टायर फटने से वीडियोकोच बस में लगी आग, पुलिस ने कांच तोड़ 16 यात्रियों को बचाया
झांसी हाईवे पर रविवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। जयपुर से बागेश्वर धाम जा रही स्लीपर बस में टायर फटने के बाद आग लग गई। हादसा झांसी रोड थाने के ठीक सामने हुआ। पुलिसकर्मियों ने तुरंत गहरी नींद में सो रहे 16 यात्रियों को कांच तोड़कर बाहर निकाला। 15 यात्री 5 मिनट पहले ही नाका चंद्रवदनी बस स्टैंड पर उतरे थे। 200 मीटर चलने के बाद ही घटना हो गई।
बुर्का पहनकर युवाओं को उनकी डिमांड पर एमडी ड्रग्स उपलब्ध करवाने वाली फिरदौस बी का कनेक्शन राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के ड्रग माफियाओं से जुड़ा निकला है। इसे ड्रग्स उपलब्ध करवाने वाले नारायण के अलावा एक और ड्रग्स माफिया की जानकारी खजराना पुलिस को मिली है। फिरदौस बी को रविवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा है, वहीं इसे ड्रग्स देने वाले नारायण से पूछताछ की जा रही है। डीसीपी जोन-2 कुमार प्रतीक ने बताया एमडी ड्रग्स के नेटवर्क में फिरदौस बी सहित 6 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। फिरदौस ने खजराना में मैरिज ब्यूरो की आड़ में युवाओं को ड्रग्स की लत लगाकर अपना ग्राहक बना लिया था। पहले गिरफ्तार हो चुके ओसामा ने चंदन नगर में पेडलर्स व युवाओं की टीम खड़ी कर ली थी। पति की मौत के बाद बनी तस्कर फिरदौस बी चित्तौड़गढ़ के रहने वाले महेंद्र परिहार की पत्नी है। महेंद्र की कुछ समय पहले मौत हो गई थी। वहीं गिरफ्तार आरोपी नारायण महेंद्र का दोस्त था। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। इसी कारण फिरदौस नारायण के संपर्क में आई। पति की मौत के बाद उसने एमडी ड्रग्स सप्लाय करना शुरू कर दिया था। दिखावे के लिए मैरिज ब्यूरो खोल रखा था।
तीन सप्ताह में फैसला लेने के निर्देश:भोजशाला सर्वे की वीडियोग्राफी आज से पोर्टल पर होगी अपलोड
भोजशाला परिसर में किए गए वैज्ञानिक सर्वे की पूरी वीडियोग्राफी सोमवार को कोर्ट के पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। मुस्लिम पक्ष की मांग पर यह कदम उठाया गया है, ताकि वे वीडियोग्राफी देखकर अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकें। इसी के साथ, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के पालन में जस्टिस विजयकुमार शुक्ला और जस्टिस आलोक अवस्थी की डिवीजन बेंच मामले की नियमित सुनवाई भी शुरू करेगी। मामले में मुस्लिम पक्ष की ओर से सीनियर एडवोकेट सलमान खुर्शीद ने पिछले शुक्रवार को अपनी दलीलें और बहस पूरी कर ली थी। अब सोमवार से सीनियर एडवोकेट शोभना मेनन अपनी बहस की शुरुआत करेंगी। सुप्रीम कोर्ट की डेडलाइन सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट को स्पष्ट आदेश दिए थे कि तीन सप्ताह के भीतर सुनवाई की प्रक्रिया पूरी कर फैसला सुनाया जाए। यही कारण है कि हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच हर दिन इस मामले की सुनवाई कर रही है। हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की ओर से बहस पूरी की जा चुकी है। हिंदू पक्ष के वकीलों का कहना है कि यदि मुस्लिम पक्ष वीडियोग्राफी देखने के बाद उस पर कोई सवाल उठाता है, तो उसकी ओर से प्रति-उत्तर दिया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए मिशन मोड पर काम करना शुरू कर दिया। आप के सात सांसदों के भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ आक्रामक रूख अपनाना शुरू कर दिया। भाजपा आज लुधियाना में AAP सरकार के खिलाफ हल्ला बोल प्रदर्शन करेगी। भाजपा लुधियाना डीसी दफ्तर में रोष प्रदर्शन करेगी और मान सरकार को पांच मुद्दों पर घेरगी। जिसमें विधायकों का भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था व अन्य मुदों पर सरकार को घेरा जाएगा। आप के सात सांसदों के भाजपा में आने के बाद उनके घरों के बाहर आप के वॉलंटियर प्रदर्शन कर रहे हैं वहीं भाजपा भी उन्हें जवाब देने के लिए भाजपा के झंडे लेकर सांसदों के घर के बाहर जा रहे हैं। इन पांच मुद्दों पर आप सरकार को घेरेगी भाजपा डीसी दफ्तर में 11 बजे तक जुटेंगे कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री अनिल सरीन का कहना है कि भाजपा आज 11 बजे से डीसी दफ्तर में धरना देगी और आप सरकार के खिलाफ नारेबाजी करेगी। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शन में भाजपा के सभी वरिष्ट नेता शामिल होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि इस धरने में अधिक से अधिक कार्यकर्ता शामिल हों।
मप्र लोकसेवा आयोग की राज्य एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा रविवार को दो शिफ्ट में आयोजित की गई। प्रदेशभर के 54 जिलों में हुई परीक्षा में 1 लाख 35 हजार अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन उपस्थिति 72% रही। पिछली 25 परीक्षाओं में औसत 50% उपस्थिति रही, जबकि इसमें 22% ज्यादा रही। परीक्षा राज्य सेवा के 155 व वन सेवा के 30 पदों के लिए हुई। पहली बार प्रदेशभर के सभी 355 परीक्षा केंद्रों की मॉनिटरिंग पीएससी ने मुख्यालय पर बने हाईटेक कंट्रोल रूम के जरिए की। 15 एक्सपर्ट की टीम ने आठ घंटे उपस्थित रहकर नकल पर ऑनलाइन नजर रखी। पहली बार पीएससी की किसी परीक्षा में थ्री लेयर सिक्योरिटी सिस्टम लागू हुआ। पीएससी के ओएसडी डॉ. रवींद्र पंचभाई का कहना है कि यह प्रयोग पूरी तरह सफल रहा। पहली बार महिला अभ्यर्थियों की अलग से केबिन में चेकिंग हुई।
राजस्थान में गर्मी बढ़ती जा रही है। रविवार को बाड़मेर में सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज हुआ, यहां पारा 46 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चला गया। 8 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिनभर तेज गर्मी के बाद देर शाम अजमेर, जोधपुर सहित कई जिलों में आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को राज्य के 5 जिलों में आंधी-बारिश की गतिविधियां होने का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 27 अप्रैल को दिन के साथ रात में भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में मौसम की 3 तस्वीरें… ये शहर सबसे ज्यादा गर्म… गर्मी से जुड़े बड़े अपडेट्स… इन जिलों में पारा 42 डिग्री से ऊपर रहा दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज हुआ, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान रहा। बाड़मेर के अलावा जैसलमेर में भी तापमान 46 डिग्री सेल्सियस, कोटा, चित्तौड़गढ़ में 45.2 डिग्री रहा। इन जिलों में बदला मौसम रविवार को दिनभर तेज धूप, गर्मी के बाद शाम करीब 4 बजे बाद जैसलमेर, बीकानेर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ जिलों के आसपास बादल छाए और कुछ स्थानों पर धूलभर हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश हुई। अब आगे क्या? मौराज्य में आज भी हीटवेव का असर रहने और तापमान सामान्य से अधिक रहने की आशंका है। हालांकि दोपहर बाद राज्य के कुछ जिलों में मौसम में बादल होने, बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की धूलभरी हवा चलने के साथ बारिश की संभावना है। 28 से 30 अप्रैल तक राज्य में हीटवेव से राहत रह सकती है। कई जिलों में आंधी-बारिश के साथ कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना भी है। राजस्थान के प्रमुख शहरों का हाल जयपुर में दिन और रात में हीटवेव चलने का अलर्ट जयपुर में रविवार दिनभर आसमान साफ रहा और हीटवेव चली। जयपुर में अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। तेज गर्मी और हीटवेव का असर सड़कों पर दिखा, जो सुबह से देर शाम तक सूनी दिखाई दी। मौसम विभाग ने जयपुर में भी दिन में हीटवेव चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। अजमेर में बादल छाए अजमेर में रविवार को दोपहर ढाई बजे तापमान 41.4 डिग्री तक पहुंचा। दिनभर तेज धूप रही। दोपहर करीब तीन बजे बादल छाए और तापमान में गिरावट शुरू हुई। शाम साढे़ पांच बजे तापमान 39.2 डिग्री रहा। रविवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में धूप से बचने के लिए टेंट लगाए सीकर में रविवार का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री रहा। तापमान में 2 डिग्री की गिरावट रही। हालांकि पूरे दिन धूप तेज रही। सीकर में लोगों को धूप से बचाने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया कोतवाली रोड के बाहर ग्रीन टेंट से पूरी सड़क को कवर किया गया है। कोटा में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा कोटा में रविवार को सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। यहां तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दोपहर बाद सड़कों पर सन्नाटा छा गया। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए नगर निगम ने शहर में 11 अस्थाई आश्रय स्थल शुरू किए हैं, जहां कूलर और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। अलवर में हीटवेव की संभावना अलवर में गर्मी तेज हो गई है। रविवार को अलवर का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री रहा। इसका असर सड़कों पर भी दिखा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक हीटवेव रहने की संभावना है। उदयपुर में पारा 42 डिग्री पर पहुंचा उदयपुर में तेज गर्मी का असर जारी है। रविवार को भी अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान करीब डेढ़ डिग्री बढ़कर 25.5 डिग्री दर्ज हुआ। शनिवार को भी उदयपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज हुआ था। मौसम एक्सपर्ट आरएस देवड़ा की माने अगले 2 से 3 दिनों में मेवाड़ में बारिश हो सकती है। जोधपुर में पारा 45 डिग्री के पास पहुंचा जोधपुर में रविवार को पारा 45 डिग्री के पास पहुंच गया। यहां दिन का अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री रहा। इससे पहले शनिवार को जोधपुर का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री था। वहीं, जोधपुर जिले को भोपालगढ़ में तेज बारिश हुई।
नई मेडिसिन विंग शुरू होने के साथ ही अस्पताल के ढांचे में बड़ा फेरबदल होगा। मेडिसिन विभाग का पूरा सिस्टम एक ही जगह केंद्रित हो जाएगा और सर्जरी विभाग को मेन बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इससे मरीज को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। मेडिसिन विभाग की नई बिल्डिंग शुरू होने के साथ ही पुरानी मेडिसिन कैजुअल्टी को 16 नंबर ओपीडी में शिफ्ट करने की योजना है। वहां मेडिसिन ओपीडी के साथ ही कैजुअल्टी भी चलेगी। भर्ती लायक मरीजों को सीधे नई विंग में शिफ्ट कर दिया जाएगा। हालांकि नई विंग में भी कैजुअल्टी बनाई गई है, उसे फिलहाल डे केयर के रूप में चलाने की योजना है। नई विंग में जांच के लिए अलग से लैब, सोनोग्राफी, एक्स-रे आदि मशीनें लगाई जानी प्रस्तावित हैं। उसके बाद मरीजों को जांचों के लिए इधर-उधर नहीं भटकना होगा। एक ही छत के नीचे उन्हें इलाज संबंधी हर तरह की सुविधा मिलेगी। नई बिल्डिंग एयर कूल्ड है। भीषण गर्मी को देखते हुए इसे शुरू करने की प्रक्रिया अब तेज कर दी गई है। इस संबंध में सोमवार को होने वाली कमेटी की बैठक में पूरी रूपरेखा तय की जाएगी। नई विंग के लिए एक मैट्रन, सुपरवाइजर, वार्ड इंचार्ज तय किए जाएंगे। पूरी बिल्डिंग की मेंटेनेंस का जिम्मा पीडब्ल्यूडी का होगा। इसलिए इनके प्रभारियों को भी मीटिंग में बुलाया गया है। भामाशाह ने 100 करोड़ की बिल्डिंग बनाकर दी, शुरू करने की धीमी रफ्तार श्रीमती सीएम मूंधड़ा मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई ने करीब 120 करोड़ रुपए की लागत से नई मेडिसिन विंग बनाकर दे दी, लेकिन इसे शुरू करने में पीबीएम प्रशासन की रफ्तार काफी धीमी है। नई विंग को आखातीज पर शुरू करने की योजना थी, लेकिन प्रिंसिपल के पिता का निधन होने से इसे टालना पड़ा। इसके उद्घाटन का पेंच भी अब तक फंसा हुआ है। हालांकि प्रशासन का मानना है कि विंग के शुरू होने के बाद भी उद्घाटन की औपचारिकता हो सकती है। किस ओपीडी में कितने मरीज मेन बिल्डिंग में शिफ्ट होगा सर्जरी ओपीडीनई मेडिसिन विंग के नजदीक होने के कारण 16 नंबर ओपीडी को पूरा ही मेडिसिन विभाग के अधीन करने की तैयारी की जा रही है। वर्तमान में वहां सर्जरी विभाग का ओपीडी भी चल रहा है। उसे मेन बिल्डिंग में संचालित मेडिसिन कैजुअल्टी की जगह शिफ्ट कर दिया जाएगा। एक जमाने में वहां सर्जरी का पुराना एमओटी था, जिसे वापस शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। मरदाना अस्पताल में पूरा ए ब्लॉक सर्जरी विभाग को देने की योजना है। इस ब्लॉक में यूरोलॉजी और न्यूरो सर्जरी को भी शिफ्ट करने की कवायद की जा रही है। सर्जरी के सभी ऑपरेशन थिएटर ए ब्लॉक में होने के कारण विभाग के अलावा मरीजों के लिए भी यह सुविधाजनक होगा। उन्हें डॉक्टर से दिखाने से लेकर, जांचें कराने और ऑपरेशन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, क्योंकि मरदाना विंग में सभी तरह की जांचों की सुविधा है। “नई मेडिसिन विंग जल्दी ही शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बीच-बीच में कुछ अड़चन के कारण विलंब हो रहा था। हैंडओवर की प्रक्रिया इस सप्ताह पूरी करने का प्रयास है।”डॉ. बीसी घीया, अधीक्षक, पीबीएम अस्पताल “नई मेडिसिन विंग के लिए मैट्रन, सुपरवाइजर, वार्ड इंचार्ज तय किए जाने हैं, ताकि वहां का पूरा सामान रिकॉर्ड में लिया जा सके। सभी विभागों की जिम्मेदारी सोमवार को तय कर दी जाएगी।”डॉ. परमेंद्र सिरोही, सीनियर प्रोफेसर, मेडिसिन
देश में भीषण गर्मी और हीटवेव बढ़ता जा रहा है। पूर्वोत्तर को छोड़कर भारत के अधिकतर राज्यों में अधिकतम तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। यूपी, राजस्थान और महाराष्ट्र के के 7 शहरों में रविवार को तापमान 46C के ऊपर चला गया। महाराष्ट्र के अकोला में तापमान सबसे ज्यादा 46.9C रहा। इसके बाद अमरावती (महाराष्ट्र) में 46.8C, बांदा (यूपी) में 46.6C, वर्धा (महाराष्ट्र) और बाड़मेर (राजस्थान) में 46.4C, जैसलमेर (राजस्थान) और यवतमाल (महाराष्ट्र) में 46C तापमान रहा। बिहार के 11 जिलों में रविवार को पारा 40C के पार चला गया। आरा में भीषण गर्मी के कारण एक प्राइवेट स्कूल की महिला कर्मी की मौत हो गई। पटना के जू में जानवरों के लिए 17 कूलर और 11 AC लगाए गए हैं। इधर, उत्तराखंड के देहरादून में हीटवेव के चलते 27 अप्रैल को 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के निर्देश हैं। MP के इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन में 8वीं तक स्कूल 30 अप्रैल तक बंद कर दिए गए हैं। 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेंगी। अगले 2 दिन के मौसम का हाल 28 अप्रैल: 29 अप्रैल: देशभर से गर्मी की तस्वीरें MP-राजस्थान और बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश भी हुई
कोर्ट ने कहा -:जब कुछ लोगों को नियमित किया तो सूची पेश क्यों नहीं की गई
मप्र में वर्षों से नियमितीकरण की मांग कर रहे दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के मामले में राज्य सरकार अब कानूनी और प्रशासनिक दोनों मोर्चों पर घिरती नजर आ रही है। जबलपुर हाई कोर्ट ने सरकार से उन दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की पूरी सूची 4 मई तक तलब की है, जिन्हें नियमित किया गया है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि दैनिक वेतन से नियमित किए गए कर्मचारियों का विभागवार डाटा जुटाना मुश्किल है। 2016 में तत्कालीन शिवराज सिंह चौहान सरकार ने इन कर्मचारियों को नियमित नहीं किया और स्थाई कर्मी का नाम दे दिया। इसके बाद यह मामला और पेचीदा हो गया। अब उच्च न्यायालय ने सरकार से यह भी पूछा है कि बाकी पात्र कर्मचारियों के मामलों में अब तक क्या कार्रवाई हुई। दैनिक वेतन कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष गोकुल राय की अवमानना याचिका पर हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सख्त रुख दिखाते हुए पूछा- जब कुछ लोगों को नियमित किया गया तो सूची पेश क्यों नहीं की गई? हाल ही ही हुई सुनवाई में सरकार की ओर से करीब 10 वकीलों की टीम कोर्ट में मौजूद रही और रिकॉर्ड पेश करने के लिए समय मांगा गया। मामले की अगली सुनवाई 4 मई से शुरू होने वाले सप्ताह में होगी। सरकार ने बहाली की, शेष शर्तों का पालन नहीं किया यह सिर्फ नौकरी का विवाद नहीं, बल्कि 26 साल पुराना रोजगार, न्याय और प्रशासनिक वादाखिलाफी का मामला बन चुका है। मप्र दैनिक वेतन कर्मचारी महासंघ के महामंत्री राशिद खान ने बताया कि वर्ष 2000 में करीब 28 हजार दैनिक वेतनभोगी कर्मियों को सेवा से बाहर किया गया था। इसके खिलाफ हाईकोर्ट में याचिकाएं दायर हुईं। बाद में 31 जनवरी 2004 को लोक अदालत में समझौता हुआ, जिसमें कर्मचारियों को बहाल करने और नियमितीकरण की दिशा में कार्रवाई का रास्ता तय हुआ। सरकार ने बहाली तो कर दी, लेकिन शेष शर्तों का पालन नहीं किया। इसलिए दायर की गई अवमानना याचिका हाईकोर्ट ने 27 फरवरी 2024 को आदेश दिया था कि पात्र कर्मचारियों को नियुक्ति दिनांक से वित्तीय लाभ देते हुए 120 दिन के भीतर नियमित किया जाए। आरोप है कि तय समयसीमा में आदेश का पालन नहीं हुआ, इसलिए अवमानना याचिका दायर करनी पड़ी। इन विभागों पर असर? यह मामला पीडब्ल्यूडी, पीएचई, जल संसाधन, नगर निगम, स्थानीय निकाय और अन्य विभागों में कार्यरत हजारों कर्मचारियों से जुड़ा है। इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है जो 10 से 25 साल से सेवा दे रहे हैं, लेकिन अब भी अस्थायी दर्जे में हैं। राज्य सरकार के सामने अब 4 बड़े सवाल अगली सुनवाई में सरकार को बताना पड़ सकता है- कितने कर्मचारी पात्र हैं? किन विभागों ने सूची बनाई? कितनों का परीक्षण हुआ? अब तक कितनों का नियमितीकरण हुआ? कोर्ट में जवाब देना नहीं, विभागवार डेटा जुटाना सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती अब सिर्फ कोर्ट में जवाब देना नहीं, बल्कि विभागवार वास्तविक डेटा जुटाना है। यदि सूची और अनुपालन रिपोर्ट नहीं आई तो अदालत सख्त रुख अपना सकती है। यह मामला हजारों कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षा, पेंशन, वेतनमान और भविष्य से जुड़ा है। इसलिए प्रदेश के लाखों परिवारों की नजर अब अगली सुनवाई पर टिकी है।
