AISMNF की जिला इकाई का गठन:मेरठ में फेडरेशन की जिला इकाई गठित, नीरज को दो मंडलों की जिम्मेदारी
मेरठ में ऑल इंडिया स्माल एंड मीडियम न्यूज पेपर्स फेडरेशन के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद के निर्देश पर मेरठ में संगठन की जिला इकाई का गठन किया गया है। जिला इकाई में नीरज त्यागी को अध्यक्ष और मनमोहन भल्ला को महामंत्री मनोनीत किया गया है। इसके साथ ही नीरज त्यागी को मेरठ और सहारनपुर मंडल का प्रभारी भी बनाया गया है। संगठन के उपाध्यक्ष मुकेश गोयल और महामंत्री नीरज गुप्ता ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में दोनों मंडलों में संगठन को और मजबूती मिलेगी। पदाधिकारियों ने संगठन के हित में सक्रियता से कार्य करने की बात कही।
सीहोर जिले के पीपलखेड़ा गांव के पास मंगलवार को ज्ञान वैली स्कूल की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों और गड्ढे में उतर गई। बस में कई स्कूली बच्चे सवार थे। हादसे में एक बच्ची को मामूली चोट आई, जबकि बाकी सभी बच्चे सुरक्षित हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस रोज की तरह बच्चों को लेकर जा रही थी। पीपलखेड़ा के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क से नीचे उतरकर झाड़ियों और गड्ढे में जा पहुंची। बस के नीचे उतरते ही बच्चे घबरा गए और शोर मचाने लगे। ग्रामीणों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बस में मौजूद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलने पर बच्चों के माता-पिता भी मौके पर पहुंचने लगे। एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि अहमदपुर थाना क्षेत्र में ज्ञान वैली स्कूल की बस रसूलपुरा के पास सड़क से उतर गई थी। हादसे में एक बच्ची को हल्की चोट आई, जिसे सहयोग अस्पताल अहमदपुर ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक बस पलटने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
चित्रकूट पुलिस में मंगलवार देर रात बड़ा फेरबदल किया गया। एसपी अरुण कुमार सिंह के निर्देश पर 62 सिपाहियों और 15 निरीक्षक-उपनिरीक्षकों समेत कुल 77 पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए हैं। सिपाहियों को थानों से हटाकर पुलिस लाइन और अन्य ड्यूटी में भेजा गया है, जबकि कई निरीक्षक और उपनिरीक्षकों की नई तैनाती की गई है। पुलिस विभाग ने तबादलों को प्रशासनिक व्यवस्था के तहत नियमित प्रक्रिया बताया है। फेरबदल के बाद जिले के कई थानों और चौकियों की ड्यूटी व्यवस्था में बदलाव होगा। दो उपनिरीक्षकों के स्थानांतरण स्वास्थ्य कारणों से निरस्त या स्थगित किए गए हैं। चार निरीक्षकों की बदली तैनाती निरीक्षक राजकुमार यादव को मऊ, राजेश उपाध्याय को पहाड़ी, योगेश कुमार चतुर्वेदी को सदर और शिवमसेन को चुनाव सेल से संबंधित नई जिम्मेदारी दी गई है। आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों को नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। नौ उपनिरीक्षकों के भी तबादले उपनिरीक्षक राजेश कुमार सरोज को एएसपी कार्यालय वाचक, बालकृष्ण को सीतापुर चौकी, राम सिंह यादव को बरगढ़, शुभाषराम को बहिलपुरवा, यदवेंद्र प्रताप सिंह को मारकुंडी और ज्ञान बहादुर को मानिकपुर भेजा गया है। वहीं अजहर जमाल की तैनाती मारकुंडी, शेषश्याम की रैपुरा और इन्द्रजीत गौतम की खोह चौकी में की गई है। 62 सिपाहियों को भी इधर से उधर किया तबादला सूची में 62 सिपाही भी शामिल हैं। इनमें कई को थानों से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि कुछ को अन्य ड्यूटी में लगाया गया है। इससे थानों और चौकियों में तैनाती व्यवस्था में बदलाव होगा। उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम पाण्डेय और अरविंद कुमार यादव के स्थानांतरण को स्वास्थ्य कारणों से निरस्त या स्थगित किया गया है। दोनों की नई तैनाती फिलहाल लागू नहीं होगी।
नमामि गंगे की विफलता पर भारी पड़ा जनसहयोग: मुंशीगंज में स्थानीय लोगों ने 5 दिन के कड़े परिश्रम से सई नदी को जलकुंभी से कराया मुक्त एक ओर जहाँ केंद्र व प्रदेश सरकार नमामि गंगे और स्वच्छ भारत अभियान जैसी अतिमहत्वाकांक्षी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा रही हैं, वहीं ज़मीनी स्तर पर ये योजनाएँ मुँह चिढ़ाती नज़र आ रही हैं। ताज़ा और प्रत्यक्ष प्रमाण रायबरेली के मुंशीगंज स्थित सई नदी के तट पर देखने को मिला, जहाँ प्रशासन की अनदेखी के बाद आखिरकार जनता को स्वयं मोर्चा संभालना पड़ा। 2019 से जलकुंभी के जाल में जकड़ी थी सई नदी मुंशीगंज क्षेत्र से होकर गुजरने वाली सई नदी वर्ष 2019 से जलकुंभी की घनी परत से पूरी तरह पटी हुई थी। स्थिति यह हो गई थी कि नदी में पानी का स्वाभाविक बहाव पूरी तरह थम चुका था और सड़ांध व दुर्गंध के कारण पास से निकलने पर राहगीरों का जीना मुहाल हो गया था। स्थानीय निवासियों द्वारा शासन-प्रशासन से सफाई की कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। 'सुनिया कथा रघुनाथ की' टीम ने उठाया बीड़ा सरकारी मशीनरी की निष्क्रियता को देखते हुए समाजसेवी संस्था 'सुनिया कथा रघुनाथ की' टीम ने नदी के पुनरुद्धार का संकल्प लिया। टीम के मुख्य देख-रेखकर्ता विवेक मिश्रा (जिलाध्यक्ष, संयुक्त व्यापार मंडल एवं जिलाध्यक्ष, अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा, रायबरेली) के नेतृत्व में एक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। 5 दिनों के अथक प्रयास से मिली सफलता विवेक मिश्रा ने बताया कि 5 दिनों तक चले इस गहन सफाई अभियान में 5 कुशल मजदूरों तथा स्थानीय लोगों और युवाओं के अमूल्य सहयोग से नदी को जलकुंभी से पूरी तरह मुक्त करा दिया गया है। आज सई नदी एक बार फिर से स्वच्छ और प्रवाहमान नज़र आ रही है। सफाई अभियान के सफल समापन पर विवेक मिश्रा ने कहा कि जनहित के मुद्दों को उठाना और जनसमस्याओं का स्थायी निराकरण करना हमारी टीम का नैतिक कर्तव्य है।उन्होंने पूर्व में किए गए सामाजिक कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि इससे पूर्व भी उनकी टीम ने बालापुर अभ्यदाता मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें लगवाने का कार्य किया था, जिससे रात में आवागमन सुगम हुआ। वहीं मनिका रोड की जर्जर और बदहाल स्थिति पर खुद गिट्टी व मिट्टी डलवाकर मार्ग को चलने योग्य बनाया था।विवेक मिश्रा ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक उपेक्षा के बावजूद समाज सेवा का यह सिलसिला थमने वाला नहीं है और जनहित के ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
जींद में आज मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा एक साथ दिखाई देंगे। दोनों जिला स्तरीय सेवा ज्योति यात्रा और अर्जुन स्टेडियम में होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव कार्यक्रम दिखाया जाएगा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी जाएगी। जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों कर चुके निरीक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आयोजन स्थल पर पेयजल, शौचालय, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डीसी डॉ. वैशाली शर्मा स्वयं अधिकारी निरीक्षण कर चुकी हैं। उन्होंने अधिकारियों को आपसी तालमेल बनाकर काम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो। डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने भी अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्य निर्देश दिए। लोगों को जागरूक करने का प्रयास डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। सेवा ज्योति यात्रा इसी भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम है, जिसके जरिए समाज में सेवा और सहभागिता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।
मानसून की विदाई के बाद प्रयागराज में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। बुधवार को सुबह से तेज धूप निकली है, जिससे दिन में गर्मी और उमस महसूस हो रही है। वहीं, शाम होते ही मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से मौसम का असर साफ दिखाई दे रहा है। दिन में गर्मी, रात में ठंडक बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह धूप निकलने के बाद तापमान बढ़ रहा है। दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस होगी। हालांकि, शाम के बाद तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। देर रात और सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है। ग्रामीण इलाकों में रात को ज्यादा ठंड शहर की तुलना में ग्रामीण और खुले इलाकों में रात के समय ठंडक ज्यादा महसूस हो रही है। ओस पड़ने और तापमान में गिरावट के कारण देर रात मौसम सुहावना हो रहा है। सुबह के समय भी हल्की ठंडक रहती है, लेकिन सूरज निकलने के बाद तापमान तेजी से बढ़ जाता है। 10 अक्टूबर के बाद बढ़ सकती है ठंडक मौसम में बदलाव के साथ रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है। 10 अक्टूबर के बाद सुबह और देर रात ठंडक बढ़ सकती है। अगले कुछ दिनों तक दिन में तेज धूप और गर्मी, जबकि रात में मौसम ठंडा रहने का अनुमान है। अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में दिन और रात के तापमान में अंतर और बढ़ने से ठंड का असर धीरे-धीरे महसूस होने लगेगा।
जोधपुर शहर के बासनी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात पुलिस ने एक स्पा सेंटर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फ्यूजन थैरेपी स्पा सेंटर पर दबिश देकर 4 विदेशी युवतियों और 3 युवकों समेत कुल 7 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक व संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस पर एसीपी वेस्ट भंवरलाल जांगिड़ के नेतृत्व में बासनी थाना पुलिस ने अचानक फ्यूजन थेरेपी स्पा सेंटर पर छापा मारा। मौके से पुलिस ने 4 विदेशी युवतियों और 3 स्थानीय युवकों को पकड़ा। स्पा सेंटर पर नहीं मिला मालिक एसीपी भजनलाल जांगिड़ ने बताया कि फ्यूजन थैरेपी स्पा सेंटर पर विदेशी युवतियों के ठहरने ओर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी इस पर बासनी थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। वहां तीन युवक ओर चार थाईलैंड की युवतियां मिली। जिन्हें डिटेन कर थाने ले जाया गया। स्पा सेंटर पर मालिक नहीं मिला, लेकिन तीन कर्मचारी मिले। जिन्होंने स्पा सेंटर चलाने का कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर पाए। वहीं थाईलैंड की युवतियों के वीजा पासपोर्ट आदि की जांच की जा रही है। पहले भी पकड़ी गई थी थाईलैंड की युवतियां बता दें कि जोधपुर के बासनी, कुड़ी, चौपासनी में कई अवैध स्पा सेंटरों के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की गई हैं। जहां थाईलैंड की युवतियां पकड़ी गई थी। स्पा की आड़ में अनैतिक गतिविधियां भी करवाई जा रही है, लेकिन पुलिस की पर्याप्त मॉनिटरिंग के अभाव में कई जगहों पर ऐसे स्पा सेंटर नियम तोड़ते नजर आते हैं।
करनैलगंज में राम बारात की भव्य तैयारी:8 अक्टूबर को निकलेगी बारात, सीता-राम का होगा विवाह
गोंडा में करनैलगंज की उत्तर प्रदेश की टॉप फाइव रामलीलाओं में शामिल ऐतिहासिक रामलीला में भगवान श्रीराम की भव्य राम बारात की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 8 अक्टूबर को शाम छह बजे श्री रामलीला भवन, गुड़ाही बाजार से श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की शाही राम बारात गाजे-बाजे के साथ निकाली जाएगी। राम बारात नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गाड़ी बाजार स्थित जनकपुरी धाम मंदिर पहुंचेगी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालु पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत करेंगे। जनकपुरी धाम में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान श्रीराम और माता सीता का परिणय महोत्सव संपन्न होगा। रामलीला कमेटी अध्यक्ष मोहित पांडेय ने बताया कि आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं। सुदूर प्रदेशों से आए कलाकार राम बारात में विशेष प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।
छतरपुर जिले के नौगांव शहर में मंगलवार शाम एसबीआई के पास एक महिला की सोने की चेन झपटने की कोशिश हुई। गल्ला मंडी रोड पर पांच महिलाएं एक साथ जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए युवक ने मनोरमा जैन के गले से चेन खींच ली। चेन मजबूत होने के कारण टूटकर जमीन पर गिर गई और आरोपी उसे लेकर भाग नहीं सका। हालांकि, चेन खींचने से महिला की गर्दन पर चोट आई। महिलाओं के शोर मचाने पर आरोपी पास की गली में भाग गया। घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में वह गली की ओर भागता दिखाई दे रहा है। दूसरे कैमरे में वह कुछ देर बाद मोबाइल पर बात करते हुए सामान्य तरीके से जाता नजर आ रहा है। आरोपी हिरासत में, आज होगी शिनाख्त नौगांव टीआई संजय राय ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। बुधवार को उसकी शिनाख्ती की जाएगी। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिलाओं का पीछा कर रहा था और मौका मिलते ही उसने मनोरमा जैन की चेन खींच ली। चेन जमीन पर गिरने से सोना बच गया। पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं नौगांव में इससे पहले मंसा देवी मंदिर क्षेत्र में मंगलसूत्र लूट और मोबाइल छीनने की कोशिश की घटना सामने आई थी। वहीं गर्ल्स स्कूल चौराहे के पास भी मोबाइल छीनने की वारदात हो चुकी है। नवरात्रि के चलते शहर के बाजारों और मंदिरों में भीड़ बढ़ी हुई है। ऐसे में गल्ला मंडी जैसे व्यस्त इलाके में चेन झपटने की कोशिश के बाद बाजार, मंदिरों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है। खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी है।
मंडला शहर के चिलमन चौक स्थित रेड सिग्नल पर यातायात पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। मंगलवार रात का बताए जा रहे वीडियो में आरक्षक भीड़भाड़ वाले चौराहे पर माइक लेकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश देता नजर आ रहा है। उसके बोलने और व्यवहार के तरीके को लेकर सोशल मीडिया पर उसके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। वीडियो में पुलिसकर्मी भावुक अंदाज में करता दिखा अपील वीडियो में पुलिसकर्मी लोगों से भावुक अंदाज में बात करते हुए पुलिस पर लगाए जाने वाले आरोपों का जिक्र करता सुनाई दे रहा है। वह कहता है कि राजधानी से यातायात नियमों के पालन को लेकर आदेश जारी होते हैं और पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी ईमानदारी से करते हैं। इसके साथ ही वह लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने लिया संज्ञान इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पुलिसकर्मी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद यातायात विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया है। विभाग अब आरक्षक के व्यवहार और वायरल वीडियो की जांच कर रहा है। मेडिकल जांच के बाद होगी कार्रवाई यातायात प्रभारी ललित धुर्वे ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो की जानकारी मिली है। संबंधित आरक्षक उमेश मरकाम की मेडिकल जांच कराई जा रही है। जांच में यदि वह दोषी पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बाजार का खाना और जंक फूड बच्चों को बीमार कर रहा है। इतना ही नहीं, उम्र में बड़े लोगों को होने वाली बीमारियां बच्चों को होने लगी हैं। बच्चों के लिए जंक फूड कितना खतरनाक है। इसे लेकर डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के पीडियाट्रिक डिपार्टमेंट के हेड डॉ. मोहन मकवाना से दैनिक भास्कर ने बातचीत की। इसमें उन्होंने बताया- 100 में से 12 बच्चे जंक फूड की वजह से ब्लड प्रेशर (BP) और शुगर जैसी बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। इनमें 7 से 8 साल तक के बच्चे भी शामिल हैं। जंक फूड में मिलाए जाने वाले केमिकल और आर्टिफिशियल कलर बच्चों की ग्रोथ पर भी असर डाल रहे हैं। इनकी वजह से बच्चों को ग्लूटेन (गेहूं) एलर्जी जैसी बीमारियां भी हो रही हैं। पढ़िए ये खास रिपोर्ट… सवाल-1: क्या होता है जंक फूड, जिसकी वजह से बच्चों में बीमारियां बढ़ रही हैं? जवाब: जंक फूड में ज्यादा तेल, शुगर और एडिबल कंटेंट के साथ एक्स्ट्रा कलर होता है। कई प्रोडक्ट्स ऐसे भी हैं, जिन्हें अल्ट्रा प्रोसेस्ड से गुजारा जाता है। इन सभी की वजह से उस खाने की न्यूट्रिशनल वैल्यू कम हो जाती है। ये केवल खाने में ज्यादा स्वादिष्ट लगता है। सवाल: 2: यदि बच्चे जंक फूड ज्यादा खाते हैं तो इसका क्या असर होता है? जवाब: पानी- यदि जंक फूड में यूज किया पानी साफ नहीं है तो इससे पेट में खराबी और डायरिया की शिकायत हो सकती है। ज्यादा शुगर और नमक- बच्चों के लिए ये दोनों खतरनाक हैं। इससे मोटापा, ब्लड प्रेशर या फैट ज्यादा बढ़ता है। केमिकल: जंक फूड में मिलाए जाने वाले केमिकल बच्चों में हड्डियों की ग्रोथ को रोकते हैं। ब्लड में इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ता है। कोल्ड ड्रिंक्स: बच्चों के लिए ज्यादा कोल्ड ड्रिंक्स भी खतरनाक है। इससे कैंसर का खतरा तक बढ़ने की आशंका रहती है। सवाल: 3: क्या जंक फूड से बच्चे बीमार हो रहे हैं? कितने बच्चे इस तरह की बीमारी के सामने आ रहे हैं? जवाब: जंक फूड के कारण 7 से 8 साल तक के बच्चों में शुगर और ब्लडप्रेशर जैसी बीमारियां आ रही हैं। 10 से 12 प्रतिशत बच्चे यानी 100 में से 10 से 12 बच्चे इन बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। सवाल: 4: बच्चों में खाने समेत दूसरी एलर्जी का भी कारण क्या जंक फूड हैं? जवाब: हां, इनमें डाले जाने वाले आर्टिफिशियल कलर एलर्जी के सबसे बड़े कारण हैं। इन बीमारियों से बच्चों को सामान्य खाने से जैसे ग्लूटेन एलर्जी का भी खतरा बढ़ रहा है। इसके अलावा पेट, स्किन, ब्लड के अलावा सांस में होने वाली सबसे बड़ी एलर्जी का भी ये ही कारण है। जंक फूड खाते ही यदि बच्चे को खांसी आ रही है तो ये भी एक तरह की एलर्जी है। सवाल: 5: जंक फूड में ऐसा क्या होता है कि बच्चों को शुगर और बीपी जैसी बीमारियां हो रही हैं? जवाब: एक्स्ट्रा ऑयल, शुगर और फैट, मोनो सोडियम ग्लूटामेट, एक्स्ट्रा सॉल्ट, प्रिजर्वेटिव, एनिमल फैट, कलरिंग एजेंट्स। सवाल: 6: क्या प्लास्टिक की बोतल में बिकने वाले पेय पदार्थ भी हानिकारक हैं? जवाब: हां, क्योंकि ये लंबे समय तक प्लास्टिक की बोतल में बंद रहते हैं। हम देखते भी हैं कि दुकानों के बाहर ये रखे जाते हैं। 46 डिग्री सेल्सियस टेम्प्रेचर में इसके माइक्रो प्लास्टिक कम्पोनेंट पेय पदार्थ में घुल जाते हैं। फिर हम इस टेम्प्रेचर के पेय पदार्थ को ठंडा करने के लिए फ्रिज में भी रखते हैं। ये कम्पोनेंट बच्चों की बॉडी को अंदर से डेमैज करते हैं। सवाल:7: कितने साल तक के बच्चों को जंक फूड से दूर रखना चाहिए? जवाब: वैसे जंक फूड सभी उम्र के लोगों के लिए खतरनाक है। बच्चों की बात की जाए तो ग्रोइंग ऐज यानी 18 साल तक के बच्चों को जंक फूड से दूर रखना चाहिए। इसका कारण ये है कि शुगर और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियां जो बड़े उम्र के लोगों में होती थी, वे अब बच्चों में हो रही हैं। सवाल: 8: बच्चों के लिए हेल्दी फूड कौनसा होता है? जवाब: जिनमें पानी साफ हो, मिलावट बिल्कुल न हो, ऑयल को एक बार ही यूज करते हों। इसके अलावा जिनमें फैट, सॉल्ट और शुगर का कंटेंट कम हो। … यह खबर भी पढ़ें... हाईकोर्ट ने स्कूलों में जंक फूड पर रोक लगाई:कैंटीन और स्कूल गेट के 50 मीटर दायरे में बेचने पर बैन; हर महीने जांच करेंगे अफसर राजस्थान हाईकोर्ट ने राज्य की सभी स्कूलों की कैंटीन और स्कूलों के गेट से 50 मीटर दायरे में जंक फूड बेचने पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को लेकर संज्ञान लिया था। जस्टिस अनूप कुमार ढंढ की बेंच ने स्कूलों में जंक फूड बेचने और बढ़ते मोबाइल स्क्रीन टाइम पर चिंता जताई। (पूरी खबर पढ़ें)
मुजफ्फरनगर में व्यस्त सड़क पर स्कूटी सवार युवकों की खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दो युवक चलती स्कूटी पर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। एक युवक स्कूटी चला रहा है, जबकि उसके पीछे दूसरा युवक घुटनों के बल खड़ा दिखाई दे रहा है। वीडियो मंगलवार रात करीब 10 बजे का बताया जा रहा है। वीडियो में दोनों युवक सड़क पर चलते ट्रैफिक के बीच इस तरह स्कूटी चलाते नजर आ रहे हैं। पीछे चल रहे कुछ युवकों ने इस पूरी हरकत को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो मंगलवार रात का बताया जा रहा है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो शहर के किस थाना क्षेत्र या किस सड़क का है। वीडियो सामने आने के बाद सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। चलती स्कूटी पर इस तरह स्टंट करना सवारों के साथ-साथ सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों के लिए भी खतरा बन सकता है। फिलहाल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान और घटना की सही जगह की जानकारी सामने नहीं आई है। आपको बता दें कि ये ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जबकि इससे पहले भी मुजफ्फरनगर की सड़कों पर ख़तरनाक स्टंटबाजी के वीडियो सामने आते रहते हैं और समय समय पर पुलिस ऐसे लोगों को सबक भी सिखाती रहती है लेकिन युवाओं के सिर पर से जैसे स्टंटबाजी का भूत उतरने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही के दिनों में पानीपत खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल प्लाजा के पास एक बाइक पर सवार 5 युवकों की वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद मीरापुर थाना पुलिस ने सभी पांचों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि बाइक को सीज करते हुए भारी जुर्माना भी किया था।
लखीमपुर खीरी में पत्नी की हत्या के दोषी पति मुन्ना को उम्रकैद मिली है। एडीजे मोहम्मदी दिनेश गौतम की अदालत ने मंगलवार को उसे 11 हजार रुपये जुर्माने के साथ यह सजा सुनाई। 13 जुलाई 2022 को पसगवां थाना क्षेत्र के रूरा गांव में मुन्ना का अपनी पत्नी शाहजहां से झगड़ा हुआ था। उसने बांके से शाहजहां पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी मौके से भाग गया था। रफी अहमद की शिकायत पर मुन्ना के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर खून से सना बांका बरामद किया। सुनवाई के दौरान पुलिस ने रफी अहमद, चांदनी, यासीन और डॉ. निशात गुप्ता जैसे गवाह पेश किए। अदालत ने मुन्ना को हत्या का दोषी माना। आर्म्स एक्ट में भी मुन्ना दोषी ठहराया गया। उसे तीन साल जेल और एक हजार रुपये जुर्माना मिला।
कौशांबी के सैनी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात दो बजे नेशनल हाईवे-19 पर हादसा हो गया। अठसराय ओवरब्रिज के पास खराब खड़ी डीसीएम में काम कर रहे चालक और कंडक्टर को तेज रफ्तार बलेनो कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी सिराथू ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात करीब 2 बजे यूपी-112 पर हादसे की सूचना मिली। डीसीएम नंबर यूपी 35 टी 9605 ओवरब्रिज से पहले सड़क किनारे खराब खड़ी थी। चालक और कंडक्टर उसका एयर फिल्टर ठीक कर रहे थे। इसी दौरान कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही बलेनो ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। एयर फिल्टर ठीक करते समय हुआ हादसाडीसीएम खराब होने के बाद चालक और कंडक्टर सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का एयर फिल्टर ठीक कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उनकी तरफ आ गई और दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कियाहादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सीएचसी सिराथू भेजा। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे के बाद बलेनो सवार कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। वाहन के नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार सवारों की जानकारी जुटाई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिसपुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके जरिए कार सवारों की पहचान और हादसे की पूरी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मृतकों की पहचान कराने के लिए भी प्रयास कर रही है।
बड़वानी शहर के मोटी माता मंदिर के सामने महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल पर नगर पालिका द्वारा करीब तीन महीने पहले कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष और राजपूत समाज के राकेश सिंह जाधव ने काम की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इससे समाज में रोष है। नेता प्रतिपक्ष बोले- खंभे उंगली लगाने से हिल रहे राकेश सिंह जाधव ने कहा कि महाराणा प्रताप की प्रतिमा राजपूत समाज ने स्थापित की थी। नगर पालिका ने तीन महीने पहले प्रतिमा के सामने डेकोरेशन का काम कराया। आरोप लगाया कि खंभे ठीक से वेल्डिंग किए बिना लगाए गए हैं और उंगली लगाने पर हिल रहे हैं। उन्होंने तार टूटकर गिरने और जालियां गिरने या गायब होने की बात भी कही। पालिका के कामकाज पर लगाए गंभीर आरोप जाधव ने नगर पालिका के कामकाज और ठेकेदारी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही व्यक्ति लाइट, सामग्री सप्लाई और ठेके का काम कर रहा है। उन्होंने यह भी पूछा कि प्रभारी इंजीनियर ने किस गुणवत्ता परीक्षण के आधार पर काम और बिल पास किया। उनका कहना है कि महाराणा प्रताप सभी समाज के महापुरुष हैं, इसलिए प्रतिमा स्थल पर गुणवत्तापूर्ण काम होना चाहिए था। नपा अध्यक्ष बोलीं- वेस्ट से बेस्ट पर आधारित है काम नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान ने कहा कि सौंदर्यीकरण का काम वेस्ट से बेस्ट की थीम पर किया गया है। शहर से निकलने वाले पुराने सामान का उपयोग कर बेहतर बनाने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि पुराने पोल पर नया पोल लगाकर काम किया गया, ताकि पालिका का खर्च कम हो। पोल हिल रहा है तो ठीक करवाएंगे अध्यक्ष ने कहा कि यदि कोई पोल हिल रहा है तो उसे ठीक करवाया जाएगा। राजपूत समाज के साथ पालिका का पूरा समन्वय है और सभी मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने पालिका और समाज के बीच विवाद पैदा करने का प्रयास किया था, लेकिन वह सफल नहीं हुआ।
आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पर्व-2026 के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) से बिहार के समस्तीपुर और दानापुर के बीच दो जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों में प्रयागराज छिवकी समेत कई स्टेशनों पर ठहराव होगा, जिससे क्षेत्रीय यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। प्रयागराज छिवकी पर ठहराव दोनों जोड़ी ट्रेनों में प्रयागराज छिवकी पर ठहराव है। 01043 में प्रयागराज छिवकी पर अगले दिन 11:10–11:15 बजे और 01044 में दोपहर 14:15–14:20 बजे ठहराव होगा। इसी तरह 01143 में 10:55–11:00 बजे और 01144 में 06:50–06:55 बजे ठहराव रहेगा। इससे प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर और आसपास के जिलों के यात्रियों को मुंबई और बिहार के बीच सीधी ट्रेन सुविधा मिलेगी। एलटीटी–समस्तीपुर साप्ताहिक विशेष (01043/01044) पहली जोड़ी में गाड़ी संख्या 01043/01044 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–समस्तीपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस साप्ताहिक विशेष शामिल है। यह ट्रेन 13 अक्टूबर से 17 नवंबर 2026 तक (01043) और 15 अक्टूबर से 19 नवंबर 2026 तक (01044) चलेगी। प्रत्येक दिशा में कुल 6-6 फेरे लगाए जाएंगे। कोच संरचना में 18 एसी तृतीय, 2 एसी द्वितीय और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं, यानी कुल 22 कोच। ट्रेन 01043 एलटीटी से प्रत्येक मंगलवार को दोपहर 12:15 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 23:45 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी। वापसी में 01044 समस्तीपुर से प्रत्येक गुरुवार को सुबह 03:00 बजे चलेगी और शुक्रवार को दोपहर 15:45 बजे एलटीटी पहुंचेगी। एलटीटी–दानापुर दैनिक विशेष (01143/01144) दूसरी जोड़ी में गाड़ी संख्या 01143/01144 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–दानापुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस दैनिक विशेष शामिल है। यह सेवा 09 अक्टूबर से 21 नवंबर 2026 तक (01143) और 11 अक्टूबर से 23 नवंबर 2026 तक (01144) चलेगी। प्रत्येक दिशा में कुल 44-44 फेरे लगाए जाएंगे। कोच संरचना में 11 स्लीपर, 5 सामान्य, 4 एसी तृतीय और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं, यानी कुल 22 कोच। ट्रेन 01143 एलटीटी से दैनिक सुबह 10:30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 21:50 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में 01144 दानापुर से रात 00:10 बजे चलेगी और तीसरे दिन सुबह 06:50 बजे एलटीटी पहुंचेगी। अन्य प्रमुख स्टेशन दोनों ट्रेनें पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (DDU), बक्सर, आरा, दानापुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर, सतना, कटनी, इटारसी, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। त्योहारी सीजन में टिकट बुकिंग और अपडेटेड समय-सारणी के लिए यात्री आधिकारिक रेलवे स्रोतों (IRCTC/रेलवे स्टेशन) से पुष्टि कर लें, क्योंकि शेड्यूल में बदलाव संभव है।
