18-19 जुलाई को होगी, 20 से मानसून सत्र:खंडेलवाल कार्यकाल की पहली कार्यसमिति की बैठक ओरछा में
मप्र भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आगामी 18 और 19 जुलाई को रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में होने जा रही है। यह बैठक राजनीतिक रूप से बेहद अहम होगी, क्योंकि यह भाजपा के मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के कार्यकाल की पहली प्रदेश कार्यसमिति बैठक होगी। इस कार्यसमिति बैठक से भाजपा दतिया विधानसभा सीट पर होने जा रहे उप चुनाव को भी साधने की कोशिश करेगी, क्योंकि ओरछा से दतिया की दूरी सिर्फ 45 किलोमीटर है। दिलचस्प बात यह है कि इस बैठक के ठीक अगले ही दिन, यानी 20 जुलाई से मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने जा रहा है। विधानसभा सत्र के ठीक पहले इस रणनीतिक बैठक के जरिए भाजपा अपने समूचे संगठन, जमीनी कैडर और विधायकों में भी नया जोश और ऊर्जा फूंकने का काम करेगी। ओरछा की इस दो दिवसीय बैठक में आगामी संगठनात्मक एजेंडे, राजनीतिक प्रस्तावों और विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष को घेरने की रणनीति पर गहन मंथन होगा। यह बैठक पार्टी विधायकों के लिए पावर कैप्सूल 20 जुलाई से शुरू हो रहे विधानसभा के मानसून सत्र में विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में 18-19 जुलाई को ओरछा में होने वाली यह बैठक पार्टी विधायकों के लिए एक पावर कैप्सूल का काम करेगी। बैठक में मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी, संगठन महामंत्री और सभी वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, जो विधायकों को सदन के भीतर और बाहर जनता के बीच आक्रामक ढंग से सरकार की उपलब्धियां रखने का मंत्र देंगे।
पहली बार कैमरे पर नकली नोट गिरोह:1 लाख के बदले 10 लाख के नोट, दावा- एटीएम भी नहीं पकड़ सकता
राजस्थान में नकली नोटों का सिंडिकेट ऑपरेट हो रहा है। गैंग इंस्टाग्राम पर नकली नोटों का प्रमोशन कर रहे हैं। रील्स में दावा करते हैं कि न काउंटिंग मशीन, न ही एटीएम ये नकली नोट पकड़ पाएगा। रील में ही नकली नोट की डील के लिए मोबाइल नंबर। भास्कर टीम ने ऐसे ही 2 मोबाइल नंबर पर काॅन्टेक्ट किया। गैंग ने 1 लाख के बदले 10 लाख के नकली नोट देने की डील ऑफर की। वीडियो कॉल पर पहले कैश चेक कराया, फिर 40 मिनट निगरानी के बाद एक युवक 3 नकली नोट लेकर पहुंचा। भास्कर टीम ने बहाना बनाकर डील टाल दी तो गैंग के बदमाशों ने काफी देर पीछा किया। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… पहला मोबाइल नम्बर : पहले महाराष्ट्र के लिए कहा, फिर अलवर बुलाया रिपोर्टर ने 722****572 नंबर पर मैसेज किया- कितने में कितने दोगे? दूसरे दिन रिप्लाई आया- 1 लाख के 10 लाख मिलेंगे। ऑल इंडिया मार्केट ATM और बैंक डिपॉजिट हो जाएंगे। हैंड टू हैंड महाराष्ट्र के अकोला आना पड़ेगा। एडवांस 10 हजार, उसके बाद ही डिलीवरी होगी। पूरा फर्स्ट क्वालिटी का माल रहेगा। बेस्ट क्वालिटी का पेपर रहेगा। तीसरे दिन वीडियो कॉल में रुपए देखे, फिर गैंग के दूसरे आदमी से कॉन्टैक्ट कराया अलवर पहुंचने के बाद रिपोर्टर ने माफिया को पहुंचने का मैसेज किया। इसके बाद माफिया ने वीडियो कॉल किया। वीडियो कॉल में माफिया ने अपना कैमरा बंद कर रखा था। उसने रुपए दिखाने के लिए कहा। रिपोर्टर ने एक लाख रुपए का बंडल दिखाया। उसे रुपए के बंडल पर विश्वास नहीं हुआ तो सही तरीके से दिखाने के लिए कहा। बोला- ये तो 50 हजार रुपए हैं। रिपोर्टर ने कहा- 1 लाख रुपए ही हैं। गिनकर ले लेना। पूरी संतुष्टि होने के बाद माफिया ने रिपोर्टर को इंतजार करने और किसी और को भेजने की बात कही। उसने रिपोर्टर की फोटो लेकर अपने साथियों को भेज दिया। काफी देर तक कोई नहीं आया तो रिपोर्टर ने दोबारा माफिया को काॅल किया… इसके बाद 772****583 नंबर से कॉल आया थोड़ी देर बाद उसी नंबर से दोबारा कॉल आया 40 मिनट तक बिठाए रखा, भास्कर टीम पर रखी नजर रिपोर्टर ने अपनी लोकेशन भेज दी। इसके बाद अलवर के एक पेट्रोल पंप के सामने चाय की थड़ी पर खड़ा हो गया। रिपोर्टर लोकेशन पर नहीं मिला तो गैंग के सदस्य ने कॉल किया और लोकेशन पूछी। रिपोर्टर ने पंप के सामने चाय पीने की बात कही। दोनों रिपोर्टर 40 मिनट तक वहीं बैठे रहे। कोई कॉल नहीं आया। इस दौरान बहुत से युवक कार, बाइक और पैदल वहां से गुजरे। आभास हो गया कि हम पर नजर रखी जा रही है। रिपोर्टर को पैदल बुलाया, नकली नोट के सैंपल दिए शाम को करीब 6 बजे उस युवक का फिर से कॉल आया। वो पहले से ही हमारे आसपास घूम रहा था। पुलिस साथ में नहीं होने का विश्वास होने पर उसने दूर से ही हमें इशारा किया। कार छोड़कर पैदल ही सीधे आने के लिए कहा। रिपोर्टर पैदल ही युवक से मिलने के लिए निकल गया। करीब 500 कदम की दूरी तय करने के बाद एक प्लाॅट के पास खड़े युवक ने रिपोर्टर को आवाज लगाई। यह युवक नकली नोट के सैंपल लेकर आया था। युवक ने रिपोर्टर को एक पैकेट दिया। पैकेट में नकली नोट के 3 सैंपल थे। एक 500 का और दो 100 रुपए के। उसके पास पानी की एक बोतल भी थी और एक ओसवाल साबुन का पैकेट। इसके बाद युवक ने नकली नोट पर पानी और साबुन लगाया। नोट लाल होने लगा और रंग उतरने लगा। लगातार भास्कर टीम का पीछा करते रहे इसके बाद रिपोर्टर नोट चेक करने का बहाना बनाकर वहां से निकल गए। भास्कर टीम की कार निकलते ही चार–पांच बाइक व कारें पीछा करने लग गईं। भास्कर टीम काफी देर तक अलवर में घूमती रही तो गैंग के सदस्य ने कॉल किया- नोट चेक क्यों नहीं कर रहे? वो बार–बार फोन कर रहा था। रिपोर्टर करीब एक घंटे तक अलवर शहर में इधर–उधर अपनी कार घुमाता रहा। बाद में पुलिस की सख्ती का बहाना कर डील को रोक लिया और अगले दिन बात करने की बात कही। रिपोर्टर ने जब पुलिस का बहाना बनाया तो युवक ने कोई भी परेशानी नहीं आने का दावा किया। इतना ही नहीं अलवर के बाहर तक छोड़कर आने की भी बात कही। रिपोर्टर ने पकड़े जाने का डर बताया और उस दिन के लिए डील को टाल दिया। इस पर गिरोह के सदस्य ने अलवर से बाहर दौसा बॉर्डर तक नकली नोट सप्लाई करने का दावा किया। आईजी बोले- असली जैसे लग रहे नोट भास्कर ने मामले में रेंज आईजी राहुल प्रकाश से बात की। उन्होंने कहा- नकली नोट के नाम पर लोगों को ठगने का काम भी चल रहा है। पुलिस ने दौसा में एक गिरोह पकड़ा था। उससे भारी संख्या में नकली नोट बरामद किए थे। जो तीन नोट दिखाए हैं, यह देखने में असली ही लग रहे हैं। बैंक में चेक कराने पर ही सच सामने आएगा। डिस्क्लेमर : इस इन्वेस्टिगेशन का मकसद नकली नोटों के सिंडिकेट का सच सामने लाना था। इस दौरान भास्कर टीम ने न ही गिरोह से नकली नोट लिए और न ही असली नोट दिए। गिरोह ने 3 नकली नोट बतौर सैंपल दिए थे। भास्कर ने वो तीनों नोट पुलिस को सौंप दिए। पार्ट-2 में कल पढ़िए : नकली नोट में कैसे डालते गांधीजी का वाटरमार्क-सिल्वर लाइन, गैंग के प्रमुख किरदार
63 लाख के गबन की शिकायत:सरपंच, सचिव और इंजीनियर पर कार्रवाई नहीं
मंगलवार को कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में 178 आवेदन पहुंचे। इस दौरान ग्राम पंचायत चंदेरी तहसील हुजूर में विकास कार्यों की राशि में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत कर सरपंच, सचिव और इंजीनियर पर मां विंध्यवासिनी मंदिर के शेड व कंक्रीट सड़क निर्माण के लिए स्वीकृत 20 लाख रुपए की विधायक निधि के गबन का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता देशराज मीणा के अनुसार, पंचायत ने दो पुराने तालाबों को नया दर्शाकर 15-15 लाख रुपए की राशि का दुरुपयोग किया। इसके अलावा, साल 2023 से 2025 के बीच तालाबों की नीलामी से मिले करीब 13 लाख रुपए भी सरकारी खाते में जमा नहीं कराए गए। ग्रामीणों का कहना है कि जनसुनवाई में चार बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी ऐशबाग के 600 मकानों को तोड़ने का विरोध ऐशबाग हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के करीब 600 मकानों को जर्जर घोषित कर तोड़ने के विरोध में रहवासी कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कहा कि वर्षों से रह रहे परिवारों के मकानों की रजिस्ट्री होने के बावजूद उन्हें बेघर किया जा रहा है। कलेक्ट्रेट पहुंची भीड़ को गेट पर ही रोक दिया गया। इसके बाद एडीएम सुमित पांडे नीचे आए और लोगों की परेशानी को सुना। उनको इस मामले में निराकरण का आश्वासन दिया। बच्चों के जाति प्रमाण पत्र के लिए दस्तावेज नहीं दे रहा पति शिव नगर कॉलोनी निवासी रानी चावरिया ने शिकायत की कि पति दिनेश चावरिया उन्हें और दो बेटों को छोड़कर दूसरी महिला के साथ रह रहा है। बच्चों के जाति प्रमाण पत्र के लिए जरूरी 1950 के रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज मांगने पर उसने फर्जी प्रमाण पत्र दे दिया, जिससे प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। मां की बीमारी से पढ़ाई प्रभावित, लॉ कॉलेज में प्रवेश के लिए मदद मांगी भोपाल की छात्रा रिंकी ने बताया कि मां की गंभीर बीमारी और आर्थिक तंगी के कारण परीक्षा में 69.04% अंक आए। मजदूर पिता निजी कॉलेज की फीस नहीं भर सकते, इसलिए उसने स्टेट लॉ कॉलेज में प्रवेश दिलाने के लिए प्रशासन से मदद मांगी। एक आंख से ही देख सकते पार्षद, आर्म्स लाइसेंस निरस्त करने की मांग शिकायतकर्ता शिजान अली ने वार्ड-42 के पार्षद अजीज उद्दीन का शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की मांग की। उनका कहना है कि पार्षद एक आंख से ही देख सकते हैं, जबकि आर्म्स रूल्स के अनुसार लाइसेंसधारी का शारीरिक रूप से सक्षम होना आवश्यक है।
इंस्टाग्राम पर चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज मटेरियल (CSAM) से जुड़े विज्ञापनों के मामले में केंद्र सरकार के नोटिस के बाद Meta ने अपना पक्ष रखा है। कंपनी ने कहा कि बच्चों का यौन शोषण एक भयानक अपराध है और उसकी किसी भी एप पर ऐसे कंटेंट के लिए कोई जगह नहीं है। Meta ने मंगलवार को एक विस्तृत ब्लॉग जारी कर बताया कि वह फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर ऐसे कंटेंट को रोकने के लिए AI बेस्ड सिस्टम, विज्ञापन का रिव्यू और बड़े पैमाने पर कार्रवाई कर रही है। Meta ने कहा कि यह कहना पूरी तरह गलत है कि कंपनी जानबूझकर बच्चों से जुड़े अनुचित विज्ञापन लोगों को दिखाती है। पिछले साल उसने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल 40 लाख से ज्यादा अकाउंट हटाए थे। आज की बाकी बड़ी खबरें… असली TMC विवाद- चुनाव आयोग ने रितब्रत बनर्जी गुट को 10 जुलाई तक जवाब दाखिल करने कहा तृणमूल कांग्रेस (TMC) में नेतृत्व को लेकर जारी विवाद के बीच चुनाव आयोग ने रितब्रत बनर्जी गुट को जवाब दाखिल करने के लिए 10 जुलाई तक का समय दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक, रितब्रत गुट ने अपना पक्ष रखने के लिए एक सप्ताह का और समय मांगा था, जिसे आयोग ने स्वीकार कर लिया। इससे पहले चुनाव आयोग ने दोनों गुटों को 6 जुलाई शाम 5:30 बजे तक अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया था। हालांकि, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले TMC गुट ने तय समय के भीतर अपना विस्तृत जवाब आयोग को सौंप दिया, जबकि रितब्रत गुट ने समय बढ़ाने की मांग की। गुजरात हाई कोर्ट का मामला- ‘काजू कतली पर फॉइल नुकसानदेह का प्रमाण नहीं’ गुजरात हाई कोर्ट ने कहा है कि काजू कतली पर लगी एल्युमिनियम फॉयल को सेहत के लिए नुकसानदेह बताने का कोई सबूत रिकॉर्ड पर नहीं है। कोर्ट ने मिठाई दुकान मालिकों को मिलावट के केस में बरी करने के फैसले को सही ठहराया। बेंच ने कहा कि ट्रायल कोर्ट ने तथ्यों और कानून को ठीक से नहीं पढ़ा। ट्रायल कोर्ट ने आरोपियों को सजा दी थी, जिसे अपीलीय कोर्ट ने पलटते हुए आरोपियों को बरी कर दिया था। हाई कोर्ट ने राज्य सरकार की अपील खारिज करते हुए अपीलीय कोर्ट का फैसला बरकरार रखा।
भोपाल की विशेष न्यायालय (एससी-एसटी) ने थाना निशातपुरा के एक मामले में पांचों आरोपियों को बरी कर दिया है। विशेष न्यायाधीश राजर्षि श्रीवास्तव की कोर्ट ने पुलिस की एक बेहद गंभीर लापरवाही को उजागर करते हुए पाया कि पुलिस ने इस केस में किसी दूसरे ही केस के दस्तावेज और धारा जोड़ दी थी। मामले की सुनवाई के दौरान विवेचना अधिकारी तत्कालीन थाना प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान ने गवाही में कहा कि पीड़ित के मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में धारदार या खतरनाक हथियार से गंभीर चोट पहुंचाने की धारा बढ़ाई गई थी और इसकी सूचना दस्तावेजों के जरिए कोर्ट को दी गई थी। जब कोर्ट ने उस दस्तावेज का बारीकी से अवलोकन किया, तो पाया कि मेडिकल रिपोर्ट इस मामले की है ही नहीं। यह पुलिस की भारी लापरवाही थी कि वह किसी अन्य अपराध से संबंधित दस्तावेज को इस केस में शामिल कर रही थी। कोर्ट ने इसे संदेहास्पद माना और आरोपियों को बरी कर दिया। क्या था पूरा मामला घटना 26 दिसंबर 2021 की दोपहर 2 बजे की है। रतन कॉलोनी में रहने वाला पीड़ित रवि अहिरवार घर के पास की दुकान पर ब्रेड लेने गया था। वहां दुकान के पास आरोपी विशाल प्रजापति, आकाश मीणा व सुमित मेहरा शराब पी रहे थे। उन्होंने रवि को बुलाया और गाली- गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद वहां निखिल यादव और देवेंद्र विश्वकर्मा भी आ गए और वे भी मारपीट में शामिल हो गए। कौन से केस की धारा इस मामले में पुलिस ने जोड़ी 25 नवंबर 2021 को निशातपुरा थाने में एससी-एसटी एक्ट में एक मामला दर्ज किया गया था। इसमें प्रमोद कुशवाहा और रोशन करोरिया ट्रक खाली कराने के पैसों का लेनदेन तय कर रहे थे, तभी आरोपी भूपेंद्र ने आकर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। उसके भाई सोनू मीणा ने रोशन पर धारदार छुरी से हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई थी। इस मामले में डॉक्टर की एक रिपोर्ट आई थी। जिसमें कहा गया था कि चोट नुकीली और हार्ड सामान से मारने पर आई है। पुलिस ने इस रिपोर्ट को पीड़ित रवि अहिरवार के मामले में लगा दिया था।
धीरज धर्म मित्र अरु नारी, आपद काल परिखिअहिं चारी। मतलब- धैर्य, धर्म, मित्र और स्त्री- इन चारों की विपत्ति के समय ही परीक्षा होती है। श्रीरामचरित मानस की ये चौपाई अयोध्या कांड की है। राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय ने मंगलवार को इसी चौपाई के जरिए चढ़ावा चोरी कांड पर अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने X पर रामभक्तों के नाम एक चिट्ठी लिखी और उसमें धैर्य, धर्म, मित्र और परीक्षा का दर्द बयां किया। चंपत राय ने मंदिर ट्रस्ट, विश्व हिंदू परिषद और अपने सहयोगियों को संदेश दिया- ‘संकट के समय कौन साथ खड़ा रहता है और कौन नहीं, इसकी परीक्षा हो रही है।’ उन्होंने कहा- SIT की अंतिम रिपोर्ट के बाद सभी सवालों के जवाब दूंगा और सत्य सामने आएगा। लोगों से धैर्य रखने की अपील की। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) रिपोर्ट को ‘परम गोपनीय’ कहकर उन लोगों पर भी सवाल उठाए, जिन्होंने 6 जुलाई को अयोध्या में ट्रस्ट की बैठक के बाद लीक कर दी। ये समय का फेर है, जो चंपत राय आज से 1 महीना पहले राम मंदिर के सर्वेसर्वा थे, उन्हें अब किनारे लगा दिया गया है। ट्रस्ट से बाहर होना पड़ा। शक की नजर से देखा जाने लगा। स्थिति कुछ ऐसी हुई कि उन्हें मौन धारण करना पड़ा है। पढ़िए चंपत की रामभक्तों के नाम पाती और उसके मायने… चंपत राय को क्यों लिखनी पड़ी चौपाई, समझिए… 7 जून को चढ़ावा चोरी की बात सामने आने के बाद से चंपत राय विपक्ष के निशाने पर हैं। वे उन लोगों के भी निशाने हैं, जिन्होंने राम मंदिर को बहुमूल्य चीजें दान की थीं। मंदिर ट्रस्ट में भी कई लोग उनके खिलाफ हो चुके हैं। यही वजह है कि उन्हें श्रीरामचरित मानस की चौपाई से अपनी वेदना जाहिर करनी पड़ी। धीरज- चंपत राय कहना चाहते हैं कि इस मामले में धीरज रखिए। जल्दबाजी में निष्कर्ष न निकालिए। अंतिम जांच रिपोर्ट आने दीजिए। अपनी चिट्ठी में वह कहते हैं- एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद वह सभी आरोपों को एक तरफ से जवाब देंगे। धर्म- राम मंदिर से करोड़ों लोगों की आस्था है। विपक्ष धार्मिक जगह पर अधर्म होने का आरोप लगा रहा है। चंपत राय ने नैतिक रूप से जिम्मेदारी लेते हुए अपना इस्तीफा दिया। वह कहना चाहते हैं कि मामले में दोषियों को कठोर दंड मिले, लोगों का विश्वास लौटे। मित्र- सबसे ज्यादा इसी की चर्चा है। हालांकि चंपत राय ने अपनी चिट्ठी में किसी मित्र का नाम नहीं लिखा है। लेकिन जो लोग चंपत को जानते हैं, वह कहते हैं- चंपत के खास मित्रों में अनिल मिश्रा और ड्राइवर रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव हैं। दोनों ने ही धोखा दिया। टिन्नू जेल में है। अनिल पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। नारी- फिलहाल नारी से चंपत राय का कोई वास्ता नहीं है। वह अविवाहित हैं। 19 लाइन की हस्तलिखित चिट्ठी, सबसे ऊपर ऊं चंपत राय ने अपनी 19 लाइन की हस्तलिखित चिट्ठी में सबसे ऊपर ओम (ऊं) लिखा है। इसके बाद लिखा- चंपत राय की पाती रामभक्तों के नाम। अगली लाइन में लिखा- पिछले 7 जून, 2026 से, श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर के दानपात्र की गणना के समय की कथित चोरी के सम्बन्ध में अनेक प्रकार की चर्चाएँ चल रही हैं। व्यक्तिगत मेरे ऊपर अनेकों अनर्गल आरोप लगाए हैं, मैंने मौन धारण कर लिया है, क्योंकि ट्रस्ट की 6 जुलाई की समीक्षा बैठक में SIT की प्रारम्भिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। यह रिपोर्ट अब सार्वजनिक हो चुकी है। यद्यपि यह परम गोपनीय थी, आप सभी को आश्वस्त करता हूं कि SIT की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद, फैलाए जा रहे सभी दुष्प्रचारों पर अपना उत्तर क्रमानुसार दूंगा, सभी सत्य सामने आ जाएगा। मैं वर्ष अक्टूबर, 1991 से अयोध्या में भेजा गया संगठन द्वारा, मेरा प्रचारक जीवन 45 वर्ष से, जहां-जहां मैं रहा, खुली पुस्तक के समान है। सभी को आदरपूर्वक नमन्।। — चंपत राय6 जुलाई, 2026(अयोध्या) चंपत राय का आरोप- अनिल मिश्रा ने बैंक के साथ करार किया राम मंदिर चढ़ावा चोरी की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) को चंपत राय ने जो जवाब दिए थे, वो सामने आ गए हैं। लेटर पर चंपत राय के साइन बताए जा रहे हैं। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं है। अपने जवाब में चंपत राय ने ट्रस्ट के सदस्य रहे अनिल मिश्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके साथ ही बैंक के साथ हुए MOU, दिशा-निर्देशों और सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े किए हैं। चंपत राय की बड़ी बातें- MOU पर सवाल: बैंक के साथ हुए MOU की जानकारी मुझे नहीं थी, इस पर मेरे हस्ताक्षर नहीं हैं।अनिल मिश्रा पर आरोप: मेरी जानकारी के बिना बैंक के साथ करार किया गया।6 फरवरी 2025 का पत्र: इस दिशा-निर्देश पत्र पर मेरे हस्ताक्षर नहीं हैं, इसकी जानकारी 13 जून 2026 को मिली।पुराने सभी समझौतों पर हस्ताक्षर: अगस्त 2020 से जून 2026 तक के अन्य बैंक अनुबंधों पर मेरे हस्ताक्षर मौजूद हैं।सुरक्षा नियमों का उल्लंघन: गणना के दौरान बैंक ने तय सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया।बिना जेब वाली ड्रेस नहीं: कैश गिनने वाले कर्मचारियों को बिना जेब वाले कपड़े पहनाने का नियम लागू नहीं हुआ।हाउसकीपिंग स्टाफ पर आपत्ति: बैंक ने गणना कार्य में हाउसकीपिंग स्टाफ लगाया, जो नियमों के खिलाफ था।बैंक अधिकारियों पर सवाल: या तो अधिकारियों को नियमों की जानकारी नहीं थी या जानबूझकर अनदेखी की गई।CCTV और सुरक्षा व्यवस्था अधूरी: MOU के मुताबिक CCTV, लोहे के दरवाजे और अन्य सुरक्षा इंतजाम होने थे, लेकिन लागू नहीं किए गए।बैंक से जवाब मांगा: सुरक्षा मानकों में हुई लापरवाही पर बैंक अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। गोविंद देव गिरि बोले- चंपत राय निर्दोष हैं राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद पर मंगलवार को ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज ने खुलकर अपनी बात रखी। कहा- मैं जब ये कहता हूं कि वे (चंपत राय) निर्दोष हैं, तो मेरा मतलब है कि इस पूरे कांड के साथ उनका कोई चारित्रिक संबंध नहीं हो सकता। लेकिन वे खुद सावधान नहीं रहे। उन्होंने एक अपराधी को अपना ड्राइवर रखा था। उसके पास चाबियां थीं। सब कुछ वही कंट्रोल करता था। उनके ड्राइवर ने ही यह सब किया। मुझे आशंका है कि ड्राइवर बाहरी लोगों से जुड़ा था। यह सब CEO नहीं होने की वजह से हुआ। इसलिए हम एक CEO लाएंगे। ----------------------- यह खबर भी पढ़िए… चंपत के इस्तीफे के खिलाफ थे ज्यादातर सदस्य:ट्रस्ट के संविधान के कारण मंजूर हुआ; गोपाल राव को देखते ही कोषाध्यक्ष बोले- हटो यहां से ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि बैठक में शामिल होने राम मंदिर परिसर पहुंचे। गाड़ी से उतरते ही उनकी नजर यात्री सुविधा केंद्र के बाहर खड़े गोपाल राव पर पड़ी। वह ट्रस्ट के आमंत्रित सदस्य हैं। गोविंद देव उन्हें देखकर नाराज हुए। पढ़ें पूरी खबर…