जबलपुर में घरेलू मामूली विवाद में एक आरक्षक ने हाईकोर्ट के वकील को घर में घुसकर पीटा। महिलाओं और पड़ोसियों ने बचाने की कोशिश की तो उनसे भी अभद्रता हुई। पीड़ित वकील सीसीटीवी फुटेज लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे और शिकायत की। थाना प्रभारी और अन्य स्टाफ ने वीडियो देखने के बाद भी FIR दर्ज नहीं की। बल्कि समझौता करने का दबाव बनाया। इधर, पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वकील ने हाईकोर्ट में रिट पिटीशन दायर कर दी। जिसकी जानकारी लगते ही सिविल लाइन थाना पुलिस ने पुलिस आरक्षक के खिलाफ कई धाराओं में घटना के 14 दिन बाद 25 अप्रैल को FIR दर्ज की है। हालांकि, याचिकाकर्ता ने पुलिस की FIR पर भी सवाल खड़े करते हुए उसे भी चुनौती दी है। बच्चों के शोर से आगबबूला हुआ आरक्षक सिविल लाइन समीक्षा टाउन में रहने वाले अधिवक्ता पंकज शर्मा 11 अप्रैल की शाम करीब 6:30 बजे घर पर आराम कर रहे थे। बाहर बच्चों का शोर हो रहा था, जिस पर उनकी पत्नी ने उन्हें शांत होकर खेलने के लिए कहा। यह बात पास में ही किराए से रहने वाले पुलिस आरक्षक साकेत तिवारी को पता चली। वह शहर के मदन महल थाने में पदस्थ है। आरक्षक अधिवक्ता के घर पहुंचा और गाली-गलौच करने लगा। पास खड़े पड़ोसियों ने विवाद को शांत कराने की कोशिश की। इसी बीच अचानक आरक्षक साकेत तिवारी ने वकील पर हमला कर दिया। पड़ोसी वकील को बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आरक्षक लगातार हमला करता रहा, जिससे उनके चेहरे पर चोट आई। घटना के बाद अधिवक्ता पंकज शर्मा सिविल लाइन थाने पहुंचे और टीआई को वीडियो फुटेज के जरिए सिपाही साकेत तिवारी की करतूत बताई, लेकिन पुलिस ने इस पर ध्यान नहीं दिया। पीड़ित का कहना था कि कार्रवाई करने के बजाय उल्टा उस पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था। वकील बोले- 3 घंटे तक थाने में बैठे रहे अधिवक्ता पंकज शर्मा का कहना था कि बहुत ही मामूली बात पर वर्दी का रौब दिखाते हुए पुलिस आरक्षक साकेत तिवारी ने उनके साथ मारपीट की। साकेत पड़ोस में प्रकाश सराठे के घर किराए से रहते हैं। वकील पंकज शर्मा का आरोप है कि वे रात में तीन घंटे तक थाने में बैठे रहे, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने FIR दर्ज नहीं की, बल्कि उस पुलिसकर्मी को भी वहां से अलग कर दिया, जो रिपोर्ट दर्ज करता है, ताकि वह शिकायत न लिख सके। पंकज शर्मा ने घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपे, जिसमें विवाद होता दिख रहा है। मारपीट की जानकारी मिलते ही साथी अधिवक्ता सिविल लाइन थाने पहुंच गए। सीएसपी और टीआई ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए जांच की बात कही। लगातार शिकायतें कीं, कार्रवाई नहीं हुई अधिवक्ता पंकज शर्मा का कहना है कि पुलिस आरक्षक साकेत तिवारी के खिलाफ लगातार शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में 23 अप्रैल को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई, जिस पर 29 अप्रैल को सुनवाई होनी है। पीड़ित को नहीं दी जानकारी याचिकाकर्ता पंकज शर्मा के वकील धर्मेंद्र सोनी का कहना है कि साकेत तिवारी के खिलाफ जल्दबाजी में जो एफआईआर दर्ज की गई है, उसमें कई खामियां हैं, जिन्हें सुनवाई के दौरान कोर्ट को अवगत कराया जाएगा। उनका कहना है कि जब एफआईआर दर्ज की जा रही थी, तब आवेदक को न तो इसकी जानकारी दी गई और न ही उनके हस्ताक्षर लिए गए। जहां पंकज शर्मा के हस्ताक्षर होना थे, वहां किसी और के हस्ताक्षर कर दिए गए। धर्मेंद्र सोनी ने बताया कि एफआईआर की कंडिका 7 में आरोपी साकेत तिवारी का नाम होना था, वहां उसके अलावा एक और नाम शैलेंद्र सिंह मार्को का भी लिखा है। वह सिविल लाइन थाने में एएसआई के पद पर पदस्थ हैं और उनका इस केस से कोई ताल्लुक नहीं है। अधिवक्ता ने बताया कि जानबूझकर एफआईआर इस तरह लिखी गई है, ताकि बाद में उस पर सवाल खड़े हो सकें। अब आरक्षक मकान खाली करने लगा मदनमहल थाने में पदस्थ आरक्षक साकेत तिवारी के खिलाफ 25 अप्रैल को सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद उसी दिन उन्होंने मकान खाली कर सामान लेकर कहीं और चले गए। अधिवक्ता धर्मेंद्र सोनी का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी कोर्ट को दी जाएगी। उनका कहना है कि याचिकाकर्ता पर पुलिस द्वारा दबाव बनाया जा रहा था कि अगर शिकायत वापस नहीं ली जाती, तो काउंटर FIR दर्ज की जाएगी। याचिका में यह मांग की गई 29 अप्रैल को होगी सुनवाई पंकज शर्मा की याचिका पर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में जस्टिस बीपी शर्मा की कोर्ट 29 अप्रैल को सुनवाई करेगी। इसमें अधिवक्ता के साथ मारपीट और गलत एफआईआर दर्ज किए जाने की जानकारी कोर्ट के समक्ष रखी जाएगी। यह खबर भी पढ़ें… जबलपुर में कॉन्स्टेबल ने वकील को घर में घुसकर पीटा जबलपुर में मामूली विवाद पर वकील और कॉन्स्टेबल के बीच जमकर मारपीट हुई। हंगामा होता देख आसपास के लोग बाहर आए और मामला शांत कराया। सूचना मिलते ही वकील के साथी मौके पर पहुंचे। बाद में सिविल लाइन थाने पहुंचकर कॉन्स्टेबल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पूरी खबर यहां पढ़ें…
पूर्व राज्यसभा सांसद ने िकया छात्रा को सम्मानित
लोहरदगा|जैक बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में जिले के थाना टोली निवासी मुख्तार अंसारी की पुत्री साफिया रानी ने 98.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे लोहरदगा जिले का नाम रोशन किया है। इस क्रम में रविवार को साफिया रानी ने पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू से शिष्टाचार मुलाकात की। वहीं उन्होंने साफिया को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। साथ ही उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि साफिया जैसे प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं समाज और देश का भविष्य हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करना अत्यंत सराहनीय है। यह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। वहीं साफिया ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने निरंतर पढ़ाई, अनुशासन और समय प्रबंधन के बल पर यह सफलता हासिल की है। उनका लक्ष्य भविष्य में उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज के लिए कुछ बेहतर करना है।
विधायक ने की शोकाकुल परिवार से भेंट सरकारी लाभ दिलाने का दिया भरोसा
लोहरदगा|विधायक सह पूर्व मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। साथ ही सांत्वना देते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव सरकारी लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया। बताते चले कि कुडू रांची मुख्य पथ पर नवाटोली के पास 24 अप्रैल को हुई सड़क दुर्घटना में कोलसिमरी रोन्हीया टोली निवासी किशुन भगताइन, निरंजन उरांव और किशोर भगत की मौत हो गई थी। वहीं विधायक सह पूर्व मंत्री ने कहा कि परिजनों को जल्द ही एक लाख रुपए की सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही परिवार की मुख्य जरूरतों को देखते हुए पेंशन, आवास और राशन की सुविधा भी सुनिश्चित की जाएगी ताकि उन्हें जीवन यापन में कोई दिक्कत न हो। वहीं उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि मुआवजे और अन्य लाभों की प्रक्रिया में देरी न हो और परिजनों को सभी योजनाओं का लाभ समय पर मिले। इस दुख की घड़ी में प्रशासन और सरकार परिवार के साथ खड़ी है। मौके पर विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, संजय कुमार, चेयरमैन जिला कांग्रेस सोशल मीडिया असलम अंसारी, पंचायत अध्यक्ष इकबाल अंसारी, रंजन उरांव, महावीर उरांव, ललिता उरांव, चुन्नी उरांव, रतिया उरांव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
कुरकुरा, जामडीह और कस्तूरबा कामडारा में मैट्रिक का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा
कामडारा| प्लस टू हाई स्कूल कुरकुरा का मैट्रिक रिजल्ट इस वर्ष शत प्रतिशत रहा। कुल 73 छात्रों में प्रथम श्रेणी से 46 और द्वितीय श्रेणी से 26 छात्र छात्रों ने सफलता प्राप्त किया। वहीं एक छात्र परीक्षा में अनुपस्थित रहा। छात्रों की इस शानदार सफलता पर विद्यालय प्रशासन से बधाइयां दी है। इस विद्यालय में टॉप टेन पर प्रथम काजल कुमारी 87 प्रतिशत, द्वितीय प्रिया कुमारी 79 प्रतिशत और तृतीय रोशनी कुमारी 77.40 प्रतिशत अंक प्राप्त सफलता हासिल की है। कुल मिलाकर देखा जाय तो बालक की अपेक्षा बालिका आगे रही। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कामडारा का भी मैट्रिक रिजल्ट शत प्रतिशत रहा। कुल 49 छात्राओं में प्रथम श्रेणी में 21, और द्वितीय श्रेणी में 28 छात्राओं ने सफलता प्राप्त की है। जिसमें सोनिया कुमारी 75.80 प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय में प्रथम, प्रिया कुमारी 74.80 प्रतिशत अंक लाकर द्वितीय और खुशबू कुमारी 74 प्रतिशत अंक लाकर तृतीय स्थान पर रही। छात्राओं की सफलता पर वार्डेन शांति सुरीन ने हौसला आफजाई की है। राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय जामडीह कामडारा में इस बार सभी छात्र-छात्राओं ने शत-प्रतिशत उत्तीर्णता हासिल की हैं। प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय नाग ने बताया कि उपायुक्त गुमला और शिक्षा विभाग द्वारा नियमित मार्गदर्शन शिक्षकों और बच्चों का मेहनत से विद्यालय एक बार पुनः शत-प्रतिशत उत्तीर्णता हासिल किए है कक्षा 10 में 10 बच्चे फर्स्ट 11 बच्चे सेकंड और एक बच्चा थर्ड श्रेणी से उत्तीर्ण हुए है। जिसमें अंकित चीक बड़ाइक 68.40 प्रतिशत अंक लाकर प्रथम, सतीश गुड़िया 68.20 प्रतिशत अंक लाकर द्वितीय, अमरजीत राम और अंकुश कुमार नायक 68-68 प्रतिशत अंक लाकर तृतीय स्थान पर रहे। लोहरदगा|जिले के नवनियुक्त उपयुक्त संदीप कुमार मीणा से प्रदान संस्था की टीम ने मुलाकात की। इस क्रम में सर्वप्रथम टीम ने नए उपायुक्त का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके अलावा प्रदान संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों पर मूल रूप से जानकारी भी दी गई। मौके पर उन्हें मडुआ से बने जैविक उत्पाद देकर स्वागत किया गया। संस्था के कॉर्डिनेटर मो. फहद खान ने बताया के आगे सर के मार्गदर्शन में पूरे टीम के साथ बेहतर रूप से कार्य किया जाएगा। इसके अलावा नई योजनाओं को भी धरातल पर उतारने का कार्य किया जाएगा।
स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर में 48 लोगों की जांच की गई
लोहरदगा|सेवा भारती के द्वारा रविवार को चुन्नीलाल स्कूल परिसर में लगातार 202वें सप्ताह निशुल्क स्वास्थ्य व चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला अध्यक्ष दीपक सर्राफ, दंत चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार, सचिव संजय चौधरी व समाजसेवी मुकेश गुप्ता ने भारत माता की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पित कर किया। जिसके बाद डा राजेश कुमार को जिला अध्यक्ष ने अंग वस्त्र व पुष्प देकर सम्मानित किया। वहीं शिविर में 48 लोग अपने स्वास्थ्य से संबंधित जांच कराकर लाभान्वित हुए। शिविर में हीमोग्लोबिन, यूरिक एसिड, ब्लड ग्रुप, ब्लड शुगर, बीपी, वजन, हार्टबीट व ऑक्सीजन लेवल जैसी महत्वपूर्ण जांचें पूरी तरह निशुल्क की गई। इसके अलावा अन्य सभी जांचें आधे खर्च पर ही कराई गई। जिला अध्यक्ष ने कहा कि हम सभी का एक ही उद्देश्य समाज के हर जरूरतमंद तक सेवा पहुंचना है। किसी भी चीज को खाने के बाद मुंह को साफ अवश्य करें एवं नियमित रूप से सुबह व रात को सोने से पूर्व अवश्य ब्रश करें। मौके पर आशीष अग्रवाल, अतुल सर्राफ, गुप्तेश्वर प्रसाद गुप्ता, अंजलि सर्राफ, प्रियांशु कुमार, दिव्या कुमारी, कमान सिंह गवर्नग, चांदनी देवी, कौशल देवी, जुगल किशोर प्रजापति, अफरोज आलम, कृष्णा प्रसाद, मो. सुफियान, हरि उरांव, रामजी प्रसाद, रवि कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
स्कूल में पेयजल संकट, एमडीएम के लिए दूर से लाते हैं पानी
भास्कर न्यूज | लातेहार सदर प्रखंड मुख्यालय से करीब पांच किमी दूर उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय पांडेयपूरा में पेयजल की किल्लत है। स्कूल परिसर में लगे तीन हैंडपंप बेकार साबित हो रहे हैं, जिससे छात्रों के साथ शिक्षकों और रसोइयों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि स्कूल में पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं है, जिसका सीधा असर पढ़ाई और मिड-डे मील योजना पर पड़ रहा है। स्कूल में एक हैंडपंप के साथ जलमीनार स्थापित है, लेकिन यह पिछले करीब दो वर्षों से बंद पड़ा है। जलमीनार में लगे सोलर उपकरण की चोरी हो चुकी है और मोटर भी खराब हो गया है, जिसके कारण यह पूरी तरह निष्क्रिय हो गया है। वहीं अन्य दो हैंडपंपों से मटमैला और गंदा पानी निकलता है, जो ना तो पीने लायक है, ना ही खाना बनाने के लिए उपयोग है। इस समस्या के कारण मिड-डे मील योजना भी प्रभावित हो रही है। स्कूल की रसोइया मंजू कुंवर और श्रद्धा देवी ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन लगभग आधा किमी दूर पंचायत भवन के पास से पानी लाना पड़ता है, तब जाकर भोजन बन पाता है। स्कूल की रसोइयों का कहना है िक गंदे पानी के कारण चावल भी ठीक से साफ नहीं हो पाता, इसलिए मजबूरी में उस पानी का उपयोग केवल बर्तन धोने के लिए किया जा रहा है। वहीं पानी की कमी का असर छात्रों पर भी साफ दिख रहा है। विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को मजबूरन घर से पानी लाना पड़ता है। कई बार जब बोतल का पानी खत्म हो जाता है, तो उन्हें प्यासे ही रहना पड़ता है। छात्रा अमीषा कुमारी, प्रियंका कुमारी, सोनम कुमारी और छात्र अमित कुमार ने बताया कि स्कूल में पानी की समस्या काफी गंभीर है और इससे उन्हें रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। विद्यालय में कक्षा एक से बारहवीं तक करीब 750 से अधिक छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जो इस समस्या से प्रभावित हो रहे हैं। इसके बावजूद अब तक संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ^ पेयजल समस्या को लेकर संबंधित विभाग और अधिकारियों को लिखित सूचना दी गई है। लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। यदि जलमीनार और हैंडपंपों की मरम्मत कर दी जाए, तो छात्रों को बड़ी राहत मिल सकती है। ^ प्रियंका कुजूर, प्राचार्या, प्लस टू हाईस्कूल, पांडेयपूरा
नेतरहाट में डीएमएफटी फंड से 262 स्ट्रीट लाइट लगी, 2 माह से 80 खराब
भास्कर न्यूज | महुआडांड़ प्रखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नेतरहाट में विकास योजनाओं की पोल खुल गई है। पर्यटन विभाग द्वारा मुख्य सड़कों और पर्यटन मार्गों पर रोशनी के लिए डीएमएफटी मद से साढ़े चार करोड़ की लागत से 262 स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं। इन लाइटों को वर्ष 2024-25 में डिलीजेंट सर्विसेज, रांची द्वारा लगाया गया था। अनुबंध के अनुसार एजेंसी को अगले 5 वर्षों तक इन लाइटों का रखरखाव भी करना है। लेकिन दो महीने से 70 से 80 लाइट खराब है। लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वर्तमान में पूरे क्षेत्र की पावर स्ट्रीट लाइटें और हाई-मास्ट लाइटें बंद हैं। शाम होते ही क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है। नेतरहाट के मुख्य मार्ग और होटल परिसर के आसपास की लाइटें बंद होने से सैलानियों को मोबाइल टॉर्च और वाहनों की रोशनी का सहारा लेना पड़ रहा है। जंगली और पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण अंधेरे में जंगली जानवरों का डर बना रहता है, जिससे पर्यटकों की सुरक्षा दांव पर है। करोड़ों की लागत से लगी लाइटों के खराब होने के बावजूद संबंधित एजेंसियों द्वारा मरम्मत की कोई सुध नहीं ली जा रही है।
चंदवा में निर्माणाधीन पुलिया में बोलेरो गिरी, चार महिला समेत छह लोग घायल
भास्कर न्यूज | चंदवा रांची-मेदिनीनगर एनएच-39 पर चंदवा थाना क्षेत्र के बोरसीदाग ग्राम के पास रविवार दोपहर बोलेरो निर्माणाधीन पुल के पास पलट गई। जिससे उसमें सवार चार महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में रीना कुमारी पिता बेचन उरांव, पिंकी कुमारी पिता रवि उरांव, फूलमनिया देवी, सोनवा देवी, अरविंद उरांव व कार्तिक उरांव शामिल हैं। जानकारी के अनुसार बोलेरो में सवार लोग कुडू प्रखंड के जोंनजो ग्राम से शादी समारोह में भाग लेकर बारियातू प्रखंड के बरछिया गांव लौट रहे थे। इसी क्रम में बोरसीदाग के पास निर्माणाधीन पुलिया के पास वाहन तेज गति से गिर कर पलट गई। जिसमें एक को छोड़ कर सभी घायल हो गए। निर्माणाधीन पुल के पास कोई अवरोधक नहीं था ना ही किसी प्रकार का साइन बोर्ड था। जिसके कारण घटना घटी। घायलों को एंबुलेंस के द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवा लाया गया। जहां डॉक्टर कंचन बाडा ने प्राथमिक उपचार के पश्चात दो को रिम्स रांची व चार को सदर अस्पताल लातेहार रेफर कर दिया। इनमें गंभीर रूप से घायल पिंकी कुमारी एवं रीना कुमारी को रिम्स रांची, जबकि फूलमनिया देवी, सोनवा देवी, अरविंद उरांव व कार्तिक उरांव को सदर अस्पताल लातेहार रेफर किया गया है। लातेहार| शहर से सटे बाजकुम स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में रविवार को सातवीं लातेहार जिला योगासन स्पोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह ने मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने योग की महत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शारीरिक स्वास्थ्य का आधार होने के साथ मानसिक शांति और आत्मबल को सशक्त बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में अनुशासन और आंतरिक ऊर्जा के लिए योग को जीवन का हिस्सा बनाना अनिवार्य है। प्रतियोगिता के दौरान जिलेभर से आए प्रतिभागियों ने अपनी योग कला का प्रदर्शन किया। फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है कुडू से उदयपुरा तक पीआरए इंडिया के द्वारा फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। पुल निर्माण स्थल पर कंपनी द्वारा ना तो किसी प्रकार का अवरोधक और ना ही साइन बोर्ड लगाया गया है। जिसके कारण उक्त घटना घटी है। 23 अप्रैल को इसी स्थान पर काले रंग की एक्सयूवी पुल में गिर गई थी। जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
धोबी महासंघ की बैठक में सामाजिक सुधार और शिक्षा पर जोर, शिक्षा रत्न सम्मान समारोह 5 को
