डिजिटल समाचार स्रोत

...

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:कॉमर्शियल सिलेंडर संकट, होटल में खाना मिलना बंद; ईरान जंग- 9 देशों में तेल की किल्लत; UP में अब जमीन की फर्जी रजिस्ट्री नहीं होगी

नमस्कार, कल की बड़ी खबर ईरान जंग के चलते भारत में हुए कॉमर्शियल सिलेंडर संकट की है। कई जगह होटलों में खाना नहीं मिल रहा है। वहीं दुनिया के 9 देशों में तेल की किल्लत हो गई है। ⏰ आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर... 1. PM मोदी तमिलनाडु-केरल का दौरा करेंगे। 16,450 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का इनॉगरेशन और नींव रखेंगे। 2. संसद में बजट सत्र के दूसरे फेज का तीसरा दिन। स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होगी। कल की बड़ी खबरें... 1. देश में कॉमर्शियल गैस संकट, कई राज्यों में सप्लाई बंद, बेंगलुरु में होटल में खाना मिलना बंद अमेरिका-इजराइल की ईरान से जंग की वजह से हॉर्मुज जलमार्ग के रास्ते गैस सप्लाई ठप हो गई है। इससे देश में LPG की किल्लत हो रही है। दिल्ली, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों ने कॉमर्शियल गैस की सप्लाई पर रोक लगा दी है। होटल में खाना मिलना बंद: गैस सप्लाई बंद होने की वजह से कई शहरों में रेस्टोरेंट्स और होटल बंद होने की नौबत आ गई है। ऐसे में सरकारी सूत्रों का कहना है कि तेल कंपनियां तीन सदस्यी कमेटी के जरिए रेस्टोरेंट एसोसिएशनों से बात करेंगी, ताकि LPG सप्लाई की दिक्कतों को समझा जा सके। राज्यों में क्या-क्या परेशानी यूपी में लखनऊ, कानपुर और वाराणसी जैसे शहरों में बुकिंग के 4-5 दिन बाद भी डिलीवरी नहीं हो पा रही है। मुंबई में कॉमर्शियल गैस सप्लाई की किल्लत की वजह से अब तक करीब 20% होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं। कर्नाटक के बेंगलुरु में गैस की कमी के कारण एक रेस्टोरेंट में केवल कॉफी बनाई जा रही है। खाना बंद कर दिया गया है। पूरी खबर पढ़ें... 2. ईरान बोला- ट्रम्प की धमकी से नहीं डरते, हमें मारने के चक्कर में खुद न मर जाएं अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग को 11 दिन हो गए हैं। इस बीच अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि ईरान पर अब और बड़े हमले किए जाएंगे। हेगसेथ के मुताबिक इस हमले में बड़ी संख्या में फाइटर जेट और बमवर्षक विमान शामिल होंगे। ईरान बोला- मारने वाले, खुद न मर जाएं: ईरान ने जवाब देते हुए कहा है कि वह धमकियों से डरने वाला नहीं है और जो लोग ईरान को खत्म करने की बात करते हैं, उन्हें अपने अंजाम के बारे में सोच लेना चाहिए। लारीजानी ने ट्रम्प को चेतावनी देते हुए कहा कि कहीं ऐसा न हो कि ईरान को मारने के चक्कर में वे खुद ही खत्म हो जाएं। पूरी खबर पढ़ें... 3. ईरान जंग- 9 एशियाई देशों में तेल संकट, थाइलैंड में लिफ्ट इस्तेमाल पर रोक ईरान जंग का असर अब एशिया के कई देशों में दिखाई देने लगा है। तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित होने के कारण कम से कम 9 एशियाई देशों में ऊर्जा संकट गहराने लगा है। थाइलैंड में सरकारी दफ्तरों में लिफ्ट के इस्तेमाल पर रोक लगाकर कर्मचारियों को सीढ़ियों का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं और वर्क फ्रॉम होम लागू किया गया है। विदेशों में तेल संकट का असर... बांग्लादेश: सभी यूनिवर्सिटीज बंद कर दी गई हैं, ताकि बिजली और ईंधन की खपत कम की जा सके। पाकिस्तान: खर्च कम करने के लिए मंत्रियों की सैलरी और विदेश यात्राओं पर रोक लगा दी गई है। चीन: कच्चे तेल की खरीद बढ़ा दी गई है। नए फ्यूल एक्सपोर्ट कॉन्ट्रैक्ट साइन न करने का निर्देश। वियतनाम: कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा। कुछ फ्यूल आयात पर लगाए गए टैरिफ भी हटा दिए हैं। पूरी खबर पढ़े... 4. स्पीकर बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, गोगोई बोले- राहुल को 20 बार टोका गया लोकसभा में विपक्ष स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाया। 50 से ज्यादा सांसदों ने प्रस्ताव के पक्ष में वोट किया। इसके बाद पीठासीन ने प्रस्ताव पेश करने की परमिशन दे दी। प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 10 घंटे का समय तय हुआ। मंगलवार को करीब 7 घंटे चर्चा हुई। बहस की शुरुआत कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने की: गोगोई ने कहा कि बजट सत्र के दौरान 20 बार नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को रोका-टोका गया। उन्हें बार बार रूलिंग बुक दिखाई गई। प्रियंका ने कहा- राहुल की सच्चाई इनसे पचती ही नहीं है: प्रियंका गांधी ने कहा कि एक ही व्यक्ति है इस देश में जो इन 12 सालों में इनके सामने झुका नहीं। वह नेता प्रतिपक्ष है। और वो नेता प्रतिपक्ष इस सदन में खड़े होके इनके सामने सच बोल देते हैं। सच्चाई वो जो बोलते हैं वह इनसे पचती नहीं है। पूरी खबर पढ़ें... 5. BCCI टीम इंडिया को ₹131 करोड़ देगा, यह पैसा खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ में बंटेगा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने पर टीम इंडिया के लिए 131 करोड़ रुपए के इनाम का ऐलान किया है। यह पैसा खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ में बंटेगा। भारत ने रविवार को टी-20 वर्ल्ड चैंपियन का खिताब अपने नाम किया था। लगातार दो बार ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया और ट्रॉफी जीती थी। इसके साथ ही टीम इंडिया ने अपना खिताब बरकरार रखा और टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में लगातार दो बार ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन गई। पूरी खबर पढ़ें... 6. UP में अब जमीन की फर्जी रजिस्ट्री नहीं होगी, ओला-उबर पर सरकार का कंट्रोल होगा लखनऊ में योगी कैबिनेट की मंगलवार को बैठक हुई। इस दौरान 31 प्रस्ताव पेश हुए। इनमें से 30 पारित हुए। सबसे बड़ा फैसला फर्जी रजिस्ट्री को रोकने को लेकर हुआ। इसके लिए 3 नई धाराएं जोड़ी गई हैं, जिससे रजिस्ट्री करने से पहले प्रॉपर्टी की जांच की जाएगी। खतौनी की जांच के बाद होगी रजिस्ट्री: स्टांप पंजीयन मंत्री रवींद्र जायसवाल ने बताया- यूपी में अब खतौनी और दस्तावेज की जांच के बाद ही जमीन की रजिस्ट्री की जाएगी। इससे कोई भी व्यक्ति फर्जी रजिस्ट्री नहीं कर सकेगा। इससे न केवल आम आदमी का पैसा सुरक्षित रहेगा, बल्कि भू-माफियाओं के सिंडिकेट पर भी सीधी चोट होगी। ओला-उबर पर सरकार का कंट्रोल होगा: परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया- ओला-उबर जैसी ऑनलाइन गाड़ी बुक करने वाली कंपनियों पर अब राज्य सरकार का नियंत्रण होगा। उन्हें अब परिवहन विभाग में रजिस्ट्रेशन कराना होगा। अब बिना मेडिकल, बिना पुलिस वेरिफिकेशन और फिटनेस के वाहन नहीं चल सकेंगे। पूरी खबर पढ़ें… 7. CBSE एग्जॉम: 12वीं के पेपर पर गाने का क्यूआर कोड, स्कैन करने पर यू-ट्यूब लिंक सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा में मैथ के पेपर पर छपे सिक्योरिटी क्यूआर कोड को स्कैन करने पर यू-ट्यूब की लिंक ओपन हो रही है। यह लिंक 39 साल पुराने इंग्लिश सॉन्ग ‘रिकरोल’ की है। पेपर पर सिक्योरिटी क्यूआर कोड क्यों: क्यूआर कोड किसी डॉक्युमेंट या क्वेशन पेपर की पहचान और ऑथेंटिसिटी के लिए लगाया जाता है। इसे स्कैन करने पर आमतौर पर पेपर का सेट नंबर, सीरियल नंबर या एन्क्रिप्टेड जानकारी रखता है। इससे पता चलता है कि डॉक्युमेंट असली है या नहीं। उसमें किसी तरह की छेड़छाड़ तो नहीं हुई। पूरी खबर पढ़ें... आज का कार्टून ⚡ कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… 1. नेशनल: सुप्रीम कोर्ट बोला- UCC लागू करने का समय आ गया: संसद फैसला करे; शरियत कानून में सुधार की जल्दबाजी न करें, इससे नुकसान की आशंका (पढ़ें पूरी खबर) 2. नेशनल: जम्मू-कश्मीर के नौशेरा में एक आतंकी मारा गया: सेना को दो आतंकियों की घुसपैठ की जानकारी मिली थी, दूसरे की तलाश जारी (पढ़ें पूरी खबर) 3. नेशनल: सुप्रीम कोर्ट बोला-सरकार कोविड वैक्सीन से नुकसान का मुआवजा दे: एरर-फ्री पॉलिसी बनाए; साइड इफेक्ट्स की जांच के लिए एक्सपर्ट पैनल की जरूरत नहीं (पढ़ें पूरी खबर) 4. नेशनल: असम में 40 लाख महिलाओं के खाते में ₹9000 ट्रांसफर: 4 महीनों का पैसा एक साथ भेजा गया, सीएम बोले-चुनाव से इसका कोई लेनादेना नहीं (पढ़ें पूरी खबर) 5. राज्यसभा चुनाव: 26 नेता निर्विरोध निर्वाचित: इनमें शरद पवार, रामदास आठवले, विनोद तावड़े, अभिषेक मनु सिंघवी शामिल; 11 सीटों पर मुकाबला (पढ़ें पूरी खबर) 6. दावा: ट्रम्प ईरान के खार्ग आइलैंड पर कब्जा चाहते हैं: 90% ईरानी तेल का एक्सपोर्ट यहां से, एक्सपर्ट बोले- इस पर हमले से विश्वयुद्ध का खतरा (पढ़ें पूरी खबर) 7. बिजनेस: इंडिगो के CEO पीटर एलबर्स का इस्तीफा: दिसंबर में फ्लाइट ऑपरेशन में गड़बड़ी हुई थी, ₹22 करोड़ जुर्माना लगा था; फाउंडर राहुल भाटिया संभालेंगे कमान (पढ़ें पूरी खबर) 8. सोना-चांदी: चांदी ₹13 हजार बढ़कर ₹2.73 लाख पर पहुंची: सोना ₹1700 बढ़कर ₹1.60 लाख का हुआ, इस साल कीमत ₹27 हजार बढ़ी (पढ़ें पूरी खबर) 9. टी-20 वर्ल्डकप: फाइनल में अर्शदीप पर जुर्माना: न्यूजीलैंड के मिचेल की ओर गेंद फेंकी थी; मैच फीस का 15% कटा, डिमेरिट पॉइंट भी मिला (पढ़ें पूरी खबर) ️ बयान जो चर्चा में है... खबर हटके... सपने में जीजा ने साली को छेड़ा, 7 साल चला केस, जेल भी हुई कानपुर में नाबालिग साली से छेड़छाड़ के आरोप में फंसे जीजा को 7 साल बाद कोर्ट ने बरी कर दिया। साली ने अब कहा कि जीजा ने सच में नहीं, बल्कि सपने में छेड़छाड़ की थी और उसे भ्रम हो गया था। पहले दिए बयान के कारण एयरफोर्स कर्मी को 19 दिन जेल में रहना पड़ा था। पूरी खबर पढ़ें... फोटो जो खुद में खबर है भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… 1. आज का एक्सप्लेनर- क्या अगले 24 घंटे में थम जाएगी अमेरिका-ईरान जंग, कौन-से 5 बड़े संकेत मिल रहे, नेतन्याहू किस शर्त पर मानेंगे 2. भास्कर एक्सप्लेनर- ‘मिसाइल बनाने का सामान’ लेकर चीन से 2 जहाज रवाना: ईरान की मदद क्यों कर रहे जिनपिंग; क्या अमेरिका रास्ते में ही उड़ा सकता है 3. ग्राउंड रिपोर्ट- मुस्लिम से की शादी, भाई की पढ़ाई और राशन बंद: मंदिर में एंट्री नहीं, लड़की शहर भागी; गांव वाले बोले- ये धर्मांतरण की साजिश 4. बॉलीवुड क्राइम फाइल्स- एक्टर कमल सदाना का बर्थडे बना मातम: नशे में पिता ने बहन-मां की हत्या की, बचाने आए एक्टर और दोस्त को गोली मारी 5. जरूरत की खबर- काला लहसुन है सेहत का खजाना: ज्यादा एंटीऑक्सिडेंट, पचने में आसान, जानें हेल्थ बेनिफिट्स, किन्हें नहीं खाना चाहिए 6. फिजिकल हेल्थ- जवानी में बढ़ रहा नॉन एल्कोहलिक फैटी लिवर: ये 9 गलत आदतें जिम्मेदार, ये संकेत इग्नोर न करें, हेल्दी लिवर के 8 टिप्स करेंट अफेयर्स करेंट अफेयर्स से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए यहां क्लिक करें... ⏳आज के दिन का इतिहास बाजार का हाल ️ मौसम का मिजाज धनु राशि वालों को बड़ी डील में सफलता मिल सकती है। कुंभ राशि वालों को जॉब प्लेसमेंट से जुड़ी अच्छी खबर मिलने के योग हैं। जानिए आज का राशिफल... आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:42 am