उदयपुर में राशन कार्ड से जुड़ी जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराने पर राजस्थान राज्य सूचना आयोग ने सख्त कार्रवाई की है। आयोग ने जिला रसद अधिकारी (ग्रामीण), उदयपुर पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। मामला वल्लभनगर तहसील निवासी प्रकाश चन्द्र सालवी से जुड़ा है। सालवी ने अपने राशन कार्ड से संबंधित जानकारी सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मांगी थी। लेकिन तय समय में सूचना नहीं मिली। पहली अपील का भी समाधान नहीं हुआ। इस पर उन्होंने आयोग में दूसरी अपील दायर की, जिसमें 3 फरवरी 2026 को आयोग ने 30 दिन में सूचना देने के निर्देश दिए थे, लेकिन उसकी भी पालना नहीं हुई और करीब सात महीने बाद जाकर जवाब भेजा। जवाब में विभाग ने बताया कि परिवादी के दो राशन कार्ड बने हुए थे, जिसमें से एक को डिलीट करना था, लेकिन भीण्डर पंचायत समिति के कर्मचारियों की गलती से दोनों ही कार्ड डिलीट कर दिए। उदयपुर के जिला रसद अधिकारी मणि खींची ने विभाग ने अतिरिक्त खाद्य आयुक्त, जयपुर को एक कार्ड फिर से एक्टिव करने के लिए पत्र लिखा। आयोग ने जताई नाराजगी राज्य सूचना आयोग ने आदेश में कहा कि सात महीने की देरी से जवाब देना, नोटिस के बावजूद उपस्थित नहीं होना और बार-बार अवसर दिए जाने के बाद भी अपना पक्ष नहीं रखना, सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के प्रति गंभीर लापरवाही को दिखाता है। आयोग के अनुसार इस मामले में अधिकतम 25 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता था। हालांकि, परिवादी की संतुष्टि को देखते हुए 5 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया है।जुर्माने की राशि 21 दिन के भीतर राजस्थान राज्य सूचना आयोग, जयपुर में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
रायसेन में धान खरीदी के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए कृषि उपज मंडी को शहर से बाहर शिफ्ट करने की तैयारी तेज हो गई है। मंडी बोर्ड सचिव कविता झारिया ने टीम के साथ डबरा इमलिया के पास प्रस्तावित जमीन का निरीक्षण किया। टीम ने जमीन की स्थिति देखने के साथ किसानों से भी फीडबैक लिया। किसानों ने नई जगह मंडी बनाए जाने पर सहमति जताई। निरीक्षण से पहले सचिव कविता झारिया ने विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी से भी चर्चा की थी। प्रस्तावित क्षेत्र में करीब 60 एकड़ सरकारी जमीन है, जिसमें से 25 एकड़ जमीन मंडी के लिए प्रस्तावित की गई है। किसानों और व्यापारियों की सहमति विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी के अनुसार नई जगह मंडी शिफ्ट करने को लेकर व्यापारियों से भी सहमति बन चुकी है। प्रस्तावित स्थान सांची, विदिशा और आसपास के करीब 200 गांवों के किसानों के लिए सुविधाजनक बताया जा रहा है। रायसेन मंडी में उपज के अच्छे भाव मिलने के कारण विदिशा जिले के किसान भी बड़ी संख्या में यहां अपनी फसल लेकर पहुंचते हैं। धान खरीदी के समय वाहनों की संख्या बढ़ने से दशहरा मैदान के आसपास और शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है। नई जगह मंडी बनने से शहर के अंदर आने वाले कृषि वाहनों की संख्या कम होने की उम्मीद है। 50 करोड़ से चौड़ा होगा पहुंच मार्ग निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित मंडी स्थल तक पहुंचने वाली सड़क को लेकर भी चर्चा हुई। विधायक डॉ. चौधरी ने बताया कि इस मार्ग को करीब 50 करोड़ रुपए की लागत से चौड़ा और बेहतर बनाने की स्वीकृति मिल चुकी है। भविष्य में इसे बायपास से जोड़ने की भी योजना है। सड़क चौड़ी होने के बाद किसानों और कृषि उपज लेकर आने वाले वाहनों को नई मंडी तक पहुंचने में सुविधा होगी। मंडी बोर्ड की मंजूरी का इंतजार मंडी बोर्ड की टीम के निरीक्षण, किसानों के सकारात्मक फीडबैक और व्यापारियों की सहमति के बाद अब शिफ्टिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। प्रस्तावित जमीन को मंडी बोर्ड की अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद नई मंडी के निर्माण और शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
उमरिया के कोतवाली थाना क्षेत्र की सिविल लाइन चौकी अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 पर मंगलवार रात बोलेरो और अर्टिगा की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा भरौला के मंसूरी पेट्रोल पंप के पास हुआ। टक्कर में दोनों वाहनों में सवार छह लोग घायल हो गए। दोनों वाहनों में तीन-तीन लोग थे सवार अर्टिगा में लोरहा निवासी प्रकाश यादव, गोलू यादव और रघु यादव सवार थे। वहीं बोलेरो कटनी से बिरसिंहपुर की ओर जा रही थी, जिसमें पाली निवासी केदार सराफ, सुशील सोनी और राजेश कोल सवार थे। हादसे में सभी छह लोगों को चोटें आई हैं। 108 से जिला अस्पताल पहुंचाया हादसे की सूचना के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल उमरिया पहुंचाया गया। यहां उनका इलाज जारी है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर से दोनों वाहन क्षतिग्रस्त टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वाहनों के कांच टूटकर सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिरसा जिले के गांव शक्कर मंदोरी निवासी मां-बेटी (32 वर्षीय कविता और 2 वर्षीय सानया) की जलने से मौत मामले में पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर मृतका के मायके पक्ष वाले सिरसा एसपी दीपक सहारण से मिले हैं। विवाहिता के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतुष्टि जताई है और सवाल उठाए कि आरोपी पति संदीप ने पुलिस रिमांड में अपराध कबूल कर लिया था और दहेज को लेकर ताना मारने व सास का अहम रोल था। इसके बावजूद पुलिस ने आरोपी सास को गिरफ्तार नहीं किया है, जबकि दूसरी मेन गिरफ्तारी उसकी सास की बनती थी। उसके सास-ससुर घटना के बाद से गांव में घूम रहे हैं। परिजन बोले, पड़ोसियों से पता चला है कि सास-ससुर को घटना में इतना सब कुछ होने के बावजूद कोई फर्क नहीं पड़ा है और न ही उनको किसी का दु:ख है। आरोप लगाया कि उसकी ननंद ने संस्था में रहते हुए ये साजिश रचने में भूमिका निभाई है। परिजनों ने बताया, इस पर एसपी ने निष्पक्ष तौर पर कमेटी से जांच करवा कार्रवाई का आश्वासन दिया है और ये भी कहा कि किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। परिजनों ने एसपी को लिखित शिकायत है। बकायदा, विवाहिता के परिजन (हिसार के रावलवास खुर्द निवासी) एसपी से मिलने दूसरी बार आए थे। पहली मुलाकात में एसपी नहीं मिले तो एएसपी से मिलकर शिकायत सौंपकर चले गए थे, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो दोबारा मिलने के लिए पहुंचे। आरोप : थाना प्रभारी व आईओ ने फोन तक उठाने बंद किए : परिजन परिजनों ने ये भी आरोप लगाया कि मामले में संबंंधित थाना प्रभारी एवं आईओ ने उनके फोन उठाने तक बंद कर दिए हैं। वे उनको फोन करते हैं तो कोई जवाब नहीं मिलता और प्रभारी व आईओ एक-दूसरे पर जवाब डाल देते हैं कि प्रभारी बताएगा या आईओ बताएगा। इस वजह से वे परेशान हो गए और जांच प्रभावित होने एवं मिलीभगत का शक है। इसलिए एसपी से मिलने पहुंचे। अभी एसपी के आश्वासन पर कार्रवाई का इंतजार करेंगे :परिजन हत्या मामले में बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से विवाहिता के परिजनों में रोष है। उन्होंने संबंधित उच्च अधिकारियों से मिलने की बात कही है। हिसार के रावलवास खुर्द निवासी मायके पक्ष वालों ने कहा, अभी वे एसपी द्वारा दिए गए आश्वासन पर कार्रवाई का इंतजार करेंगे। परिजनों ने कहा, अगर वे दोषी नहीं है तो पुलिस साक्ष्य पेश करे। वरना उनकी गिरफ्तारी कर चालान कोर्ट में पेश करे, ताकि वह अपनी कानूनी लड़ाई मजबूती से लड़ सकें। रविवार (20 सितंबर 2026) को घर के पिछली साइड में बने कमरे में आग लगने से कविता की मौके पर ही मौत हो गई थी और बेटी सानया की बाद में हिसार के प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। दोनों 60 से 70 प्रतिशत तक झुलस गई थी। मामले में नाथुसरी चोपटा थाना पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान पर सास शांति देवी, ससुर ओम सहारण और ननद पर भी दहेज के लिए प्रताड़ित करने व हत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
जिले के गांव ढाणी सुंदारोज में केशव की हत्या के मामले में ब्लॉक समिति के वाइस चेयरमैन पंकज उर्फ रांझ समेत छह आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। जांच के दौरान मुख्य आरोपी पंकज के खिलाफ पहले से दर्ज मामलों का रिकॉर्ड भी पुलिस के सामने है। वहीं ग्रामीणों ने पंकज पर गांव में युवाओं की गैंग तैयार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस गैंग में कुछ नाबालिग भी शामिल हैं और गैंग से जुड़े युवकों पर गांव में नशा बेचने और सट्टे की बुक चलाने के आरोप हैं। ग्रामीणों के मुताबिक गैंग से जुड़े युवक अक्सर ग्रामीणों के साथ मारपीट और धमकी देते रहे हैं। इनके खिलाफ पहले भी शिकायतें दी जा चुकी है। लेकिन आरोपी दवाब बनाकर शिकायत वापस करा देते है या फिर फिर केस को रफा-दफा करवा देते है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण आरोपियों के हौसले बढ़ते गए। मारपीट के बाद 3 अक्टूबर को मृतक के पिता को फोन दी थी धमकी केशव हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे नितिन उर्फ नेता का एक पुराना मामला भी सामने आया है। 30 सितंबर को मृतक केशव व उसके छोटे भाई के साथ आरोपियों ने मारपीट की थी। पुलिस के अनुसार इसी दिन दो आरोपियों को रिमांड पर लिया गया था। लेकिन रात के समय मामले में नामजद आरोपी नितिन उर्फ नेता ने मृतक के पिता को कॉल करके धमकी दी थी। करीब 36 सेकेंड की इस ऑडियो रिकॉर्डिंग में आरोपी ने कथित तौर पर 13 गालियां दीं और उसके भी हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी। परिजनों का कहना है कि हत्या से कुछ दिन पहले मिली इस धमकी को गंभीरता से लिया जाता तो शायद वारदात को रोका जा सकता था। हालांकि ने भी ऑडियो सामने आने के बाद इसको जांच में शामिल किया है। आरोपी एक माह में कर चुके है गांव में छह वारदात ग्रामीणों का कहना है कि पंकज उर्फ रांझ के आसपास रहने वाले युवकों का गांव में काफी समय से दबदबा है। आरोप है कि ये युवक नशे की बिक्री और सट्टे से जुड़े हैं। ग्रामीणों के साथ विवाद होने पर मारपीट और धमकी देने के आरोप भी लगते रहे हैं। खास बात यह है कि गैंग में नाबालिगों के शामिल है। पिछले एक माह की बात की जाएं तो आरोपियों ने गांव में करीब छह वारदात की है। जन्माष्टमी के दिन भी आरोपी गांव की लाइब्रेरी में बैठकर शराब पी रहे है। अब इसकी तस्वीरें सामने आई है। इस मामले में एक ग्रामीण ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना भी दी थी। सूचना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची थी। लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। आरोपियों का रहा है अपराधिक रिकॉर्ड केशव हत्याकांड में पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ग्रामीणों की मांग है कि पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच करे और पहले हुई शिकायतों को मौजूदा हत्या के मामले की जांच से जोड़े। साथ ही 3 सितंबर की धमकी वाली ऑडियो की जांच कर इसकी आवाज और घटनाक्रम की पुष्टि करने की मांग की जा रही है।
पुलिस हिरासत में तबीयत बिगड़ने के करीब 13 दिन बाद मंदसौर निवासी 19 वर्षीय ऋतुराज लोहार की 5 अक्टूबर को मौत हो गई। ऋतुराज का इलाज जयपुर के एसएमएस अस्पताल में चल रहा था। मंगलवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परिजन शव लेकर मंदसौर रवाना हो गए। युवक को पुलिस ने 22 सितंबर को दुबई से सस्ता सोना लाने के नाम पर ठगी के आरोप में पकड़ा था। ऋतुराज के पिता प्रकाश लोहार ने आरोप लगाया कि पुलिस की मारपीट से बेटे के सिर में चोट लगी थी। सिर के अंदर ब्लीडिंग होने के बाद वह कोमा में चला गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने खुद पर 22 लाख रुपए के सोने की ठगी का झूठा आरोप लगाने की बात भी कही है। 22 सितंबर को थाने ले जाने का आरोपमामला 17 सितंबर से शुरू हुआ। ऋतुराज के पिता प्रकाश दुबई से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे। प्रकाश के मुताबिक, एयरपोर्ट के बाहर कुछ लोगों ने खुद को क्राइम ब्रांच का बताकर उनके सामान की तलाशी ली। उनके साथ ऋतुराज भी था। तलाशी में कुछ नहीं मिलने के बाद आरोप है कि दोनों को एक होटल ले जाकर बंधक बनाकर रखा गया। प्रकाश 21 सितंबर को वहां से निकल गए। इसके बाद ऋतुराज के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। 22 सितंबर को उसे राजस्थान के मुहाना थाने लाया गया। वहां तबीयत बिगड़ने के बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 5 अक्टूबर को मौत हो गई। अस्पताल में अलग-अलग नाम से भर्ती कराने का आरोपपरिजनों का आरोप है कि ऋतुराज को पहले मुहाना के लकी हॉस्पिटल में ‘ऋषिराज’ नाम से भर्ती कराया गया। इसके बाद नारायणा अस्पताल में उसे ‘ऋतु’ नाम से भर्ती कराया गया। अगले दिन 23 सितंबर को पुलिस उसे एसएमएस अस्पताल लेकर पहुंची। लकी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. अनिल जैन के मुताबिक, युवक को शाम करीब 4:15 बजे अस्पताल लाया गया था। करीब तीन घंटे बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। डॉक्टर ने आरयूएचएस या महात्मा गांधी अस्पताल ले जाने की सलाह दी थी। CT स्कैन में सिर में अंदरूनी चोट मिलीऋतुराज के दो CT स्कैन हुए। एक नारायणा अस्पताल और दूसरा एसएमएस अस्पताल में किया गया। दोनों में सिर के अंदर चोट सामने आई। एसएमएस अस्पताल में इलाज करने वाले डॉ. श्रीकांत शर्मा के मुताबिक, ऋतुराज के ब्रेन में डिफ्यूज एक्सोनल इंजरी थी। डॉक्टर ने बताया कि ऐसी चोट मारपीट, उल्टा लटकाने, चोट लगने या कुछ अन्य कारणों से हो सकती है। चोट किस वजह से लगी, यह केवल CT स्कैन से तय नहीं किया जा सकता। इसके लिए आगे जांच की जरूरत हो सकती है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि नारायणा अस्पताल में पुलिस ने ऋतुराज को सांप के काटने की बात बताई। अस्पताल में उसे 10 एंटीवेनम इंजेक्शन दिए जाने की बात सामने आई है। परिवार का कहना है कि उसके शरीर पर सांप के काटने का कोई निशान नहीं था। मानवाधिकार आयोग ने मांगी CCTV फुटेजऋतुराज की मौत के बाद राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग ने मामले का संज्ञान लिया है। आयोग के अध्यक्ष जस्टिस जीआर मूलचंदानी ने जयपुर पुलिस कमिश्नर, जयपुर जिला मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (मानवाधिकार) से रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने मुहाना थाने की संबंधित समय की CCTV फुटेज सुरक्षित रखने और सीलबंद स्थिति में पेश करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मामले की प्रभावी जांच आईपीएस स्तर के अधिकारी से कराने को कहा गया है। अनुपालन रिपोर्ट और सुनवाई के लिए 23 अक्टूबर को सुबह 11 बजे पत्रावली आयोग के सामने पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस बोली- पूछताछ के दौरान टॉर्चर नहीं कियामुहाना थाना प्रभारी मुकेश खराड़िया ने पुलिस पर लगे टॉर्चर के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि मामला विदेश से सस्ता सोना लाने के नाम पर 22 लाख रुपए के लेनदेन और ठगी से जुड़ा है। प्रकाश के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज था। उनके मुताबिक, ऋतुराज को मनोज 21 सितंबर को थाने लेकर आया था और अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस का कहना है कि ऋतुराज के साथ मारपीट या टॉर्चर नहीं किया गया। मामले की जांच एसीपी स्तर पर की जा रही है। परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग कीराष्ट्रीय पशुपालक संघ और डीएनटी संघर्ष समिति के अध्यक्ष लालजी राइका ने मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ऋतुराज गाड़िया लोहार समुदाय से था और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर जांच में पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि परिवार को न्याय नहीं मिलने पर डीएनटी संघर्ष समिति आंदोलन करेगी। इस मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… पुलिस-हिरासत में तबीयत बिगड़ी थी,सिर पर चोट से मौत हुई जयपुर में पुलिस हिरासत में तबीयत बिगड़ने के 15 दिन बाद एक युवक की 5 अक्टूबर को मौत हो गई। 6 अक्टूबर को मृतक ऋतुराज लोहार (19) का एसएमएस अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान ऋतुराज के पिता प्रकाश ने बताया कि सिटी स्कैन में सामने आया है कि ऋतुराज की मौत सिर में चोट के कारण हुई है। पूरी खबर पढ़ें…
कटनी जिले के बड़वारा तहसील क्षेत्र से गुजरने वाली छोटी महानदी और उमड़ार नदी में अवैध रेत उत्खनन के आरोप सामने आए हैं। बुधवार सुबह छोटी महानदी के गुड़ा कला-देवरी घाट का एक वीडियो सामने आया, जिसमें बड़े पैमाने पर रेत का स्टॉक दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से यहां अवैध तरीके से रेत निकाली जा रही है। ग्रामीण बोले- शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं स्थानीय निवासी विजय कुमार और रामानंद पंडित ने बताया कि गुड़ा-देवरी रेत खदान में पिछले कई महीनों से अवैध उत्खनन किया जा रहा है। उनका कहना है कि स्थानीय पुलिस और खनिज विभाग को कई बार इसकी सूचना दी गई, लेकिन अब तक मौके पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। 6 से ज्यादा घाटों पर खनन का आरोप ग्रामीणों के अनुसार गुड़ा-देवरी के अलावा इमलिया, सांधी, भुड़सा संगम घाट, परसेल, विलायत खुर्द और खरहटा घाट पर भी रात के समय भारी मशीनों से अवैध उत्खनन किया जा रहा है। आरोप है कि नदियों के बहाव वाले क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में रेत निकाली जा रही है। नदी के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान का दावा ग्रामीणों का कहना है कि लगातार रेत निकालने से नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। उनका आरोप है कि अवैध खनन के कारण शासन को राजस्व का भी नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों ने सभी घाटों की जांच कराने की मांग की है। डीएमओ बोले- टीम भेजकर जांच कराएंगे जिला खनिज अधिकारी रत्नेश दीक्षित ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। जल्द ही खनिज विभाग की टीम संबंधित खदानों पर भेजकर जांच करेगी। दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई के साथ जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के अवसर पर बुधवार को उज्जैन में ‘सेवा संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सेवा ज्योति कलश यात्रा में शामिल होकर सेवा संकल्प का संदेश देंगे। आस्था गार्डन में पीएम मोदी का लाइव संबोधन कार्यक्रम आस्था गार्डन में होगा। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभा को लाइव संबोधित करेंगे। इस दौरान उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को याद किया जाएगा। सभा में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। आस्था गार्डन से शहीद पार्क तक निकलेगी यात्रा सभा के बाद आस्था गार्डन से शहीद पार्क तक ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। इसमें सेवा ज्योति कलश भी शामिल होगा। यात्रा के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा और सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।
धार में मानसून की विदाई के साथ खरीफ फसलों की कटाई अंतिम दौर में है और किसान रबी की बुआई की तैयारी में जुट गए हैं। इस बार किसानों के सामने सबसे बड़ी चिंता सिंचाई के पानी की है। कम बारिश के कारण नदी-नालों के साथ बांध और तालाब भी पूरी क्षमता तक नहीं भर पाए हैं। रबी की फसल के लिए पानी कितना उपलब्ध होगा, इसकी तस्वीर अगले एक सप्ताह में साफ होने की उम्मीद है। सरदारपुर स्थित माही परियोजना के मुख्य बांध का जलस्तर 447.75 मीटर है, जबकि इसकी पूर्ण जलग्रहण क्षमता 451.50 मीटर है। बांध स्थल पर इस वर्ष अब तक 322 मिमी (12.88 इंच) बारिश दर्ज हुई है। वहीं उप मुख्य बांध कालीकराई का जलस्तर 471.80 मीटर है। इसकी पूर्ण क्षमता 474.30 मीटर है और यहां 478 मिमी (19.12 इंच) बारिश दर्ज हुई है। विभाग के अनुसार दोनों बांध अपनी क्षमता के मुकाबले करीब 50 प्रतिशत ही भर पाए हैं। 26 हजार हेक्टेयर जमीन को मिलता है सिंचाई का लाभ माही परियोजना से धार और झाबुआ जिले के सरदारपुर, बदनावर और पेटलावद क्षेत्र में करीब 26 हजार हेक्टेयर जमीन की सिंचाई होती है। इसके अलावा दोनों बांधों से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के जरिए पेयजल की आपूर्ति भी की जाती है। ऐसे में बांधों में उपलब्ध पानी का इस्तेमाल सिंचाई के साथ पेयजल के लिए भी करना होगा। माही परियोजना के एसडीओ एचएल डावर के अनुसार 8 अक्टूबर को लाबरिया कार्यालय में किसानों के साथ बैठक होगी। इसमें रबी सीजन के लिए पानी की उपलब्धता पर चर्चा की जाएगी। विभाग किसानों को कम पानी में तैयार होने वाली फसलों की बुआई की सलाह भी दे रहा है, ताकि उपलब्ध पानी से ज्यादा क्षेत्र में सिंचाई हो सके और अंतिम छोर तक पानी पहुंचाया जा सके। 61 में सिर्फ 11 तालाबों में नहर लेवल से ऊपर पानी जल संसाधन विभाग के सरदारपुर क्षेत्र में कुल 61 तालाब हैं। इनमें से सिर्फ 11 तालाबों में नहर लेवल से ऊपर पानी है। बाकी तालाबों में पानी नहर लेवल से नीचे है। इन 11 तालाबों से किसानों को कितना पानी दिया जाएगा, इसका फैसला जिला स्तर पर होने वाली जल उपयोगिता समिति की बैठक में किया जाएगा। कम भंडारण के बीच इस बार विभाग के सामने पानी का संतुलित उपयोग करने और रबी के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की चुनौती रहेगी।
अलवर जिले में मौसम में अब धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 11 से 12 अक्टूबर के आसपास जिले में बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है। इससे खासकर रात के समय ठंडक बढ़ेगी और लोगों को मौसम में बदलाव महसूस होने लगेगा। सर्दी-जुकाम के मरीज बढ़ने लगे पिछले 24 घंटे में जिले में मौसम साफ रहा। दिन में धूप निकलने के कारण तापमान अधिक रहा, जबकि शाम होते ही मौसम में ठंडक बढ़ने लगी। रात के समय अब हल्की ठंड महसूस होने लगी है। मौसम में बदलाव के साथ सर्दी-जुकाम के मरीज भी बढ़ने लगे हैं। ऐसे में लोग रात के समय कूलर-पंखों का इस्तेमाल कम करने लगे हैं। कल 35 डिग्री तक होगा अधिकतम तापमान मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक आज अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री, जबकि 8 अक्टूबर को यह 35 डिग्री तक पहुंच सकता है। 9 अक्टूबर को भी अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं 10 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 21 डिग्री तक पहुंच सकता है। 11 अक्टूबर को दिन का तापमान करीब 35 डिग्री रहने के बाद 12 अक्टूबर से इसमें और गिरावट आने की संभावना है। अक्टूबर की शुरुआत से ही अलवर में मौसम सामान्य बना हुआ है। सुबह धूप निकलने के बाद दिन में मौसम खुला रहता है, जबकि शाम और रात में धीरे-धीरे ठंडक बढ़ रही है।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हिस्ट्रीशीटर ने बस एजेंट का काम करने वाले युवकों से गुंडागर्दी करते हुए रंगदारी की मांग की। युवकों के मना करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी जमकर पिटाई कर दी। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। आरोप है कि सरकंडा पुलिस ने इस मामले में सामान्य धाराओं के तहत कार्रवाई कर केस को रफादफा कर दिया। जबकि टीआई प्रदीप आर्य का कहना है कि मामले कार्रवाई की जा रही है। इधर, हिस्ट्रीशीटर की मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह बस को रोककर यात्रियों के सामने एजेंट की पिटाई करता नजर आ रहा है। देखिए ये तस्वीरें- सवारी बैठाने को लेकर रंगदारी की मांग जानकारी के अनुसार, शरद कश्यप और सैफी गौरी बस एजेंट का काम करते हैं। दोनों मंगलवार रात सीपत चौक के पास बस में सवारी बैठाने पहुंचे थे। इसी दौरान तिफरा निवासी हिस्ट्रीशीटर तारण निर्मलकर अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि तारण और उसके साथियों ने दोनों युवकों से बस में सवारी लेकर जाने के बदले रंगदारी की मांग की। पैसे देने से मना किया तो चलाए हाथ-मुक्के युवकों ने पैसे देने से मना किया तो हिस्ट्रीशीटर ने गाली-गलौज करते हुए दोनों की जमकर पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि उसने जान से मारने की धमकी भी दी। साथ ही बिना रंगदारी दिए काम करने पर दोबारा मारपीट करने की चेतावनी दी। पुलिस ने लगाई सामान्य धारा हिस्ट्रीशीटर की मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। इसे बस में सवार एक यात्री ने बनाया था, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में तारण निर्मलकर अपने साथियों के साथ शरद और सैफी को घेरकर गाली-गलौज और मारपीट करता नजर आ रहा है। पीड़ित युवकों ने सरकंडा थाने में शिकायत की है। उनका आरोप है कि पुलिस ने मामले में सामान्य धाराओं के तहत कार्रवाई कर केस को चलता कर दिया। इससे दोनों युवक दहशत में हैं। बस ऑपरेटर्स से वसूलता है रंगदारी तारण निर्मलकर हाईटेक बस स्टैंड में सक्रिय रहता है। आरोप है कि वह बस स्टैंड से गुजरने वाले बस ऑपरेटर्स से रंगदारी वसूलता है। साथ ही बस एजेंटों को अपने लिए काम करने की धमकी देकर गुंडागर्दी करता है और आए दिन मारपीट करता है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड के चलते बस ऑपरेटर और एजेंट उससे डरते हैं। हत्या, गुंडागर्दी और नशा बेचने का धंधा तिफरा निवासी तारण निर्मलकर आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या के साथ ही गुंडागर्दी, मारपीट के कई केस दर्ज है। इसके साथ ही उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। जेल से जमानत पर छूटने के बाद वह फिर से रंगदारी शुरू कर देता है। थाना प्रभारी बोले- रंगदारी और मारपीट की शिकायत मिली सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि युवकों ने रंगदारी मांगने और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। …………………… क्राइम से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… दूसरे लड़कों से बातचीत का शक,दोस्त से एसिड अटैक करवाया: कोचिंग में साथ पढ़े, डेढ़ साल रहा अफेयर, कोर्ट पहुंचते ही भीड़ ने पीटा छत्तीसगढ़ के बालोद में युवक ने हेड कॉन्स्टेबल की बेटी पर दोस्त से एसिड अटैक करवाया। 22 साल की छात्रा आमापारा की लाइब्रेरी से पढ़कर घर लौट रही थी, तभी आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने सिंचाई कॉलोनी में उस पर एसिड फेंका गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी यश सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी खबर…