पुलिस चेकिंग देखकर यू-टर्न लेकर भागने, गलियों से निकलने या रॉन्ग साइड वाहन दौड़ाकर बच निकलने वाले चालकों पर अब शिकंजा कसने के लिए भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने अपनी पूरी रणनीति बदल दी है। शहर में अब 40 की जगह केवल 13 चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, लेकिन हर पॉइंट को मजबूत पुलिस बल के साथ घेराबंदी पॉइंट में बदल दिया गया है। यह व्यवस्था एक जुलाई से लागू हो चुकी है और फिलहाल इसकी कोई समय-सीमा तय नहीं की गई है। पहले 40 चेकिंग पॉइंट पर औसतन पांच-पांच पुलिसकर्मी तैनात रहते थे, यानी करीब 200 जवान ड्यूटी पर लगाए जाते थे। नई व्यवस्था में प्रत्येक पॉइंट पर अधिकारियों सहित 16 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें पांच अधिकारी शामिल होंगे, जबकि महिला अधिकारी और महिला कर्मचारी भी मौजूद रहेंगी। कुल पुलिस बल अब बढ़कर 213 हो गया है। अतिरिक्त बढ़ोतरी मुख्य रूप से एसीपी स्तर के अधिकारियों की तैनाती से हुई है। सभी 13 पॉइंट की कमान संबंधित एसीपी के हाथ में रहेगी, जो मौके पर रहकर कार्रवाई की निगरानी करेंगे। अभी एक पॉइंट पर 5 पुलिसकर्मी... नई व्यवस्था में शाम 6 से रात 10 बजे तक चलेगा अभियान एसीपी रोज तय करेंगे, किस पॉइंट पर लगेगी चेकिंग अधिकारियों का कहना है कि चेकिंग से बचने के लिए अचानक यू-टर्न लेने या रॉन्ग साइड वाहन दौड़ाने के कारण रोजाना औसतन 7 दुर्घटनाएं सामने आती हैं। नई घेराबंदी व्यवस्था से ऐसे हादसों में भी कमी आने की उम्मीद है। अब रोजाना शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक अभियान चलेगा। सभी 13 पॉइंट स्थायी नहीं होंगे, बल्कि उनकी लोकेशन रोज बदली जाएगी। किस दिन कौन-सा पॉइंट रहेगा, यह एसीपी तय करेंगे। तीन गुना तक बढ़े चालान एक जुलाई से शुरू हुई इस व्यवस्था का असर दिखने लगा है। पहले रोजाना करीब एक हजार वाहनों की जांच और औसतन 700 चालान बनते थे। अब रोजाना लगभग 3 हजार वाहनों की जांच और औसतन 2400 चालान बनाए जा रहे हैं। अभियान के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, काली फिल्म, बिना नंबर या डिफेक्टिव नंबर प्लेट पर कार्रवाई हो रही है। 13 प्रमुख चेकिंग पॉइंटजोन-1: हबीबिया तिराहा, अर्जुन नगर लिंक रोड-2, रानी कमलापति स्टेशन।जोन-2: डीबी मॉल के सामने, बरखेड़ा पठानी 80 फीट रोड, राजा भोज बाग सलैया।जोन-3: रेतघाट, डीआईजी बंगला, गौतम नगर, कलेक्ट्रेट तिराहा, कोहेफिजा।जोन-4: कैंची छोला (निशातपुरा), संत जी की कुटिया के पास, बैरागढ़ और चूना भट्टी चौराहा। कम पॉइंट पर ज्यादा पुलिस बल, ताकि कोई नियम तोड़कर न निकल पाएपहले चेकिंग देखकर वाहन चालक वापस लौट जाते थे या रॉन्ग साइड भागने की कोशिश करते थे, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता था। इसलिए कम पॉइंट पर ज्यादा पुलिस बल, एसीपी की निगरानी, बदलती लोकेशन और मजबूत घेराबंदी की व्यवस्था लागू की गई है, ताकि नियम तोड़ने वाला कोई भी वाहन चालक बचकर न निकल सके। -बसंत कौल, एडिशनल डीसीपी (ट्रैफिक)
जिले में 1.88 लाख हेक्टेयर का लक्ष्य, अबतक 24721 हेक्टेयर खेत में धान की बुआई
भास्कर न्यूज|गुमला जिले में बीते दो माह से थोड़ी-थोड़ी बारिश के बाद पिछले एक सप्ताह से बारिश ने रफ्तार पकड़ा है खेतों में नमी बनी हुई है। किसान खरीफ फसल की तैयारी में जुट चुके हैं। जानकारों के मुताबिक किसान रोहिणी नक्षत्र में ही कृषि कार्य शुरू करते हैं। यह 25 मई से आठ जून तक रहता है। कृषि विभाग खरीफ फसल को लेकर लगातार कार्यशालाएं आयोजित कर रहा है। विभाग किसानों को मौसम के अनुसार खेती के लिए जागरूक कर रहा है। किसानों को जागरूक करने में कृषि वैज्ञानिक, कृषि विभाग के अधिकारी, कृषक मित्र, एटीएम-बीटीए एटीएम-बीटीएम लगे लगे हुए हुए हैं। मौसम विभाग ने इस वर्ष अलनीनो के असर के कारण औसत से कम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। कृषि विभाग ने इस वर्ष 2 लाख 44 हजार हेक्टेयर में खरीफ फसल लगाने का लक्ष्य रखा है। वही 1 लाख 88 हजार हेक्टेयर में धान का लक्ष्य है। जिले में चींटा धान 22 हजार 417 हेक्टेयर और रोपा धान 2304 हेक्टेयर में अबतक बुआई की जा चुकी है। कृषि विभाग आंकड़े के मुताबिक मई से 7 जुलाई तक सामान्य वर्षापात 534.9 मिमी की जगह अबतक 332.3 मिमी ही वर्षापात हुई है। अर्थात 202 मिमी कम बारिश हुई है। जिले में एक लाख 5 हजार अधिक किसान रजिस्टर्ड हैं। इनके बीच अनुदानित दर पर बीज का वितरण किया जाना है। किसानों का कहना है कि प्रत्येक वर्ष विभाग बीज का वितरण तो करता है। वितरण समय निकल जाने के बाद होता है। अनुदानित बीज की गुणवत्ता ऐसी होती है कि उत्पादन कम हो जाता है। इस वर्ष विभाग ने अलनीनो के कारण कम बारिश की उम्मीद जताई है। इसी को आधार मानते हुए किसानों के लिए कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। कम वर्षापात की स्थिति में खेती करने के लिए उन्हें प्रशिक्षित किया जा रहा है। कम बारिश के बावजूद नुकसान न हो। वहीं किसानों में शनि उरांव, सोमरा उरांव, फगुवा उरांव, विनोद उरांव, करमा उरांव आदि का कहना है कि प्रत्येक वर्ष विभाग बीज का वितरण तो करता है। वितरण समय निकल जाने के बाद होता है। अनुदानित बीज की गुणवत्ता ऐसी होती है कि उत्पादन कम हो जाता है। इसलिए किसानों का भरोसा अनुदानित बीज और खाद से उठता जा रहा है। कृषि विभाग न समय पर बीज का वितरण करता है। न बीज की गुणवत्ता संतोषजनक होती है। इसका असर किसानों की उम्मीदों पर पड़ता है। किसान ठगा सा महसूस करते हैं। बीज के लिए रजिस्ट्रेशन कराने के बाद विभाग अनुदानित मूल्य पर बीज उपलब्ध कराता है। यह बहुत से किसानों के लिए पर्याप्त नहीं पड़ता। अंततः खुले बाजार से भी बीज लेना ही पड़ता है। कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अनुदानित दर पर बीज उपलब्ध होने में अभी तीन से चार दिन लगने के मामले में जिला कृषि अधिकारी शुभम प्रिया तियु बताती हैं कि इस वर्ष 2 लाख 44 हजार हेक्टेयर में खरीफ फसल लगाने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों के बीच अनुदानित दर पर बीज का वितरण भी किया जाना है। जिले में किसानों के लिए 1530 क्विंटल विभिन्न फसलों के बीज आवंटित किए गए है। जिसमे से लगभग 515 क्विंटल बीज जिले के विभिन्न प्रखंडों में वितरण के लिए भेज दिए गए है, जिसका वितरण प्रारंभ है। उन्होंने बताया कि किसानों को 100 प्रतिशत और 50 फीसदी अनुदान पर बीज का वितरण किया जाता है। इस वर्ष भी मक्का, धान संकर पीएसी-801, पीएनपीएच-24, उरद पीयू-31, मूंग, मूंगफली, तिल, ज्वार, अरहर, रागी, जौ का वितरण किया जाएगा।
मोंगिया नेशनल वॉलीबॉल अकादमी में मनाया गया वर्ल्ड वॉलीबॉल दिवस
भास्कर न्यूज | गिरिडीह मोंगिया नेशनल वॉलीबॉल अकादमी में को वर्ल्ड वॉलीबॉल दिवस का आयोजन धूमधाम से किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में मोंगिया स्टील लिमिटेड के डायरेक्टर हरिन्दर सिंह मोंगिया उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर मोंगिया स्कूल के डायरेक्टर सन्नी शर्मा भी मौजूद रहे। समारोह का उद्घाटन पारंपरिक तरीके से केक काटकर किया गया। वर्ल्ड वॉलीबॉल दिवस हर साल 7 जुलाई को मनाया जाता है। यह एफआईवीबी की स्थापना के उपलक्ष्य में शुरू किया गया था। इस दिन को मनाने का उद्देश्य खेल की ऐतिहासिकता को संजोना है। 7 जुलाई 1895 को डब्ल्यू. जी. मॉर्गन ने वॉलीबॉल का पहला सार्वजनिक प्रदर्शन किया था। मुख्य अतिथि हरिन्दर सिंह मोंगिया ने समारोह में अपने संबोधन में कहा कि इस दिन का महत्व अत्यधिक है। उन्होंने कहा कि अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे बच्चे न केवल भारत में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपना नाम रोशन करें। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में अकादमी के बच्चों ने चीन में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में सभी बच्चे विश्व स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। वहीं, सन्नी शर्मा ने कहा कि खेल के साथ-साथ अच्छी शिक्षा हासिल करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों को विश्व स्तर पर पहचान दिला सकती है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में कोच अजीत सिंह, दिव्यांशु जी, आदिल सिद्दीकी, सुखदेव और अन्य मान्यता प्राप्त लोग भी शामिल थे।
राज्यपाल से मिले सहायक शिक्षक महासंघ के प्रतिनिधि, छह सूत्री मांगों का सौंपा ज्ञापन
बगोदर| सहायक अध्यापक महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष नारायण महतो के नेतृत्व में सोमवार को प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान सहायक शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर छह सूत्री मांगपत्र सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के साथ हुए समझौते को लागू करने, अनुकंपा नियुक्ति देने, कल्याण कोष का गठन करने, मानदेय में वृद्धि करने और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुरूप नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मांग की कि सहायक शिक्षकों से जुड़े समझौतों को जल्द लागू किया जाए। इसके अलावा अनुकंपा नियुक्ति का लाभ देने, सहायक शिक्षकों के लिए कल्याण कोष बनाने और मानदेय में वृद्धि करने की मांग की गई। जेटेट परीक्षा में पारा शिक्षकों को प्रति वर्ष एक प्रतिशत कार्यानुभव का वेटेज देने, शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने, वर्ष 2018 के आंदोलन से जुड़े मुकदमों को वापस लेने और सभी शिक्षकों को वेतनमान या समतुल्य मानदेय देने की मांग भी शामिल थी। महासंघ ने सुप्रीम कोर्ट में सुनील कुमार यादव बनाम झारखंड सरकार मामले में 7 मई 2026 को पारित आदेश का हवाला देते हुए जेटेट उत्तीर्ण पारा शिक्षकों की 2012 और 2022 की शिक्षक नियुक्ति नियमावली के आधार पर मेधा सूची तैयार करने की मांग की। सहायक शिक्षक पद पर सीधी नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग भी रखी गई। राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मांगपत्र को शिक्षा मंत्री सह मुख्यमंत्री के पास भेजा जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के स्थापना दिवस पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, उल्लास
भास्कर न्यूज | गिरिडीह अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा पखवाड़ा के समापन पर पुलिस लाइन स्थित हनुमान चालीसा केंद्र में सामूहिक हनुमान चालीसा का आयोजन किया गया। दुमका में आयोजित वीर हिन्दू विजेता हिन्दू प्रांतीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग में भाग लेने वाले गिरिडीह के शिक्षार्थियों तथा संगठन में नई जिम्मेदारी प्राप्त करने वाले पदाधिकारियों को भगवा वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित किए गए नवदायित्वधारियों में अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के प्रांत मंत्री रविशंकर पांडेय, धनबाद विभागाध्यक्ष रितेश पांडेय, जिला महामंत्री पंकज पांडेय, एडवोकेट फोरम के जिला अध्यक्ष रोचित अग्रवाल तथा ओजस्विनी नगर उपाध्यक्ष पलक सिन्हा शामिल हैं। इसके अलावा नियमित रूप से हनुमान चालीसा केंद्र का संचालन करने वाले रोशन कुमार तथा शौर्य प्रशिक्षण वर्ग में शामिल अमन कुमार, रूपेश, कृष, अजीत, आदर्श, अंकुश को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। राष्ट्रीय महिला परिषद की जिला अध्यक्ष पूनम सिन्हा को भी संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के जिला कार्याध्यक्ष विजयमल पांडेय, हिन्दू हेल्पलाइन के जिला अध्यक्ष राम बाबू गुप्ता, राष्ट्रीय मजदूर परिषद के जिला महामंत्री रपन गुप्ता, राष्ट्रीय बजरंग दल के गौरव कुमार, लालू गुप्ता सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
गिरिडीह की कोरंगो नदी पर 3.28 करोड़ से बनेगा नया पुल
भास्कर न्यूज |गिरिडीह गिरिडीह सदर प्रखंड की पिंडाटांड़ पंचायत के ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। रजपुरा-परसाटांड़ और पिंडाटांड़ के बीच कोरंगो नदी पर नए पुल निर्माण को झारखंड सरकार ने प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी दे दी है। ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से 3 जुलाई को जारी आदेश के तहत इस परियोजना पर कुल 3.28 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत बनने वाले इस 67.08 मीटर लंबे पुल से पिंडाटांड़ सहित आसपास के 35 से अधिक गांवों की करीब 30 हजार की आबादी को सुरक्षित रास्ता मिल जाएगा। यहां बना पुराना पुल तीन साल पहले टूट चुका था, लेकिन दूसरा रास्ता नहीं होने के कारण लोग इसी टूटे व जर्जर पुल से जान जोखिम में डालकर आ-जा रहे थे। इससे स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। दरअसल, इस पुल का निर्माण वित्तीय वर्ष 2024-25 में ही होना था, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के कारण कोरंगो नदी के बजाय बेंगाबाद प्रखंड की बड़का नदी पर पुल निर्माण की मंजूरी दे दी गई थी, जबकि शिलान्यास कोरंगो नदी पर हुआ था। इस भूल को सुधारते हुए विभाग ने बीते 15 जून 2026 को पुरानी योजना को रद्द कर दिया। इसके बाद गाण्डेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन के प्रयासों से इस तकनीकी गलती को दूर किया गया और सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत नए सिरे से कोरंगो नदी पर पुल निर्माण को हरी झंडी दी। रांची की 'आर्चिट कन्सलटेंट' एजेंसी ने इसकी डीपीआर तैयार की है और जिला कोषागार से राशि की निकासी की जाएगी। पुल निर्माण की बड़ी शर्तें : एप्रोच रोड पहले: पुल का निर्माण शुरू करने से पहले विभाग के कार्यपालक अभियंता को दोनों तरफ के आने-जाने वाले एप्रोच रोड का काम पूरा कराना होगा। जियो टैगिंग अनिवार्य: निर्माण कार्य शुरू होने से पहले और पुल पूरा बनने के बाद, साइट की जियो टैग फोटोग्राफी (लोकेशन फोटो) कराना जरूरी होगा। दागी ठेकेदारों पर रोक: काली सूची (ब्लैकलिस्टेड) या डिबार लिस्ट में शामिल ठेकेदारों को इस पुल के निर्माण का काम नहीं दिया जाएगा।
कार सवार युवकों को लाठियों से पीटा, तीन लाख की सोने की चेन लूटी
भास्कर न्यूज | गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र में मेट्रोज गली होकर बेरगी जाने वाले रास्ते में उसरी नदी के पास रविवार रात 9 से 10 बजे के बीच अपराधियों ने कार सवार युवकों पर लाठियों से हमला कर दिया। हमलावर युवकों से 20 ग्राम की सोने की चेन लूटकर भाग निकले, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई जा रही है। इस मारपीट में दो युवक बुरी तरह घायल हुए हैं, जिनके हाथ टूट गए हैं। घटना के बाद पीड़ितों ने नगर थाने में शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने अरगाघाट सूर्य मंदिर निवासी रवि सिंह, सूरज सिन्हा, मोहित यादव, सोनू और अन्य अज्ञात आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी के मुताबिक मंगरोडीह निवासी सौरभ कुमार (26) अपने दोस्त सुमन कुमार सौरभ और सुरभी कांत के साथ कार से बैरगी शॉर्टकट रास्ते से जा रहे थे। कार नदी के पास पहुंची, तभी वहां मौजूद चारों नामजद आरोपियों ने 5-6 अज्ञात लोगों के साथ कार जबरन रुकवा दी। सौरभ ने कार का शीशा नीचे कर रोकने का कारण पूछा, तो मुख्य आरोपी रवि सिंह ने सिगरेट मांगी। सौरभ ने कहा कि वह सिगरेट नहीं पीता और उसके पास सिगरेट नहीं है। सिगरेट न होने की बात सुनते ही आरोपी भड़क गए। आरोप है कि रवि सिंह ने लाठी से सौरभ के सिर पर वार करने की कोशिश की। सौरभ ने हाथ आगे कर सिर बचाया, जिससे लाठी हाथ पर लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद हमलावरों ने सौरभ को कार से नीचे घसीटकर लाठी और बांस से पीटा। इसी बीच रवि सिंह ने सौरभ के गले से सोने की चेन झपट ली। बीच-बचाव करने आए सुरभी कांत को भी हमलावरों ने लाठियों से पीटकर घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब मोहल्ले के लोग जुटने लगे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
सड़क हादसे में घायल पति की मौत, पत्नी-बच्ची गंभीर