भास्कर न्यूज | झुमरी तिलैया बजरंग नगर में अखिल भारतीय धोबी महासंघ, कोडरमा इकाई की कार्यकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मनिंदर राम ने किया। जिसमें समाज के सामाजिक, शैक्षणिक, राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, शिक्षा के प्रसार, युवाओं के मार्गदर्शन और समाज में एकता व समरसता को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। जिला परिषद सदस्य महादेव राम ने अंधविश्वास और पाखंड पर चिंता जताते हुए कहा कि वैज्ञानिक सोच अपनाकर ही समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने युवाओं से जागरूकता फैलाने की अपील की। जिला सचिव प्रकाश रजक ने संगठन की मजबूती और एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि समाज की ताकत उसकी एकता में निहित है। उन्होंने संगठन से जुड़े लोगों को पुनः सक्रिय करने और युवाओं को जोड़ने की आवश्यकता बताई। अध्यक्ष मनिंदर राम ने समाज के समग्र विकास पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा, जागरूकता और संगठनात्मक एकता के माध्यम से ही सकारात्मक बदलाव संभव है। उन्होंने वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता बताई। बैठक में सुशील कुमार और एम. चंद्रा ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए सहायता योजना बनाने का सुझाव दिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 5 जुलाई को जयनगर में शिक्षा रत्न सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। मौके पर महेश रजक, विजय रजक, मिथलेश रजक, दुर्गा प्रसाद राम, प्रदीप राम, पवन रजक, विनोद बिहारी रजक, सहित अन्य मौजूद थे। इटखोरी | झारखंड अधिविद परिषद द्वारा आयोजित मैट्रिक दसवीं की परीक्षा 2026 के मेधावी तीन छात्र-छात्राओं को जिप सदस्या सरिता देवी, प्रतिनिधि भरत साव एवं मुखिया रंजय भारती आदि ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के मेधावी विद्यार्थियों के बेहतर रिजल्ट से क्षेत्र के अन्य बच्चों में भी एक प्रेरणा जगती है। इन प्रतिनिधियों ने सोनिया गांव के टॉपर प्रेम कुमार राणा के पुत्र अक्षय कुमार, शहरजाम के सुशील कुमार वर्मा की पुत्री सुप्रिया कुमारी एवं इसी गांव के दिलीप कुमार वर्मा की बेटी साधना कुमारी को प्रशस्ति पत्र देकर उनका हौसला अफजाई करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
बुंदेल समाज युवा टीम ने महिला पर्यवेक्षिका को किया सम्मानित
भास्कर न्यूज | इटखोरी इटखोरी प्रखंड के मंदाइन गांव निवासी स्व ग्रीन सिंह की बड़ी बहु एवं बिनोद सिंह की धर्मपत्नी रानी बॉबी कुमारी को मां भद्रकाली अनवरत कीर्तन मंडली सह बुंदेल समाज युवा प्रतिभा सम्मान समारोह टीम के सदस्यों ने उनके घर पर जाकर बधाई देते हुए सम्मानित किया। मौक़े पर उपस्थित नवादा पंचायत के मुखिया विकास सिंह ने कहा कि रानी बॉबी कुमारी का महिला पर्यवेक्षिका में चयन होने से सबसे पहले मेरा पंचायत गौरवान्वित हुआ है। जिस प्रकार कम संसाधन में इन्होंने कामयाबी हासिल की है, ये पूरी तरफ से बधाई के पात्र हैं। वही समाज सेवी देव कुमार सिंह ने कहा कि हमारी समाज की बहु घर में कामकाज संभालने के साथ चौखट लांग कर एक इतिहास रचने का कार्य किया है, जो युवतियों व महिलाओं के लिए एक प्रेरणा है। आने वाले समय में ऐसे और कई उदाहरण देखने को मिलेंगे। कार्यक्रम में शामिल सूरज सिंह ने कहा की बेटी कामयाब होती हैं, तों माता पिता खुश होते हैं, लेकिन बहु कामयाब होती हैं तों, दो गांवों में खुशियां मनायी जाती है, जो आज मनाया जा रहा है। शिक्षक विकास सिंह ने कहा की जिस प्रकार रानी बॉबी ने कड़ी मेहनत व लगन से कामयाबी प्राप्त की है वह साधारण नहीं असाधारण है। बॉबी ने आज सिद्ध कर दिया की लगन व जुनून से कुछ भी हासिल किया जा सकता है। मौके पर उपस्थित सदस्यों ने रानी बॉबी कुमारी को शॉल व बुके देकर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मौक़े पर सत्यनारायण सिंह, आकाश सिंह, बबन सिंह, विकास सिंह, प्रवीण सिंह, सूरज सिंह, आलोक सिंह, बिगुल सिंह, ज्वाला सिंह, चन्दन सिंह एवं अमित रंजन सहित अन्य उपस्थित थे।
ओलावृष्टि से हुए नुकसान पर किसानों ने मांगा मुआवजा
दुमका| जामा प्रखंड क्षेत्र में शनिवार की शाम तेज ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। अचानक हुई ओलावृष्टि से धान, गन्ना, आम समेत कई सब्जी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। किसान ललित यादव ने बताया कि उनके धान, गन्ना एवं आम की फसल को काफी क्षति हुई है। वहीं किसान महेश्वर राउत, अश्वनी राउत, कश्मीर राउत, गुंजन यादव, चुनचुन राउत, सोहिल राउत, केशर राउत, केदारनाथ राउत, संतोष राउत एवं सुबोध यादव ने बताया कि उनके खेतों में लगी खीरा, झींगा, कद्दू, करेली, बरबटी, परोल एवं मकई की फसल ओलावृष्टि से बर्बाद हो गई है। किसानों ने बताया कि अचानक हुई ओलावृष्टि के कारण तैयार फसलें खेतों में ही नष्ट हो गईं, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। किसानों ने सरकार और प्रशासन से क्षति का शीघ्र आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके। ग्किसानों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के कारण हुए इस नुकसान की भरपाई बिना सरकारी सहायता के संभव नहीं है।
कार की टक्कर से महिला की मौत, पति व बच्चा घायल
दुमका| दुमका के हंसडीहा थाना क्षेत्र के नोनीहाट बस पड़ाव के पास शनिवार की देर शाम आल्टो कार ने पैदल जा रहे दंपति समेत सहित तीन को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई है,जबकि पति रमेश मांझी और आठ माह का शिशु घायल हो गया। दोनों का फुलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया।जरमुंडी थाना क्षेत्र के चमराबहियार पंचायत के बड़ावरदानी का रहने वाला रमेश मांझी पत्नी व आठ माह के बच्चे को लेकर गंगा स्नान करने के लिए भागलपुर गए थे। ट्रेन से वापस से आए। और नोनीहाट स्टेशन से उतरकर बस पड़ाव जा रहा थे। तीनों को दुमका के फुलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां महिला मनीषा देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों की शादी दो साल पहले ही हुई थी।
जरमुंडी में सहायक से मारपीट, गांव के एक परिवार पर लगाया आरोप
दुमका| जरमुंडी प्रखंड की पेटसार पंचायत के पंचायत सहायक चंदन कुमार राय ने गांव के सुनील राय व उसके घर वालों पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। घायल पंचायत सहायक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसने जरमुंडी थाना में आवेदन देकर जान माल की गुहार लगाई है। चंदन ने बताया कि 25 अप्रैल को सुनील कुमार राय, उसकी पत्नी रेणु देवी एवं मां अनार देवी ने घेरकर मारपीट की और दायां हाथ तोड़ दिया। सोने की चेन भी छीन ली। हो-हल्ला पर चचेरे भाई प्रीतम राय व पिता अरुण कुमार राय ने आकर बीच बचाव किया और आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। आरोप लगाया सुनील पूर्व में भी गांव में अन्य लोगों के साथ मारपीट कर चुका है। घटना के बाद आरोपित के पुत्र अभिषेक राय ने चंदन राय एवं उसके पिता को फोन पर जान से मारने और भविष्य में बड़ी घटना को अंजाम देने की धमकी भी दी है। धमकी का ऑडियो भी काफी वायरल हो रहा है। चंदन ने पुलिस निरीक्षक श्यामानंद मंडल से घटना की शिकायत करते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मंत्रोच्चार से गुंजायमान हुआ मारवाड़ी बालिका विद्यालय का नया परिसर
भास्कर न्यूज | दुमका दुमका मुख्य बाजार में चल रहे मारवाड़ी बालिका उच्च विद्यालय के लिए रविवार का दिन नई सौगात लेकर आया। अब इस जर्जर विद्यालय को अपना नया भवन मिल गया है। विद्यालय संचालन समिति के सदस्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश का पूजन एवं विद्या की मां सरस्वती का आह्वान किया। समिति के सचिव पवन कुमार भालोटिया ने बताया कि लंबे समय से विद्यालय के पुराने भवन में स्थान की भारी कमी के कारण छात्राओं को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या के समाधान के लिए लगातार जिला प्रशासन से नए भवन की मांग की जा रही थी। उपायुक्त अभिजीत कुमार सिन्हा व जिला शिक्षा पदाधिकारी भूतनाथ रजवार के सकारात्मक सहयोग और प्रयासों से जिला स्कूल के समीप स्थित एक पुराने बंद विद्यालय भवन को मारवाड़ी उच्च विद्यालय के संचालन के लिए आवंटित किया गया। नए भवन को उपयोग योग्य बनाने के लिए विद्यालय संचालन समिति ने लाखों रुपये खर्च कर व्यापक स्तर पर जीर्णोद्धार कराया है। भवन के नवीनीकरण के बाद अब विद्यालय में छात्राओं के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। समिति के सदस्यों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे क्षेत्र की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी। मौके पर समिति के सदस्य राजेन्द्र कुमार मेहरिया, ललित कुमार अग्रवाल, हरि शंकर मोदी, अशोक कुमार झुनझुनवाला, कैलाश प्रसाद वर्मा, मुकेश कुमार अग्रवाल, सुनीता शर्मा, स्वाति झुनझुनवाला व आनंद कुमार मोदी कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक व कर्मचारी मौजूद थे।
पीएम श्री कस्तूरबा विद्यालय धालभूमगढ़ के वार्डन को हटाने की मांग, सौंपा गया ज्ञापन
धालभूमगढ़| पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय धालभूमगढ़ के वार्डन सह शिक्षिका चंपा बेसरा को हटाने की मांग को लेकर प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख व पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा उपायुक्त को लिखित ज्ञापन सौंपा गया। वहीं बीडीओ को इस ज्ञापन की एक प्रति सौंपा गई। शिकायत में लिखा है की पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय धालभूमगढ़ के वार्डन सह शिक्षिका का कार्यकाल 2 साल से अधिक हो गया है तथा विद्यालय में नामांकन के लिए छात्रा चयन प्रक्रिया में भेदभाव का आरोप भी लगाया गया है। इसके अलावा भी शिकायत में यह भी लिखा गया कि करीब 10 किमी दूर तथा एकल गरीब बच्चों को भी विद्यालय में नामांकन नहीं लिया गया है। जितना भी छात्रा का नामांकन लिया गया है अधिकतर संपन्न परिवार से है तथा स्कूल से घर की दूरी भी काफी कम है इसके बावजूद भी नामांकन लिए जाने का आरोप लगाया गया है। इस विद्यालय के वार्डन सह शिक्षिका को हटाने तथा एकल एवं गरीब बच्चों को नामांकन करने की मांग की गई। दिया गया ज्ञापन में प्रखंड प्रमुख देवला हांसदा, उप प्रमुख सुकरा मुंडा, पंचायत समिति सदस्य प्रदीप कुमार राय, दीपक महतो, दासों मुर्मू, आशा सीट, मुखिया विक्रम टुडू आदि पंचायत प्रतिनिधियों का हस्ताक्षर है।
पूरे उत्तर प्रदेश में तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच रहा है। जिससे लोग परेशान हैं और गर्मी से बेहाल हैं। ऐसे में उल्टी-दस्त के मरीज ज्यादा अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। जहां उनके लिए इंतजाम किए गए हैं। वाराणसी में अभी हीट स्ट्रोक का कोई मरीज नहीं मिला है। उसके बावजूद अस्पतालों में अलर्ट है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के क्रम में वाराणसी के एसएसपीजी कबीरचौरा अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में कोल्ड रूम बनाया गया है। जिसमें हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए चार बेड आरक्षित किए गए हैं। कबीरचौरा अस्पताल में बना कोल्ड रूम हीट वेव को लेकर लगातार मौसम विभागअलर्ट मोड में है। वाराणसी के सभी सरकारी अस्पतालों में हीट वेव से निपटने की व्यवस्था की गई है। वाराणसी में कबीरचौरा अस्पताल में भी कोल्ड रूम बनाया गया है। इस संबंध में अस्पताल के एसआईसी डॉ बृजेश कुमार ने बताया - हीट वेव को लेकर सरकार की तरफ से जो निर्देश प्राप्त है उसके क्रम में कार्य किया जा रहा है। हिट स्ट्रोक के मरीजों के लिए कोल्ड रूम बनाया गया है। इमरजेंसी में बनाया गया है कोल्ड रूम एसआईसी ने बताया - इमरजेंसी में चार बेड का कोल्ड रूम बनाया गया है। जिसमें हीट वेव के मरीज को रखा जाएगा। मरीज की स्वास्थ्य निगरानी के लिए ट्रेंड डॉक्टर्स और पैरामेडिकल स्टाफ और नर्सेज लगाईं गई हैं। जो 24 घंटे मरीज की निगरानी करेंगे। ताकि उसे कोई भी दिक्कत का सामना न करने पड़े। लगाया गया है बाथ टब एसआईसी बृजेश कुमार ने बताया - मरीज के लिए हमने इस वार्ड में एक बाथ टब भी लगाया है। यदि किसी मरीज को दिक्कत ज्याफदा होगी तो उसे बात टब में लेटाया जाएगा। बुखार उतर जाने के बाद उसे नार्मल बेड पर लेटाया जाएगा। उन्होंने कहा मरीज को यदि 105 से ज्यादा बुखार होगा तो उसे हम बाथ टब में लिटाकर इलाज करेंगे। 316 बेड का है अस्पताल मंडलीय चिकित्सालय कबीरचौरा में 316 बेड हैं। रोजाना ओपीडी में यहां 1200 से 1400 मरीज ओपीडी में खुद को चेक करवाने आते हैं। जिसमें से 200 को एडमिट किया जाता है। इसके अलावा 100 से अधिक मरीज को डिस्चार्ज भी किया जाता है। वाराणसी सहित पूर्वांचल और बिहार के गरीब मरीजों की लाइफ लाइन के रूप में इस अस्पताल को जाना जाता है।
गायिका आशा भोंसले को संगीत से श्रद्धांजलि दी
धुन द रिदम ऑफ लाइफ के द्वारा फिल्मी दुनिया की गायिका आशा भोंसले की स्मृति में एक शाम आशा ताई के नाम श्रद्धांजलि कार्यक्रम धुन कक्ष आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सिग्नेचर सॉन्ग ए मालिक तेरे बंदे हम से हुई। धुन के सदस्यों व मेहमान कलाकारों ने उनके गाए हुए गीत गाए। इस अवसर पर प्रियंका लाम्बा, उस्मान खान, राजबाला ढाका, इस्माइल खान, पूनम शर्मा, सनवर कुरैशी, मनोहरलाल धूपिया, प्रवीण टाक, अमिता गौड़, कुसुम चाहर, श्याम सुंदर पाटोदिया, इरशाद फारूकी, जाहिरा खान, हबीबुर रहमान, प्रमोद खेदड़, रवि शर्मा, नफीस कुरैशी, अनिल पाल, आनंद जांगिड़, इब्राहिम खान आदि ने एक से बढ़कर गीत गाए। अंत में धुन के अध्यक्ष मनोहरलाल धूपिया व सचिव संपतलाल ने आभार जताया।
ट्यूबवैल में ब्रांडेड की बजाय लोकल मोटर लगाने की शिकायत
चूरू | जिला मुख्यालय एवं आसपास के गांवों में ट्यूबवैल की खराब मोटर बदलने के नाम गड़बड़ी किए जाने की शिकायत पीएचईडी एक्सईएन को की गई है। शिकायत में बताया कि पीएचईडी मुख्यालय के निर्देशानुसार ट्यूबवैल पर निर्धारित ब्रांडेड मोटर लगानी होती है, पर चूरू में इसका उलटा हो रहा है। यहां लोकल मोटरें लगाई जा रही है। अभी हाल में शहर के वार्ड 23 में ट्यूबवैल में लोकल मोटर लगाई गई। राजस्थान जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के तकनीकी कर्मचारी संघ नगर उपखंड के शाखा महामंत्री रणवीर सांखला का कहना है कि सरकार की ओर से मान्य (अप्रूव) मोटरें लगाने का नियम है, जबकि यहां सांठगांठ करके लोकल मोटरें लगाई जा रही हैं। पीएचईडी एसई चुन्नीलाल से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि अगर ऐसा है तो वे मामले में जांच करवाकर कार्रवाई करेंगे।
भाजपा कार्यालय के भवन का उद्घाटन आज, हवन हुआ
चूरू | रामसरा रोड स्थित नवनिर्मित भाजपा जिला कार्यालय के भवन का सोमवार सुबह 10 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। रविवार को कार्यालय भवन में हवन व वास्तु पूजा की गई। जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने सपत्नीक रवि दाधीच व रजत व्यास के आचार्यत्व में पूजा की। इस मौके पर विधायक हरलाल सहारण, विधानसभा संयोजक पदमसिंह राठौड़, जिला महामंत्री अभिषेक चोटिया, जिला उपाध्यक्ष नरेन्द्र काछवाल, भास्कर शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष सुभाष जांगिड़, जिला मंत्री सत्तार खान, जिला प्रवक्ता विजय शर्मा, मंडल अध्यक्ष सुरेश सारस्वत, धर्मेन्द्र राकसिया आदि मौजूद रहे।
717 ठिकानों पर दबिश देकर 184 को पकड़ा, इनमें सात हिस्ट्रीशीटर
भास्कर संवाददाता | चूरू जिला पुलिस ने 25 अप्रैल को एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत एक साथ 717 ठिकानों पर दबिश देकर 184 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें 7 हिस्ट्रीशीटर हैं। एसपी एसपी निश्चय प्रसाद ने बताया कि 63 टीमों में 283 से अधिक पुलिसकर्मियों ने जिले में तलाशी और गिरफ्तारी की कार्रवाई की। ऑपरेशन नकेल के तहत एनडीपीएस एक्ट में 4 प्रकरण दर्ज किए गए। एसपी ने बताया कि कार्रवाई में 1 किलो 556 ग्राम अफीम, 18 किलो 289 ग्राम गांजा और 823 ग्राम डोडा पोस्त जब्त किया गया। पुलिस ने 545.02 लीटर अवैध देशी व हथकड़ शराब, 3.60 लीटर अंग्रेजी शराब और 327.3 लीटर बीयर भी बरामद की। जुआ खेलते हुए 16315 रुपए जब्त किए गए। एसपी ने बताया कि अभियान में 32 स्थायी वारंटी और 7 हिस्ट्रीशीटर भी पकड़े गए। इसके अलावा 50 सक्रिय अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई। विभिन्न गैंग से जुड़े 36 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उनके आपराधिक डोजियर तैयार किए गए। एसपी के मुताबिक जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 17 लाख और शराब की करीब 5 लाख रुपए आंकी गई।
गो-सम्मान आह्वान अभियान कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन
भास्कर संवाददाता | चूरू भास्कर भवन में सर्राफ फाउंडेशन की ओर से संचालित गीता क्लासेज में रविवार को भानीनाथ आश्रम संत ध्याननाथ के सानिध्य में सोमवार को गो-सम्मान आह्वान अभियान के तहत निकाले जाने वाले जुलूस को लेकर बैठक हुई। गीता क्लासेज की टीम ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। ध्याननाथ महाराज ने कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन करते हुए होनहार बच्चों को पुरस्कृत किया। आचार्य जनार्दन ने बच्चों को पंचामृत व पांच श्लोकों का अध्ययन करवाया। माधुरी शर्मा ने बच्चों को जीवन से जुड़े 11 महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी। निरंजन देव आचार्य व हर्षित सोनी ने गजल व गीत प्रस्तुत किया तथा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया गया। इस मौके पर सुरेश सैनी, शंकरलाल, दिव्या शर्मा, पूनम शर्मा, खुशी सैनी, पूजा खंडेलवाल आदि मौजूद रहे। संचालन दिव्या भाटी ने किया।
पारा 44.2 डिग्री; अब 8वीं तक की क्लास सुबह 7.30 से दोपहर 12 बजे तक लगेगी
चूरू | जिले में तापमान 44.2 डिग्री पहुंच गया है, जो इस सीजन का जिले का सबसे ज्यादा है। हालांकि न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट हुई है। इस बीच भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने स्कूल के समय में बदलाव का आदेश दिया है। सीडीईओ संतोष महर्षि ने बताया कि जिले में 8वीं तक क्लासें अब 7.30 से दोपहर 12 बजे तक संचालित होगी, जबकि 9 से 12 तक का समय यथावत रहेगा। पहले स्कूल का समय सुबह 7.30 से दोपहर 1.00 बजे तक था। रविवार को अधिकतम 44.2 एवं न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री रहा। शनिवार को अधिकतम 43.7 एवं न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री था। एक्सपर्ट व्यू; दो दिन रहेगा जिले में हीटवेव का असर जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि हीटवेव का दौर आगामी 24 से 48 घंटे जारी रहने की संभावना है। हालांकि, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आगामी 3-4 दिन आंधी व कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
सादुलपुर में पहली बार महिला हॉकी स्टेट टूर्नामेंट 23 से
