमयी नाटक का मंचन किया गया। ब्रह्मचारिणी दीदी ने गर्भवती महिलाओं को गर्भ संस्कार दिए और गर्भस्थ शिशु की सुरक्षा की जानकारी दी। आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. शैलेष जैन और डॉ. आशी जैन ने निःशुल्क चिकित्सा परामर्श भी दिया। 13 मार्च को जन्म कल्याणक महोत्सव समिति के अनुसार 13 मार्च को जन्म कल्याणक महामहोत्सव मनाया जाएगा। सुबह 6 बजे मांगलिक क्रियाएँ शुरू होंगी और 6:18 बजे आदिकुमार का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद भव्य शोभायात्रा नगर भ्रमण पर निकलेगी और पांडुक शिला पर जन्माभिषेक होगा। शाम को महाआरती और रात में महाराजा नाभिराय के दरबार का आयोजन किया जाएगा। समिति ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:31 am

जालौन में SOG की जिम्नी गाड़ी का एक्सीडेंट:प्रभारी समेत चार लोग घायल, दीनदयाल चौराहे पर हुआ हादसा

जालौन में गुरुवार देर रात दीनदयाल उपाध्याय चौराहे के पास एक सड़क हादसे में चित्रकूट की SOG टीम की जिम्नी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में SOG प्रभारी सहित चार लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, चित्रकूट की SOG टीम किसी कार्य से जालौन आई हुई थी। देर रात जब टीम की जिम्नी गाड़ी कोतवाली क्षेत्र के दीनदयाल उपाध्याय चौराहे से गुजर रही थी, तभी उसकी किसी अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जिम्नी का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय गाड़ी में SOG प्रभारी अरविंद्र कुमार यादव समेत कुल चार लोग सवार थे। दुर्घटना में प्रभारी अरविंद्र कुमार यादव को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य तीन लोगों को भी चोटें लगी हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस के अनुसार हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और टक्कर किस वाहन से हुई, इसकी जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर घटना के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:30 am

राजस्थान की स्लीपर बस जलकर खाक, एक यात्री झुलसा:जैसलमेर से गुजरात जा रही थी, लोगों ने इमरजेंसी गेट से कूदकर बचाई जान

राजस्थान के जैसलमेर जिले के नाचना से अहमदाबाद जा रही एक प्राइवेट ट्रैवल बस में गुजरात के धानेरा के पास भीषण आग लग गई। हादसे में एक यात्री गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे पालनपुर रेफर किया गया है। यात्रियों ने इमरजेंसी गेट से कूदकर जान बचाई। वहीं बस के साथ यात्रियों का सामान भी जल गया। AC में शॉर्ट सर्किट से लगी आग जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ, जब बस में सवार 16 यात्री गहरी नींद में थे। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण बस के एयर कंडीशनर (AC) में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इमरजेंसी से कूदकर बचाई जान आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों ने इमरजेंसी से कूदकर अपनी जान बचाई। इस दौरान एक यात्री आग की लपटों में बुरी तरह झुलस गया। गंभीर यात्री पालनपुर रेफर गंभीर रूप से झुलसे यात्री को धानेरा के हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के बाद पालनपुर रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार यात्री की हालत चिंताजनक बनी हुई है। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया है। सामान और मोबाइल जलकर राख स्वागत ट्रेवल्स के संचालक निर्मल रैयानी ने बताया - बस सेवा हाल ही में नाचना से अहमदाबाद के बीच शुरू की गई थी। उन्होंने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि यात्रियों का सारा सामान, कीमती दस्तावेज और मोबाइल फोन जलकर राख हो गए, जिससे उनके परिजनों से संपर्क करना मुश्किल हो रहा है। निर्मल रैयानी ने कहा- हादसे की सूचना मिलते ही हमने अपनी टीम मौके पर भेजी है। हम यात्रियों और उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:30 am

करनाल ससुराल में आए युवक पर जानलेवा हमला:कैंची और उस्तरे किया हमला, बाजुओं की कटी नसें,बीमार सास का आया था हाल जानने

करनाल जिला के इन्द्री क्षेत्र में ससुराल आए एक युवक पर दुकान में बुलाकर तेजधार हथियारों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक की दोनों बाजुओं पर गंभीर चोटें आईं और नसें कट गईं। घायल को पहले इन्द्री के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक देखते हुए करनाल के अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उसे कल्पना चावला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीमार सास से मिलने आया था युवकअंबाला जिले के गांव उगाला बराड़ा निवासी विक्रम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कल वह अपनी बीमार सास से मिलने के लिए इन्द्री में अपने ससुराल आया हुआ था। रात के समय वह अपनी गाड़ी को साइड में लगाने के लिए बाहर गया था। इसी दौरान सचिन और उसका साथी विक्की उसे पास की एक दुकान में बुला कर ले गए। दुकान में घुसते ही कर दिया हमलाविक्रम सिंह के अनुसार जैसे ही वह दुकान के अंदर गया तो सचिन और विक्की ने उस पर कैंची और उस्तरे से हमला कर दिया। हमले में उसकी दोनों बाजुओं पर गहरी चोटें लगीं और नसें कट गईं। इसी दौरान उसकी सास और आसपास के कुछ पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायल हालत में उसे तुरंत इन्द्री के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। इन्द्री से करनाल और फिर कल्पना चावला अस्पताल रेफरअस्पताल में मौजूद डॉक्टर ने विक्रम सिंह की हालत गंभीर देखते हुए उसे करनाल के सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए आगे उपचार के लिए कल्पना चावला मेडिकल अस्पताल भेज दिया। विक्रम सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि सचिन, विक्की, सचिन की मां और अन्य लोगों ने मिलकर उस पर हमला किया है। उसने पुलिस से सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरूमामले की जांच धर्मेंद्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और तलाश के लिए कार्रवाई की जा रही है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:30 am