भास्कर न्यूज | गिरिडीह पचंबा थाना क्षेत्र के पत्थरा-नवाडीह मुख्य सड़क पर सोमवार देर शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल पीरटांड़ थाना क्षेत्र के कठवारा निवासी शिवन दास (26) की मौत हो गई। हादसे के बाद उसे सदर अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद हालत चिंताजनक देखते हुए मेडिकल कॉलेज धनबाद रेफर कर दिया था। धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार शिवन दास सोमवार शाम को बाइक पर पत्नी कविता देवी और तीन साल की बेटी रुही को बैठाकर तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी स्थित अपने ससुराल जा रहा था। इसी दौरान पत्थरा नवाडीह के पास सामने से आ रही इनोवा कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर लहुलुहान हो गए। मौके पर पहुंची पचंबा पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया था, जहां पत्नी और बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक के छोटे भाई पवन दास ने बताया कि शिवन दास की शादी इसी साल फरवरी 2026 में हुई थी। वह मजदूरी करता था। पीड़ित परिवार और भाई ने जिला प्रशासन से 30 लाख रुपए मुआवजे की मांग की है। इधर, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
फाइलेरिया जांच के लिए रात में 85 ग्रामीणों ने दिया रक्त
भास्कर न्यूज | बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित आदर्श नगर मोड़ पर सोमवार की रात स्वास्थ्य विभाग द्वारा फाइलेरिया रात्रि रक्त संग्रह शिविर का आयोजन किया गया। खराब मौसम के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब दो घंटे से अधिक समय तक शिविर संचालित किया। कुल 85 लोगों के रक्त के नमूने एकत्र किए। शिविर में महिला व पुरुष सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने स्वेच्छा से भाग लिया। जांच के लिए रक्त के नमूने दिए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रात्रि के समय रक्त संग्रह इसलिए किया जाता है, क्योंकि फाइलेरिया रोग के परजीवी (माइक्रोफाइलेरिया) रात में रक्त में अधिक सक्रिय रहते हैं। इससे जांच अधिक सटीक हो पाती है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान व रोकथाम के लिए ऐसे जांच शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लें। विभाग द्वारा चलाए जा रहे जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों में सहयोग करें। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सांसद प्रतिनिधि छोटू राजा, दीपक राज, मनोज प्रसाद, मनोरंजन कुमार, युवराज, विक्रम सिंह, गुलाम सरवर, अरुण कुमार सिंह, दिलकेश्वर राम, रविकांत सिंह, विमला देवी, ललमनी देवी, फागुनी देवी, अभिषेक कुमार पासवान सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। गढ़वा | गढ़वा प्रखंड के टंडवा-नारायणपुर स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में मंगलवार को वन महोत्सव पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें प्रधानाचार्य, निदेशक, सचिव, प्रबंधन समिति के सदस्यों, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया।
छाताकुंड +2 विद्यालय में पेयजल संकट, छात्र प्रभावित
भास्कर न्यूज | केतार प्रखंड के उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय छाताकुण्ड में पेयजल व्यवस्था चरमरा गई है। परिसर में लगे अधिकांश चापाकल लंबे समय से खराब हैं और जलमीनार भी बंद पड़ी है। हालात नहीं सुधरे तो हाई स्कूल व मिडिल स्कूल के कुल लगभग 1100 छात्र-छात्राओं को गंभीर परेशानी झेलनी पड़ेगी।अभिभावकों व ग्रामीणों के अनुसार बच्चों को घर से पानी लाना पड़ रहा है। शौचालयों में पानी की कमी से स्वच्छता प्रभावित है और मध्याह्न भोजन के बाद हाथ धोने व पानी पीने में भी दिक्कत हो रही है।विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रभुनाथ राम ने बताया कि तीन बोर में से दो में जलस्तर नीचे चला गया है और उपकरण खराब हैं, जबकि तीसरी बोर बारिश-बादल के कारण सुचारु रूप से नहीं चल पा रही। समस्या की सूचना शिक्षा विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल मरम्मत कर नियमित पेयजल बहाल करने की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य पर असर न पड़े। क्या कहते हैं विद्यालय के प्रधानाध्यापक : प्रधानाध्यापक राजीव कुमार ने कहा कि विद्यालय परिसर में स्थापित तीन बोर में से दो में पानी का स्तर काफी नीचे चला गया है, साथ ही उनमें लगे चापाकल व जलमीनार भी खराब स्थिति में हैं। तीसरी बोर बारिश और लगातार बादल छाए रहने के कारण नियमित रूप से काम नहीं कर पा रही है। उन्होंने बताया कि बच्चों के मध्याह्न भोजन को बाधित होने से बचाने के लिए आसपास के क्षेत्रों से पानी मंगाकर अस्थायी व्यवस्था की जा रही है। इस गंभीर समस्या से संबंधित जानकारी शिक्षा विभाग को पहले ही दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। क्या कहते हैं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सुदीप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि उन्हें विद्यालय की पेयजल समस्या की जानकारी मिली है। वर्तमान में प्रखंड स्तर पर ऐसा कोई मद उपलब्ध नहीं है, जिससे बोर या जलमीनार की मरम्मत कराई जा सके। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी पत्र के माध्यम से जिला शिक्षा विभाग को भेजी जा रही है, ताकि आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पंचायत सचिवालय केतार की बाउंड्री में दरार, कभी भी हो सकती है बड़ी दुर्घटना
भास्कर न्यूज | केतार पंचायत सचिवालय केतार की बाउंड्री दीवार में गंभीर दरारें पड़ गई हैं। जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा मंडराने लगा है। बाउंड्री दीवार के ठीक सटे रास्ते से दिनभर ग्रामीणों का आवागमन बना रहता है। ऐसे में दीवार के गिरने की आशंका से लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार इसी बाउंड्री के भीतर एफसीआई का राशन गोदाम भी स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़े-बड़े वाहनों से चावल और गेहूं की ढुलाई होती है। इसके बाद राशन डीलरों के बीच पिकअप और ट्रैक्टर के माध्यम से अनाज का वितरण किया जाता है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से बाउंड्री की स्थिति और भी कमजोर होती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बाउंड्री की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। क्या कहते हैं मुखिया पंचायत के मुखिया प्रमोद कुमार ने बताया कि लगभग दो महीने पूर्व राशन लेकर पहुंची एक ट्रक ने बैक करते समय बाउंड्री दीवार में जोरदार धक्का मार दिया था, जिससे दीवार में दरार आ गई और वह क्षतिग्रस्त हो गई। मुखिया ने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा को देखते हुए बाउंड्री दीवार की मरम्मत एक सप्ताह के भीतर करा दी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके और आम लोगों का आवागमन सुरक्षितबना रहे।
भूमि विवादों का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता
मझिआंव/बरडीहा| बरडीहा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में निर्धारित कार्यक्रम के तहत जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोग अपनी-अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को लेकर पहुंचे। इस अवसर पर भूमि विवाद सहित अन्य समस्याओं को लेकर 10 आवेदन प्राप्त किए गए।प्राप्त आवेदनों की सुनवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। वहीं भूमि विवाद से संबंधित कुछ पुराने मामलों का समुचित सुनवाई के उपरांत निष्पादन कर उनका निस्तारण किया गया। इस अवसर पर बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि भूमि विवादों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। कहा कि कोई भी पीड़ित समस्या लेकर अंचल या प्रखंड कार्यालय या जनता दरबार में निःसंकोच पहुंचे।
मानसिक बीमारी से असामयिक मौत, मातम
खरौंधी| थाना क्षेत्र के मझिगावां निवासी 57 वर्षीय अजय प्रसाद यादव की राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से हुई दर्दनाक मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। सोमवार देर रात उनका शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मंगलवार दोपहर गुजरात से उनके पुत्र चंदन यादव के गांव पहुंचने के बाद स्थानीय श्मशान घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।जानकारी के अनुसार अजय यादव परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कई वर्षों तक दिल्ली में रहकर मजदूरी करते थे। पिछले लगभग तीन महीनों से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण वे गांव में ही रह रहे थे। रविवार दोपहर वे बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।सोमवार सुबह बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के पल्हे कला गांव के समीप गढ़वा-चोपन रेलखंड पर रेलवे ट्रैक के पास उनका शव मिलने की सूचना मिली। बताया गया कि राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
आपसी विवाद में सीओ ने की बैठक, हुए कई जरूरी निर्णय
मझिआंव| बरडीहा प्रखंड सह अंचल क्षेत्र के जीका गांव स्थित दुर्गा मंदिर परिसर से जुड़े वर्षों पुराने भूमि विवाद के समाधान की दिशा में आज प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह- अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह की पहल पर ग्राम सभा का आयोजन किया गया। यह सभा मंगलवार को लगभग दो घंटे तक चली। बैठक की अध्यक्षता उपप्रमुख सत्येंद्र पासवान द्वारा की गई। बैठक में मुखिया पति वशिष्ठ पासवान,वार्ड सदस्य,पंचायत प्रतिनिधियों सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बुजुर्ग एवं युवा उपस्थित रहे। सभी ने अपनी-अपनी बात खुलकर रखी और विवाद के समाधान के लिए सुझाव दिए।बैठक के दौरान विवाद के सभी पहलुओं पर गंभीरतापूर्वक चर्चा की गई। हालांकि किसी अंतिम निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी, लेकिन दोनों पक्षों ने अपने-अपने परिवार के सदस्यों से विचार-विमर्श करने के बाद पुनः बैठक में शामिल होने पर सहमति व्यक्त की। इसी क्रम में अगली ग्राम सभा आगामी मंगलवार को आयोजित की जाएगी। प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि गांवों के विवादों का समाधान संवाद, आपसी सहमति और ग्राम सभा के माध्यम से भी निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन निष्पक्ष, पारदर्शी एवं न्यायसंगत तरीके से पूरे मामले की जांच कर सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान सुनिश्चित करेगा।
बैंक मैनेजर पर हत्या का केस होना चाहिए : मनोज
गढ़वा| झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य मनोज ठाकुर ने बड़गड़ प्रखंड के बैंक प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ई-केवाईसी के नाम पर बुजुर्ग, विधवा, दिव्यांग और गरीब खाताधारकों को लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आदिवासी बुजुर्ग रतन लकड़ा को कई महीनों तक ई-केवाईसी के लिए बैंक के चक्कर लगवाए गए। परिजनों द्वारा गंभीर रूप से बीमार अवस्था में बैंक लाने और कर्मचारियों से बाहर आकर अंगूठा सत्यापन करने का अनुरोध करने के बावजूद सहयोग नहीं मिला। बाद में विरोध होने पर बैंककर्मी घर जाकर अंगूठा तो ले गए, लेकिन ई-केवाईसी पूरी नहीं हुई।
पीएम आवास की राशि गबन में महिला गिरफ्तार, भेजी गई जेल
भास्कर न्यूज | मझिआंव मझिआंव थाना कि पुलिस ने वर्ष 2022 के एक धोखाधड़ी मामले में कार्रवाई करते हुए गोपालपुर गांव निवासी गुड्डू रजवार के 40 वर्षीय पत्नी अप्राथमिकी अभियुक्त मीरा देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मझिआंव थाना के तहत की गई थी। उक्त मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 409 एवं 420 के अंतर्गत मामला दर्ज है। पुलिस द्वारा लंबे समय से अभियुक्त की तलाश की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में मीरा देवी को गिरफ्तार किया गया। मिली जानकारी के अनुसार 2022 से पहले महिला के नाम पर प्रधानमंत्री आवास का पैसा खाते में गया हुआ था और आवास नहीं बनाते हुए पैसा गमन कर लिया गया। जिसको लेकर प्रखंड कार्यालय द्वारा महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके साथ-साथ अन्य कई लोगों पर भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। वहीं गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अभियुक्त को चिकित्सीय जांच कराई गई तथा बाद में माननीय न्यायालय में उपस्थापन के लिए भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई न्यायालय के निर्देशानुसार की जाएगी। इधर थाना प्रभारी अमित कुमार ने कहा कि क्षेत्र में लंबित मामलों के निष्पादन तथा फरार एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।
जलवायु परिवर्तन वर्तमान समय में कृषि क्षेत्र के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरा : कुलपति
भास्कर न्यूज | गढ़वा जलवायु परिवर्तन और अल नीनो के संभावित प्रभावों से किसानों को होने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), गढ़वा में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बी.ए.यू.), रांची द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और विषम मौसम की परिस्थितियों में वैज्ञानिक खेती के तौर-तरीकों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए बी.ए.यू. के कुलपति डॉ. एस.सी. दुबे ने कहा कि जलवायु परिवर्तन वर्तमान समय में कृषि क्षेत्र के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। ऐसे समय में किसानों को वैज्ञानिक सलाह के आधार पर खेती करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक किसानों के सहयोग के लिए हमेशा उपलब्ध हैं। किसान समय-समय पर उनसे संपर्क कर आधुनिक तकनीक एवं मौसम आधारित कृषि संबंधी जानकारी प्राप्त करें, ताकि प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। कार्यक्रम में प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. डी.के. शाही ने कहा कि अल नीनो के प्रभाव को कम करने के लिए फसल विविधीकरण समय की आवश्यकता है। उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ दलहन, तिलहन एवं मोटे अनाज की खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने रासायन-मुक्त प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनी रहती है और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्राप्त होता है। जल संरक्षण और कम पानी में होने वाली खेती की तकनीक को अपनाएं : कृषि विज्ञान केंद्र, गढ़वा के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान महेश चंद्र जेराई ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान का हवाला देते हुए बताया कि इस वर्ष सामान्य से लगभग 30 प्रतिशत कम वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। ऐसी स्थिति में किसानों को जल संरक्षण और कम पानी में होने वाली खेती की तकनीकों को अपनाना चाहिए। उन्होंने खरीफ मौसम में धान की पारंपरिक रोपाई के बजाय सीधी बुआई (डीएसआर) तकनीक अपनाने की सलाह दी।
शिविर में 65 मरीजों की जांच हुई
गढ़वा| तैबा एजुकेशन एंड वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में मंगलवार को तैबा हॉस्पिटल परिसर में निःशुल्क पीएफटी (पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट) जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में श्वास संबंधी बीमारियों की समय रहते पहचान एवं लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुल 65 मरीजों की निःशुल्क जांच की गई। यह ट्रस्ट द्वारा आयोजित 34वां पीएफटी कैंप था। बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही जांच कराने के लिए पहुंचे। विशेषज्ञों द्वारा मरीजों के फेफड़ों की कार्यक्षमता की जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया। मौके पर डॉ अरशद अंसारी ने कहा कि बदलते मौसम, प्रदूषण, धूल, धुएं और धूम्रपान जैसी आदतों के कारण सांस संबंधी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में समय-समय पर पीएफटी जांच कराने से अस्थमा, सीओपीडी एवं अन्य फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान कर उचित उपचार शुरू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से नियमित रूप से निःशुल्क जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में यह 34वां पीएफटी कैंप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में मरीजों को जांच के महत्व की जानकारी देने के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण, धूम्रपान से दूरी, नियमित व्यायाम तथा संतुलित जीवनशैली अपनाने की भी सलाह दी गई। पीएफटी टेक्नीशियन अवधेश राम ने कहा कि फेफड़ों की कार्यक्षमता का समय पर परीक्षण कई गंभीर बीमारियों से बचाव में सहायक होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को लंबे समय से खांसी, सांस फूलना, सीने में जकड़न या सांस लेने में परेशानी जैसी समस्या हो तो वह चिकित्सकीय सलाह लेकर पीएफटी जांच अवश्य कराएं।
छात्रों के लिए आई साइकिलें खुले रखीं हैं, समय पर बांटी नहीं गई
भास्कर न्यूज | केतार प्रखंड कार्यालय परिसर में स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए आई साइकिलें लगातार हो रही बारिश में खुले आसमान के नीचे पड़ी हैं। इससे साइकिलों में जंग लगने का खतरा बढ़ गया है। यह वही योजना है, जिसके जरिए सरकार ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों की स्कूल तक पहुंच आसान बनाने और नियमित उपस्थिति बढ़ाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। उल्लेखनीय है कि झारखंड सरकार की साइकिल वितरण योजना ‘उन्नति का पहिया’ के तहत केतार प्रखंड में कक्षा 8 के विद्यार्थियों के लिए लगभग एक माह पूर्व साइकिलें उपलब्ध कराई गई थीं। योजना के अंतर्गत मंगाई गई साइकिलें फिलहाल प्रखंड कार्यालय परिसर में ही तैयार की जा रही हैं, लेकिन सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था न होने से वे बारिश की मार झेल रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक वितरण नहीं होता, तब तक साइकिलों के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था जरूरी है, ताकि सरकारी संसाधनों को नुकसान से बचाया जा सके। प्रखंड कल्याण पदाधिकारी आदित्य कुमार ने बताया कि केतार बीआरसी के माध्यम से कुल 841 विद्यार्थियों के लिए साइकिलें मंगाई गई हैं। अभिकर्ता द्वारा कर्मियों को लगाकर साइकिलें प्रखंड परिसर में ही तैयार की जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक साइकिलों का औपचारिक हैंडओवर नहीं हुआ है। जैसे ही हैंडओवर प्रक्रिया पूरी होगी। वितरण कार्यक्रम की तिथि तय कर विद्यार्थियों के बीच साइकिलें वितरित कर दी जाएंगी।
भारत सदैव याद रखेगा डॉ. श्यामा प्रसाद का त्याग और बलिदान : डॉ. पातंजली