भास्कर संवाददाता | चूरू राष्ट्रीय खेल हॉकी के शताब्दी वर्ष पर 16वीं राजस्थान सीनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता जिले के सादुलपुर में 23 से 26 मई तक होगा। सीनियर महिला हॉकी की ये प्रतियोगिता जिले में पहली बार हो रही है। इससे पहले जूनियर वर्ग की प्रतियोगिता हो चुकी है। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जिलों से करीब 600 खिलाड़ी भाग लेंगी। प्रतियोगिता के संचालन के लिए गालड़ गांव की ओलिंपियन सोनिका टांडी व भारतीय महिला हॉकी टीम कप्तान रानी रामपाल को बुलाया गया है। आयोजन सचिव नंदकुमार शर्मा ने बताया कि ये प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के नए नियमों नॉकआउट पद्धति के आधार पर होगी। महिला खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राज्य सीनियर महिला हॉकी टीम का चयन होगा, जो राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता में राज्य टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। तीन दिन तक प्रतियोगिता सादुलपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के मैदान पर होगी। बतादें कि पिछली बार राज्यस्तरीय सीनियर महिला हॉकी में चूरू की खेलो इंडिया केंद्र की टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी। आयोजन सचिव नंदकुमार ने बताया कि खिलाड़ियों के आवागमन, आवास एवं भोजन आदि की व्यवस्था भामाशाह के सहयोग से होगी। इसमें उड़ीसा ट्रांसपोर्टर गणेश कंदोई, राजगढ़ नागरिक परिषद बेंगलुरु के अध्यक्ष बिहारी लाल सरावगी एवं सांसद राहुल कस्वां, हॉकी के राष्ट्रीय खिलाड़ी सचिन पाडिया सहयोग करेंगे। जिले में महिला हॉकी की पहली एनआईएस कोच अंजना लबानिया का कहना है कि जिले में सीनियर महिला हॉकी की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता होने से महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा। वे हॉकी के नए गुर सीख सकेंगी, वहीं नई महिला खिलाड़ियों की इस खेल में रूचि बढ़ेगी। जिले के महिला हॉकी के खेलो इंडिया केंद्र से तैयार खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
जरूरतमंद कन्या के विवाह में शिव मंदिर विनोबा बस्ती के सदस्यों ने किया सहयोग
श्रीगंगानगर| विनोबा बस्ती स्थित शिव मंदिर समिति ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए एक गरीब परिवार की कन्या के विवाह में सहयोग कर मानवता की बेहतरीन मिसाल पेश की है। समिति ने विवाह समारोह में करीब 250 लोगों के लिए भोजन, नाश्ते और पेय पदार्थों की संपूर्ण व्यवस्था की। मंदिर के मुख्य पुजारी ज्योतिषाचार्य शंकर गुर्जर गौड़ ने बताया कि कन्या के पिता रेहड़ी पर जूस बेचते हैं और आर्थिक तंगी के कारण विवाह का खर्च उठाने में असमर्थ थे। इस पुनीत कार्य में नीरज सिंघल, जितेंद्र नागपाल, शिवकुमार मैनी व सोनी परिवार का विशेष योगदान रहा। गौरतलब है कि मंदिर समिति पिछले 8 वर्षों से जरूरतमंद कन्याओं के विवाह में सहयोग कर रही है और बीते 7 माह से रोजाना गरीबों को निशुल्क भोजन भी करवा रही है।
वन्यजीव गणना 1 व 2 को ; इस बार नीलगाय व चिंकारा बढ़ने की उम्मीद
भास्कर संवाददाता | चूरू जिले में एक व दो मई को (बुद्ध पूर्णिमा) वाटर होल पद्धति से वन्यजीवों की गिनती की जाएगी। गिनती एक मई को शाम 5 बजे से दो मई को शाम 5 बजे तक होगी। इसमें वन रक्षकों, गार्डों व स्थानीय ट्रैकरों को शामिल किया जाएगा। वन्यजीव गणना के लिए जिले में इस बार 48 वाटर पॉइंट बनाए गए हैं। इसके अलावा तालछापर अभयारण्य इलाके में जीपीएस और कैमरा ट्रैप से भी गणना प्रस्तावित है। गणना के दौरान वाटर पॉइंट्स पर आने वाले वन्यजीवों की पहचान पगमार्क से भी की जाएगी। जानकारी के अनुसार बुद्ध पूर्णिमा को चांद की रोशनी में जानवर अच्छे से दिखाई देते हैं। इसलिए इसी दिन गिनती की जाती है। इससे जीवों की प्रजाति, लिंग, उम्र आदि की जानकारी आसानी से मिल पाती है। वहीं इस दौरान गर्मी के चलते पानी की भी कमी रहती है। इसके चलते जानवर वाटर पॉइंट पर आते हैं। पिछले दो-तीन साल में जिले में डेजर्ट फॉक्स, इंडियन वुल्फ, सियार, गीदड़, जंगली बिल्ली आदि मांसाहारी जानवरों का मूवमेंट देखने को मिला है। गणना के दौरान इन जानवरों के पगमार्क से इनकी जानकारी जुटाई जाएगी। वहीं शाकाहारी जानवरों की बात करें तो जिले में मुख्यत: काले हिरण, नीलगाय, चिंकारा, जंगली सुअर, सेई (र्पोक्यूपाइन) आदि जानवर पाए जाते हैं। इनमें इस साल चिंकारा व नीलगाय की संख्या बढ़ सकती है। वन विभाग ने गणना के लिए जिले में 48 वाटर पॉइंट बनाए हैं। इनमें चूरू में सबसे ज्यादा 11 वाटर पॉइंट बनाए गए हैं। इसी तरह तालछापर और राजगढ़ में 9-9, सरदारशहर में 6, रतनगढ़ में 5 तथा सुजानगढ़ व तारानगर में 4-4 वाटर पॉइंट बनाए गए हैं। ^ जिले में एक व दो मई को बुद्ध पूर्णिमा पर वन्यजीवों की गिनती की जाएगी। वाटर होल पद्धति से गणना होगी। गणना को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। -मनीष पूनिया, एसीएफ चूरू
चूरू में निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर कल
चूरू | अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा व विश्वकर्मा मंदिर की ओर से बालूराम जांगिड़ ढाढ़रवाले के सहयोग से विश्वकर्मा मंदिर में मंगलवार को निशुल्क नेत्र चिकित्सा जांच शिविर लगाया जाएगा। महासभा जिलाध्यक्ष नीरज रोलीवाल ने बताया कि शिविर में सर्व समाज के लोग आंखों की निशुल्क जांच करा सकते हैं। वाहन से प्रचार भी करवाया जा रहा है। मंदिर अध्यक्ष झूमरमल राजोतिया ने बताया कि जयपुर के डॉक्टरों की टीम जांच करेगी। इस मौके पर बालूराम जांगिड़, जिला महामंत्री बुद्धराम सिल्क, जिला कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश राजोतिया, शिविर प्रभारी बैजूराम राजोतिया, मनोज जांगिड़, नरेंद्र कुमार, अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।
छात्रा को परेशान करने वाले युवक पर मुकदमा
श्रीगंगानगर| एक स्कूली छात्रा को सोशल मीडिया पर परेशान करने और पीछा कर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पुरानी आबादी पुलिस जांच कर रही है। पीड़ित छात्रा के पिता की ओर से मामला दर्ज करवाया गया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल से उक्त आरोपी उसका पढ़ने जाते और वापस लौटते समय पीछा करता है। रास्ते में आते-जाते वह आपत्तिजनक इशारे करके परेशान करता है। आरोपी ने खुद का इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बना रखा है। इससे वह छात्रा के बारे में आपत्तिजनक बातें पोस्ट करता रहता है। यहां तक कि उसने पीड़िता की सहपाठी छात्राओं तक को मैसेज किए हुए हैं। आरोपी धमकी देता है कि अगर उससे फ्रेंडशिप नहीं की तो वह तेजाब डालकर उसका चेहरा बिगाड़ देगा। पीड़ित छात्रा की ओर से इस संबंध में सभी तरह के सबूत पुलिस को सौंपे हैं। आरोपी को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर पाबंद किया गया है। उसकी ओर से किए गए मैसेज की जानकारी लेने को इंस्टाग्राम मुख्यालय को मेल करके जानकारी मांगी गई है।
161 लीटर हथकढ़ शराब पकड़ी, 4 हजार लीटर लाहण व 8 भट्ठियां तोड़ीं, केस दर्ज
श्रीगंगानगर| आबकारी थानों की संयुक्त टीमों ने रविवार को रावला, घड़साना और अनूपगढ़ एरिया में हथकढ़ शराब बनाने वाले ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान 161 लीटर हथकढ़ शराब बरामद की गई। करीब 4000 लीटर कच्ची शराब नष्ट की गई। इस दौरान शराब बनाने की 8 कच्ची भट्ठियां पकड़ी गईं। इन्हें भी तोड़ दिया गया। पूरी कार्रवाई में आबकारी एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। बीकानेर से अतिरिक्त आबकारी आयुक्त पोमाराम रोहिण ने बताया कि ईपीएफ डीवाइएसपी देवेंद्र सिंह तथा अनूपगढ़ ईपीएफ थाना के पीओ विजेंद्र सिंह ने टीम सहित रविवार को छापेमारी की। इस दौरान घड़साना, 6 एमजीएम, एक केपीडी, खानूवाली, 7 केएनडी, 365 हेड एरिया में छापेमारी की गई। यहां एक जगह से 53 और दूसरी जगह से 108 लीटर हथकढ़ शराब बरामद की गई। दो मुकदमे दर्ज किए गए। करीब 4000 लीटर लाहण और शराब बनाने की 8 कच्ची भट्ठियों को नष्ट करवाया गया है।
12 वर्षीय बालिका घर से लापता 3 दिन बाद उज्जैन ननिहाल पहुंची
श्रीगंगानगर| 12 वर्षीय बालिका बिना घर में किसी को कुछ बताए तीन िदन से लापता थी। पुलिस उसकी तलाश में यहां सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही थी। इसी दौरान वह उज्जैन में अपनी नानी के पास पहुंच गई। यह समाचार थाने पहुंचा तो पुलिस ने राहत की सांस ली। एसएसबी रोड की एक कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही इस बालिका की मां की ओर से जवाहरनगर थाने में 25 अप्रैल को सूचना दी गई। बालिका 24 तारीख की शाम 7 बजे से घर से लापता थी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की। जब उसका कहीं पर कोई पता नहीं चला तो थाने पहुंचे। पुलिस की ओर से तत्काल अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया जाकर तलाश को टीमें लगाई गईं। बालिका के घर से लेकर चारों दिशाओं में उसके जाने का रूट पता करने को कैमरों की रिकॉर्डिंग को देखा जा रहा था। इसी बीच बालिका के परिवार ने सूचना दी कि परिवार में बालिका का ममेरा भाई जो दिल्ली रहता है, उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है और वह भी 25 तारीख की सुबह से लापता है। पुलिस को आशंका हुई कि बालिका दिल्ली जा सकती है। लेकिन जब तक युवक की लोकेशन न मिले तब तक टीम को दिल्ली रवाना नहीं करने का फैसला लिया गया। एसएचओ देवेंद्र राठौड़ ने बताया कि बालिका 26 तारीख की शाम को अपने ननिहाल उज्जैन में सुरक्षित पहुंच गई है।
भास्कर संवाददाता | श्रीगंगानगर पाकिस्तान की ओर से भेजे गए हेरोइन के पैकेट सहित एक युवक को पकड़ा गया है। यह कार्रवाई एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स श्रीगंगानगर की टीम ने बीएसएफ की 48वीं बटालियन के साथ शनिवार-रविवार रात को की। पकड़े गए आरोपी की पहचान मलकाना खुर्द, हाल केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र के गांव 16-17 एच घणजातिया निवासी 20 वर्षीय तीर्थ सिंह मजहबी सिख पुत्र सूबा सिंह के रूप में हुई है। आरोपी के पास से एक किलो 41 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर रात 12 एच से सुंदरपुरा जाने वाले रास्ते पर सादा वर्दी में की गई नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया। एएनटीएफ के डीआईजी अभिजीत सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में संयुक्त टीमों की ओर से की गई। आरोपी के खिलाफ जोधपुर एनसीबी कार्यालय में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में एएनटीएफ की स्थानीय चौकी के प्रभारी एएसआई गणेश सिंह, कांस्टेबल रामकृष्ण सिंह, सुखदीप सिंह, जया ज्याणी, राम कुमार, अवतार सिंह, भानुप्रताप, घनश्याम मीणा, आरिफ खान की टीम शामिल रही। हनुमानगढ़ के दो युवक चित्तौड़गढ़ में 38.200 किलो पोस्त सहित पकड़े : एएनटीएफ चित्तौड़गढ़ की टीम ने हनुमानगढ़ के टिब्बी तहसील के सूरेवाला गांव निवासी 24 वर्षीय अशोक सिंह रायसिख पुत्र बलजीत सिंह व 26 वर्षीय सोहन सिंह पुत्र बगा सिंह रायसिख को 38 किलो 200 ग्राम चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। एएनटीएफ की टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश के नीमच से श्रीगंगानगर जा रही गायत्री ट्रैवल्स की बस में दो युवक संदिग्ध हैं। उनके पास दो अटैची और एक बैग में मादक पदार्थ होने की आशंका है। टीम ने चित्तौड़गढ़ पहुंची बस में इन दोनों को चेक किया। वहां मादक पदार्थ चूरा पोस्त बरामद हुआ। दोनों को गिरफ्तार किया गया। मुकदमा दर्ज किया गया है। इधर हनुमानगढ़ में सतीपुरा बाइपास पर मिस्त्री मार्केट में होटल पंजाबी तड़का के कर्मचारी 21 वर्षीय सूर्यांश कुमार पुत्र अरविंद कुर्मी निवासी कानपुर को 980 ग्राम चूरा पोस्त तथा ड्रग मनी 53300 रुपए सहित गिरफ्तार किया गया। वर्चुअल नंबर से बात, जिसे पैकेट देने वाला था, उसे न देखा न जानता : पवनदीप सिंह मलेशिया में रहकर हेरोइन तस्करी का धंधा करवाता है। वह पाकिस्तानी हेरोइन तस्करों के संपर्क में रहता है। वह श्रीगंगानगर में पाकिस्तान बॉर्डर के निकट के गांवों में टारगेट तलाशता रहता है। यह टारगेट तो उसके पास खुद ही चलकर गया था। उसने अपने फुफेरे भाई की गरीबी और लाचारी का फायदा उठाया। उसने उसे हेरोइन तस्करी में शामिल कर लिया। पकड़े गए तीर्थ सिंह को यह तक पता नहीं कि पाकिस्तान से ड्रोन द्वारा यह हेरोइन किसने गिराई थी। आगे इसे उससे लेने आने वाला व्यक्ति कौन था। यह उससे किसी भी तरह संपर्क में नहीं था। इसलिए एनसीबी को पंजाब से हेरोइन लेने आने वाले अज्ञात आरोपियों तक पहुंचने में काफी मेहनत करनी होगी। आरोपी तीर्थ सिंह गरीब परिवार से है। उसके पिता सूबा सिंह बीमार हैं। वह चारपाई पर हैं। आरोपी टेंपो पर कृषि औजार आदि सामान गांवों में फेरी लगाकर बेचता था। वह इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसका ममेरा भाई 38 एफ अरायण निवासी पवनदीप सिंह चार साल से मलेशिया में रह रहा है। वह वहां से पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में है। वह श्रीगंगानगर तथा पंजाब में अपने संपर्कों की मदद से हेरोइन तस्करी का नेटवर्क चला रहा है। तीर्थ सिंह ने करीब एक माह पहले उसे फोन करके 10 हजार रुपए की आर्थिक मदद मांगी थी। तब पवनदीप ने अपने फुफेरे भाई तीर्थ सिंह को हेरोइन तस्करी करने के लिए उकसाया। उसने झांसा दिया कि इस बात का किसी को पता नहीं चलेगा। उसे एक पैकेट बताई गई जगह से उठाकर दूसरी जगह पहुंचाना है। इतने से काम के बदले 10 हजार रुपए मिल जाएंगे। अपने ममेरे भाई के उकसावे में आकर उसने हेरोइन तस्करी के दलदल में पहला कदम रखा। वह पकड़ा गया। आबकारी थानों की संयुक्त टीमों ने रविवार को रावला, घड़साना और अनूपगढ़ एरिया में हथकढ़ शराब बनाने वाले ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान 161 लीटर हथकढ़ शराब बरामद की गई। करीब 4000 लीटर कच्ची शराब नष्ट की गई। इस दौरान शराब बनाने की 8 कच्ची भट्ठियां पकड़ी गईं। इन्हें भी तोड़ दिया गया। पूरी कार्रवाई में आबकारी एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। बीकानेर से अतिरिक्त आबकारी आयुक्त पोमाराम रोहिण ने बताया कि ईपीएफ डीवाइएसपी देवेंद्र सिंह तथा अनूपगढ़ ईपीएफ थाना के पीओ विजेंद्र सिंह ने टीम सहित रविवार को छापेमारी की। इस दौरान घड़साना, 6 एमजीएम, एक केपीडी, खानूवाली, 7 केएनडी, 365 हेड एरिया में छापेमारी की गई। यहां एक जगह से 53 और दूसरी जगह से 108 लीटर हथकढ़ शराब बरामद की गई। दो मुकदमे दर्ज किए गए। इसी दौरान सरकारी जमीन में छुपाकर रखे गए करीब 4000 लीटर लाहण और शराब बनाने की 8 कच्ची भट्ठियों को नष्ट करवाया।
रीको एलएनपी नहर पुल के नीचे अंधे गड्ढे से हो रहे हादसे
श्रीगंगानगर में हनुमानगढ़ रोड पर सिहागांवाली के पास सड़क के बीचों-बीच बना एक विशाल गड्ढा वाहन चालकों के लिए भारी परेशानी का सबब बन गया है। यह जानलेवा गड्ढा दूर से दिखाई नहीं देता, जिस कारण तेज गति से आ रहे दोपहिया वाहन अचानक इसमें गिरकर अपना संतुलन खो बैठते हैं। इन बड़े-बड़े गड्ढों से कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। यहां से गुजरने वाले राहगीरों को काफी परेशानी होती है। प्रशासन जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत करवाए। -राकेश कुमार
भास्कर संवाददाता | श्रीगंगानगर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद अवधि समाप्त होने में अब सिर्फ 1 माह 4 दिन ही शेष बचे हैं। यानी खरीद अवधि का आधे से अधिक समय बीत चुका है। लेकिन सरकार दोनों जिलों से अब तक सिर्फ 2.79 लाख एमटी ही खरीद कर पाई है। जबकि श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ जिलों से इस बार 12.16 लाख एमटी गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ऐसे में शेष खरीद अवधि में 9 लाख एमटी से अधिक गेहूं की खरीद कैसे हो पाएगी, इसे लेकर असमंजस है। सरकार ने दोनों जिलों से इस बार एमएसपी पर 12.16 लाख एमटी गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित कर रखा है। अब तक खरीद एजेंसियां 2.79 लाख एमटी ही गेहूं की खरीद कर पाई हैं। खरीद 31 मई तक जारी रहेगी। ऐसे में अब गेहूं खरीद अवधि का 1 माह 4 दिन ही शेष है। इस अवधि के दौरान 9 लाख एमटी से अधिक की खरीद सरकार कैसे कर पाएगी, इसे लेकर असमंजस है। वहीं दूसरी ओर एमएसपी पर गेहूं खरीद धीमी गति से होने के कारण किसानों में आक्रोश है। कारण यह है कि सरकार ने एमएसपी 2585 रुपए प्रति क्विंटल के साथ 150 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने की घोषणा कर रखी है। यानी सरकार को गेहूं बेचने पर किसान को 2735 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से राशि मिलेगी। जबकि मंडियों में खुली नीलामी पर गेहूं के भाव 2400 से 2500 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास ही हैं। इस स्थिति के चलते किसान सरकार को ही गेहूं बेचना चाहते हैं। लेकिन खरीद की रफ्तार धीमी होने से किसान चिंतित हैं कि वे अपनी गेहूं की उपज सरकार को बेच भी पाएंगे या नहीं। ^ गेहूं खरीद एजेंसियों के पास दोनों जिलों की मंडियों में खरीद केंद्रों पर बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। ऐसे में खरीद सुचारू रूप से नहीं चल पा रही है। किसान परेशान हैं। यही स्थिति रही तो किसान 30 से 40 प्रतिशत गेहूं ही सरकार को बेच पाएंगे। -संतवीर सिंह, किसान नेता श्रीगंगानगर मार्च के अंत में गेहूं कटाई का सीजन शुरू होने से पहले ही आंधी-बारिश का दौर शुरू हो गया। अप्रैल के प्रथम सप्ताह तक मौसम खराब रहने से किसान गेहूं की कटाई नहीं कर पाए। इस बार सीजन में 15 दिन देरी से फसल मार्केट में आई। सरकार को गेहूं बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन के साथ इस बार स्लॉट बुकिंग का नियम अनिवार्य कर दिया। मौसम की मार से गेहूं की चमक भी फीकी पड़ गई। खरीद नियमों में छूट देने की मांग को लेकर व्यापारियों ने आंदोलन शुरू कर दिया। इस कारण खरीद बंद रही। 15 अप्रैल से मंडियों में धानका समाज के श्रमिकों ने एसटी प्रमाण-पत्र बनाकर देने की मांग को लेकर हड़ताल शुरू कर दी। इस कारण 18 अप्रैल तक मंडियां बंद रहीं। गेहूं की खरीद नहीं हो पाई। अब मंडियों में बारदाने की कमी व नियमों की पेचीदगी के चलते गेहूं की खरीद धीमी गति से हो रही है। कारण यह है कि गेहूं बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाकर गेहूं तुलवाने के बाद बिल बनते समय बायोमेट्रिक उपस्थिति लगाना भी अनिवार्य है। सरकार ने बढ़ाया खरीद लक्ष्य: सरकार ने प्रदेश में 15 प्रतिशत खरीद लक्ष्य बढ़ा दिया है। गेहूं खरीद का नया लक्ष्य एक-दो दिन में जिलेवार जारी किया जाएगा। लेकिन बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लक्ष्य के अनुसार खरीद कैसे होगी, यह समझ से परे है।
टेंपों में युवक से 30 हजार रुपए चुरा ले गया अज्ञात
श्रीगंगानगर| टेंपो में चहल चौक से बैठे और शिव चौक पर उतरे युवक की जेब से 30 हजार रुपए की चोरी हो गई है। घटना 25 अप्रैल की दोपहर लगभग तीन बजे की है। पीड़ित ने इस संबंध में सदर थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। एएसआई विजय सिंह को जांच सौंपी गई है। पीड़ित गोलूवाला सिहागान निवासी राम सिंह ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार को शहर में बीमा की किस्तें जमा करवाने के लिए आया था। चहल चौक से टेंपो में बैठकर शिव चौक पर काम से उतर गया। टेंपो से उतरने के बाद उसने जेब संभाली तो उसमें से 30 हजार रुपए चोरी हो चुके थे। पुलिस चहल चौक से शिव चौक तक के सीसीटीवी कैमरों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि टेंपो कौनसा था और उसमें सवारियां कौन-कौन थीं। इसके आधार पर अज्ञात आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है।