मंत्रीजी को फिर रगड़ने लगे विधायक बृजभूषण:IAS पत्नी से साहब की दूरियां मिटीं, SDM मैडम ने खुद पर लिया एक्शन

ऊपर Video पर क्लिक करें और देखें... आज यूपी की राजनीति और सरकारी विभागों की कौन सी बात खरी है…

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:41 am

आखिरी समय कंफर्म हुआ था आशुतोष महाराज का टिकट:विजयवाड़ा के यात्रियों को अलॉट थी सीट, सहयात्री बोला- हमला होते नहीं देखा

शंकराचार्य पर बटुकों से यौन उत्पीड़न की FIR कराने वाले आशुतोष महाराज पर 8 मार्च (रविवार) को चलती ट्रेन में जानलेवा हमला हुआ। रीवा एक्सप्रेस में आशुतोष महाराज का वेटिंग का टिकट था। लेकिन, 2 यात्री समय से नहीं पहुंचे। इसके बाद आशुतोष महाराज और उनके साथी को सीट अलॉट हो गई थी। आशुतोष महाराज ने हमले के बाद बताया था कि H1 बोगी के 15-16 सीट पर ट्रैवल करके वह रीवा एक्सप्रेस से आ रहे थे। हमारी पड़ताल में सामने आया है कि उन्होंने आशुतोष और सुधांशु नाम पर दो टिकट लिए थे। लेकिन, टिकट वेटिंग का था। 15-16 नंबर की सीट विजयवाड़ा के रहने वाले 2 यात्रियों ने बुक कराई थी। दैनिक भास्कर से बातचीत में उस यात्री ने बताया- हमारा टिकट था। हमने दिल्ली से रीवा तक के लिए बुक किया था। लेकिन, देर से स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन छूट गई थी। इस वजह से ट्रैवल नहीं कर पाए। वही सीट आखिरी समय में आशुतोष महाराज और उनके शिष्य सुधांशु को अलॉट हो गई। हमने आशुतोष महाराज के पड़ोस की सीट पर सफर करने राजरूपपुर (प्रयागराज) में रहने वाले एक अन्य यात्री से भी बातचीत की। वह दिल्ली से प्रयागराज के लिए सफर कर रहे थे। नाम न छापने की शर्त पर उन्होंने बताया- जिस समय यह हुआ, मैं सो रहा था। हमला होते समय नहीं देखा। लेकिन वो (आशुतोष महाराज) बाथरूम से चिल्लाते हुए आए और कोच का दरवाजा खोला, तब मेरी तो नींद खुली। मैंने उनके चेहरे और शरीर पर खून लगा था, वो चिल्ला रहे थे। विस्तार से पढ़िए यात्री ने जो कुछ बताया.. भास्कर: आप रविवार को रीवा एक्सप्रेस से आ रहे थे। क्या हुआ था?यात्री: मैं जब रीवा एक्सप्रेस से आ रहा था, तो उस समय मैंने देखा कि बाबाजी खून से लथपथ थे। भास्कर: क्या हमला होते हुए आपने देखा?यात्री: नहीं, फर्स्ट एसी का कूपा बंद होता है। घटना टॉयलेट के पास हुई थी। टॉयलेट के पास मैं नहीं था। भास्कर: आपने टॉयलेट के पास जो हुआ, नहीं देखा था?यात्री: नहीं, मैं सो रहा था। जब ये (अशुतोष महाराज) दरवाजा खोलकर अंदर घुसे चिल्लाते हुए, तब नींद खुली। तब देखा कि चेहरे पर खून लगा हुआ था, शरीर पर भी खून लगा था। मैंने सामने से देखा था। भास्कर: 4 यात्री थे, क्या सब सो रहे थे? इनके साथ वाला भी सो रहा था?यात्री: हां, सभी सो रहे थे। सुबह के 4-5 बजे सब सो रहे थे। सब चिल्लाने की आवाज सुनकर उठे। रिपोर्टर: चिल्लाते हुए आए, उसके बाद क्या हुआ?यात्री: चिल्लाते हुए आए तो सबने देखा कि चेहरे और कपड़ों में खून लगा हुआ था। वह बैठ गए और इधर-उधर फोन करते रहे। प्रयागराज पहुंचे, तो जीआरपी वालों ने लिखा-पढ़ी की। रिपोर्टर: कोच अटेंडेंट नहीं था क्या?यात्री: कोच अटेंडेंट तो बाद में आया। जब बाबा अंदर आ गए तो अंदर बेल लगी होती है। हम लोगों ने काफी देर बजाई। गेट बंद करके बेल बजाई, तो भी नहीं आया। बाबा के साथ जो लड़का था, उसने जाकर कोच अटेंडेंट को उठाया। तब वह आया। उसके बाद टीटीई को बुलाया। फिर एक पुलिस वाला आया। सुबह की घटना है, तो सभी सोए रहते हैं, अच्छी नींद में। भास्कर: क्या ट्रेन में गेट खुला था?यात्री: हमने तो नहीं देखा, लेकिन बाबा का कहना है गेट दोनों तरफ से खुले थे। फर्स्ट एसी के बाद दूसरी तरफ जनरल कोच तो लॉक था। लेकिन जो उतरने-चढ़ने वाले गेट होते हैं, वो खुले थे। कोच अटेंडेंट और टीटीई भी आया, तो बताया कि गेट खुले थे। हमने नहीं देखा, हम अपनी सीट पर बैठे रहे। बैठे-बैठे सिराथू से प्रयागराज आ गए। बाबा सब जगह फोन पर बात करते रहे। फिर स्टेशन पर जीआरपी वालों ने पूछताछ की। इसके बाद मुझे नहीं पता, क्या हुआ? 200 से ज्यादा सीसीटीवी खंगालेशंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ केस दर्ज कराने वाले आशुतोष महाराज पर 8 मार्च की सुबह करीब 5 बजे हमला हुआ था। उस समय आशुतोष महाराज रीवा एक्सप्रेस से गाजियाबाद से प्रयागराज जा रहे थे। शिकायत में उन्होंने बताया था कि कौशांबी जिले में फतेहपुर और सिराथू स्टेशन के बीच जब वह ट्रेन के टॉयलेट की ओर गए, तभी किसी ने उन पर हमला कर दिया। वहीं, जांच कर रही जीआरपी की टीम ने अभी तक 200 से ज्यादा CCTV खंगाले हैं। लेकिन, किसी भी फुटेज में हमला करते समय या कोई भी हमलावर चढ़ते-उतरते समय नहीं दिखाई दे रहा है। दूसरी तरफ जांच में आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने अपना बयान देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने जांच बदलने के लिए केंद्रीय गृह सचिव को लिखा पत्र है। स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की है। ----------------------- ये खबर भी पढ़ें… आशुतोष महाराज बोले-21 लाख के लिए मुझ पर हमला किया, मेरे पास शंकराचार्य के खिलाफ तगड़े सबूत ‘21 लाख रुपए के लालच में मुझ पर हमला किया और कराया गया। मुझे कोर्ट तक पहुंचने और सबूत देने से रोकने के लिए यह साजिश रची गई।’ यह दावा जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष महाराज ने किया है। आशुतोष, रविवार को रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज जा रहे थे। सुबह करीब 5 बजे कौशांबी में सिराथू रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन में उन पर जानलेवा हमला हुआ। पढ़ें पूरी खबर