भास्कर न्यूज | गढ़वा भारतीय जनता पार्टी के चिनिया मंडल कार्यालय में मंगलवार को जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती मनाई गई। तदोपरांत भाजपा की बैठक संपन्न हुई। जिसमें संगठन की मजबूती पर समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा जिला मंत्री डॉ. पातंजली केशरी, मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार प्रसाद, एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष शिवलाल सिंह सहित अन्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित एवं उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा जिला मंत्री सह चिनिया मंडल प्रभारी डॉक्टर पातंजली केशरी ने कहा कि भारत के पहले उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अखंड भारत के सच्चे समर्थक थे। उन्होंने वर्ष 1951 में जनसंघ की स्थापना की थी। वे एक दक्ष राजनीतिज्ञ, विद्वान और राष्ट्रवादी विचार के थे। देश के सच्चे समर्थक होने के कारण उन्होंने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। वह विश्वविद्यालय की कुलपति से लेकर मंत्रिमंडल के पद को सुशोभित किया था। अपने जीवन काल में कभी भी अपनी विचारधारा से समझौता नहीं किया। देश एक महान सच्चे देशभक्त के रूप में उन्हें हमेशा याद करता रहेगा। मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार प्रसाद ने कहा कि नहीं चलेगा एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान का नारा श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ही दिया था। वे जम्मू कश्मीर को पूर्ण रूप से भारत का अभिन्न अंग बनाना चाहते थे। कश्मीर की विशाल रैली में उन्होंने संकल्प लिया था कि या तो मैं आपको भारतीय संविधान प्राप्त कराऊंगा या फिर इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए जीवन बलिदान कर दूंगा। ऐसे देशभक्त को संपूर्ण भारत हमेशा याद करता रहेगा।
सोशल वर्कर संस्था का साप्ताहिक भंडारा संपन्न
रंका| प्रखंड मुख्यालय स्थित आत्मा कार्यालय में आत्मा निर्भरता दलहन योजनांतर्गत कंचनपुर पंचायत के रंका खुर्द ग्राम में 250 किसानों के बीच 4 केजी उड़द का बीज प्रति किसान सांसद प्रतिनिधि कमलेश नंदन सिंहा,मुखिया प्रतिनिधि कंचनपुर शेखर कुमार, उप मुखिया चंद्र शेखर तिवारी, बीडीसी शिव शंकर राम, भाजपा मंडल अध्यक्ष बसंत प्रसाद, बीटीएम त्रिभुवन सिंह, एग्री क्लिनिक सेंटर रंका के कोऑर्डिनेटर नसीम अहमद, सहायक प्रखंड समन्वयक धर्मेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार के द्वारा उड़द बीज वितरण किया गया। इस दौरान बीटीएम त्रिभुवन सिंह ने कहा कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने को लेकर अभी उड़द बीज का वितरण किया जा रहा है। आगे भी अन्य फसल के बीजों का वितरण जारी रहेगा। गढ़वा | सोशल वर्कर संस्था, गढ़वा के तत्वावधान में मंगलवार को शहर के रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर के समीप 134वें साप्ताहिक भंडारे का आयोजन किया गया। संस्था की ओर से आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को भोजन एवं प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदीप कश्यप अपनी पत्नी कुसुम देवी एवं परिवार के साथ शामिल हुए। उन्होंने अपने पुत्र किसलय आनंद कश्यप के भारतीय रेलवे में टेक्नीशियन पद पर चयन तथा सगाई की खुशी में भंडारे का आयोजन कराकर समाजसेवा का संदेश दिया। भंडारे के दौरान जरूरतमंदों को प्रसाद स्वरूप पूड़ी, सब्जी, बूंदी, रसगुल्ला, फल एवं कोल्ड ड्रिंक वितरित किए गए। कार्यक्रम में कई लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। संस्था के स्वयंसेवकों ने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया। इस अवसर पर किसलय आनंद कश्यप ने कहा कि वह लंबे समय से सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से संस्था द्वारा प्रत्येक मंगलवार को चलाए जा रहे सेवा कार्य को देखते आ रहे थे। संस्था के फूड फॉर हंगर अभियान से प्रेरित होकर उन्होंने मन में संकल्प लिया था कि जीवन में अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के बाद वह भी इसी प्रकार जरूरतमंदों की सेवा करेंगे।
छह महीने में अंचल कार्यालय के 210 मामले पहुंचे उपायुक्त के जनता दरबार, सुनवाई हुई
भास्कर न्यूज | गढ़वा जिले में लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से अंचल कार्यालयों और थाना स्तर पर महीने में दो बार 15 और 30 तारीख को आयोजित होने वाले जनसुनवाई कार्यक्रम अपेक्षित परिणाम नहीं दे पा रहे हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जनवरी से जून 2026 के बीच अंचल और थाना से जुड़े 210 मामले सीधे समाहरणालय में उपायुक्त की जनसुनवाई तक पहुंच गए। यह स्थिति तब है, जब उपायुक्त की ओर से महीने में दो बार थाना दिवस और अंचल कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित कर स्थानीय स्तर पर शिकायतों के निष्पादन का निर्देश दिया गया है। समाहरणालय में दो दिन मंगलवार और शुक्रवार को जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। बावजूद इसके भूमि विवाद, अवैध कब्जा, ऑनलाइन रसीद, पुस्तैनी जमीन का बंटवारा, आम रास्ता, एक ही जमीन की दो बार बिक्री, निबंधित भूमि का म्यूटेशन, भूमि की मापी, फसल की जबरन कटाई, भूमि अधिग्रहण के लंबित मुआवजे सहित कई मामले लगातार उपायुक्त कार्यालय तक पहुंच रहे हैं। जून में जनता दरबार में आए 80 आवेदन : आंकड़ों पर नजर डालें तो जनवरी में 26, फरवरी में 22, मार्च में 10, अप्रैल में 17, मई में 55 और जून में सर्वाधिक 80 आवेदन उपायुक्त की जनसुनवाई में प्राप्त हुए। जून में शिकायतों की संख्या में हुई उल्लेखनीय वृद्धि स्थानीय स्तर पर शिकायतों के प्रभावी निष्पादन पर सवाल खड़े कर रही है। इधर मंगलवार को समाहरणालय में आयोजित उपायुक्त की जनसुनवाई में भी 55 नए आवेदन प्राप्त हुए। इनमें राशन कार्ड, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, प्रधानमंत्री आवास, मुआवजा, सरकारी योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन और बकाया मजदूरी भुगतान से जुड़े मामले प्रमुख रहे। धुरकी प्रखंड के शिवरी गांव निवासी सुजंती देवी ने 15 माह से लंबित मानदेय भुगतान की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 से राजकीय प्राथमिक विद्यालय शिवरी में रसोइया के रूप में कार्यरत हैं, लेकिन पिछले 15 महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। रंका में सफाई कर्मी का आठ साल से नहीं हो सका भुगतान : वहीं रंका अंचल कार्यालय में कार्यरत सफाईकर्मी विकास कुमार चंद्रवंशी ने अगस्त 2018 से जनवरी 2019 तक के बकाया पारिश्रमिक के भुगतान की मांग की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी उपायुक्त के समक्ष आवेदन दिया था, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हो सका। रमना प्रखंड के कर्णपुरा गांव की प्रभावती देवी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की राशि पिछले कुछ महीनों से बंद होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पूर्व में नियमित भुगतान मिल रहा था, लेकिन बिना किसी सूचना के किस्त आनी बंद हो गई। भवनाथपुर प्रखंड के मकरी गांव निवासी सुनीता देवी ने जमीन खरीद-बिक्री में धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि भूमि विक्रेता को पूरी राशि का भुगतान करने के बावजूद रजिस्ट्री नहीं कराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि हल्का कर्मचारी सुमित कुमार देव, उनके रिश्तेदार सुचित कुमार साह तथा भूमि विक्रेता कसमुद्दीन अंसारी की मिलीभगत से उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। लगातार बढ़ रही शिकायतों से स्पष्ट है कि अंचल और थाना स्तर पर जनसुनवाई की व्यवस्था प्रभावी साबित नहीं हो रही है। बीच में कार्यक्रम बंद था अब फिर चालू होगा : उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने बताया कि थाना दिवस व अंचल दिवस कार्यक्रम बीच में बंद हो गया था। जून महीने से पुन: शुरू करने का निर्देश दिया गया है। इसमें ज्यादातर मामले अंचल कार्यालय से संबंधित और रयैती भूमि से संबंधित रहता है। पदाधिकारियों को भूमि से संबंधित मामलों को त्वरित गति से समाधान करने का निर्देश दिया गया है।
बेलाबार-नवाडीह सड़क जर्जर, दो पंचायतों का संपर्क कटा
भास्कर न्यूज | केतार बेलाबार-नवाडीह सड़क बदहाली की ऐसी तस्वीर पेश कर रही है, जो विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। प्रखंड मुख्याल के चंद दूरी पर करीब 15 वर्ष पहले बनी लगभग 3 किलोमीटर लंबी सड़क आज जगह-जगह गहरे गड्ढों और उभरे नुकीले पत्थरों में तब्दील हो चुकी है। हालत यह है कि इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को हर दिन दुर्घटना की आशंका के बीच सफर करना पड़ता है। सड़क की जर्जर स्थिति से बेलाबार और नवाडीह सहित आसपास के करीब तीन हजार लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। यह सड़क मुकुन्दपुर और केतार पंचायत को जोड़ते हुए प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने का प्रमुख संपर्क मार्ग है। बारिश के पानी से तालाब बनी सड़क। प्रतिदिन इसी रास्ते से छात्र विद्यालय और कॉलेज जाते हैं, किसान अपनी उपज बाजार तक पहुंचाते हैं, छोटे व्यवसायी कारोबार के लिए आवागमन करते हैं तथा ग्रामीण इलाज और सरकारी कार्यों के लिए प्रखंड मुख्यालय आते-जाते हैं, लेकिन सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि वाहन चालकों को हर कदम संभलकर चलना पड़ता है। बरसात शुरू होते ही सड़क की समस्या और गंभीर हो गई है। गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढों का अंतर दिखाई नहीं देता, जिससे बाइक सवारों और पैदल राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। कई जगह सड़क की गिट्टियां बाहर निकल चुकी हैं और नुकीले पत्थरों के कारण वाहनों के टायर भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। सड़क की मरम्मत की मांग वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक किसी जनप्रतिनिधि या विभाग की ओर से ठोस पहल नहीं की गई। अजीम अंसारी, निसार अंसारी, मुमताज अंसारी, सोर्स अंसारी, अयान अंसारी, सुभान अंसारी, साइरन बीबी, जफरून बीबी, कुमुदिनी अंसारी, इजहार अंसारी, मुस्लिम अंसारी आदि समस्या बताई। गड्ढों में भर जाता है पानी : बरसात शुरू होते ही सड़क की समस्या और गंभीर हो गई है। गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढों का अंतर दिखाई नहीं देता, जिससे बाइक सवारों और पैदल राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। कई जगह सड़क की गिट्टियां बाहर निकल चुकी हैं और नुकीले पत्थरों के कारण वाहनों के टायर भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा लड़की भगाने का लगा था आरोप
भास्कर न्यूज | मझिआंव मझिआंव थाना कि पुलिस ने थाना कांड संख्या 61/2026, दिनांक 17 जून 2025 में दर्ज मामले में कार्रवाई करते हुए एक बाल विधि निरुद्ध को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत बाल सुधार गृह भेज दिया। वहीं बयान दर्ज कराने के लिए नाबालिग युवती को सीडब्ल्यूसी गढ़वा को सौंपा गया। वहीं गिरफ्तार नाबालिग आरोपी की पहचान अभिषेक कुमार (16 वर्ष), पिता सुनील राम, निवासी खरसोता, थाना मझिआंव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उक्त कांड भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) एवं 87 के तहत दर्ज है। मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बाल विधि निरुद्ध को अभिरक्षा में लिया। इसके बाद किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों का पालन करते हुए उसे माननीय न्यायालय, गढ़वा में प्रस्तुत किया गया। वहीं न्यायालय के आदेश के आलोक में बाल विधि निरुद्ध को बाल सुधार गृह, डाल्टनगंज (पलामू) भेज दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़के ने पंचायत क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की को घर से भगा कर बाहर ले गया था। लड़की के परिजनों ने थाने में दर्ज कराई थी प्राथमिकी वहीं लड़की के परिजनों के द्वारा थाना में आवेदन दिया गया। जिसके बाद पुलिस तलाश में जुट गई, और कामयाबी हासिल करते हुए सोमवार को दोनों को थाना लाई।वहीं पूछे जाने पर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई विधि सम्मत तरीके से की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर अभियान लगातार जारी है। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सांसद ने रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग की, गढ़वा व पलामू के लिए 42 मांगें रखी
भास्कर न्यूज | गढ़वा सांसद विष्णु दयाल राम ने मंगलवार को पटना में आयोजित पूर्व मध्य रेल क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक में पलामू संसदीय क्षेत्र से जुड़े रेल विकास और यात्री सुविधाओं के कई मुद्दों को उठाया। बैठक में पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर जोन के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, समिति के सदस्य तथा विभिन्न सांसद मौजूद थे। बैठक में सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराना, आवश्यक ट्रेनों का ठहराव बढ़ाना तथा रेल अवसंरचना का तेजी से विकास करना है। उन्होंने रेल परिचालन की समयबद्धता पर चिंता जताते हुए कहा कि मेल ट्रेनों की पंक्चुअलिटी लगभग 80 प्रतिशत है, जबकि पैसेंजर ट्रेनों की समय पालन दर मात्र 43 प्रतिशत है, जो बेहद चिंताजनक है। इसमें तत्काल सुधार की आवश्यकता है ताकि आम यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। सांसद ने बैठक में पलामू संसदीय क्षेत्र से जुड़े 42 प्रमुख प्रस्ताव रेलवे के समक्ष रखे। इनमें बरवाडीह-चिरमिरी-अंबि कापुर रेल लाइन, गया-इमामगंज-डालटनगंज नई रेल लाइन, टाटा-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस का डालटनगंज, गढ़वा रोड और जपला होकर परिचालन, गढ़वा टाउन से रांची के लिए नई मेमू ट्रेन, चोपन-देवघर नई ट्रेन, रांची-गोरखपुर ट्रेन का पुनः संचालन और राजधानी और गरीब रथ एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने जैसी मांगें प्रमुख है। कई नई ट्रेनों के संचालन का रखा प्रस्ताव साथ ही उन्होंने डालटनगंज, गढ़वा रोड, नगर ऊंटारी, मेराल, सिगसिगी, रजहरा, हैदरनगर और अन्य स्टेशनों पर विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की मांग भी की। साथ ही रांची-वाराणसी इंटरसिटी का विस्तार लखनऊ तक, शक्तिपुंज एक्सप्रेस को मुंबई तक बढ़ाने, कोलकाता-अहमदाबाद एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने तथा अजमेर तक नई ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा। सांसद ने रेल अवसंरचना से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाते हुए डालटनगंज स्टेशन पर पिट लाइन एवं वाशिंग लाइन निर्माण, अधिक यात्री वाले स्टेशनों पर टिकट वेंडिंग मशीन, हरिहरगंज, छतरपुर और उंटारी रोड में आरक्षण केंद्र, सभी रोड साइड स्टेशनों पर शुद्ध पेयजल, उच्च स्तरीय प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिज की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर एलएचएस, आरयूबी और आरओबी के अभाव या बंद होने से गांव दो हिस्सों में बंट गए हैं।
कुंडहित हटिया में शेड नहीं, 3 दिन की बारिश से कीचड़
भास्कर न्यूज | बागडेहरी कुंडहित प्रखंड मुख्यालय के हटिया परिसर में हटिया सेड नहीं है। आधारभूत सुविधाएं भी कम हैं। स्थानीय ग्रामीण, दुकानदार, किसान परेशान हैं। लगातार तीन दिनों से बारिश हो रही है। हालात ज्यादा खराब हो गए। हटिया की जमीन कीचड़ बन गई। आने-जाने वाले लोगों को दिक्कत हो रही है। अस्थायी दुकानदारों को भी परेशानी है। किसान खेत की ताजी सब्जियां लेकर बाजार आते हैं। बारिश में कीचड़, गंदगी मिलती है। बैठने की जगह नहीं मिलती। तेज धूप में सब्जियां जल्दी खराब होने का डर रहता है। कुछ दुकानदार तिरपाल, प्लास्टिक लगाते हैं। यह व्यवस्था स्थायी नहीं है। जानकारी के अनुसार, कुंडहित हटिया परिसर में सप्ताह में दो दिन बड़ा बाजार लगता है। मंगलवार, शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र का सबसे बड़ा साप्ताहिक बाजार लगता है। इन दिनों सैकड़ों ग्रामीण, व्यापारी जुटते हैं। आसपास के गांवों से किसान, छोटे व्यापारी सब्जियां, फल, मसाले, घरेलू सामान, कपड़े, अन्य सामग्री लाते हैं। ग्रामीण साप्ताहिक जरूरत की खरीदारी यहीं करते हैं। स्थानीय जानकारी के अनुसार, पहले हटिया परिसर में दो हटिया सेड बने थे। शुरुआत में ये उपयोगी रहे। देखभाल नहीं हुई। समय पर मरम्मत नहीं हुई। सेड पूरी तरह जर्जर हो गए। दुकानदार वहां बैठना नहीं चाहते। ढांचा टूट चुका है। छत से पानी टपकता है। हटिया अब खुली जगह में लग रहा है। बारिश से बचाव नहीं है। धूप से बचाव नहीं है। बरसात, गर्मी में व्यापार प्रभावित होता है। ग्राहक ज्यादा देर नहीं रुकते। अस्थायी दुकानदारों, ग्राहकों ने सरकार से ठोस कदम की मांग की है। दुकानदारों ने कहा कि हटिया परिसर में छोटे-छोटे चबूतरे बनें। मुख्य रास्तों का पीसीसी हो। दो-चार बड़े हटिया सेड बनें। बाजार व्यवस्थित होगा। सुविधा बढ़ेगी। दुकानदारों ने कहा कि सरकार आधारभूत निर्माण के बदले राजस्व वसूले, तो वे देने को तैयार हैं। इससे सुविधा मिलेगी। सरकारी राजस्व भी बढ़ेगा। कुंडहित पंचायत की मुखिया विमला हांसदा ने बताया कि अगली जीपीडीपी बैठक में हटिया परिसर में दुकानदारों के लिए चबूतरा और कीचड़ भरे हिस्से के लिए पीसीसी सड़क निर्माण योजना का प्रस्ताव रखा जाएगा।
बारिश में दलदल बनी सड़क, 7 हजार लोगों का आवागमन प्रभावित
भास्कर न्यूज | फतेहपुर जिले में लगातार हो रही बारिश ने फतेहपुर प्रखंड के पवन मोड़ से लकड़तांगा तक जाने वाली सड़क की बदहाली उजागर कर दी है। करीब एक किलोमीटर लंबा यह मार्ग पूरी तरह कीचड़ और जलभराव की चपेट में है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से टोटो, बाइक और अन्य छोटे वाहनों का परिचालन जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन सात हजार से अधिक लोगों का आवागमन होता है। वर्षों से सड़क के पक्कीकरण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। बरसात के मौसम में इसकी स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हाल ही में सड़क की खराब स्थिति के कारण एक टोटो वाहन अनियंत्रित होकर पलटते-पलटते बच गया। वाहन में कई यात्री सवार थे। हालांकि सभी सुरक्षित रहे, लेकिन इस घटना के बाद ग्रामीणों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों की बढ़ी मुश्किलें सड़क की जर्जर हालत का सबसे अधिक असर विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों और दैनिक यात्रियों पर पड़ रहा है। तलपोखरिया स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना कीचड़ और जलभराव से होकर गुजरना पड़ता है। फिसलन के कारण कई बच्चे गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। वहीं, गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कत होती है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण एम्बुलेंस कई बार गांव तक नहीं पहुंच पाती, जिससे मरीजों की परेशानी और बढ़ जाती है।