मंडला में संतुलन बिगड़ने से डिवाइडर से टकराई एंबुलेंस:वाहन में कोई मरीज नहीं था; अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

मंडला जिले के लालीपुर इलाके में गुरुवार शाम एक 108 एंबुलेंस डिवाइडर पर लगे खंभे से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, दुर्घटना के समय एंबुलेंस में कोई मरीज मौजूद नहीं था और किसी को चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस किसी काम से जा रही थी, तभी लालीपुर क्षेत्र में अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। इसके परिणामस्वरूप, वाहन डिवाइडर पर लगे खंभे से जा टकराया। लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। हालांकि, एंबुलेंस को काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:29 am

लोन दिलाने के नाम पर 4.30 लाख की ठगी:अयोध्या में एसबीआई शाखा से दिलवाया 5 लाख का लोन, पीड़ित को दिए सिर्फ 70 हजार

अयोध्या में ठगी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। एक मामले में युवक को बैंक से लोन दिलाने के नाम पर 4.30 लाख रुपए हड़प लिए गए, जबकि दूसरे मामले में एटीएम कार्ड बदलकर 35 हजार रुपए निकाल लिए गए। पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के भदोखर गांव के मजरे सिहोरिया निवासी मनीष कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जनौरा निवासी विशाल वर्मा से उसकी पहचान थी। विशाल ने उसे व्यवसाय के लिए खराद मशीन खरीदने के नाम पर लोन दिलाने का भरोसा दिया। मनीष के अनुसार विशाल ने भारतीय स्टेट बैंक की मोतीनगर शाखा से 5 लाख रुपए का लोन स्वीकृत करवाया। लोन स्वीकृत होने के बाद एक इंटरप्राइजेज के नाम से कोटेशन लगाकर पूरी राशि अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। इसके बाद मनीष को सिर्फ 70 हजार रुपए दिए गए और बाकी 4.30 लाख रुपए हड़प लिए गए। जब पीड़ित ने मशीन खरीदने के लिए पैसे मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पूरा कलंदर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर जनौरा निवासी विशाल वर्मा और अमेठी जिले के हरिहरपुर करारी निवासी अखिलेश सिंह (प्रोपराइटर इंटरप्राइजेज) के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एटीएम बदलकर 35 हजार की ठगी वहीं, पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव निवासी सुशील कुमार के साथ एटीएम ठगी की घटना सामने आई है। सुशील के मुताबिक वह एसबीआई मोतीनगर शाखा के एटीएम से पैसा निकालने गए थे। इसी दौरान एटीएम कक्ष में हेलमेट लगाए खड़े एक युवक ने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। बाद में नाका क्षेत्र के एटीएम से चार बार में कुल 35 हजार रुपए निकाल लिए गए। पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले पुलिस का कहना है कि इस तरह की ठगी के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। कुछ मामलों में पुलिस ने पीड़ितों को पैसे वापस दिलाने में सफलता भी पाई है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में जांच कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ितों को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:26 am

लाखों की चोरी में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार:8 महीने से था फरार, 70 हजार के आभूषण बरामद

सतना सिटी कोतवाली पुलिस ने लाखों की चोरी के मामले में आठ माह से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 70 हजार रुपये के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने गुरुवार को उसे सलाखों के पीछे भेज दिया। थाना प्रभारी रावेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि यह घटना 25 जून 2025 की रात को हुई थी। आजाद चौक निवासी सुनील कुमार (57) अपने परिवार के साथ रीवा गए हुए थे, क्योंकि उनके एक रिश्तेदार का 17 जून 2025 को निधन हो गया था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने और 80 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। सुनील कुमार ने अगले दिन थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वारदात के चार दिन के भीतर ही पुलिस ने दो आरोपियों, अभिषेक उर्फ बाबू लोधी (23) और पीयूष उर्फ बबलू बंसकार (19), निवासी बजरहा टोला को गिरफ्तार कर लिया था। उनके पास से कुछ नकदी और गहने बरामद हुए थे। हालांकि, इस मामले का तीसरा आरोपी ऋषभ पुत्र सुंदरलाल बंसकार (22), निवासी बजरहा टोला, फरार चल रहा था। उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने ऋषभ की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आठ माह बाद, गुरुवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी ऋषभ बंसकार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर 70 हजार रुपये के जेवर बरामद किए गए। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, ऋषभ कई अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल रहा है और उसके खिलाफ दो स्थायी वारंट भी लंबित थे, जिनकी तामील की गई है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:24 am

मुजफ्फरनगर में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने खरीदी 55 बीघा जमीन:सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में पूरी की रजिस्ट्री, अभिनेता अपने पैतृक गांव पहुंचे

मुजफ्फरनगर के कस्बा बुढ़ाना में बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी गुरुवार को अपने पैतृक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बुढ़ाना क्षेत्र के बुढ़ाना बंगार में करीब 55 बीघा कृषि भूमि खरीदी। भूमि खरीद की प्रक्रिया पूरी करने के लिए वह सब-रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर रजिस्ट्री कराई। उनके कार्यालय पहुंचने की सूचना मिलते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गई। अभिनेता के बुढ़ाना पहुंचने की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और प्रशंसकों में उत्साह का माहौल बन गया। सब-रजिस्ट्रार कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने के लिए पहुंच गए। कई प्रशंसकों ने उनसे मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनसे बातचीत की। देखिए खबर से जुड़ी तस्वीरें… पैतृक गांव पहुंचने पर हुआ स्वागत भूमि खरीदने के बाद नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपने पैतृक गांव बुढ़ाना पहुंचे। गांव में परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अभिनेता के गांव पहुंचने की खबर से पूरे इलाके में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने उनसे मुलाकात कर खुशी जाहिर की। ईद तक गांव में रुकने की संभावना सूत्रों के अनुसार नवाजुद्दीन सिद्दीकी ईद तक अपने पैतृक गांव में ही रुक सकते हैं। इस दौरान वह परिवार के साथ समय बिताने के साथ-साथ अपनी खरीदी गई कृषि भूमि का भी जायजा लेंगे। बताया जा रहा है कि वह खेती से जुड़े कुछ कामों की भी योजना बना सकते हैं। गांव से जुड़ाव बनाए रखते हैं अभिनेता गौरतलब है कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी मूल रूप से मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के निवासी हैं। उन्होंने बॉलीवुड में अपनी दमदार अदाकारी से खास पहचान बनाई है। फिल्मी दुनिया में व्यस्त रहने के बावजूद वह अपनी जड़ों और गांव से जुड़े रहते हैं और समय-समय पर बुढ़ाना आकर परिवार व ग्रामीणों से मुलाकात करते रहते हैं।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:23 am