सीहोर के रूपादा गांव के पांच ग्रामीणों से बैंक लोन दिलाने के नाम पर 4 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि भाउखेड़ी के पिंटू परमार ने स्टेट बैंक से प्रत्येक व्यक्ति को 6 लाख रुपए का लोन दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले उसने 7 लाख रुपए मॉर्गेज फीस मांगी थी। रूपादा निवासी बलराम, गोविंद, राजमल, सुरेश और मुकेश को लोन की जरूरत थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात पिंटू से हुई। उसके भरोसे में आकर ग्रामीणों ने दो किस्तों में उसे कुल 4 लाख रुपए दे दिए। इसके बाद जब उन्होंने लोन की प्रक्रिया और दस्तावेजों के बारे में जानकारी मांगी तो पिंटू कथित तौर पर टालमटोल करने लगा। बचे 3 लाख देने के बहाने तहसील बुलाया ग्रामीणों को शक हुआ तो उन्होंने पिंटू को बाकी 3 लाख रुपए देने के बहाने इछावर तहसील परिसर बुलाया। आरोपी के तहसील पहुंचते ही ग्रामीणों ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पिंटू को इछावर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पीड़ित ग्रामीणों ने पुलिस को आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और ठगे गए 4 लाख रुपए वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
दमोह में मंगलवार रात अस्पताल चौराहे पर कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला जलाने की कोशिश की गई। पुलिस पहले से ही फायर ब्रिगेड के साथ चौराहे पर तैनात थी। जैसे ही पुतला जलाने का प्रयास किया गया, वाटर कैनन की मदद से आग बुझा दी गई। इस दौरान चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और पानी की बौछारें चलती रहीं। डेढ़ घंटे चला प्रदर्शन, नारेबाजी की कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन करीब डेढ़ घंटे तक चला। इसके बाद नेताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए सीएसपी एचआर पांडे के साथ कोतवाली का पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। जिलाध्यक्ष बोले- मताधिकार से वंचित करने की लड़ाई कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानक पटेल ने कहा कि कांग्रेस न्याय के लिए लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 13 करोड़ 30 लाख मतदाताओं के नाम प्रधानमंत्री के इशारे पर काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इसी मुद्दे को उठा रहे थे और उनकी गिरफ्तारी के विरोध में गृहमंत्री का पुतला जलाने का प्रयास किया गया। नितिन मिश्रा बोले- वोट चोरी कर सरकार बनाने का आरोप कांग्रेस नेता नितिन मिश्रा ने आरोप लगाया कि वोट चोरी कर सरकार बनाने की बात सामने आई है और सरकार ज्ञानेश कुमार को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने इस मुद्दे को उठाया था। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर इसी के विरोध में पुतला दहन किया गया। सीएसपी बोले- पहले से चाक-चौबंद थी व्यवस्था सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन और पुतला जलाने की जानकारी पहले ही मिल गई थी। पुलिस की व्यवस्था पहले से की गई थी और फायर ब्रिगेड मौके पर मौजूद थी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेताओं ने कुछ घास के टुकड़े जलाने का प्रयास किया, जिन्हें तत्काल बुझा दिया गया।
पुष्कर मेला 2026 में इस बार लगान फिल्म जैसा क्रिकेट मैच खेला जाएगा। पहली बार घोड़ों की फिटनेस रेस (एंड्योरेंस राइडिंग) का मुकाबला होगा। इसमें घोड़ों को 60 किलोमीटर दौड़ाकर हार्ट बीट, डिहाइड्रेशन और फिटनेस की जांच की जाएगी। इसके साथ ही ऊंटनी के दूध की प्रतियोगिता कराने पर भी चर्चा है। इसमें यह देखा जाएगा कि किस ऊंटनी ने निर्धारित प्रक्रिया में सबसे अधिक दूध दिया। दरअसल, मेले की अनौपचारिक शुरुआत 10 नवंबर से होगी। 17 नवंबर को पूजा, फ्लैग होस्टिंग और नगाड़ा वादन के साथ इसका औपचारिक आगाज होगा। जो 24 नवंबर तक चलेगा। जिला प्रशासन ने 17 से 24 नवंबर तक होने वाले कार्यक्रमों का कैलेंडर तैयार कर लिया है। मेला तीन चरणों में आयोजित होता है। इसमें पशु मेला, सांस्कृतिक और धार्मिक मेला शामिल है। दैनिक भास्कर पर सबसे पहले देखें पुष्कर मेला 2026 का कैलेंडर आगे डीटेल में देखिए पूरा कैलेंडर 17 नवंबर को सुबह 10 बजे मेला ग्राउंड में पूजा, फ्लैग होस्टिंग और नगाड़ा वादन होगा। इसके बाद स्कूल की छात्राओं की मंडाना प्रतियोगिता व ग्रुप डांस होगा। सुबह 11 बजे 'चक दे राजस्थान' फुटबॉल मैच स्थानीय खिलाड़ियों और विदेशियों के बीच खेला जाएगा। शाम को 6 बजे पुष्कर सरोवर के घाटों पर दीपदान, रंगोली, महाआरती और पुष्कर अभिषेक होगा। इसके बाद 6.30 बजे 'वॉइस ऑफ पुष्कर' और राजस्थानी लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। 18 नवंबर को सुबह 10 बजे स्थानीय और विदेशी प्रतिभागियों के बीच लंगड़ी टांग, सतोलिया और गिल्ली-डंडा जैसे पारंपरिक खेल होंगे। इसके बाद 11.30 बजे ऊंट सजावट और ऊंट नृत्य प्रतियोगिता होगी। शाम को 6.30 बजे वॉइस ऑफ पुष्कर और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 19 नवंबर को सुबह 10 बजे स्थानीय और विदेशी प्रतिभागियों के बीच कबड्डी मैच होगा। इसके बाद 11.30 बजे घोड़ा नृत्य प्रतियोगिता और दिन में 1 बजे पंचायत समिति स्तर की ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें रस्साकशी, वॉलीबॉल और कबड्डी शामिल हैं। शाम को 7 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 20 नवंबर की शुरुआत सुबह 9 बजे गुरुद्वारा से मेला ग्राउंड तक स्पिरिचुअल वॉक/प्रोसेशन से होगी। इसके बाद दिन में 1 बजे इंटर पंचायत समिति ग्रामीण खेल होंगे। शाम 4 बजे पुष्कर के शिल्पग्राम में फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल का उद्घाटन होगा। शाम को 6 बजे पुष्कर सरोवर पर महाआरती और शाम 7 बजे मेला ग्राउंड में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 21 नवंबर को सुबह 10.30 बजे विदेशी पर्यटकों के लिए पगड़ी बांधने और तिलक प्रतियोगिता होगी। इसके बाद 11 बजे मूंछ प्रतियोगिता आयोजित होगी। दोपहर 12 बजे में पंचायत समिति ग्रामीण खेलों का फाइनल होगा। शाम को 6 बजे महाआरती और शाम 7 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 22 नवंबर को सुबह 10.30 बजे मेला ग्राउंड में महिलाओं के लिए मटका रेस और सुबह 11.30 बजे म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताएं होंगी। शाम को 6 बजे पुष्कर सरोवर पर महाआरती और इसके बाद 7 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 23 नवंबर को सूबह 11 बजे मेला ग्राउंड में 'लगान' स्टाइल क्रिकेट मैच आकर्षण का केंद्र रहेगा। शाम को 6 बजे पुष्कर महाआरती और 7 बजे राजस्थानी सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 24 नवंबर को सुबह 10.30 बजे क्लोजिंग सेरेमनी, मेगा कल्चरल इवेंट और पुरस्कार वितरण होगा। इसमें ग्रुप डांस, कला जत्था यात्रा, मटका रेस, टग ऑफ वॉर सहित अन्य कार्यक्रम होंगे। शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर पर महाआरती के साथ मेले का समापन होगा। इन इवेंट की तारीख अभी तय नहीं बॉलीवुड नाइट भी होगी, कलाकार का नाम अभी तय नहीं मेले में इस बार बॉलीवुड नाइट भी आयोजित की जाएगी। इसमें किस बॉलीवुड सिंगर को बुलाया जाएगा, इसे लेकर प्रशासन स्तर पर चर्चा चल रही है। कलाकार का नाम अभी तय नहीं हुआ है। नाम तय होने के बाद बॉलीवुड नाइट की डेट भी घोषित होगी। इसके अलावा स्थानीय और राजस्थानी कलाकारों को भी मंच दिया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को राजस्थान की लोक संस्कृति, नृत्य, गायन और कला की झलक मिल सके। तीन लूप में होगी घोड़ों की फिटनेस जांच इस बार पुष्कर मेले में पहली बार फिटनेस रेस कराई जाएगी। इसमें घोड़ा और राइडर 60 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। राइडिंग के 20-20 किलोमीटर के तीन लूप होंगे। हर लूप के बाद घोड़े की हार्ट बीट, डिहाइड्रेशन और फिटनेस की जांच की जाएगी। राइडर का स्टेमिना भी देखा जाएगा। मेडिकल रूप से अनफिट पाए जाने पर घोड़े को राइडिंग से बाहर कर दिया जाएगा। मेले में पहली बार रेवाल चाल प्रतियोगिता भी होगी। करीब एक किलोमीटर की इस प्रतियोगिता में मारवाड़ी घोड़े की खास चाल, रफ्तार और सहनशक्ति देखी जाएगी। शर्त होगी कि घोड़ा और राइडर बिना थकान के निर्धारित दूरी पूरी करें। इसके अलावा ट्रिक राइडिंग में राइडर घोड़े के साथ अलग-अलग करतब दिखाएंगे। ऊंटनी के दूध प्रतियोगिता पर भी चर्चा कैमल पोलो और ऊंट से जुड़ी पारंपरिक प्रतियोगिताओं के साथ इस बार ऊंटनी के दूध की प्रतियोगिता कराने पर भी चर्चा है। इसमें यह देखा जाएगा कि किस ऊंटनी ने निर्धारित प्रक्रिया में सबसे अधिक दूध दिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले पशुपालक को सम्मानित करने की तैयारी है। पशुपालन विभाग की ओर से गाय और ऊंटों से जुड़ी अन्य प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। 52 घाटों पर सुरक्षा के लिए रस्सियां और चेतावनी साइन पुष्कर के 52 घाटों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए खतरे वाले स्थानों पर चेतावनी साइन और रस्सियां लगाई जाएंगी। सिविल डिफेंस, एसडीआरएफ, स्वयंसेवक और मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे, ताकि घाटों पर किसी तरह की दुर्घटना न हो। वन-वे ट्रैफिक, CCTV और 2000 से ज्यादा पुलिसकर्मी संभालेंगे व्यवस्था मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी। अजमेर शहर से घाटी की ओर जाने और हाईवे से पुष्कर आने के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएंगे। मेले की गतिविधियों पर CCTV से नजर रखी जाएगी। 2000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी और स्थायी पुलिस चौकी भी बनाई जाएगी। ब्रह्मा मंदिर से बाजार तक खास सजावट देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए पुष्कर को आकर्षक रूप देने की तैयारी है। ब्रह्मा मंदिर और बाजारों में विशेष सजावट की जाएगी। पर्यटन विभाग सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से मेले का प्रचार कर रहा है और कई देशों के पर्यटकों को मेले में आने का न्योता दिया जाएगा।
लुधियाना के पास इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पथराव:खिड़की के 3 शीशे टूटे; RPF ने अज्ञात पर केस दर्ज किया
लुधियाना में दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस पर लुधियाना के नजदीक पत्थर फेंकने का मामला सामने आया है। पथराव से ट्रेन के एक कोच की खिड़की के तीन शीशे टूट गए। घटना में यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की जान को खतरा पैदा हुआ। इस मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 153 और 147 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दरअसल, 6 अक्टूबर को मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष फिरोजपुर से मिली शिकायत में बताया गया था कि किसी ट्रेन पर पत्थर लगने से खिड़की का शीशा टूट गया है। सूचना मिलने पर RPF के उप निरीक्षक विजयपाल सिंह और सहायक उप निरीक्षक चमन लाल ने घटना स्थल एरिया के रेलवे ट्रैक की जांच की। इस दौरान आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। शिकायतकर्ता ने अपना मोबाइल नंबर भी साझा नहीं किया था, जिसके कारण घटना की सटीक जगह की पुष्टि नहीं हो सकी। अमृतसर पहुंचने पर जांच में टूटे मिले 3 शीशे इसके बाद 7 अक्टूबर को मंडल सुरक्षा कंट्रोल रुम की ओर से 139 पर घटना की जानकारी साझा की गई। बताया गया कि RPF पोस्ट अमृतसर के सहायक उप निरीक्षक रणवीर सिंह ने ट्रेन नंबर 14679 दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस के रात करीब 10:25 बजे अमृतसर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पहुंचने पर CW और JE रोहित कुमार के साथ ट्रेन की जांच की। जांच के दौरान कोच नंबर NR 246321 (LWSCZ) में सीट नंबर 43, 44 और 45 के पास खिड़की के दोनों तरफ के शीशे टूटे मिले। इस संबंध में रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त नोट भी तैयार किया है। जांच में सामने आया कि मिली शिकायत के अनुसार ट्रेन के लुधियाना से पहले बाईं तरफ से पत्थर लगा था। अज्ञात के खिलाफ केस, तलाश शुरू RPF ने घटना को आपराधिक हस्तक्षेप मानते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक चलती ट्रेन पर पत्थर फेंकने से यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की जान को खतरा पैदा हुआ, इसलिए रेलवे एक्ट की धारा 153 और 147 के तहत कार्रवाई की गई है। घटना की जांच में रेलवे पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और उपलब्ध वीडियो फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान हो सके। RPF अब पत्थर फेंकने वाले आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सुराग जुटा रही है। मामले की आगे की जांच उप निरीक्षक विजयपाल सिंह को सौंपी गई है। उच्च अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।
खेरवाड़ा के कालीबाई छात्रावास में छात्राओं को मिल रही सुविधाओं में कई खामियां सामने आई हैं। छात्राओं की शिकायत पर 6 अक्टूबर को उएसडीएम, तहसीलदार और बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी ने छात्रावास का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्डन मौजूद नहीं मिलीं। उन्होंने बीमार होने के चलते छुट्टी पर होना बताया। दोपहर ढाई बजे तक छात्राओं को भोजन नहीं मिला था और राशन की गुणवत्ता भी खराब पाई गई। छात्रावास के बाथरूम और दरवाजों की हालत खराब थी। छात्राओं को साबुन भी नहीं दिया जा रहा था। छात्राओं ने बताया कि नाश्ता समय पर नहीं मिलता और रात में वार्डन छात्रावास में नहीं रुकती हैं। अधिकारियों ने वार्डन को कारण बताओ नोटिस जारी कर जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही, छात्रावास में तुरंत गुणवत्तापूर्ण भोजन, साफ-सफाई व सुरक्षा सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
छिंदवाड़ा जिले के जंगलों में पिछले करीब डेढ़ माह से घूम रहा जंगली हाथी अब नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा वनवृत्त की सीमा के करीब पहुंच गया है। सोमवार तक हाथी की मौजूदगी बटकाखापा बीट के धौखेड़ा जंगल के पास मिली थी। मंगलवार दोपहर पश्चिम हर्रई से लगी बीटों में भी हाथी के मूवमेंट के संकेत मिले। वन विभाग की टीम को हर्रई परिक्षेत्र क्रमांक-1 के मोहनी घाट के पास हाथी के पगमार्क मिले हैं। गश्ती के दौरान टीम को पगमार्क के साथ हाथी के बिष्टा (गोबर) के निशान भी मिले। इसके अलावा राजस्व क्षेत्र के एक किसान के खेत में भी हाथी की मौजूदगी के संकेत मिले हैं। नरसिंहपुर वन क्षेत्र की ओर बढ़ने की संभावना वन अधिकारियों के अनुसार, हाथी जिस क्षेत्र में घूम रहा है, वह नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा वनवृत्त की सीमा से लगा हुआ है। ऐसे में उसके नरसिंहपुर के वन क्षेत्र की ओर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल वन विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं। टीम हाथी के पगमार्क और अन्य संकेतों के आधार पर उसके मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है। हर्रई वन परिक्षेत्र अधिकारी एचएल कोदर ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही है। हाथी का मूवमेंट फिलहाल जंगल क्षेत्र में बना हुआ है। टीम लगातार पगमार्क और अन्य संकेतों की निगरानी कर रही है। सोमवार को धौखेड़ा जंगल में मिला था हाथी सोमवार को हाथी की मौजूदगी बटकाखापा बीट के धौखेड़ा जंगल के पास मिली थी। मंगलवार को पश्चिम हर्रई से लगी बीटों में इसके पगमार्क और अन्य संकेत मिले। वन विभाग की टीमें हाथी के अगले मूवमेंट पर लगातार नजर रख रही हैं।
लखनऊ में बाढ़ के हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। गोमती नदी का जलस्तर 9वें दिन भी बढ़ रहा है। फैजुल्लागंज सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां 40 हजार घरों में 5-6 फीट तक पानी भरा है। 3 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। कई लोग घरों में ताला लगाकर सुरक्षित जगहों पर जाने को मजबूर हैं। इटौंजा में बाढ़ के तेज बहाव में 6 दोस्त बह गए। इनमें से एक की मौत हो गई, जबकि 5 को बचा लिया गया। खाटू श्याम मंदिर, हनुमंत धाम और चंद्रिका देवी मंदिर भी पानी में डूब गए हैं। लेटे हनुमान मंदिर के गर्भगृह में 13 फीट तक पानी भर गया है। करीब 20 साल बाद गर्भगृह बंद करना पड़ा है। चंद्रिका देवी मंदिर भी पानी कम होने तक बंद कर दिया गया है। बाढ़ के पानी के साथ सांप और दूसरे जहरीले जीव-जंतु भी घरों में घुस रहे हैं। इससे लोगों में डर बना हुआ है। बाढ़ प्रभावित लोग सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर प्रशासन से मदद की मांग कर रहे हैं।
वाराणसी में बुधवार को पीएम मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान का समापन होगा। गुजरात के वडनगर से निकली सेवा संकल्प बाइक यात्रा मंगलवार शाम ही काशी पहुंच चुकी है। सुबह 10 से 11 बजे के बीच पीएम मोदी के लाइव संबोधन को LED स्क्रीन के माध्यम से सुना जाएगा। कार्यक्रम के बाद करीब 500 बाइक यात्री बस से मैदागिन पहुंचेंगे। यहां से पैदल काशी विश्वनाथ मंदिर जलाभिषेक करने जाएंगे। इसके बाद शहर से करीब 10 किमी दूर रोहनिया इलाके में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की जनसभा होगी, जहां 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। जनसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ, असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा और यूपी भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी भी रहेंगे। काशी में राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन की यह पहली जनसभा होगी। नितिन नवीन और योगी की जनसभा के अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
जबलपुर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। वह संदिग्ध हालात में व्हीकल फैक्ट्री के पास घूम रहा था। स्थानीय लोगों ने पूछताछ की तो उसने अपना नाम हामिद अंसारी बताया। खुद को पाकिस्तान के रावलपिंडी का रहने वाला कहा। इसके बाद लोगों ने रांझी पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। थाने में उससे पूछताछ की जा रही है। रक्षा संस्थान के पास लोगों ने घेर रखा था घमापुर निवासी एडवोकेट आशीष प्रजापति ने बताया कि वे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। गोकलपुर के पास उन्होंने भीड़ देखी। यहां कुछ लोगों ने एक युवक को घेर रखा था। आशीष ने कहा- युवक जिस जगह मिला, वह डिफेंस संस्थान के नजदीक है। ऐसे में उसके दावे को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को सूचना दी। मंदिर के पास नारे लगाने का भी आरोप स्थानीय लोगों ने युवक पर मंदिर के पास पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इसकी पुलिस स्तर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक तौर पर उसके व्यवहार को स्थानीय लोगों ने असामान्य बताया है। रांझी थाने के एसआई सीताराम बकोड़े ने कहा- युवक कभी अपना नाम शिवा तो कभी हामिद अंसारी बता रहा है। वह बार-बार बयान बदल रहा है। उसकी मेडिकल जांच करा रहे हैं। इसके बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी कि युवक की वास्तविक पहचान और उसके बयानों की हकीकत क्या है। ये खबर भी पढ़ें… ISI से जुड़े MP के 3 युवक गिरफ्तार दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े होने का दावा करते हुए एमपी के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ये लोग दिल्ली का ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत हाईवे स्थित एक ढाबा और हरियाणा का सैन्य कैंप उड़ाने वाले थे। पढ़ें पूरी खबर…
श्रीगंगानगर पुलिस ने नशे और हथियार तस्करी के नेटवर्क से जुड़े 22 साल के युवक गुरविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से पुलिस ने 500 ग्राम मेथएम्फेटामाइन (आइस) बरामद की है। इससे पहले गुरविंद्र को 32 बोर पिस्टल और 47 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था। आरोपी फिलहाल 8 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर है। मीरा चौक चौकी प्रभारी नरेश कुमार ने सीआईडी और डीएसटी के सहयोग से यह कार्रवाई की। रिमांड के दौरान पूछताछ में गुरविंद्र ने घर में आइस ड्रग छिपाकर रखने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 500 ग्राम ड्रग बरामद की। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जवाहरनगर थाना प्रभारी दिनेश सारण कर रहे हैं। दो आरोपियों पर नेटवर्क चलाने का आरोप जांच अधिकारी नरेश कुमार के अनुसार, चक महाराजका निवासी सहजप्रीत सिंह और परमिंद्र सिंह जुलाई 2023 में यूके चले गए थे। दोनों दानीरामवाला निवासी सोनू कुम्हार की हत्या और शव नष्ट करने के मामले में चूनावढ़ पुलिस के वांछित आरोपी हैं। पुलिस पूछताछ में गुरविंद्र ने बताया कि यूके में बैठे सहजप्रीत और परमिंद्र ड्रग व हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस के अनुसार, इनके जरिए भेजे गए नशे और हथियार गुरविंद्र सहित कुछ अन्य युवकों के माध्यम से आगे बेचे जाने की बात सामने आई है। 6 क्विंटल अफीम और 15 किलो से ज्यादा आइस बेचने का दावा पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गुरविंद्र ने दावा किया कि नेटवर्क से जुड़े लोगों ने अब तक 6 क्विंटल से अधिक अफीम, 15 किलो से ज्यादा आइस ड्रग, 12 पिस्टल और करीब 100 कारतूस की तस्करी की है। पुलिस को आशंका है कि ड्रग और हथियार पाकिस्तानी हैंडलर्स की मदद से ड्रोन के जरिए सीमा क्षेत्र में गिराए जाते थे। इसके बाद स्थानीय नेटवर्क के माध्यम से इन्हें आगे पहुंचाया जाता था। पुलिस इन दावों की जांच कर रही है। 60 से ज्यादा बैंक खातों की पासबुक मिलीं पुलिस को गुरविंद्र के कब्जे से पंजाब के 60 से ज्यादा बैंक खातों की पासबुक मिलने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इन खातों में करोड़ों रुपये की ट्रांजेक्शन का पता चला है। आशंका है कि ड्रग और हथियारों से जुड़े पैसों को इन खातों के जरिए इधर-उधर किया जाता था। पुलिस ने संबंधित बैंकों से खातों की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री मांगी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि ये खाते किन लोगों के नाम पर हैं और इनके संचालन में गुरविंद्र की क्या भूमिका थी। फायरिंग का भी आरोप जांच में गुरविंद्र के एक युवती से संबंध होने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, युवती के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। आरोप है कि परिवार को डराने के लिए उनके घर पर फायरिंग करवाई गई थी। इस मामले में भी पुलिस गुरविंद्र की भूमिका की जांच कर रही है।
सतना के रेत कारोबारी पर फायरिंग के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 315 बोर का कट्टा बरामद हुआ है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों को घटनास्थल पर लेकर गई और पैदल जुलूस निकाला। टीआई हेमंत शर्मा ने बताया कि 28 सितंबर की रात संजय कुमार अग्रवाल अपने बेटे मोहित के साथ कार से घर लौट रहे थे। भुजवा मोहल्ले में वे पान बंधवाने के लिए रुके थे। इसी दौरान बाइक से आए दो युवकों ने गाली-गलौज की और कट्टे से फायर कर दिया। गोली संजय की जांघ को छूकर निकल गई, जिससे वे घायल हो गए। CCTV से आरोपियों तक पहुंची पुलिस पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज और मुखबिरों की मदद से उमर खान (22) और उसके बड़े भाई भइया खान उर्फ मकबूल (27) की पहचान की। घटना के बाद दोनों फरार हो गए थे। करीब 8 दिन तक तलाश के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, उमर खान के खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज है। वहीं भइया खान के खिलाफ रंगदारी और मारपीट के केस दर्ज हैं।
छिंदवाड़ा में विद्युत वितरण कंपनी द्वारा विद्युत लाइनों और फीडरों के रखरखाव एवं मेंटेनेंस का कार्य किया जा रहा है। इसके चलते आज बुधवार 7 अक्टूबर को शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों सहित जिले के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति कई घंटे बाधित रहेगी। अलग-अलग फीडरों पर सुबह से शाम तक शटडाउन लिया जाएगा। मोहरली फीडर से जुड़े क्षेत्रों में सुबह 9 से शाम 5 बजे तक बिजली बंद 11 केव्ही मोहरली फीडर पर मरम्मत कार्य के चलते सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इससे फर्स्ट स्टेप स्कूल, ढिमराढाना, जामुनझिरी, झंडा, गिट्टी खदान, मोहरली, खैरी भोपाल और लहगडुआ सहित आसपास के क्षेत्र प्रभावित होंगे। ग्रामीण उपसंभाग में सुबह 8 से शाम 6 बजे तक कटौती 33 केव्ही और 11 केव्ही फीडरों के रखरखाव के कारण ग्रामीण उपसंभाग छिंदवाड़ा के वनगांव मिक्स और सारना मिक्स फीडर भी प्रभावित रहेंगे। इसके चलते वनगांव, सारना, पिपरिया, बिरसा और मंदिर सिवनी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। वहीं 11 केव्ही उसरिया मिक्स फीडर से जुड़े उसरिया, रानी कामथ, बजरंग नगर और राजगृह कॉलोनी में भी सप्लाई बंद रहेगी। उमरानाला उपसंभाग के कई गांव प्रभावित उमरानाला उपसंभाग में भी मेंटेनेंस कार्य के चलते कई ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 11 केव्ही भांडखापा डीएल फीडर से जुड़े भांडखापा, सांख और डूंडा सिवनी तथा 11 केव्ही तुर्कीखापा डीएल फीडर से जुड़े सारंगबिहरी, तुर्कीखापा, गोहजर, अडवार, आंजनी, गोरखपुर, हिवरावासुदेव, परसगांव, नीलकंठीकला, राजना, गोंदरा, सामरवोह, सरोरा, पठरानाई और बुचनई क्षेत्र प्रभावित होंगे। विद्युत कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि शटडाउन की अवधि को ध्यान में रखते हुए जरूरी काम पहले ही निपटा लें।
अगर आपका नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं है तो निर्वाचन आयोग ने नाम जुड़वाने का मौका दिया है। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 7 से 9 अक्टूबर तक रतलाम जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने से छूटे पात्र लोगों के आवेदन लिए जाएंगे। जिन पात्र नागरिकों का नाम वर्तमान में मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, जो नागरिक 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे भी फॉर्म-6 के जरिए आवेदन कर सकते हैं। फॉर्म-6 संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) या निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) कार्यालय में जमा किया जा सकता है। ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन मतदाता अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाने के लिए https://voters.eci.gov.in/ वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भर सकते हैं। फॉर्म-6 के साथ अलग से घोषणा पत्र लेने की आवश्यकता नहीं है। बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान के दौरान नाम जुड़वाने से छूटे पात्र लोगों से फॉर्म-6 भरवाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र नहीं लिया जाएगा। निर्वाचन आयोग करेगा मॉनिटरिंग अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेंद्र रावत ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों और सुपरवाइजरों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान गंभीरता और तत्परता से काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। अभियान की निर्वाचन आयोग द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कटेसरिया ने जिले के पात्र नागरिकों से अभियान का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें।