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:41 am

यूपी में जातीय समीकरण पर टिकी पार्टियों की सियासत:भाजपा में सवर्ण, सपा में MY, बसपा में दलित, कांग्रेस में BPDA का दबदबा

उत्तर प्रदेश की राजनीति में जाति सबसे बड़ा समीकरण होता है। पार्टियां भले ही सर्वसमाज की राजनीति का दावा करें, लेकिन संगठन में जिम्मेदारी देते समय उनका भरोसा अब भी अपने कोर वोट बैंक पर ही टिका है। जिलाध्यक्षों की नियुक्तियों पर नजर डालें तो भाजपा में 54% सवर्ण, सपा में 70% मुस्लिम-यादव और बसपा में 92% दलितों को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, कांग्रेस में 84% ब्राह्मण-पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक (BPDA) वर्ग से जुड़े चेहरे संगठन की कमान संभाल रहे हैं। यूपी की सियासत में पार्टियों की कास्ट रणनीति क्या है, ये रिपोर्ट में पढ़िए … एक्सपर्ट बोले- पार्टियों को चाहिए भरोसेमंद लोग बीएचयू के प्रो. टी.पी. सिंह कहते हैं- संगठन में सभी पार्टियों को भरोसेमंद लोग चाहिए होते हैं। ऐसे लोग जो पार्टी के एजेंडे को आम जनता तक मजबूती से पहुंचा सकें। यही वजह है कि ज्यादातर दल जिलाध्यक्षों की नियुक्ति में अपने कोर वोट बैंक से जुड़े लोगों को ही प्राथमिकता देते हैं। वरिष्ठ पत्रकार रतनमणि लाल भी इस बात से सहमत हैं। उनका कहना है कि यूपी जातीय समीकरणों का खौलता हुआ कुंड है। यहां जाति के बिना राजनीति संभव ही नहीं है। पार्टियां भले ही सर्वसमाज की बात करें, लेकिन हर दल का अपना कोर वोट बैंक होता है। भाजपा के 95 जिलाध्यक्ष घोषित, इनमें 54% ब्राह्मण-ठाकुरभाजपा ने प्रदेश संगठन को 98 जिलों में विभाजित किया है। जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया करीब एक साल से चल रही है। 16 मार्च, 2025 को भाजपा ने 70 जिलाध्यक्षों के नाम घोषित किए थे। इसके बाद नवंबर, 2025 में 14 और फरवरी, 2026 में 11 जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा की गई। इस तरह पार्टी अब तक कुल 95 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति कर चुकी है। मुस्लिम-ईसाई से भाजपा का परहेज भाजपा ने जिलाध्यक्षों की नियुक्ति में सवर्णों के साथ गैर-यादव ओबीसी और गैर-जाटव दलितों पर खास ध्यान दिया है। सवर्णों में ब्राह्मण और ठाकुर को सबसे अधिक प्रतिनिधित्व मिला है। वहीं ओबीसी में कुर्मी, मौर्य, लोध, निषाद और अन्य अति पिछड़ी जातियों को संगठन में जगह दी गई है। यह वही सामाजिक समीकरण है, जिसने 2014 से भाजपा को उत्तर प्रदेश में लगातार चुनावी बढ़त दिलाई है। भाजपा के 95 जिलाध्यक्षों में 51 (54%) सवर्ण, 35 (36%) ओबीसी और 9 (10%) दलित हैं। सामान्य वर्ग में सबसे अधिक 25 ब्राह्मण, 14 ठाकुर, 6 वैश्य, 5 कायस्थ और एक भूमिहार हैं। वहीं, ओबीसी वर्ग में सबसे अधिक प्रतिनिधित्व कुर्मी, लोध, मौर्य, कुशवाहा और शाक्य समुदाय का है। इनमें 6 कुर्मी, 4 लोध और 6 मौर्य-कुशवाहा-शाक्य समाज से जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। इसके अलावा 4 निषाद समाज और 2 यादव समाज से भी जिलाध्यक्ष हैं। अति पिछड़ी जातियों में शामिल सैनी, माली, पाल, गड़रिया आदि समुदायों से भी 12 जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। इसी तरह दलित वर्ग में भाजपा ने 4 पासी, 2 कोरी, 1 धोबी, 1 कठेरिया और 2 अन्य समुदाय के नेता को जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है। सपा जिलाध्यक्षों में 70% मुस्लिम-यादव सपा भले ही पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का नारा बुलंद करके प्रदेश की सत्ता में वापसी का सपना देख रही हो, लेकिन जिलाध्यक्षों की नियुक्ति में उसका भरोसा अब भी मुस्लिम-यादव (MY) समीकरण पर ही दिखाई देता है। प्रदेश में यादवों की आबादी करीब 8-9% मानी जाती है, लेकिन सपा ने अपने इस कोर वोट बैंक को संगठन में पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया है। मौजूदा 95 जिलाध्यक्षों में 42 यादव, यानी लगभग 44%, हैं। दूसरे नंबर पर 24 मुस्लिम जिलाध्यक्ष हैं। वहीं, प्रदेश में दलितों की आबादी भले ही 20-21% के आसपास मानी जाती हो, लेकिन सपा ने केवल 3 दलित नेताओं को ही जिलाध्यक्ष बनाया है। कांग्रेस BPDA के भरोसे, अति पिछड़ों पर सबसे अधिक दांव यूपी कांग्रेस ने 20 मार्च, 2025 को 134 जिलाध्यक्षों की सूची जारी की थी। इसके जरिए पूरे प्रदेश में संगठन को नए सिरे से खड़ा करने का प्रयास किया गया। जिलाध्यक्षों की नियुक्ति में कांग्रेस ने BPDA (ब्राह्मण, पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को प्राथमिकता दी है। उत्तर प्रदेश में कभी कांग्रेस ब्राह्मण, मुस्लिम और दलित वोट बैंक के मजबूत समीकरण के सहारे लंबे समय तक सत्ता में रही। लेकिन 1990 के दशक में मंडल-कमंडल की राजनीति के उभार के साथ उसका यह कोर वोट बैंक धीरे-धीरे उससे दूर होता गया। ऐसे में कांग्रेस ने जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के जरिए फिर से अपने पारंपरिक सामाजिक आधार को साधने की कोशिश की है। कांग्रेस के जिलाध्यक्षों में 33 ओबीसी, 32 मुस्लिम, 27 ब्राह्मण, 19 दलित और 1 आदिवासी शामिल हैं। वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बहादुर सिंह के मुताबिक, कांग्रेस की जिलाध्यक्षों की सूची से साफ है कि पार्टी ने जातीय संतुलन बनाने की कोशिश की है। कांग्रेस ने 15 पसमांदा मुस्लिमों सहित कुल 48 ओबीसी नेताओं को मौका दिया है। मुस्लिम समाज में पसमांदा समुदाय को पिछड़े वर्ग में गिना जाता है और इनकी आबादी भी मुस्लिम समाज में सबसे अधिक मानी जाती है। प्रदेश में बसपा भले ही ब्राह्मण, मुस्लिम और अति पिछड़े वर्गों को आकर्षित करने की बात करती हो, लेकिन जिलाध्यक्षों की सूची में आज भी उसका भरोसा सबसे ज्यादा दलित चेहरों पर ही दिखाई देता है। बसपा ने ब्राह्मण और मुस्लिम भाईचारा कमेटियों का गठन कर इन वर्गों को जोड़ने की कोशिश जरूर की है। बसपा के 75 जिलाध्यक्षों में सिर्फ 6 ओबीसी, खासकर अति पिछड़ी जातियों से हैं। इनमें निषाद, कुशवाहा, गड़रिया, लोधी, गुर्जर और कश्यप समाज के नेता शामिल हैं। वहीं सबसे अधिक प्रतिनिधित्व जाटव समाज से आने वाले नेताओं का है, जिन्हें मायावती ने प्राथमिकता दी है। प्रदेश में दलितों की आबादी करीब 20-21% मानी जाती है, जिसमें लगभग 12% जाटव हैं। बसपा सुप्रीमो मायावती भी जाटव समुदाय से ही आती हैं। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल का कहना है- पार्टी में जिलाध्यक्षों के अलावा ब्राह्मण, ओबीसी और मुस्लिम भाईचारा कमेटियों का भी गठन किया गया है। इनके जरिए समाज के अन्य वर्गों को संगठन में प्रतिनिधित्व दिया जा रहा है। भाजपा में सिर्फ 8 महिला जिलाध्यक्ष, सपा-बसपा में एक भी नहीं यूपी की चारों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के जिलाध्यक्षों की सूची में महिलाओं की भागीदारी बेहद सीमित नजर आती है। भाजपा ने 95 जिलाध्यक्षों में सिर्फ 8 महिलाओं को जगह दी है। वहीं, कांग्रेस ने अपने 134 जिलाध्यक्षों में सिर्फ 4 महिलाओं को मौका दिया है। दूसरी ओर मुख्य विपक्षी दल सपा और बसपा ने एक भी महिला को जिलाध्यक्ष की कमान नहीं सौंपी है। चारों प्रमुख दलों में कुल 399 जिलाध्यक्षों में सिर्फ 12 महिलाएं हैं। यानी महिला प्रतिनिधित्व करीब 3% ही है, जबकि मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। -------------------------------- ये खबर भी पढ़ें- शंकराचार्य बोले- योगी की मां हमारी मां हैं:मौलाना ने बहुत गलत बोला, खबरदार- मजहब के लोग उसे समझाइए CM योगी से टकराव के बीच शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने उनकी मां के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी पर नाराजगी जताई। उन्नाव में उन्होंने कहा, वैचारिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं। लेकिन किसी की मां का अपमान असहनीय है। योगी आदित्यनाथ की मां हमारी मां हैं। मां पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी। खबरदार… उनके मजहब के लोगों को मौलाना को समझाना चाहिए। पढ़ें पूरी खबर…

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:41 am

क्रिकेटर कुलदीप यादव की दुल्हनिया वंशिका कौन हैं?:मसूरी में शादी, लखनऊ में ग्रैंड रिसेप्शन होगा; VIDEO में चाइनामैन की स्टोरी

भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर कुलदीप यादव कानपुर की वंशिका सिंह के साथ शादी करने जा रहे हैं। दोनों 14 मार्च को उत्तराखंड के मसूरी में सात फेरे लेंगे। तीन दिन बाद यानी 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी होगी। VIDEO में जानिए चाइनामैन की दुल्हनिया वंशिका कौन हैं?