बाइक-स्कूटी चोरी, समय रात 9:30 से 11 बजे का फुटेज से पहचान, आरोपी को पकड़ा, खुलासा नहीं
भास्कर संवाददाता | श्रीगंगानगर शहर में एक साथ तीन दुपहिया वाहन चोरी के मामले सामने आए हैं। तीनों ही घटनाएं अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई है। तीनों वारदात रात 9:30 से 11 बजे के बीच अंजाम दी गई हैं। इसलिए यह आशंका है कि तीनों वारदात एक ही गैंग ने की हो सकती हैं। फिलहाल तीनों जांच अधिकारी अज्ञात आरोपी का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। पहली चोरी 15 अप्रैल की रात 10:55 बजे एसपी ऑफिस के निकट प्रधान डाकघर के सामने से की गई। पीड़ित 17 ओ-ए निवासी रिपुदमन सिंह के परिवाद पर कोतवाली में अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें परिवादी ने बताया कि उसकी मोटरसाइकिल आरजे 13-7680 की चोरी हो गई है। हैड कांस्टेबल रामकरण को जांच सौंपी गई है। घटनास्थल अभय कमांड सेंटर सहित अन्य सीसीटीवी कैमरों के नीचे है। दूसरी वारदात 17 अप्रैल की रात 9:33 बजे टांटिया अस्पताल के सामने से हुई। परिवादी नितिन जाट निवासी झुंझुनूं की बाइक आरजे 18 एसएस 2500 को अज्ञात आरोपी चुराकर ले गया। इसकी जांच एएसआई विनोद कुमार कस्वां को सौंपी गई है। तीसरी वारदात पुरानी आबादी में वार्ड 12 के स्कूल नंबर 7 के सामने से हुई। स्थानीय निवासी अमरजीत सिंह ने पुरानी आबादी थाने में परिवाद में बताया कि उसकी स्कूटी आरजे 13 क्यूएस 4016 को 19 अप्रैल की रात 10:15 बजे अज्ञात आरोपी चुराकर ले गया। तीनों घटनाओं का पता चोरी की रात की अगली सुबह चला। पुलिस ने 25 अप्रैल को मुकदमे दर्ज किए हैं। सूत्रों के अनुसार आरोपी पकड़ लिया है। इसके बाद आए हुए परिवादों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इन चोरियों का खुलासा पुलिस जल्दी ही करेगी। क्योंकि तीनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिल चुके हैं। इससे आरोपी की पहचान हो गई थी।
भजन संध्या में सालासर की तर्ज पर सजाया बालाजी का दरबार
भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर भक्ति, सेवा और परंपरा के त्रिवेणी संगम के साथ चहल चौक स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर के 39वें वार्षिकोत्सव का रविवार को समापन हुआ। सबसे पहले सुबह मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ एक घंटे तक विशेष हवन किया गया। इसमें यजमानों ने आहुतियां देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद हनुमान जी की महाआरती की गई। मंदिर समिति की ओर से मर्यादा का पालन करते हुए 11 कन्याओं एवं 21 ब्राह्मणों का पूजन किया गया। उन्हें सामूहिक भोज करवाया गया। इससे पहले शनिवार रात श्री श्याम परिवार मंडल की ओर से सालासर की तर्ज पर सजाए गए अलौकिक दरबार ने जहां भक्तों का मन मोह लिया, वहीं ‘एक शाम गो सेवा के नाम’ समर्पित भजन संध्या ने भक्ति की ऐसी बयार बहाई कि पूरा क्षेत्र हनुमान जी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। रविवार को हवन के बाद सुबह 11:15 बजे से प्रभु इच्छा तक अटूट भंडारा लगाया गया। मंदिर के सेवादार पवन बंसल ने बताया कि इस दौरान 2500 से अधिक श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे का मुख्य आकर्षण 3 क्विंटल खीर का प्रसाद रहा। पहले बजरंग बली को भोग लगाया गया। फिर भक्तों में बांटा गया। खास बात यह रही कि श्रद्धालुओं ने हनुमान जी की सवा छह फीट की खड़ी प्रतिमा के समक्ष दर्शन किए। उन्होंने मनोकामना के लिए लाल कपड़ों में नारियल बांधकर मन्नतें मांगीं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने दिनभर मंदिर में हनुमान जी के दर्शन किए। उन्होंने सुख-समृद्धि की कामना की। भजन संध्या में आया दान गो सेवा के लिए अर्पित कर दिया : उत्सव के समापन से पहले शनिवार रात पूरे मंदिर परिसर को दूधिया रोशनी और ताजे फूलों से महकाया गया था। यह रात्रि के समय आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस कड़ी में एक शाम गो सेवा के नाम (प्रयास संघ गो सेवा, अबोहर को समर्पित) भजन संध्या का आयोजन हुआ। अबोहर से आए प्रसिद्ध कलाकार दिनू शर्मा एवं राजेश शर्मा ने अपनी मधुर वाणी से हनुमान जी के भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमने लगे। भजनों के बीच श्रद्धालुओं को गो-सेवा का संकल्प दिलाया गया। इस दौरान आए दान को गो-सेवा के लिए अर्पित किया गया। यह दान अबोहर की प्रयास संघ गो सेवा समिति को सौंपा गया। सेवादारों की टीम ने स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा : भंडारे के दौरान सेवादारों की टीम ने स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा। भक्तों ने कतारबद्ध होकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। इस उत्सव को सफल बनाने में कमल बंसल, सुधांशु बंसल, साहिल वधवा, हितेश मित्तल, दीपक गोयल, महेश सर्राफ, ललित मंगल, योगेश मंगल, नवीन, मनीष, मनन सिंघल, सत्यनाराण मंगल, गोल्डी, अनिल गोयल, मनोज कुमार, रमेश गर्ग सेवादार जुटे रहे। वार्षिकोत्सव में सुबह हवन के बाद भंडारे का प्रसाद ग्रहण करते श्रद्धालु।
शाक्य समाज का प्रतिभा सम्मान समारोह 3 मई को
भास्कर संवाददाता | श्रीगंगानगर शाक्य समाज की ओर से 2570वीं बुद्ध पूर्णिमा पर 3 मई को सुबह 9:15 बजे अमर पैलेस में ‘प्रतिभा सम्मान समारोह' का आयोजन किया जाएगा। शाक्य महासभा समिति के अध्यक्ष गुलाब सिंह और अनिल शाक्य के नेतृत्व में कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। आयोजन समिति के अनुसार, इस समारोह में शिक्षा (8वीं में ए ग्रेड, 10वीं व 12वीं में 75% या अधिक अंक), खेल, सरकारी सेवा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। मीडिया प्रभारी अश्विनी शाक्य ने बताया कि योग्य उम्मीदवार अपने दस्तावेज 28 अप्रैल तक ऑनलाइन जमा करवा सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
मां सरस्वती पुस्तक बैंक की दूसरी ‘एजुकेशन हट' शुरू
भास्कर संवाददाता | श्रीगंगानगर मां सरस्वती पुस्तक बैंक की दूसरी एजुकेशन हट का जवाहरनगर स्थित अरोड़वंश पब्लिक स्कूल में उद्घाटन किया गया। उद्घाटन संजय मित्तल ने किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के पांच विद्यार्थियों ने 50 पुस्तकों का योगदान भी दिया। संस्था के मुताबिक इस एजुकेशन झोपड़ी में बच्चे और अभिभावक पुस्तकें, स्कूल बैग, स्कूल ड्रेस और नोटबुक जैसी सामग्री रख सकेंगे, ताकि जिन परिवारों को आवश्यकता हो, वे इसे निशुल्क प्राप्त कर सकें। आगामी दिनों में शहर के अधिकाधिक स्कूलों के साथ मंदिरों और गोशालाओं में भी ऐसी एजुकेशन झोपड़ियां स्थापित करने की योजना है, ताकि पढ़ाई से जुड़ी वस्तुएं जरूरतमंद बच्चों तक आसानी से पहुंच सकें। प्रिंसिपल सचिन कुक्कड़ ने इस पहल को समय की जरूरत बताया।
अन्नक्षेत्र श्री राम मंदिर में लीवर फंक्शन टेस्ट शिविर कल
श्रीगंगानगर| लीवर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए श्री राधेश्याम पंचकर्म सेंटर 28 अप्रैल को मुफ्त लीवर फंक्शन टेस्ट शिविर आयोजित करेगा। शिविर सूरतगढ़ रोड स्थित अन्नक्षेत्र श्री राम मंदिर में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक चलेगा। आयोजन हिमालया वैलनेस के तत्वावधान में होगा। शिविर में डॉ. वरुण गुप्ता और उनकी टीम मरीजों की जांच करेगी। लीवर से जुड़ी समस्याओं पर परामर्श भी दिया जाएगा। जांच के लिए पंजीकरण श्री राधेश्याम आयुर्वेद पंचकर्म सेंटर के प्रभारी मोहित पारीक के पास कराया जा सकता है। आयोजकों के अनुसार लीवर संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं और लोग अक्सर शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं। समय पर जांच से गंभीर समस्याओं से बचाव में मदद मिल सकती है। शिविर में स्वस्थ जीवनशैली को लेकर मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
वन्यजीव गणना 1 मई को, शाम 5 बजे से 70 से अधिक वाटर होल पर होगी
भास्कर न्यूज. बारां वन विभाग ने वन्यजीव गणना की तैयारियां शुरू कर दी हैं। यह गणना 1 मई को शाम 5 बजे से शुरू होगी, जो 2 मई शाम 5 बजे तक चलेगी। इसको लेकर विभाग वनकर्मियों एवं वॉलेंटियर्स को प्रशिक्षण दे रहा है। बारां एसीएफ नवनीत शर्मा ने बताया कि जिले के शाहाबाद, केलवाड़ा, नाहरगढ़, रामगढ़, सोरसन, अमलसरा, छबड़ा, अटरू आदि वन क्षेत्रों में करीब 70 से अधिक वाटर हॉल्स पर एक मई को वन्यजीव गणना की जाएगी। इसको लेकर कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शाहाबाद ओर रामगढ़ आदि क्षेत्र में कैमरा ट्रेप भी लगाए जाएंगे। शेरगढ़ रेंजर जितेंद्र कुमार खटीक ने बताया कि शेरगढ़ वन्यजीव अभ्यारण्य में इस बार 19 वाटरहॉल्स पर वन्यजीव गणना की जाएगी। यह गणना सुबह 8 से अगले दिन सुबह 8 बजे तक की जाएगी। शाम को आते हैं वन्यजीव, इसीलिए समय में बदलाव इधर, वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार वन्यजीव प्रायः शाम के समय जलस्रोतों पर पानी पीने आते हैं। ऐसे में अब टीमें सुबह 8 बजे के बजाय शाम 5 बजे से मचानों पर तैनात होंगी। दिन के समय वन्यजीवों की गतिविधि अपेक्षाकृत कम रहती है। जबकि सूर्यास्त के समय उनकी सक्रियता बढ़ जाती है। इससे गणना अधिक सटीक हो सकेगी। विभाग द्वारा वॉटर होल पद्धति के साथ-साथ ट्रैप कैमरों का भी उपयोग किया जाएगा।
पारे का रौद्र रूप:तापमान 44.6 डिग्री पहुंचा, 30 तक राहत नहीं; 1 मई से बदलाव की उम्मीद
बीकानेर में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। आलम यह है कि दिन में लू के थपेड़े बदन झुलसा रहे हैं तो रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहने के कारण चैन छीन रहा है। बीकानेर में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम के मिजाज ने तेज़ी से करवट बदली है। दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। सुबह 11 बजते ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगता है और दोपहर तक मुख्य मार्ग कर्फ्यू जैसा मंजर पेश करने लगते हैं। सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी अब तप रही हैं। रात का न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। अगले 72 घंटों तक तापमान इसी स्तर पर बना रहेगा। 30 अप्रैल तक बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों में लू का असर रहने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय न होने और पाकिस्तान की ओर से आ रही गर्म हवाओं ने थार के रेगिस्तान को भट्टी की तरह तपा दिया है। दिन का तापमान 44.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। प्रदेश का सातवां गर्म शहर रहा। सबसे गर्म बाड़मेर रहा। मौसम विभाग पूर्वानुमान के अनुसार अप्रैल के शेष दिनों में राहत की कोई उम्मीद नहीं है। एक मई को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी चल सकती है और बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है।
एएनटीएफ से मुठभेड़:MD फैक्ट्री पकड़ी; 90 करोड़ का माल जब्त, तस्करों ने फायरिंग की, 6 गिरफ्तार
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने बालेसर के बावरली क्षेत्र के लूणावपुरा में निर्माणाधीन मकान में चल रही एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पकड़ी है। शनिवार-रविवार रात करीब 3:30 बजे ‘ऑपरेशन विषघ्राण’ के तहत दबिश दी गई।टीम को देखते ही तस्करों ने मकान की छत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में एएनटीएफ ने भी फायर किए। दोनों तरफ से 15 राउंड फायरिंग हुई। दो तस्कर छत से गिरने से चोटिल हो गए। टीम ने मौके से हापूराम, बुधराम, नरेश, नरेंद्र, श्रवण और अजाराम को दबोच लिया। मौके से करीब 176 किलो एमडी ड्रग्स का मटेरियल जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 करोड़ रुपए है। यह माल पूरी तरह तैयार नहीं था। मटेरियल सूखने के लिए रखा था। सूखने के बाद इसे पीसते ही एमडी ड्रग्स तैयार हो जाती। एएनटीएफ के अनुसार राजस्थान में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पकड़ने की यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। कार्रवाई एएनटीएफ एसपी अमित जैन के निर्देशन में हुई।
जलमाफियाओं के हौसले बुलंद:आर्मी एरिया की पाइप लाइन से रोज 1.5 लाख लीटर पानी चोरी
जिले में जलमाफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे अब देश की सुरक्षा में तैनात सेना के हक पर भी डाका डाल रहे हैं। जसाई आर्मी एरिया को पानी सप्लाई करने वाली 250 एमएम की डेडिकेटेड पाइप लाइन में सेंधमारी का बड़ा खुलासा हुआ है। पीएचईडी और सेना ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर लंगेरा फांटा और सदर थाने के पास दो बड़े अवैध कनेक्शन पकड़े हैं। लंगेरा फांटा स्थित नागणेचिया होटल के पीछे माफियाओं ने पूरा सिस्टम सेट कर रखा था, जहां से रोजाना 1 से 1.5 लाख लीटर पानी चोरी कर ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था। विभाग ने मौके से 5 और 10 एचपी की हाई-पावर मोटरें और बूस्टर पंप जब्त किए हैं। पकड़े गए अवैध कनेक्शन से जल माफिया रोजाना 20 से अधिक ट्रैक्टर-टंकी भरकर सप्लाई कर रहे थे। एक टंकी के बदले 200 रुपए वसूले जा रहे थे। अब विभाग होटल संचालक नरपतसिंह और मालिक रघुसिंह राजपुरोहित के खिलाफ एफआईआर करवाएगा। कार्रवाई के दौरान सदर थाने के पास ही एक वॉशिंग सेंटर पर आधा इंच अवैध कनेक्शन पकड़ा गया, जहां धड़ल्ले से गाड़ियों की धुलाई हो रही थी। “आर्मी और मेडिकल कॉलेज जैसी संवेदनशील लाइनों पर पानी चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा। हमने लंगेरा फांटा पर अवैध कनेक्शन काटते हुए 5 व 10 एचपी की मोटरें जब्त की हैं। अवैध कनेक्शनधारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।” - बिजेंद्र कुमार मीणा, एक्सईएन, पीएचईडी
मरीजों के लिए विशेष इंतजाम:हीट स्ट्रोक से निपटने को अस्पताल में 18 बेड रिजर्व
जिले का पारा 46.4 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के साथ ही हीट स्ट्रोक का खतरा मंडराने लगा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला अस्पताल प्रबंधन ने हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। इमरजेंसी वार्ड के डे केयर सेंटर व न्यू टीचिंग बिल्डिंग स्थित मेल मेडिकल डी वार्ड में विशेष यूनिट तैयार की गई है। मरीजों के लिए अस्पताल प्रशासन ने कुल 18 बेड रिजर्व किए हैं। डे-केयर सेंटर में 8 बेड लगाए गए हैं। यहां कूलर और पंखों की व्यवस्था की गई है। न्यू टीचिंग बिल्डिंग में 10 बेड सुरक्षित रखे गए हैं। मरीज का शारीरिक तापमान तुरंत कम करने के लिए इमरजेंसी वार्ड में बर्फ से भरे आइस बॉक्स रखे गए हैं। अस्पताल अधीक्षक डॉ. हनुमानराम चौधरी ने बताया कि हीट स्ट्रोक की आशंका को देखते हुए इंतजाम किए गए हैं। अस्पताल में दो वार्ड में 18 बेड रिजर्व हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर हर वार्ड में 2-2 बेड आरक्षित किए जाएंगे। डे-केयर सेंटर को अगले सप्ताह तक एसी युक्त कर दिया जाएगा, इसकी टेंडर प्रक्रिया कर दी गई है। शरीर का तापमान बढ़ने से आता है हीट स्ट्रोक हीट स्ट्रोक एक मेडिकल इमरजेंसी है। जब शरीर अपना तापमान नियंत्रित नहीं कर पाता, तब यह स्थिति बनती है। शरीर का तापमान 40C या उससे अधिक होने पर हीट स्ट्रोक हो सकता है। मरीज के पसीना आना बंद हो जाना और त्वचा का लाल व गर्म होना, बोलने में लड़खड़ाहट, चक्कर आना या बेहोशी, सांसों की रफ्तार तेज होना हो सकता है। हीट स्ट्रोक होने पर देरी करना जानलेवा हो सकता है। यह दिमाग, किडनी और लीवर को स्थाई नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे लक्षण दिखने पर मरीज को तुरंत ठंडी जगह ले जाएं। भास्कर एक्सपर्ट - डॉ. जगदीश , असिस्टेंट प्रोफेसर
जिले में मौसम के तेवर अचानक तीखे हो गए हैं। रविवार को रिकॉर्ड तोड़ भीषण गर्मी दर्ज की गई और इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दोपहर में चली तेज लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। राष्ट्रीय सरसों अनुसंधान केन्द्र के अनुसार इस दिन न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री दर्ज किया गया। हवा की औसत गति 4.9 किमी प्रति घंटा और आर्द्रता 55.3 प्रतिशत रही। सुबह 11 बजे के बाद ही लू चलने से शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। सर्कुलर रोड सहित कई इलाकों में फुटपाथ पर रहने वाले लोगों को तेज गर्म हवाओं के बीच दिन गुजारना पड़ा। छांव नहीं मिलने पर लोग पेड़ों के नीचे शरण लेते नजर आए। इधर, बार-बार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। दोपहर में जब लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में रहते हैं, उसी समय बिजली गुल होने से हालात और मुश्किल हो रहे हैं। कल से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, मिलेगी कुछ राहत मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने 27 अप्रैल के लिए हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 अप्रैल से लगातार तीन दिन तक आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हीटवेव के बाद मौसम में बदलाव आएगा और आंधी-बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
गाड़िया लुहार, नट, सपेरा, सांसी आदि ऐसी जातियां जो एक स्थान पर नहीं टिकते और जहां पढ़ना लिखना किसी अपराध से कम नहीं माना जाता। इन जातियों के बच्चे अब कॅालेज में पहुंच रहे हैं। घुमंतु जातियों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए आरएसएस से संबद्ध घुमंतु जाति उत्थान प्रकल्प के प्रयास अब सफल हो रहे हैं। इस साल 12 वीं में दो और 10 वीं में तीन बच्चों ने सफलता हासिल की है। इसमें 12 वीं की परीक्षा में मुकेश ने 88 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। प्रकल्प, अब उसे पीएमटी की तैयारी करा रहा है। इसके अलावा भारती का कालेज में एडमिशन कराया गया है। गुरुकुल पद्धति से शिक्षा और संस्कार छात्रावास में दो बड़े हॉल, वार्डन रूम, रसोई, लैटबाथ हैं। फिलहाल इसमें 45 बच्चों के आवास की व्यवस्था है। यहां गुरुकुल पद्धति से शिक्षा और संस्कार दिए जा रहे हैं। सुबह हवन, प्रार्थना, योग, खेल, संगीत शिक्षा आदि कार्यक्रम होते हैं। संरक्षक गोविंद गुप्ता ने बताया कि इस प्रकल्प का मकसद घुमंतू जातियों के बच्चों को शिक्षा के जरिए आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। संस्था के सदस्य समय-समय पर गाडिया लुहार बस्तियों में जाकर बच्चों और उनके परिजनों को शिक्षा के महत्व के बारे में समझाते हैं। कई बार बच्चों को स्कूल भेजने के लिए विशेष प्रयास भी किए जाते हैं। प्रकल्प के तहत बच्चों को नि:शुल्क यूनिफॉर्म, किताबें, कॉपियां और अन्य जरूरी शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। 2012 में शुरू हुआ था प्रकल्प, लगातार विस्तार जारी पक्के घरों से दूर और समाज की मुख्यधारा से कटे गाडिया लुहार समुदाय के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए 2012 से घुमंतु जाति उत्थान प्रकल्प चलाया जा रहा है। इसका रणजीत नगर में महाराणा प्रताप हास्टल भी हैं, जहां 45 बच्चों के आवास, भोजन, पाठ्य सामग्री और यूनिफार्म की निशुल्क व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा 75 बच्चे ऐसे हैं, जो अपने घरों पर रहते हैं, लेकिन उनकी पढ़ाई-लिखाई और यूनिफार्म आदि की खर्च संस्था उठाती हैं। इसमें 26 बेटियां हैं। संस्था के अध्यक्ष शंकरलाल अग्रवाल ने बताया कि अब तक करीब 240 बच्चों को इस प्रकल्प से जोड़ा जा चुका है। फिलहाल 120 बच्चों का संस्था खर्च उठा रही हैं। प्रतिवर्ष करीब 30 लाख रुपए खर्च जन सहयोग से होता है।
