Mumbai Police ने 2 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में फरार महिला को Kochi से पकड़ा
मुंबई के माहिम थाने में दर्ज दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी एक महिला को केरल के कोच्चि से स्थानीय पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान एर्नाकुलम जिले के कुलशेखरपुरम में रहने वाली श्रुति सी. आर. (34) के रूप में हुई है। वह इस मामले में दूसरी आरोपी है। उस पर और एक अन्य कर्मचारी पर कंपनी के करीब दो करोड़ रुपये का गबन करने का आरोप है। कंपनी के प्रबंध निदेशक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहली आरोपी श्रुति संजय वलावलकर को मुंबई पुलिस ने 20 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया था। वह कंपनी के मुंबई कार्यालय में काम करती थी। मामला दर्ज होने के बाद कंपनी की कोच्चि शाखा में काम करने वाली श्रुति सी. आर. छिप गई थी और 57 दिन से फरार थी। पुलिस ने बताया कि मुंबई पुलिस ने महिला का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए एर्नाकुलम सेंट्रल के सहायक पुलिस आयुक्त से मदद मांगी थी। सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में एक टीम ने शुक्रवार को महिला का पता लगाकर उसे कक्कनाड के निलमपथिंजामुगल स्थित सोलास विलेज अल्फा रेजिडेंसी से गिरफ्तार कर लिया, जहां वह कथित तौर पर छिपकर रह रही थी। पुलिस ने बताया कि बाद में महिला को माहिम पुलिस के हवाले कर दिया गया, जिसने उसे कक्कनाड स्थित प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया। अदालत से ट्रांजिट वारंट हासिल करने के बाद पुलिस कानूनी कार्रवाई के लिए महिला को मुंबई ले गई।
Kochi में यहूदी प्रार्थनास्थल के पास आगजनी के मामले में SIT कर रही जांच
एर्णाकुलम मार्केट में एक यहूदी प्रार्थनास्थल के पास आगजनी की घटना में संदिग्ध आतंकी संबंधों की जांच कर रही पुलिस आरोपी से जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खंगाल रही है। कोच्चि के पुलिस आयुक्त अरुण के. पवित्रन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने 12 अक्टूबर को तड़के समीपवर्ती पुथेनक्रूज निवासी बिन पॉल (32) को कथित तौर पर आग लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। आगजनी की यह घटना कोच्चि सेंट्रल पुलिस थाना क्षेत्र के एर्णाकुलम मार्केट में कदवुभागम यहूदी प्रार्थनास्थल के सामने स्थित ब्लॉसम नर्सरी में हुई थी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने किसी अज्ञात व्यक्ति के निर्देश पर तय किए गए ठिकानों पर हमले किए, उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग की और बदले में भुगतान पाने के लिए फुटेज भेजे। सूत्रों के अनुसार, उसके फोन से मिले संदेशों में भारत के विभिन्न शहरों में यहूदी प्रार्थनास्थलों और उन पर हमलों का उल्लेख था। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इन संदेशों के आदान-प्रदान में शामिल लोग कौन हैं, आरोपी से उनका क्या संबंध है और क्या आगजनी किसी संगठित कार्रवाई का हिस्सा थी। यहां की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को पॉल को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। जांच दल उससे पूछताछ कर रहा है। पवित्रन ने पत्रकारों से कहा कि घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’पवित्रन ने कहा, ‘‘वह जांच में सहयोग कर रहा है और जांच में हमारे सामने कोई अन्य बाधा नहीं है।’’ पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच दल पॉल और उसके एक संदिग्ध संचालक के बीच ‘टेलीग्राम ऐप’ के जरिए हुई ‘चैट’ को बरामद करने की कोशिश कर रहा है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस बातचीत का ब्योरा मांगने के लिए टेलीग्राम को पत्र लिखेगी। सूत्रों ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि पॉल पिछले कई महीनों से एक ऐसे व्यक्ति के संपर्क में था, जो उसे निर्देश दे रहा था। बृहस्पतिवार को जब मजिस्ट्रेट अदालत में पुलिस हिरासत की अर्जी पर सुनवाई हुई, तो पॉल के वकील ने दावा किया कि वह मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या के लिए दवाएं ले रहा है। हालांकि, पुलिस सूत्रों ने कहा कि पॉल जांच में पूरा सहयोग कर रहा है। उन्होंने बताया कि अदालत की अनुमति लेकर उसकी अतिरिक्त चिकित्सकीय जांच कराई जाएगी। पुलिस ने पॉल के आवास से हेरोइन, फेंटानिल, ऑक्सीकोडोन, अल्प्राजोलम और केटामाइन समेत कई मादक पदार्थ भी बरामद किए हैं। संदेह है कि इन पदार्थों को ऑनलाइन मंगाया गया था।
Kochi Synagogue के पास आगजनी: आरोपी एबिन पॉल को पांच दिन की Police Custody