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:40 am

शंकराचार्य बोले-मुख्यमंत्री नहीं, योगी को अल्टीमेटम दिया:आशुतोष की बातों का डिप्टी सीएम खंडन करें, नहीं तो दोनों मिले हैं

‘वो मुख्यमंत्री होंगे, हमें उससे लेना-देना नहीं है। लेकिन जो योगी हैं, उनसे हम पूछ सकते है कि तुम धर्म विरुद्ध काम कैसे कर रहे हो? एक संन्यासी कभी भी नौकरीपेशा नहीं हो सकता। एक संन्यासी हिंसा नहीं कर सकता। वो करोड़ों पशुओं का मांस काट-काटकर बेच रहे हैं।’ यह कहना है, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का। लखनऊ पहुंचने के बाद उन्होंने दैनिक भास्कर से बात की। योगी आदित्यनाथ को 40 दिन के अल्टीमेटम देने पर कहते हैं- हमने CM को नहीं, योगी को 40 दिन का समय दिया। सुधार कर लें। भूला भटका अगर सही रास्ते पर आ जाए, तो कोई दिक्कत नहीं होती है। आशुतोष महाराज के आरोप कि डिप्टी सीएम की सेटिंग है। इस पर शंकराचार्य कहते हैं कि हिस्ट्रीशीटर की बातों का डिप्टी सीएम ने खंडन नहीं किया। इससे लगता है कि वो मिले हुए हैं। गो-प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध शंखनाद यात्रा पर शंकराचार्य कहते हैं- हम अपने नेताओं के साथ व्यवहार साफ करना चाहते हैं। अगर गो हत्यारा है, तो वैसा व्यवहार। अगर गोरक्षक है, तो वैसा व्यवहार। अब मिला-जुला नहीं चलेगा। देश की जनता चाहती है कि नेताजी जैसे अंदर से हैं, वैसे ही बाहर से भी दिखें। पढ़िए शंकराचार्य का हूबहू इंटरव्यू… सवाल. आशुतोष महाराज कह रहे कि ये पूरा प्रपंच सीएम योगी की कुर्सी हथियाने के लिए रचा गया?शंकराचार्य. ये सब जनता में भ्रम फैलाने के लिए उसको (आशुतोष) खुला छोड़ दिया है। न कोई खंडन कर रहा, न ही कोई स्वीकार कर रहा। ये कहां तक उचित है? एक अपराधी भ्रम फैला सकता है। सरकार को आगे आकर बात खत्म करनी चाहिए। सवाल. आपसे कहा है कि लखनऊ आएं, धरना दें। जब मैं आऊं तभी आप पानी पीना?शंकराचार्य. एक हिस्ट्रीशीटर, एक के बाद एक बयान देता चला जा रहा है। इसमें वो साफतौर पर उपमुख्यमंत्री का भी नाम ले रहा है। उपमुख्यमंत्री कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। या तो उन्हें कहना चाहिए कि हां, हमारी ऐसी बात हुई है। तब हम खंडन करेंगे कि ऐसी कोई बात नहीं हुई। अब अगर उपमुख्यमंत्री उसकी बात का खंडन नहीं कर रहे, तो इसका मतलब हैकि वो जानबूझकर उससे बुलवा रहे हैं। नहीं तो वो किसी व्यक्ति का नाम लेकर झूठ कैसे बोल सकता था? इसका मतलब है कि दोनों मिले हुए हैं। सवाल. आशुतोष महाराज ने कहा कि आप गो-प्रतिष्ठा यात्रा के बहाने विदेश भागने की तैयारी में हैं?शंकराचार्य. वो न जाने कैसे हिंदुओं में है? उसको शंकराचार्य की परंपरा के बारे में पता ही नहीं है। जो शंकराचार्य होते हैं, वो विदेश यात्रा करते ही नहीं। जब हमने पासपोर्ट बनवाया ही नहीं, तो क्या वीजा लेंगे और क्या विदेश जाएंगे? वो जानता नहीं है, इसलिए कुछ भी बोल रहा। सवाल. आशुतोष महाराज ने आपकी गुप्त पत्नी होने के आरोप लगाए हैं, क्या कहेंगे?शंकराचार्य. जब व्यक्ति नीचता पर आता है, तो उसकी कोई लिमिट नहीं होती। फिर वो कुछ भी कहता है। सवाल. बटुक के साथ 2024 में गलत हरकत हुई, तो 2 साल बाद क्यों मुद्दा बनाया जा रहा?शंकराचार्य. ये 2 साल की बात भी कल्पित है। सच्चाई ये है कि वो कभी वहां नहीं गया। जिन तारीखों में उसने आरोप लगाए, उसमें हम वहां नहीं थे। कहानी बनानी थी, तो कुछ भी बना ली गई। कोर्ट में इसके सारे प्रमाण दिए गए हैं। सवाल. आशुतोष ने आप पर इतने गंभीर आरोप क्यों लगाए? क्या उनकी आपसे कोई दुश्मनी है?शंकराचार्य. किसी व्यक्ति से शत्रुता या मित्रता के लिए उससे परिचित होना चाहिए। उसके और आपके बीच किसी स्वार्थ का होना जरूरी होता है। ये व्यक्ति न तो हमसे परिचित है, न हमने कभी इसके साथ मिलकर कोई काम किया। हमारा कोई लेना-देना ही नहीं है। ऐसा व्यक्ति लगातार अगर आरोप लगाने लगता है, तब दो ही अनुमान होते हैं। पहला- उसके पीछे कोई और है, ये सिर्फ मोहरा है। दूसरा- प्रसिद्धि के लिए हमको मोहरा बना रहा कि इनकी सीढ़ी पर चढ़कर हम प्रसिद्ध हो जाएं। सवाल. आपने योगी को खुद को हिंदू साबित करने के लिए 40 दिनों का समय दिया था?शंकराचार्य. हमने सीएम कोई को अल्टीमेटम नहीं दिया है। हमने योगी आदित्यनाथ को दिया है। आदित्यनाथ, चूंकि भगवा कपड़ा पहनते हैं, इसलिए हमारे धार्मिक क्षेत्राधिकार में आते हैं। शंकराचार्य होने के नाते जितने भी संत, महंत हैं, वो सभी हमारे अंडर आते हैं। उनसे प्रश्न करना हमारा अधिकार है। इसलिए हमने पूछा कि तुम भगवा कपड़ा पहनकर मांस का व्यापार कैसे कर सकते हो? तुमने घर और मां-पिता छोड़ दिए, तो सैलरी लेकर काम कैसे कर सकते हो? यही सब पूछा है। सवाल. माघ मेले की लड़ाई व्यक्तिगत हो चुकी है? इससे पूरा सनातन धर्म पर छींटाकशी हो रही?शंकराचार्य. पहली बात, माघ मेले से लड़ाई शुरू नहीं हुई। लड़ाई...दोनों तरफ से लड़ी जाती है। ये तो एकतरफा हमला था। ये किसी व्यक्ति पर नहीं सनातनियों के स्वाभिमान पर हमला था। इसलिए सनातनियों के सारे प्रतीक, चाहे वो संन्यासी हो, चाहे वो ब्रह्मचारी हो, चाहे शंकराचार्य की छतरी हो, चाहे वो बटुक की चोटी हो। इसका मतलब है कि सनातन के स्वाभिमान को समाप्त करने का प्रयास था। आज तक प्रयास जारी है। आज तक ये नहीं कहा गया कि कुछ गलती हुई। आज तक उसी को समर्थन देकर अहंकार को दिखाया जा रहा है। सवाल. पिछले कुछ वर्षों में एक के बाद एक शंकराचार्य मोदी और योगी सरकार से खफा हैं?शंकराचार्य. इसे विडंबना कहा जाएगा। मुगल, ब्रिटिश या कोई विधर्मी शासन होता, तो समझ में आता। जब हमारे ही वोट से बना शासन है, उसमें भी खासतौर पर खुद को हिंदू कहने वाला शासन है। उसमें अगर बीफ एक्सपोर्ट बढ़ता चला जाए, गाय कम होती चली जाएं। तो क्या कहेंगे? सवाल. क्या ये लड़ाई सनातन के सर्वोच्च और सबसे पूजनीय बनने की है?शंकराचार्य. मुख्यमंत्री का पद राजनीतिक है, शंकराचार्य का पद धार्मिक है। जब 15 अगस्त या 26 जनवरी का राष्ट्रीय पर्व मनाया जाता है, तो उसमें देश की जनता भाग लेती है। वहां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री आते हैं। क्या वो आम जनता की तरह आते हैं, आप ही बता दीजिए। उनके आने का एक खास तरीका होता है। वहां क्या सब बराबर दिख रहे होते हैं? जब आपके राष्ट्र पर्व में एक जैसी व्यवस्था नहीं होती। तब माघ मेला, जो एक धार्मिक आयोजन है, उसमें शंकराचार्य का प्रोटोकॉल क्यों नहीं होना चाहिए। अगर ऐसा नहीं है, तो प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री भी जनता के साथ घुल-मिलकर जाना शुरू करें। वो नहीं करेंगे, हमारे लिए इस तरह के तर्क गढ़ देंगे। सवाल. लखनऊ के आयोजन में कौन-कौन पहुंच रहा?शंकराचार्य. ये कोई ऐसा कार्यक्रम नहीं, जिसमें कोई अतिथि हो। ये गोमाता की रक्षा के लिए जो युद्ध शुरू हो रहा है, उसका शंखनाद है। जो भी गोमाता के लिए भक्ति भावना रखता होगा, वो आकर वहां खड़ा होगा और शंख बजाएगा। क्या हो रहा है कि 78 साल से हर पार्टी, हर नेता कहता है हम गोभक्त हैं, बिल्कुल गोरक्षा करेंगे। उसके बाद भी कुछ होता नहीं। एक तरफ गाय की पूजा करते हुए तस्वीरें देते हैं, दूसरी तरफ डेटा आता है कि कितना ब्रीफ एक्सपोर्ट किया। इस तरह से सब भ्रम में रहते हैं। …………………………. यह खबर भी पढ़ें . शंकराचार्य को 26 शर्तों के साथ धर्म सभा की अनुमति, लखनऊ प्रशासन बोला- भड़काऊ भाषण नहीं होना चाहिए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की सभा की लखनऊ प्रशासन से अनुमति मिल गई है। हालांकि, 26 शर्तें भी रखी गई हैं। प्रशासन के मुताबिक, किसी भी शर्त के टूटने पर अनुमति रद्द हो जाएगी। सभा में धर्म, जाति, समुदाय या भाषा के खिलाफ भड़काने वाली बात नहीं होगी। कोविड के नियमों का भी पालन करना होगा। किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी। पढ़िए पूरी खबर…