केंद्र सरकार ने मथुरा-नागदा तीसरी और चौथी रेल लाइन परियोजना को विशेष रेल परियोजना घोषित करते राष्ट्रीय अवसंरचना का दर्जा दे दिया है। भारत के राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के बाद अब आगामी प्रक्रिया का रास्ता साफ हुआ है। बजट स्वीकृति, भरतपुर सहित कई जिलों में भूमि अधिग्रहण व निर्माण प्रक्रिया का कार्य शुरू करने को कानूनी मजबूती मिल गई है। इससे लंबे समय से लंबित इस प्रोजेक्ट के तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद बढ़ी है और भरतपुर की रेल कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव तय माना जा रहा है। समानांतर ट्रेनों की आवाजाही से सिग्नल पर इंतजार खत्म होगा, जिससे व्यापार और पर्यटन को सीधा फायदा मिलेगा। मथुरा-नागदा तीसरी एवं चौथी रेल लाइन परियोजना करीब 568 किलोमीटर लंबी है, जो नागदा (मध्य प्रदेश ) से मथुरा (उत्तरप्रदेश) तक कोटा और भरतपुर होते हुए गुजरती है। वर्तमान में इस रूट पर भारी ट्रैफिक के कारण ट्रेनों की लेटलतीफी आम समस्या है। भास्कर ब्रेकिंग - भरतपुर के लिए गेम- चेंजर होगी परियोजना जिले के कृषि उत्पाद, पत्थर उद्योग और डेयरी सेक्टर को तेज व सस्ता परिवहन मिलेगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों में इजाफा होगा। केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी से पर्यटन को नई रफ्तार मिलेगी। निर्माण के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा, जबकि प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद रेलवे संचालन, रखरखाव और लॉजिस्टिक्स से जुड़े नए अवसर भी पैदा होंगे। गजट अधिसूचना के बाद प्रक्रियाएं सरल होने से देरी की संभावना भी कम मानी जा रही है। “मथुरा-नागदा तीसरी एवं चौथी रेल लाइन परियोजना को भारत सरकार द्वारा विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित किया है। इससे इस महत्वपूर्ण रूट पर क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी। ये कार्य स्वीकृत होने के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। परियोजना से कनेक्टिविटी, माल परिवहन और यात्री सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा।” - सौरभ जैन, सीनियर डीसीएम, पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा
शहर में 68 मैरिज होम संचालित हो रहे हैं। इनमें से अधिकांश शहर के लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। सरकारी गाइडलाइंस और नगर निगम के नियमों को ताक पर रखकर संचालित किए जा रहे इन मैरिज होम में पार्किंग की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण वैवाहिक कार्यक्रमों के दौरान मेहमानों के वाहन मुख्य सड़कों पर खड़े कर दिए जाते हैं। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारों की वजह से शहर के प्रमुख रास्तों पर बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, लेकिन विडंबना यह है कि इस गंभीर समस्या की ओर न तो नगर निगम प्रशासन ध्यान दे रहा है और न ही ट्रैफिक पुलिस की ओर से कोई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। नियमों के अनुसार मैरिज होम के लिए स्वीकृत ले-आउट प्लान में कुल भूखंड क्षेत्रफल का कम से कम 25 प्रतिशत हिस्सा पार्किंग के लिए आरक्षित रखना अनिवार्य है। साथ ही यह भी स्पष्ट है कि पार्किंग व्यवस्था आवेदन स्थल पर स्वयं के खर्च पर और सुरक्षित होनी चाहिए। इसके बावजूद धरातल पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। अधिकतर संचालकों ने पार्किंग के लिए निर्धारित जगह पर भी अन्य निर्माण कर लिए हैं, जिससे वाहन सड़कों पर खड़े होने को मजबूर हैं। ट्रैफिक पुलिस से एनओसी लेना जरूरी नियमानुसार ट्रैफिक पुलिस से अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की शर्तों का भी खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। अनुमति प्राप्तकर्ता की यह जिम्मेदारी है कि वह अनुमोदित ले-आउट प्लान की शर्तों का पालन करते हुए विवाह स्थल विकसित करे, लेकिन मॉनिटरिंग के अभाव में शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लगन-सावे के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं जब सड़कों पर घंटों तक ट्रैफिक रेंगता नजर आता है। नगर निगम सिर्फ यूडी टैक्स का टारगेट पूरा करने के लिए सीज का भय दिखाता है और लक्ष्य पूरा होते ही कार्रवाई करना भूल जाते हैं। वहीं ट्रैफिक पुलिस भी सिर्फ वाहनों के चालान करती है, लेकिन अवैध रूप से सड़कों पर पार्किंग करने वाले मैरिज होम संचालकों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते हैं। अस्पताल के नजदीक ही चल रहे मैरिज होम नियमों में अस्पताल की 100 मी. परिधि में मैरिज होम संचालन पर स्पष्ट प्रतिबंध होने के बावजूद कई केंद्र अस्पतालों के नजदीक धड़ल्ले से चल रहे हैं, जो मरीजों की शांति और एम्बुलेंस के आवागमन में बड़ी बाधा बनते हैं। नगर निगम के राजस्व अधिकारी तेजराम मीना ने बताया कि सभी मैरिज होम की जांच कराएंगे जहां भी वाहन खड़े मिले उनके खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा और लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। मुखर्जी नगर स्थित एक मैरिज होम के बाहर खड़े वाहन। गोवर्धन गेट स्थित एक मैरिज होम के बाहर खड़े वाहन। जिम्मेदारों की अनदेखी पड़ रही भारी लोगों का कहना है कि पार्किंग की समस्या को लेकर न तो नगर निगम कोई ठोस कार्रवाई कर रहा है और न ही यातायात विभाग इन मैरिज होम संचालकों पर लगाम कस पा रहा है। अनुमति प्राप्तकर्ता को आवेदन स्थल पर स्वयं के खर्चे पर सुरक्षित पार्किंग स्थल उपलब्ध कराना होता है, लेकिन खर्च बचाने के चक्कर में संचालक सड़कों को ही अपनी पार्किंग समझ बैठे हैं।
प्रगतिशील किसान:जहां हजार फीट गहराई पर पानी, वहां फार्म पॉन्ड बनाकर शुरू की खेती, अब 10 लाख कमाई
झुंझुनूं के गुढ़ा गौड़जी इलाके में जहां 1000 फीट की गहराई पर भी ट्यूबवेल सूख जाते हैं, वहां श्रीसरदारपुरा के श्रीराम काजला वैज्ञानिक तरीके से खेती कर लाभ कमा रहे हैं। पहले वे ई-मित्र कियोस्क संचालक थे, लेकिन वर्ष 2020 में कोरोना के चलते इसे बंद करना पड़ गया। तब पुश्तैनी खेती संभाली। खरीफ में बाजरा, मूंग, ग्वार तथा रबी में गेहूं, सरसों व मसूर उगाने लगे। मगर इससे परिवार का गुजारा मुश्किल था। इसके बाद बारिश का पानी इकट्ठा करना शुरू किया। अब वे फार्म पॉन्ड, ड्रिप सिंचाई प्रणाली और नेट हाउस तकनीक अपनाकर महज 0.6 हेक्टेयर जमीन से सालाना 8 से 10 लाख रुपए की आमदनी कर रहे हैं। वे परंपरागत फसलों के बजाय बागवानी से लाभ कमाने में सफल रहे हैं। श्रीराम के साथ उनकी पत्नी भी खेती में सहयोग कर रही हैं। अब वे आसपास के किसानों को निशुल्क बीज और तकनीकी जानकारी भी दे रहे हैं। जिले के कृषि वैज्ञानिक और प्रशासनिक अधिकारी भी इनके इस नवाचार को देखने श्रीसरदारपुरा पहुंच रहे हैं। श्रीराम काजला ने बताया कि पहले लगता था कम पानी में कुछ नहीं होगा, लेकिन फार्म पॉन्ड और ड्रिप सिस्टम से बूंद-बूंद सिंचाई शुरू की तो यही जमीन सोना उगलने लगी। पारंपरिक गेहूं व बाजरा की खेती से मुश्किल से परिवार का गुजारा हो पाता था। ऐसे में राज्य सरकार की मदद से 3030 का फार्म पॉन्ड बनवाया और बारिश का पानी सहेजना शुरू किया। इसके बाद ड्रिप सिस्टम पद्धति अपनाकर पानी की 40% बचत की। नेट हाउस तैयार कर 2200 वर्ग मीटर में खेती की। रासायनिक खादों को छोड़ वर्मी कंपोस्ट और डीकंपोजर को अपनाया। परंपरागत फसलों को छोड़कर खीरा, तरबूज, प्याज, मिर्ची की खेती शुरू की। 200 पेड़ पपीता और नींबू के भी लगए। अब नेट हाउस में साल में दो बार खीरा की फसल ले रहे हैं। इससे पांच लाख रुपए की आय हो रही है। 200 नींबू के पेड़ों से साल में डेढ़ से दो लाख रुपए की कमाई हो रही है। साथ ही इनके बीच तरबूज, मिर्च, पपीता की खेती कर रहे हैं। इससे 2 से 3 लाख रुपए की आमदनी हो रही है। पिछले साल जून-जुलाई में करीब 10 लाख रुपए में नेटहाउस लगवाया था। अगस्त में पहली बार इसमें खीरे की फसल की। दूसरी बार मार्च में की है। पहली बार वाली फसल से करीब 5-6 लाख की बिक्री हुई। सिंघाना मंडी में हर दूसरे दिन आठ क्विंटल तक खीरा बेचते हैं।
बाड़मेर में इस साल अप्रैल के महीने ने ही जून जैसी तपिश का अहसास करा दिया है। रविवार को बाड़मेर में गर्मी ने पिछले 12 सालों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 46.4 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छू लिया। झुलसाने वाली लू और आसमान से बरसती आग ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। 2014 के बाद पहली बार है कि 26 अप्रैल तक गर्मी का पारा 46.4 डिग्री तक पहुंच गया। प्रदेश में सबसे गर्म के साथ ही बाड़मेर की गर्मी ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए। रविवार को सुबह के 10 बजे थे लेकिन हवा लू का प्रकोप शुरू हो गया। दोपहर 12 बजे तक तो सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया। भीषण गर्मी के कारण लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हुए। कूलर और पंखे भी गर्म हवा फेंक रहे हैं, जिससे राहत मिलना मुश्किल हो गया है। दिहाड़ी मजदूरों और फील्ड में काम करने वाले लोगों के लिए यह स्थिति खतरनाक है। आगे कैसा रहेगा मौसम वेदर रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल माह के अंतिम दिन तक हीट वेव रहेगा। इस दौरान पारा 44 से 46 डिग्री के आसपास रहेगा। तापमान बढ़ने के साथ ही बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी से बचाव की सलाह दी गई है। 2025 में 45.9 डिग्री था तापमान अप्रैल में गर्मी ने 12 साल का रिकार्ड तोड़ा है। 26 अप्रैल 2025 को बाड़मेर में गर्मी का पारा 45.9 डिग्री था, जबकि इससे पहले 2024 में 42.4, 2023 में 41.2, 2022 में 45.2, 2021 में 43.8, 2020 में 43.0, 2019 में 44.2, 2018 में 45.4, 2017 में 45.8, 2016 में 45.4, 2015 में 44.6 और 2014 में 46.8 डिग्री रहा। 12 साल के इतिहास में 29 अप्रैल 2014 का दिन अब तक गर्म रहा है। हालांकि ऑल टाइम रिकार्ड 25 अप्रैल 1958 का है, जब अप्रैल में गर्मी का पारा 48.3 डिग्री था। रेत गर्मी को जल्दी सोखती है इसलिए बढ़ता है पारा “बाड़मेर थार मरुस्थल का हिस्सा है। यहां की मिट्टी रेतीली है, जो गर्मी को बहुत जल्दी सोख लेती है और उतनी ही तेजी से वातावरण में छोड़ती है। इसलिए पारा बढ़ता है। इन दिनों पाकिस्तान के बलूचिस्तान और सिंध प्रांत से आने वाली अत्यंत गर्म और शुष्क हवाएं (लू) सीधे बाड़मेर में प्रवेश करती हैं। वायुमंडल के ऊपरी स्तर पर बनने वाला उच्च दबाव हवा को नीचे की ओर दबाता है, तब वो संकुचित होकर और अधिक गर्म हो जाती है।” भास्कर एक्सपर्ट - राधेश्याम शर्मा,, मौसम वैज्ञानिक जयपुर
खेतों पर लगे ट्यूबवेल से की केबल चोरी, एक चोर गिरफ्तार
भास्कर संवाददाता। श्योपुर बड़ौदा थाना क्षेत्र में खेतों पर लगी ट्यूबवेल की केबल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। शनिवार-रविवार की रात मूंडला गांव के हार क्षेत्र में चोरों ने दो से तीन किसानों की ट्यूबवेल से केबल काटकर चोरी कर ली। हेमराज पुत्र सियाराम मीणा ने बताया कि रात के समय अज्ञात चोर उसके खेत में घुसे और ट्यूबवेल की केबल काटकर ले गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लकी सुमन निवासी बड़ौदा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके तीन साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं। इस मामले में बड़ौदा थाना पुलिस ने किसान हेमराज मीणा की रिपोर्ट पर केबल चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द दबोच लेंगे।
जमीन विवाद में पिता पुत्र को पीटा, तीन पर केस
श्योपुर| देहात थाना क्षेत्र के ग्राम डाबरसा में जमीन संबंधी पुरानी रंजिश को लेकर तीन युवकों ने मिलकर पिता पुत्र के साथ मारपीट कर दी। ढोढर थाना पुलिस ने बताया कि डाबरसा पहलवान पुत्र परसराम मीणा और रामलाल मीणा के बीच जमीन संबंधी कोई पुराना विवाद चला आ रहा है। इसी बात को लेकर शनिवार की रात रामलाल मीणा, रामभरत मीणा और राजेश मीणा उसके घर के बाहर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर तीनों ने पहलवान और उसके बेटे के साथ मारपीट कर दी, साथ ही थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले में देहात थाना पुलिस ने पहलवान मीणा की रिपोर्ट पर रामलाल, रामभरत और राजेश मीणा के िखलाफ मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली हैै।
अब जनवरी में भी दाखिला, संकाय बदलने आज से वॉक इन इंटरव्यू
भास्कर संवाददाता| सीहोर सीहोर सहित प्रदेशभर के सरकारी और निजी कॉलेजों में एडमिशन प्रक्रिया में दो बड़े बदलाव होने जा रहे हैं। ये बदलाव नए सत्र 2026-27 से लागू होंगे। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत अब छात्रों को साल में दो बार एडमिशन का मौका मिलेगा। दूसरा बदलाव संकाय बदलने को लेकर है। अब छात्र अपनी मर्जी से संकाय नहीं बदल सकेंगे। संकाय बदलने के लिए राज्य स्तरीय एकीकृत परीक्षा के तहत वॉक-इन इंटरव्यू देना होगा। यह व्यवस्था यूजी कोर्सेस के लिए लागू होगी। वॉक-इन इंटरव्यू का शेड्यूल जारी हो चुका है। इंटरव्यू 27 अप्रैल से 14 मई तक होंगे। समय सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। उच्च शिक्षा विभाग 1 मई से सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है। इससे पहले स्नातक अंतिम वर्ष के परिणाम आने की संभावना नहीं दिख रही। ऐसे में इस बार भी पीजी प्रवेश प्राविधिक रूप से पिछले वर्षों के अंकों के आधार पर होने के आसार हैं। सीहोर जिले में 14 सरकारी कॉलेज हैं। करीब 42 से अधिक निजी कॉलेज हैं। इन कॉलेजों में 40 हजार से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। फायदा: पूरा साल बचेगा, खाली सीटें भर सकेंगी यूजीसी के दिशा-निर्देशों के बाद प्रदेश में नामांकन प्रक्रिया दो चरणों में चलेगी। पहला चरण जुलाई सत्र होगा। दूसरा चरण जनवरी सत्र होगा। जनवरी सत्र में एडमिशन का फायदा उन छात्रों को मिलेगा, जिनका रिजल्ट देरी से आता है। उन छात्रों को भी मौका मिलेगा, जो इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के कारण समय पर आवेदन नहीं कर पाते थे। माध्यमिक शिक्षा मंडल अब साल में दो बार बोर्ड परीक्षाएं ले रहा है। नई व्यवस्था में दूसरी परीक्षा में पास होने वाले छात्र साल खराब किए बिना सीधे जनवरी सत्र में दाखिला ले सकेंगे। इससे छात्रों का पूरा साल बचेगा। खाली सीटें भी भर सकेंगी। .सूत्रों के अनुसार पूरी प्रक्रिया ई-प्रवेश पोर्टल से संचालित होगी। रजिस्ट्रेशन के दौरान छात्र जैसे ही पुरानी स्ट्रीम से अलग विषय चुनेगा, सिस्टम उसे स्वतः एलिजिबिलिटी टेस्ट के लिए रीडायरेक्ट कर देगा। यह परीक्षा जिला स्तर के अग्रणी कॉलेजों में कंप्यूटर आधारित होगी। पीजी के लिए पिछले साल सिर्फ इंटरव्यू हुए थे। अब इसे व्यवस्थित टेस्ट का रूप दिया जा रहा है। .उच्च शिक्षा विभाग ने यूजी और पीजी स्तर पर स्ट्रीम परिवर्तन के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। जिले के लिए यह प्रक्रिया शासकीय अग्रणी महाविद्यालय में होगी। वॉक-इन साक्षात्कार में सफल विद्यार्थियों को अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य पात्रता प्रमाणपत्र जारी करेंगे। विद्यार्थी इसे प्रवेश के लिए विद्यार्थी ई-प्रवेश पोर्टल पर अपलोड करेंगे। .शिक्षाविदों के अनुसार स्ट्रीम बदलने वालों का नाम मेरिट लिस्ट में तभी आएगा, जब वे पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण कर लेंगे। जो छात्र पुरानी स्ट्रीम में ही रहेंगे, उन्हें टेस्ट से छूट मिलेगी। साल में दो बार एडमिशन होने पर परीक्षाएं भी अलग-अलग आयोजित होंगी। पात्रता परीक्षा में फेल होने पर छात्र को मूल स्ट्रीम में ही रहने की सलाह दी जाएगी। विशेष काउंसलिंग सेल बनाए जा रहे हैं।
25% स्कूलों, 31% आंगनबाड़ियों में पानी की जांच, चार दिन ही बचे
भास्कर संवाददाता| सीहोर गर्मी के मौसम में बच्चों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पीएचई विभाग स्कूलों और आंगनबाड़ियों में पानी की गुणवत्ता की जांच कर रहा है। जिले में 1467 स्कूलों और 703 आंगनबाड़ियों में यह काम 30 अप्रैल तक पूरा किया जाना है, लेकिन पांच दिन में यह पूरा होता दिखाई नहीं दे रहा है। अभी तक 25 फीसदी स्कूलों और 31 फीसदी आंगनबाड़ियों में पानी की टेस्टिंग हो सकी है। ऐसे में 4 दिन में जांच पूरी करना चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। गर्मी के दिनों में जल स्तर नीचे जाने से पानी काफी दूषित मिलने लगता है। इसके लिए स्कूलों और आंगनबाड़ियों में इसकी जांच की जा रही है। अब तक जिन जगहों पर परीक्षण हुआ है, वहां पानी की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई है। पानी की जांच के लिए हर गांव में 5 महिलाओं का समूह तैयार किया गया है। इन महिलाओं को प्रशिक्षण देकर फील्ड टेस्ट किट के जरिए पानी की जांच का जिम्मा दिया गया है। यह महिलाएं पानी की जांच कर रिपोर्ट दे रही हैं। जिले में नल-जल योजनाओं से जुड़े 54 ऑपरेटरों को भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिनमें से 46 को ट्रेनिंग दी जा चुकी है। नॉलेज.. . कैसे होती है फील्ड टेस्ट किट से जांच फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) के जरिए पानी की बेसिक क्वालिटी चेक की जाती है। इसमें ये पैरामीटर जांचे जाते हैं पीएएच स्तर: इसमें पानी की अम्लीय, क्षारीय प्रकृति को देखा जाता है। इसमें क्लोरीन की मात्रा, आयरन, फ्लोराइड, नाइट्रेट और मटमैलेपन का स्तर की जांच की जाती है। यह किट त्वरित परिणाम देती है, जिससे उसी समय पता चल जाता है कि पानी पीने योग्य है या नहीं। दूषित पानी से बीमारियों का रहता है खतरा यदि स्कूलों और आंगनबाड़ियों में दूषित पानी बच्चों को पिलाया जाता है तो उन्हें कई बीमारियों का खतरा रहता है। बच्चों पर दूषित पानी का असर भी अधिक रहता है। इस से डायरिया, टायफाइड, फ्लोरोसिस जैसी बीमारियों का खतरा रहता है।
सलकनपुर देवी धाम; पार्किंग में दुकानदारों की खींचतान, जबरन प्रसाद लेने का दबाव