छतरपुर जंगल में अवैध खनन:बकस्वाहा में वन क्षेत्र में मिली बिना नंबर की नई JCB, ड्राइवर फरार

छतरपुर जिले के बकस्वाहा वन क्षेत्र के चाचाई-सेमरा जंगल में अवैध खनन करते हुए वन विभाग ने एक नई जेसीबी मशीन जब्त की। कार्रवाई के दौरान जेसीबी का ड्राइवर गोविंद यादव पकड़ा गया, लेकिन पूछताछ के दौरान वह टीम को चकमा देकर भाग निकला। वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज वन विभाग ने इस मामले में भारतीय वन अधिनियम की धारा 33 के तहत कार्रवाई की है। रेंजर लवप्रताप सिंह और उनकी टीम को सूचना मिली थी कि जंगल में जेसीबी चल रही है। मौके पर पहुंचकर उन्होंने जेसीबी और ड्राइवर को पकड़ लिया। जेसीबी नई थी और उस पर कोई नंबर या रजिस्ट्रेशन दस्तावेज नहीं था। वन विभाग ने मशीन को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। जेसीबी को खनन में यूज किया जा रहा थाजंगल में जेसीबी का इस्तेमाल मिट्टी, वनस्पति और छोटे पेड़ों को हटाकर अवैध खनन के लिए किया जा रहा था। रेंजर लवप्रताप सिंह ने बताया कि क्षेत्र में खनन की कोई अनुमति नहीं थी। डिप्टी रेंजर भागीरथ रैकवार ने माना कि पूछताछ के दौरान थोड़ी चूक हो गई, जिस कारण ड्राइवर फरार हो गया। स्थानीय चर्चा में यह जेसीबी किसी भाजपा नेता या जनप्रतिनिधि के परिवार से जुड़ी बताई जा रही है। लेकिन वाहन पर नंबर और दस्तावेज नहीं होने के कारण मालिक की पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी।सीसीएफ नरेश सिंह यादव और डीएफओ ऋषि मिश्रा के निर्देशन में आगे की जांच जारी है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:22 am

दौसा में बदला मौसम का मिजाज:बादलों की आवाजाही से धूप कम होने से मामूली राहत; मौसम विभाग का अलर्ट जारी

दौसा जिले में शुक्रवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। आसमान में हल्के बादल छाने से तेज धूप का असर कम हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और बढ़ते तापमान से लोग परेशान थे, लेकिन मौसम में आए इस बदलाव से वातावरण में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने भी आगामी समय में मौसम के बदलाव को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार क्षेत्र में हल्के बादल छाने के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली ही है, वहीं किसान भी बदलते मौसम पर नजर बनाए हुए हैं। गेहूं की कटाई के चलते किसान चिंतित हैं। फिलहाल बादलों की आवाजाही के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:22 am

चंडीगढ़ निगम में 75.16 करोड़ का दूसरा घोटाला उजागर:खाते से 303 ट्रांजेक्शन, बैंक के पूर्व मैनेजर समेत कई पर FIR,सोलर सब्सिडी से जुड़ा मामला