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:40 am

पुलिस का ढाई घंटे चला सर्च ऑपरेशन:पासपोर्ट सेवा केंद्र को अमोनियम नाइट्रेट विस्फोट से उड़ाने की धमकी, हेड पोस्ट ऑफिस खाली कराया

पासपोर्ट सेवा केंद्र को अमोनियम नाइट्रेट के विस्फोट से उड़ाने की धमकी भरा मेल आने से मंगलवार को पुलिस और खुफिया एजेंसियों में हड़कंप मच गया। हेड पोस्ट ऑफिस खाली करवा लिया गया। करीब ढाई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चला, लेकिन कहीं पर भी किसी प्रकार का विस्फोटक नहीं मिलने से सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली। बीकानेर में पांच दिन के अंदर धमकी भरा मेल मिलने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले गुरुवार को कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल आया था। राजस्थान पासपोर्ट कार्यालय पर मंगलवार सुबह करीब 9:06 बजे एलेक्स पॉल मेनन नामक शख्स ने धमकी भरा मेल भेजा, जिसमें पता मद्रास टाइगर्स कोयंबटूर लिखा था। यह मेल एक वर्चुअल आईडी (+0530) से alex_paul_menon@outlook.com से राजस्थान पासपोर्ट कार्यालय स्टाफ/डाक विभाग स्टाफ के मेल rpo.jaipur@cpo.gov.in पर भेजा गया। वहां से प्रदेश के सभी पासपोर्ट सेवा केंद्रों और मुख्य डाकघरों में अलर्ट जारी कर दिया गया। धमकी भरा मेल आने की सूचना मिलने पर सीओ सिटी अनुज डाल, कोटगेट एसएचओ धीरेंद्र सिंह शेखावत सहित सीआईडी आईबी, एमओबी, डॉग स्क्वायड, एंबुलेंस, दमकल आदि सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। हेड पोस्ट ऑफिस सहित आसपास 200 मीटर तक का इलाका खाली करवा लिया गया। मेल सोशल मीडिया पर वायरल है। इसमें लिखी बातों की पुष्टि किसी एजेंसी ने फिलहाल नहीं की है। इसके लिए तकनीकी छानबीन शुरू कर दी गई है। “तलाशी अभियान में कहीं पर भी किसी प्रकार की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। मेल की तकनीकी जांच कराई जा रही है। इस संबंध में आउटलुक माइक्रोसॉफ्ट से जानकारी मांगी गई है।” -कावेंद्र सिंह सागर, पुलिस अधीक्षक, बीकानेर

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:36 am

निरीक्षण:सीएम का बुंदेली परंपरा से होगा स्वागत, मंत्री ने देखीं व्यवस्थाएं

बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सागर आ रहे हैं। वे ज्ञानवीर विश्वविद्यालय एवं रोजगार मेले का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि रहेंगे। इनके साथ उपमुख्यमंत्री राजेंद्र प्रसाद शुक्ल तथा उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को देखने मंगलवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी। मंत्री राजपूत ने जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत सहित भाजपा के जिला अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, अधिकारियों के साथ विश्वविद्यालय एवं रोजगार मेले के स्थान का निरीक्षण किया। उन्होंने ऐसी बैठक व्यवस्था बनाने के लिए कहा कि लोगों को कोई भी असुविधा न हो। पार्किंग व्यवस्था के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। मंत्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं सभी अतिथियों का बुंदेली परंपरा से स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथि दोपहर लगभग 12:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। यूनिवर्सिटी जिले व आसपास के लिए वरदान साबित होगी: मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा वरदान साबित होगी। विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा, बल्कि उन्हें आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सागर में ही उपलब्ध हो सकेगी। प्रतिवर्ष रोजगार मेले एवं प्लेसमेंट के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, क्षेत्रवासी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष हरिराम सिंह, क्षत्रिय समाज अध्यक्ष नीरज सिंह, पार्षद रूपेश यादव, छुट्टन तिवारी, युवा शक्ति संगठन अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत, मनीष चौबे, निकेश गुप्ता, विक्रम सोनी, प्रदीप राजौरिया, सुधीर गुरहा सहित आईजी हिमानी खन्ना, कलेक्टर संदीप जीआर, एसपी विकास सहवाल और ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति आदित्य सिंह राजपूत भी मौजूद रहे।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:35 am

रेवाड़ी में कंपनी कर्मी ने कमरे पर लगाई फांसी:आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं, बिहार का रहने वाला था

रेवाड़ी के सुठाना गांव में मंगलवार देर शाम कंपनी कर्मी ने कमरे में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। जिससे गांव में हड़कंप मच गया। कंपनी कर्मी बिहार के भागलपुर का रहने वाला था। बावल की एक निजी कंपनी में काम करता था। अभी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सूचना के बाद कसौला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम परिजनों के पहुंचने के बाद करवाया जाएगा। पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना जानकारी के अनुसार बिहार के भागलपुर निवासी 26 वर्षीय चंद्रेश्वर बावल की आईजीएल कंपनी में काम करता था। मंगलवार शाम को जब काफी देर तक बाहर नहीं निकला तो आसपास के लोगों ने झांककर कमरे में देखा तो शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद एसएफएल की टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया। परिवार आने पर होगा पोस्टमार्टम कसौला थाना प्रभारी सतीश कुमार ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक भागलपुर बिहार का रहने वाला है। उसने यह कदम क्यों और किन परिस्थितियों में उठाया इसका पता मृतक के परिजनों के आने के बाद ही चल पाएगा। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है, उनके आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:35 am

सैन्य क्षेत्र में घुसा संदिग्ध युवक:बिहार का रहने वाला युवक कैंट एरिया में घुस रहा था दीवार फांदकर, आर्मी ने पकड़कर किया पुलिस के हवाले

मथुरा में सैन्य परिसर में अवैध तरीके से घुसने का प्रयास कर रहे एक युवक को वहां तैनात सेना के जवानों ने पकड़ लिया। बिहार का रहने वाला युवक दीवार फांदकर कैंट एरिया में घुसने का प्रयास कर रहा था। सेना ने पकड़े गए युवक से 2 दिन पूछताछ की जिसके बाद उसे मथुरा पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ शासकीय गुप्त बात अधिनियम के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया और जेल भेज दिया। रविवार को किया था घुसने का प्रयास बिहार के पूर्णिया जिले के रुपौली थाना क्षेत्र के छापरी का रहने वाले असीमुद्दीन का 26 वर्षीय बेटा नजीरुद्दीन रविवार को मथुरा में स्थित कैंट एरिया के अति सुरक्षित क्षेत्र में अवैध रूप से घुसने का प्रयास कर रहा था। नजीरुद्दीन 8 TAC एयर फोर्स के पास बनी दीवार से घुसने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वहां ड्यूटी कर रहे सेना के जवान की नजर उस पर पड़ गई। जिसके बाद उसकी गतिविधि संदिग्ध दिखने पर पकड़ लिया गया। 2 दिन की सेना ने पूछताछ संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़े गए नजीरुद्दीन को सेना के जवान उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गए। रविवार सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर पकड़े गए नजीरुद्दीन से सेना ने 2 दिन पूछताछ की। नजीरुद्दीन के बताए गए पते की पुष्टि की और अन्य जानकारी जुटाई गई। दो दिन तक नजीरुद्दीन से पूछताछ के बाद सेना ने उसे सोमवार देर रात सदर बाजार पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी को भेजा जेल सेना द्वारा पकड़े जाने के बाद आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के तहत थाना सदर बाजार पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार सेना परिसर में अनाधिकृत प्रवेश के मामले में आरोपी के खिलाफ मुकद्दमा अपराध संख्या 79/26 के तहत शासकीय गुप्त बात अधिनियम 1923 की धारा 3/7 में मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना सदर बाजार पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। जहां से न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जिला कारागार भेज दिया गया है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर युवक सेना परिसर में किस उद्देश्य से दाखिल हुआ था। यदि कोई संदिग्ध तथ्य सामने आते हैं तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:34 am

हरियाणा में आज 12वीं व डीएलएड एग्जाम:कंप्यूटर विज्ञान, आईटी एवं आईटीइएस की होगी परीक्षा, 13186 परीक्षार्थी देंगे पेपर

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा प्रदेशभर में 11 मार्च को संचालित होने वाली सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की कंप्यूटर विज्ञान व आईटी एवं आईटीईएस तथा डीएलएड प्रथम वर्ष रि-अपीयर Proficiency Pedagogy of Mathematics Education विषय की परीक्षा होगी। जिसमें में 13186 परीक्षार्थी/छात्र-अध्यापक प्रविष्ट होंगे। परीक्षा को नकल रहित बनाने के लिए 320 उड़नदस्ते गठित किए गए हैं। इससे पहले 9 मार्च को शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) रसायन विज्ञान, लेखांकन व लोक प्रशासन विषय एवं डीएलएड (रि-अपीयर) विषय की परीक्षा में नकल के 16 मामले दर्ज किए गए। परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने पर 1 पर्यवेक्षक को रिलीव किया गया। 5.66 लाख परीक्षार्थी देंगे एग्जामसेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की वार्षिक परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में करीब 1431 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर लगभग 5 लाख 66 हजार 411 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हो रहे हैं। जिसमें 2 लाख 96 हजार 593 लड़के व 2 लाख 69 हजार 818 लड़कियां शामिल हैं। धारा-163 लागूपरीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-163 लागू कर दी गई है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के निकट फोटोस्टेट की दुकानें और कोचिंग सेंटर बंद रहेंगे। शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश-पत्र पर दिए गए निर्देशों का पालन करें और परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचें। प्रवेश-पत्र पर परीक्षार्थी और पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर अनिवार्य हैं, इसलिए इसे लैमिनेट न करवाएं।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:33 am

दर्द से कराह रही छात्रा, पिता बोले- अब आगे पढ़ाने की इच्छा नहीं, मां ने कहा- पढ़ाऊंगी