बूंदी| शहर में मंगलवार को दिनभर बादलों की आवाजाही रही, लेकिन बारिश राहत देने के बजाय लोगों की परेशानी बढ़ा गई। शाम करीब 6 बजे 10 से 15 मिनट तक हल्की बूंदाबादी हुई। बारिश इतनी कम रही कि जमीन भी पूरी तरह नहीं भीगी, जबकि नमी बढ़ने से उमस और तेज हो गई। इसके चलते लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली और शाम तक चिपचिप गर्मी बनी रही।
निवाई में 4 मिमी बारिश, अगले सप्ताह मानसून के और सक्रिय होने के आसार
मौसम विभाग के यलो अलर्ट का असर मंगलवार को टोंक जिले के कई क्षेत्रों में देखने को मिला। सुबह से ही टोंक शहर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर चला। जिससे लोगों को उमस व गर्मी से कुछ राहत मिली। लेकिन दोपहर बाद फिर उमस तेज हो गई, जो देर शाम तक बनी रही। हालांकि अधिकांश स्थानों पर बारिश का दौर अधिक देर तक नहीं चला, लेकिन बादलों की आवाजाही पूरे दिन बनी रही। वहीं, जल संसाधन विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष की निष्क्रियता के कारण इस बार जिले में हुई वास्तविक वर्षा का समुचित रिकॉर्ड तैयार नहीं हो पा रहा है। जल संसाधन विभाग राजस्थान एवं जिले के आंकड़े समान नहीं आ रहे हैं। सूचना समय पर भी अपडेट नहीं हो पा रही है। बहरहाल कई क्षेत्रों में बारिश होने के बावजूद विभागीय आंकड़ों में इसका पूरा विवरण दर्ज नहीं हो सका। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार मंगलवार सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक केवल निवाई क्षेत्र में 4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि टोंक शहर सहित अन्य स्थानों पर भी सुबह हल्की बारिश हुई। आगे कैसा रहेगा मौसम : मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से मिल रही नमी के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान में मानसून धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है। इसके चलते जिले में आगामी तीन-चार दिनों तक बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं तेज हवाएं भी चल सकती हैं। अब तक हुई बारिश : जिले में अब तक सामान्य औसतन बारिश 654.94 एमएम के मुकाबले 14.94 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई है। जिले में 15 जून से अब तक 97.83 एमएम बारिश हुई है। जून में 25 एमएम के करीब बारिश दर्ज हुई थी। इस बार जुलाई में भी मानसून की सुस्ती ही बनी नजर आ रही है।
जिले में यूरिया खाद की कालाबाजारी और अवैध परिवहन के खिलाफ टोंक पुलिस की जिला विशेष टीम (डीएसटी) और बनेठा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान अवैध रूप से यूरिया खाद के 98 कट्टों से भरी एक पिकअप गाड़ी को जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने बिना वैध दस्तावेजों के खाद का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी रामसिंह (28) और रामचरत (28) माली, सवाई माधोपुर जिले के खंडार थाना क्षेत्र के सोनकच्छ गांव के रहने वाले हैं और रिश्ते में चचेरे भाई हैं। बनेठा थाना पुलिस के अनुसार, उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि अहमदपुरा चौकी क्षेत्र से एक पिकअप अवैध रूप से यूरिया खाद लादकर सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा की ओर जा रही है। सूचना पर डीएसटी और बनेठा पुलिस की टीम ने तुरंत घेराबंदी की और संदिग्ध पिकअप को रुकवाया। तलाशी लेने पर उसमें यूरिया के 98 कट्टे भरे मिले। जब चालक से इस खाद के परिवहन, स्टॉक या खरीद से जुड़े वैध कागजात मांगे गए, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया, जिन्हें पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। होगी सख्त कार्रवाई पुलिस कार्रवाई के दौरान कृषि विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। जब्त किए गए यूरिया के कट्टों और बैच नंबर की विस्तृत जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह खाद किस अधिकृत विक्रेता (डीलर) के स्टॉक से अवैध रूप से बेची गई थी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - वीरेंद्र सिंह सोलंकी, संयुक्त निदेशक (कृषि विस्तार), टोंक
साइबर ठग से 'साठगांठ' के आरोप में देवली सीआई दौलतराम सहित 4 लाइन हाजिर
भास्कर न्यूज | टोंक टोंक एसपी रोशन मीणा ने ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एक बार फिर बड़ा चाबुक चलाया है। एसपी ने देवली थानाधिकारी दौलतराम गुर्जर, एएसआई हनुमान सिंह, कांस्टेबल करतार और जीतराम को तुरंत प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। देवली थाने का अस्थाई कार्यभार फिलहाल एसआई महावीर प्रसाद को सौंपा गया है। पुलिस विभाग ने इस कार्रवाई के विस्तृत कारणों को आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक यह पूरा मामला हाल ही में सामने आए एक साइबर ठगी प्रकरण में कथित अनियमितताओं और गंभीर लापरवाही से जुड़ा हुआ है। सूत्रों के अनुसार, देवली पुलिस ने सवाई माधोपुर के एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया था, जिसमें पहले ही चार गिरफ्तारियां हो चुकी थीं। मुख्य आरोपी के साथ दो अन्य संदिग्धों को भी थाने लाया गया था, जिन पर महज शांतिभंग की मामूली कार्रवाई की गई। छूटने के बाद इन दोनों व्यक्तियों ने उच्चाधिकारियों के समक्ष पेश होकर देवली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन प्राथमिक जांच के आधार पर एसपी ने यह सख्त कदम उठाया है। जांच अधिकारी बदले: अब नासिरदा थानाधिकारी करेंगे इनवेस्टीगेशन : कार्रवाई के साथ ही एसपी ने इस विवादित साइबर ठगी मामले के अनुसंधान अधिकारी (IO) को भी बदल दिया है। पहले इस केस की जांच तत्कालीन थानाधिकारी दौलतराम गुर्जर कर रहे थे। उनके लाइन हाजिर होने के बाद मंगलवार को इस संवेदनशील प्रकरण की कमान नासिरदा थानाधिकारी नेकी राम को सौंप दी गई है। एसपी रोशन मीणा के कार्यकाल में बीते एक महीने में यह तीसरी बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई है। अवैध बजरी खनन से लेकर काम में ढिलाई के आरोपों के चलते इस साल जनवरी 2026 से अब तक कुल 20 पुलिस अधिकारियों और जवानों पर गाज गिर चुकी है, जिससे पूरे महकमे में खलबली मची है।
20 हजार रुपए की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार कोर्ट के आदेश की पालना करवाने के बदले मांगी थी
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) टोंक की टीम ने घूसखोरों के खिलाफ अपनी ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी रखते हुए मंगलवार को एक और बड़ी सफलता हासिल की है। एसीबी ने भीलवाड़ा जिले की जहाजपुर तहसील के ऊंचा हलके के पटवारी भंवर सिंह (निवासी गुनादू, लोसल- सीकर) को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। टोंक एसीबी की पिछले दो महीनों के भीतर यह पांचवीं बड़ी ट्रैप कार्रवाई है, जिससे रिश्वतखोरों में हड़कंप मच गया है। आरोपी पटवारी भंवर सिंह परिवादी के पिता के पक्ष में न्यायालय द्वारा जारी की गई एक डिक्री (आदेश) पर अमल करने और राजस्व रिकॉर्ड में कार्रवाई करने की एवज में 20 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। परिवादी लगातार तहसील के चक्कर काटकर परेशान हो चुका था। आखिर में उसने भ्रष्टाचार के आगे झुकने के बजाय 25 जून को एसीबी के टोल फ्री नंबर 1064 पर इसकी ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत का गोपनीय सत्यापन होने के बाद टोंक एसीबी के एएसपी ऋषिकेष मीणा के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार को आरोपी पटवारी ने परिवादी को देवली- हाजपुर मार्ग पर अपनी कार में बैठाया। जैसे ही परिवादी ने पटवारी के कहने पर ₹20 हजार की नगदी कार के डेस्क बॉक्स में रखी, वैसे ही पीछा कर रही एसीबी टीम ने घेराबंदी कर दी और आरोपी को दबोचकर रिश्वत की राशि बरामद कर ली। पहले टली थी कार्रवाई एसीबी एएसपी ऋषिकेष मीणा ने बताया कि 25 जून को शिकायत मिलते ही जयपुर मुख्यालय के निर्देश पर उसी दिन रिश्वत मांगे जाने का सत्यापन करवा लिया गया था। हालांकि, इसके बाद परिवादी के कुछ समय तक उपलब्ध नहीं होने के कारण तुरंत ट्रैप नहीं किया जा सका। मंगलवार को परिवादी के आते ही टीम ने सफलतापूर्वक कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीमें आरोपी पटवारी के पैतृक आवास और अन्य ठिकानों पर सर्च कर रही हैं, ताकि आय से अधिक संपत्ति का पता लगाया जा सके।
पीएम आवास योजना से वंचित परिवारों ने लगाई गुहार, कच्चे घरों से पक्के आशियाने की उम्मीद
टोंक| ग्राम पंचायत घांस में प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र परिवारों की पीड़ा एक बार फिर सामने आई है। आर्थिक रूप से कमजोर कई परिवार आज भी कच्चे और जर्जर मकानों में रहने को मजबूर हैं। उन्हें उम्मीद है कि सरकार की आवास योजना उनके सिर पर पक्की छत का सपना पूरा करेगी। इसी मुद्दे को लेकर कलक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की गई है। कमलेश पटेल, देवराज गुर्जर, सीताराम नरूका, कसनी देवी गुर्जर, हंसराज बैरवा, पूरण खटीक आदि को साथ लेकर आए सोनू ने बताया कि 2024-25 की पात्रता सूची में ग्राम पंचायत घांस के 438 परिवारों के नाम शामिल किए गए हैं। कई वास्तविक जरूरतमंद परिवार सूची से बाहर रह गए हैं। ऐसे परिवार बारिश, गर्मी, सर्दी के बीच असुरक्षित, जर्जर मकानों में जीवन बिताने को विवश हैं। ज्ञापन में ग्राम पंचायत मुख्यालय घांस, ऊंटीटाणा, बजरंगा नेता की ढाणी, खलीलपुरा, गुर्जरों की ढाणी, खजुरिया सहित अन्य बस्तियों में रहने वाले पात्र परिवारों का दोबारा सर्वे कर उन्हें योजना में शामिल करने की मांग की गई है।
विज्ञापन समाचार--- एमडीएस स्कूल की सपना ने 97.60 प्रतिशत अंक हासिल कर किया नाम रोशन
टोंक| निवाई शहर स्थित एमडीएस स्कूल की छात्रा सपना बैरवा, पुत्री शिवराज बैरवा, ने कक्षा 12वीं कला वर्ग उच्च माध्यमिक परीक्षा 2026 में 97.60 प्रतिशत हासिल कर स्कूल व अपने परिवार वालों का नाम रोशन किया है। स्कूल की प्रबंध समिति के निदेशक बृजसुंदर शर्मा, उप-निदेशक यशवर्धन शांडिल्य व प्रधानाचार्य गंगाधर बैरवा सहित सभी शिक्षकों ने छात्रा को माला व साफा पहनाकर सम्मानित किया। वहीं छात्रा के परिजनों को शुभकामनाएं दीं। शिक्षा समिति सचिव बृजसुंदर शर्मा ने कहा कि पानी और प्रतिभा अपना रास्ता स्वयं तय करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने आगामी भविष्य के लिए बालिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई नवाचार की उड़ान
शिवाजी नगर कंपू स्थित आई-टेक ग्लोबल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, रचनात्मक सोच, नवाचार का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने विभिन्न विषयों पर कार्यशील, ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने ज्वालामुखी, प्रकाश संश्लेषण, पवन चक्की, जल चक्र, टपक सिंचाई प्रणाली, ऋतु चक्र, विद्युत शीतलक (कूलर), पौधों में जल एवं पोषक तत्वों का परिवहन, जल शोधन, सूक्ष्मदर्शी, दिन-रात का निर्माण, सौरमंडल, पृथ्वी बचाओ, सड़क सुरक्षा, सूक्ष्मजीव, पृथ्वी की परतों जैसे विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट्स के माध्यम से जटिल वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल, प्रभावी तरीके से समझाया। प्रथम स्थान मान्या राणावत ने ड्रिप इरिगेशन सिस्टम (टपक सिंचाई प्रणाली) का कार्यशील मॉडल प्रस्तुत कर प्राप्त किया। द्वितीय स्थान उर्मी पवन को जल शोधन (वॉटर प्यूरिफिकेशन) के कार्यशील मॉडल के लिए मिला। इसमें उन्होंने दूषित पानी को शुद्ध करने की प्रक्रिया का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।तृतीय स्थान दिया विजय ने ऋतु चक्र (सीजन्स) विषय पर तैयार आकर्षक मॉडल के लिए हासिल किया। इस दौरान इल्मा खान, स्कूल डायरेक्टर अनिल विजयवर्गीय, प्राचार्या अंतिमा सोनी, सईहा पठान, छवि विजय सहित स्कूल स्टाफ, विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मुस्तकीम बाबा मुस्लिम समाज के सदर बने
लांबाहरिसिंह ।कस्बे के आम मुस्लिम समाज की बैठक हुई, जिसमें सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में मुस्तकीम बाबा को सदर, हाजी कदीर अहमद कंपाउंडर को नायब सदर तथा हमीद नियाजी मास्टर को खजांची नियुक्त किया गया। इसके अलावा संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 10 अन्य सदस्यों, इलियास, मोहम्मद एजाज मास्टर , करीम, वहीद जारोली ,मुन्ना कुरैशी, लाला मंसूरी, अजीज पेन्टर, इलियास पटेल यूसुफ खान रमजान भाई अब्बासी को भी नई कार्यकारिणी में शामिल किया गया गत वर्ष का आय व्यय प्रस्तुत किया गया।
देवशयनी एकादशी पर होगा सुंदरकांड पाठ
टोंक| महादेववाली स्थित महादेव शिवालय में पहली बार 10 दिवसीय शिव महापुराण ज्ञानयज्ञ कथा का आयोजन होगा। इसके साथ ही देवशयनी एकादशी पर 25 जुलाई को सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर मंदिर श्री महादेवजी विकास समिति की बैठक मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष दिनेश कुमार चौरासिया ने की। समिति के महामंत्री अभिषेक कुमार शर्मा ने बताया कि समिति के तत्वावधान में 25 जुलाई को देवशयनी एकादशी पर सुंदरकांड पाठ होगा। 10 से 20 अगस्त तक शिव महापुराण ज्ञानयज्ञ कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन वृंदावनधाम के प्रसिद्ध कथा प्रवक्ता पुरुषोत्तम शरण दास महाराज करेंगे। इसे लेकर विभिन्न समितियों का गठन किया गया। तैयारियों को शीघ्र अंतिम रूप देने का निर्णय लिया गया। समिति अध्यक्ष दिनेश कुमार चौरासिया ने सभी सदस्यों व श्रद्धालुओं से आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की।
वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता शिविर का आयोजन, विद्यार्थियों को बैंकिंग विषयों के बारे में बताया
राउमावि, छान में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता शिविर का आयोजन हुआ। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेनदेन और वित्तीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। वित्तीय साक्षरता केंद्र (एफएलसी) टोंक के बीएल वर्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न वित्तीय व बैंकिंग विषयों की विस्तृत जानकारी दी। शिविर में विद्यार्थियों को फटे-पुराने नोटों को निकटतम बैंक शाखा में बदलवाने की प्रक्रिया समझाई गई। अत्यधिक क्षतिग्रस्त नोटों को भारतीय रिजर्व बैंक के जरिए बदलवाने की प्रक्रिया भी बताई गई। असली और नकली नोटों की पहचान के व्यावहारिक तरीके भी बताए गए। साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए बीएल वर्मा ने ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान बैंक की विभिन्न जमा योजनाओं की जानकारी दी गई। किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन केसीसी, शिक्षा ऋण, गोल्ड लोन, मुद्रा ऋण योजना एवं स्वरोजगार योजनाओं पर भी जानकारी दी गई।
लांबाकलां स्कूल में 65 विद्यार्थियों को निशुल्क बैग व स्टेशनरी बांटी
भास्कर न्यूज | टोंक राउमावि, लांबाकलां में प्रवेशोत्सव के द्वितीय चरण के तहत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को निशुल्क स्कूल बैग व स्टेशनरी वितरित की गई। प्रधानाचार्य सीपी विजयवर्गीय की पहल पर स्कूल के सभी शिक्षक व स्टाफ ने भामाशाह की भूमिका निभाई। उन्होंने 65 विद्यार्थियों को स्कूल बैग, तीन कॉपियां, पेंसिल, शार्पनर व इरेज़र उपलब्ध कराए। प्रधानाचार्य सीपी विजयवर्गीय ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, दूध, मध्याह्न भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में स्कूल स्टाफ ने स्वप्रेरणा से विद्यार्थियों को बैग व स्टेशनरी वितरित की। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने ग्रामीणों से अधिकाधिक बच्चों का प्रवेश सरकारी विद्यालयों में कराने का आह्वान भी किया। इस दौरान वरिष्ठ व्याख्याता रिंकू कुमावत, शैलेंद्र पुरोहित, शंकरलाल यादव, अक्षय जैन, गोपाल पारीक, प्रतीक अकोदिया व बिरजू ग्वाला ने भी विचार व्यक्त किए। गोपाल पारीक ने देशभक्ति गीत ‘संगठन गढ़े चलो-सुपंथ पर बढ़े चलो’ प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन शुभम जोनवाल ने किया।
कुप्रथा समाप्त करने की मांग, लिखा पत्र
सोप | अखिल भारतीय श्री धाकड़ महासभा भारतवर्ष के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व तहसीलदार राधाकिशन धाकड़ ने नागर चाल एवं दुहाड़ क्षेत्र में प्रचलित बताई जा रही कुप्रथा को समाप्त करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों के समाज अध्यक्षों को पत्र भेजकर समाजहित में पंचों की बैठक आयोजित करने का आग्रह किया है। प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जारी पत्र के अनुसार, महासभा की ओर से 15 से 22 जून तक आयोजित धाकड़ दर्शन यात्रा के दौरान नागरचाल, दुहाड़ एवं आसपास के करीब 100 गांवों का भ्रमण किया गया। यात्रा के दौरान पंच-पटेलों, समाजबंधुओं तथा स्थानीय लोगों से चर्चा में झाड़ फेरा प्रथा का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। इसके बाद इस विषय पर व्यापक विचार-विमर्श तथा सामाजिक सहमति बनाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों के समाज अध्यक्षों को पत्र प्रेषित किया गया। राधाकिशन धाकड़ का कहना है कि इस रस्म के कारण अनावश्यक सामाजिक तथा आर्थिक बोझ बढ़ता है।
कारी मुर्तजा खान के योगदान को किया याद
टोंक| शहर के ऐतिहासिक मदरसा फुरकानिया में प्रतिष्ठित धार्मिक हस्तियों के इंतकाल पर ताज़ियती नशिस्त आयोजित की गई। कार्यक्रम में मरहूम मौलाना सैय्यद सलमान हुसैनी नदवी, हाफिज कारी मुर्तजा ख़ान (कमर मियां), हाफिज मंज़ूर सहित अन्य दिवंगत उलेमा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके इल्मी, दीनी, सामाजिक योगदान को याद किया गया। मौलाना सलमान नदवी के जीवन का उल्लेख करते हुए बताया गया कि वे हर दौर की चुनौतियों के अनुरूप दीन की समझ विकसित करने पर जोर देते थे। हाफिज सलीमुद्दीन ख़ान ने कर्नाटक के बल्लारी क्षेत्र में कारी मुर्तजा ख़ान, उनके साथियों की दीनी व सामाजिक सेवाओं का स्मरण किया। मोईनुद्दीन निजाम, आबिद शाह, मेहमूद शाह, अधिवक्ता सरताज अहमद आदि ने भी विचार व्यक्त किए। तबलीगी जमात के ज़िम्मेदार अनवर रज़ा साहब ने भी कारी मुर्तजा ख़ान के जीवन, सेवाओं पर प्रकाश डाला। अंत में मुफ्ती आदिल नदवी ने मरहूमीन की मग़फिरत, देश में अमन-चैन, उम्मत में इत्तिहाद, बुजुर्ग आलिम मौलाना सईद साहब के बेहतर स्वास्थ्य, दीर्घायु के लिए सामूहिक दुआ कराई।