रीवा के 100 बिस्तरों वाले आयुष्मान अस्पताल को बंद करने का मामला मध्य प्रदेश हाईकोर्ट पहुंच गया है। रीवा कलेक्टर और एसपी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की कार्रवाई को चुनौती देने वाली याचिका पर मंगलवार को सुनवाई हुई। जस्टिस विशाल मिश्रा की कोर्ट ने फिलहाल अस्पताल का संचालन रोकने के आदेश पर रोक लगा दी है। साथ ही डीजीपी को अस्पताल और पास के पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद होगी। 23 सितंबर की रात प्रशासन ने किया था निरीक्षण दरअसल, 23 सितंबर 2026 की रात करीब साढ़े 10 बजे रीवा कलेक्टर, एसपी और अन्य अधिकारियों ने शहर स्थित आयुष्मान अस्पताल में अचानक निरीक्षण किया था। अस्पताल में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद कार्रवाई की गई। अस्पताल के डॉक्टर केडी सिंह के खिलाफ शिकायतों की बात भी सामने आई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर जांच की और कई दस्तावेज जब्त किए। प्रशासन की ओर से अस्पताल संचालक डॉ. प्रियंका सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया। इसके बाद 24 सितंबर को अस्पताल के संचालन पर रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया गया। साथ ही भर्ती मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए। अस्पताल ने कहा-तीन दिन का समय दिए बिना बंद करने का आदेश प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ आयुष्मान अस्पताल ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता संजय के. अग्रवाल और सिद्धार्थ कुमार शर्मा ने कोर्ट में तर्क दिया कि अस्पताल को जारी कारण बताओ नोटिस में तीन दिन में जवाब देने का समय दिया गया था। इसके बावजूद जवाब का इंतजार किए बिना अस्पताल बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया। याचिकाकर्ता ने यह भी सवाल उठाया कि कलेक्टर, एसपी और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को अस्पताल का निरीक्षण कर इस तरह की कार्रवाई करने का अधिकार किस आधार पर मिला। अस्पताल की कमियों और लाइसेंस संबंधी कार्रवाई के लिए मध्यप्रदेश नर्सिंग होम्स एंड क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट, 1973 के तहत स्वास्थ्य विभाग और सीएमएचओ के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। धारा 6 में एक माह के नोटिस का दिया हवाला अस्पताल की ओर से कोर्ट को बताया गया कि एक्ट की धारा 6 के तहत अस्पताल का पंजीकरण रद्द करने से पहले एक माह का नोटिस देने का प्रावधान है। इसके विपरीत अस्पताल को केवल तीन दिन का नोटिस दिया गया। याचिकाकर्ता ने यह भी बताया कि प्रशासन की कार्रवाई पास के पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। सरकार बोली- अस्पताल बंद नहीं किया गया मंगलवार की सुनवाई में राज्य सरकार की ओर से शासकीय अधिवक्ता एएस बघेल ने कोर्ट को बताया कि अस्पताल बंद नहीं हुआ है। उनका कहना था कि 24 सितंबर को अस्पताल बंद करने का आदेश लागू नहीं किया गया और अस्पताल को संचालन की अनुमति है। उन्होंने यह भी कहा कि तीन दिन के नोटिस को 30 दिन का माना जा सकता है। हालांकि, हाईकोर्ट ने राज्य सरकार के इस जवाब को संतोषजनक नहीं माना। कोर्ट ने कहा कि 24 सितंबर के अंतरिम आदेश में अस्पताल का संचालन तत्काल प्रभाव से रोकने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। अगली सुनवाई तक संचालन नहीं रोका जाएगा सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने 24 सितंबर को रीवा कलेक्टर और एसपी की ओर से की गई कार्रवाई पर रोक लगा दी। जस्टिस विशाल मिश्रा की कोर्ट ने निर्देश दिया कि अगली सुनवाई तक 100 बिस्तरों वाले आयुष्मान अस्पताल का संचालन नहीं रोका जाए। साथ ही डीजीपी को अस्पताल और पास के पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद होगी।
छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर बदल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज (बुधवार) प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। रायपुर समेत 26 जिलों में शाम से रात तक गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। यह नाउकास्ट आज (6 अक्टूबर) शाम 6:20 बजे से रात 9:20 बजे तक के लिए जारी किया गया है। मानसून वापसी की रेखा रायपुर से गुजरने और ऊपरी हवा में सक्रिय सिस्टम के कारण बारिश की स्थिति बन रही है। 26 जिलों में गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में इसका असर देखा जा सकता है। रायपुर में शाम-रात बारिश के आसार शहर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने शहर में शाम और रात के समय बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना जताई है। प्रदेश में मंगलवार को मौसम मुख्य रूप से ड्राई रहा, हालांकि मुंगेली और बलरामपुर में कुछ जगह हल्की बारिश दर्ज की गई। अगले तीन दिन भी प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा प्रदेश में मंगलवार को सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 35.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 19.2 डिग्री रहा।
बांसवाड़ा नगर परिषद द्वारा आयोजित होने वाले प्रसिद्ध दशहरा मेले की टेंडर प्रक्रिया के दौरान मंगलवार को जमकर बवाल हुआ। आगामी 11 अक्टूबर से नवरात्रि शुरू होने वाले हैं, ऐसे में समय कम होने के कारण मेले की व्यवस्थाओं को लेकर संशय और बढ़ गया है। मेले के ठेके के लिए कुल 9 ठेकेदारों ने आवेदन पत्र जमा किए थे। जांच के दौरान नगर परिषद प्रशासन ने 6 ठेकेदारों के आवेदनों को नियमों के तहत निरस्त कर दिया, जिससे केवल 3 ठेकेदार ही बोली की दौड़ में शेष रह गए। पात्र पाए गए 3 ठेकेदारों के बीच बोली की प्रक्रिया शुरू हुई और देखते ही देखते यह बोली 50 लाख 51 हजार रुपये तक पहुंच गई। इसी दौरान अपात्र घोषित किए गए 6 ठेकेदारों ने टेंडर प्रक्रिया में धांधली और पक्षपात का गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि अपात्र ठेकेदारों ने चल रही बोली प्रक्रिया को जबरन रोक दिया और परिसर से बोली लगा रहे तीनों ठेकेदारों को बाहर निकाल दिया। 11 अक्टूबर से नवरात्र शुरू हो जाएंगे, वहीं अब मेले को लेकर 3 दिन ही बचे हैं। इतने कम समय में मेले को लेकर व्यवस्थाएं करना व्यापारियों के लिए भी मुश्किल काम है। सफल बोलीदाता असफल बोलीदाता इस पूरे घटनाक्रम के दौरान नगर परिषद आयुक्त, अध्यक्ष (सभापति) और कई कर्मचारी मौके पर ही मौजूद थे, लेकिन स्थिति पूरी तरह अनियंत्रित हो गई। विरोध कर रहे ठेकेदारों और लोगों का कहना था कि समय का बहुत अभाव है, क्योंकि अब केवल कुछ ही दिन बचे हैं और मेले में दुकान लगाने, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाएगा। मंगलवार रात्रि 1 बजे तक नगर परिषद कार्यालय में दशहरा मेले के इस हंगामे के बाद भी टेंडर पर कोई अंतिम मुहर नहीं लग सकी है। नगर परिषद के इस लचर घटनाक्रम और हंगामे के कारण स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सभापति रावत बोले-आज कर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर लेंगे सभापति मुकेश रावत ने बताया कि कल हंगामा हुआ था आज बोली के बाद टेंडर प्रकिया पूरी कर ली जाएगी।
गुना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की त्रिमूर्ति कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय युवती के साथ वर्क फ्रॉम होम जॉब के नाम पर 80 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने पहले भरोसा जीतने के लिए युवती के खाते में काम के बदले छोटी रकम भेजी। इसके बाद टेलीग्राम पर लिंक भेजकर उसके बैंक खाते से 80 हजार रुपए निकाल लिए। त्रिमूर्ति कॉलोनी निवासी उर्वशी सूर्यवंशी (25) पुत्री मुकेश कुमार सूर्यवंशी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उर्वशी ने बताया कि उसके पास एक अनजान नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने वर्क फ्रॉम होम जॉब दिलाने का झांसा दिया और उससे पर्सनल डिटेल मांगी। पहले खाते में भेजे 3,690 रुपए पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर को काम पूरा करने के बाद आरोपी ने उर्वशी के खाते में UPI के जरिए 1,040, 1,300 और 1,350 रुपए भेजे। इससे युवती को आरोपी पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपी ने टेलीग्राम आईडी से एक लिंक भेजा। युवती ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, उसके बैंक खाते से दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन में रकम कट गई। दो खातों में ट्रांसफर हुए 80 हजार शिकायत के मुताबिक, खाते से 30 हजार रुपए शाहिल अली के खाते में और 50 हजार रुपए विशाल गनपत माली के खाते में ट्रांसफर हुए। इस तरह कुल 80 हजार रुपए की राशि चली गई। ठगी के बाद भी आरोपी ने 30 सितंबर को युवती को दोबारा मैसेज किया और कहा कि अगर वह 1 लाख रुपए और जमा करती है तो पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। इसके बाद युवती को ठगी का अहसास हुआ। 1930 पर शिकायत के बाद केस दर्ज युवती ने मामले की शिकायत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर भी की। शिकायत और साइबर हेल्पलाइन से मिली जानकारी के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 318(4) और 319(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
जबलपुर रेलवे स्टेशन के जन आहार केंद्र को लेकर महीनों से चल रहे विवाद में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने IRCTC को राहत दी है। जस्टिस दीपक खोत की कोर्ट ने मैसर्स कंचन रेस्टोरेंट एंड कैटरर्स की ओर से दायर मध्यस्थ नियुक्ति की अर्जी खारिज कर दी। IRCTC की ओर से अधिवक्ता नवतेज सिंह रूपराह ने पैरवी की। कोर्ट का फैसला जन आहार केंद्र में साफ-सफाई, खाद्य सुरक्षा, कर्मचारियों की कमी और सेवा की गुणवत्ता से जुड़े आरोपों के गुण-दोष पर नहीं, बल्कि मध्यस्थता के क्षेत्राधिकार के सवाल पर आया है। कोर्ट ने आवेदक को सक्षम न्यायालय के समक्ष जाने की स्वतंत्रता दी है। निरीक्षणों में बार-बार मिलीं कमियां IRCTC और रेलवे के रिकॉर्ड के अनुसार जन आहार केंद्र में लगातार निरीक्षण किए गए। इनमें कमियां मिलने पर जुर्माने भी लगाए गए। अप्रैल 2025 में गंभीर कमियों के चलते केंद्र को पांच दिनों के लिए बंद रखा गया था। IRCTC का कहना था कि चेतावनियों और जुर्माने के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। नवंबर 2025 के निरीक्षण में स्वीकृत 40 कर्मचारियों के मुकाबले केवल 12 कर्मचारी पाए जाने का दावा किया गया। रिकॉर्ड के अनुसार कर्मचारियों के क्यूआर आधारित पहचान-पत्र उपलब्ध नहीं थे और सभी कर्मचारी वर्दी में नहीं थे। पीओएस मशीन के साथ फायर सेफ्टी और ट्रेनिंग प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं मिले। रसोई और भोजन की गुणवत्ता पर भी आपत्तियां निरीक्षण में नॉन-वेज सेक्शन के पास गंदगी और दूषित पानी जमा होने, एग्जॉस्ट पर फ्लाई-मेश नहीं होने तथा बर्तन धोने के क्षेत्र में सुधार नहीं किए जाने जैसी कमियां दर्ज की गईं। IRCTC के दस्तावेजों में निरीक्षण के दौरान खराब पोहा और एग बिरयानी की शिकायतों का भी उल्लेख है। रसोई में एल्युमिनियम के बर्तनों के इस्तेमाल की बात भी रिकॉर्ड में दर्ज है। यात्री से विवाद के बाद मामला और बढ़ा अक्टूबर 2025 में जन आहार केंद्र से जुड़े एक कर्मचारी और यात्री के बीच भुगतान को लेकर विवाद हुआ था। रेलवे रिकॉर्ड में आरोप लगाया गया कि विवाद के दौरान कर्मचारी ने यात्री का कॉलर पकड़ा और उसकी कलाई घड़ी निकाल ली। घटना सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रही। IRCTC ने इसे रेलवे की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया। कंचन रेस्टोरेंट ने मांगा था स्वतंत्र मध्यस्थ इसके बाद कंचन रेस्टोरेंट एंड कैटरर्स ने मध्यस्थता की प्रक्रिया शुरू करते हुए हाईकोर्ट में मध्यस्थता एवं सुलह अधिनियम की धारा 11 के तहत स्वतंत्र मध्यस्थ नियुक्त करने की मांग की। आवेदक का तर्क था कि जन आहार केंद्र जबलपुर में था, काम जबलपुर में हुआ और विवाद भी यहीं पैदा हुआ, इसलिए मध्यप्रदेश हाईकोर्ट को मामले की सुनवाई का अधिकार है। इसके विपरीत IRCTC की ओर से अधिवक्ता नवतेज सिंह रूपराह ने अर्जी की वैधता पर प्रारंभिक आपत्ति उठाई। उनका तर्क था कि दोनों पक्षों के अनुबंध में मध्यस्थता का वेन्यू नई दिल्ली निर्धारित किया गया है। इसलिए मध्यस्थ नियुक्त करने का अधिकार दिल्ली के क्षेत्राधिकार वाले न्यायालय को है। कोर्ट ने माना-नई दिल्ली ही मध्यस्थता की सीट आवेदक की ओर से तर्क दिया गया कि कानून में ‘वेन्यू’ और ‘सीट’ अलग अवधारणाएं हैं और केवल अनुबंध में नई दिल्ली को वेन्यू बताए जाने से दिल्ली को विशेष क्षेत्राधिकार नहीं मिल जाता। इसके समर्थन में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के पुराने कोबरा सीआईपीएल फैसलों का भी हवाला दिया गया। 12 अगस्त 2026 को मामले में विस्तृत बहस हुई। हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के बीजीएस एसजीएस सोमा, ब्राह्मणी रिवर पैलेट्स और बालको समेत कई फैसलों का परीक्षण किया। कोर्ट ने IRCTC की आपत्ति स्वीकार करते हुए कहा कि जब अनुबंध में मध्यस्थता का स्थान स्पष्ट रूप से नई दिल्ली निर्धारित है और इसके विपरीत कोई संकेत नहीं है, तो नई दिल्ली को ही मध्यस्थता की कानूनी ‘सीट’ माना जाएगा। ऐसे में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट को मध्यस्थ नियुक्त करने का क्षेत्राधिकार नहीं है। सफाई और अनुबंध के विवाद पर कोर्ट ने नहीं दिया निष्कर्ष करीब दो महीने बाद फैसला हस्ताक्षरित और घोषित हुआ। कोर्ट ने कंचन रेस्टोरेंट की अर्जी खारिज कर दी और उसे सक्षम न्यायालय के समक्ष जाने की स्वतंत्रता दी। फैसले की खास बात यह है कि हाईकोर्ट ने जन आहार केंद्र की साफ-सफाई, अनुबंध समाप्त करने की वैधता, नुकसान की भरपाई या अन्य आरोपों के गुण-दोष पर IRCTC के खिलाफ कोई प्रतिकूल निष्कर्ष नहीं दिया। फैसला केवल मध्यस्थता के क्षेत्राधिकार के सवाल पर IRCTC के पक्ष में रहा। अब कंचन रेस्टोरेंट मध्यस्थ नियुक्त करवाने के लिए दिल्ली के सक्षम न्यायालय का रुख कर सकता है।
चेक महिला के पास और खातों से निकल गई रकम:चेक महिला के पास और खातों से निकल गई रकम
पानीपत में पेंशन खाते से चेक के माध्यम से 1.31 लाख रुपए निकले गए और खाताधारक को इसकी भनक तक नहीं लगी। खाताधाराक कहना था कि जिस चेक से रकम निकाली गई, वह उनके पास था और दूसरा चेक तो खाली था। मामला उपभोक्ता आयोग पहुंचा, लेकिन आयोग ने एसबीआई की पानीपत शाखा की सेवा में कोई कमी नहीं मानी और शिकायत खारिज कर दी। आयोग के अनुसार महिला यह साबित नहीं कर सकी कि दोनों चेक उसने किसी दूसरे व्यक्ति को नहीं दिए थे। साथ ही, जिन दिल्ली की एसबीआई शाखाओं में चेक भुनाए गए और रकम प्राप्त करने वाले व्यक्ति को भी केस में पक्षकार नहीं बनाया गया। वहीं मामले की शिकायत भी देरी से की गई। ये फैसला जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के अध्यक्ष डॉ. आरके डोगरा, सदस्य डॉ. रेखा चौधरी और विनीत कौशिक की पीठ ने सुनाया। देर से शिकायत करना भी पड़ा भारीआयोग के आदेश के मुताबिक बैंक के रिकॉर्ड में रकम निकलने के बाद मोबाइल पर संदेश भेजे गए थे। आयोग ने यह भी उल्लेख किया कि बैंक के नियमों के अनुसार ऐसी धोखाधड़ी की शिकायत एक महीने के भीतर की जानी चाहिए, जबकि इस मामले में शिकायत काफी देर बाद की गई। 12 हजार निकालने पहुंची, तब सामने आया 1.31 लाख का मामलागांव बिंझौल निवासी भतेरी का एसबीआई में बचत/वेतन/पेंशन खाता है। 5 मार्च 2024 को उन्हें 12 हजार रुपए की जरूरत थी। वह बैंक पहुंचीं और अपने लिए 12 हजार रुपए निकालने के लिए चेक नंबर 217448 दिया। बैंक अधिकारियों ने चेक का रिकॉर्ड देखा तो भुगतान से इनकार कर दिया। बताया गया कि चेक नंबर 217448 और 217449 पहले ही इस्तेमाल हो चुके हैं। 21 जनवरी 2023 को दो चेकों से दो बार में निकले रुपएबैंक रिकॉर्ड के अनुसार 21 जनवरी 2023 को चेक नंबर 217448 से 66 हजार रुपए और चेक नंबर 217449 से 65 हजार रुपए ट्रांसफर हुए। यानी खाते से कुल 1.31 लाख रुपए निकल गए। महिला का दावा था कि उसने ये चेक किसी को जारी नहीं किए। उसका कहना था कि दोनों चेक उसके पास ही थे और 217449 खाली था। बैंक को शिकायत, रकम वापसी की मांगरकम निकलने का पता चलने के बाद भतेरी ने बैंक शाखा प्रबंधक को शिकायत दी। इसके बाद दिल्ली स्थित एसबीआई कार्यालय में भी शिकायत भेजी। उपभोक्ता आयोग में दायर केस में उसने 1.31 लाख रुपए वापस दिलाने के साथ 21 जनवरी 2023 से 18% ब्याज, 50 हजार रुपए मुआवजा और 22 हजार रुपए मुकदमा खर्च की मांग की। बैंक का तर्क- रकम निकलते ही मोबाइल पर भेजा था मैसेजएसबीआई ने जवाब में कहा कि 21 जनवरी 2023 को दोनों चेकों से रकम निकलने के तुरंत बाद खाताधारक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर कंप्यूटर जनरेटेड मैसेज भेजे गए थे। बैंक के अनुसार महिला ने उस समय कोई शिकायत नहीं की और करीब एक साल दो महीने बाद मामला उठाया। पानीपत में नहीं, दिल्ली की दो शाखाओं में हुए थे चेक कैशबैंक ने आयोग को बताया कि दोनों चेक एसबीआई की दिल्ली स्थित डिफेंस कॉलोनी और ग्रीन पार्क एक्सटेंशन शाखाओं में इस्तेमाल हुए थे। बैंक ने आपत्ति उठाई कि इन शाखाओं और जिस खाते में रकम गई, उसके मालिक को केस में पक्षकार ही नहीं बनाया गया। आयोग बोला- जिस पर रकम लेने का आरोप, उसे ही केस में नहीं बनायाआयोग ने दस्तावेजों और दोनों पक्षों की दलीलों पर विचार करने के बाद कहा कि महिला यह साबित नहीं कर सकी कि चेक उसके द्वारा किसी अन्य व्यक्ति को नहीं दिए गए थे। आयोग ने यह भी माना कि दोनों चेक दिल्ली की दूसरी एसबीआई शाखाओं में भुनाए गए थे। उन शाखाओं और कथित रकम निकालने वाले व्यक्ति को पक्षकार नहीं बनाया गया।
कोटा शहर में बिजली की लाइनों के मेंटेनेंस कार्य के चलते सुबह से शाम तक कई इलाकों में निर्धारित समय तक बिजली कटौती रहेगी। निजी बिजली कंपनी की ओर से यह शटडाउन लिया गया है ताकि लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों का रखरखाव किया जा सके। इस दौरान तकनीकी टीमों द्वारा वायरिंग, पोल और फीडर की जांच का कार्य किया जा रहा है। कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें और सहयोग बनाए रखें। मेंटेनेंस पूरा होते ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। इन इलाकों में की जाएगी बिजली कटौती सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक: जीएमए टाउनशिप, बूंदी रोड, हर्बल पार्क, कृषि फार्म इलाकों की 3:30 घंटे बिजली कटौती की जाएगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक: तलवंडी सेक्टर ए, बी और सी आंशिक, एसएफएस, पूनम कॉलोनी, दुर्गा नगर, ज्ञान विहार, यश विहार, सोगरिया, सुभाष नगर प्रथम व द्वितीय, सुभाष नगर पीएचईडी, सुभाष नगर स्काई पार्क मल्टी एरिया, आरकेपुरम सेक्टर बी इलाकों की 4 घंटे बिजली कटौती की जाएगी। सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक: आशापाला मंदिर व आसपास का क्षेत्र की 4 घंटे बिजली कटौती की जाएगी। सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक:लैंडमार्क सिटी का आंशिक क्षेत्र की डेढ़ घंटे बिजली कटौती की जाएगी। दोपहर 12:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक: छोटा रामद्वारा व आसपास का क्षेत्र की 4 घंटे बिजली कटौती की जाएगी। दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक:जसवंत विहार, राजविलास कृषि फार्म, अग्रवाल होटल, श्रीनाथ रेजीडेंसी और आसपास का क्षेत्र की ढाई घंटे बिजली कटौती की जाएगी।
इंदौर के परदेशीपुरा में फिर धंसी सड़क:नीचे मिली खोखली जमीन; एक साल में दूसरी बार इसी जगह हादसा
इंदौर के परदेशीपुरा की गली नंबर-3 में चैंबर के पास सड़क फिर धंस गई। शहर में यह चार महीने में पांचवीं घटना है। कांक्रीट टूटने के बाद सड़क के नीचे जमीन का बड़ा हिस्सा खोखला मिला। मौके पर सड़क का एक स्लैब हवा में लटका नजर आया। सूचना मिलने पर मंगलवार को निगम के जनकार्य विभाग ने इंजीनियर को मौके पर भेजकर जांच कराई। निगम अधिकारियों के मुताबिक पुराना ड्रेनेज चैंबर ढहने की वजह से सड़क धंसने की आशंका है। यहां ड्रेनेज लाइन पुरानी बताई जा रही है, जबकि चैंबर का ढक्कन नया नजर आ रहा है। हालांकि, सड़क के नीचे बना खोखलापन लीकेज के कारण हुआ या चैंबर के आसपास खराब भराव की वजह से, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। एक साल में दूसरी बार धंसी सड़क स्थानीय जानकारी के मुताबिक करीब एक साल पहले भी इसी जगह सड़क धंसी थी। इसके बाद चैंबर की मरम्मत कराकर मिट्टी का भराव किया गया था। अब दोबारा उसी स्थान पर सड़क धंसने से ड्रेनेज लाइन, भराव और किए गए काम की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। लीकेज से मिट्टी बहने पर बनती है खाली जगह पूर्व कार्यपालन यंत्री सुनील गुप्ता के मुताबिक, पुरानी भूमिगत ड्रेनेज लाइन में लीकेज होने पर पानी के साथ आसपास की मिट्टी भी बहती रहती है। इससे धीरे-धीरे सड़क के नीचे खाली जगह बन जाती है। वहीं, नए काम के बाद भराव ठीक से नहीं होने पर भी मिट्टी का कटाव हो सकता है। ऊपर से वाहनों का दबाव पड़ने पर कांक्रीट टूटकर नीचे बैठ जाता है। शहर में लगातार सामने आ रही सड़क धंसने की घटनाएं शहर में पिछले कुछ समय से सड़क धंसने की लगातार घटनाएं सामने आई हैं। मेघदूत गार्डन, गोराकुंड, गाड़ी अड्डा, नासिया रोड और पंढरीनाथ में भी सड़क धंसने के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में परदेशीपुरा की घटना ने सड़क के नीचे की ड्रेनेज लाइन, चैंबर, भराव और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच का मुद्दा फिर उठा दिया है।
रायगढ़ जिले के उद्योगों में अवैध कबाड़ खपाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। GST विभाग की ई-वे बिल जांच में संदिग्ध मिले स्क्रैप से लदे 16 चक्का ट्रक को पुलिस ने जब्त किया है। ट्रक में करीब 32 टन 500 किलो अलग-अलग तरह का लोहे का स्क्रैप मिला। जब्त माल और ट्रक की कुल कीमत करीब 26.50 लाख रुपए है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है। गुरुवार को रायगढ़ ई-वे बिल जांच दल ने तराईमाल स्थित एनआरव्हीएस प्लांट के पास 16 चक्का ट्रक को जांच के लिए रोका था। वाहन में लदे स्क्रैप और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच में गड़बड़ी मिली। वाहन चालक अलेख्जेण्डर तिर्की (50), निवासी चिड़रापारा पत्थलगांव, जिला जशपुर ने बताया कि वह स्क्रैप को कोरबा से एआर इस्पात, पूंजीपथरा ले जा रहा है। दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने पर GST विभाग ने वाहन को आगे की जांच के लिए निरुद्ध कर दिया। चालक को MOV-01 और MOV-02 जारी कर ट्रक को पास के पेट्रोल पंप पर उसकी अभिरक्षा में खड़ा कराया गया। बिना अनुमति ट्रक प्लांट ले जाने का आरोप GST विभाग के मुताबिक, बाद में चालक ने संबंधित अधिकारी की अनुमति के बिना निरुद्ध ट्रक को एआर इस्पात के प्लांट परिसर में ले जाकर स्क्रैप अनलोड करने का प्रयास किया। इस पर मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच की गई। फर्म दस्तावेज नहीं कर सकी पेश GST विभाग ने संबंधित कर बीजक जारीकर्ता फर्म मेसर्स पीआर ग्लोबल, जगतपुर रोड रायगढ़ को भी आवश्यक दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए थे। हालांकि, फर्म की ओर से जरूरी दस्तावेज पेश नहीं किए गए। परिस्थितियों को देखते हुए GST विभाग ने स्क्रैप के संदिग्ध और चोरी का होने की आशंका जताई। इसके बाद वाहन और स्क्रैप को आवश्यक कार्रवाई के लिए पूंजीपथरा पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ में धरमजयगढ़ से स्क्रैप लाना बताया पुलिस की जांच में ट्रक में टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहनों के पार्ट्स समेत अलग-अलग तरह का स्क्रैप मिला। चालक अलेख्जेण्डर तिर्की से पूछताछ में उसने स्क्रैप को नुनबीरा, धरमजयगढ़ क्षेत्र से लाकर एआर इस्पात में खपाने के लिए ले जाना बताया। पुलिस ने एआर इस्पात पूंजीपथरा से भी वाहन और स्क्रैप के संबंध में जानकारी मांगी। कंपनी की ओर से संतोषजनक जानकारी, पर्चेस ऑर्डर और जरूरी दस्तावेज पेश नहीं किए गए। इसके बाद पुलिस ने करीब 32.5 टन स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत 6.50 लाख रुपए है, और करीब 20 लाख रुपए कीमत का 16 चक्का ट्रक जब्त किया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 26.50 लाख रुपए है। मामले में वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। संबंधित फर्म नहीं कर सका दस्तावेज पेश GST विभाग द्वारा संबंधित कर बीजक जारीकर्ता फर्म मेसर्स पीआर ग्लोबल जगतपुर रोड रायगढ़ को भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, पर फर्म द्वारा उससे संबंधी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। परिस्थितियों को देखते हुए माल के संदिग्ध व चोरी के होने की प्रथम दृष्टया आशंका पर GST विभाग द्वारा वाहन व स्क्रैप आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना पूंजीपथरा पुलिस के सुपुर्द किया गया। पूछताछ में उद्योग में खफाने ले जाना बताया जहां पुलिस ने आगे की जांच की, तो उसमें विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, राड व वाहनों के पार्ट्स समेत स्क्रैप लदा पाया गया। वाहन चालक अलेख्जेण्डर तिर्की से पूछताछ करने पर उसने उक्त स्क्रैप को नुनबीरा, धरमजयगढ़ क्षेत्र से लाकर एआर इस्पात में खपाने के लिए ले जाना बताया। आरोपी वाहन चालक के खिलाफ FIR दर्ज एआर इस्पात पूंजीपथरा से संपर्क करने पर भी वाहन व स्क्रैप के संबंध में संतोषजनक जानकारी व पर्चेस ऑर्डर समेत आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर पुलिस ने वाहन में लदे करीब 32.5 टन स्क्रैप, अनुमानित कीमत 6.50 लाख व 16 चक्का ट्रक कीमत करीब 20 लाख, कुल 26.50 लाख की संपत्ति जप्त किया। वहीं मामले में आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अजमेर में स्मार्ट सिटी के तहत 272 करोड़ रुपए से बने एलिवेटेड रोड (रामसेतु) की कचहरी रोड वाली भुजा मंगलवार देर रात यातायात के लिए बंद कर दी गई। यहां टॉप जंक्शन तक जॉइंट रिपेयर एवं रिहैबिलिटेशन का काम होगा। पुराने जॉइंट रात में तोड़कर नए बनाए जाएंगे। इसके बाद कंक्रीट की जाएगी। क्योरिंग के लिए करीब सात दिन का समय लगेगा। इस दौरान कचहरी रोड वाली भुजा सोमवार तक बंद रहेगी। करीब 35 लाख रुपए की लागत का यह काम रिस्क एंड कॉस्ट पर कराया जा रहा है। आरएसआरडीसी ने मरम्मत की अनुमति के लिए 21 अगस्त को आवेदन किया था। अनुमति 6 अक्टूबर को जारी हुई। काम के दौरान ट्रैफिक पुलिस वैकल्पिक मार्ग पर यातायात डायवर्ट करेगी। जॉइंट से निकले एंगल वाहनों से टकराने पर आ रही आवाज, 4 जगह शिकायत कचहरी रोड से पुरानी आरपीएससी की ओर उतरने वाली भुजा एक तरफा यातायात के लिए डिजाइन की गई थी। वर्तमान में इस पर दोनों तरफ का ट्रैफिक चल रहा है। भारी यातायात के दबाव से जॉइंट क्षतिग्रस्त होने की समस्या सामने आई है। इस भुजा पर चार स्थानों पर जॉइंट खुलने की शिकायत है। जॉइंट से निकले एंगल वाहनों से टकरा रहे हैं। भारी वाहन गुजरने पर तेज आवाज भी आती है। रेलवे स्टेशन के सामने एलिवेटेड रोड के जॉइंट भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। इस भुजा पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पूर्व में पुल के कई हिस्सों में बोल्ट नहीं लगे होने, ढीले बोल्ट हाथ से कसने और लोहे की जगह लकड़ी के गुटके लगाए जाने जैसी कमियां भी सामने आई थीं। महावीर सर्किल भुजा 6 महीने बंद रही थी करीब 272 करोड़ में तैयार एलिवेटेड रोड महज तीन साल में दूसरी बार बड़ी मरम्मत की स्थिति में पहुंचा है। इससे पहले महावीर सर्किल वाली भुजा क्षतिग्रस्त होने पर करीब 40 लाख रुपए खर्च कर मरम्मत कराई गई थी। उस दौरान करीब छह महीने तक यातायात बंद रहा था। अब कचहरी रोड वाली भुजा सात दिन के लिए बंद की गई है। एलिवेटेड रोड पर अलग-अलग जगह ट्रैफिक मूवमेंट, स्लिप लेन, सड़क व्यवस्था और ड्रेनेज सिस्टम से जुड़ी कमियां भी सामने आती रही हैं। पुरानी आरपीएससी और गांधी भवन की ओर का रास्ता भी बंद टीआई नीतू राठौड़ ने बताया कि पुरानी आरपीएससी की ओर उतरने वाली भुजा पर आरएसआरडीसी मरम्मत कार्य कराएगा। इसके चलते एलिवेटेड रोड की पुरानी आरपीएससी वाली भुजा और ऊपर एलिवेटेड रोड से गांधी भवन तक का मार्ग बंद रहेगा।
सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 3 टेनिस खिलाड़ियों की सड़क हादसे में मौत हो गई। 3 लोग घायल हैं। खिलाड़ी अर्टिगा कार से लखनऊ से देवरिया जा रहे थे। बुधवार सुबह 5 बजे कार पीछे से ट्रक में घुस गई। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, झपकी आने से हादसा हुआ। कार की रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटे रही होगी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने कार के गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 3 को मृत घोषित कर दिया। 3 घायलों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में हुआ। मृतक खिलाड़ियों की पहचान देवरिया के रहने वाले नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। घायलों में देवरिया के आनंद यादव (23), राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जयंतो शर्मा (30) शामिल हैं। हादसे के वक्त सभी सो रहे थे, दरवाजा तोड़कर निकाला घायल जयंतो शर्मा ने बताया- हम लोग सो रहे थे। कार की टक्कर हुई तो नींद खुली। देखा तो कार ट्रक में घुसी हुई थी। हमारे साथी खून से लथपथ थे। राहगीरों ने हम लोगों को दरवाजा तोड़कर निकाला। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…