छात्रा पर कटर से हमला करने वाला युवक अब इस दुनिया में नहीं रहा। एकतरफा प्रेम के चलते उसने कटर से 17 वर्षीय 12वीं की छात्रा को जो जख्म दिए, उससे वह सहमी हुई है। घायल किशोरी की मनोदशा उसके परिवार के लोग ही समझ पा रहे हैं। वह करवट लेती है तो दर्द से कराह उठती है। बाएँ गाल व पीठ पर लंबा कट लगा है। कंधे और उंगलियों पर भी घाव हैं। 75 से अधिक टाँके आए हैं। धीरे-धीरे घाव तो भरने लगे, लेकिन चार दिन बाद भी वह न तो ठीक से चल पा रही है और न बोल पा रही है। छात्रा ने इशारे और दबी हुई आवाज में कहा कि उसने गले पर कटर मारने की कोशिश की तो मैंने दोनों हाथों से रोक लिया, जिससे मेरी उंगलियाँ कटते-कटते बचीं। वह दूसरे पेपर के बाद भी आया था, लेकिन मैंने उससे बात नहीं की। इसके बाद वह आखिरी पेपर के बाद आया और बात करने का दबाव डाला। मैंने बात नहीं की जिससे उसने मुझ पर हमला कर दिया। छात्रा के पिता का कहना है कि हम लोगों को बेटी ने युवक के बारे में बताया था। उसे समझाइश दी थी। इसके बाद उसकी कोई शिकायत नहीं आई। अचानक से उसने बेटी पर हमला कर दिया। घटना के बाद मुझे एक परिचित ने फोन किया। मैं खुद मौके पर पहुंचा और अपनी बाइक से बेटी को अस्पताल ले जाने लगा। इसी दौरान पुलिस की एफआरवी आ गई। उसे बीएमसी लाए। रास्ते में उसका काफी खून बह चुका था। उसे एक बॉटल खून चढ़ाया गया है। अभी उसका अच्छा इलाज कराने की कोशिश कर रहे हैं। इलाज चल रहा है। धीरे-धीरे सुधार दिख रहा है। अभी दाल का पानी, दूध दलिया दे रहे हैं। पीठ में टाँके लगे हैं। करवट दिलाते रहते हैं। धीरे-धीरे वह बात करने लगी है। पुलिस अधिकारियों ने भी बेटी से बात की है और डॉक्टरों को उचित इलाज करने को कहा है। इस घटना के बाद डर गया हूँ। अब उसे आगे पढ़ाने की मेरी इच्छा नहीं है। माँ बोलीं- बेटी को आगे भी पढ़ाऊँगी घायल छात्रा तीन बहनों में सबसे बड़ी है। उसका एक भाई है। दोनों छोटी बहनें उसके जल्द ठीक होकर घर आने का इंतजार कर रही हैं। बीएमसी में माँ उसकी पूरी देखभाल कर रही है। हालचाल जानने के लिए रिश्तेदार भी आ-जा रहे हैं। छात्रा की माँ का कहना है कि मेरी बेटी पढ़ाई में बेहद होशियार और सीधी-सादी है। वह किसी से ज्यादा बात नहीं करती। ठीक होने के बाद उससे बात करेंगे और आगे भी उसे पढ़ाएंगे।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:32 am

बड़ी चूक...:निगम ने 5 सुलभ शौचालय बनाने का प्रस्ताव रखा, इनमें से दो जगह पहले से ही बन रहे

नगर निगम ने शहर में पांच जगह मेसर्स सुलभ इंटरनेशनल कंपनी के माध्यम से सुलभ शौचालय बनाने का प्रस्ताव रखा। स्वीकृति के लिए सोमवार को विशेष सम्मेलन में चर्चा हो गई। बाद में सामने आया कि दो स्थानों पर पहले से ही अन्य विभाग या परियोजना के तहत सुलभ शौचालय बनाए जा रहे हैं। शहर के चयनित स्थल देवास गेट, रीगल टॉकीज, दूध तलाई, काल भैरव के पास और दानीगेट। देवास गेट पर यूडीए का प्रोजेक्ट चल रहा है, जिसमें शौचालय बनेगा। वहीं रीगल टॉकीज में नगर निगम के कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में शौचालय पहले से शामिल हैं। ऐसे में एक ही जगह पर दो-दो शौचालय बनाने का प्रस्ताव कैसे बनाया, यह बड़ी चूक सामने आई। पहले स्पष्ट नहीं था निगम अधिकारियों ने बताया कि यूडीए प्रोजेक्ट पहले स्पष्ट नहीं था, इसलिए यह स्थिति बनी। अब देवास गेट और रीगल टॉकीज के लिए नए स्थल खोजने के बाद ही प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जाएगा। निगम टीम जल्द ही नई सिफारिश प्रस्तुत करेगी। प्रस्ताव पर फिर से मंथन कर उसे पास किया जाएगा।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:30 am

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट:बिहार, झारखंड, बंगाल में भी बारिश की चेतावनी; राजस्थान, MP, छत्तीसगढ़ में पारा 40°C पहुंचा

भारतीय मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक इस दौरान बिजली चमकने और 30-50 प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है। इधर, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। विभाग ने पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं, राजस्थान में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। यहां बाड़मेर जिले में अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री रहा। वहीं मध्य प्रदेश के रतलाम में तापमान 39.2 डिग्री और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम की 2 तस्वीरें… गर्मी क्यों- फरवरी में बारिश कम, एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार असामान्य गर्मी के पीछे कई कारण हैं। फरवरी में उत्तर और मध्य भारत में पश्चिमी विक्षोभ कम रहे। इस कारण बादल-बारिश कम हुए। सूर्य की गर्मी सीधे जमीन तक पहुंचने से सतह तेजी से गर्म हो रही है। पश्चिम और मध्य भारत के ऊपर एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है। इसमें हवा नीचे दबती है, जिससे बादल कम बनते हैं और गर्म हवाएं बनी रहती हैं। ये परिस्थितियां तापमान बढ़ाने के लिए अनुकूल रहती हैं। कब मानी जाती है हीटवेव मौसम विभाग के मुताबिक, हीटवेव तब मानी जाती है, जब मैदानों में तापमान 40 डिग्री या उससे ज्यादा पहुंच जाए। अगर सामान्य तापमान से 4 से 6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जाए। ऐसी स्थिति में लोगों की सेहत पर भी असर पड़ सकता है और लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। जून में अलनीनो संभव, गर्मी बढ़ेगी, मानसून भी बिगड़ सकता है ला-नीना कमजोर हो रहा है। अगले 3 महीने एनसो न्यूट्रल, यानी न ला-नीना और न अलनीनो के हालात रहने के आसार हैं। अमेरिकन मौसम एजेंसी नोआ के अनुसार, जून के शुरू में अलनीनो दस्तक दे सकता है। इसी दौरान देश में मानसून आता है। अलनीनो न सिर्फ मानसून बिगाड़ेगा, बल्कि गर्मी का दौर भी लंबा करेगा। ला-नीना में सामान्य, या फिर सामान्य से ज्यादा बारिश होती है। तापमान सामान्य से कम रहता है। अलनीनो में पारा चढ़ता है और बारिश कम होती है। अगले 2 दिन मौसम का हाल-

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:30 am

भोपाल में कथक और नौरता नृत्य की प्रस्तुति आज:कई इलाकों में बिजली भी रहेगी गुल; जानिए कहां-क्या रहेगा खास

आपको हम बता रहे हैं, भोपाल शहर में आज कहां-क्या हो रहा है। यहां हर वो जानकारी होगी, जो आपके काम आएगी। संगीत-संस्कृति, आर्ट, ड्रामा के इवेंट से लेकर मौसम, सिटी ट्रैफिक, बिजली-पानी की सप्लाई से जुड़ा हर अपडेट मिलेगा। काम की जरूरी लिंक्स आधार अपडेशन- नया/ नि:शुल्क/ बायो मैट्रिक अपडेट- 100 रुपए, डेमोग्राफिक अपडेट- 50 रुपए, इन सेंटरों में आधार अपडेशन/ जेनरेशन की सुविधा। सेंटर्स की पूरी लिस्ट के लिए क्लिक करें। हेल्थ सर्विसेज : एम्स/जेपी, खुशीलाल ऑटो गैस/ इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन, सीएनजी स्टेशन थाने इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर सीएनजी पंप स्टेशन

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:30 am

सीएम की सुरक्षा में चूक का मामला:भीड़ में पटाखे छोड़कर 8 लोगों का जीवन जिन्होंने संकट में डाला, उन पर सिर्फ जमानती धारा में केस

रंगपंचमी पर गेर के दौरान पटाखे छोड़े जाने से आठ लोगों के झुलसने की घटना में आरोपी इवेंट संचालकों पर सिर्फ जमानती धारा में पुलिस ने केस दर्ज किया। इवेंट संचालकों ने कर्मचारी के साथ बिना अनुमति के भीड़ वाली जगह पटाखे छोड़े, जिससे आठ लोगों का जीवन संकट में आ गया। पुलिस ने गंभीर हादसे में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा में तो बड़ी चूक की थी, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करते हुए जमानती अपराध दर्ज किया। पुलिस ने धारा 151 में कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेजा गया। रंगपंचमी की गेर में 8 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. यादव जिस मंच पर थे, उससे महज 15 फीट दूर फॉयर शॉट पटाखे छोड़ने से 8 लोग झुलसे थे, इनमें से दो लोगों का इंदौर में उपचार चल रहा है। पुलिस ने पहले अज्ञात में फिर अगले ही दिन तीन ज्ञात हो गए। एसएन स्पेशल इफेक्ट वेडिंग एंट्री कंपनी संचालित करने वाले शिकारी गली निवासी मुजीब व शाहनवाज पिता मोहम्मद सलीम समेत सहयोगी कर्मचारी शरीक पिता अतीक कुरैशी निवासी हरिफाटक को हिरासत में ले लिया। एडिशनल एसपी गुरुप्रसाद पाराशर ने इस संदर्भ में बताया मामले में पता कर बता पाऊंगा। भास्कर एक्सपर्ट - वीरेंद्र शर्मा, सीनियर एडवोकेट सुप्रीम कोर्ट जीवन को संकट में डाला, धारा 150 लगाना थी सीएम सिक्युरिटी को अनदेखा कर सैकड़ों लोगों की भीड़ में बिना अनुमति इवेंट वालों ने पटाखे छोड़ मानवीय जीवन संकट में डाला और 8 लोग गंभीर झुलस गए, यह गंभीर मामला है। ऐसे में गैर जमानती बीएनएस की धारा 150 में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाना चाहिए थी, जिसमें दस साल तक की सजा का प्रावधान है। इवेंट वालों को किसने बुलाया था, उन पर क्या कार्रवाई? मामले में दो इवेंट संचालक व एक कर्मचारी सहित तीन लोगों पर मामूली धारा में कार्रवाई की पर बड़ा सवाल अभी यही है कि इवेंट वालों को किस मंच, संस्था वालों ने बुलाया था। किसी लोकेश का नाम भी सामने आया था, लेकिन सिर्फ तीन पर कार्रवाई हुई। नीलगंगा पुलिस से मामले में कोई जवाब नहीं दे पाई।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:28 am