बनास नदी में लोडर और पक्का बंधा से बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ सदर थाना पुलिस की ओर कार्रवाई जारी है। मंगलवार को पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए बनास नदी के सईदाबाद क्षेत्र से अवैध बजरी खनन में प्रयुक्त एक मॉडिफाइड लोडर और पक्का बंधा इलाके से बजरी से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया। जबकि पुलिस को देखकर फरार हुए चालकों की तलाश जारी है। दोनों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए है। विदित रहे अवैध बजरी खनन को लेकर सदर पुलिस की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 2025 में एक जनवरी से जुलाई के शुरुआती सप्ताह तक अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के 15 प्रकरण दर्ज हुए थे, लेकिन 2026 में अब तक यह संख्या बढ़कर 31 प्रकरण पहुंच चुकी है, जो पिछले साल के आंकडे से दुगुने से भी ज्यादा है। सदर थानाधिकारी जयमल सिंह ने बताया कि मंगलवार को पहली कार्रवाई बनास नदी के सईदाबाद इलाके में की गई, जहां अवैध रूप से बजरी का खनन की जानकारी मिलने थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, हालांकि टीम को देखते ही चालक लोडर छोड़कर मौके से फरार हो गया। दूसरी कार्रवाई पक्का बंधा में अवैध रूप से बजरी का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। दोनों मामलों में अवैध खनन एवं परिवहन के संबंध में गहन अनुसंधान किया जा रहा है। अवैध खनन, परिवहन और निर्गमन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। । आंकड़े बता रहे हैं पुलिस की बढ़ी सख्ती : सदर थाना क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार की है। थानाधिकारी जयमल सिंह ने बताया कि 2025 में इसी अवधि (एक जनवरी से अब तक) में 15 प्रकरण दर्ज किए गए थे, जबकि 2026 में अब तक यह संख्या बढ़कर 31 प्रकरण हो चुकी है। यानी एक साल में कार्रवाई दोगुने से भी अधिक हो गई है। खास बात यह है कि पिछले एक माह में ही 12 नए प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस दौरान पुलिस ने 11 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 4 ट्रॉली और 1 मॉडिफाइड लोडर जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि बजरी माफियाओं के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
जयपुर में नगरफोर्ट के मुकेश गुर्जर की मौत
नगरफोर्ट| कस्बे के युवा मुकेश गुर्जर की सोमवार को जयपुर सड़क दुर्घटना में गम्भीर घायल होने के बाद एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को जैसे ही यह खबर क़स्बे में परिजनों को मिली शौक की लहर फैल गई। उनको अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। गुर्जर अपने पीछे छह साल की एक नन्हीं बेटी व पत्नी को छोड़कर चल बसे।
मानसून की देरी से बांधों में घटा जल भराव, टोंक जिले में गत वर्ष की तुलना में 20.81 प्रतिशत कम
भास्कर न्यूज| टोंक प्रदेश में इस वर्ष मानसून की धीमी शुरुआत का असर अब बांधों के जलभराव पर भी साफ दिखाई देने लगा है। गत वर्ष 18 जून तक मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय हो चुका था, जबकि इस बार मानसून जुलाई में प्रवेश करने के बावजूद अभी तक पूरे राज्य में पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है। इसका सीधा असर प्रदेश के 693 बांधों में उपलब्ध जलराशि पर पड़ा है। जलसंसाधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार गत वर्ष इन दिनों राज्य के बांधों में उनकी कुल क्षमता का 57.33 प्रतिशत पानी संग्रहित था, जबकि इस वर्ष यह घटकर 44.85 प्रतिशत रह गया है। यानी पिछले वर्ष की तुलना में इस समय बांधों में 12.48 प्रतिशत कम पानी उपलब्ध है। हालांकि पिछले कुछ दिनों में टोंक सहित कई जिलों में अच्छी बारिश होने से बांधों में पानी की आवक शुरू हुई है। कई बांधों के जलस्तर में दो से पांच प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन यह बढ़ोतरी अभी पिछले वर्ष के स्तर तक नहीं पहुंची है। राज्य में सबसे अधिक मेजर बांधों वाले टोंक जिले की स्थिति भी इसी तस्वीर को दर्शाती है। जिले के सिंचाई विभाग के अधीन 30 बांधों में गत वर्ष इस समय 62.70 प्रतिशत जलभराव था, जबकि इस वर्ष यह घटकर 41.89 प्रतिशत पर आ गया है। यानी जिले के बांधों में भी पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय कमी बनी हुई है।बारिश के आंकड़े भी यही संकेत दे रहे हैं। गत वर्ष इस समय तक टोंक जिले में सामान्य औसत वर्षा का 48.45 प्रतिशत पानी बरस चुका था, जिससे बांधों में लगातार आवक बनी हुई थी। इसके विपरीत इस वर्ष मानसून के देर से सक्रिय होने के कारण वर्षा का वितरण प्रभावित हुआ और अधिकांश बांधों में अपेक्षित जलभराव नहीं हो सका। अब मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है मानसून की देरी से बांधों में पानी कम हुआ है। यदि लगातार वर्षा होती है तो बांधों में जलस्तर तेजी से बढ़ने की उम्मीद है, जिससे पेयजल और सिंचाई व्यवस्था को भी राहत मिलेगी।
49 साइबर ठगी मामलों से जुड़े चार आरोपी गिरफ्तार
साइबर थाना टोंक ने कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर 49 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो कार, चार आईफोन और साइबर ठगी से प्राप्त 14,610 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में बनेठा थाना क्षेत्र के खोहल्या निवासी विकास मीणा (25) व छोटूलाल मीणा (26), सवाईमाधोपुर जिले के मानटाउन क्षेत्र में रहने वाला भीमसिंह मीणा (25) व बूंदी जिले के इन्द्रगढ़ थाना क्षेत्र निवासी खुशीराम मीणा (24) शामिल हैं। साइबर थानाधिकारी सुरजीत ठोलिया ने बताया कि ये लोग सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों से लोगों को शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच देते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस, जीएसटी, प्रोसेसिंग चार्ज और अन्य शुल्क के नाम पर रकम वसूलते थे। इसके अलावा नौकरी दिलाने का झांसा देकर भी लोगों से पैसे ऐंठते थे। ठगी के लिए फर्जी सिम कार्ड और म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मारुति स्विफ्ट, एक महिंद्रा एक्सयूवी-700, चार आईफोन व 14,610 रुपये नकद जब्त किए हैं। मामले में पूछताछ जारी है और साइबर ठगी के अन्य नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
बैकुंठ धाम का बदहाल रास्ता बना कीचड़ के बीच निकली अंतिम यात्रा
टोंक| महादेववाली गौतम छात्रावास के पीछे स्थित बैकुंठ धाम जाने वाले मार्ग की बदहाली मंगलवार को एक बार फिर सामने आ गई, जब एक 30 वर्षीय युवक की अंतिम यात्रा कीचड़ और जलभराव से भरे रास्ते से गुजरने को मजबूर हुई। इस मार्मिक दृश्य का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्रवासियों में प्रशासन के प्रति नाराजगी और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश होते ही यह मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो जाता है। सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने से आम लोगों का आवागमन तो प्रभावित होता ही है, लेकिन सबसे अधिक पीड़ा तब होती है जब अंतिम संस्कार के लिए जाने वाली शवयात्राएं को भी इसी बदहाल रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। लोगों का कहना है कि यह केवल सड़क की समस्या नहीं, बल्कि मृतकों के अंतिम सम्मान और आमजन की भावनाओं से जुड़ा विषय है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि 3 जुलाई उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान कलक्टर और नगर परिषद आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बैकुंठ धाम जाने वाले रास्ते से अतिक्रमण हटाने, सड़क का निर्माण कराने सहित स्थायी समाधान की मांग की थी। प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और हालात पहले जैसे ही बने हुए हैं। मंगलवार को सामने आया वीडियो एक बार फिर प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर रहा है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि बैकुंठ धाम जाने वाले इस मार्ग से तत्काल अतिक्रमण हटाकर सड़क का निर्माण कराया जाए और प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी अंतिम यात्रा को इस तरह की पीड़ादायक परिस्थितियों से होकर न गुजरना पड़े।
महिला थाना भवन में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग
टोंक|भीम सेना जिला टोंक ने कलेक्टर से टेलीफोन एक्सचेंज के पीछे स्थित पुराने महिला थाना भवन में पुरानी टोंक थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की है। जिलाध्यक्ष अशोक बैरवा ने बताया कि महिला थाना जल्द ही कंकाली माता रोड स्थित नए भवन में स्थानांतरित होने वाला है। ऐसे में वर्तमान भवन खाली होने पर सरकारी संपत्ति के अनुपयोगी होने की आशंका है। पुराना भवन 10 कमरों, सीसीटीवी और जरुरी फर्नीचर सहित पूरी तरह उपयोग योग्य है। यहां पुलिस चौकी स्थापित होने से घंटाघर से छावनी तक के क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बेहतर होगी और आमजन को त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी। साथ ही पुरानी टोंक थाने की तंग गलियों के कारण होने वाली प्रशासनिक और वीआईपी मूवमेंट की समस्याओं से भी राहत मिलेगी। जनहित एवं जनभावनाओं को देखते हुए महिला थाना शिफ्ट होते ही उक्त भवन में पुलिस चौकी शुरू करने की मांग की गई।
न्यायिक अधिकारियों ने दिया नशा मुक्ति का संदेश, स्कूली विद्यार्थियों से किया संवाद
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टोंक (डीएलएसए) के तत्वावधान में मंगलवार को जिले के कई स्कूलों में ट्रांसफार्मेटिव टयूज़डे के तहत फ्लैगशिप कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिला न्यायाधीश (प्राधिकरण अध्यक्ष) डॉ. सीमा अग्रवाल की दिशा-निर्देशन में जुलाई माह के पहले मंगलवार को नशा मुक्ति व मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव, विषय न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्राधिकरण सचिव (अपर जिला न्यायाधीश) दिनेश कुमार जलुथरिया ने कहा कि नशा व्यक्ति का भविष्य बर्बाद कर सकता है। यदि कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों के सेवन के लिए प्रेरित करता है तो उसका विरोध करें और आवश्यकता पड़ने पर अभिभावकों, शिक्षकों अथवा अन्य विश्वसनीय व्यक्तियों से सहायता लें। उन्होंने विद्यार्थियों को नालसा की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 की जानकारी भी दी, ताकि जरूरत पड़ने पर विधिक सहायता प्राप्त की जा सके। अगला सत्र 21 जुलाई को होगा, इसमें विद्यार्थियों को एक अन्य महत्वपूर्ण विधिक एवं सामाजिक विषय पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। इन स्कूलों में पहुंचे ये न्यायिक अधिकारी : ट्रांसफार्मेटिव ट्यूजडे अभियान के तहत प्राधिकरण सचिव, दिनेश कुमार जलुथरिया ने राउमावि बमोर, फैमिली कोर्ट न्यायाधीश मधुसूदन शर्मा ने राउमावि घांस, न्यायाधीश, विशेष न्यायालय (पॉक्सो) प्रदीप कुमार वर्मा ने विवेक स्कूल, विशिष्ट न्यायाधीश, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम प्रकरण नीरज भारद्वाज ने महात्मा गांधी गोलडूंगरी, बंधा जानबाज स्थित सरकारी स्कूल, एससी-एसटी कोर्ट, न्यायाधीश आरती माहेश्वरी ने शिव विद्या मंदिर पुरानी टोंक, एडीजे स्वाति व्यास ने विवेकानंद स्कूल मेहंदवास, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनोज फौजदार ने राउमावि सोनवा, एसीजेएम-01 आशिमा माथुर ने सेंट जोसेफ, एसीजेएम-02 गजपाल सिंह ने राउमावि खजूरिया, न्यायिक मजिस्ट्रेट तनिष्का मेहरा ने श्रीदेव विद्यापीठ स्कूल व अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रेया गोयल ने आईपीएस स्कूल में विद्यार्थियों को नशामुक्ति, कानूनी जागरूकता व जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
राजस्व वसूली में जेवीवीएनएल बूंदी प्रदेश में दूसरे स्थान पर, 43 सम्मानित
बूंदी| जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) के बूंदी वृत्त ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व वसूली में पूरे निगम में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर मंगलवार को सर्किल कॉन्फ्रेंस हॉल में सम्मान समारोह हुआ। इसमें 43 अधिकारी और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एसई (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) सीपी गुप्ता ने इसे टीमवर्क का परिणाम बताया। उन्होंने भविष्य में उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं देने की बात कही। कर्मचारियों का चयन बकाया राजस्व वसूली, बिजली छीजत (एटी एंड सी लॉस) में कमी, सतर्कता जांच से राजस्व बढ़ाने और नए कनेक्शनों की फाइलों के समय पर निस्तारण के आधार पर किया गया। समारोह में 30 तकनीकी कर्मचारी (फीडर इंचार्ज), 5 जेईएन, 3 एईएन, 3 कनिष्ठ लेखाकार और उपभोक्ता शाखा के 2 मंत्रालयिक कर्मचारी शामिल रहे, जिन्हें सम्मानित किया गया।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद कर आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
बूंदी| भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर देवपुरा स्थित नोहरे में संगोष्ठी हुई। कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। जिला महामंत्री संजय लाठी, मंडल प्रभारी मदन गुर्जर ने भी विचार रखे। संचालन मोहन कराड़ और हरिशंकर सैनी ने किया।
उल्लास में बूंदी प्रदेश में पहले स्थान पर
भास्कर न्यूज | बूंदी उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिले ने प्रदेश में नई पहचान बनाई है। जिले ने असाक्षरों की पहचान के लिए घर-घर सर्वे सबसे पहले पूरा कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अभियान के तहत जिले को 64 हजार से अधिक असाक्षरों को चिन्हित कर साक्षर बनाने का लक्ष्य मिला था, जिसे समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया। जिला साक्षरता अधिकारी योगेशकुमार शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार और साक्षरता निदेशालय के निर्देश पर जिले के सभी पांचों ब्लॉकों में व्यापक सर्वे अभियान चलाया गया। सर्वेयर शिक्षकों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, प्रेरकों और स्थानीय स्वयंसेवकों के सहयोग से घर-घर पहुंचकर लाभार्थियों का नाम, आयु और आधार संबंधी जानकारी मोबाइल एप पर दर्ज की। सहायक परियोजना अधिकारी अंकित गौतम ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों और पांचों ब्लॉकों के साक्षरता समन्वयकों ने टीम भावना से काम किया। सभी के सामूहिक प्रयास से प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। अभियान का उद्देश्य 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे लोगों को साक्षरता से जोड़ना है, जो किसी कारण औपचारिक शिक्षा से वंचित रह गए। उन्हें अक्षर ज्ञान के साथ वित्तीय और डिजिटल साक्षरता भी दी जाएगी, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। प्रदेश में सबसे पहले पूरा किया सर्वे कार्य। 64 हजार से अधिक असाक्षरों की पहचान का लक्ष्य पूरा। पांचों ब्लॉकों में घर-घर जाकर हुआ सर्वे। शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, प्रेरकों और स्वयंसेवकों ने निभाई अहम भूमिका। लाभार्थियों का पूरा विवरण मोबाइल एप पर ऑनलाइन दर्ज किया गया। अब चिन्हित असाक्षरों को अक्षर ज्ञान के साथ वित्तीय और डिजिटल साक्षरता दी जाएगी। ^ यह उपलब्धि जिले के सभी सर्वेयर शिक्षकों, साक्षरता समन्वयकों, प्रशासन, स्वयं सेवकों और नागरिकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। बूंदी ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर नई मिसाल पेश की है। -योगेश कुमार शर्मा, जिला साक्षरता अधिकारी, बूंदी
कायनहाउस में गोवंश के नाम पर अवैध वसूली की आयुक्त से शिकायत
भास्करन्यूज | बूंदी नगरपरिषद के कायन हाउस में गोवंश रखने और छोड़ने के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। गोपाल गोसेवा संस्थान के सचिव गोपाल माहेश्वरी ने आयुक्त को शिकायत देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि कायन हाउस में कुछ लोगों ने अपने नाम और मोबाइल नंबर के पोस्टर लगाकर अनुदान के लिए रसीद काटने की व्यवस्था दर्शाई है। साथ ही संस्थान के सोशल मीडिया ग्रुप में भी उन्हें अधिकृत बताया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नगरपरिषद और गोपाल गोसेवा संस्थान ने किसी भी व्यक्ति को गोवंश रखने या छोड़ने के नाम पर राशि वसूलने या रसीद काटने के लिए अधिकृत नहीं किया। शिकायत में कुछ लोगों के नाम का उल्लेख करते हुए कहा है कि उनकी ओर से की जा रही कथित गतिविधियों से संस्थान की छवि प्रभावित हो रही है। सचिव ने स्पष्ट किया कि इन लोगों को संस्थान की ओर से कोई अधिकृत अनुमति नहीं दी गई है। शिकायत में नगरपरिषद से कथित अवैध वसूली की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा कायन हाउस के संचालन के लिए नगरपरिषद की ओर से प्रशासक नियुक्त करने की मांग की गई है। इस मामले में आयुक्त बृजेश रॉय ने कहा कि मामले की जांच करवाकर नियमानुसार एक्शन लेंगे।
युवा संबल मेले में 536 युवा आए, 24 को मिली नौकरी
युवा संबल मेले का शुभारंभ कलेक्टर हरफूल सिंह यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, जिला महामंत्री संजय लाठी ने किया। कलेक्टर ने युवाओं से प्रशासन के सोशल मीडिया चैनल से जुड़ने और माई भारत एप पर पंजीयन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि युवाओं को रोजगार और योजनाओं की पूरी जानकारी दें। विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। आईटीआई प्रशिक्षकों ने क्विज प्रतियोगिता कराई। मेले में 536 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 24 का चयन हुआ। आईपीई ग्लोबल संस्था ने महिलाओं को विशेष परामर्श दिया। योजना के लाभार्थियों को चेक बांटे गए। मिलियन माइंड्स, एसआईएस और ऑल इंडिया जॉब सॉल्यूशन की ओर से 9 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। कलेक्टर ने सहायक निदेशक भैरुप्रकाश नागर और उनकी टीम की सराहना करते हुए अतिथियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में एडीएम (सीलिंग) रमेश देव, पीजी कॉलेज प्राचार्य डॉ. ओमप्रकाश शर्मा, आईटीआई प्राचार्य पीसी मीणा, आरसेटी निदेशक अशोक बंजारा, एलडीएम गोपाल शेखर झा, उपनिदेशक मनोज पाठक, जिला श्रम अधिकारी अंकिता महर्षि शामिल रहे। युवा संबल मेले में रोजगार और कौशल विकास के साथ पर्यावरण सहेजने का भी संदेश दिया गया। कलेक्टर ने युवाओं से इस मानसून में कम से कम पांच-पांच पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि रोजगार के साथ पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
तारबंदी में करंट लगाने का आरोप, गाय की मौत