कोच्चि की एक अदालत ने केरलम के एर्णाकुलम मार्केट में एक यहूदी प्रार्थनास्थल के पास आगजनी के मामले में एक आरोपी को बृहस्पतिवार को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। एर्णाकुलम के प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिरामी ए. ने निकटवर्ती पुथेनक्रूज के निवासी एबिन पॉल (32) को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। याचिका की सुनवाई के दौरान पॉल के वकील ने अदालत को बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह दवाएं ले रहा है। वकील ने अनुरोध किया कि पुलिस हिरासत के दौरान पॉल को अपनी दवाएं लेने की अनुमति दी जाए। सरकारी अभियोजक ने अदालत को बताया कि आरोपी के अन्य लोगों से संबंधों और अपराध के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। अभियोजक ने यह भी कहा कि पॉल कथित तौर पर मुवाट्टुपुझा में पुरानी कारों के एक शोरूम में इसी तरह की आगजनी की घटना में शामिल था। उस मामले से संबंधित जानकारियां भी जुटाई जानी हैं। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया और पुलिस को हर 48 घंटे में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। यह घटना 12 अक्टूबर को तड़के करीब दो बजकर 30 मिनट पर हुई थी। एर्णाकुलम मार्केट में कडवुभागम यहूदी प्रार्थनास्थल के सामने स्थित ब्लॉसम नर्सरी में आग लगा दी गई थी। यह इलाका कोच्चि सेंट्रल पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है। जांच के अनुसार, आरोपी नीले रंग की कार से घटनास्थल पर पहुंचा, वाहन से उतरा, नर्सरी पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। आरोप है कि वहां से भागने से पहले उसने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो भी बनाया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी किसी अज्ञात व्यक्ति के निर्देश पर निर्धारित ठिकानों को निशाना बनाता था, घटनाओं का वीडियो बनाता था और इसके बदले पैसे लेकर फुटेज भेजता था। पुलिस ने बताया कि इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या भुगतान क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से किया जाता था। आरोपी के फोन से मिले संदेशों में कथित तौर पर भारत के विभिन्न शहरों में यहूदी प्रार्थनास्थलों और उन पर हमलों का उल्लेख था। जांचकर्ता संदेशों के आदान-प्रदान में शामिल लोगों की पहचान, आरोपी के साथ उनके संबंधों और इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या आगजनी किसी संगठित अभियान का हिस्सा थी। जांच के दौरान जुटाई गई जानकारी के आधार पर एर्णाकुलम ग्रामीण पुलिस ने पुथेनक्रूज स्थित आरोपी के किराये के मकान की तलाशी ली और हेरोइन, फेंटानिल, ऑक्सीकोडोन, अल्प्राजोलम तथा केटामाइन सहित कई पदार्थ जब्त किए। पुलिस ने बताया कि केंद्रीय एजेंसियां भी इस मामले में अंतरराष्ट्रीय संबंधों के संदेह से जुड़ी जानकारियों की जांच कर रही हैं।
IRCTC लाया Kochi से Amazing Hyderabad Tour Package, 12 अक्टूबर से शुरू होगी यात्रा
घुमक्कड़ लोग घूमने के लिए नई-नई जगहों को खोज में लगे रहते हैं। अगर हैदराबाद आपकी ट्रैवल बकेट लिस्ट में है, तो IRCTC का नया टूर पैकेज, आपकी छोटी यात्रा की प्लानिंग को आसान बना सकता है। 'अमेजिंग हैदराबाद' नाम का यह चार दिन का पैकेज कोच्चि से 12 से 15 अक्टूबर, 2026 के लिए तय किया गया है। इस पैकेज की कीमत 27,150 रुपये प्रति व्यक्ति है। 4 दिन के टूर पैकेज - इस यात्रा की शुरुआत 12 अक्टूबर को कोच्चि से हैदराबाद के लिए सुबह की फ्लाइट से है। यहां पहुंचने के बाद, यात्री रात के लिए होटल में चेक-इन करने से पहले 'स्टैच्यू ऑफ इक्वालिटी', चारमीनार और गोलकुंडा फोर्ट जाएंगे। - दूसरे दिन रामोजी फिल्म सिटी घूमाया जाएगा। ब्रेकफास्ट के बाद यात्री को फिल्म स्टूडियो के विशाल कॉम्प्लेक्स जाएंगे। - तीसरे दिन पर्यटकों को मक्का मस्जिद और चौमहल्ला पैलेस ले जाएगा। जिसके बाद उन्हें हैदराबाद की आर्किटेक्चरल और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई जाएगी। दोपहर का समय यात्रियों के लिए खाली होगा ताकि वे अपनी मर्जी से धूम सके। - चौथे दिन यानी के 15 अक्तूबर को सैलर जंग म्यूजियम और बिड़ला मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। लंच के बाद, यात्री कोच्चि के लिए देर रात की वापसी वाली फ्लाइट से अपने शहर जा सकते हैं। IRCTC हैदराबाद टूर पैकेज की कीमत कितनी है? सिंगल ऑक्यूपेंसी: ₹34,450 प्रति व्यक्ति डबल ऑक्यूपेंसी: ₹28,200 प्रति व्यक्ति ट्रिपल ऑक्यूपेंसी: ₹27,150 प्रति व्यक्ति 5-11 साल के बच्चे: अलग बिस्तर के साथ ₹22,950 और बिना बिस्तर के ₹18,750 2-4 साल के बच्चे: बिना बिस्तर के ₹18,750 ₹27,150 प्रति व्यक्ति की शुरुआती कीमत ट्रिपल ऑक्यूपेंसी के लिए है। पैकेज में मिलने वाली सुविधाएं IRCTC टूर पैकेज में कोच्चि और हैदराबाद के बीच इकॉनमी-क्लास की फ़्लाइट, एयर-कंडीशंड होटल में तीन रात ठहरने की सुविधा, तीन बार नाश्ता और तीन बार डिनर शामिल हैं। यात्रियों को घूमने-फिरने के लिए एयर-कंडीशन्ड गाड़ियां मिलेंगी और कुछ खास दिनों पर गाइड की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