चंडीगढ़ में नगर निगम की 116.84 करोड़ रुपए की फर्जी एफडी का मामला सामने आने के बाद अब एक और बड़ा वित्तीय घोटाला उजागर हुआ है। इस बार चंडीगढ़ रिन्यूएबल एनर्जी एंड साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रमोशन सोसायटी (क्रेस्ट) के खाते में करीब 75.16 करोड़ रुपए की गड़बड़ी सामने आई है। आरोप है कि आईडीएफसी फर्स्ट बैंक सेक्टर-32 ब्रांच के पूर्व मैनेजर रिभव ऋषि ने बैंक के कुछ कर्मचारियों और निजी लोगों के साथ मिलकर यह गड़बड़ी की। क्रेस्ट की शिकायत पर गुरुवार को चंडीगढ़ पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूर्व मैनेजर समेत तीन के खिलाफ केस दर्जपुलिस ने इस मामले में आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के पूर्व मैनेजर रिभव ऋषि, बैंक की पूर्व कर्मचारी सीमा धीमान, अभय कुमार और अन्य अज्ञात बैंक कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि रिभव ऋषि फिलहाल हरियाणा की एक जेल में बंद है। चंडीगढ़ पुलिस अब उसे और अन्य आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है। सभी आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी ताकि घोटाले में शामिल लोगों की भूमिका साफ हो सके।पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कुल 303 ट्रांजेक्शन के जरिए क्रेस्ट के खाते से 75 करोड़ 16 लाख 4 हजार 293 रुपए की गड़बड़ी की। इन ट्रांजेक्शन के माध्यम से कई बार पैसे निकाले गए और कई बार जमा भी करवाए गए, जिससे लंबे समय तक यह अनियमितता पकड़ में नहीं आई। सोलर सब्सिडी से जुड़ा है पूरा मामलाक्रेस्ट सौर ऊर्जा से जुड़े प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा देने वाली संस्था है। इसके तहत सरकारी इमारतों, अस्पतालों और सरकारी आवासों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाते हैं। इसके अलावा आम लोगों द्वारा घरों की छत पर सोलर प्लांट लगाने पर भी क्रेस्ट की ओर से सब्सिडी दी जाती है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि करीब 75.16 करोड़ रुपए की गड़बड़ी इसी सब्सिडी से जुड़े फंड में की गई है। पुलिस को शक है कि इस पूरे मामले में क्रेस्ट का भी कोई कर्मचारी शामिल हो सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि आरोपियों से पूछताछ के बाद ही हो पाएगी। नगर निगम के अधिकारियों से भी हो सकती है पूछताछइससे पहले नगर निगम की 116.84 करोड़ रुपए की फर्जी एफडी के मामले में भी पुलिस जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस ने नगर निगम से कई सवाल पूछे हैं और जवाब का इंतजार किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार पुलिस जल्द ही नगर निगम के अकाउंट्स ब्रांच से जुड़े अधिकारियों के साथ-साथ उस समय डेपुटेशन पर गए अधिकारियों से भी पूछताछ कर सकती है, क्योंकि जिस समय एफडी करवाई गई थीं, उस समय अकाउंट्स ब्रांच का चार्ज इन्हीं अधिकारियों के पास था। स्टेटमेंट क्रॉस चेक करने पर सामने आई गड़बड़ीहरियाणा सरकार से जुड़े 590 करोड़ रुपए के घोटाले के सामने आने के बाद चंडीगढ़ प्रशासन ने सभी विभागों को अपने बैंक खातों की स्टेटमेंट लेकर क्रॉस चेक करने के निर्देश दिए थे। जब नगर निगम ने अपनी एफडी वापस करवाने के लिए बैंक को लिखा तो पता चला कि बैंक में ऐसी कोई एफडी मौजूद ही नहीं है। इसके बाद जब क्रेस्ट ने भी अपने खाते की स्टेटमेंट की जांच की तो उसमें भी करोड़ों रुपए की गड़बड़ी सामने आ गई। अगर आप चाहें तो मैं इस खबर के लिए और ज्यादा प्रभावशाली भास्कर स्टाइल हेडलाइन और बॉक्स-न्यूज (फैक्ट बॉक्स) भी बना सकता हूं, जिससे खबर और ज्यादा मजबूत लगे।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:20 am

'काम करती तो ससुर डांटते थे, कहते- केवल पढ़ाई करो':ससुराल में कमरे को हॉस्टल रूम में बदला, गुजरात में जज बनीं रेगिस्तान के गांव की बहू

रेगिस्तानी जिले बाड़मेर की रहने वाली दीपू कंवर का गुजरात न्यायिक सेवा (GJS) में सिलेक्शन हुआ है। कंवर अपनी सक्सेस का पूरा क्रेडिट अपने सास-ससुर को देती हैं। शादी के बाद से वो उन्हें हमेशा पढ़ाई के लिए और घर के काम नहीं करने के लिए कहते रहे। अगर वे घर ससुराल में कभी काम करने लगतीं तो ससुर घर के बाकी लोगों को डांट देते थे कि बहू से काम मत करवाओ। उन्हें ससुराल में पढ़ने की हर सुविधा मिली है। इसलिए शादी के 7 साल बाद और एक बेटी की मां बनने के बाद भी वे जज बन गईं। पीहर से साथ लाई थी लॉ की किताबें जज बनीं दीपू कंवर की करीब 7 साल पहले बाड़मेर के जालीपा के रहने वाले लोकेंद्र सिंह के साथ शादी हुई थी। जामनगर (गुजरात) की रहने वालीं दीपू शादी के दौरान एलएलबी सेकंड ईयर की स्टूडेंट थीं। पीहर से ससुराल लॉ की किताबें और न्यायिक अधिकारी बनने का सपना लेकर आई थीं। कंवर ने बताया कि इस दौरान करीब 8 दिन ही जालीपा रही और फिर वापस जामनगर चली गई। क्योंकि मेरे एग्जाम थे। ज्यादातर समय में पीहर में रही। उस वक्त मेरी एलएलबी चल रही थी। तीसरे अटेम्प्ट में क्लियर किया गुजरात में यह कंपलसरी है कि आप प्रैक्टिस एडवोकेट ही होने चाहिए। तभी आप एग्जाम दे सकते हैं। हालांकि, ऐसा बाकी स्टेट में नहीं है। इसलिए दीप ने कंवर ने साल 2021 में कोर्ट में प्रैक्टिस शुरू कर दी थी। जो अब तक कर रही थीं। साल 2022 में पहली बार एग्जाम दिया था। तब प्री और मेन्स दोनों क्लियर कर लिया था, लेकिन इंटरव्यू में रह गई थी। उसके बाद मैंने 2023 में फिर एग्जाम दिया उस समय में मेन्स एग्जाम में रह गई। इस बार 2025 में 79वीं रैंक के साथ सिलेक्शन हो गया। ससुराल में मिला पढ़ाई का माहौल दीपू कंवर का कहना है कि मेरे ड्रीम को ससुराल ने ड्रीम बनाया। पढ़ाई के साथ घर का काम करती थी। गाय का दूध निकालना, खाना बनाना और दूसरे पारिवारिक और सामाजिक काम में भी शामिल रहती थी। हालांकि, मेरी सास समद कंवर और ससुर थान सिंह हमेशा मेरे घर के काम करने का विरोध करते थे। ससुर जी कहते थे कि जवाबदारी बाद में पहले कुछ बन कर दिखा दो। पहले पढ़ाई करो उसके बाद समाज के फंक्शन में शामिल होना। मैं ससुराल में एक रूम में हॉस्टल की तरह रहकर पढ़ाई करती थी। पति ने ही एलएलबी करने के लिए सपोर्ट किया दीपू के पति लोकेंद्र सिंह भी एलएलबी कर रहे हैं। दीपू बताती हैं कि उन्हें पढ़ाई और कोर्ट में प्रैक्टिस के दौरान हमेशा पति का सपोर्ट मिला है। वे उन्हें गाइड भी करते हैं। सगाई के दौरान वे कॉमर्स से ग्रेजुएशन कर रही थी। जब वे फाइनल ईयर में थी तब लोकेंद्र ने ही उनको एलएलबी करने के लिए प्रोत्साहित किया था। इसके बाद के.पी. शाह लॉ कॉलेज जामनगर में एडमिशन लिया। लॉ कम्पलीट करने के बाद जामनगर में ही कोर्ट में प्रैक्टिस शुरू कर दी थी। नाम आने पर विश्वास ही नहीं हुआ जज दीपू ने बताया कि दो एग्जाम में रिजल्ट दूसरों ने ही बताए थे। इस बार भी प्री और मेन्स में दूसरों का कॉल आया और बताया कि तुम्हारा जीजेएस में हो गया है। 10 मार्च की शाम को जब फाइनल रिजल्ट आया तब जामनगर में पीहर में थी। फोन मेरे हाथ में था मैंने देखा रिजल्ट आया है। रिजल्ट देखने से पहले मंदिर गई भगवान को हाथ जोड़े, मैंने प्रार्थना की रिजल्ट मैं मेरा नाम हो। जैसे ही रिजल्ट देखा तो मेरा नाम है मुझे विश्वास नहीं हुआ फिर दोबारा देखा। सच में मेरा नाम है। मैं कुछ भी विश्वास ही नहीं कर पा रही थी। फिर सबसे पहले पापा को बताया। उस समय यह खुशी सबको बताने की इच्छा हो रही थी। रात में ही जामनगर से बाड़मेर के लिए निकल गई। सुबह ससुराल पहुंचकर बताया तो पूरी फैमिली का रिएक्शन बहुत ही शानदार था। परम्पराएं अच्छी हैं, घूंघट कोई परेशानी नहीं दीपू कंवर ने बताया कि वे ससुराल में हमेशा ट्रेडिशनल ड्रेस पहनती हैं। उन्हें घूंघट निकालना काफी पसंद हैं। ये उनके संस्कार का हिस्सा है। इसके लिए उन पर कोई दबाव नहीं होता है, लेकिन ये सब उन्हें काफी पसंद है। संस्कार का पढ़ाई और करियर के साथ कुछ लेना-देना नहीं है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:20 am