यमुनानगर जिले के रादौर में मेला देखकर बाइक से घर लौट रहे एक परिवार को गांव माधोबांस के पास तेज रफ्तार वेन्यू कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनका सात वर्षीय बेटा घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक समेत तीनों सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद कार ड्राइवर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं जठलाना थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तेज रफ्तार में आई वेन्यू कार गांव मंधार निवासी सुनील कुमार ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करता है और उसके दो बच्चे हैं। वह अपनी पत्नी रजनेश और सात वर्षीय बेटे यश के साथ मोटरसाइकिल पर रादौर मेला देखने गया था। मेला देखने के बाद करीब 11 बजे वह परिवार के साथ मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहा था। सुनील के अनुसार, जब वे गांव माधोबांस के नजदीक पुलिया से थोड़ा आगे पहुंचे तो सामने से आ रही काले रंग की वेन्यू कार ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी साइड में आकर मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह, उसकी पत्नी और बेटा मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर गए। हादसे में तीनों को चोटें आईं। हादसे के बाद कार छोड़कर भागा ड्राइवर सुनील ने बताया कि टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके पर अपनी वेन्यू कार छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को इलाज के लिए यमुनानगर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में सुनील, उसकी पत्नी रजनेश और बेटे यश को चोटें आई हैं। सुनील ने पुलिस को बताया कि उसे जानकारी मिली है कि हादसे के समय कार चला रहा युवक अमनदीप निवासी गांव नाचरौन, थाना जठलाना है। जठलाना थाना प्रभारी अमित ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रतलाम के डीडी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक ही कॉलोनी से चार बाइक चोरी हो गईं। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में चार संदिग्ध नजर आए हैं। इनमें एक युवक बाइक ले जाते हुए भी दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। मंगलवार सुबह रहवासियों ने घरों के बाहर देखा तो बाइक गायब मिलीं। प्राइवेट फैक्टरी में काम करने वाले भूपेंद्रसिंह पंवार निवासी सागोद ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घर के बाहर खड़ी थीं चारों बाइक भूपेंद्रसिंह ने रिपोर्ट में बताया कि वे वर्तमान में सूरजश्री कॉलोनी में अपनी काकी के यहां रहते हैं। सोमवार रात करीब 10.30 बजे उन्होंने अपनी बाइक (MP 43 ZC 1846) घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह 6 बजे उठकर देखा तो बाइक गायब थी। इसी तरह पड़ोसी नरसिंह कटारा की बाइक (MP 43 DP 9436), संदीप कुमावत के घर के सामने खड़ी बाइक (MP 43 ED 7814) और योगेश चौहान की बाइक (MP 09 VY 6872) भी चोरी हो गई। एक चोर बाइक ले जाते दिखा सीसीटीवी फुटेज में चार संदिग्ध रात के समय कॉलोनी में घूमते नजर आ रहे हैं। इनमें एक ने खुद को दरी से ढक रखा है। फुटेज में एक संदिग्ध बाइक ले जाते हुए भी दिखाई दे रहा है। रहवासियों ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए हैं। एक ही कॉलोनी में आसपास के मकानों के बाहर से चार बाइक चोरी होने के बाद रहवासियों में चिंता है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। गल्ले से रुपए निकालते युवक को पकड़ा इधर, डीडी नगर थाना क्षेत्र की हाट की चौकी के सामने गायत्री मल्टीप्लेक्स के पास एक किराना दुकान के गल्ले से रुपए निकालते युवक को लोगों ने पकड़ लिया। किराना दुकान संचालक कैलाश पालीवाल ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उनकी पत्नी भगवान की पूजा कर रही थीं और वे दुकान में सामान जमा कर रहे थे। इसी दौरान पत्नी की नजर गल्ले से रुपए निकाल रहे युवक पर पड़ी। शोर मचाने पर लोगों ने उसे पकड़ लिया। युवक हाथ छुड़ाकर भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान भीड़ जमा हो गई। लोगों ने उसके हाथ रस्सी से बांधकर खंभे से बांध दिए और पुलिस को सूचना दी। पालीवाल के अनुसार, युवक पकड़े जाने के बाद भी भागने का प्रयास कर रहा था और झूमाझटकी कर रहा था। शांतिभंग में केस, आरोपी जेल भेजा कैलाश पालीवाल के अनुसार, युवक ने गल्ले से करीब 2 हजार रुपए निकाले थे, जो वापस मिल गए। इस कारण उन्होंने चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि बाइक चोरी के आरोपियों की तलाश के लिए टीम बनाई गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। वहीं, गायत्री मल्टीप्लेक्स क्षेत्र की किराना दुकान में हुई घटना में दुकान संचालक ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। पुलिस ने आरोपी यश उर्फ अप्पा (24), पिता राजेश चौहान, निवासी अलकापुरी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
प्रदेश में राजस्व विभाग के सारा एप में तकनीकी गड़बड़ी के कारण किसानों की जमीन और बोई गई फसल की लोकेशन खिसकने की शिकायत सामने आई है। इसका असर गिरदावरी पर पड़ रहा है। पटवारी और राजस्व सर्वेयर जब खेत की फसल का सत्यापन करने पहुंचते हैं तो एप में संबंधित खसरे की लोकेशन वास्तविक जगह से 10 से 20 मीटर तक अलग दिखाई देती है। इससे एक किसान की फसल दूसरे किसान के रिकॉर्ड में दर्ज होने की स्थिति बन रही है। इस समस्या के चलते किसानों की नाराजगी का सामना कर रहे पटवारियों ने सरकार से गिरदावरी में जियो टैगिंग के बजाय जियो फेंसिंग यानी ग्राम सीमा को आधार बनाने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, राजस्व विभाग ने फिलहाल इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है। खेत में खड़े होने पर भी एप नहीं करता लोकेशन स्वीकार प्रांतीय पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष अश्विन सैनी ने बताया कि सारा एप में गांव के खसरा नंबर के प्रत्येक पार्सल के आधार पर गिरदावरी करनी होती है। समस्या यह है कि खेत में खड़े होने के बावजूद कई बार एप जियो टैग गिरदावरी की अनुमति नहीं देता। सैनी के मुताबिक सारा एप में तैयार ऑनलाइन नक्शे और वास्तविक खेत की स्थिति में 10 से 20 मीटर तक का अंतर दिखाई देता है। पटवारी जिस खसरा नंबर में खड़ा होता है, एप में वही जमीन 15 से 20 मीटर दूर दिखाई दे सकती है। ऐसे में किसान की जमीन वास्तविकता में अपनी जगह पर होती है, लेकिन एप की मैपिंग में आगे-पीछे खिसकती नजर आती है। ऐसे समझें गड़बड़ी: सोयाबीन बोई, रिकॉर्ड में मक्का दर्ज पटवारी संघ के अनुसार, इसे एक उदाहरण से समझा जा सकता है। मान लीजिए एक किसान के खेत में सोयाबीन बोई गई है और उससे लगे खेत में दूसरे किसान ने मक्का बोया है। यदि एप की मैपिंग में खसरे की लोकेशन खिसकती है तो गिरदावरी करते समय पहले किसान के खेत में मक्का दर्ज हो सकती है। इसका असर फसल के रिकॉर्ड और उसके वैल्यूएशन पर पड़ सकता है। संघ का कहना है कि जमीन मौके पर अपनी जगह रहती है, लेकिन एप में पार्सल की स्थिति बदलने से फसल का रिकॉर्ड प्रभावित हो रहा है। ग्राम सीमा में गिरदावरी का अधिकार देने की मांग अश्विन सैनी ने बताया कि प्रांतीय पटवारी संघ ने प्रमुख सचिव राजस्व को पत्र लिखकर ग्राम सीमा के भीतर गिरदावरी करने का अधिकार देने की मांग की है। साथ ही 500 मीटर की परिधि में गिरदावरी के लिए एक्सेस देने का प्रस्ताव भी रखा गया है। सैनी के अनुसार, इस संबंध में अधिकारियों को ज्ञापन देने के बाद एमपी का काम देखने वाले बृजेश नामदेव से भी चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि काम भारत सरकार के कृषि मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार किया जा रहा है और इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखा जाएगा। पटवारी संघ का कहना है कि प्रदेश में खरीफ, रबी और जायद तीनों सीजन में गिरदावरी होती है। संघ ने खरीफ में भी जियो फेंसिंग को आधार बनाने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन फिलहाल इसमें बदलाव की संभावना नजर नहीं आ रही है। मेड़ से फसल दिख सकती है तो खेत में जाने की बाध्यता क्यों? धार पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष संजय जाट ने गिरदावरी के दौरान खेत के भीतर जाकर जियो टैग करने की बाध्यता पर सवाल उठाया है। उनका कहना है कि मेड़ पर खड़े होकर भी फसल का भौतिक सत्यापन किया जा सकता है, तो सर्वेयर को खेत के भीतर जाने के लिए बाध्य करने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खेतों में करंट, जलीय जीव और वन्य जीवों का खतरा रहता है। सर्पदंश की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं और उनके अनुसार दो सर्वेयरों की सर्पदंश से मौत हो चुकी है। ऐसे में दूर से फसल का भौतिक सत्यापन संभव है तो जान जोखिम में डालकर खेत के भीतर जाकर जियो टैग कराने की व्यवस्था पर पुनर्विचार होना चाहिए। पटवारी संघ का कहना है कि तकनीकी रूप से सटीक गिरदावरी के साथ सर्वेयरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
दिल्ली में मंगलवार को राहुल गांधी और कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल को हिरासत में लिया गया। इसी के विरोध में दतिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किला चौक पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक दांगी ने केंद्र सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल की गिरफ्तारी का कांग्रेस विरोध करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों, युवाओं और बेरोजगारों के साथ खड़ी है और उनके मुद्दे उठाती रहेगी। आंदोलन की दी चेतावनीअशोक दांगी ने कहा कि अगर केंद्र सरकार कांग्रेस नेताओं और छात्रों-युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश जारी रखती है तो कांग्रेस देशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अन्याय का साथ नहीं देने की अपील की।प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गुरुग्राम में सेवा संकल्प अभियान के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत आज 'विकसित भारत संकल्प सभा - सेवा ज्योति यात्रा' का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस समारोह में देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे। यह विशाल कार्यक्रम महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती उद्यान (लेजर वैली) की पार्किंग में आयोजित किया जा रहा है, जिसके लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश और प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में, इसके समापन पर जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए एक विशेष 'मशाल यात्रा' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में न केवल गुरुग्राम, बल्कि पड़ोसी जिलों फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और झज्जर से भी भारी संख्या में जनभागीदारी देखने को मिलेगी। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का दौरा किया और तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। इसके बाद उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में उन्होंने स्टेज मैनेजमेंट, सुरक्षा प्रबंध, पब्लिक मूवमेंट, पार्किंग व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा की समीक्षा की। डीसी उत्तम सिंह ने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान अन्य जिलों से आने वाले प्रतिभागियों और आम जनता को प्रवेश व निकास के समय किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सुरक्षा के कड़े इंतजाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के गुरुग्राम दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। जिलाधीश उत्तम सिंह ने धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए आज पूरे गुरुग्राम जिले में ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून और किसी भी प्रकार के मानव रहित हवाई वाहनों के उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध केवल सरकारी और आधिकारिक कार्यों में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों पर लागू नहीं होगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पानीपत शहर की न्यू मखीजा कॉलोनी में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेतों में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। शव पड़े होने की सूचना राहगीरों ने तुरंत इमरजेंसी कंट्रोल रूम (डायल 112) को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सीन ऑफ क्राइम (FSL) टीम, तीनों CIA शाखाएं और साइबर सेल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सिर पर गहरी चोट, घसीटे जाने के निशान प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की उम्र करीब 28 से 30 वर्ष के आसपास है। पुलिस की FSL टीम ने मौके से साक्ष्य और वैज्ञानिक नमूने जुटाए हैं। जांच के दौरान मृतक के सिर पर किसी भारी या धारदार वस्तु से मारी गई गहरी चोट के निशान मिले हैं। इसके अलावा, जिस खेत में शव पड़ा मिला, वहां जमीन पर घसीटे जाने के भी स्पष्ट सुराग मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां फेंका गया है। शिनाख्त में जुटीं पुलिस की टीमें फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास की कॉलोनियों, गुमशुदा लोगों के रिकॉर्ड और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि युवक की शिनाख्त की जा सके। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीआईए (CIA) की तीनों यूनिट्स और साइबर सेल की टीम ने भी अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मृतक की पहचान कर वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।
श्रीगंगानगर के सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला और आईएमए जिलाध्यक्ष डॉ. हरीश रहेजा के बीच चल रहे विवाद से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की स्टेट इकाई ने खुद को अलग कर लिया है। स्टेट प्रेसिडेंट डॉ. महेश शर्मा ने आईएमए के नाम के इस्तेमाल को लेकर डॉ. रहेजा के प्रति नाराजगी जताई है। साथ ही बीकानेर जोनल सेक्रेटरी को जिला इकाई से पूरे मामले की तथ्यात्मक जांच करवाकर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। स्टेट इकाई ने आईएमए जिला अध्यक्ष के चुनाव को लेकर भी जानकारी मांगी है। जोनल सेक्रेटरी से आखिरी चुनाव कब और कहां हुए, किस प्रक्रिया के तहत हुए तथा पदाधिकारियों का चयन किस तरह किया गया, इसकी जानकारी दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट में देने को कहा गया है। सीएमएचओ ने स्टेट प्रेसिडेंट को भेजी थी शिकायत सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला ने आईएमए स्टेट प्रेसिडेंट डॉ. महेश शर्मा को पत्र भेजकर पूरे मामले की जानकारी दी थी। उन्होंने शिकायत में कहा था कि डॉ. हरीश रहेजा की ओर से उनके खिलाफ पुलिस और प्रशासन को दी गई शिकायतों में आईएमए के नाम का इस्तेमाल किया गया है। सीएमएचओ ने स्टेट इकाई से यह भी जानकारी मांगी थी कि इन शिकायतों के मामले में क्या आईएमए की स्टेट बॉडी डॉ. रहेजा को किसी तरह का सहयोग कर रही है। 27 सितंबर को जांच के निर्देश शिकायत मिलने के बाद आईएमए स्टेट प्रेसिडेंट डॉ. महेश शर्मा ने 27 सितंबर को बीकानेर जोनल सेक्रेटरी को पत्र लिखा। इसमें जिला इकाई से संपर्क कर सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला और डॉ. हरीश रहेजा के बीच चल रहे प्रकरण की तथ्यात्मक जांच कराने और रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए। स्टेट इकाई की ओर से यह भी कहा गया कि सीएमएचओ की ओर से डॉ. रहेजा के अस्पताल में की गई जांच प्रशासनिक कार्रवाई का हिस्सा है। इसे आईएमए के जिलाध्यक्ष पद या आईएमए की स्टेट इकाई से जोड़कर देखना उचित नहीं है। आईएमए के नाम के इस्तेमाल को लेकर भी स्टेट प्रेसिडेंट ने डॉ. रहेजा के प्रति नाराजगी जताई है। जिला अध्यक्ष के चुनाव का रिकॉर्ड भी तलब मामले में स्टेट इकाई ने आईएमए की जिला इकाई के आखिरी चुनाव से संबंधित पूरा रिकॉर्ड भी मांगा है। जोनल सेक्रेटरी को चुनाव की तारीख, स्थान, प्रक्रिया, पदाधिकारियों के चयन और इससे जुड़े दस्तावेज जुटाकर रिपोर्ट देने को कहा गया है। सीएमएचओ और आईएमए जिलाध्यक्ष के बीच चल रहे विवाद के बीच स्टेट इकाई की ओर से तथ्यात्मक जांच और जिला अध्यक्ष के चुनाव से संबंधित रिकॉर्ड मांगे जाने के बाद अब जोनल सेक्रेटरी की रिपोर्ट महत्वपूर्ण होगी।
उज्जैन में ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ की बस में आग के बाद कांग्रेस सरकार पर हमलावर हो गई है। पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत ने जबलपुर की सार्वजनिक यात्री बस सेवा पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा है कि पुरानी बसों को नया बताकर चलाया जा रहा है। हालांकि काउंटर करते हुए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू कहते हैं कि ओवरहॉलिंग के बाद पुरानी बसों को सड़क पर उतारना गलत नहीं है, आमजन को सुविधा तो मिल रही है। भनोत का आरोप-नई बताकर पुरानी बसें चला रही सरकार पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत ने आरोप लगाया कि सरकार पुरानी बसों की डेंटिंग-पेंटिंग और रेडियम कराकर उन्हें नई बस के रूप में जनता के सामने पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि बसों को लेकर भ्रष्टाचार की चर्चा चल रही थी और आग की घटना ने इसकी हकीकत सामने ला दी। जबलपुर में 55 पुरानी बसें चलाने की बात जबलपुर में 2 अक्टूबर को 45 पीएम ई-बसों के साथ मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की 55 बसों समेत 100 बसों का संचालन शुरू किया गया। उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार इनमें 45 ई-बसें और 55 सुगम परिवहन बसें शामिल हैं। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के अनुसार 55 पुरानी बसों को सर्विसिंग, रंग-रोगन और ओवरहॉलिंग के बाद सड़क पर उतारा गया है। उनका कहना है कि बसों को अंदर और बाहर से ठीक किया गया है और आने वाले समय में शहर में बसों की संख्या 160 से 170 तक पहुंचाई जाएगी। नई सेवा, पुरानी बसें मध्य प्रदेश में करीब 21 साल बाद सरकारी बस सेवा को नए स्वरूप में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के नाम से शुरू किया गया। 25 सितंबर 2026 को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सेवा का शुभारंभ किया। पहले चरण में सात शहरों को इससे जोड़ा गया। योजना के तहत 2031 तक 15 हजार बसें संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है। जबलपुर में नई ई-बसों के साथ पहले से संचालित मेट्रो बसों को भी सर्विसिंग और ओवरहॉलिंग के बाद नई व्यवस्था में शामिल किया गया है। ऐसे में सवाल यह है कि पुरानी बसों को सड़क पर उतारने से पहले उनकी उम्र, फिटनेस, तकनीकी सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा की जांच किस स्तर पर की गई। हाईकोर्ट भी 15 साल पुरानी बसों पर रोक को सही ठहरा चुका मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने अप्रैल 2026 में 15 साल से अधिक पुरानी व्यावसायिक बसों के संचालन पर राज्य सरकार की कार्रवाई को सही माना था। कोर्ट के आदेश में 14 नवंबर 2025 के उस निर्देश का उल्लेख है, जिसमें 15 साल से अधिक पुराने वाहनों के संचालन पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच पहले ही संबंधित प्रावधान की वैधता बरकरार रख चुकी थी। ऐसे में सार्वजनिक परिवहन में पुरानी बसों के इस्तेमाल के मामले में केवल रंग-रोगन या बाहरी बदलाव पर्याप्त नहीं माने जा सकते। बस की वास्तविक उम्र, वैध फिटनेस, परमिट और तकनीकी सुरक्षा मानकों की जांच जरूरी है। GPS, CCTV और पैनिक बटन का दावा मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा को आधुनिक और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के रूप में विस्तार देने की योजना है। नई बसों में जीपीएस, सीसीटीवी, पैनिक बटन और लाइव ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई है। ऐसे में उज्जैन की आग की घटना के बाद यह भी स्पष्ट होना जरूरी है कि सेवा से जुड़ी प्रत्येक बस की फिटनेस और सुरक्षा जांच किस प्रक्रिया से हुई है।
दिल्ली में मंगलवार को राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में लेकर 2 घंटे बैठाए रखा। इसी के विरोध में बुरहानुपर में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के कहने पर शहर कांग्रेस कमेटी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया। यह प्रदर्शन शहर के जय स्तंभ चौराहे पर हुआ। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया। प्रदर्शन की अगुवाई शहर कांग्रेस अध्यक्ष रिंकू टाक ने की। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया और 2 घंटे थाने में बैठाए रखा। चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांगटाक ने कहा कि जब तक चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते, वे चुप नहीं रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस किसी भी दमनकारी कोशिश से डरने वाली नहीं है। इस दौरान कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता शामिल थे।
गुना में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026 में निर्धारित काम नहीं करने पर जिला प्रशासन ने चार पटवारियों को निलंबित कर दिया है। इनमें जिला पटवारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र किरार भी शामिल हैं। वहीं चार ट्रेनी पटवारियों को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया गया है। दरअसल, योजना के तहत पटवारियों को निष्पादक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके तहत उन्हें ग्रामीण नागरिकों के स्वामित्व अधिकार अभिलेख के निष्पादन और पंजीयन की प्रक्रिया में काम करना है। गुना जिले में अब तक इस योजना के तहत एक भी रजिस्ट्री नहीं होने के कारण जिले की रैंकिंग प्रदेश में 54वें स्थान पर पहुंच गई है। 15 सितंबर को पटवारियों ने काम करने से किया था इनकार पटवारियों ने 15 सितंबर को जिला स्तर पर ज्ञापन सौंपकर योजना के तहत काम करने से इनकार किया था। उनका कहना था कि वे काम करने से पीछे नहीं हट रहे हैं, लेकिन योजना में रजिस्ट्री का काम करने पर कार्रवाई की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर आएगी। पटवारियों ने स्पष्ट किया था कि वे इस योजना में काम नहीं करेंगे। इन 4 पटवारियों पर हुई कार्रवाई जिला प्रशासन के मुताबिक, निर्धारित कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर इन पटवारियों को निलंबित किया गया है— महेंद्र किरार वर्तमान में जिला पटवारी संघ के अध्यक्ष हैं। इसके अलावा चार ट्रेनी पटवारियों को सेवा समाप्ति के नोटिस जारी किए गए हैं। कार्रवाई के विरोध में सरकारी ग्रुप छोड़े कलेक्टर की कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद पटवारियों ने विरोध जताते हुए मंगलवार रात सरकारी ग्रुप छोड़ दिए। जिला पटवारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र किरार ने बताया कि कार्रवाई के विरोध में पटवारियों ने यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि बुधवार को जिला स्तर पर बैठक होगी। इसके बाद पूर्ण कलमबंद हड़ताल का ज्ञापन प्रशासन को सौंपा जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 साल पूरे होने के मौके पर भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आज (7 अक्टूबर) छत्तीसगढ़ के सभी सांगठनिक जिलों में एक साथ ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा थोड़ी देर बाद शुरू होगी। प्रदेशभर में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। रायपुर में होने वाली ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। कार्यक्रम इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, जोरा स्थित कृषि मंडपम में होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत प्रदेश संगठन के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। भाजपा ने प्रदेश के सभी सांगठनिक जिलों में नेताओं को कार्यक्रम में उपस्थिति की जिम्मेदारी दी है। पार्टी का उद्देश्य ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 सालों की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाना है। भाजपा का यह अभियान 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चल रहा है। हर जिले में अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी रायपुर शहर और ग्रामीण के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव समेत प्रदेश संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे। डिप्टी सीएम साव बिलासपुर और विजय शर्मा कवर्धा में रहेंगे मौजूद बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कवर्धा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और दुर्ग-भिलाई में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव यात्रा में शामिल होंगे। बेमेतरा में मंत्री दयालदास बघेल, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में टंकराम वर्मा और बस्तर में केदार कश्यप मौजूद रहेंगे। इसी तरह जांजगीर-चांपा में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और सांसद कमलेश जांगड़े, कोरबा में मंत्री लखनलाल देवांगन, रायगढ़ में मंत्री ओपी चौधरी और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और बलरामपुर में मंत्री रामविचार नेताम शामिल होंगे। एमसीबी में मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, जशपुर, सरगुजा और सूरजपुर में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू समेत प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा गरियाबंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी, महासमुंद में सांसद विजय बघेल, बालोद में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजनांदगांव में सांसद संतोष पांडेय, नारायणपुर में सांसद भोजराज नाग और दंतेवाड़ा में सांसद महेश कश्यप को कार्यक्रम की जिम्मेदारी दी गई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरिया, बलौदाबाजार, धमतरी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कांकेर, कोंडागांव, सुकमा, बीजापुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली और सक्ती में भी प्रदेश के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारी सेवा ज्योति यात्रा में शामिल होंगे। भाजपा के मुताबिक संबंधित जिलों के स्थानीय सांसद, विधायक और विभिन्न आयोग, निगम-मंडलों के अध्यक्ष भी अपने-अपने गृह जिलों में होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होंगे। 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चल रहा अभियान भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया है। यह अभियान 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा। छत्तीसगढ़ में सेवा ज्योति यात्रा इसी अभियान का हिस्सा है, जिसे पार्टी सभी सांगठनिक जिलों में एक साथ आयोजित कर रही है। रायपुर में होने वाले कार्यक्रम के लिए भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग ने मीडिया को भी आमंत्रित किया है।
