Gujarat के Bhavnagar में जहरीली शराब से 8 लोगों की मौत, 61 बीमार
गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से अब तक 61 लोग बीमार हुए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 10 मरीजों की हालत गंभीर है। राज्य सरकार ने कहा कि इस घटना को बेहद गंभीरता से लेकर तुरंत कार्रवाई की गयी जबकि कांग्रेस ने इस मामले को लेकर गृह विभाग संभाल रहे उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के इस्तीफे की मांग की। जिला प्रशासन ने बताया कि अत्यधिक जहरीले पदार्थ मेथनॉल युक्त शराब पीने वाले 25 लोगों का अब भी अस्पताल में इलाज जारी है। इस घटना के सिलसिले में वरतेज थाने में दर्ज प्राथमिकी में 21 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें से 13 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुजरात में शराब का निर्माण, बिक्री और सेवन प्रतिबंधित है। जिला प्रशासन कार्यालय ने बताया, “कुल 61 लोग बीमार हुए हैं और 25 का अब भी इलाज जारी है। शराब पीने वाले 18 अन्य लोग अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन चिकित्सकों के परामर्श के बाद वहां से चले गए।”अस्पताल में भर्ती मरीजों में से 15 की हालत स्थिर है, जबकि 10 मरीज गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं। इनमें से एक मरीज को वेंटिलेटर पर रखा गया है। जिला प्रशासन ने बताया कि अब तक 10 अन्य मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। मंत्री और सरकार के प्रवक्ता जितु वाघाणी ने कहा कि राज्य सरकार ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया और पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई से आगे होने वाले जानमाल के नुकसान को रोका जा सका। वाघाणी ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि दो पुलिस निरीक्षकों, चार कांस्टेबल और एक सहायक उपनिरीक्षक को निलंबित किया गया है। मंत्री ने कहा कि मामले के मुख्य साजिशकर्ता गौतम सोलंकी और रईस को भी हिरासत में लिया गया है। वाघाणी ने बताया कि पुलिस ने शराब का सेवन करने वाले 29 लोगों का पता लगाया और उन्हें चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले गई। उन्होंने कहा, ‘‘घटना के बाद राज्य निगरानी प्रकोष्ठ (एसएमसी) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मिलावटी शराब पीने वाले लोगों का पता लगाया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पूरी गंभीरता और तत्परता से कार्रवाई की, ताकि जानमाल के नुकसान को रोका जा सका।’’मंत्री ने कहा, ‘‘इस मुद्दे को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। राज्य सरकार ने इस पदार्थ का सेवन करने वाले लोगों की जान बचाने को प्राथमिकता दी है और मामले की गहन जांच कर रही है।’’कांग्रेस नेता जिग्नेश मेवाणी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित गुजरात में शराब और मादक पदार्थ खुलेआम बेचे जा रहे हैं। गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तथ्यान्वेषी प्रतिनिधिमंडल के साथ भावनगर पहुंचे मेवाणी ने दावा किया कि ‘‘एक सुनियोजित साजिश के तहत गुजरात के सभी 33 जिलों और 250 तालुकों में दिन-रात अवैध पदार्थ बेचे जा रहे हैं। इनमें चरस, गांजा, अन्य मादक पदार्थ और शराब शामिल हैं। इनकी बिक्री अक्सर मंदिरों और कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक (एसपी) के कार्यालयों जैसे सरकारी दफ्तरों के आसपास भी होती है।’’उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘एक साल पहले कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अमित चावड़ा के नेतृत्व में ‘जन आक्रोश रैली’ आयोजित किए जाने के बाद से हम राज्यव्यापी आंदोलन चला रहे हैं। मैंने उस समय भी कहा था कि जिन भ्रष्ट अधिकारियों के कदाचार के कारण गुजरात की महिलाएं विधवा हो रही हैं, उन्हें उनके पदों से हटाया जाना चाहिए।’’मेवाणी ने संघवी की उच्च शिक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर भाजपा सरकार उनका इस्तीफा सुनिश्चित करने में विफल रहती है, तो राज्य में जहरीली शराब से जुड़ी ऐसी और घटनाएं होना तय है। मेवाणी ने आरोप लगाया, ‘‘हमेशा की तरह कार्रवाई केवल कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, उपनिरीक्षक और निरीक्षक को निलंबित करने तक सीमित रहती है, जबकि पुलिस अधीक्षक (एसपी) और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती। व्यवस्था में ऐसे अधिकारी हैं, जिन्होंने अवैध शराब के कारोबार से करोड़ों रुपये अर्जित किए हैं।’’पुलिस के अनुसार, पीड़ितों ने भारत में निर्मित लोकप्रिय विदेशी शराब (आईएमएफएल) के ब्रांड के नाम वाली नकली बोतलों में पैक की गई जहरीली शराब का सेवन किया था। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मद्य निषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत गैर-इरादतन हत्या, मिलावट और जहर देने जैसे आरोप लगाए गए हैं। स्थानीय अदालत ने बृहस्पतिवार को आरोपियों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मामले की जांच राज्य निगरानी प्रकोष्ठ (एसएमसी) को सौंप दी गई है। यह गुजरात पुलिस की विशेष इकाई है, जो पूरे राज्य में अवैध शराब और जुआ गतिविधियों पर नजर रखती है।
Bhavnagar में जहरीली शराब से मौत का आंकड़ा 8 पहुंचा, 39 लोग भर्ती और 13 तस्कर गिरफ्तार
गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब के सेवन से मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है जबकि 39 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक 13 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें 31 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। उप मंडल मजिस्ट्रेट अक्षर व्यास ने कहा, जहरीली शराब मामले में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है, जबकि 39 लोगों का शहर के सरकारी सर टी अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। गुजरात एक शराब-मुक्त राज्य है जहां शराब के उत्पादन, बिक्री और उसके सेवन पर पाबंदी है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ितों ने इंडियन मेड फॉरेन लीकर (आईएमएफएल) नामक मशहूर ब्रांड की ‘नकली’ बोतलों में भरी गई जहरीली शराब का सेवन किया था। राज्य निगरानी प्रकोष्ठ (एसएमसी) के पुलिस अधीक्षक मयूरसिंह चावड़ा ने संवाददाताओं को बताया कि जहरीली शराब मामले के मुख्य आरोपी माने जा रहे रईस को मध्य प्रदेश के उज्जैन से हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस मामले की जांच एसएमसी को सौंप दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों में से एक, मध्य प्रदेश के रहने वाले नरेंद्र यादव की मौत उसी नकली शराब को पीने से हो गई, जिसे बनाने में वह शामिल था। चावड़ा ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब वरतेज थाना क्षेत्र के खरकड़ी गांव में एक व्यक्ति की जहरीले रसायनयुक्त शराब पीने से मौत हो गई। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें 21 लोगों को आरोपी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों के रक्त नमूनों की जांच में मेथनॉल की मौजूदगी पाई गई है। यह वही रसायन है, जिसे एथनॉल और अन्य रसायनों के साथ मिलाकर जहरीली शराब बनाई जाती थी। यह शराब गिरफ्तार आरोपी गौतम सोलंकी के घर पर तैयार की गई थी। चावड़ा ने कहा, जहरीली शराब भावनगर में सोलंकी के घर पर बनाई गई थी। इसके लिए कच्चा माल अन्य स्थानों से भावनगर लाया गया था। एक अन्य आरोपी नरेंद्र यादव एक-दो दिन के लिए मध्य प्रदेश से आया था और शराब बनाने की प्रक्रिया में शामिल था। उसने सबसे पहले इस जहरीली शराब का सेवन किया था और पीने के बाद उसकी मौत हो गई। उनके अनुसार, एसएमसी की टीमें मध्य प्रदेश और दिल्ली भी भेजी गई हैं, जहां से गुजरात को कच्चे माल की आपूर्ति किए जाने की संभावना थी।
Gujarat के Bhavnagar में मिलावटी शराब पीने से 2 लोगों की मौत, 4 तस्कर हिरासत में
गुजरात के भावनगर जिले में बुधवार को कथित तौर पर मिलावटी शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस मामले में चार शराब तस्करों को हिरासत में लिया गया है। गुजरात ‘शुष्क’ राज्य है, जहां शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध है। भावनगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि आईएमएफएल (इंडियन मेड फॉरेन लिकर) के एक ब्रांड की नकली बोतलों से शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत हुई और 19 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) नितेश पाण्डेय ने बताया कि कुछ दिन पहले खरकड़ी गांव में लोगों के एक समूह ने आईएमएफएल के एक ब्रांड की ‘‘नकली’’ बोतल से शराब पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि बाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य को भावनगर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। नीलमबाग पुलिस थाने के निरीक्षक डीपी उदानकट ने बताया कि एक अन्य व्यक्ति की सर टी अस्पताल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई और उसकी मौत के सही कारण का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक पाण्डेय ने संवाददाताओं को बताया कि वरतेज और शहर के अन्य थाना क्षेत्रों से शराब तस्करों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘खरकड़ी गांव निवासी उपेंद्रसिंह गोहिल की सर टी अस्पताल में मौत हो गई। छह अन्य लोग सर टी और शहर के दो-तीन अन्य अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका उपचार किया जा रहा है।’’अधिकारी ने बताया कि इनमें से ज्यादातर लोगों ने नकली शराब की बोतलों से शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इन बोतलों को मध्य प्रदेश से लाया गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन्हें वहां से कहां से लाया गया, इनका निर्माण कैसे हुआ और इन्हें यहां किसने भेजा। पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘इन लोगों से पूछताछ के बाद हमने पुलिस के कई दलों का गठन किया। तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना की मदद से नकली आईएमएफएल ब्रांड की बोतलों की आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े चार शराब तस्करों को हिरासत में लिया गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।’’उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से इसी ब्रांड की कई बोतलों को जब्त किया है और मिलावटी शराब की आपूर्ति में शामिल अन्य तस्करों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
Many dead and Many hospitalised after consuming spurious liquor in Gujarat's Bhavnagar - Gujarat: भावनगर में जहरीली शराब पीने से दो की मौत, 19 लोग अस्पताल में भर्ती; हिरासत में लिए गए चार तस्कर