पुलिस की कार्रवाई:नौ आरोपी गिरफ्तार, लोगों की जमीन हड़पते थे; बुजुर्ग के अपहरण में भाजपा नेता किशन मेघवाल भी वांछित

शहर भाजपा नेत्री के कुछ भाजपा नेताओं संग कथित वीडियो-फोटोज मामले के आरोपी अधिवक्ता विशाल गुर्जर के घर 11 फरवरी की आधी रात को तोड़फोड़ में चर्चा में आए भाजपा नेता किशन मेघवाल फिर विवादों में हैं। अब किशन पर जमीन हड़पने के लिए बड़गांव थाना क्षेत्र में बुजुर्ग के अपहरण के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि बड़गांव थाना पुलिस ने जमीन हड़पने के लिए रविवार को बुजुर्ग रामलाल का अपहरण करने वाले 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनसे पूछताछ में सामने आया है कि सायरा के नांदेश्मा निवासी भाजपा नेता किशन मेघवाल और गोगुंदा के सुवावतों का गुड़ा निवासी सुरेश मेघवाल के कहने पर रामलाल का अपहरण कर उनकी जमीन हड़पने का प्रयास किया था। सभी आरोपी गिरोह बनाकर लंबे समय से अनपढ़ व भोलेभाले लोगों की जमीन हड़पने का काम कर रहे हैं। वे रामलाल की जमीन भी हड़पना चाहते हैं। रजिस्ट्री कराने के लिए रजिस्ट्री के दस्तावेज पहले ही तैयार करवा लिए। फिर रामलाल की रैकी शुरू कर दी। 8 मार्च को ब्रेजा कार में उनका अपहरण कर ले गए। रास्ते में रजिस्ट्री पर हस्ताक्षर करवाकर गिरोह के सदस्य के नाम जमीन कराने का प्रयास किया। लेकिन, बुजुर्ग नहीं माने। इस पर साइफन चौराहे पर बुजुर्ग को छोड़कर भाग गए। पुलिस अब किशन मेघवाल, सुरेश मेघवाल समेत अन्य आरोपियों और वारदात में उपयोग लिए वाहनों की तलाश कर रही है। मेघवाल की सफाई... घटना के वक्त मैं शहर में नहीं थाबुजुर्ग के अपहरण व जमीन हड़पने के मामले में भाजपा नेता किशन मेघवाल का कहना है कि जिस दिन घटना हुई, उस वक्त मैं उदयपुर में नहीं था। मैं निजी काम से दिल्ली गया हुआ था। जमीन के विवाद से मेरा लेना-देना नहीं है। राजनीतिक द्वेषता के कारण कुछ लोग मेरी छवि खराब करने की साजिश रच रहे हैं। ये हैं 9 आरोपी पुलिस ने बड़गांव के हाथीधर्रा निवासी मुकेश गमेती, ईसवाल निवासी अशोक बंजारा, खरबड़िया निवासी दीपचंद्र गमेती उर्फ दीपक उर्फ सरपंच, गोगुंदा के काछबा निवासी सुरेश गमेती, पडियारों का गुडा निवासी पुष्कर गमेती, लखावली निवासी विजय गमेती, गोगुंदा निवासी प्रकाश गमेती, गोगुंदा हाल बड़गांव निवासी प्रवीण मेघवाल और नाई निवासी दिलीप कुमार गमेती को गिरफ्तार किया।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:26 am

शिप्रा में काला पानी...:कान्ह का गंदा पानी मिलना बड़ी वजह

कान्ह के दूषित पानी के लगातार मिलने से शिप्रा का पानी काला और बदबूदार हो गया है। इसकी एक बड़ी वजह नदी में घाटों पर चल रहे निर्माण कार्य भी माने जा रहे हैं, जिनके कारण पानी रुका हुआ है और मिट्टी लगातार पानी में मिल रही है। ये हालात भी तब है, जब 18 और 19 मार्च को गुड़ी पड़वा, विक्रमोत्सव समापन महोत्सव व भूतड़ी अमावस्या का स्नान पर्व होना है। हालांकि इन पर्व स्नान के लिए जिम्मेदार अधिकारी दो एमसीएम पानी नर्मदा का शिप्रा में लेने का दावा कर रहे हैं। दावे कई फिर भी शुद्ध नहीं... शिप्रा शुद्धिकरण के कई दावे हर साल किए जाते हैं। सिंहस्थ 2028 के चलते अब शिप्रा शुद्ध करने 1650 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट चल रहे हैं। फिर भी ​शिप्रा साफ नहीं है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:26 am

भवानी चौक में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन 14 मार्च को:रात 8 बजे से शुरू होगा आयोजन, वीर रस, हास्य और व्यंग्य की प्रस्तुतियों से सजेगा मंच

होली और रंगपंचमी के उत्सव के बीच राजधानी में साहित्यिक रंग भी घुलेंगे। शहर के सोमवारा स्थित भवानी चौक में 14 मार्च शनिवार को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। रात 8 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न शहरों से आए कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को वीर रस, हास्य और व्यंग्य की प्रस्तुतियां सुनाएंगे। कार्यक्रम का आयोजन हिंदू उत्सव समिति भोपाल द्वारा किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि होली और रंगपंचमी केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और साहित्यिक अभिव्यक्ति का भी उत्सव है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए हर वर्ष की तरह इस बार भी कवि सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। ये कवि पहुंचेंगे भोपाल कवि सम्मेलन का संचालन सबरस कवि शशिकांत यादव ‘शशि’ (देवास) करेंगे। मंच पर कविता तिवारी (लखनऊ), राम भदावर (जयपुर) और सूर्यकांत चतुर्वेदी (भोपाल) वीर रस की रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। वहीं हास्य और व्यंग्य की प्रस्तुति से दिनेश ‘देसी घी’ (शाजापुर), मुन्ना बैट्री (मंदसौर) और अमित शुक्ला (प्रयागराज) माहौल को हल्का और रोचक बनाएंगे। कार्यक्रम के संयोजक हिंदू उत्सव समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल चौधरी होंगे, जो आयोजन की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। समिति ने शहर के साहित्य प्रेमियों और नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर कवि सम्मेलन का आनंद लेने की अपील की है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:25 am

करनाल के युवक को कजाकिस्तान में बंधक बनाया:जाना चाहता था कनाडा, 20 लाख की फिरौती मांगी, वीडियो दिखाकर 10 लाख वसूले

कनाड़ा भेजने के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। करनाल के गांव सदरपुर के एक युवक को कनाडा भेजने का झांसा देकर एजेंटों ने पहले उसे कजाकिस्तान भेज दिया और वहां बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने युवक के परिजनों से 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी और मारपीट का वीडियो दिखाकर दबाव बनाया। परिजनों ने कर्ज लेकर 10 लाख रुपए दे दिए। बाद में पैसे लेने आए चार लोगों में से दो को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्टाग्राम पर विदेश भेजने का विज्ञापन देखकर किया संपर्क गांव सदरपुर निवासी बलकार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मेरा बेटा कनाडा घूमने के लिए जाना चाहता था। बेटे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर विदेश भेजने का एक विज्ञापन देखा था। इस विज्ञापन में राय इमिग्रेशन, गांव मियानी, जिला जालंधर (पंजाब) का पता और मोबाइल नंबर दिए गए थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने इमिग्रेशन के नंबर पर संपर्क किया, जहां उनकी बात मनप्रीत नाम के व्यक्ति से हुई। बाद में मनप्रीत ने उन्हें जशन नामक व्यक्ति से मिलवाया। जशन ने निखिल को कनाडा भेजने के लिए 22 लाख रुपए में सौदा तय किया। 28 फरवरी को दिल्ली एयरपोर्ट से विदेश रवाना हुआ युवक शिकायतकर्ता ने बताया कि एजेंटों ने उनके बेटे के सभी दस्तावेज ऑनलाइन मंगवा लिए। इसके बाद 28 फरवरी की रात करीब 8 बजे बेटे को दिल्ली हवाई अड्डे पर बुलाया गया और साथ में 500 डॉलर ले जाने को कहा गया। परिजनों ने 500 डॉलर निखिल को दे दिए और वह हवाई जहाज से विदेश रवाना हो गया। निखिल के साथ हमराज नाम का एक और युवक भी गया था। उस दौरान एजेंटों की तरफ से लगातार फोन पर संपर्क बना रहा। कनाडा की जगह कजाकिस्तान भेजकर बनाया बंधक बलकार ने बताया कि बाद में पता चला कि एजेंटों ने निखिल की उड़ान मुंबई से कजाकिस्तान के लिए बुक करवाई थी। वहां एयरपोर्ट पर सोनू नाम का व्यक्ति निखिल को लेने आया और कहा कि तीन घंटे के लिए होटल में रुकना होगा। परिजनों के अनुसार, इसके बाद निखिल को बंधक बना लिया गया। आरोपियों ने उसे ब्लेड से काटने, मुंह पर टेप लगाने और उल्टा लटकाकर मारपीट करने की बात कही। इसके बाद उन्होंने फोन कर 20 लाख रुपए की मांग की। मारपीट का वीडियो दिखाकर वसूले 10 लाख रुपए परिवार के अनुसार आरोपियों ने निखिल के साथ मारपीट का वीडियो दिखाकर पैसे देने का दबाव बनाया। बेटे की जान बचाने के लिए बलकार ने कर्ज लेकर 10 लाख रुपए खाते में भेज दिए। इसके बावजूद निखिल को नहीं छोड़ा गया और वह अभी भी कजाकिस्तान के अल्माटी शहर में फंसा हुआ है। पैसे लेने आए चार लोग, दो ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपे बलकार सिंह ने बताया कि 2 मार्च को चार लोग गांव सदरपुर पैसे लेने पहुंचे थे। ग्रामीणों को शक होने पर उन्होंने उनमें से दो लोगों को पकड़ लिया और घरौंडा थाना पुलिस को सौंप दिया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने बताया कि निखिल उनका इकलौता बेटा है और उसे कनाडा भेजने के लिए उन्होंने कर्ज लेकर पैसे जुटाए थे। अब फिरौती के रूप में भी 10 लाख रुपए कर्ज लेकर ही दिए गए हैं। विदेश भेजने वाले एजेंटों का इसमें हाथ है। इन आरोपियों को पुलिस जल्द से जल्द गिरफ्तार करे और मेरे इकलौते बेटे को वापिस लाए। शिकायत पर मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी पुलिस के अनुसार इस मामले में बलकार की शिकायत पर 9 मार्च को घरौंडा थाने में मनप्रीत, जश्न, परमिंदर कौर और सोनू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर उमेश को सौंपी गई है। वहीं कार्यकारी थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि विदेश भेजने के नाम पर युवक को बंधक बनाकर फिरौती मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। युवक के परिवार से सभी रिकॉर्ड क्लेक्ट किया जा रहा है और उसके आधार पर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश के साथ युवक को सुरक्षित वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:25 am