भीलवाड़ा शहर के कुछ हिस्सों में इलेक्ट्रिसिटी मेंटेनेंस वर्क के चलते बुधवार को चार घंटे बिजली बंद रहेगी। एवीएनल के सहायक अभियंता हरीश कुमार टेलर ने बताया- 7 अक्टूबर को सम्बन्धित क्षेत्र के 11 केवी R. K. Colony फीडर के किसान भवन, दारू गोदाम के पीछे, पदमावती मैरिज होल, कमला आर्किटेक्ट, RK कॉलोनी सेक्टर A , B , C , D बनेड़ा स्ट्रीट, मंगलम प्लाजा, सामुदायिक केंद्र, RC व्यास सेक्टर 1,2, हरिजन बस्ती, जनप्रिय पान के आस पास का क्षेत्र, 11 KV आरके कॉलोनी फीडर से सम्बंधित क्षेत्र। 11 KV गोल प्याऊ फीडर से जुड़े क्षेत्र मैन सेक्टर, शास्त्री नगर सेक्टर- A,B,C,D,E, ओल्ड हाउसिंग बोर्ड, मोहम्मदी कॉलोनी, सोलंकी टाकीज़ रोड, नीलकंठ कॉलोनी, नगर परिषद, राजेंद्र मार्ग रेलवे फाटक, मुरली विलास रोड, LNT रोड । 11KV पथिक नगर फीडर से जुड़े क्षेत्र पथिक नगर, देवस्थली हॉस्पिटल, महेश हॉस्पिटल, देवरिया बालाजी, आरसी व्यास सेक्टर 9,10, कम्युनिटी हॉल, महेश भवन, बीएसएनल कॉलोनी, रघु बापु खेत, मालू हॉस्पिटल, मोती नगर, मालियों का शिव मंदिर, टाटा टावर, तेलीपाड़ा, टैगोर स्कूल, अग्रसेन सर्किल, प्रगति नगर, प्रगति एनक्लेव, महेश भवन। 11 केवी सालरा फीडर से जुड़े क्षेत्र 11 केवी सालरा फीडर से जुड़े सालरा गांव व एजी एरिया, बायपास रोड, श्रीजी सिटी, निधिवन कॉलोनी, एम पी एस स्कूल, छापरी चौराहा के आस पास संबंधित क्षेत्र में सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली बंद रहेगी। तय समय पर कर लें जरूरी काम विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपने जरूरी काम तय समय से पहले निपटाने की अपील की है ताकि उन्हें असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के भस्म आरती के दौरान भगवान महाकाल का गणेश स्वरूप में आकर्षक शृंगार किया गया। मंदिर के कपाट खुलते ही सबसे पहले वीरभद्र जी को प्रणाम कर स्वस्ति वाचन किया गया और उनकी आज्ञा लेकर चांदी द्वार खोला गया। इसके बाद गर्भगृह के पट खोले गए और पुजारियों ने भगवान का शृंगार उतारकर पंचामृत पूजन के बाद कर्पूर आरती की। पंचामृत से अभिषेक, ड्रायफ्रूट और मिठाई का भोग नंदी हॉल में नंदी जी का स्नान, ध्यान और पूजन किया गया। इसके बाद भगवान महाकाल का जल से अभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन किया गया। ड्रायफ्रूट, फल और मिठाई का भोग लगाया गया। भांग-चंदन से गणेश स्वरूप में सजे बाबा भस्म आरती से पहले भगवान महाकाल को भांग, चंदन, सिंदूर और आभूषणों से भगवान गणेश के स्वरूप में शृंगारित किया गया। बाबा महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुंडमाला, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की माला धारण कराई गई। इसके बाद महाकाल को भस्म अर्पित की गई। महा निर्वाणी अखाड़े ने अर्पित की भस्म भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। मान्यता है कि भस्म अर्पित करने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।
आपने मध्य प्रदेश क्राइम फाइल्स के पार्ट 1 में पढ़ा कि 27 सितंबर 2014 को रतलाम में हत्या की दो अलग-अलग वारदातें हुईं। पहली घटना नगर निगम के बाहर हुई, जिसमें कांग्रेस पार्षद यास्मीन शेरानी पर दिनदहाड़े गोली चला दी गई। इसके करीब दो घंटे बाद रोडवेज बस स्टैंड के पास बजरंग दल नेता कपिल राठौर और पुखराज की हत्या कर दी गई। दोनों वारदातों के बीच कोई सीधा संबंध था या नहीं, यह पुलिस के सामने बड़ा सवाल था। लेकिन पहली फायरिंग के बाद शहर में जो तनाव पैदा हुआ, उसी माहौल के बीच दूसरी वारदात ने हालात और बिगाड़ दिए। देखते ही देखते रतलाम में पथराव, उपद्रव और कर्फ्यू की स्थिति बन गई। इन दाेनों वारदातों का सच क्या था इस हिस्से में पढ़िए… 27 सितंबर को दोपहर करीब 12:45 बजे यास्मीन शेरानी पर फायरिंग हो गई। वे कांग्रेस की महिला प्रदेश उपाध्यक्ष और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष थीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। खबर फैलते ही लोगों की भीड़ जमा होने लगी। पुलिस के सामने दो वारदात, तीन सवाल दोपहर 2:20 बजे हिंदू नेता कपिल राठौर और पुखराज को गोली लगी। कपिल के भाई विक्रम राठौर भी हमले में घायल हुए।पुलिस के सामने अब तीन सवाल थे- यास्मीन पर गोली किसने चलाई? कपिल और पुखराज की हत्या किसने की? और क्या दोनों घटनाओं के पीछे कोई साझा साजिश थी? यास्मीन पर हमले की वजह पुराना हत्याकांड पुलिस जांच में यास्मीन शेरानी पर हमला करने वाले की पहचान वैभव बैरागी के रूप में सामने आई। मामला करीब डेढ़ साल पुराने एक हत्याकांड से जुड़ गया। 15 अप्रैल 2013 को जावरा रोड पर सहिर शेरानी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। केस में मनोज और लाला के साथ वैभव बैरागी को आरोपी बनाया गया था। पुलिस के मुताबिक, वैभव को लग रहा था कि शेरानी परिवार इस मामले में उसे सजा दिलाने का प्रयास कर रहा है। जमानत पर बाहर आने के बाद उसने यास्मीन शेरानी पर हमले की योजना बनाई। इसके लिए उसने चंदन शर्मा को साथ लिया। योजना के मुताबिक, वैभव नगर निगम परिसर में पहुंचा। सजा के बाद वैभव कोर्ट से फरार हो गया मामले की सुनवाई के दौरान यास्मीन ने अदालत में बताया कि गोली चलने से पहले उन्होंने हमलावर का चेहरा देखा था। उनके मुताबिक, वह वैभव बैरागी था। गोली उनकी गर्दन के पीछे लगी थी। यास्मीन के भतीजे जाहिद खान ने भी पुलिस को बताया कि उसने वैभव को घटनास्थल से भागते देखा था। पुलिस ने वैभव और चंदन समेत पांच लोगों को आरोपी बनाया। अदालत ने वैभव बैरागी और चंदन शर्मा को 10-10 साल की सजा और 10-10 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। तीसरे साथी तरुण सांखला को आर्म्स एक्ट में तीन साल की सजा हुई। कपिल राठौर से पुराना विवाद बना हत्या की वजह जांच में सामने आया कि कपिल राठौर और हैदर के बीच पहले से विवाद था। गोपाल गुर्जर और हैदर के बीच हुए पुराने विवाद में कपिल राठौर ने हैदर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी वजह से हैदर कपिल से रंजिश रखने लगा था। 27 सितंबर को यास्मीन पर गोली चलने के बाद शहर में तनाव था। इसी माहौल का फायदा उठाकर मुसैफ, नासिर, रिजवान, मुतलिफ और हैदर ने कपिल राठौर की हत्या की योजना बनाई। हैदर ने अपने पास पिस्टल होने की बात कही। इसके बाद हथियार और वाहनों का इंतजाम किया गया। कपिल और पुखराज को रेस्टोरेंट में मारी गोली याह्या खान ने मुसैफ को पिस्टल और गोलियां दीं। नासिर अपने घर से चाकू लेकर आया। रिजवान ने सैफुल्ला से रिवॉल्वर और दूसरी बाइक ली। इसके बाद आरोपी अलग-अलग बाइक से राठौर रेस्टोरेंट पहुंचे। रेस्टोरेंट पहुंचने के बाद मुसैफ, हैदर और रिजवान ने गोलीबारी की। कपिल राठौर और पुखराज को गोलियां लगीं। इसी दौरान नासिर ने पुखराज के सिर पर चाकू से वार किया। कपिल और पुखराज की मौत हो गई जबकि विक्रम राठौर घायल हुए। हमलावर वहां से निकल गए। कोर्ट में बचाव पक्ष ने रखीं अलग-अलग थ्योरी कपिल राठौर हत्याकांड की सुनवाई के दौरान आरोपियों की ओर से अलग-अलग तर्क दिए गए। एक तर्क यह था कि नारायण का कपिल से वेतन को लेकर विवाद था और विक्रम की अपने भाई कपिल से व्यापार को लेकर रंजिश थी। दोनों ने मिलकर बाहर से हमलावर बुलाए और शहर में तनाव का फायदा उठाकर हमला करवाया गया। दूसरा तर्क यह था कि कपिल राठौर गौवंश और लव जिहाद के विरोध के कारण कई लोगों के निशाने पर थे। इसी वजह से किसी अन्य दुश्मन ने उनकी हत्या कर दी। यह भी कहा गया कि आरोपी शेरानी परिवार से जुड़े थे। हालांकि, अदालत ने ये तर्क स्वीकार नहीं किए। 24 गवाहों के बयान के बाद आया फैसला कपिल राठौर हत्याकांड में अभियोजन ने कुल 24 गवाह पेश किए। 24 जुलाई 2018 को अदालत ने मुसैफ, नासिर, हैदर और रिजवान को कपिल राठौर और पुखराज की हत्या का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा दी। विक्रम राठौर पर जानलेवा हमले के मामले में 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई। याह्या खान और जाहिद हुसैन को आपराधिक षड्यंत्र के मामले में आजीवन कारावास दिया गया। मूसा खान उर्फ आसिफ को साक्ष्य छिपाने के मामले में पांच साल के कठोर कारावास की सजा मिली। सैफुल्ला को संबंधित आरोप से दोषमुक्त कर दिया गया। क्राइम फाइल्स की इस कड़ी का पार्ट-वन भी पढ़ें… मुस्लिम नेता पर फायर, हिंदू लीडर की हत्या 27 सितंबर 2014 को रतलाम में कांग्रेस पार्षद और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी पर फायरिंग हुई। गोली उनकी गर्दन के पीछे लगी। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। वारदात के बाद शहर में तनाव फैल गया। करीब दो घंटे बाद रोडवेज बस स्टैंड के पास बजरंग दल के स्थानीय नेता कपिल राठौर और उनके साथी पुखराज की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पढे़ं पूरी खबर…
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में सरस्वती मैरिज गार्डन के पास स्थित लकड़ी की टाल में मंगलवार देर रात अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। लपटें देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। नगर निगम की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, टाल में रखी लकड़ियों में देर रात तक आग सुलगती रही, जिसे बुझाने के लिए फायरकर्मी मौके पर जुटे रहे। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं सूचना मिलने पर मोतीनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले को जांच में लिया है। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस के मुताबिक, आग से हुए नुकसान का पंचनामा तैयार किया जा रहा है। आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।
बांसवाड़ा जिले में बुधवार को आवश्यक रखरखाव और नई विद्युत लाइनें खींचने के कार्य के चलते कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। अलग-अलग क्षेत्रों में निर्धारित समय के अनुसार विद्युत शटडाउन लिया जाएगा। इंडस्ट्रियल एरिया तृतीय में 6 घंटे कटौती नई लाइनें खींचने के कार्य के चलते ठिकरिया पावर हाउस की बिजली बुधवार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रहेगी। इसके चलते इंडस्ट्रियल एरिया तृतीय क्षेत्र के उपभोक्ताओं को करीब 6 घंटे बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। बड़ोदिया, छींच और करजी क्षेत्र में 4 घंटे 33 केवी बड़ोदिया लाइन पर आवश्यक रखरखाव कार्य किया जाएगा। इसके चलते 33 और 11 केवी जीएसएस छींच, बड़ोदिया तथा करजी से जुड़े गांवों में बुधवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। विद्युत विभाग के एईएन नितिन गौड़ ने शटडाउन की जानकारी दी है। विभाग के अनुसार, निर्धारित समय में कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। जरूरी काम पहले निपटाने की अपील विद्युत विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली कटौती के निर्धारित समय से पहले अपने जरूरी काम निपटा लें, ताकि उन्हें असुविधा का सामना न करना पड़े। विभाग ने कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति यथाशीघ्र बहाल करने की बात कही है।
राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर खुले में घूमने वाले गोवंश से होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने मंगलवार शाम आदेश जारी कर नगर पालिका और जनपद पंचायतों के अधिकारियों को सड़कों से गोवंश हटाकर सुरक्षित गौशालाओं में पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। सड़कों पर हादसा हुआ तो तय होगी जिम्मेदारी कलेक्टर ने कहा कि सड़कों पर गोवंश के जमावड़े से आए दिन हादसे हो रहे हैं। इनमें लोगों के साथ गोवंश भी घायल हो रहे हैं। निर्देशों के बावजूद हाईवे या प्रमुख सड़कों पर गोवंश के कारण दुर्घटना होने पर संबंधित सीईओ जनपद पंचायत, सीएमओ और पंचायत सचिव की जिम्मेदारी तय कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। रात और सुबह होगी सड़कों की निगरानी हाईवे और प्रमुख सड़कों पर स्थानीय स्तर पर पशु दल बनाए जाएंगे। ये दल रात और सुबह गश्त कर सड़क पर बैठे या घूम रहे गोवंश को हटाएंगे। पकड़े गए पशुओं को नजदीकी गौशालाओं में पहुंचाने के साथ उनके चारे और पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। गोवंश के सींग और गले पर लगेगा रेडियम रात के समय हादसों से बचाव के लिए गोवंश के गले और सींग पर रेडियम रिफ्लेक्टर टेप लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे वाहन चालकों को अंधेरे में भी सड़क पर मौजूद पशु दूर से दिखाई दे सकेंगे। दोबारा छोड़ने पर पशु मालिकों पर जुर्माना-FIR खुले में पशु छोड़ने वाले मालिकों को चिन्हित कर मुनादी के जरिए चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद भी पशु खुले में छोड़े जाने पर संबंधित मालिकों पर मध्यप्रदेश पंचायती राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 और मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1961 के तहत जुर्माना लगाया जाएगा। बार-बार उल्लंघन करने वालों पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। हर हफ्ते देनी होगी जियो-टैग रिपोर्ट नगर पालिका अधिकारियों को हर सप्ताह सड़क से हटाए गए गोवंश की जियो-टैग फोटो सहित प्रगति रिपोर्ट कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करनी होगी। निर्देशों के बावजूद हादसा होने या गोवंश को नुकसान पहुंचने पर संबंधित अधिकारियों और पंचायत सचिव के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बेंदलकोना गांव में झोलाछाप डॉक्टर के लगाए इंजेक्शन से युवक की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक उसे इलाज के लिए रायपुर एम्स लाया गया था, लेकिन बेड नहीं होने की बात कहकर लौटा दिया गया। इसके बाद परिजन युवक को छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल मेकाहारा लेकर गए। वहां भी बेड नहीं होने की बात कही गई और मरीज का इलाज नहीं किया। इसके बाद परिजन युवक को वापस कोरबा लेकर आए। 22 सितंबर को हर प्रसाद को फिर मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसने दम तोड़ दिया। दरअसल, हर प्रसाद सोनवानी (28) को बाइक से गिरने से घुटने में मामूली चोट लगी थी। इलाज के लिए वह तरदा के मुरली मनोहर उर्फ महाराज के पास गया था। मुरली मनोहर ने अपने क्लिनिक में युवक की बाईं कमर में इंजेक्शन लगाया। दो दिन बाद कमर में तेज दर्द, सूजन और नीला निशान पड़ गया। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे कोरबा मेडिकल कॉलेज और फिर टीपी नगर के निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टर्स ने रायपुर ले जाने की सलाह दी थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं आरोपी मुरली मनोहर घटना के बाद से फरार है और उसका मोबाइल बंद है। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। बाइक से गिरने पर घुटने में लगी थी चोट परिजनों के मुताबिक, बेंदलकोना का रहने वाला हर प्रसाद रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। रक्षाबंधन 28 अगस्त 2026 के आसपास वह बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसके सामने एक कुत्ता आ गया। कुत्ते से बचने के दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और हर प्रसाद सड़क पर गिर गया। हादसे में उसके घुटने में मामूली चोट आई थी। इसके बाद वह इलाज के लिए थाना उरगा अंतर्गत ग्राम तरदा के मुरली मनोहर उर्फ महाराज के पास पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर किराए के मकान में क्लिनिक चलाकर लोगों का इलाज करता था। कमर में इंजेक्शन लगाने के बाद बढ़ी परेशानी परिजनों के अनुसार, डॉक्टर ने हर प्रसाद की बाई कमर में एक इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के बाद वह घर लौट आया। करीब दो दिन बाद उसकी कमर में तेज दर्द होने लगा। धीरे-धीरे कमर में खिंचाव और सूजन आ गई। इसके साथ ही इंजेक्शन वाली जगह पर नीले रंग का निशान भी दिखाई देने लगा। हर प्रसाद की हालत बिगड़ती देखकर 2 सितंबर को परिवार वाले उसे कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद इंजेक्शन की वजह से इंफेक्शन होने की बात कही और उसका इलाज शुरू किया। हालत बिगड़ने पर निजी अस्पताल में कराया भर्ती मेडिकल कॉलेज में करीब 2 दिन इलाज चलने के बाद झोलाछाप डॉक्टर को हर प्रसाद की हालत की जानकारी मिली। परिजनों के मुताबिक, इसके बाद आरोपी झोलाछाप डॉक्टर खुद मेडिकल कॉलेज पहुंचा। उसने मरीज का बेहतर इलाज कराने की बात कही और उसे टीपी नगर स्थित एक निजी अस्पताल में शिफ्ट करा दिया। हालांकि, निजी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद भी हर प्रसाद की हालत में सुधार नहीं हुआ। उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। रायपुर एम्स भी ले गए, नहीं मिला बेड हर प्रसाद की गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उसे बेहतर 9 सितंबर इलाज के लिए रायपुर के एम्स लेकर पहुंचे। लेकिन डॉक्टरों ने वहां बेड उपलब्ध नहीं होने की वजह बातकर उसे भर्ती से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन युवक को मेकाहारा लेकर गए। वहां भी इलाज नहीं मिला। इसके बाज परिजन उसे वापस कोरबा लेकर आए। आखिरकार 22 सितंबर को हर प्रसाद को फिर मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत लगातार गंभीर बनी रही। सोमवार 5 अक्टूबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टर के खिलाफ शिकायत, पुलिस ने शुरू की जांच हर प्रसाद की मौत के बाद परिजनों ने सिविल लाइन थाने में शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत तरीके से इंजेक्शन लगाए जाने के कारण हर प्रसाद की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है। घटना के बाद से आरोपी मुरली मनोहर उर्फ महाराज फरार बताया जा रहा है। उसका मोबाइल भी बंद है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। ……………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… जांजगीर जिला अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की मौत:बच्चे को जन्म देने के बाद बिगड़ी तबीयत, परिजनों ने गलत इंजेक्शन का आरोप लगाया जांजगीर-चांपा के जिला अस्पताल में प्रसव के बाद 19 साल की एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला ने एक बेटे को जन्म दिया था। परिजनों ने इलाज में लापरवाही और गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और नवजात की देखभाल के लिए मुआवजे की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर…
सवाई माधोपुर के समीप 33 केवी सूरवाल लाइन पर बुधवार को आवश्यक मरम्मत कार्य किया जाएगा। इसके चलते सुबह 7 बजे से 10 बजे तक तीन घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। जयपुर डिस्कॉम के एईएन (एचटीएम), सवाई माधोपुर ने बताया- 33 केवी सूरवाल लाइन पर आवश्यक अनुरक्षण कार्य किया जाना है। इसके कारण 33/11 केवी जीएसएस सूरवाल से जुड़े गांवों और आसपास के क्षेत्रों में बिजली सप्लाई प्रभावित रहेगी। इन इलाकों में बंद रहेगी सप्लाई मरम्मत कार्य के दौरान सूरवाल, धनोली, पुसोदा, दोंदरी, गोगोर और मेनपुरा सहित संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। डिस्कॉम के अनुसार निर्धारित समय में कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा और इसके बाद बिजली आपूर्ति यथाशीघ्र सुचारू कर दी जाएगी। विभाग ने प्रभावित क्षेत्र के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
जवाई नदी के पुनर्जीवन और प्रदूषण के स्रोतों की मैपिंग के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश संगीत लोढ़ा की अध्यक्षता में गठित हाई-लेवल इकोसिस्टम ओवरसाइट कमेटी ने मंगलवार को जवाई नदी के किनारे आधा दर्जन से अधिक पॉइंट का निरीक्षण किया। पहले दिन कमेटी ने जिले में जवाई नदी के करीब 33 किलोमीटर क्षेत्र का सर्वे किया। बुधवार को केशवना और सायला क्षेत्र में नदी का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नदी में जगह-जगह बजरी खनन और उससे बने गहरे गड्ढे मिलने पर कमेटी ने खनन विभाग के अधिकारियों से सवाल किए। पचानवा और अगवरी में अवैध बजरी खनन से बने गहरे गड्ढे सामने आए। कई जगह इतनी बजरी निकाली गई थी कि नदी की निचली सतह साफ दिखाई दे रही थी। स्थिति को देखते हुए सेवानिवृत्त न्यायाधीश संगीत लोढ़ा ने खनिज अभियंता नरेंद्र खटीक को फटकार लगाई और अवैध खनन तत्काल रुकवाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। सात पॉइंट का निरीक्षण किया कमेटी ने पावटा, डोड़ियाली, पचानवा, अगवरी, दयालपुरा, छिपरवाड़ा और सांकरणा पॉइंट का निरीक्षण किया। डोड़ियाली और पावटा में जवाई नदी पर रपट निर्माण का काम चल रहा है। यहां टीम को पूर्व में हुए बजरी खनन से बने गड्ढे दिखाए गए। पचानवा और अगवरी में खनन से बने गहरे गड्ढों की स्थिति को देखते हुए टीम ने मौके की वीडियोग्राफी करवाई। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने उन स्थानों का भी निरीक्षण करवाने की मांग की, जहां अवैध खनन और नदी के स्वरूप में बदलाव की शिकायतें सामने आई थीं। कमेटी ने कई स्थानों पर मौके की स्थिति दर्ज करने के साथ फोटो और वीडियोग्राफी करवाई। ग्रामीण ने कहा- एक रवन्ना, पूरे दिन बजरी का परिवहन पचानवा गांव के ग्रामीण इन्द्रसिंह राजपूत ने कमेटी के सामने बजरी खनन और परिवहन को लेकर शिकायत रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि एक रवन्ना लाकर पूरे दिन अवैध रूप से बजरी का परिवहन किया जा रहा है। कमेटी ने शिकायत को गंभीरता से लिया। अगवरी में हुए बजरी खनन की भी वीडियोग्राफी करवाई गई। दयालपुरा के पास जवाई नदी में बजरी की लीज है। यहां लीजधारक की ओर से किए गए खनन से बने गड्ढों की भी टीम ने वीडियोग्राफी की। ग्रामीणों ने मादड़ी पॉइंट का निरीक्षण करने की मांग की, लेकिन टीम वहां नहीं पहुंची। इसको लेकर भी खनिज अभियंता से सवाल किए गए। मादड़ी में 20 फीट तक खनन का दावा ग्रामीणों के अनुसार, जवाई नदी के मादड़ी पॉइंट पर करीब 20 फीट तक बजरी खनन किया गया है। उनका कहना है कि नदी में बजरी की मोटी परत पानी को प्राकृतिक रूप से फिल्टर करने का काम करती है। बजरी हटने से प्राकृतिक फिल्टर प्रभावित हो सकता है और इसका असर भूजल पर भी पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों के अनुसार, दयालपुरा और गंगावा गांवों के लिए जवाई नदी पानी का प्रमुख स्रोत है। अब खनन का क्षेत्र दयालपुरा की ओर बढ़ रहा है। बजरी की परत हटने के बाद नीचे चिकनी मिट्टी की परत सामने आने से पानी के जमीन में रिसाव पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। इसी कारण नदी किनारे बसे ग्रामीण बजरी खनन की अनुमति को लेकर चिंतित हैं। सांकरणा में लीज क्षेत्र की भी जांच शाम को कमेटी ने सांकरणा जवाई नदी क्षेत्र में बजरी माइंस का निरीक्षण किया। सांकरणा ब्रिज से महेशपुरा रोड तक करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में वैध और अवैध दोनों तरह के खनन की स्थिति बताई गई। टीम ने लीज क्षेत्र के बाहर खनन की स्थिति भी देखी और मौके की फोटो व वीडियोग्राफी करवाई। कमेटी ने खनन के बाद नदी की स्थिति का भी निरीक्षण किया। मौके की स्थिति को देखते हुए संगीत लोढ़ा ने खनिज अभियंता को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों की टीम रही मौजूद निरीक्षण के दौरान आरएएस मनोज कुमार, आहोर एसडीएम रोहित चौहान, तहसीलदार लधाराम पंवार, आहोर थानाधिकारी करणसिंह, उम्मेदपुर आरआई राजाराम चौधरी, गुड़ाबालोतान आरआई नरेंद्रसिंह बालोत सहित खनिज, पीडब्ल्यूडी, जल संसाधन, पीएचईडी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सलूंबर पुलिस ने खोजे 22 लाख के 150 गुम मोबाइल:मालिकों को लौटाए फोन, साइबर टीम को मिली सफलता
सलूंबर गुम और खोए हुए मोबाइल फोन को बरामद करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में सलूंबर जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 150 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल की अनुमानित बाजार कीमत करीब 22 लाख रुपए बताई गई है। साइबर टीम द्वारा इन मोबाइल फोन का सत्यापन करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों और परिजनों को सुपुर्द किया जा रहा है। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। तकनीकी विश्लेषण से तलाश पुलिस के अनुसार गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए साइबर टीम द्वारा लगातार तकनीकी विश्लेषण और निगरानी की जा रही थी। इसी के आधार पर अलग-अलग स्थानों से 150 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें। साथ ही CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक कराएं, ताकि उसके दुरुपयोग को रोका जा सके। सड़क पर मिला मोबाइल अपने पास न रखें पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को कहीं पड़ा हुआ या गुम हुआ मोबाइल मिले तो उसे अपने पास रखने के बजाय नजदीकी पुलिस थाने में जमा कराएं।वहीं बिना बिल के किसी भी व्यक्ति से मोबाइल फोन खरीदने से बचें।
रेवाड़ी शहर के गढ़ी बोलनी रोड पर कसोला चौक के नजदीक चोर टाइल्स शोरूम का ताला तोड़कर अंदर घुस गया और अलमारी में रखे 2.23 लाख रुपए चोरी कर ले गया। चोर मोटरसाइकिल से बनाए गए रिक्शा के जुगाड़ पर शोरूम तक पहुंचा था। शोरूम के अंदर लगे CCTV कैमरे में आरोपी ताला तोड़कर अंदर घुसते और चोरी करते साफ नजर आ रहा है। वहीं, दूसरी दुकान के कैमरे की फुटेज में शोरूम के पीछे रिक्शा के पास तीन अन्य लोग बैठे दिखाई दे रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस की ERV मौके पर पहुंची और घटनास्थल की वीडियोग्राफी भी की, लेकिन अभी तक चोरी की FIR दर्ज नहीं की गई थी। मालिक को ताला टूटने की मिली सूचना गढ़ी बोलनी रोड पर देवेंद्र ने रोहित टाइल्स एवं सैनेटरी के नाम से शोरूम किया हुआ है। रविवार रात वह शोरूम बंद करके घर चला गया था। रात में उसे शोरूम के शटर का ताला टूटे होने की सूचना मिली। इसके बाद वह मौके पर पहुंचा तो शोरूम के अंदर अलमारी का ताला भी टूटा मिला। अलमारी में रखे 2.23 लाख रुपए गायब थे। चोर शोरूम से अन्य सामान नहीं ले जा सका। मोटरसाइकिल से बने जुगाड़ से पहुंचा देवेंद्र ने शोरूम के अंदर और बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक की, तो एक युवक मोटरसाइकिल से बनाए गए रिक्शा का जुगाड़ लेकर शोरूम पर आता दिखाई दिया। इसके बाद उसने शटर का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल होकर अलमारी का ताला तोड़ दिया। फुटेज में आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देता साफ नजर आ रहा है। देवेंद्र ने फुटेज पुलिस को भी उपलब्ध कराई है। दूसरी दुकान के कैमरे में तीन लोग भी दिखे शोरूम के पास लगी दूसरी दुकान के CCTV कैमरे की फुटेज में तीन अन्य लोग शोरूम के पीछे की तरफ रिक्शा के पास बैठे दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में पुलिस अब शोरूम के CCTV के साथ आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस की ERV मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी की और देवेंद्र को थाने में शिकायत देने के लिए कहा। देवेंद्र ने कसोला थाने में शिकायत भी दे दी, लेकिन सोमवार शाम तक पुलिस ने चोरी का केस दर्ज नहीं किया था। आरोपी की पहचान कराने के प्रयास SHO कसोला सतीश कुमार ने बताया कि चोरी की शिकायत मिल चुकी है। CCTV फुटेज में नजर आ रहे आरोपी की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया जाएगा।
झज्जर जिला मुख्यालय स्थित फॉरेस्ट विभाग की सरकारी बिल्डिंग में ऑफिस टाइम के दौरान हुक्का पीने और ताश खेलने का वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो के बाद सरकारी कार्यालयों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कार्यालय में हर सप्ताह हुक्का जलाने के लिए उपले मंगवाए जाते हैं और ऑफिस समय में ही ताश की बाजी भी लगती है। मामला DFO कार्यालय के पास स्थित सरकारी भवन का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि कार्यालय समय में इस तरह की गतिविधियां चलती रहीं, तो संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई और सरकारी भवन के इस्तेमाल की जिम्मेदारी किसकी है। हैरानी की बात यह है कि कार्यालय समय में ही यहां हुक्का चलने का सिलसिला शुरू हो जाता है। हुक्के के लिए हर सप्ताह कार्यालय में ही उपले (गोसे) मंगाए जाने की बात सामने आई है। करीब 7 रुपए प्रति उपले के हिसाब से बोरा भरकर उपले सरकारी बिल्डिंग में पहुंचाए जाने की चर्चा है। सरकारी भवन में ताश की बाजी हुक्के के साथ-साथ सरकारी बिल्डिंग में ताश की बाजी लगने की बात भी सामने आई है। जिला मुख्यालय से सटी बिल्डिंग में रोजाना इस तरह की गतिविधियां चलने की चर्चा के बीच अब वायरल वीडियो ने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है। एक ओर पर्यावरण विभाग से जुड़े अधिकारी पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हैं, वहीं दूसरी ओर सरकारी भवन में हुक्का जलने की तस्वीरें सामने आने से विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। वीडियो वायरल, जिम्मेदारी पर सवाल वीडियो सामने आने के बाद सवाल यह है कि यदि सरकारी कार्यालय में ऑफिस टाइम के दौरान हुक्का और ताश की बाजी चल रही थी, तो संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। DFO झज्जर की नाक के नीचे यह गतिविधियां चलती रहीं, तो निगरानी कौन कर रहा था। सवाल यह भी है कि सरकारी भवन का इस्तेमाल इस तरह की गतिविधियों के लिए कैसे हो रहा है और इसके लिए जिम्मेदारी किस अधिकारी की तय होगी।
डोटासराजी की राजनीतिक 'सोन-पापड़ी':निगम में 'कपड़ा-फाड़' विरोध; कौन बनेगा 'सड़क का सरपंच' ?