मित्रपुरा| थाना क्षेत्र के जाटलाव गांव में खेत की तारबंदी में करंट प्रवाहित करने से गाय की मौत होने का मामला सामने आया है। पशुपालक ने पड़ोसी पर जानबूझकर करंट लगाकर गाय की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मित्रपुरा थाने में परिवाद देकर कार्रवाई की मांग की है। परिवाद के अनुसार जाटलाव निवासी हेमराज (31) पुत्र जगदीश मीणा ने बताया कि वह खेती के साथ गाय, भैंस और बकरी पालन कर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसका पड़ोसी से जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। आरोप है कि पड़ोसी उसके पशुओं को चारागाह में जाने से रोकता था। हेमराज ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6 बजे पड़ोसी ने अपने खेत की लोहे की तारबंदी में बिजली का करंट प्रवाहित कर दिया। गाय खेत की ओर चली गई। आरोप है कि गाय को बाहर भगाने के दौरान वह करंट प्रवाहित तारों के संपर्क में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार को मित्रपुरा थाने के हेड कांस्टेबल विष्णु प्रताप सिंह जादौन ने बौंली पशु चिकित्सालय के चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजकर मृत गाय का पोस्टमार्टम कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दतुली सेवा शिविर में ग्रामीणों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
मित्रपुरा| मित्रपुरा तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत दतुली में मंगलवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया तथा राजस्व, कृषि, विद्युत, पशुपालन एवं पंचायत से जुड़े कार्यों का मौके पर ही निस्तारण कराया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाए बिना गांव में ही त्वरित राहत और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना रहा। शिविर प्रभारी नायब तहसीलदार बसंत कुमार शर्मा ने बताया कि शिविर के दौरान नाम शुद्धिकरण, नामांतरण, जमीनी विवाद, रास्ता विवाद, आवासीय भूखंड पट्टा, हैंडपंप सुधार, कृषि योजनाओं की जानकारी सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रकरण प्राप्त हुए। अधिकारियों ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की। उन्होंने बताया कि राजंती पत्नी एलमचंद ने अपनी खातेदारी भूमि के राजस्व रिकॉर्ड में नाम की अशुद्धि संबंधी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। जांच के दौरान करीब 20 वर्ष पुराने विक्रय पत्र एवं नामांतरण अभिलेखों के आधार पर राजंती पत्नी एलमचंद तथा गुड्डी पत्नी बाबूलाल के नाम जमाबंदी में शुद्ध किए गए। इसी प्रकार नानगी पत्नी पुनिराम के राजस्व रिकॉर्ड में जाति संबंधी त्रुटि को भी सुधारते हुए जाति नाथ के स्थान पर मीना दर्ज की गई। शिविर में नामांतरण के कुल 11 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं रास्ता विवाद से जुड़े 20 प्रकरण सामने आए,, जिनमें से 16 मामलों का तत्काल समाधान किया गया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को दिए उपहार
रोटरी क्लब दौसा की टीम संकल्प की ओर से बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उनके आत्मविश्वास का विकास करने के उद्देश्य से किड्स प्रतियोगिता एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के लिए रंग भरो प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता, विभिन्न मनोरंजक खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाओं को आकार दिया। निबंध लेखन में अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। खेल गतिविधियों के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। रोटरी क्लब की ओर से प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को रंग भरने की किट भेंट की गई। क्लब अध्यक्ष मनीष गोठड़ा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक सोच विकसित करना, आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना रहा। इस दौरान बच्चों को अच्छे संस्कार, शिक्षा का महत्व, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, समाज के प्रति जिम्मेदारियों के बारे में प्रेरणादायक संदेश दिए गए। बच्चों ने भी इन बातों को ध्यानपूर्वक सुना। जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विधि सेठी, छाया जैन, अनुदीप कौर, प्रियंका झाला, साक्षी खंडेलवाल, रेखा जैन, ज्योति मित्तल, प्रीति, डॉ. श्रेया गुर्जर का सहयोग रहा।
मौसम बदला , घने बादलों के बीच रिमझिम बारिश
उपखंड मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्र में मंगलवार शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दिनभर तेज उमस और गर्मी से लोग परेशान रहे, लेकिन शाम होते ही आसमान पर काले बादलों ने डेरा जमा लिया। इसके बाद क्षेत्र में रिमझिम बारिश का दौर शुरू हुआ, जिससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली।
वार्ड 45 में कच्चे रास्ते में भर जाता है, बारिश का पानी, आवागमन में परेशानी
दौसा| शहर के वार्ड संख्या 45 में कच्चे रास्ते होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। बारिश में कच्चे रास्तों में पानी भरने से समस्या और बढ़ जाती है। सर्वाधिक परेशानी समरथ कॉलोनी, सवाईभोज नगर एवं बसंत विहार के लोगों को हो रही है। लोग इस परेशानी का सामना करीब 15 वर्षों से कर रहे हैं। शिकायत करने के बावजूद समस्या का निराकरण नहीं हो रहा है। रामहरि मीणा, दौसा
नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए हानिकारक : डॉ. कौशिक
भास्कर न्यूज | दौसा पंडित नवल किशोर शर्मा इंग्लिश मीडियम स्कूल दलेलपुरा (दौसा) में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार विशेष जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ. रिचा कौशिक रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, नशे की लत से बचाव तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए हानिकारक है। नशीले पदार्थों का सेवन, खरीद-फरोख्त एवं तस्करी कानूनन दंडनीय अपराध है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बड़ी उत्सुकता से अपने प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य अतिथि ने सरल तरीके से उत्तर दिया। विद्यालय के निदेशक आशुतोष शर्मा एवं प्रधानाचार्य डॉ. पूनम शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया और उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक एवं कानूनी चेतना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की ओर से नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने के साथ हुआ।
किसानों को फार्मर आईडी से ही मिलेगी अनुदानित खाद
उर्वरक वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने व कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने अनुदानित खाद वितरण व्यवस्था में बदलाव किया है। अब किसानों को अनुदानित उर्वरक (सब्सिडी वाली खाद) फार्मर रजिस्ट्री आईडी के आधार पर ही दिया जाएगा। ये व्यवस्था कई जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत लागू हो गई है। जिले में अगले दो माह में लागू हो सकती है। इस संबंध में कृषि आयुक्त ने निर्देश भी जारी किए हैं, जिनके अनुसार यूरिया, डीएपी, एनपीके, एसएसपी व एमओपी सहित सभी अनुदानित उर्वरकों का विक्रय किसान की फार्मर रजिस्ट्री आईडी या फार्मर आईडी पंजीकरण रसीद के आधार पर ही किया जा सकेगा। केंद्र सरकार किसानों को उर्वरकों पर सब्सिडी उपलब्ध कराती है। ऐसे में अनुदानित उर्वरकों के दुरुपयोग और जमाखोरी को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। यूरिया-डीएपी के साथ अन्य उत्पाद नहीं थोप सकेंगे डीलर्स : आदेशों में आयुक्तालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार के अनुदानित उर्वरक की बिक्री अन्य गैर-अनुदानित उर्वरकों या कृषि आदानों के साथ अनिवार्य रूप से जोड़कर या टैगिंग करके नहीं की जा सकेगी। यानी डीलर अब बिना किसान की मर्जी के यूरिया-डीएपी के साथ अन्य उत्पाद नहीं दे सकेंगे। अक्सर शिकायतें आती हैं कि डीलर्स यूरिया के साथ जबरन अन्य उत्पाद थोप देते हैं। अब ऐसा पाए जाने पर संबंधित उर्वरक विक्रेता व आपूर्तिकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
महिला कोच में सफर करते पुरुष मिले तो लगेगा 2500 रु. तक का जुर्माना
चूरू | भारतीय रेलवे ने महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए महिला आरक्षित डिब्बों में अनधिकृत प्रवेश को लेकर नियम और सख्त कर दिए हैं। नए जनविश्वास (संशोधन प्रावधान) अधिनियम 2026 के लागू होने के बाद अब महिला डिब्बे में बिना अनुमति यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों से मौके पर ही 2500 रुपए तक का जुर्माना वसूला जा सकेगा। संबंधित यात्री का टिकट या पास भी जब्त कर सकते हैं। रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 162 के तहत यदि कोई पुरुष जानबूझकर महिला आरक्षित कोच, सीट, बर्थ या कंपार्टमेंट में प्रवेश करता है, यात्रा करता है या गार्ड के निर्देश के बावजूद स्थान खाली नहीं करता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
सारण सभाध्यक्ष, चौधरी प्रदेशाध्यक्ष व गहलोत मुख्य महामंत्री निर्विरोध चुने
भास्कर न्यूज| बाड़मेर राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील के समन्वय के बाद प्रथम प्रदेश महासमिति अधिवेशन ब्रह्मकुमारी मानसरोवर आबूरोड सिरोही के स्वदर्शन हॉल में हुआ। अधिवेशन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री केशरलाल चौधरी की मौजूदगी में प्रदेश कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से निर्विरोध चुनाव हुआ। चुनाव में किशनलाल सारण प्रदेश सभाध्यक्ष, बन्नाराम चौधरी प्रदेशाध्यक्ष, नीरज शर्मा, जसवंत सिंह नरूका कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष निर्वाचित हुए। धर्मेंद्र गहलोत प्रदेश मुख्य महामंत्री, रामनिवास साहू प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए। उपसभाध्यक्ष पद पर धुलीराम डांगी, कैलाशचंद्र गौड़, हरिराम कलावंत, आनंद पारीक, प्रभाराम चौधरी निर्वाचित हुए। कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष पद पर नीरज शर्मा चुने गए। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर लच्छीराम गुर्जर, रामनिवास सऊ, देरावर सिंह चौधरी निर्वाचित हुए। प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर जालाराम खीचड़, रुकमणाराम चौधरी, विरमाराम चौधरी, कैलाश कुराड़ा चुने गए। कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. विष्णु कुमार तेली निर्वाचित हुए। महिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. रोशन दीप श्रीमाली, महिला उपाध्यक्ष रामेश्वरी विश्नोई व महिला मंत्री इंद्रा विश्नोई, प्रीति गुर्जर निर्वाचित हुईं। प्रदेश महामंत्री पद पर जवाराराम मेघवाल, खेताराम माचरा, विजय आनंद गुप्ता, पुखराज नैन, राजूराम सारण, घमाराम सारण, जुजाराम डेलू निर्वाचित हुए। अतिरिक्त महामंत्री पद पर जसाराम विरास, रमेश रागी, लिखमाराम भांभू, जालाराम सियाग, देवीसिंह आसू, हरिराम सारण, नरेंद्र परिहार, खेताराम जाखड़ चुने गए। वीरमाराम गोदारा, गोमाराम सियोल वरिष्ठ महामंत्री, राजेंद्र गोदारा प्रदेश मंत्री व पुरखाराम प्रदेश प्रवक्ता चुने गए। अन्य पदों पर भी सर्वसम्मति से निर्वाचन हुआ।
कल आएंगे मुख्यमंत्री यादव, 4 लाख पौधे बांटेंगे
कालापीपल| मुख्यमंत्री मोहन यादव 9 जुलाई को कालापीपल आएंगे। वे किसानों से संवाद करेंगे। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 4 लाख पौधों का वितरण करेंगे। तैयारी के लिए कलेक्टर ऋजु बाफना, पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला, विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने सभा स्थल का जायजा लिया। सभा में अव्यवस्था न हो, इसके निर्देश दिए। कानून व्यवस्था मजबूत रखने को कहा। पार्किंग व्यवस्था तय करने को कहा। यातायात संचालन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। मौके पर जिले के पुलिस और प्रशासन के स्थानीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
तिरपाल के नीचे बन रहा मध्याह्न भोजन
भैरूंदा| भैरूंदा तहसील के ग्राम पंचायत छिदगांव काछी स्थित शासकीय स्कूल में मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां स्व-सहायता समूह स्कूल के किचन में तिरपाल लगाकर भोजन तैयार कर रहा है। इससे भोजन बनाने में परेशानी हो रही है। जानकारी के अनुसार किचन की उचित व्यवस्था नहीं है। समूह की रसोइयों को तिरपाल के नीचे खाना बनाना पड़ रहा है। बरसात में यह व्यवस्था ज्यादा असुविधाजनक हो जाती है। सुरक्षित तरीके से भोजन बनाना मुश्किल होता है। स्वच्छता बनाए रखने में भी दिक्कत आती है। ग्रामीणों ने मांग की है कि स्कूल में मध्यान्ह भोजन के लिए स्थायी रसोई की व्यवस्था हो। बच्चों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिले। विकासखंड शिक्षा अधिकारी साक्षी जैन ने कहा, मैं मौके को दिखवाती हूं। जरूरत होने पर दूसरे कमरे में भोजन बनाने की व्यवस्था के निर्देश दिए जाएंगे।
घर लौटे अग्निवीर का 3 किमी जुलूस निकाला
अहमदपुर| भारतीय सेना में प्रशिक्षण पूरा कर पहली बार अपने गृह ग्राम पथरिया लौटे अग्निवीर हरिओम गुर्जर का सोमवार को अहमदपुर से ग्राम पथरिया तक करीब तीन किलोमीटर लंबे स्वागत जुलूस के साथ अभिनंदन किया गया। स्वागत जुलूस अहमदपुर के चरनाल जोड़ से शुरू हुआ। ढोल और डीजे चला। भारत माता के जयकारे लगे। जुलूस ग्राम पथरिया तक पहुंचा। बड़ी संख्या में क्षेत्र के युवा, ग्रामीण तिरंगा लेकर शामिल हुए। ग्राम पथरिया पहुंचने पर ग्रामीणों ने हरिओम गुर्जर का फूल-मालाओं से स्वागत किया। गांव में खुशी का माहौल रहा।
ज्योति, विजेन्द्र का नेशनल रेफरी के लिए चयन
सीहोर| शहर के चर्च मैदान पर सालों से फुटबॉल की बारीकियां सिखाने वाले ज्योति गौर और विजेंद्र परमार का ऑल इंडिया फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वाधान में हुई चयन प्रक्रिया में नेशनल रेफरी के रूप में चयन हुआ है। दोनों अब तक स्टेट रेफरी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव मनोज कन्नोजिया ने बताया कि ज्योति गौर और विजेंद्र परमार स्टेट रेफरी के रूप में कई प्रतियोगिताओं में शामिल रहे। नेशनल रेफरी बनने पर खेल संगठनों के पदाधिकारियों ने बधाई दी। बधाई देने वालों में मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के प्रेसिडेंट जीके श्रीवास्तव, सचिव अमित रंजन देव, वाइस प्रेसिडेंट राकेश शर्मा, फुटबॉल एसोसिएशन के संरक्षक रमेश सक्सेना, अखिलेश राय, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष नरेश मेवाडा, विधायक सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, जिला फुटबॉल एसोसिएशन के मधुर विजयवर्गीय शामिल रहे।
सार्थक एप से हाजिरी अनिवार्यता हटाने की मांग, ज्ञापन सौंपा
भास्कर संवाददाता | सीहोर मंगलवार को मप्र कृषि विस्तार अधिकारी संघ की जिला इकाई ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कृषि विस्तार अधिकारियों के लिए सार्थक एप से अनिवार्य उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था खत्म करने की मांग की गई। संघ ने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में कई योजनाएं चला रही है। इनके क्रियान्वयन में कृषि विस्तार अधिकारियों की अहम भूमिका है। अधिकारियों को रोज गांव-गांव जाकर किसानों को योजनाओं की जानकारी देनी पड़ती है। तकनीकी मार्गदर्शन करना पड़ता है। विभागीय काम निपटाने पड़ते हैं। संघ के मुताबिक सार्थक एप से हाजिरी की अनिवार्यता के कारण अधिकारियों को व्यावहारिक दिक्कतें हो रही हैं। महिला कृषि विस्तार अधिकारियों को ज्यादा परेशानी आ रही है। दूरस्थ गांवों में नेटवर्क की समस्या रहती है। समय पर उपस्थिति दर्ज करने में दिक्कत होती है। क्षेत्रीय काम के दौरान अनावश्यक बाधाएं आती हैं। इससे काम करने की क्षमता प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में कहा गया कि कई बार विभागीय काम के अलावा अन्य शासकीय दायित्व भी निभाने पड़ते हैं।
खुशीपुरा पीपलनेर में बिजली शिविर आज
बिलकिसगंज| विद्युत विभाग जनसंपर्क अभियान के तहत 8 जुलाई को बरखेड़ी क्षेत्र के क्लस्टर-1 में ग्राम खुशीपुरा पीपलनेर में विद्युत शिविर लगाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। इसमें ग्राम खुशीपुर, बरखेड़ी, पीपलनेर, शेरपुर, तकीपुर, विजलोंन, भगवानपुरा, आलमपुरा के बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर निराकरण होगा। शिविर में बिजली बिल की शिकायतें ली जाएंगी। नाम में संशोधन होगा। मोबाइल नंबर अपडेट होंगे। स्मार्ट मीटर से जुड़ी दिक्कतें दूर की जाएंगी। नए बिजली कनेक्शन के आवेदन लिए जाएंगे। विद्युत भार में बढ़ोतरी, कमी के काम होंगे। अन्य बिजली संबंधी शिकायतों का समाधान भी किया जाएगा। उपभोक्ताओं को विभाग की योजनाओं, सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। विद्युत केंद्र प्रभारी चंद्रशेखर सिंह ने उपभोक्ताओं से शिविर में अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।
रामजाखेड़ी में 11 केवी लाइन से 4 पोलों के तार चोरी
अहमदपुर| मध्य क्षेत्रीय विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय अहमदपुर के अंतर्गत ग्राम रामजाखेड़ी में सोमवार रात अज्ञात चोरों ने 11 केवी कृषि विद्युत लाइन को निशाना बनाया। चोर चार पोलों के बिजली तार चोरी कर ले गए। चोरी गए तारों की कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई जा रही है। वारदात के दौरान चोर एक विद्युत पोल को भी क्षतिग्रस्त कर गए। घटना की जानकारी मिलने पर अहमदपुर के जेई शिवराम सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने अज्ञात आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। अहमदपुर थाने में लिखित आवेदन देकर चोरी की सूचना दी। पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। विद्युत विभाग ने बताया कि इसी जगह पहले भी 18 से 20 विद्युत पोल के तार चोरी हो चुके हैं।
आष्टा में मानसून मेहरबान, 458 मिमी बारिश, 44% कोटा पूरा
भास्कर संवाददाता| सीहोर अल-नीनो का असर कम होते ही मानसून सक्रिय हो गया। शहर सहित जिलेभर में पिछले तीन दिनों से लगातार तेज बारिश हो रही है। जिले में अब तक 322 मिमी औसत बारिश हो चुकी है। पिछले साल इसी समय तक 295.3 मिमी औसत बारिश दर्ज हुई थी। मंगलवार सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटे में जिले में 40 मिमी औसत बारिश हुई। अब तक जिले में सबसे ज्यादा बारिश आष्टा में 458 मिमी रिकॉर्ड की गई है। सोमवार शाम से जिले में तेज बारिश का दौर चल रहा है। रविवार सुबह रिमझिम बारिश होती रही। सुबह करीब 11.30 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे बाद मौसम साफ हुआ। धूप निकली। अधिकतम तापमान 34 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दोपहर बाद फिर मौसम बदला। अचानक तेज बारिश शुरू हुई। रिमझिम बारिश देर रात तक चलती रही। सीजन का 28 फीसदी कोटा पूरा हो चुका है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जुलाई में कभी तेज, कभी धीमी बारिश हो सकती है। हर साल आष्टा में कम बारिश होती थी पिछले साल बारिश में पीछे रहा आष्टा क्षेत्र में इस बार अब तक सबसे ज्यादा बारिश हुई है। जुलाई के पहले सप्ताह में ही यहां बारिश का 44 प्रतिशत कोटा पूरा हो चुका है। भू-अभिलेख शाखा के रिकार्ड अनुसार आष्टा में पिछले साल अब तक 202 मिमी बारिश रिकार्ड हुई थी। जबकि इस साल अब तक जिले में 458 मिमी बारिश रिकार्ड हो चुकी है। खास बात यह है कि आष्टा क्षेत्र में हमेशा कम बारिश होती है। इसलिए आष्टा की औसत बारिश 1038.6 मिमी मानी गई है। वहीं अब तक 458 मिमी बारिश हो चुकी है, यानी कि आष्टा में 44 फीसदी बारिश हो चुकी है।