भास्कर संवाददाता | सलकनपुर देश के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में शामिल विजयासन देवीधाम सलकनपुर में इन दिनों पार्किंग को लेकर अव्यवस्था का मुद्दा गरमा गया है। सोशल मीडिया पर जिला प्रशासन और मंदिर समिति से पार्किंग क्षेत्र में हो रही मनमानी रोकने की मांग की गई है। मैसेज के मुताबिक मंदिर की पार्किंग में 10 से 20 दुकानदार अनैतिक तरीके से पहुंच जाते हैं। ये दर्शनार्थियों को अपनी ओर खींचते हैं। आरोप है कि ये व्यापारी पार्किंग में ही श्रद्धालुओं को घेर लेते हैं। अपनी दुकान से प्रसाद लेने का दबाव बनाते हैं। शिकायत में कहा गया है कि कुछ रसूखदार व्यापारियों की इस मनमानी से पार्किंग से दूर की दुकानों तक ग्राहक पहुंच नहीं पाते। कई छोटे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। कई दुकानदारों के लिए दुकान का किराया निकालना भी मुश्किल हो रहा है। प्रसाद नहीं लेते तो हटानी पड़ती हैं गाड़ियां: हैरानी की बात यह है कि पुलिस विभाग और वन विभाग कई बार समझाइश दे चुके हैं। मना भी कर चुके हैं। इसके बाद भी दुकानदार बाज नहीं आ रहे। श्रद्धालुओं का कहना है कि अगर वे किसी खास दुकान से प्रसाद लेने से मना करते हैं तो उन्हें गाड़ियां हटाने तक की धमकी दी जाती है। पहले भी व्यापारी संघ ने दर्शनार्थियों और दुकान पर बैठकर प्रसाद बेचने वाले दुकानदारों के हितों को लेकर वन विभाग और रहती थाने में शिकायत की थी। मामला आज भी वैसा ही है। वन विभाग का कोई हस्तक्षेप नहीं ^मंदिर पर पार्किंग व्यवस्था के लिए श्रद्धालुओं के हितों का ध्यान रखते हुए पार्किंग की जगह में वन विभाग द्वारा कोई हस्तक्षेप नहीं किया गया है। आपके द्वारा मामला संज्ञान में आया है। आश्रय उपाध्याय, वन परिक्षेत्र अधिकारी रेहटी 1 से 30 नं.के दुकानदार लगवाते हैं गाड़ियां ^मंदिर पर पार्किंग में आ रही समस्या लंबे समय से बनी हुई है। 1 से 30 नंबर के दुकानदार वहां जाकर दर्शनार्थियों की गाड़ी लगवाते हैं एवं दर्शनार्थियों को परेशान करते हैं। अरविंद मालवीय , दुकानदार ये समिति का काम नहीं है ^ये समिति का काम नहीं है। हर दुकानदार चाहता है कि मेरा सामान ज्यादा बिके। जहां तक पार्किंग की बात है तो नवरात्रि में नीलामी की जाती है और व्यवस्था की जाती है। बाकी समय कम भीड़ रहती है और आसपास बहुत जगह है। श्रद्धालु कहीं भी गाड़ी पार्क कर सकते हैं। महेश उपाध्याय, ट्रस्ट अध्यक्ष, सलकनपुर।
अधिक मास 17 मई से, मांगलिक कार्य 1 महीने थमेंगे, 20 दिन आगे बढ़ेंगे त्योहार
भास्कर संवाददाता | बड़वानी शादी-ब्याह की रौनक से गुलजार शहर में मई के मध्य के बाद कुछ समय के लिए विराम लग जाएगा। पंचांग के अनुसार 17 मई से अधिक मास शुरू हो रहा है, जो 15 जून तक रहेगा। इस दौरान मांगलिक कार्यों पर रोक रहेगी। अधिक मास आने के कारण इस साल रक्षाबंधन व दीपावली जैसे बड़े त्योहार भी करीब 20 दिन आगे बढ़ जाएंगे। इस समय विवाह सीजन अपने चरम पर है और बाजारों में भी अच्छी चहल-पहल देखी जा रही है लेकिन यह रफ्तार ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी। ज्योतिषीय गणना के अनुसार 17 मई से अधिक मास लगने जा रहा है, जो 15 जून तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि में परंपरागत रूप से शादी-विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। शहर के ज्योतिष आचार्य चेतन उपाध्याय ने बताया जब किसी एक चंद्रमास में सूर्य की संक्रांति नहीं होती, तब अधिक मास बनता है। इस बार यह ज्येष्ठ मास में पड़ रहा है, इसलिए इसे अधिज्येष्ठ मास कहा जाएगा। खगोलीय गणना में सूर्य वर्ष लगभग 365 दिन 6 घंटे का होता है, जबकि चंद्र वर्ष करीब 354 दिनों का होता है। दोनों के बीच हर साल लगभग 11 दिन का अंतर बनता है, जिसे संतुलित करने के लिए हर 32-33 महीने में एक अतिरिक्त महीना जोड़ा जाता है। अधिक मास से त्योहारों की तारीखों में बदलाव अधिक मास के कारण इस बार हिन्दू वर्ष 2083 में 13 महीने होंगे। इसका सीधा असर त्योहारों पर पड़ेगा। रक्षाबंधन इस बार 28 अगस्त को मनाया जाएगा, जबकि दीपावली 8 नवंबर को आएगी। गणेश चतुर्थी 14 सितंबर और दशहरा 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा। सभी प्रमुख पर्व सामान्य से करीब 20 दिन देरी से आएंगे। अधिक मास में क्या करें, क्या न करें अधिक मास में विवाह, मुंडन और नए व्यवसाय की शुरुआत जैसे कार्यों से परहेज किया जाता है। वहीं भगवान विष्णु और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा और विष्णु सहस्रनाम का पाठ और धार्मिक सेवा कार्य करना शुभ माना जाता है। अधिक मास में धार्मिक गतिविधियां बढ़ेंगी अधिक मास को भगवान विष्णु को समर्पित पुरुषोत्तम मास भी कहा जाता है। इस दौरान भौतिक कार्यों के बजाय दान-पुण्य, पूजा-पाठ और कथा-श्रवण को विशेष महत्व दिया जाता है। शहर सहित जिले में भागवत कथा, धार्मिक अनुष्ठान और सत्संग के आयोजन बड़ी संख्या में होंगे।
विद्यार्थियों के लिए 29 अप्रैल को आयोजित करेंगे नि:शुल्क शिविर
बड़वानी | विद्यार्थियों के लिए 29 अप्रैल को सुबह 11 बजे न्यू कंट्रोल रूम में निशुल्क शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य छात्रों में जागरूकता बढ़ाना, उन्हें उपयोगी मार्गदर्शन देना और व्यक्तित्व विकास में सहयोग करना है। इसमें अनुशासन, सुरक्षा, करियर मार्गदर्शन सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी जाएगी। पुलिस विभाग से आयोजित इस पहल से छात्रों को भविष्य के लिए प्रेरणा मिलेगी। सभी छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लाभ लेने की अपील की गई है।
बड़वानी में कल होगी एक दिनी किसान संगोष्ठी
बड़वानी | खरीफ 2026-27 की तैयारी के तहत कृषि विभाग की ओर से मंगलवार को जनजातीय कार्य विभाग के मीटिंग हॉल में एक दिनी किसान संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें कपास व मिर्च की उन्नत खेती पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। कपास अनुसंधान केंद्र खंडवा के वैज्ञानिक डीके श्रीवास्तव लॉन्ग स्टेपल कॉटन व एचडीपीएस तकनीक पर प्रशिक्षण देंगे। दिनेश गुप्ता कपास की कार्ययोजना बताएंगे। डॉ. मनोज कुरील मिर्च उत्पादन व वायरस नियंत्रण पर जानकारी देंगे। किसानों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
मार्गदर्शन : शंकराचार्य के आदर्शों को जीवन में करें आत्मसात
बड़वानी | भारत भूमि सदैव ज्ञान और कर्म की भूमि रही है, जहां कई महापुरुषों ने जन्म लेकर अपने कार्यों से देश को विश्व में प्रतिष्ठा दिलाई। इन्हीं महान विभूतियों में आदिगुरु शंकराचार्य का नाम आज भी सूर्य की भांति प्रज्ज्वलित है। यह बात मुख्य वक्ता डॉ. अनिल पाटीदार ने रविवार को एसबीएन शासकीय पीजी कॉलेज में संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम अंतर्गत आयोजित व्याख्यानमाला में व्यक्त कही। उन्होंने कहा विद्यार्थी व युवा राष्ट्र के निर्माता हैं, इसलिए उन्हें शंकराचार्य के आदर्शों को समझकर अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। विशेष वक्ता सुनील दशोरे ने बताया आदिगुरु शंकराचार्य ने देश को एकता के सूत्र में बांधने और धर्म के पुनर्जीवन के लिए पूरे भारत में मठों व धार्मिक संस्थानों की स्थापना की। उन्होंने कहा ज्ञान ही मनुष्य को अज्ञानता के अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाता है, और इसके लिए महापुरुषों के जीवन दर्शन को समझना आवश्यक है। अध्यक्षता कर रही जिला समन्वयक ज्योति वर्मा ने विद्यार्थियों को अपने विषय के प्रति सजग रहने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की बात कही। जनअभियान परिषद समय-समय पर महापुरुषों की जयंती मनाकर युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर देता है। अविनाश वानखेड़े, उदयराम ठाकुर, लालू वास्कले, राजेंद्र देवड़े, योगेश शर्मा, पीयूष रावत, अमित रावत आदि मौजूद थे।
मातृ वियोग में महाजन परिवार ने कराया नेत्रदान
बड़वानी | महाजन परिवार ने विद्यावती महाजन के निधन के बाद नेत्रदान कराया। विद्यावती महाजन रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष संजय महाजन व समाजसेवी आशीष महाजन की माताजी थी। निधन के बाद सुफलाम सेवा न्यास इंदौर के वीरेंद्र जैन ने परिजनों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया। परिवार ने अजीत जैन को सूचना दी। डॉ. चक्रेश पहाड़िया और निशा रंदा मौके पर पहुंचे और प्रक्रिया करवाई। ललित जैन ने परिजनों से सहमति पत्र भरवाया। रविंद्र कुलकर्णी ने महाजन परिवार का आभार व्यक्त किया।
पीएम इंटर्नशिप योजना का लाभ दिलाने के लिए गठित की समिति
भास्कर संवाददाता | बड़वानी शहर के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस दसौंधी शासकीय पीजी कॉलेज में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए समिति गठित की गई। यह पहल प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ ने की। प्राचार्य डॉ. सत्य ने बताया कि यह योजना युवाओं को व्यावहारिक कार्य अनुभव देने की दूरदर्शी पहल है। इसके तहत अगले 5 साल में करीब 1 करोड़ युवाओं को देश की शीर्ष 500 कंपनियों में इंटर्नशिप के अवसर मिलेंगे। इससे शिक्षा और कॉर्पोरेट जगत के बीच सेतु बनेगा। समिति में नोडल अधिकारी डॉ. मधुसूदन चौबे, एनएसएस अधिकारी डॉ. राजमल सिंह राव व डॉ. रंजना चौहान, एनसीसी अधिकारी डॉ. सपना गोयल, स्पोर्ट्स ऑफिसर हरीश वर्मा, वाणिज्य संकाय से डॉ. रामेश्वर गुप्ता व व्यवसाय प्रशासन विभाग से प्रो. रितेश दसौंधी शामिल हैं। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की रूपरेखा तय की गई। योजना के तहत 18 से 25 वर्ष आयु के ऐसे युवा आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने कम से कम 10वीं पास की हो और पारिवारिक आय 12 लाख रुपए वार्षिक से कम हो। चयनित इंटर्न को प्रति माह 9 हजार रुपए स्टाइपेंड, 6 हजार रुपए अनुदान, बीमा कवरेज और अनुभव प्रमाण पत्र मिलेगा। समिति के सदस्यों ने बताया कि विद्यार्थियों तक जानकारी पहुंचाने के लिए कार्यशालाएं और सोशल मीडिया का सहारा लिया जाएगा। प्रचार में करियर सेल के सदस्य भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
हर सप्ताह गिर रहे सौंफ के भाव, आवक भी आधी हुई
भास्कर संवाददाता | बड़वानी शहर की कृषि उपज मंडी में रविवार को मात्र 196 बोरी करीब 118 क्विंटल उपज किसानों से खरीदी गई। हालांकि अधिकतम भाव 20000 रुपए प्रति क्विंटल रहा लेकिन भास्कर की पड़ताल में सामने आया कि यह भाव सिर्फ कुछ चुनिंदा चमकदार लॉट के लिए होता है। सामान्य किसान आज भी अपनी उपज 7 से 10 हजार रुपए में बेचने को मजबूर है। सौंफ व्यापारी धनराज का कहना है कि इस साल सौंफ की क्वालिटी वैसी नहीं है जैसी पहले होती थी, इसलिए दाम कम हैं। वहीं, बरगांव के मोहन पाटीदार और जिराबाद से आए मौजूलाल शाहिद अन्य किसानों ने बताया कि वे 270 रुपए किलो की उम्मीद लेकर आए थे लेकिन व्यापारियों ने भाव गिरा दिए हैं। रविवार को अधिकतम भाव 20 हजार रुपए प्रति क्विंटल रहा, लेकिन भास्कर की पड़ताल में सामने आया कि यह भाव केवल कुछ चुनिंदा लॉट के लिए होता है। सामान्य किसान आज भी अपनी उपज औने-पौने दाम पर बेचने को मजबूर है। मंडी परिसर में हाल ही में चोरी की घटनाएं भी सामने आई हैं। सीसीटीवी की संख्या 4 से बढ़ाकर 8 तो की गई है, लेकिन व्यापारियों के पर्स और किसानों की उपज की सुरक्षा पर अब भी सवालिया निशान हैं। पिछले दिनों एसडीएम भूपेंद्र रावत के निरीक्षण के दौरान पाया गया था कि व्यापारियों के पास अनिवार्य आईडी कार्ड तक नहीं थे। मंडी सचिव के गैर-जिम्मेदाराना जवाबों से साफ है कि प्रबंधन का नियंत्रण खत्म होता जा रहा है।
36 वारंट तामील और 67 लीटर अवैध शराब जब्त
बड़वानी | पुलिस ने शनिवार रात जिले में कॉम्बिंग गश्त चलाई। ऑपरेशन में एएसपी धीरज बब्बर सहित सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी व पुलिस बल मैदान में उतरा। रातभर चली कार्रवाई में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ, वाहनों की चेकिंग व निगरानी बदमाशों की तस्दीक की। एएसपी बब्बर खुद गश्त में शामिल रहे और अंजड़ थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। पुलिस ने 28 गिरफ्तारी वारंट व 8 स्थायी वारंट तामील किए। 74 निगरानी बदमाश जांचकर 48 को डिजिटल बीट एप में दर्ज किया। 138 गुंडों की चेकिंग में 88 का डिजिटल रिकॉर्ड अपडेट किया। 9 संपत्ति अपराधियों की निगरानी की। 3 जिला बदर आरोपियों की जांच की। आबकारी एक्ट के 8 मामलों में कार्रवाई कर 67.6 लीटर अवैध शराब जब्त की।
28 अप्रैल को बुधनी में किसान सत्याग्रह
सीहोर| जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मध्य प्रदेश का अन्नदाता अपनी ही माटी पर उपेक्षित और अपमानित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के राजतंत्र ने किसान के स्वाभिमान को चुनौती दी है। राजीव गुजराती के मुताबिक 28 अप्रैल मंगलवार को सुबह 11 बजे बुधनी में महाराणा प्रताप चौराहा पर किसान सत्याग्रह होगा। उन्होंने कहा कि बुधनी की धरा पर होने वाला यह सत्याग्रह उस अहंकार के अंत की उद्घोषणा है, जिसने पिछले एक साल से किसानों को बेहाल कर रखा है। उन्होंने कहा कि किसानहित की लड़ाई में जिले के किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
सड़क के बीच 5 से 6 इंच का गैप, कई जगह ऊंची-नीची, किनारों पर अतिक्रमण भी किया
भास्कर संवाददाता | भैरूंदा नगर के पास नहर मंडी चौराहा से बीजला जोड़ तक करीब 4 किलोमीटर लंबी सड़क खराब हालत में पहुंच गई है। सड़क कई जगह से टूट चुकी है। दरारें पड़ी हैं। रोड के बीच 5 से 6 इंच का गैप बन गया है। कई हिस्सों में सड़क 5 से 6 इंच ऊंची-नीची हो गई है। इससे राहगीरों को परेशानी हो रही है। वाहन चालकों को दिक्कत हो रही है। लोगों का कहना है कि सड़क की हालत खराब होने से सामने से वाहन आने पर साइड देने में दिक्कत होती है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग खतरनाक साबित हो रहा है। आए दिन मोटरसाइकिल सवार गिर रहे हैं। हादसे का खतरा बना हुआ है। इस मार्ग से रोज भारी वाहन गुजरते हैं। डंपर चलते हैं। हाईवे ट्रक निकलते हैं। इनका वजन 40 से 50 टन से अधिक होता है। लगातार आवाजाही से सड़क की स्थिति और खराब हो रही है। सड़क के दोनों किनारों पर कुछ लोगों के अतिक्रमण की शिकायत भी सामने आई है। विभागों की अनदेखी से बिगड़ रही स्थिति लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण सामने से वाहन आने पर साइड देने में दिक्कत होती है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग खतरनाक साबित हो रहा है। आए दिन मोटरसाइकिल सवार गिर रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। इस सड़क की जिम्मेदारी दो विभागों नहर विभाग और पीडब्ल्यूडी पर है, लेकिन दोनों ही विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। मरम्मत कराई जाएगी ^ सड़क बने लगभग 5 साल हो चुके हैं। इसका (रीवार्ड) मरम्मत कार्य जल्द कराया जाएगा। कुछ स्थानों पर मरम्मत कराई गई है, जिससे सड़क की स्थिति सुधरेगी। एनके तिवारी, इंजीनियर, पीडब्ल्यूडी
प्रगणक पर्यवेक्षकों का 3 दिन प्रशिक्षण हुआ
अकोदिया| जनगणना 2027 के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रथम चरण का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शासकीय डॉ. भीमराव अंबेडकर सांदीपनी सीएम राइज स्कूल गुलाना में हुआ। पहले दिन तहसील गुलाना के 40 पर्यवेक्षकों और 220 प्रगणकों को फील्ड ट्रेनर ने इंटरेक्टिव स्क्रीन पर प्रशिक्षण दिया। दूसरे दिन दोपहर बाद सभी प्रशिक्षणार्थी प्रगणक और पर्यवेक्षक ग्राम गुलाना पहुंचे। एचएलओ ट्रेनिंग ऐप पर टेस्ट लॉगिन किया। मकान सूचीकरण किया। मकानों की गणना का काम करके दिखाया। प्रशिक्षण का निरीक्षण जिला जनगणना अधिकारी आलोक वर्मा ने किया। जनगणना के लिए नियुक्त प्रभारी मिलिंद देशपांडे ने किया। मास्टर ट्रेनर डॉ. वीपी मीणा ने किया। प्रशिक्षण के दौरान नेहा गंगारे मौजूद रहीं। रीतेश जोशी मौजूद रहे। फील्ड ट्रेनर मौजूद रहे।
गो माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने आज जुटेंगे लोग
भास्कर संवाददाता|भैरूंदा गो माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने की मांग सोमवार को देशभर में तेज होगी। गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत तहसील मुख्यालयों पर बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे। महीनों की तैयारी, जनसंपर्क, हस्ताक्षर अभियान के बाद आंदोलन आज निर्णायक मोड़ पर पहुंचा है। संगठनों के मुताबिक सुबह 11 बजे तहसील मुख्यालयों पर लोग एकत्र होंगे। तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। आयोजकों का कहना है कि अभियान की वजह गो माता की बदहाल स्थिति है। शहरों और गांवों में बड़ी संख्या में गोवंश सड़कों पर भटक रहा है। कई जगह चारा-पानी नहीं मिल रहा। कुपोषण बढ़ रहा है। सड़क हादसों में गोवंश की मौतें सामने आती रही हैं। कुछ जगह बीमार और बेसहारा गोवंश की तस्वीरें चिंता बढ़ा रही हैं। यह धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं, यह सामाजिक जिम्मेदारी है अभियान से जुड़े संतों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है। यह सामाजिक जिम्मेदारी है। समय रहते संरक्षण और संवर्धन के लिए ठोस कदम नहीं उठे तो दूरगामी परिणाम होंगे। कई संतों ने शास्त्रों का उल्लेख किया। गो संरक्षण को समाज की समृद्धि और संतुलन से जोड़ा। अभियान में गो-सेवा संगठन, धार्मिक समूह, सामाजिक संस्थाएं, आम नागरिक शामिल होंगे। कई जगह हजारों लोगों ने पहले ही हस्ताक्षर किए हैं। ये हस्ताक्षर आज ज्ञापन के साथ लगाए जाएंगे।
द्वितीय अवसर बोर्ड परीक्षा 7 मई से, आवेदन 22 तक
सीहोर| माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं हाईस्कूल और 12वीं हायर सेकेंडरी की द्वितीय अवसर परीक्षा 7 मई से शुरू होगी। परीक्षा 25 मई को खत्म होगी। मुख्य परीक्षा में जो विद्यार्थी किसी कारणवश पास नहीं हो पाए हैं, वे द्वितीय अवसर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। पात्र छात्र 22 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं।
कथाओं और सत्संग के कारण हमारी सनातनी संस्कृति आज तक जीवित