नमस्कार, चीफ साहब डोटासरा जी घर में सोनपापड़ी लेकर ED की रेड का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि 'जिमाने' वाले अभी तक नहीं आए हैं। बीकानेर में कांग्रेस का बोर्ड बना है, ऐसे में भाजपा पार्षद का 'कपड़ा फाड़' प्रदर्शन चर्चा में रहा। चतुर्थ श्रेणी में चयनित कर्मियों को ‘रसोइया’ नहीं बनना था और जोधपुर के देचू में तय हो रहा है कि कौन बनेगा ‘सड़क का सरपंच’। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में… 1. डोटासरा जी क्यों लाए 'सोन-पापड़ी'? सोन पापड़ी के बारे में कहा जाता है कि यह फारस की पारंपरिक मिठाई पश्मक का अपग्रेड वर्जन है। वक्त के साथ इसमें पंजाब का पतीसा भी घुल गया। पीसीसी चीफ डोटासरा जी ने सोनपापड़ी में विरोध की चटनी भी मिला दी है। कांग्रेस के बड़े नेता पुलिस मुख्यालाय पहुंचे थे। डीजीपी साहब से मिले। ज्ञापन दिया। ज्ञापन में भर-भरकर बीजेपी पर आरोप लगाए थे। खास तौर पर निकाय चुनाव के दौरान बल प्रदर्शन का जिक्र था। चुनाव में बल के कई रूप दिखाई देते हैं। डोटासरा जी मुख्यालय से बाहर आए तो मीडिया वालों ने घेर लिया। सवाल उठा- पीएचक्यू में क्यूं आए? डोटासरा जी का दर्द छलका। बोले- विपक्ष को डराया धमकाया जा रहा है। ईडी-सीबीआई का डर दिखाया जा रहा है। मेरे एक मित्र ने फोन करके बताया कि सोर्स से सूचना मिली है कि जल्द ही आपके यहा ईडी की रेड पड़ेगी। रेड की बात सुनकर मैंने सुबह ही सोनपापड़ी मंगाकर रख ली। अब अधिकारियों का इंतजार कर रहा हूं। वे आएंगे तो उन्हें नाश्ते में सोन पापड़ी खिलाऊंगा। यह तय बात है कि सोन पापड़ी खिलाकर बला नहीं टलेगी। किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पार्टी की अंदर की खींचतान को दूर करना पड़ेगा। सीएम कौन बनेगा और निकाय चुनाव में किसने क्या गलती की, इन सब चीजों से पार पाकर सभी को जुटना होगा। सबके जुटने की एक खुशनुमां तस्वीर भी कांग्रेस खेमे से आई। जिसमें दिग्गज नेता भोजन की टेबल पर एक कतार में बैठे थाली आने का इंतजार कर रहे हैं। जूली जी ने मेन्यू में शामिल सब्जियों का जिक्र करना शुरू किया। गहलोत साहब गौर से सुन रहे थे कि डोटासरा बीच में बोल पड़े- खाना तो तभी खाएंगे जब खिलाने वाले आएंगे। इस पर गहलोत-जूली हंस पड़े। मजबूत और एकजुट विपक्ष भी लोकतंत्र की मजबूती है। 2. निगम में कपड़ा फाड़ प्रदर्शन निकाय में जीतने वाले को निगम मिला और हारने वाले को गम। कहानी बीकानेर की है। भाजपा ने बाकी सभी नगर निगमों में जोरदार प्रदर्शन किया। लेकिन बीकानेर हार बैठी। स्थानीय नेताओं को इस हार का मलाल है। हार का गम ऐसा कि भुलाए नहीं भूल रहा। मन के भीतर की भड़ास कहां निकले? पार्षद महोदय ने तय किया कि निगम में ही निकालेंगे। तय होने के बाद पार्षद उसी तरह नगर निगम के दफ्तर पहुंचे जैसे तारासिंह पाकिस्तान पहुंचा था। वे सब कुछ उखाड़ देना चाहते थे। उनका बस चलता तो कांग्रेस का बोर्ड ही उखाड़ फेंकते। लेकिन चूंकि उनका बोर्ड नहीं बना था और हिसाब से वे विपक्ष में थे, इसलिए उनके हाथ में यही था कि वे मुद्दों की बात करें। उनके वार्ड में घर घर कचरा इकट्ठा करने वाला वाहन ऑटो टिपर नहीं पहुंच रहा था। इसके लिए उन्होंने रात में ही फोन कर दिया था। सुबह 10 बजे तक टिपर जब नहीं पहुंचा तो वे निगम पहुंच गए। कमिश्नर के कमरे में जाकर उन्होंने पहले गला फाड़ प्रदर्शन किया। इतना जोर-जोर से चीखे कि समझ नहीं आया कि वे कहना क्या चाहते हैं। कुछ शब्द जो समझ आए वे ये थे कि आपको कितने फोन किए। फिर भी टिपर नहीं आया। मजाक बनाकर रख दिया है। ऐसी तैसी कर दी है वार्ड की। जनता सवाल पूछती है। इस बीच एक कर्मचारी ने दबे स्वर में कुछ कह दिया। पार्षद महोदय उसे कूटने पर उतारू हो गए। चार लोग उन्हें अधर उठाकर बाहर ले गए। इसके बाद भी अधिकारियों के सामने उन्होंने उसी तर्ज पर अपने कपड़े फाड़ लिए जैसे हनुमान जी ने सीना चीरकर दिल में रामजी दिखा दिए थे। 3. चतुर्थ श्रेणी में चयनित होकर क्या करेंगे? चपरासी की नौकरी में भी लोगों को चॉइस चाहिए। यह करेंगे और यह नहीं करेंगे। भैया ऐसी नौकरी करना ही क्यों जो आपके कैडर को सूट नहीं करती। लेकिन नौकरी पर सरकारी का ठप्पा है। बस इतना काफी है। ‘सरकारी’ शब्द में ही सरकार है। एक बार यह ठप्पा जिस पर लग जाता है, उसका बेड़ा पार। फिर नौकरी चपरासी की ही क्यों न हो, वह राजा बनकर घूमता है। एक भाईसाहब ने कार के आगे नंबर प्लेट पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी इस तरह लिखवाया जैसे कलेक्टर लिखा हुआ हो। बाजू में शान से खड़े होकर फोटो भी खिंचाई। कॉन्स्टेबल और सीआरपीएफ की नौकरियां छोड़-छोड़कर लोग चपरासी बनने आ गए। नौकरी भी लग गई। लेकिन जब उन्हें कार्यभार सौंपा गया तो बताया गया कि उन्हें रसोइये का काम भी करना पड़ेगा। यह सुनते ही कई युवा तुनक गए। आंदोलन पर उतार आए। बोले- कुछ भी करा लो लेकिन रसोइया नहीं बनेंगे। राजा महाराजाओं के जमाने में खानसामे की तूती बोलती थी। लेकिन कई राजा-बादशाह ऐसे भी थे जो भोजन का पहला कौर रसोइये को खिलाते थे। प्रेम के कारण नहीं, बल्कि यह जानने कि खाने में जहर तो नहीं मिला है। लेकिन भाईसाहब एक बात सौ टका खरी है जो शकील बदायूनी साहब ने 60 के दशक में ही लिख दी थी। लिखा था- दुनिया में हम आएं हैं तो जीना ही पड़ेगा, जीवन है अगर जहर तो पीना ही पड़ेगा। तो नौकरी अगर सरकारी है तो करनी ही पड़ेगी, रसोइया बनाकर काम में ले तो भी काम करना ही पड़ेगा। कई युवा काम में जुट गए हैं और आटा लगाने में मशक्कत कर रहे हैं। 4. चलते-चलते… पंचायत चुनाव की सुगबुगाहट हो गई है। तारीखों का ऐलान हो ही चुका है। तारीखें खिसक भी चुकी हैं। कुल मिलाकर दंगल तैयार है। दंगल में पंच-सरपंच प्रत्याशी कूदते इससे पहले ही धूल का गुबार छा गया। गुबार छंटा तो बोर्ड पर लिखा था- देचू में आपका स्वागत है। देचू जोधपुर के फलोदी में है। हर किसी को पता था कि धूल का गुबार तापमान बढ़ने के कारण कम वायुदाब के भरोसे चलने वाली धूलभरी हवाएं कतई नहीं थीं। मेन मार्केट के एक खुले हिस्से में दो सांड लड़ रहे थे। टेस्ट मैच के युग से लेकर टी-20 क्रिकेट के युग तक देचू कस्बे में सांडों के युद्ध से रोमांचक दृश्य कुछ नहीं। दुकानदार सामान-सट्टे का माप-तौल भूलकर सांडों पर टकटकी लगा लेते हैं। दुकान पर खड़े ग्राहक भी हड़बड़ी को साइड में रखकर रोमांचक मुकाबले का आनंद लेने लगते हैं। चिंता उन्हें जिनके स्कूटर, बाइक, कार, साइकिल मैदान की सीमा में खड़े हैं। बड़े बुजुर्ग किस्से सुनाते हैं- यह कोई टक्कर थी? टक्कर तो सन उनहत्तर में हुई थी। जब एक सांड ने दूसरे सांड को तीन कोस धकेलकर खेली में औंधा पटक दिया था। आज भी सांडो का मुकाबला देचू में लगने वाला ऐसा मेला है, जिसकी कोई तय तारीख-तिथि नहीं। इसे देखने का सौभाग्य उस किस्मत वाले को मिलता है जो उस समय उस जगह मौजूद हो, जहां सांड लड़ रहे हों। फलोदी बाजार में बस इसी मुकाबले का सट्टा नहीं लगता, वरना इस मार्केट की इज्जत कहीं से कहीं पहुंच जाती। कुल मिलाकर बात यह है कि देचू में सड़कों पर आवारा पशुओं के जमावड़े का इलाज कोई पंचायत-पंच-सरपंच नहीं कर सका। अब पंचायत चुनाव आ रहे हैं। सांड याद दिला रहे हैं कि व्यवस्था में हम भी हैं। हमें भी सड़क का सरपंच बनना है। जो जीतेगा इलाका उसी का। सांडों में चुनाव प्रणाली नहीं है। वरना युद्ध में 20 पैंतरे और जुड़ जाते। इनपुट सहयोग- वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।
यूपी के 5 जिले भीषण बाढ़ की चपेट में हैं। 6 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। लखनऊ में लगातार 9वें दिन गोमती का जलस्तर बढ़ रहा है। पानी नीम करोरी तपोस्थली में घुस गया है। खाटू श्याम और चंद्रिका देवी मंदिर जलमग्न हो गए हैं। फैजुल्लागंज इलाके के 40 हजार मकानों में पानी भरा है। सरकारी और निजी स्कूल डूब गए हैं। गलियों से लेकर मेन रोड तक जलमग्न हैं। बाढ़ में फंसे लोगों के सामने खाने और पीने के पानी की समस्या खड़ी होने लगी है, इसलिए परिवार पलायन कर रहे हैं। सीतापुर में सरायन और कठना नदी का पानी अब भी रिहायशी इलाकों में बह रहा है। गोंडा के 10 गांव भी बाढ़ की चपेट में हैं। शाहजहांपुर में बाढ़ के पानी के साथ 6-7 फीट लंबा मगरमच्छ कॉलोनी में घुस आया, जिसे लोगों ने काफी मशक्कत के बाद पकड़ा। लखनऊ की ग्राउंड रिपोर्ट पढ़िए- लखनऊ में बाढ़ के बीच घरों में तड़प रहे बुजुर्ग: लोग रोते हुए बोले- पीने को पानी, निकलने को नाव नहीं ; अपने तोड़ रहे दम
कटनी जिले के बड़वारा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंगलवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 60 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब और बिना नंबर की होंडा साइन बाइक जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपए बताई गई है। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी थाना प्रभारी सुयेश पांडे के अनुसार, 5 अक्टूबर को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम लखाखेरा बैरागी हार के पास पुरानी डामर सड़क किनारे एक युवक बिना नंबर की नीले रंग की होंडा साइन बाइक पर महुआ शराब लेकर खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। भागने की कोशिश कर रहा था आरोपी पुलिस को देखकर युवक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम समय लाल कोल (26), पिता सोनेलाल कोल, निवासी छुहाई टोला चंदिया, थाना चंदिया, जिला उमरिया बताया। चार कैनों में मिली 60 लीटर शराब पुलिस ने बाइक पर रखे चार प्लास्टिक के कैनों की तलाशी ली। प्रत्येक कैन में 15-15 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब मिली। कुल 60 लीटर शराब बरामद हुई। शराब के परिवहन और बिक्री से संबंधित लाइसेंस व दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई कागजात नहीं दिखा सका। आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज पुलिस ने शराब और बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
कैथल में आज पुलिस लाइन मैदान में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन होगा। कार्यक्रम सुबह 9 बजे शुरू होगा, जिसमें कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन वर्चुअल संबोधन करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा। इसके बाद स्थानीय अतिथियों द्वारा सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित कर यात्रा निकाली जाएगी। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा, यातायात, सफाई, पेयजल, बिजली, प्राथमिक उपचार और एंबुलेंस की व्यवस्था पूरी कर ली है। भाजपा पदाधिकारी होंगे शामिल कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूंडरी विधायक सतपाल जांबा, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीला राम, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, बीजेपी जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी, जिला परिषद के चेयरमैन कर्मबीर कौल, लेबरफेड के चेयरमैन देवेंद्र पांचाल सहित नगर निकाय, पंचायत समिति के चेयरमैन शामिल होंगे। एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में अधिकारियों को बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। एडीसी ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य विकास कार्यों, नीतियों और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। विभागों ने की तैयारियां पुलिस विभाग द्वारा यातायात व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिला नगर आयुक्त एवं नगर परिषद कैथल पुलिस लाइन मैदान में साफ-सफाई, मोबाइल शौचालयों की उपलब्धता के साथ-साथ सभी चौकों की सफाई करवाई गई है। जन स्वास्थ्य विभाग आमजन के लिए पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। बिजली विभाग निर्बाध बिजली व्यवस्था को सुनिश्चित करेंगे। सिविल सर्जन द्वारा प्राथमिक चिकित्सा सुविधा, एंबुलैंस की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।
सिवनी शहर में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं के बीच कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात तीन आरोपियों को पकड़ा है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार बाइक और स्कूटी बरामद की गई हैं। मुखबिर से मिली जानकारी पर कार्रवाई पुलिस के अनुसार, शहर में वाहन चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही थी। सुराग मिलने के बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर मीत बिसेन निवासी प्रेमनगर, बालाघाट और हिमांशु सदाफल निवासी छिंदवाड़ा चौक, सिवनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चार वाहन चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। इन स्थानों से चोरी किए थे वाहन जांच में सामने आया कि 9 मार्च को लूघरवाड़ा निवासी रामजी बघेल की स्प्लेंडर बाइक MP-22-J-1677 लोनिया नहर के पास से चोरी हुई थी। 26-27 सितंबर की रात एसपी बंगले के सामने रहने वाले मदन सिंह ठाकुर की स्कूटी MP-22-S-3177 घर के सामने से चोरी हुई थी। इसी दौरान गणेश चौक निवासी अभिंजय प्रजापति की एक्टिवा MP-22-SA-9656 तिकोना पार्क के पास से चोरी की गई थी। 2-3 अक्टूबर की रात सीवी रमन वार्ड निवासी राहुल कुशराम की स्प्लेंडर MP-22-MH-4752 घर के सामने से चोरी हुई थी। पुलिस ने चारों वाहन बरामद कर लिए हैं। दो आरोपियों पर पहले से मामले दर्ज पुलिस के मुताबिक मीत बिसेन के खिलाफ चोरी और नकबजनी के 8 मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं हिमांशु सदाफल के खिलाफ चोरी और मारपीट के 3 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने एक 17 वर्षीय किशोर को भी हिरासत में लिया है। कार्रवाई में इनकी भूमिका रही कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी, प्रधान आरक्षक प्रदीप चौधरी, सुधीर डहेरिया, संतोष साहू, मुकेश गोडाने, आरक्षक दिलीप उइके, विजेंद्र उइके, मिथलेश उइके और सैनिक मोहम्मद वकील शामिल रहे।
बड़वानी के प्रसिद्ध श्री खाटूश्याम मंदिर में इंदिरा एकादशी का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। अलसुबह से मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक जारी रहा। दिनभर मंदिर परिसर श्याम बाबा के जयकारों, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों से भक्तिमय रहा। अलसुबह पूजन के बाद किया बाबा का श्रृंगार सुबह 5 बजे पंडित बसंत शर्मा ने श्याम बाबा, पशुपतिनाथ महादेव, श्री सालासर बालाजी, श्रीराम और श्रीकृष्ण दरबार का विधिवत पूजन कराया। इसके बाद सेवादारों ने फूलों से देवी-देवताओं का श्रृंगार किया। श्याम बाबा को सुंदर बागा, स्वर्ण रंग का मुकुट, कुंडल और छत्र से सजाया गया। सुबह से रात तक हुई आरतियां सुबह 7:30 बजे मंगला आरती हुई। इसके बाद 11:30 बजे सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में संगीतमय भोग आरती कर बाबा को भोग लगाया गया। शाम 7 बजे हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में संगीतमय महाआरती हुई। इसके बाद मंदिर परिसर में दिव्य ज्योत प्रज्वलित की गई, जिसमें भक्तों ने आहुतियां देकर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना की प्रार्थना की। रात 11 बजे शयन आरती के साथ आयोजन संपन्न हुआ। भजनों पर झूमे श्रद्धालु, लगाई अर्जी दिनभर बड़ी संख्या में माता-बहनों ने भजनों पर झूमते हुए बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की। कई श्रद्धालुओं ने मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करते हुए बाबा के दरबार में अर्जी लगाई। शाम की महाआरती के बाद श्री श्याम प्रसादी ग्रुप की ओर से फलाहारी मिक्चर की प्रसादी बांटी गई। मंदिर समिति ने भी दिनभर श्रद्धालुओं को फल, फ्रूट और पंचमेवा सहित विभिन्न प्रसाद वितरित किए। पितरों की शांति के लिए विशेष महत्व अश्विन मास के कृष्ण पक्ष में आने वाली इंदिरा एकादशी का श्राद्ध पक्ष में विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन व्रत, पूजन, तर्पण और दान करने से पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होता है। श्रद्धालु पूर्वजों के निमित्त पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना करते हैं।
हरियाणा में 2019 तक कढ़ी-छोले और चावल की रेहड़ी लगाने वाला राजेश उर्फ 'नाना' आज करोड़ों के घोटाले का मुख्य आरोपी बनकर सलाखों के पीछे है। पंचकूला साइबर क्राइम पुलिस की जांच में ₹8 करोड़ से ज्यादा के ऑनलाइन निवेश घोटाले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।रेहड़ी से शुरुआत कर आलीशान फार्महाउस और मर्सिडीज कार तक का सफर तय करने वाले राजेश और उसके गिरोह ने फर्जी ऐप और क्रिप्टो स्कीमों के नाम पर हरियाणा भर में सैकड़ों लोगों को ठगा है। पुलिस ने आरोपियों से मर्सिडीज, ऑडी Q3, ऑडी Q5, बीएमडब्ल्यू, आईफोन और मैकबुक जब्त किए हैं। इन गाड़ियों को नीलाम करवाकर पीड़ितों के नुकसान की भरपाई के लिए पुलिस ने कोर्ट में अर्जी दी है। इस रैकेट के तार दुबई से जुड़े हैं। मामले में शामिल अन्य संदिग्ध—रविंद्र बांगड़, सतीश मोखरा, देवेंद्र बांगड़, करमजीत, बी.एस. रंधावा और हैप्पी शेख विदेश भाग चुके हैं। पुलिस ने रविंद्र बांगड़ और हैप्पी शेख के खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया है। कढ़ी-चावल की रेहड़ी से मर्सिडीज तक नाना फर्जी ऐप, दुबई में फ्लैट और '6 महीने में पैसा डबल' का मायाजाल ठेकेदार अशोक ऐसे बने ठगी का शिकार, रिश्तेदारों के डुबोए ₹8 करोड़
जींद जिला बार एसोसिएशन ने अधिवक्ता प्रवीण बूरा के समर्थन में बुधवार, 7 अक्टूबर को वर्क सस्पेंड रखने का निर्णय लिया है। इससे जिला कोर्ट में बुधवार को होने वाले मामलों की सुनवाई प्रभावित रहेगी। सफीदों बार की मांग पर जिला बार की एडहॉक कमेटी ने यह फैसला लिया। 25 सितंबर के बाद यह तीसरी बार है, जब जिला बार ने वर्क सस्पेंड का निर्णय लिया है। प्रवीण बूरा ने 16 सितंबर को पावर हाउस में बिजली कर्मचारियों पर मारपीट के आरोप लगाए थे, जिसके बाद पुलिस ने एसडीओ समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। मामले में एक लाइनमैन की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, भाकियू और ग्रामीण 20 सितंबर से प्रवीण बूरा के समर्थन में धरना दे रहे हैं। जानिए कब-कब रहा वर्क सस्पेंड जिला बार ने पहली बार 25 सितंबर को सफीदों बार की कॉल पर पहली बार वर्क सस्पेंड किया। इसके बाद 28 सितंबर को दो दिन के लिए वर्क सस्पेंड रखा। दूसरी बार की कॉल पर नरवाना बार ने भी वर्क सस्पेंड रखा। अब 7 अक्टूबर को तीसरी बार वर्क सस्पेंड रखने का निर्णय लिया है। हालांकि सफीदों बार ने 6 अक्टूबर को भी वर्क सस्पेंड रखा था। सफीदों बार का मिला था प्रस्ताव जिला बार एडहॉक कमेटी के पदाधिकारी एडवोकेट हरिमोहन शर्मा ने कहा कि सफीदों बार का प्रस्ताव मिला था। एडहॉक कमेटी ने चर्चा के बाद 7 अक्टूबर को वर्क सस्पेंड रखने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि जिला बार न्याय की लड़ाई में वकील साथी के साथ खड़ी रहेगी। भाकियू- ग्रामीण दे रहे धरना वकील प्रवीण बूरा के समर्थन में भाकियू और ग्रामीण 20 सितंबर से धरना दे रहे है। सफीदों में एसडीएम ऑफिस का घेराव कर अपना ज्ञापन सौंप चुके है। धरना समिति की प्रमुख मांगें आरोपी बिजली कर्मचारियों की गिरफ्तारी, हाट पॉवर हाउस के कर्मचारियों का ट्रांसफर की मांग कर रहे हैं। जानिए क्या है पूरा मामला गांव हाट निवासी अधिवक्ता प्रवीण बूरा ने सफीदों पुलिस को शिकायत दी थी। जिसमें बताया था कि 16 सितंबर की रात वह अपनी शिकायत दर्ज करवाने पॉवर हाउस गया था। जहां विवाद के बाद बिजली कर्मी मनीष और रवि ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर एसडीओ सहित पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। लाइनमैन रवि की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
हरियाणा के नारनौल में शहर के साथ लगते बेचिराग गांव लुतफपुर में पहले बेची जा चुकी जमीन को दोबारा बेचने के आरोप में पुलिस ने महिला समेत दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला रजिस्ट्रेशन एक्ट, 1908 की धारा 82 और BNS की धारा 212 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार संयुक्त सब रजिस्ट्रार नारनौल कार्यालय में मोहन लाल और सूबे सिंह ने 22 सितंबर 2026 को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि गांव लुतफपुर निवासी आशा के नाम जमाबंदी वर्ष 2021-22 की खेवट नंबर 110 में कुल 55 कनाल 18 मरला जमीन थी। इसमें आशा का हिस्सा 1/5 यानी 11 कनाल 3 मरला था। पहले बेच दी अधिकांश जमीन शिकायत के अनुसार आशा ने अपने हिस्से की जमीन में से अधिकांश जमीन पहले ही अलग-अलग लोगों को बेच दी थी। इसके लिए 27 दिसंबर 2018 को वसीका नंबर 4630 के माध्यम से जमीन की बिक्री की गई थी। बिक्री के बाद केवल करीब 16 गज जमीन बची थी। हालांकि खरीदारों के नाम इंतकाल दर्ज नहीं हुआ था। सितंबर में फिर से बेचने का आरोप शिकायत में आरोप लगाया गया कि खरीदारों के नाम इंतकाल नहीं चढ़ने का फायदा उठाकर आशा ने 14 सितंबर 2026 को वसीका नंबर 1867 के जरिए वही जमीन दोबारा ऋतू कुमारी को बेच दी। शिकायत मिलने के बाद संयुक्त सब रजिस्ट्रार कार्यालय ने मामले की जांच की और 14 सितंबर की रजिस्ट्री के आधार पर दर्ज इंतकाल नंबर 2328 को रद्द कर दिया। कानूनी कार्रवाई की मांग कार्यालय की ओर से पुलिस को भेजे पत्र में आरोप लगाया गया कि गलत तथ्यों के आधार पर और धोखाधड़ी की नीयत से रजिस्ट्री कराई गई। पत्र में विक्रेता आशा, खरीदार ऋतू कुमारी और रजिस्ट्री के गवाहों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने दर्ज किया केस शहर नारनौल थाना पुलिस को संयुक्त सब रजिस्ट्रार की ओर से पत्र क्रमांक 666/RC, दिनांक 24 सितंबर 2026 को प्राप्त हुआ। पत्र की जांच के बाद पुलिस ने मामले में अब मुकदमा दर्ज किया है। केस में BNS की धारा 212 और रजिस्ट्रेशन एक्ट, 1908 की धारा 82 लगाई गई है।
लुधियाना में शिअद नेता पर FIR:नाबालिग को किया अगवाह, देओल सहित 4 पर केस; 2 साथी गिरफ्तार
लुधियाना में शिरोमणि अकाली दल के मुल्लांपुर दाखा हलका इंचार्ज जसकरण सिंह देओल समेत चार लोगों के खिलाफ पीएयू थाना पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को उसके मामा के घर से कथित तौर पर जबरन ले जाने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस ने देओल के दो साथियों अवतार सिंह और दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। एफआईआर के मुताबिक मंडी गोबिंदगढ़ निवासी सहजप्रीत सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी नाबालिग ममेरी बहन पिछले करीब 5-6 महीने से गांव बिरमी में अपने मामा परमिंदर सिंह के घर रह रही थी। इससे पहले वह अपनी मां और जसकरण सिंह देओल के साथ मोहाली में रहती थी। शिकायतकर्ता के अनुसार 5 अक्टूबर की रात लड़की की मां हरमनदीप कौर अपने साथ अवतार सिंह और दविंदर सिंह को लेकर वाहन में बिरमी स्थित घर पहुंची। आरोप है कि देओल भी गांव के बाहर मौजूद था। लड़की ने फोन कर सहजप्रीत को बताया कि आरोपी उसे जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे हैं और उसके साथ मारपीट कर उसे घसीटा गया है। इसके बाद लड़की ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और सहजप्रीत की सलाह पर पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया। पुलिस पहुंची तो महिला ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से की हाथापाई शिकायत के मुताबिक सहजप्रीत और एक अन्य व्यक्ति जब घर पहुंचे तो पीसीआर टीम पहले ही मौके पर पहुंच चुकी थी। आरोप है कि लड़की की मां ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की और लड़की को जबरन घर के अंदर ले जाकर दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल और गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता के अनुसार अंदर मौजूद लोगों को दरवाजा खोलने के लिए काफी समझाया गया, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में उसने 2-3 ग्रामीणों के साथ मिलकर दरवाजा तोड़ा और घर की तलाशी ली। हालांकि, लड़की और उसकी मां वहां नहीं मिलीं। कोर्ट में चल रहे पुराने केस को प्रभावित करने का आरोपशिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि लड़की को कथित तौर पर इसलिए जबरन ले जाया गया, ताकि उसके खिलाफ चल रही कोर्ट की कार्रवाई या मीडिया में मामले को प्रभावित किया जा सके। उसने यह भी आशंका जताई कि उसके मामा परमिंदर सिंह को शराब या कोई नशीला पदार्थ दिया गया हो सकता है। एफआईआर में अवतार सिंह और दविंदर सिंह के नाम भी दर्ज हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार दोनों हरमनदीप कौर के साथ आए थे। आरोप है कि दोनों के पास दो पिस्तौल थीं, जिन्हें वाहन समेत पुलिस के हवाले कर दिया गया। 6 अक्टूबर को मोहाली कोर्ट में होनी थी अहम सुनवाईपुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि एफआईआर में उल्लेख है कि नाबालिग ने इससे पहले जसकरण सिंह देओल पर यौन उत्पीड़न और मारपीट के आरोप लगाए थे। उसकी शिकायत पर मोहाली के मटौर थाने में केस दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार इसी मामले में 6 अक्टूबर को मोहाली की अदालत में अहम सुनवाई होनी थी। पीएयू थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 140(3), 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27, 54 व 59 के तहत केस दर्ज किया है। नाबालिग से रेप के आरोप में पहले गिरफ्तार हो चुके हैं देओलजसकरण सिंह देओल को इससे पहले नाबालिग लड़की से कथित तौर पर बार-बार रेप के आरोपों के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन्हें 18 मई को अदालत में पेश किया गया था। हालांकि बाद में मोहाली की अदालत ने उनकी गिरफ्तारी को अवैध करार देते हुए तत्काल रिहाई के आदेश दिए थे। अदालत ने कहा था कि गिरफ्तारी के आधार की जानकारी आरोपी को देना अनिवार्य कानूनी प्रक्रिया है और इसका पालन नहीं करना संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है।