कलेक्टर छात्रों से बोले- समझकर पढ़ोगे तो हर विषय आसान होगा
बम्हौरी| कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने बम्हौरी क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने विकास कार्यों का निरीक्षण किया। शासकीय संस्थानों को देखा। कलेक्टर ने पीएम श्री स्कूल बम्हौरी का निरीक्षण किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या विद्यालय भी पहुंचे। यहां कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों से संवाद किया। कलेक्टर ने कहा, विषय समझकर पढ़ोगे तो आसान हो जाते हैं। जिन विषयों में कठिनाई हो, उनमें ज्यादा मेहनत करो। रोज पढ़े हुए पाठ का रिवीजन करो। रविवार को पूरे सप्ताह की पढ़ाई दोहराओ। इससे परीक्षा की तैयारी बेहतर होगी। दौरे में कलेक्टर ग्राम पंचायत रामगढ़ पहुंचे। यहां निर्माणाधीन पानी की टंकी का निरीक्षण किया। टंकी पिछले दो वर्षों से बन रही है। अब तक पूरी नहीं हो सकी है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को काम जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
दुबई एजुकेशनल कॉन्क्लेव में सोनम ने किया भारत का प्रतिनिधित्व
चिकलोद कलां| चिकलोद कलां की बेटी, इंदौर की शिक्षाविद सोनम विश्वकर्मा ने दुबई में आयोजित इंटरनेशनल एजुकेशनल कॉन्क्लेव-2026 में मोटिवेशनल स्पीकर के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने क्षेत्र और विश्वकर्मा समाज का गौरव बढ़ाया। सोनम, श्रीमती पानबाई और परसराम विश्वकर्मा की पुत्री हैं। सम्मेलन 25 जून से 1 जुलाई तक सात दिन चला। इसमें 40 से अधिक देशों के 500 से ज्यादा शिक्षाविद और शिक्षा विशेषज्ञ शामिल हुए। सम्मेलन का विषय शिक्षा का भविष्य, एआई इन लर्निंग और स्किल डेवलपमेंट रहा। सोनम ने 21वीं सदी के कौशल और कक्षा में नवाचार विषय पर कार्यशाला में भारत की शिक्षा प्रणाली और नई शिक्षा नीति एनईपी-2020 के क्रियान्वयन के अनुभव साझा किए। उन्होंने एडटेक, वर्चुअल लर्निंग और प्रोजेक्ट-आधारित शिक्षा का प्रशिक्षण भी लिया। उत्कृष्ट सहभागिता पर आयोजन संस्था ने उन्हें सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन से सम्मानित किया।
बिजासन माता को ध्वज अर्पित कर मांगी खुशहाली
भास्कर संवाददाता | सुल्तानपुर नगर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, अच्छी बारिश, भरपूर फसल की कामना से निकाली जाने वाली 38 साल पुरानी पारंपरिक पदयात्रा का मंगलवार को सलकनपुर स्थित बिजासन माता धाम में ध्वज अर्पित कर समापन हुआ। यात्रा 4 जुलाई को शुरू हुई। चार दिन चली। सुल्तानपुर से गौहरगंज, बुधनी होते हुए करीब 120 किलोमीटर का सफर तय कर माता के दरबार पहुंची। यात्रियों ने रास्ते में गौहरगंज, बुधनी में रात्रि विश्राम किया। मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद आगे की यात्रा पूरी की सलकनपुर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने बिजासन माता के दर्शन किए। ध्वजा अर्पित की। क्षेत्र में अच्छी बारिश, समृद्धि, बेहतर पैदावार की प्रार्थना की। इसके बाद महाप्रसादी भंडारा हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। यात्रा से जुड़े श्रद्धालुओं ने बताया कि यह परंपरा 38 साल से लगातार निभाई जा रही है। मान्यता है कि यात्रा शुरू होते ही क्षेत्र में बारिश का दौर शुरू हो जाता है। इस साल भी चारों दिन कहीं तेज, कहीं हल्की बारिश होती रही। श्रद्धालुओं ने इसे माता रानी की कृपा, शुभ संकेत माना।
भूतपूर्व सैनिकों की मासिक बैठक 9 जुलाई को होगी
बैतूल| जिले के भूतपूर्व सैनिकों और शहीदों की पत्नियों की मासिक बैठक 9 जुलाई को आयोजित की जाएगी। यह बैठक जिला सैनिक कल्याण कार्यालय बैतूल में आयोजित होगी। सेवानिवृत्त कैप्टन आईएन सुमीत सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने जिले के सभी भूतपूर्व सैनिकों एवं शहीदों की पत्नियों से बैठक में निर्धारित समय पर उपस्थित होने का अनुरोध किया है। बैठक में भूतपूर्व सैनिकों से संबंधित समस्याओं, कल्याणकारी योजनाओं और आवश्यक विषयों पर चर्चा की जाएगी।
जिले में 24 घंटे में 7 मिमी बारिश, बैतूल में सबसे ज्यादा
बैतूल| जिले में बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 7.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख के अनुसार 6 जुलाई सुबह 8 बजे से 7 जुलाई सुबह 8 बजे तक जिले के विभिन्न वर्षामापी केंद्रों पर बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान बैतूल में सबसे अधिक 21.2 मिमी वर्षा दर्ज की, जबकि आमला में 18.0 मिमी, चिचोली में 11.4 मिमी, शाहपुर में 9.0 मिमी और घोड़ाडोंगरी में 7.0 मिमी बारिश हुई। वहीं प्रभातपट्टन में 3.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मुलताई, भैंसदेही, आठनेर और भीमपुर में बारिश दर्ज नहीं हुई। जिले में वर्षा ऋतु 2026-27 में अब तक कुल औसत 252.9 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 230.5 मिमी बारिश हुई थी। जिले की सामान्य औसत वर्षा 1083.9 मिमी है, जबकि वर्ष 2025-26 में सामान्य औसत वर्षा 1097.4 मिमी दर्ज की गई थी।
नित्या सेवा समिति ने गोशाला में रोपे अश्वगंधा के बीज और पौधे
भास्कर संवाददाता | बैतूल दैनिक भास्कर के एक पेड़ एक जिंदगी' अभियान से प्रेरित होकर नित्या सेवा समिति ने मंगलवार को कामधेनु गोशाला, कढ़ाई में पौधरोपण किया। इस दौरान दैनिक भास्कर के अंक के साथ वितरित अश्वगंधा के छह बीजों का रोपण किया गया। इसके साथ ही नीम और जामुन के पौधे भी लगाए गए। समिति के संस्थापक सदस्य बलराम जसूजा ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होने के बाद, तीन वर्ष पहले, 22 साथियों के साथ मिलकर नित्या सेवा समिति का गठन किया। समिति ने पिछले तीन वर्षों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हजारों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का अभियान चलाया है। उन्होंने बताया कि दैनिक भास्कर की एक पेड़ एक जिंदगी' पहल से प्रेरित होकर इस बार औषधीय महत्व वाले अश्वगंधा के बीज भी रोपे गए। साथ ही गोशाला परिसर में नीम और जामुन के पौधे लगाए गए। इससे भविष्य में यहां हरियाली के साथ छायादार, औषधीय वातावरण विकसित हो सकेगा। समिति के सदस्यों ने पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण करने की अपील की। उन्होंने लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखने की भी अपील की।
हिवरखेड़ पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप, उपसरपंच ने कलेक्टर से की जांच की मांग
बैतूल| प्रभात पट्टन विकासखंड की ग्राम पंचायत हिवरखेड़ में पंचायत निधि के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत उपसरपंच डॉ. मीना गव्हाड़े ने कलेक्टर को शिकायत देकर सरपंच विश्वनाथ धोटे के कार्यकाल वर्ष 2022-23 से 2025 तक हुए सभी भुगतान और खरीदी कार्यों की जांच कराने की मांग की है। उपसरपंच ने शिकायत में आरोप लगाया है पंचायत में स्टेशनरी सामग्री, जेसीबी कार्य, पौधों की खरीदी, वेल्डिंग रिपेयर सहित अन्य मदों में फर्जी बिल लगाकर लाखों का भुगतान किया। उन्होंने आरोप लगाया स्टेशनरी के नाम पर करीब 71 हजार रुपये के ऐसे बिल लगाए, जिनकी सामग्री पंचायत कार्यालय में उपलब्ध नहीं है। इसी तरह जेसीबी मशीन के कार्यों में भी अनियमितता का आरोप लगाया है। कार्य पर पड़ रहा प्रभाव शिकायत में कहा पंचायत में स्वीकृत निर्माण कार्य समय पर शुरू नहीं किए जा रहे हैं। गांव की सड़कें खराब हैं और नालियों की समस्या बनी हुई है। उपसरपंच ने पंचायत बैठकों के नियमित आयोजन नहीं होने और बिलों व भुगतानों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को नहीं देने का भी आरोप लगाया है। कलेक्टर से मामले की उच्चस्तरीय जांच करा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं शिकायत में लगाए आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कृषि विस्तार अधिकारियों ने सार्थक ऐप पर हाजिरी में छूट की मांग की
भास्कर संवाददाता | बैतूल कृषि विस्तार अधिकारियों ने फील्ड स्तर पर कार्य में आ रही व्यावहारिक परेशानियों का हवाला देते हुए सार्थक ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की है। मंगलवार को मध्यप्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ जिला इकाई बैतूल के अध्यक्ष भूपेंद्र सूर्यवंशी के नेतृत्व में अधिकारियों ने कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अधिकारियों ने कहा कि कृषि विस्तार अधिकारी गांव- गांव पहुंचकर किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य करते हैं। एक अधिकारी के पास कई केंद्रों और दर्जनों गांवों की जिम्मेदारी रहती है। ऐसे में मोबाइल ऐप के माध्यम से निश्चित समय पर उपस्थिति दर्ज कराना फील्ड कार्य में बाधा बन रहा है। अधिकारियों ने बताया कि विभाग में महिला कृषि विस्तार अधिकारियों की संख्या अधिक है। कई स्थानों पर शासकीय आवास और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। उन्हें दो से छह केंद्रों तथा 40 से 50 गांवों का कार्य देखना पड़ता है। ज्ञापन में बताया कृषि विस्तार अधिकारियों को सोयाबीन भावांतर योजना, समर्थन मूल्य पर खरीदी, खाद वितरण, बीएलओ कार्य, एसआईआर सर्वे सहित अन्य जिम्मेदारियां भी निभानी पड़ती हैं। उनका कार्य किसानों की जरूरतों के अनुसार होता है। इसके लिए कई बार देर शाम तक गांवों में रहना पड़ता है। संघ ने कहा महिला अधिकारियों की सुरक्षा और व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए सार्थक ऐप की अनिवार्यता समाप्त की जाए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि फील्ड कार्य की प्रकृति को ध्यान में रखते हुए उपस्थिति व्यवस्था में संशोधन किया जाए। बैतूल। कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने पहुंचे सदस्य।
नपा ने 2 दिन में 28 आवारा मवेशी पकड़े; 15 दिन में 40 हजार रुपए जुर्माना किया
भास्कर संवाददाता | बैतूल शहर की सड़कों पर आवारा मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं और यातायात बाधा को रोकने के लिए नगर पालिका ने मंगलवार को विशेष अभियान तेज कर दिया। पिछले दो दिनों में 28 आवारा मवेशियों को पकड़कर गोशाला पहुंचाया गया। नगर पालिका का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। खुले में मवेशी छोड़ने वाले पशु मालिकों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई भी की जा रही है। इससे अब सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। सीएमओ नवनीत पांडेय ने बताया कि पिछले 15 दिनों में प्रति मवेशी 2 हजार रुपए के हिसाब से करीब 40 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। यह राशि गोशाला के संचालन, मवेशियों के रखरखाव और उनके बेहतर प्रबंधन पर खर्च की जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए नगर पालिका के करीब आधा दर्जन कर्मचारी दिन और रात शहर के अलग- अलग क्षेत्रों में आवारा मवेशियों की धरपकड़ कर रहे हैं। बारिश के मौसम में मुख्य मार्गों पर मवेशियों की मौजूदगी से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। गोशाला में किए विशेष इंतजाम सीएमओ नवनीत पांडेय ने बताया कि गोशाला में करीब 100 मवेशियों को रखने की व्यवस्था है। उनके भोजन के लिए 60 ट्रॉली भूसे का भंडारण किया गया है। इससे अगले छह माह तक चारे की कमी नहीं होगी। बीमार और घायल मवेशियों के उपचार के लिए स्थायी पशु चिकित्सक की व्यवस्था की है। साथ ही गोशाला की क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवॉल की मरम्मत कराई जा रही है। मवेशियों की देखभाल के लिए 4 कर्मचारी तैनात किए हैं।
वन विभाग पर मारपीट के आरोप, युकां ने कलेक्टर से जांच और कार्रवाई की मांग की
बैतूल| घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बालाडोंगरी निवासी आदिवासी युवक अमरदास पिता इमरत इवने के साथ वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा कथित मारपीट के मामले को लेकर जिला युवा कांग्रेस ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया अमरदास इवने को वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा घर से उठाकर कुरगना डिपो ले गए, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। युवा कांग्रेस ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कार्रवाई नहीं होने से आदिवासी समाज में आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष कमलेश यादव ने कहा कानून की रक्षा करने वाले यदि कानून का दुरुपयोग करेंगे तो यह संविधान की भावना के खिलाफ है। उन्होंने मांग की जांच पूरी होने तक संबंधित रेंजर, डिप्टी रेंजर और नाकेदार को निलंबित किया जाए। ज्ञापन में पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय उपलब्ध कराने की मांग भी की है। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा। इस दौरान जिला युवा कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
अनुसूचित जनजाति मोर्चा में 6 उपाध्यक्ष और 2 महामंत्री बनाए
बैतूल | भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा की जिला कार्यसमिति की घोषणा कर दी। यह घोषणा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश से जिला अध्यक्ष संतोष टेकाम ने की। घोषित कार्यसमिति में रोशनी इवने, मनोहरी परते, मनीष कुमरे, संजय धुर्वे, राजेश परते और मनोज उइके को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। कपिल प्रधान एवं रामप्रसाद (परसू) मर्सकोले को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला मंत्री अनिल उइके, सहनवती कवड़े, जोहरी वाडिवा, परसराम बारस्कर, शक्ति गणपत धुर्वे और शशीकला धुर्वे, कोषाध्यक्ष राधेश्याम उइके तथा नीलेश कुमरे को सह कोषाध्यक्ष, सुनील अहाके को कार्यालय मंत्री और रामराव मोंगरे को सह कार्यालय मंत्री का दायित्व दिया गया है। संतोष भलावी को मीडिया प्रभारी, दीपशिखा कास्देकर को सह मीडिया प्रभारी, वीरेन्द्र बारस्कर को सोशल मीडिया प्रभारी तथा ब्रजेश धुर्वे को सह सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है। वहीं नरेन्द्र उइके को नीति एवं शोध प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गर्भवतियों से प्रसव सेवाओं के नाम पर पैसे मांगे तो होगी कार्रवाई
बैतूल| कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं को प्रसव से संबंधित सभी स्वास्थ्य सेवाएं शासकीय जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएं। कलेक्टर ने बताया कि गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, खून एवं पेशाब की जांच, सोनोग्राफी, सामान्य एवं जटिल प्रसव, सीजर ऑपरेशन सहित प्रसव से जुड़ी सभी चिकित्सीय सेवाएं और प्रसव परिवहन सुविधा शासन द्वारा निशुल्क प्रदान की जाती है। कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि कोई शासकीय कर्मचारी, प्रसव परिवहन सेवा से जुड़ा वाहन चालक या अन्य कर्मचारी गर्भवती महिला अथवा उसके परिजनों से किसी भी प्रकार की राशि की मांग करता है तो यह पूर्ण रूप से अवैध माना जाएगा। प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. जगदीश घोरे ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर संपर्क नंबर जारी किए हैं।
रुपयों के लेन-देन को लेकर प्रताड़ना से युवक ने की थी आत्महत्या, चौथा आरोपी गिरफ्तार
भास्कर संवाददाता | बैतूल रुपयों के लेन-देन को लेकर कथित प्रताड़ना के बाद युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में सारनी पुलिस ने एक अन्य आरोपी मयूर पाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। इस प्रकरण में अब तक 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार 4 मई 2026 को सुपर डी- 358 निवासी रोहित विश्वकर्मा (36) की संदिग्ध मौत की सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल से 2 सुसाइड नोट, 3 पत्र और एक डायरी बरामद हुई। जांच के दौरान गवाहों के बयान, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि पैसों के लेन-देन को लेकर कई लोग मृतक को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि उसे झूठे प्रकरण में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। विवेचना के दौरान पुलिस पहले लक्की उर्फ ललित मालवीय और दीपक कुशवाह सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। मंगलवार को पुलिस ने मामले के एक अन्य आरोपी मयूर पाल (27), निवासी गणेश चौक, कोठी बाजार, बैतूल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि शेष फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक सुनील गौर तथा आरक्षक सुभाष मंडलोई और मोहित भाटी की भूमिका रही।
ब्लूबेरी कंपनी पर किसानों का रास्ता बंद करने का आरोप
भास्कर संवाददाता | बैतूल मुलताई तहसील के ग्राम हतनापुर निवासी किसानों ने ग्राम डहरगांव स्थित अपनी कृषि भूमि तक जाने वाला परंपरागत रास्ता बंद करने और तार फेंसिंग कर अतिक्रमण का प्रयास करने का आरोप ब्लूबेरी कंपनी पर लगाते हुए कलेक्टर को शिकायत की। किसानों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने और आवागमन मार्ग बहाल कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता जाबू पिता किसनू (75), संतोष गाठे, मंतोष गाठे, अनिता, गुन्ता और सावित्री ने बताया कि ग्राम डहरगांव में स्थित खसरा नंबर 59/16/1 सहित अन्य भूमि पर वे लंबे समय से खेती करते आ रहे हैं। किसानों का कहना है कि उक्त भूमि तक पहुंचने के लिए वर्षों से एक रास्ते का उपयोग किया जा रहा था, जिससे ट्रैक्टर, बैलगाड़ी और अन्य कृषि वाहन खेतों तक पहुंचते थे। किसानों ने आरोप लगाया कि ब्लूबेरी कंपनी ने इस रास्ते को बंद कर दिया है और वहां तार फेंसिंग लगा दी है। इससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है। शिकायत में किसानों ने आरोप लगाया कि जेसीबी मशीन से रास्ते को खराब कर दिया है, जिससे करीब एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को रास्ता बंद करने का विरोध करने पर कथित रूप से गाली-गलौज कर जान-माल की धमकी दी । किसानों ने कहा कि वे छोटे कृषक हैं और दबाव के कारण उन्हें अपनी जमीन कम कीमत में बेचने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर रास्ता खुलवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ^कंपनी की जमीन में फेंसिंग की है। संबंधित लोग अपनी जमीन की जगह परिजनों द्वारा बेची जमीन को अपना बता रहे हैं। हम बाहर से रास्ता बनाने तैयार हैं । - राकेश ढोढरे, एचआर, हार्टीफ्रूट बेरीज