गुना में नाबालिग से रेप का आरोपी गिरफ्तार:घर से बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया; कई दिनों तक किया था गलत काम

फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। 7 मार्च को घर से लापता हुई थी किशोरी पुलिस के अनुसार 7 मार्च की दोपहर एक 16 वर्षीय किशोरी अपने घर से लापता हो गई थी। उसके पिता ने 9 मार्च को फतेहगढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 7 मार्च को परिवार के सभी लोग काम से बाहर गए हुए थे। शाम को घर लौटने पर किशोरी घर पर नहीं मिली। परिजनों ने उसे आसपास काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। जांच के दौरान बुधवार को पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया। उसने अपने बयान में बताया कि अनिकेत उर्फ अंकित उर्फ छोटू बैरागी निवासी ग्राम महू उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को भेजा गया जेल पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ दीं और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर फतेहगढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिकेत उर्फ अंकित उर्फ छोटू बैरागी (18) पुत्र पप्पू बैरागी निवासी ग्राम महू थाना राघौगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। गगिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:20 am

कुशलगढ़ में महिला से लूट करने वाले बदमाश पकड़े:चांदी के जेवरात बरामद, घटना में इस्तेमाल बाइक जब्त

बांसवाड़ा में कुशलगढ़ थाना पुलिस ने महिला से चांदी के जेवरात लूटने वाली बाइक सवार गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक और लूटी गई चांदी की सांकली व चैन बरामद की है। मंदिर से लौटते समय हुई थी लूट घटना 6 मार्च को सबलपुरा निवासी झाबा पत्नी कमलेश राणा के साथ हुई। दोपहर करीब 2 बजे जब वह सोमनाथ महादेव मंदिर पुलिया के पास से गुजर रही थीं, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से चांदी की सांकली और चैन लूट ली और फरार हो गए। 50 CCTV कैमरों से मिला सुराग मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में थानाधिकारी प्रवीण सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने कस्बे के करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्धों के दिखने पर उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया और मुखबिर तंत्र में प्रसारित की गईं। मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ईटाला थाना सज्जनगढ़ निवासी दीपक पुत्र हरेंद्र गरासिया और कल्पेश पुत्र जगू गरासिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने लूट की वारदात कबूल कर ली। अन्य वारदातों का भी खुलासा पूछताछ में आरोपियों ने कुशलगढ़ कस्बे में महिलाओं से सांकली छीनने की एक अन्य वारदात और सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र में फाइनेंस कर्मचारी से रुपए लूटने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस दोनों से अन्य वारदातों के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:17 am

11-महीने से पति नहीं लौटा…पत्नी ने बेटियों संग दी जान:छोटी बहन को घर में बंद किया, चारों बेटियों को कुएं में फेंका, खुद फांसी लगा ली