भास्कर संवाददाता| सीहोर इंटरनेट के कारण अश्लील सामग्रियों की बाढ़ सी आ गई है। इससे हमारी मानसिकता दूषित हो रही है। कुछ षडयंत्रकारी लोग यही चाहते हैं कि मानसिकता दूषित हो। हम और हमारी संस्कृति पिछड़ जाए। कथाओं और सत्संग के कारण ही सनातनी संस्कृति आज तक जीवित है। इसलिए जहां भी कथा हो, श्रवण अवश्य करना चाहिए। जहां भी धार्मिक कार्य हो, वहां अपना योगदान देना चाहिए। नई पीढ़ी में अच्छे संस्कार डालने और भारत की गौरवशाली परंपरा से वाकिफ करवाने के लिए शिक्षा पद्धति में कुछ बदलाव की आवश्यकता है। यह बात शहर के प्राचीन सिद्ध पीठ श्री नृसिंह लक्ष्मी मंदिर कोलीपुरा में आयोजित संत समागम के आखरी दिन श्री-श्री 1008 महामंडलेश्वर महंत रामभूषण दास महाराज ने कही। शहर के कोलीपुरा में आर्यावत षट्दर्शन साधु मंडल भारत के तत्वाधान में दो दिवसीय संत समागम का आयोजन किया गया। रविवार को संत समागम और महाकुंभ कलश यात्रा में शामिल साधु-संतों का सम्मान कर विदाई दी गई। सम्मान और विदाई कार्यक्रम में महामंडलेश्वर महंत रामभूषण दास महाराज, संत माधव दास महाराज, मुख्य यजमान श्रीमती नमिता अखिलेश राय, यात्रा प्रभारी सन्नी सरदार, यज्ञाचार्य पंडित कुणाल व्यास, बजरंग दल के अध्यक्ष जगदीश कुशवाहा, सह प्रभारी रजत मुंदडा मौजूद रहे। यहां आए नागा साधुओं और संतों का भी सम्मान किया गया। पंचांग पूजन, मंडल प्रवेश, देवता आह्वान और अग्रि स्थापना हुई सुबह यहां पर पंचांग पूजन, मंडल प्रवेश, देवता आह्वान और अग्रि स्थापना का आयोजन यज्ञशाला में किया गया। वहीं भव्य पंच कुंडात्मक श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दूसरे दिन सुबह आठ बजे प्रथम सत्र में नित्य पूजन, अभिषेक, अर्चन और हवन का आयोजन किया जाएगा।
ब्राइट स्टार में बोर्ड टॉपर छात्र-छात्राओं का सम्मान
अकोदिया| ब्राइट स्टार स्कूल में सत्र 2026 में बोर्ड कक्षाओं में श्रेष्ठ अंक लाने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इसके बाद शिक्षकों ने अतिथियों का स्वागत किया। कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं, 8वीं, 5वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को भी अतिथियों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरेंद्र जेवा रहे। चंद्रकांता राठी मौजूद रहीं। विशेष अतिथि राम परमार रहे। रामस्वरूप परमार रहे। अध्यक्षता विद्यालय संचालक नरेंद्र मेहता ने की। प्राचार्य ममता मेहता ने की। नरेंद्र मेहता ने बच्चों को मार्गदर्शन दिया। अभिभावकों को बधाई दी। विद्यार्थियों को बधाई दी। संचालन शिक्षक सतीश राठौर ने किया। आभार नरेंद्र मेहता ने माना।
सनावद में सजेगा खाटू श्याम का भव्य दरबार, आज भजन संध्या
खंडवा | सनावद के सुदर्शन मिल चौराहा स्थित बालाजी ग्रुप की नवीन कॉलोनी श्री कृष्ण बालाजी नगर में सोमवार (एकादशी) के पावन अवसर पर भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम में बाबा खाटू श्याम का दरबार आकर्षक और अलौकिक रूप में सजाया जाएगा। छप्पन भोग, इत्र वर्षा और पुष्प वर्षा इसकी प्रमुख विशेषताएं रहेंगी। साथ ही राधा-कृष्ण की सजीव झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगी, जो भक्ति रस को और गहरा करेंगी। भजन संध्या में जबलपुर की सुप्रसिद्ध गायिका पूनम त्रिपाठी अपनी मधुर प्रस्तुति से भक्तों को मंत्रमुग्ध करेंगी। वहीं इंदौर के ख्याति प्राप्त कलाकार अंकित गुरुजी और सौरभ लाडला भी भजनों की प्रस्तुति देंगे। बालाजी ग्रुप के संस्थापक रितेश गोयल ने बताया यह आयोजन पूरे क्षेत्र की आस्था का प्रतीक है। कार्यक्रम में समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों का सम्मान भी किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होकर भजन संध्या का लाभ लेने की अपील की है।
डॉ. रुपाली को कथक नृत्य गुरु रत्न ग्लोबल अवार्ड
सीहोर| सरस्वती कथक डांस कला केंद्र की डायरेक्टर डॉ. रुपाली सोनी को हैदराबाद में हुए इनसाइड मीडिया सक्सेस कार्यक्रम में सम्मान मिला। उन्हें नृत्य क्षेत्र में उत्कृष्ट काम के लिए ग्लोबल लीडरशिप अवार्ड-2026 के तहत कथक नृत्य गुरु रत्न अवार्ड दिया गया। अवार्ड बॉलीवुड अभिनेत्री जयाप्रदा के हाथों मिला। इसे सीहोर के लिए गर्व की बात बताया गया। डॉ. रुपाली ने इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता को दिया। उन्होंने बताया कि जयाप्रदा से मिलने का सपना था। यह सपना इसी कार्यक्रम में पूरा हुआ। उन्हें जयाप्रदा के हाथों ग्लोबल लीडरशिप अवार्ड-2026 का टाइटल कथक नृत्य गुरु रत्न अवार्ड इन क्लासिकल डांस के रूप में मिला। कथक को दिलाई पहचान डॉ. रुपाली सोनी सीहोर की निवासी हैं। उन्होंने कथक नृत्य में पहचान बनाई है। शास्त्रीय नृत्य, फोक नृत्य, नृत्य नाटिका, एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य में उन्हें प्रादेशिक और राष्ट्रीय स्तर तक ख्याति मिली। उन्हें 2019 में पत्रिका अचिवर अवार्ड मिला। 2023 में सुधा चन्द्रन के हाथों इंटरनेशनल अचिवर अवार्ड मिला। 2023 में दैनिक भास्कर ने प्राइड अवार्ड दिया। 2023 में शिवराज सिंह चौहान के हाथों नगर गौर सम्मान मिला। अलग-अलग संस्थाओं ने उन्हें 150 से अधिक बार प्रादेशिक और राष्ट्रीय मंचों पर कथक कलाकार, कथक गुरु, प्रतिभा शिल्पकार, नृत्य साधना, कथक निर्णायक जैसी उपाधियों से सम्मानित किया है।
आईपीसीए भोपाल ने अल अहमद सीनियर को 9 विकेट से हराया
भास्कर संवाददाता| सीहोर शहर के बीएसआई मैदान पर स्व. राजमल मेवाड़ा पूर्व विधायक की स्मृति में कारपोरेट क्रिकेट प्रतियोगिता खेली गई। फाइनल में आईपीसीए भोपाल ने अल अहमद सीनियर क्रिकेट वारियर्स को 9 विकेट से हराया। आईपीसीए की ओर से समीर कुरैशी ने 24 गेंद पर 68 रन बनाए। पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर जेपी यादव ने 33 रन जोड़े। अल अहमद सीनियर ने पहले बल्लेबाजी की। टीम 18.4 ओवर में 10 विकेट पर 115 रन बना सकी। शाबिर मोहम्मद ने 38 गेंद पर 65 रन बनाए। हिमांशु तिवारी ने 14 रन किए। आमिर खान ने 16 रन जोड़े। आईपीसीए की ओर से देवेन्द्र सिंह ने 3 विकेट लिए। सन्नी भटनागर ने 3 विकेट लिए। विनोद पाल ने 3 विकेट लिए। पियुष राज सक्सेना को 1 विकेट मिला। डीसीए के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि आईपीसीए ने लक्ष्य 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया। समीर कुरैशी ने 68 रन की पारी खेली। जेपी यादव ने 33 रन बनाए। अब्दुल अकिल ने 6 गेंद पर 16 रन जोड़े। अल अहमद सीनियर की ओर से दीपेश पाल ने एकमात्र विकेट लिया। समापन पर पुरस्कार वितरण हुआ। फाइनल में ये लोग रहे मौजूद जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष विधायक सुदेश राय मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा रहे। अनिल पालीवाल, कैलाश अग्रवाल, अशोक रायसिंह, कमल डबरी, राजकुमार गुप्ता शामिल रहे। एसोसिएशन सचिव अतुल तिवारी रहे। सुदीप प्रजापति, सुशील ताम्रकार, विपिन सास्ता, विजेन्द्र परमार, मुकेश मेवाड़ा, राजेश मांझी मौजूद रहे। जिला भाजपा युवा मोर्चा उपाध्यक्ष समीर मेवाड़ा रहे। विजय मेवाड़ा, गौरव मेवाड़ा, आशीष मेवाड़ा, अनुज मेवाड़ा, सुरेन्द्र रल्हन, वरुण शर्मा, नागेन्द्र व्यास, आशीष शर्मा, नवीनत तोमर रहे। आयोजनकर्ता चेतन मेवाड़ा ने भी खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए।
नाहरकोला हत्याकांड: जंगल में जाकर छिपा था आरोपी लोकेश कीर, पुलिस टीम ने पकड़ा
भास्कर संवाददाता|नर्मदापुरम नहारकोला में 19 अप्रैल की रात शादी के संगीत कार्यक्रम में जीजा-साले की हत्या करने और पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी लोकेश कीर जंगल (वन) मंे छिपा बैठा था। पुलिस की दो टीमों ने उसका वनवास खत्म कर दिया। 25 अप्रैल को पुलिस ने उसे धरदबोचा। लोकेश पर 20 हजार का इनाम था। गंजाल नदी के किनारे कोलगांव के जंगल में 25 अप्रैल की 10 बजे पुलिस टीम खोजते हुए आरोपी तक पहुंची। पुलिस को देख लोकेश भागने लगा तो उसने एक चट्टान से छलांग लगा दी। इससे उसका एक पैर से चोटिल हो गया। मामले में रविवार को एसपी साईंकृष्णा थोटा ने पुलिस कंट्रोल रूम में वारदात का खुलासा किया। आरोपी 8 दिन से नर्मदापुरम-हरदा जिले की सीमा से लगे जंगल में छिपा रहा जिसे पकड़ने के लिए एसपी ने एसआईटी गठित की। जिसमें एसडीओपी महेंद्र चौहान, वीरेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में रामपुर थाना प्रभारी संजीव पवार, सेमरी हरचंद प्रभारी विवेक यादव सहित 50 पुलिस कर्मियों ने जंगल से पकड़ा।
स्लॉट नहीं, किसानों को 3-4 दिन की वेटिंग, ट्रॉली की लाइन लगी
नर्मदापुरम| प्रदेश सरकार ने किसानों को राहत देने के लिए गेहूं उपार्जन केंद्रों की क्षमता 1 हजार से बढ़ाकर 2250 क्विंटल प्रतिदिन करने का दावा किया है। लेकिन, नर्मदापुरम जिले में जमीनी हकीकत इसके उलट है। अधिकांश केंद्र अब भी 1500 क्विंटल की पुरानी स्लॉट सीमा पर ही काम कर रहे हैं। केंद्रों पर 1500 क्विंटल की लिमिट सुबह ही भर जाने से किसानों को 3–4 दिन बाद का स्लॉट मिल रहा है, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लग रही हैं। किसान मयंक जारवाल का कहना है कि सरकार ने घोषणा कर दी, लेकिन सिस्टम में बदलाव नहीं हुआ। केंद्रों पर 'लोड बैलेंसिंग' न होने से कहीं सिर्फ 0–100 क्विंटल तो कहीं 1300 क्विंटल तक खरीदी हो रही है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने स्लॉट बुकिंग की तारीख बढ़ाकर 9 मई कर दी गई। इसके अलावा कलेक्टर्स को प्रतिदिन गेहूं खरीदी, परिवहन, भंडारण और भुगतान की समीक्षा के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा किसान अब तहसील के बजाय जिले के किसी भी केंद्र पर अपनी उपज बेच सकते हैं। चमक विहीन गेहूं में 50% और अल्प विकसित दानों में 10% तक की छूट दी गई है।
सफाई नहीं होने से कई जगह गंदगी मिली, नालियों की हालत थी खराब
भास्कर संवाददाता| भैरूंदा नगर परिषद क्षेत्र में लगातार सफाई की शिकायतें मिलने के बाद परिषद हरकत में आई। शुक्रवार को उपाध्यक्ष प्रतिनिधि रितेश मकवाना ने वार्ड का औचक निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मकवाना ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी और सफाई दरोगा को मौके पर बुलाया। उन्हें वास्तविक स्थिति दिखाई। निरीक्षण में कई जगह गंदगी मिली। नालियों की हालत खराब मिली। मकवाना ने नाराजगी जताई। कहा, सफाई में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी। वार्ड के सभी क्षेत्रों में नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। मौके पर स्थानीय रहवासियों ने समस्याएं बताईं। लोगों ने कहा, कई दिनों से सफाई नहीं हो रही। परेशानी बढ़ रही है। इस पर सीएमओ ने जल्द सुधार का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता रिषभ जैन और युवा व्यापारी पंकज खंडेलवाल भी मौजूद रहे। दोनों ने सफाई व्यवस्था बेहतर करने के सुझाव दिए। मकवाना ने कहा, आगे भी शिकायतें मिलीं तो संबंधित कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
शंकराचार्य महान भारतीय दार्शनिक और सनातन धर्म के पुनरुत्थानकर्ता थे: पं. शास्त्री
भास्कर संवाददाता | बुधनी महाविद्यालय बुधनी में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की कक्षा में आदि गुरु शंकराचार्य जयंती सप्ताह मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पंडित घनश्याम शास्त्री कथा वाचक रहे। भंगूजी रावत शासकीय अधिवक्ता रहे। कार्यक्रम की भूमिका विकासखंड समन्वयक इंदर निकुम ने रखी। भंगूजी रावत ने आदि गुरु शंकराचार्य और सनातन संस्कृति पर विचार रखे। पंडित घनश्याम शास्त्री ने कहा कि शंकराचार्य महान भारतीय दार्शनिक थे। सनातन धर्म के पुनरुत्थानकर्ता थे। उन्होंने अद्वैत वेदांत का प्रचार किया। शंकराचार्य का जन्म केरल के कालड़ी में हुआ। उन्होंने 8 वर्ष की उम्र में संन्यास लिया। 32 वर्ष की अल्पायु में बद्रीनाथ में समाधि ली। शास्त्री ने कहा कि शंकराचार्य ने भारत के चारों कोनों में चार मठ स्थापित किए। सनातन धर्म को एकता के सूत्र में पिरोया। शास्त्री ने बताया कि कम उम्र में पिता का साया उठ गया था। ज्ञान प्राप्ति के लिए 8 वर्ष की उम्र में संन्यास लिया था। शास्त्री ने कहा कि बाल्यकाल में शंकराचार्य बहुत बुद्धिमान थे। 2 साल की उम्र में धाराप्रवाह संस्कृत बोलने और लिखने लगे थे। 12 वर्ष की उम्र में सभी प्रमुख धर्म ग्रंथों का ज्ञान अर्जित कर लिया था। पंकज जाट ने भी सनातन संस्कृति पर विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन मेंटर सुनील पांडे ने किया। मेंटर आलोक यादव, शिवानी चौहान, चैन सिंह कीर, नीलेश बोहीत मौजूद रहे।
पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के काटे चालान
मलावर| सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मलावर पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान बनाए। अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क पर वाहन चालकों को रोककर हेलमेट की जांच की और बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को नियमों का पालन करने की समझाइश दी।
मुक्तिधाम में चोरी, मोटर पंप व सरिया ले गए बदमाश
राजगढ़| पुरा क्षेत्र स्थित नेवज मुक्तिधाम परिसर में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश बल्ब कक्ष का ताला तोड़कर पानी का मोटर पंप और सरिया चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने फिंगर प्रिंट भी जुटाए हैं।
महिला साइकिल रैली के साथ नारी शक्ति वंदन पखवाड़े का समापन
विदिशा| नारी शक्ति वंदन पखवाड़े का समापन रविवार को जिला मुख्यालय पर महिला साइकिल रैली के साथ किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस रैली का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सशक्त बनाना रहा। रैली की शुरुआत सुबह 7 बजे जिला खेल परिसर स्टेडियम से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया और समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को रेखांकित किया। जिला खेल अधिकारी प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि पखवाड़े के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने के प्रयास किए गए। इस अवसर पर व्यायाम शिक्षक, जनप्रतिनिधि, खेल संघ पदाधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। रैली को नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल माना गया।
श्योपुर में सोंईकलां के पास हाईवे पर 2 साल की बच्ची के लावारिस मिलने का मामला बड़े मानव तस्करी नेटवर्क में बदल गया है। पुलिस ने अब तक उद्योगपति दंपती समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें इंदौर के महालक्ष्मी नगर में ब्यूटी पार्लर संचालिका नीता जैन, उसका पति वैभव जैन, राजगढ़ के आकाश मूंदड़ा और उसकी पत्नी कृतिका मूंदड़ा के साथ धार और खरगौन की दो महिलाएं शामिल हैं। मासूम के असली माता-पिता कौन हैं? फिलहाल यह पता नहीं चला है। जांच में सामने आया है कि बच्ची का सौदा 21 नवंबर 2024 को किया गया था, जब वह सिर्फ 6 दिन की थी। धार जिले की एक क्लीनिक संचालिका ने इसे खरगौन की महिला से लेना बताया। इसके बाद इंदौर में नीता जैन और उसके पति के जरिए राजगढ़ के आकाश मूंदड़ा को करीब 1 लाख रुपए में बेच दिया गया। इस तरह मासूम कई हाथों से गुजरती रही। ब्यूटी पार्लर नेटवर्क प्वाइंटजांच में सबसे मजबूत कड़ी इंदौर के महालक्ष्मी नगर से जुड़ी मिली है। यहां ब्यूटी पार्लर की आड़ में पूरा नेटवर्क संचालित होने के संकेत हैं। खरीदार और सप्लायर, दोनों यहीं से एक-दूसरे के संपर्क में आए। 35 घंटे में 3 जिलों में दबिशमामले में श्योपुर एसपी सुधीर अग्रवाल ने 3 स्पेशल टीमें बनाई। करीब 20 पुलिसकर्मियों ने 35 घंटे के ऑपरेशन में इंदौर, धार और खरगौन में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। इन्हें श्योपुर लाया गया। सीसीटीवी कैमरे में दिखी धीमी कार, इससे रैकेट का खुलासामामले की शुरुआत 18 अप्रैल को हाईवे किनारे बच्ची के मिलने से हुई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जहां कार (MP07 ZA 0067) संदिग्ध लगी। स्पीड धीमी थी। कार मालिक का पता लगाया गया, जो आकाश मूंदड़ा निकला। यहीं से पूरे रैकेट की परतें खुलनी शुरू हुईं। श्योपुर एसपी का कहना है कि जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
अंगूठा लगवाया, पैसा उड़ाया…:केस उन महिला सरपंचों पर जो मजदूर हैं
लोकतंत्र की सबसे छोटी इकाई पंचायत में आधी आबादी को प्रतिनिधित्व तो मिला, लेकिन कई जगह उनके हिस्से की सत्ता पर दूसरों ने कब्जा कर लिया। यही वजह है कि मप्र में बीते 11 साल (1 जनवरी 2015 से 31 मार्च 2026) में प्रदेश के 5 हजार सरपंचों पर भ्रष्टाचार के मामले दर्ज हुए, जिनमें 15% यानी 753 महिला सरपंच हैं। प्रदेश में पंचायतों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व 50% से ज्यादा है। कुल 23,011 सरपंचों में 11,683 महिलाएं हैं, लेकिन भास्कर की पड़ताल में सामने आया कि कई जगह वे सिर्फ नाम की सरपंच रहीं। असली फैसले पति, रिश्तेदार या स्थानीय दबंग लेते रहे। जब गड़बड़ियों की जांच शुरू हुई, तो कार्रवाई उन्हीं महिलाओं पर आई, जो खुद अपने अधिकारों से अनजान थीं। सबसे ज्यादा असर पिछड़ी जाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की उन महिलाओं पर पड़ा, जो न पढ़ी-लिखी थीं और न प्रशासनिक प्रक्रिया समझती थीं। कई पूर्व महिला सरपंचों को आज तक यह भी नहीं पता कि उन पर आरोप क्या हैं। उनका दर्द एक ही है- “साहब, हम तो बस नाम के सरपंच थे, पंचायत कोई और ही चलाता रहा।’ पड़ताल में सामने आया कि महिला सरपंचों से कागजों पर सिर्फ अंगूठा या हस्ताक्षर करवा लिए जाते थे। बाद में उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर भुगतान और काम दिखाए गए। जब गड़बड़ी पकड़ी गई, तो केस उनके नाम पर दर्ज हो गए। उनका सीधा आरोप है- “हमओ से विश्वास लेकर विष दे दओ।’-इनपुट : नरेंद्र शर्मा, शिवपुरी ये मामले भीभैंसदही की धाबा पंचायत की पूर्व सरपंच साहो परते पर 1.88 लाख अतिरिक्त खर्च का आरोप है। उनका कहना है कि निर्माण उनके कार्यकाल से पहले का है।इटारसी की घाटली पंचायत की मीना इवने मजदूरी करती थीं, ग्रामीणों के मुताबिक उनकी आड़ में पंचायत चलाई गई। भास्कर पहुंचा तो घर बंद मिला।वे गांव छोड़ चुकी हैं। पोर्टल पर सरपंच, नाम पति कागुना की रिजौदा-इमलिया पंचायतों में सरपंच महिलाएं, लेकिन दर्पण पोर्टल पर उनके पतियों शैलेंद्र सिंह यादव, शिवप्रताप सिंह के नाम हैं। 10 जुलाई 2025 को दोनों पंचायतों से शुभम सेन के नाम 49,700-49,700 रुपए भुगतान। बिल व मस्टर रोल पैटर्न एक जैसे मिले। एक मजदूर को एक दिन अलग-अलग जगह काम दिखाया। कानून सख्त, लेकिन असर उल्टा पड़ रहा मध्य प्रदेश पंचायत राज अधिनियम, 1993 की धारा 92 के तहत यदि गबन साबित होता है, तो संबंधित सरपंच से राशि की वसूली की जाती है। पैसा जमा न करने पर सिविल जेल का प्रावधान भी है। यानी जिन महिलाओं को कई मामलों में गड़बड़ी की जानकारी तक नहीं थी, वे भी अब रिकवरी और कानूनी कार्रवाई का सामना कर रही हैं। केस-1 : धनियाबाई पर निकाली लाखों की वसूली शिवपुरी की रन्नौद पंचायत की पूर्व सरपंच धनियाबाई आज भी झोपड़ी में रहकर लकड़ी बीनती और मजदूरी करती हैं। उन पर सर्वशिक्षा अभियान में 8.48 लाख और सामुदायिक भवन में 1.50 लाख की अनियमितता का आरोप है। सचिव के साथ आरोपी बनीं। धारा 92 के तहत 18 जुलाई 2017 और 5 दिसंबर 2017 को केस दर्ज हुआ। मामला लंबित। केस-2: गांग्याबाई से 39 हजार रुपए की रिकवरी बैतूल की राक्सी पंचायत की पूर्व सरपंच गांग्याबाई रोज बकरी चराती हैं और मजदूरी करती हैं। उन पर 39 हजार की रिकवरी है। आरोप मासोद में आंगनबाड़ी निर्माण में ज्यादा खर्च। 75 वर्षीय गांग्याबाई को मामले की जानकारी तक नहीं। धारा 92 के तहत 9 फरवरी 2021 को केस दर्ज, लंबित।