सीबीएसई 10वीं में 99.6% नंबर आने के बाद जहां ज्यादातर बच्चे और परिवार जश्न मनाते हैं, वहीं भोपाल की नंदिका गुप्ता ने कुछ अलग करने का फैसला किया। खुद पर और अपनी मेहनत पर भरोसा होने के कारण उसने साइंस और अंग्रेजी की कॉपियां रीवैल्यूएशन के लिए भेज दीं। दोनों विषयों में नंबर बढ़े और अब उसके 100% अंक हैं। नंदिका अब भोपाल के एक प्राइवेट स्कूल में 11वीं की छात्रा है। आखिर 99.6% जैसे शानदार स्कोर के बाद भी उसने रीवैल्यूएशन क्यों कराया और उसे अपने जवाबों पर इतना भरोसा कैसे था? भास्कर ने नंदिका से बात कर उसकी इस जिद, आत्मविश्वास और भविष्य के सपनों को जाना। टीचर ने मना किया, फिर भी लिया चांस नंदिका ने साइंस के साथ इंग्लिश में भी रीवैल्यूएशन कराया। इंग्लिश के एक बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) में सीबीएसई की मार्किंग स्कीम में अलग जवाब था, जबकि नंदिका ने दूसरा विकल्प चुना था। नंदिका बताती हैं, एक कविता की टोन बतानी थी। दो विकल्प थे-‘Excited’ और ‘Peaceful’। मैंने ‘Peaceful’ चुना, जबकि मार्किंग स्कीम में ‘Excited’ को सही जवाब माना गया था। मुझे भरोसा था कि ‘Peaceful’ ही सही है। मेरी इंग्लिश टीचर को भी मेरा जवाब सही लगा, लेकिन उन्हें लगा कि इसके लिए अप्लाई नहीं करना चाहिए। साइंस में भी पकड़ी बोर्ड की गलती साइंस में भी नंदिका को अपने जवाब पर पूरा भरोसा था। आंसर बुक देखने पर उसने पाया कि मार्किंग स्कीम के मुताबिक जरूरी सभी की-वर्ड्स (महत्वपूर्ण शब्द) उसके उत्तर में मौजूद थे। इसके बावजूद उसके नंबर काटे गए थे। नंदिका को भरोसा था कि रीवैल्यूएशन में उसे ये अंक मिल जाएंगे और ऐसा ही हुआ। ‘बचपन से ही ऐसी हूं, टीचर्स भी परेशान रहते थे’ सीबीएसई जैसी बड़ी अथॉरिटी के सामने अपनी बात पर कायम रहने के सवाल पर नंदिका मुस्कुराते हुए कहती हैं, “मैं बचपन से ही ऐसी हूं। स्कूल में आंसर शीट दिखाई जाती थी, तो मैं मैम से कहती थी- मैम, मेरे इस जवाब के नंबर बढ़ाइए।” टीचर्स भी मुझसे परेशान होते थे। 99.6% और 100% के बीच कितना बड़ा अंतर? नंदिका के मुताबिक, आज 100% अंकों की वैल्यू बढ़ गई है। वह कहती हैं, आजकल बोर्ड में 90% या 95% से ऊपर अंक लाना कई बच्चों के लिए संभव है। अब 99% भी कई बच्चों के आ रहे हैं, लेकिन 100% बहुत कम बच्चों के आते हैं। अच्छे अंकों के बीच अंतर कम होने से प्रतियोगिता बढ़ गई है। आज बच्चों के पास पढ़ाई के बेहतर संसाधन हैं और एजुकेशन सिस्टम भी पहले से बेहतर हुआ है। इसलिए मेहनत, डेडिकेशन और माता-पिता के सपोर्ट से सबसे ऊपर पहुंचना बड़ी उपलब्धि है। मां बोलीं- नंबर बढ़े तो खुशी से उछल पड़ी नंदिका की मां को 99.6% नंबर आने की उम्मीद थी। इसलिए पहली बार में खुशी हुई, लेकिन असली सरप्राइज रीवैल्यूएशन के बाद मिला। मां ने बताया, जैसे ही नंदिका ने रिजल्ट देखा, उसने कहा- मम्मी, मेरी मार्कशीट अपडेट हो गई है।मुझे सभी विषयों में 100 नंबर मिले हैं। मैं खुशी से उछल पड़ी। ताली बजाई और ऊपर वाले कमरे से तुरंत नीचे आ गई। मैंने अपने पति से कहा- सुनो, नंदिका का रीवैल्यूएशन हो गया और उसके नंबर बढ़ गए। इसके बाद घर में जश्न का माहौल हो गया। आगे क्या करना चाहती है नंदिका? नंदिका के माता-पिता लेक्चरर और प्रोफेसर हैं। उसकी बड़ी बहन नयनी ने हैदराबाद के प्रतिष्ठित संस्थान नालसार (NALSAR) से लॉ किया है और अभी एक लॉ फर्म में एसोसिएट हैं। बहन से प्रेरित होकर नंदिका भी आगे लॉ करना चाहती हैं। इकोनॉमिक्स ऑनर्स भी उनके विकल्पों में है। फिलहाल वह करियर के विकल्प तलाश रही हैं। नंदिका की दूसरे बच्चों को सलाह नंदिका का मानना है कि छात्रों को अपने हक के लिए आवाज उठानी चाहिए। वह कहती हैं, अगर आपको लगता है कि आपके साथ गलती हुई है और आपके नंबर बढ़ सकते हैं, तो अपने लिए आवाज उठानी चाहिए। सिर्फ इसलिए पीछे नहीं हटना चाहिए कि सामने बोर्ड या कोई बड़ी अथॉरिटी है।
हरियाणा में मंगलवार शाम से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गया है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अगले 5 दिनों तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आज बुधवार को प्रदेश के 9 जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, बिजली कड़कने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, जींद, कैथल, भिवानी, रोहतक, चरखीदादरी, झज्जर, नारनौल, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग ने हरियाणा में लगातार बैक टू बैक दो पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से 12 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने का अंदेशा जताया है। इससे मंडियों में खुले में पड़े धान से किसानों व आढ़तियों की चिंता बढ़ गई है। एक रात पहले पंचकूला में ओले गिरे मंगलवार रात को पंचकूला में अचानक गरज-चमक के साथ ओले पड़े। वहीं पानीपत और सोनीपत में तेज हवाएं चलीं। यमुनानगर में हुई तेज बारिश के कारण मंडियों में खुले में रखी धान की फसल और ट्रालियों में लदी उपज भीग गई। कल रात को मौसम में बदलाव की दो तस्वीरें… जानिए अधिकतम और न्यूनतम तापमान… हिसार 38.1C के साथ राज्य में सबसे गर्म : मंगलवार को हरियाणा के औसतन अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.6C की मामूली गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि यह सामान्य से 1.7C अधिक बना हुआ है। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान हिसार में 38.1C दर्ज किया गया। इसके अलावा महेंद्रगढ़ (नारनौल) में 38.0C, चरखी दादरी में 38.0C, बालसमंद में 37.6C और भिवानी में 37.0C तापमान रहा। वहीं अंबाला में 35.2C, करनाल में 33.5C और रोहतक में 33.3C अधिकतम पारा दर्ज किया गया। गुरुग्राम में रात सबसे ठंडी : प्रदेश में रात के औसतन न्यूनतम तापमान में 0.6C की बढ़ोतरी देखी गई है, जो सामान्य से 2.5C अधिक दर्ज किया गया है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 20.0C दर्ज किया गया। महेंद्रगढ़ बावल में 20.1C, भिवानी में 21.0C, फतेहाबाद में 22.5C और पानीपत में 22.9C पारा रहा। वहीं अंबाला में 24.8C, करनाल में 23.2C, रोहतक में 24.0C और हिसार में 23.2C न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
उदयपुर की डॉ. मनस्वी अग्रवाल ने मई 2026 में एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया। जिस एवरेस्ट पर अब तक करीब 400 पर्वतारोहियों की मौत हो चुकी है, उसे फतह करने वाली वे राजस्थान की पहली आम महिला बनीं। उनसे पहले यह शिखर राज्य की तीन महिलाओं ने फतेह किया था, जो सेना, अर्धसैनिक बल या सरकारी संस्थान से जुड़ी थीं। सफर इतना जोखिम भरा था कि उतरते वक्त ठंड के कारण पैर की अंगुलियां गल गईं। दोनों पैर कटने तक की नौबत आ गई। अभियान में साथ गए टीम के दो सदस्यों की मौत हो गई। अगस्त 2025 से मई 2026 तक नौ महीनों में एल्ब्रुस, किलिमंजारो, विन्सन मैसिफ, अकोंकागुआ और एवरेस्ट फतेह किया। मनस्वी विन्सन पर पहुंचने वालीं राजस्थान की पहली शख्सियत हैं। 15 अगस्त को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीकानेर में राज्य स्तरीय सम्मान दिया। मनस्वी लॉ प्रोफेसर हैं। शूटिंग और घुड़सवारी भी कर चुकी हैं। भास्कर से बातचीत में उन्होंने अपना अनुभव शेयर किया। सवाल: चोटी पर तिरंगा फहराते पहला ख्याल क्या था? जवाब: थकान भूल चुकी थी। लगा ड्राई स्टेट की लड़कियां अगर यह कर सकती हैं, तो मैं उनके लिए इंस्पिरेशन बनूंगी। राजस्थान को सूखा राज्य माना जाता है पर ट्रेनिंग यहां भी हो सकती है। सवाल: सेना या सरकारी अभियान के बिना यह फैसला कैसे लिया? जवाब: घर में कहा गया पहली बार जा रही हो, पहली सिविलियन। आर्मी वाले टफ होते हैं, तुम्हें भी उतना टफ होना पड़ेगा। आर्मी इंस्टीट्यूट से ट्रेनिंग ली। कोच ने प्रॉपर तैयारी पर जोर दिया। एवरेस्ट के लिए मनाली और लेह-लद्दाख में अलग से अभ्यास किया। जब ट्रेनरों को लगा कि ऊंचाई के काबिल हो गई, तभी ग्रीन फ्लैग मिला। सवाल: नौ महीनों में पांच चोटियां, योजना थी या जुड़ती गईं? जवाब: जून 2025 में यूजीसी नेट असिस्टेंट प्रोफेसरशिप क्वालीफाई कर लिया। पीएचडी भी एक तरह से पूरी हो चुकी थी। माता-पिता ने पैशन के लिए मोटिवेट किया। पहले एल्ब्रुस, क्योंकि अगस्त में उसकी विंडो थी। हर अभियान की अगली विंडो बैक टू बैक मिलती गई। यह पहले से लिखी प्लानिंग नहीं थी। जिस लय में जाती गई, उसी में एवरेस्ट तक पहुंची। सवाल: विन्सन पर सबसे कठिन क्या था, ठंड या अकेलापन? जवाब: विन्सन अंटार्कटिका के बीचोंबीच है। लॉजिस्टिक्स की समस्या रहती है। तापमान माइनस 40 से 50। एक बार लगा शरीर माइनस 40 में भी चल सकता है। आठ सदस्यीय टीम गई। सवाल: अकोंकागुआ आपने भारत लौटे बिना शुरू किया, क्यों? जवाब: अंटार्कटिका के बाद बीच में कुछ वक्त मिला। जिम, वेट और लोड कैरींग जारी रखी। अकोंकागुआ पर करीब 7,000 मीटर बिना ऑक्सीजन जाना था। मन में तय था, नौ महीनों में यह सब करना है। रेस्ट का ख्याल आया ही नहीं। सवाल: एवरेस्ट पर चढ़ना खतरनाक रहा या उतरना? जवाब: चोटी पर खुशी हुई। पता नहीं था आगे क्या होगा। उतरते ही दस उंगलियों में सेंसेशन खत्म हुआ। नर्व पेन शुरू हुआ। फ्रॉस्टबाइट समझ आई। करीब 8,500 मीटर से 6,200 मीटर तक आना पड़ा। 20 किलोमीटर, करीब 30 घंटे। कैंप-2 तक पहुंचना था। हेली रेस्क्यू वहीं संभव था। सवाल: डॉक्टरों ने क्या कहा? जवाब: काठमांडू के नॉर्विक अस्पताल में पूछा, इन पैरों से कितना चलीं। कहा 20 घंटे में 30 किलोमीटर। हैरान हुए। सियाचिन की ट्रेनिंग वाले भी इतनी देर नहीं चल पाते। बोले, उंगलियाँ और पैर दोनों बचें। पैर ठीक हो रहे हैं। सवाल: टीम के दो सदस्य नहीं रहे। उन्हें कैसे याद करती हैं? जवाब: दोनों के साथ करीब 50 दिन रही। छोटी बहन की तरह पूछते, ठीक हो, खाना चाहिए क्या। अरुण सर हैदराबाद के थे। चोटी पर मुझसे आधा घंटा दूर थे। उतरते पता चला, टॉप पर रह गए। रात हो चुकी थी। अपनी जान बचाकर चलना ही सही लगा। संदीप सर आंध्र के थे। कैंप-2 तक रेस्क्यू में बूट्स एंड क्रैम्पन्स के ओनर रोमिल सर साथ थे। फिर भी नहीं बचे। सवाल: कौन सी ट्रेनिंग एवरेस्ट पर काम आई? जवाब: माउंट आबू में रॉक क्लाइंबिंग से शुरू किया। अरावली का टेरेन समझ आया। अरुणाचल में बेसिक माउंटेनियरिंग की। 6,500 मीटर की तैयारी दार्जिलिंग के एचएमआई में हुई। तेनजिंग नोर्गे की मूर्ति देखी। वही मोटिवेशन का हिस्सा बनी। सवाल: पहाड़, घोड़ा और राइफल में कॉमन क्या है? जवाब: सेल्फ कंट्रोल। घोड़ा बैठते ही समझ जाता है, राइडर कितना कॉन्फिडेंट है। राइफल में फोकस और डिसिप्लिन चाहिए। पहाड़ पर एक कदम इधर-उधर हुआ तो 100 फुट का गड्ढा। यह एक तरह का मेडिटेशन है। तीनों एक-दूसरे के पूरक हैं। सवाल: 15 अगस्त का सम्मान पाकर कैसे लगा? जवाब: अच्छा लगा। राजस्थान की पहली माउंटेनियर हूं, जिसे यह राज्य अवॉर्ड मिला। मतलब यह नहीं कि कदम रुक जाएं। हर लड़की उस लेवल तक पहुंचे। सरकार कुछ करे, तो योगदान दूंगी। सवाल: छह अंगुलियां गंवाने के बाद अगली चोटी? जवाब: शरीर नहीं रोकता। मन मजबूत हो तो शरीर को साथ ले जाया जा सकता है। एक महीने में रिकवर होकर ट्रेनिंग शुरू करूंगी। डेनाली और ऑस्ट्रेलिया की चोटी पर फोकस रहेगा। सवाल: खर्च किसने उठाया? मौसम बड़ा रोड़ा है या पैसे? जवाब: दोनों। एल्ब्रुस और किलिमंजारो पर अच्छा मौसम मिला। अंटार्कटिका पर तेज हवा, माइनस 40-50, और 60 किलो का स्लेज। खर्च परिवार और रिश्तेदारों ने उठाया। एवरेस्ट के लिए करीब 35 लाख खर्च हुए। उदयपुर में पिता के जरिए स्पॉन्सर मिले। स्पॉन्सर तभी हां कहता है, जब पढ़ाई और दूसरी स्पोर्ट्स में खुद इतना हो। सवाल: कभी लगा, मुड़ जाऊं? जवाब: एवरेस्ट पर 300 से 400 शव पड़े हैं। देखकर लगा, कहीं मैं भी इन्हीं में रह जाऊँ। फिर लगा, ट्रेनिंग अच्छी है। पता है कब लौटना है। पहाड़ में सबसे जरूरी रिटर्न है, सही वक्त पर। एक सेकंड को गिव अप आया, अगले सेकंड में नहीं। सवाल: रोजमर्रा की जिंदगी में क्या बदला? जवाब: अभी जूते नहीं पहन पाती। सैंडल में आराम है। घोड़े अब भी उतने ही पसंद हैं। स्टड फार्म जाती हूं। कुछ महीनों में पहले से बेहतर होऊंगी। एवरेस्ट के बाद मन और मजबूत है। सवाल: दस साल बाद मनस्वी को कैसे याद किया जाए? जवाब: हर मन में एक पहाड़ होता है। सबसे बड़ा पहाड़ अपने मन का है। उसे जीत लिया तो दुनिया का हर पहाड़ जीता जा सकता है। लड़कियां हर फील्ड में आगे बढ़ें। मुकाम से पहले सोशल मीडिया से दूरी रखें। फ्रॉस्टबाइट में नेपाल सरकार, भारत सरकार और राजस्थान सरकार का साथ मिला। चाहती हूँ, रेस्क्यू के कानून बनें। जो परेशानी मुझे उठानी पड़ी, आगे किसी बेटी को न उठानी पड़े।
थार के रेगिस्तान में इस बार अकाल जैसे भीषण हालात बने हुए हैं। गांवों में न पानी है। न चारे की व्यवस्था। ऐसी स्थिति में इंसान तो क्या, पशुधन भी बेहाल है। गांवों में चारे-पानी के अभाव में पशुओं को मौत के मुहाने पर लाकर छोड़ दिया गया है। यह कहानी बाड़मेर जिले के बॉर्डर इलाके खबडाला, सरगुवाला, रोहिड़ी की है। यहां इस बार बेहद कम बारिश हुई है। गडरारोड इलाके में इस बार महज 185 एमएम और रामसर में महज 111 एमएम बारिश हुई है, जबकि औसत 350 एमएम बारिश जरूरी थी। ऐसे में औसत से 70 फीसदी कम बारिश हुई है। इससे गांवों में भीषण अकाल के कारण चारे-पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। खबडाला: मीठा पानी सपना बना : ग्राम पंचायत खबडाला में अकाल से जूझ रहे पशुओं के सामने चारे-पानी का संकट है। करीब 500 घरों की आबादी वाले इस गांव में नर्मदा का पानी टैंक तक तो पहुंचा है, लेकिन लोगों के घरों तक नहीं पहुंचा। इससे लोग बेरियों के पानी पर ही निर्भर हैं। सरगुवाला: अब तालाब ही पशुओं का बसेरा: धोरे पर बसा सरगुवाला गांव पहली बार पंचायत बना है। यहां के लोगों के लिए पशुधन ही कमाई का एकमात्र जरिया है। ऐसे में हर घर में 100-150 भेड़-बकरियां, 5-7 गोवंश हैं। अब अकाल में मरते गोवंश को जिंदा रखने के लिए उन्हें तालाबों पर छोड़कर आ रहे हैं। खारड़ी: तालाब पर 2 हजार गायें व 10 हजार भेड़ बकरियां : खारड़ी गांव में करीब 100 साल पुराना 500 मीटर से ज्यादा के एरिया में फैला हुआ है। यहां इस तालाब में पानी अभी भी है। ऐसे में आसपास के करीब 15-20 किमी. के द्राभा, सुंदरा, ढगारी सहित 20 से ज्यादा गांवों के लोग पशुओं को छोड़कर जाते हैं। आजीविका का मुख्य सहारा पशुधन, अकाल से आहत खबडाला गांव में करीब 2000 गायें हैं। 20 हजार से ज्यादा भेड़-बकरियां हैं। अकाल ने हमारी रोज-रोटी छीन ली है। पशुधन के अलावा हमारी आजीविका कुछ नहीं है। हम पशुओं पर निर्भर हैं। -दलपतसिंह, किसान खबडाला। खारड़ी तालाब 100 साल पुराना है। इसमें सालभर पानी रहता है। अब भी पानी भरा हुआ है। सरगुवाला में पशुओं को बचाने के लिए किसान खारड़ी तालाब पर छोड़कर आ रहे हैं। -नींबसिंह, किसान सरगुवाला।
हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत लम्बित नोटिसों के निपटान के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेश में अब तक कुल 44 लाख 91 हजार 923 नोटिस जनरेट किए गए हैं, जिनमें से 3 लाख 43 हजार 127 मतदाताओं ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है। लम्बित मामलों का समाधान करने और मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर प्रदेशभर के सभी 20,864 मतदान केंद्रों पर 7, 8 और 9 अक्टूबर को विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब जानिए, चुनाव आयोग के निर्देशों में क्या…
नमस्कार, INDIA ब्लॉक ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सेव डेमोक्रेसी मार्च निकाला। राहुल और प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया। CBI ने पंजाब के CM के चंडीगढ़ स्थित कैंप ऑफिस में छापा मारा। मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में आगे जानिए कि एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित वायुसेना के 29वें प्रमुख होंगे। ⏰ आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर... 1. नोबेल प्राइज ऐलान का तीसरा दिन, आज केमिस्ट्री के प्राइज की घोषणा।2. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया आज नई ब्याज दर की घोषणा कर सकता है। कल की बड़ी खबरें... 1. राहुल-प्रियंका समेत विपक्ष का मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ मार्च, 8 घंटे बाद हिरासत में लिए गए INDIA ब्लॉक की 19 पार्टियों में मंगलवार सुबह संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग तक ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकाला। पुलिस ने दोपहर करीब 12.30 बजे आकाशवाणी भवन परिसर पर मार्च को रोक दिया। राहुल-प्रियंका समेत कई नेता वहीं धरना प्रदर्शन पर बैठ गए। राहुल 'ज्ञानेश, इट्स डन ब्रो' का पोस्टर लेकर पहुंचे थे। विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश इस्तीफे की मांग की। वहीं, राहुल ने कहा कि चुनाव आयुक्त उनसे मुलाकात करें, नहीं तो वे धरने से नहीं हटेंगे। दिनभर घटनाक्रम चला। करीब 8 घंटे बाद पुलिस ने राहुल-प्रियंका समेत सभी 250 लोगों को हिरासत में लिया और किंग्सवे कैंप पुलिस लाइन ले गए। करीब दो घंटे सभी को छोड़ दिया गया। चुनाव आयोग बोला- मिलने का औपचारिक अनुरोध नहीं किया चुनाव आयोग ने कहा कि शाम 4 बजे तक किसी भी राजनीतिक दल ने अपने प्रतिनिधियों के जरिए आयोग से मिलने का औपचारिक अनुरोध नहीं किया। दिल्ली पुलिस ने उन्हें बताया था कि राहुल गांधी सांसदों के साथ चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते हैं। पूरी खबर पढ़ें... 2. पंजाब CM के चंडीगढ़ कैंप ऑफिस में CBI रेड, 8 जगहों पर जांच; लैपटॉप-मोबाइल जब्त; ट्रांसफर-पोस्टिंग और ठेकों में भ्रष्टाचार का आरोप केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के चंडीगढ़ स्थित कैंप ऑफिस में छापा मारा। CBI की टीमें चंडीगढ़ के अलावा मोहाली, गुरदासपुर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और जालंधर में 8 जगहों पर जांच कर रही हैं। यह कार्रवाई पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के बाद की गई। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सीएम आफिस में ट्रांसफर-पोस्टिंग और करप्शन के आरोप लगाए थे। ED ने सीएम के OSD राजबीर सिंह घुम्मन को मुख्य आरोपी बनाया था पर पुलिस ने उनके खिलाफ FIR नहीं दर्ज की। FIR और CBI जांच का आदेश दिया मामला हाईकोर्ट पहुंचा और 5 अक्टूबर को हाईकोर्ट ने OSD के खिलाफ FIR दर्ज करने और CBI जांच का आदेश दिया। CBI ने राजबीर घुम्मन समेत 6 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। राज्य सरकार इस मामले की अर्जेंट सुनवाई के लिए मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंची, लेकिन मांग खारिज कर दी गई। पूरी खबर पढ़ें... 3. अखिलेश की हिरासत पर यूपी में सड़क पर उतरे सपाई, ज्ञानेश कुमार की मां बोलीं- राक्षसों ने घर गंदा किया मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में 19 विपक्षी पार्टियों के सेव डेमोक्रेसी मार्च को पुलिस ने रोक दिया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया। इसके विरोध में मंगलवार को प्रदेशभर में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। गोरखपुर में नारेबाजी, लखनऊ में पुलिस से भिड़े सपाई: गोरखपुर में सड़क पर उतरे सपा कार्यकर्ताओं ने वोट चोर इस्तीफा दो के नारे लगाए। वहीं, लखनऊ में कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सपाइयों को सड़क पर घसीटा। पूरी खबर पढ़ें… ज्ञानेश कुमार की मां ने घर में गंगाजल छिड़का: आगरा में मंगलवार को CEC ज्ञानेश कुमार के पैतृक घर का शुद्धिकरण किया गया। उनकी मां सत्यवती (76) ने कहा- 28 सितंबर को कुछ राक्षस प्रवृत्ति के लोग घर के बाहर आए थे। उन्होंने घर को गंदा किया था। अब घर को शुद्ध किया जा रहा। बीते दिनों कांग्रेसियों ने उनके घर की दीवार पर 'वोट चोर' लिखा था। पूरी खबर पढ़ें… 4. योगी बोले- पुलिस देख अपराधियों की पैंट गीली हो जाती है, बेटियां नाइट शिफ्ट के बाद आराम से घर जाती हैं सीएम योगी ने मंगलवार को कहा कि अब मैं देख रहा हूं कि नाइट शिफ्ट में बेटियां बेझिझक आकर काम करती हैं। काम करके सुरक्षित अपने घर जाती हैं। 10 साल पहले जो संकट बने थे। पुलिस अफसरों को टारगेट करके भय और दहशत पैदा करते थे। बेटियों को छेड़ा तो दूसरे लोक की यात्रा होगी: योगी ने कहा कि आज अपराधी पुलिस की गाड़ी देखते हैं, तो उनकी पैंट गीली हो जाती है। राह चलती बेटी को या अपने काम से बाहर निकली बहन को छेड़ने का कोई दुस्साहस नहीं कर सकता। उसे मालूम है कि इस तरह की हरकत की तो उसकी अगली यात्रा इस लोक की नहीं, दूसरे लोक की होने वाली है। योगी बोले- साढ़े 9 साल में पूरी तरह बदला यूपी: सीएम योगी लखनऊ में HCL Tech के 10 साल पूरे होने पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले 9.5 साल में यूपी पूरी तरह बदल चुका है। पहले बिजली कुछ परिवारों के लिए पेटेंट थी। अब हर घर में मिल रही। आज दुनिया भर के युवाओं को करियर के लिए लखनऊ आना पड़ रहा है। पूरी खबर पढ़ें… 5. वायुसेना के नए प्रमुख बने आशुतोष दीक्षित, 20 तरह के लड़ाकू जहाज उड़ाने में माहिर; कारगिल जंग में भी शामिल रहे एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित वायुसेना के 29वें प्रमुख होंगे। उन्हें करीब 40 साल का सर्विस अनुभव है। दीक्षित 31 अक्टूबर को एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह की जगह लेंगे। आशुतोष अभी वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ हैं। दीक्षित 20 तरह के लड़ाकू विमान उड़ाने में माहिर हैं। उन्होंने कारगिल जंग में घुसपैठियों पर बम गिराए थे। उन्होंने मिराज-2000, मिग के अलग-अलग वर्जन, जगुआर, तेजस, हॉक, IL-78, AN-32, किरण, HPT-32 और एवरो जैसे कई विमानों को उड़ाया है। सफेद सागर, ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों का हिस्सा दीक्षित एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर भी हैं। उन्होंने अब तक 3500 घंटे से ज्यादा उड़ान भरी है। उन्होंने ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, कोप-इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों और सैन्य अभ्यासों में हिस्सा लिया है। भारतीय वायुसेना में स्वदेशी LCA तेजस और दूसरे स्वदेशी विमान प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने में भी उनकी अहम भूमिका रही है। दीक्षित को 6 दिसंबर 1986 को IAF की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। वे नेशनल डिफेंस एकेडमी, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज (बांग्लादेश) और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। पूरी खबर पढ़ें… 6. BCCI मीटिंग के बाद हरमनप्रीत ने छोड़ी कप्तानी, उनकी अगुवाई में भारत ने पहली बार महिला वर्ल्ड कप जीता हरमनप्रीत कौर ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ी। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा- मैं सभी फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ रही हूं। यह आसान फैसला नहीं है। इसमें सालों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे पल जुड़े हैं, जो जिंदगीभर मेरे साथ रहेंगे। 37 साल की हरमनप्रीत के नाम कई रिकॉर्ड हैं। इनमें बतौर कप्तान भारत को पहला महिला वर्ल्ड कप जिताना शामिल है। उनका यह फैसला एक दिन पहले गुवाहाटी में हुई BCCI की मीटिंग के बाद आय। बैठक में उपकप्तान स्मृति मंधाना और कोच अमोल मजूमदार शामिल हुए थे। अब स्मृति को कप्तान बनाया गया। पूरी खबर पढ़ें... आज का कार्टून ⚡ कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… 1. मौसम: यूपी के 3 जिलों में ओले गिरे, लखनऊ में मंदिर डूबे: बिहार में बाढ़ से 8 लाख प्रभावित; एमपी-बिहार समेत 9 राज्यों में बारिश का अनुमान (पूरी खबर पढ़ें) 2. इंटरनेशनल: सऊदी अरब में तैनात होंगी पाकिस्तान-तुर्किये की फौज: हूती विद्रोहियों के खिलाफ साथ आए तीनों देश; पिछले महीने पाकिस्तान ने मदद से इनकार किया था (पूरी खबर पढ़ें) 3. नेशनल: शिवसेना चुनाव चिह्न विवाद, सुप्रीम कोर्ट बोला- दलबदल संवैधानिक पाप: चुनाव आयोग दोनों को अलग-अलग निशान दे सकता था; 4 साल से चल रहा विवाद (पूरी खबर पढ़ें) 4. उत्तर प्रदेश: प्रेमानंदजी के शिष्य का चौथा वीडियो: धोती पकड़े कमरे से लड़खड़ाते निकले; कौन जारी कर रहा सुसाइड के CCTV फुटेज (पूरी खबर पढ़ें) 5. नेशनल: बंगाल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी की सीटों पर वोटिंग खत्म: शाम 5 बजे तक सबसे ज्यादा 83.86% वोटिंग मदुरंतकम में दर्ज; हुमायूं कबीर मुर्शिदाबाद से गिरफ्तार (पूरी खबर पढ़ें) 6. स्पोर्ट्स: सौरव गांगुली दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच बने: अगले IPL सीजन में टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे, बतौर डायरेक्टर काम कर चुके (पूरी खबर पढ़ें) 7. इंटरनेशनल: अमेरिकी उपराष्ट्रपति बोले- हमलावर पायलट मुसीबत था: मालूम होने पर भी प्लेन क्यों उड़ाने दिया; ओमान बोला- किसी देश ने हमामी की जानकारी नहीं मांगी (पूरी खबर पढ़ें) 8. इंटरनेशनल: होर्मुज के पास जहाज पर हमला, 11 भारतीय जख्मी: भारत ने तुरंत हमले रोकने को कहा; पिछले 6 महीने में 100 से ज्यादा भारतीय घायल (पूरी खबर पढ़ें) ️ बयान जो चर्चा में है... खबर हटके... सोकर जीते ₹14 लाख जापान में अनोखा कॉम्पिटिशन जापान में एक अनोखा कॉम्पिटिशन हुआ,जिसमें दर्जनों लोग 90 मिनट तक सोए। सभी को स्लीप ट्रैकिंग डिवाइस पहनाए गए थे, जिनसे उनकी नींद को ट्रैक किया गया। इनमें सबसे जल्दी और गहरी नींद में जाने वाली सुइमी नाम की लड़की को विजेता चुना गया। सुइमी को प्राइज मनी के तौर पर ₹14 लाख मिले। पूरी खबर पढ़ें... फोटो जो खुद में खबर है भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… 1. भास्कर एक्सप्लेनर: राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ क्यों झोंकी ताकत:इस्तीफा नहीं हुआ तो क्या करेंगे; आखिर विपक्ष का राजनीतिक कैलकुलेशन क्या है 2. आज का एक्सप्लेनर: हूतियों से लड़ने सऊदी जा रहीं पाक-तुर्किये की सेनाएं, पाकिस्तान ने पहले इनकार किया, आखिर किस मजबूरी में एक्टिवेट हुआ ‘मक्का पैक्ट’ 3. जरूरत की खबर: 1200 किलो मिलावटी काली मिर्च जब्त:मैदा, गोंद और तेल से बन रही ब्लैक पेपर, घर पर ऐसे करें असली-नकली की पहचान 4. फिजिकल हेल्थ: पेट दर्द को सिर्फ गैस न समझें:ये ‘पैंक्रियाटाइटिस’ हो सकता है, डॉक्टर से जानें इसका कारण, लक्षण, बचाव व सावधानियां 5. भास्कर इंटरव्यू: शंकर महादेवन बोले- संगीत ही आत्मा है:एआई का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करें, वायरल लोकप्रियता नहीं, हुनर कलाकार को टिकाता है 6. ग्राउंड रिपोर्टल: लखनऊ में हॉस्पिटल डूबा, इकाना तक पहुंची गोमती:आज इंडिया का मैच, 35 हजार दर्शकों के पहुंचने से पहले सड़क पर पानी भरा 7. भास्कर एक्सक्लूसिव: अजमेर- जेल में बिल्ली ने बचाई थी गैंगस्टर की जान:हाई-सिक्योरिटी जेल में गार्ड के साथ गश्त करती है, चूहे पकड़ने के लिए लाई गई थी 8. भास्कर इन्वेस्टिगेशन: राजस्थान प्यासा, क्योंकि हमारा पानी चुराकर बेच रहे माफिया:भास्कर ने टैंकर पर GPS लगाकर पकड़ी चोरी; सरकारी रिकॉर्ड से डेढ़ गुना पानी सप्लाई 9. राजस्थान एक्सप्लेनर: करोड़ों खर्चे, फिर भी प्रदेशाध्यक्ष बनने की गारंटी नहीं!:यूथ कांग्रेस चुनाव से पार्टी खाते में आए 24.48 करोड़ रुपए, जानें- कौनसा गुट हावी? 10. मध्य प्रदेश एक्सप्लेनर: क्या लाड़ली बहना योजना बंद करने की तैयारी है:सीएम ने कहा- बहुत महंगी पड़ गई, इसके मायने क्या; फंसा महसूस कर रही सरकार? 11. क्राइम फाइल्स: मुस्लिम नेता पर फायर, हिंदू लीडर की हत्या:10 दिन बाजार बंद, रतलाम में राजनीतिक रंजिश पर टिका जांच का एंगल 12. ग्राउंड रिपोर्ट: कॉल के बाद भी नहीं आई पुलिस…तब-तक 4 की हत्या:एक ही चिता पर माता-पिता का अंतिम संस्कार; पीड़ित बोला- पुलिस समय पर आती, तो परिवार नहीं उजड़ता 13. भास्कर एनालिसिस: कैसे निशांत को CM बनाने की तैयारी कर रही JDU?:मंत्री बता रहे 'अपना नेता', नीतीश का काम बनेगा आधार; 5 पॉइंट में जदयू का टारगेट-2030 14. ग्राउंड रिपोर्ट: दिसंबर तक चालू होगा पटना मेट्रो का पहला इंटरचेंज स्टेशन:अंडरग्राउंड रूट पर पहली बार 2028 में दौड़ेगी ट्रेन, लोकभवन साइड शिफ्ट हुआ पटना जू स्टेशन 15. ग्राउंड रिपोर्ट: 370 साल बाद बंगाल की पार्क स्ट्रीट में दुर्गापूजा:RSS सक्रिय, नॉनवेज पर बहस, लोग बोले- मटन और माछ के बिना पूजा अधूरी करेंट अफेयर्स करेंट अफेयर्स से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए यहां क्लिक करें... ⏳आज के दिन का इतिहास बाजार का हाल ️ मौसम का मिजाज मकर वालों को बड़ी डील मिल सकती है। वृश्चिक राशि वालों की तरक्की के योग बनेंगे। जानिए आज का राशिफल... आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