मैं तीन बच्चियों के साथ अलग कमरे में सो रही थी। दीदी रात में नींद से उठाकर तीनों बेटियों को साथ ले गईं। मैं सुबह उठी तो गेट बाहर से बंद था। न दीदी घर पर थी, न बच्चियां। यह कहना है मृतक की छोटी बहन मीना का। सागर के केसली में रहने वाली सविता ने गुरुवार को अपनी चार मासूम बेटियों को पहले कुएं में फेंका, फिर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सविता ने 5 महीने पहले ही चौथी बेटी को जन्म दिया था। बताया जा रहा है कि इससे पति नाराज था। वह उसे देखने तक नहीं आया था। पत्नी और बेटियों की मौत के बाद परिवार के सदस्य पति से संपर्क तक नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि पत्नी ने पहले ही सिम तोड़कर फेंक दी थी। परिवार के अन्य सदस्यों के पास उसका नंबर नहीं है। तीन तस्वीरें देखिए घर से 500 मीटर कुएं में मिले बेटियों के शव सागर जिले के केसली थाना क्षेत्र के नन्ही देवरी खमरिया गांव में गुरुवार को सविता बाई पति चंद्रभान लोधी (30), बेटी अंशिका (7), रक्षा (5), दीक्षा (3) और मनीषा (5 माह) की लाश मिली। परिवार के अनुसार गुरुवार सुबह महिला और बच्चे घर में नहीं मिले तो उनकी तलाश शुरू की गई। गांव और खेतों में खोजा। घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित 20 फीट गहरे कुएं में बड़ी बेटी का शव पानी में दिखा। लाश देखकर पुलिस को सूचना दी गई। लोगों ने अंशिका के शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस मौके पर पहुंची और संदेह पर कुएं में गोताखोंरों की मदद से सर्चिंग की। इस दौरान तीन और बेटियों के शव मिले। 5 महीने की मनीषा चादर में बंधी हुई थी। मां सविता भी कुएं से करीब 100 मीटर दूर स्थित पेड़ पर फंदे से लटकी मिली। बाहर से दरवाजा लगाकर मुझे कमरे में बंद किया 5 साल की उम्र से साथ रह रही मृतका की छोटी बहन मीना ने बताया कि बुधवार रात को खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए थे। घर में मैं, दीदी सविता और चार बच्चे थे। ससुर गांव में एक शादी समारोह में गए थे। मैं अलग कमरे में तीन बच्चियों के साथ सो रही थी। दीदी दूसरे कमरे में छोटी बेटी के साथ सोई थी। देर रात वह आई। तीनों बेटियों को नींद से उठाकर अपने साथ ले गईं। मेरी नींद खुल गई थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया। सुबह जब मैं उठी तो देखा कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। शादी में गया था, देर रात घर लौटा और सो गया ससुर ज्ञानी सिंह लोधी ने बताया कि बहू ने बेटियों को कुएं में फेंक कर फांसी लगा ली। मैं तो शादी समारोह से रात करीब 3 बजे घर लौटा। जोर की नींद आ रही थी, इसलिए पलंग पर लेटते ही आंख लग गई। सुबह मंझले बेटे की बेटी आई। उसने देखा कि बच्चे घर में नहीं हैं। बहू की बहन कमरे में बंद है। उसी ने दरवाजा खोला, जिसके बाद बहू और बच्चियों की तलाश शुरू की। करीब 1 घंटे बाद एक बच्ची का शव कुएं में नजर आया। इसके बाद चारों बच्चियों के शव कुएं में मिले। बहू का शव पेड़ पर लटका था। बहू ने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह पता नहीं है। बेटा 11 महीने से नहीं लौटा घर पिता ज्ञानी सिंह ने कहा कि बेटा चंद्रभान सिंह लोधी करीब 11 महीने पहले घर से काम पर जाने का कहकर गया था। वह जबलपुर में रहकर बस पर चलता है। कभी-कभार फोन पर बात करता था। इससे पहले भी वह कई बार महीनों घर नहीं लौटता था। मेरे तीन बेटे हैं। तीनों गांव में अलग-अलग घर में रहते हैं। करीब साढ़े 5 एकड़ खेती है, जिसमें से करीब 1 एकड़ खेत चंद्रभान के नाम है। बेटी की चाह को लेकर पति-पत्नी में तनाव था मृतक की चार बेटियां थीं। सबसे छोटी बेटी 5 महीने पहले ही पैदा हुई थी। बेटी पैदा होने के बाद भी पति चंद्रभान घर नहीं लौटा। उसने बेटी का चेहरा भी नहीं देखा, जिससे आशंका जताई जा रही है कि बेटी की चाह को लेकर पति-पत्नी के बीच तनाव था। ग्रामीण भी दबी जुबान में यही बोल रहे हैं। हालांकि गांव के लोग खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। 5 किमी दूर मायका, बहन रहती है साथ सविता का मायका पलोह में है, जो ससुराल से करीब 5 किमी दूर है। करीब 9 साल पहले सविता की शादी चंद्रभान से हुई थी। शादी के बाद से सविता की छोटी बहन मीना भी साथ रह रही है। वह यहीं पर रहकर पढ़ाई भी करती है। साथ ही घर के काम में हाथ बंटाती है। यह खबर पढ़ें मां ने 4 बेटियों को कुएं में फेंक कर लगाई फांसी मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक मां ने अपनी 4 मासूम बेटियों को कुएं में फेंकने के बाद फांसी लगा ली। महिला की पेड़ पर लटकी लाश मिली है। पति एक साल से घर नहीं आया था, जिससे महिला तनाव में थी। मामला केसली थाना क्षेत्र का है। पूरी खबर पढ़ें…

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:14 am

पंचायत सचिव से कट्टे की नोक पर रंगदारी:दतिया के विलोनी में 10 हजार मांगे, जान से मारने की धमकी दी

दतिया के विलोनी गांव में पंचायत सचिव से कट्टे की नोक पर 10 हजार रुपए की मांग करने और हर महीने पांच-पांच हजार रुपए देने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुरुवार रात जांच के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना उस समय हुई जब पंचायत भवन में विधिक शिविर की तैयारी चल रही थी। सचिव की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सामंत सिंह चौहान (52) पुत्र श्रीराम सिंह चौहान निवासी पठारी, गांव विलोनी में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि गुरुवार को पंचायत भवन विलोनी में विधिक शिविर आयोजित होना था। जिसमें दतिया न्यायालय से मजिस्ट्रेट के आने का कार्यक्रम था। सुबह करीब 11:30 बजे वे पंचायत भवन में कार्यक्रम की तैयारियां कर रहे थे, जबकि सरपंच गांव में व्यवस्था के लिए बाहर गए हुए थे। गाली-गलौज कर रंगदारी की मांगइसी दौरान गांव के गणेश बुंदेला और छोटू बुंदेला पंचायत भवन के कमरे में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उनसे 10 हजार रुपए की मांग करने लगे। आरोप है कि गणेश बुंदेला ने कट्टा निकालकर उनकी छाती पर अड़ा दिया और कहा कि यदि गांव में नौकरी करनी है तो अभी 10 हजार रुपए दो। साथ ही हर महीने दोनों को पांच-पांच हजार रुपए देने होंगे। सचिव के मुताबिक, आरोपियों ने धमकी दी कि, यदि रुपए नहीं दिए या पुलिस को सूचना दी तो उन्हें और उनके परिवार को जान से मार देंगे। इस दौरान उन्होंने शोर मचाया तो दोनों आरोपी पंचायत भवन से नोनेर रोड की ओर भाग गए। पुलिस ने सचिव की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:13 am

अफीम की बीज सप्लाई करने वाला आरोपी अरेस्ट:दुर्ग पुलिस ने जोधपुर से किया गिरफ्तार, मोबाइल बंद कर छुपा था, 1 आरोपी की तलाश जारी

दुर्ग जिले में बीजेपी नेता विनायक ताम्रकर से जुड़े अफीम की अवैध खेती मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है। जांच में सामने आया कि खेती के लिए अफीम के बीज राजस्थान से मंगाए गए थे। छोटू राम नाम का व्यक्ति आरोपियों को बीज उपलब्ध कराता था। पुलिस ने उसे 12 मार्च को जोधपुर से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें बीजेपी नेता विनायक ताम्रकर निवासी तेमरापारा दुर्ग, विकास बिश्नोई निवासी मतोड़ा जिला जोधपुर राजस्थान, मनीष उर्फ गोलू ठाकुर निवासी समोदा शामिल हैं। तीनों को 7 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। घटना के बाद कुछ आरोपी राजस्थान भाग गए थे। वहां मोबाइल फोन बंद कर छिपे हुए थे। जरूरत पड़ने पर ही मोबाइल चालू करते थे, इसी कारण चौथे आरोपी तक पहुंचने में पुलिस को समय लगा। मामले में एक आरोपी अब भी फरार है। आज खत्म हो रही न्यायिक रिमांड विनायक ताम्रकर, विकास बिश्नोई, मनीष ठाकुर की न्यायिक रिमांड आज खत्म हो रही है। ऐसे में आज शाम या कल पुलिस तीनों आरोपियों को दोबारा कोर्ट में पेश कर सकती है। बताया जा रहा है कि केस की कड़ियां जोड़ने के लिए विनायक ताम्रकर की पुलिस कस्टडी जरूरी मानी जा रही है। 6 मार्च को सामने आया था पूरा मामला मामला पुलगांव थाना क्षेत्र की जेवरा-सिरसा चौकी के अंतर्गत ग्राम समोदा, झेनझरी, सिरसा के बीच स्थित खेतों का है। 6 मार्च को सरपंच से सूचना मिली थी कि खेतों में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में खेतों में मक्का-भुट्टा की फसल के बीच अफीम के पौधे लगे मिले। शक से बचने के लिए अफीम के पौधे मक्का की फसल के बीच लगाए गए थे। पुलिस ने करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन में लगी अफीम की फसल जब्त की। जब्त फसल की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपए बताई गई। नकद राशि और मोबाइल फोन जब्त गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से 2220 रुपए नकद और एक स्मार्टफोन जब्त किया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, ताकि अवैध खेती से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके। इससे पहले की कार्रवाई में पुलिस खेती में इस्तेमाल कई वाहन और मशीनें भी जब्त कर चुकी है। इनमें दो ट्रैक्टर, दो जेसीबी, दो मोटरसाइकिल, एक हार्वेस्टर समेत खेती के उपकरण शामिल हैं। इनकी कुल कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए आंकी गई है।

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:12 am

IAS के फार्महाउस को केयर टेकर ने बनाया जुआ अड्‌डा:सरगना ‘जगदीश अंकल’ के नाम से फेमस, नई-नई लोकेशन पर खिलवाता है जुआ

महू में मानपुर थाना क्षेत्र में महिला आईएएस के फार्महाउस पर जुए का अड्‌डा का खुलासा होने के बाद हड़कंप है। मुख्य सरगना जगदीश राठौड़ उर्फ अंकल उर्फ कुबड़ा और केयर टेकर रंजीत जाट दो दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में टीम गठित की है। बुधवार रात पुलिस ने फार्महाउस पर जुआ खेलते 18 लोगों को गिरफ्तार किया था। यहां से 13 लाख रुपए से ज्यादा कैश, 30 मोबाइल और दो कार जब्त की थी। इधर, फार्महाउस भी किसी रिसॉर्ट से कम नहीं है। दैनिक भास्कर की टीम अवलीपुरा गांव पहुंची। यहां गांव वालों से बात करने की कोशिश की। कैमरे के सामने तो लोगों ने कुछ नहीं बताया। पहले फार्महाउस की बात करते हैं… सतना राजवंश से ताल्लुक रखता है IAS का परिवार महू से करीब 25 किलोमीटर दूर मानपुर के पास अवलीपुरा गांव। तीन-चार सौ की आबादी वाले गांव में एमपी की सीनियर आईएएस ऑफिसर वंदना वैद्य का फार्महाउस किसी रिजॉर्ट से कम नहीं है। बाहर लैंडमार्क बताने वाला बड़ा सा बोर्ड लगा है। इस पर लिखा है- ‘ठिकाना’ बृजेन्द्र विहार, राजवैद्य परिवार उचहेरा रियासत सतना। यानी फार्महाउस के मालिक उचहेरा रियासत (प्रतिहार राजवंश) से ताल्लुक रखते हैं। करीब एक बीघा क्षेत्र में फैले फार्महाउस में करीब 5050 फीट का निर्माण किया गया है, यानी करीब 2500 वर्गफुट में भवन बना है। मुख्य इमारत के सामने बड़ा सा बगीचा है। इस दो मंजिला इमारत का इंटीरियर भी राजमहल के जैसा ही है। दीवार पर महर्षि रमण की बड़ी सी तस्वीर लगी है। दादा-परदादा की तस्वीरों के साथ कई जगह ‘ट्राॅफियां’ रखी हैं। करीब 30 वाय 30 का वही कमरा है, जिसमें बुधवार सुबह पुलिस ने जुआ खेलते करीब 20 जुआरियों को गिरफ्तार किया था। हालांकि इस मामले से आईएएस वंदना वैध और उनके परिवार का ताल्लुक नहीं है। बुजुर्ग बोले – होली से पहले लोगों का आना–जाना बढ़ा गांव में बुजुर्ग किसान ने बताया कि वैसे तो कभी-कभार यहां फार्म हाउस के मालिक लोग आते हैं। कई महीनों से वे भी नहीं आए, लेकिन यहां होली से पहले से कुछ लोगों का आना-जाना बढ़ गया था। हम सोचते थे कि कोई काम चल रहा होगा, इसलिए लोग आ–जा रहे हैं। बुधवार सुबह यहां जुआ के फड़ की बात पता चली। पहले तो भरोसा ही नहीं हुआ, लेकिन जब पुलिस सायरन बजाती गाड़ियां जुआरियों को लेकर निकली, तो हकीकत पता चली। शुक्र है कि जुआरियों में हमारे गांव का कोई नहीं है। मैंने पूछा ये रंजीत जाट कैसा आदमी है, जगदीश कुबड़ा को जानते हैं? उन्होंने कहा कि रंजीत गांव रामपुरिया का रहने वाला है। जगदीश के बारे में कुछ नहीं कहा। अब सरगना जगदीश कुबड़ा की बात जुआ अड्‌डे का नेटवर्क चलाता है ‘अंकल’ एसडीओपी ललित सिकरवार के मुताबिक जगदीश कुबड़ा मालवा क्षेत्र का सबसे बड़ा जुआ खिलाने वाला माना जाता है। इलाके में वो ‘जगदीश अंकल’ के नाम से फेमस है। रईसजादों को जुआ खिलाने के लिए वो ऐसी सुरक्षित जगहों को चुनता है, जिस पर पुलिस शक न कर सके और लोगों की निगाह से दूर हो। क्षेत्र के हर रईस जुआरी उसके संपर्क में रहता है। कहां फड़ लगनी है, कितने बजे से शुरू होगी, क्या इंतजाम रहेंगे, ये सब वो अरेंज करता था। उसकी ऐसे फार्म हाउस पर नजर रहती थी, जो अफसरों या नेताओं के हों। वो जानता था कि ये लोग अपने फार्म हाउस पर कई महीनों तक नहीं आते। कुबड़ा का जुआ खिलवाने का नेटवर्क बड़ा और हाई प्रोफाइल है। वह कुछ दिनों में अपनी लोकेशन बदल लेता है। कभी धार, बदनावर, झाबुआ तो कभी मंदसौर में फड़ लगवाता है। कुबड़ा के संपर्क प्रदेश के कई रईस लोगों से भी हैं, जो जुए के आदी बताए जाते हैं। इन्हीं संपर्कों के जरिए वह अलग-अलग जगह जुआ खिलवाने का काम करता था। इसके लिए उसकी टीम भी सक्रिय रहती थी। जहां जुआ खिलवाना होता, वहां पहले उसके साथी लोकेशन की रेकी करते और फिर स्थान तय किया जाता था। मुख्य गेट पर लगा था ताला, पीछे के दरवाजे से गई पुलिसमंगलवार रात भी ग्रामीण आईजी अनुराग सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि फार्महाउस पर जुआरियों का जमावड़ा लगा है। इंदौर से मिले संकेत पर बडगोंदा, मानपुर और इंदौर पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश दी। यहां मुख्य गेट पर ताला लगा था, लेकिन अंदर से लोगों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। इसके बाद पुलिस टीम फार्म हाउस के पीछे की ओर से अंदर दाखिल हुई। वहां बरामदे में कई लोग ताश खेलते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने 18 जुआरियों को पकड़ लिया। वहीं, पीछे वाले गेट से मुख्य सरगना जगदीश राठौर उर्फ कुबड़ा ओर अन्य समेत लोग भाग निकले। आरोपियों में कारोबारी और टीचर भी शामिल पुलिस कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों में अलग-अलग पेशे से जुड़े लोग शामिल हैं। इनमें आसिफ उर्फ चुन्नू खान महेश्वर में हैंडलूम साड़ी बनाने का काम करता है। झाबुआ निवासी राकेश चौधरी सरकारी स्कूल में टीचर है। बड़वानी के रहने वाले नीतीश बंसल खाद-बीज का कारोबार करते हैं, जबकि बाग निवासी अखिलेश झंवर बस ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। कार्रवाई के बाद मानपुर थाना प्रभारी पर लोकेंद्र हीहोर, एसआई मिथुन ओसारी और एएसआई रेशम गिरवाल को सस्पेंड कर दिया गया। पहले एक मार्च जमनी थी फड़ आईएएस के फार्म में जुए का फड़ पहले 1 मार्च को लगना था, लेकिन किसी कारण से कार्यक्रम टल गया। बाद में 10 मार्च की तारीख तय की गई। मौके पर पकड़े गए कुछ जुआरियों का कहना है कि वे पहली बार यहां आए थे। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लंबे समय से नेटवर्क को रंगे हाथ पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। यह भी पढ़ें- महिला IAS के फार्म हाउस में चल रहा था जुआ इंदौर जिले के महू के मानपुर क्षेत्र में महिला IAS अधिकारी के नाम पर दर्ज फार्महाउस में चल रहे जुए के बड़े अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 13 लाख 67 हजार 971 रुपए नकद समेत करीब 28.67 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है। पढ़ें पूरी खबर

दैनिक भास्कर 13 Mar 2026 8:11 am