अमित शाह का पुतला फूंककर स्वागत करेंगे किसान:स्थानीय मुद्दों को लेकर 14 मार्च से लाडोवाल टोल प्लाजा पर पक्का मोर्चा लगाएंगे किसान

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 14 मार्च को पंजाब के मोगा में एक बड़ी रैली करने जा रहे हैं। वहीं किसान जत्थेबंदियों ने अमित शाह के पंजाब दौरे का विरोध करने का फैसला कर दिया है। भारतीय किसान मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष दिलबाग सिंह ने पुतला फूंककर अमित शाह का स्वागत करने का ऐलान कर दिया। देर रात किसान यूनियन के सदस्यों की बैठक हुई और फैसला किया गया कि 14 मार्च को लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा पर किसान एकत्रित होंगे और अमित शाह का पुतला फूंककर पक्का मार्चा लगा देंगे। यूनियन समय समय पर लाडोवाल टोल प्लाजा को फ्री भी करती रहेगी। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष दिलबाग सिंह गिल ने कहा कि केंद्र सरकार किसान विरोधी बिल लाकर पंजाब को बर्बाद करने पर तुली है। उन्होंने कहा कि बिजला सुधार बिल, मनरेगा समेत कई ऐसे मामले हैं जो सीधे तौर पर किसानों व मजदूरों को प्रभावित करते हैं। इसलिए यूनियन ने अमित शाह के पंजाब दौरे के दौरान उनके पुतले फूंकने का फैसला किया है। स्थानीय मुद्दों को लेकर लगाएंगे पक्का मोर्चा दिलबाग सिंह ने कहा कि किसानों के स्थानीय मुद्दे बेहद अहम हैं। उनका कहना है कि राहों रोड को लेकर किसान लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। कई बार टोल प्लाजा फ्री कर दिया है लेकिन कोई असर नहीं हुआ। वहीं दूसरी तरफ ससराली में सतलुज दरिया का धुस्सी बांध बनाने के प्रति भी सरकार ंगभीर नहीं है। इन मांगों को लेकर 14 मार्च से लाडोवाल टोल प्लाजा पर पक्का धरना लगाया जाएगा। किसानों की नेताओं को दाे टूक हमारे धरने में न आएं किसान नेता दिलबाग सिंह ने कहा कि प्रशासन ने जब तक उनकी स्थानीय मांगों निपटारा नहीं होता तब तक वो लाडोवाल टोल प्लाजा पर पक्का मोर्चा लगाकर बैठेंगे। उन्होंने आसपास के ग्रामीणों व किसान संगठनों से धरने में शामिल होने की अपील की। वहीं राजनीतिक दलों के नेताओं को साफ कह दिया कि वो उनके मोर्चे में न आएं। 10 करोड़ में कैसे बनेगा धुस्सी बांध? दिलबाग सिंह ने कहा कि ससराली से लेकर कासाबाद तक सतलुज का धुस्सी बांध पूरी तरह से बह चुका है। बरसात का सीजन शुरू होने में चार महीने भी नहीं बचे हैं और अभी तक धुस्सी बांध नहीं बनाया गया। उन्हाेंने कहा कि प्रशासन ने सिर्फ 10 करोड़ रुपए का टेंडर लगाया है। पैसे कम होने के कारण कोई ठेकेदार ठेका लेने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि 10 करोड़ में इतना बड़ा धुस्सी बांध कैसे बनेगा? लाडोवाल टोल प्लाज पक्का फ्री करना या नहीं कमेटी तय करेगी दिलबाग सिंह ने बताया कि 14 मार्च को धरना शुरू करने के बाद आगे क्या क्या गतिविधियां होंगी उसका फैसला धरना स्थल पर संगठन के लोग करेंगे। दिलबाग सिंह का कहना है कि लाडोवाल टोल प्लाजा पक्का फ्री करना है या समय समय पर फ्री करना है इसका फैसला बाद में कमेटी करेगी। आज डीसी-सीपी को करेंगे शिकायत किसान आज पंजाबी भवन के पास एकत्रित होंगे और उसके बाद वहां से मार्च निकालते हुए डीसी दफ्तर व सीपी दफ्तर जाएंगे। दिलबाग सिंह का कहना है कि आज सीपी व डीसी को शिकायत देंगे और अवैध ताइनिंग करने वालों पर कार्रवाई की मांग करेंगे।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:25 am

इंदौर-दाहोद रेल प्रोजेक्ट:धार तक की टाइमलाइन पूरी, टनल अभी भी अधूरी

इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन प्रोजेक्ट में धार तक के हिस्से में एक बार फिर डेडलाइन पूरी हो गई और काम अधूरा ही रह गया। रेलवे ने धार तक के लिए फरवरी-2026 तक काम पूरा करने का टारगेट लिया था। अभी भी टीही के आगे टनल का काम अधूरा है। रेलवे की वैकल्पिक तैयारी यह भी है कि टीही टनल को छोड़कर पीथमपुर से धार तक सीआरएस इंस्पेक्शन करवाकर ट्रॉली और इंजन ट्रायल कर लिया जाए। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार टनल का काम संभवत: मई-जून तक पूरा हो जाएगा। हालांकि रेलवे की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक तारीख नहीं तय की गई है। इंदौर-दाहोद प्रोजेक्ट की बात करें तो इसमें लगातार देरी हो रही है। वैसे ही यह पूरा प्रोजेक्ट 15 साल से ज्यादा समय से देरी से चल रहा है। लगातार देरी और बार-बार टाइमलाइन बढ़ाने के बाद रेलवे ने धार तक के हिस्से को प्राथमिकता से पूरा करने का दावा किया था। रेलवे ने कहा करीब तीन किमी लंबी टनल में से ज्यादातर काम पूरा हो चुका है, कुछेक हिस्से में काम बचा हुआ है। टनल के अंदर 500 मीटर हिस्से में ट्रैक भी बिछाया जा चुका है। उधर, लगातार देरी को लेकर सांसद शंकर लालवानी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा जल्द ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और उनसे पूछेंगे कि आखिर क्या कारण है कि लगातार प्रोजेक्ट में देरी हो रही है। पिछली बार बैठक में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने फरवरी तक काम पूरा करने की बात कही थी। 15 साल देरी से चल रहा प्रोजेक्ट, लागत बढ़ रही जिस टनल से देरी हो रही, वह मूल प्रोजेक्ट में थी ही नहीं : रेलवे एक्सपर्ट टीही के आगे जिस टनल की वजह से लगातार यह प्रोजेक्ट लेट हो रहा है, बार-बार रेलवे अधिकारी टाइमलाइन बढ़ा रहे हैं, वह टनल मूल प्रोजेक्ट में थी ही नहीं। बाद में टनल का प्रस्ताव तैयार किया गया। रेलवे पैसेंजर एमीनिटीज कमेटी के पूर्व सदस्य और रेलवे एक्सपर्ट नागेश नामजोशी ने कहा जब 2007-08 में इंदौर-दाहोद रेल प्रोजेक्ट तैयार हुआ और इसका शिलान्यास हुआ तब मूल प्रोजेक्ट में टीही के आगे टनल नहीं थी। 2013-14 में टीही के आगे तीन किमी टनल प्रस्तावित कर दी गई। टीही टनल का काम 2017-18 में शुरू हुआ। इसके बाद कोरोना के दौरान कॉन्ट्रैक्ट शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया था। जब कॉन्ट्रैक्ट शॉर्ट टर्मिनेट हुआ था।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:24 am

इंदौर का विजन-2047:नया ग्रोथ हब होगा मालवा-निमाड़; सात जिलों को उनकी खूबियों के हिसाब से बनाएंगे नए इकोनॉमिक जोन

मालवा-निमाड़ के सात जिलों को मिलाकर एक बड़ा आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसका मकसद उद्योग, आईटी, पर्यटन, कृषि प्रसंस्करण और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में नए निवेश लाना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है। योजना में इंदौर, उज्जैन, देवास, धार, शाजापुर, खंडवा और खरगोन को एक आर्थिक नेटवर्क के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। हर जिले की अपनी आर्थिक ताकत के अनुसार उसे अलग-अलग सेक्टर का हब बनाया जाएगा, ताकि पूरे क्षेत्र में संतुलित विकास हो सके। योजना के अनुसार इंदौर को आईटी और इनोवेशन का केंद्र बनाया जाएगा। उज्जैन धार्मिक पर्यटन और मेडिकल डिवाइस उद्योग के लिए विकसित होगा, जबकि देवास को औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स बेस के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। धार में टेक्सटाइल और सौर ऊर्जा परियोजनाएं, शाजापुर में फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर, खंडवा में ऊर्जा परियोजनाएं और खरगोन में कपास आधारित एग्रो-टेक्सटाइल उद्योग को बढ़ावा देने की योजना है। इंदौर-पीथमपुर-देवास-धार औद्योगिक कॉरिडोर, उज्जैन-ओंकारेश्वर धार्मिक सर्किट और खरगोन-खंडवा एग्रो-टेक्सटाइल कॉरिडोर जैसे नए आर्थिक गलियारे इस क्षेत्र के विकास की रीढ़ बनेंगे। इसके साथ ही पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, महाकाल लोक फेज-2, इंदौर-नागपुर एक्सप्रेसवे और ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट जैसे बड़े प्रोजेक्ट भी योजना में शामिल हैं। जीडीपी 30 लाख करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य संभागायुक्त सुदाम खाड़े के अनुसार, विजन-2047 के तहत क्षेत्रीय जीडीपी को करीब 10.5 लाख करोड़ से बढ़ाकर 30 लाख करोड़ से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही रोजगार को लगभग 1.2 करोड़ तक पहुंचाने और पर्यटन को 20 करोड़ तक बढ़ाने की योजना है। इन प्रोजेक्ट को जोड़ेंगे पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क {मेडिकल डिवाइस पार्क उज्जैन {महाकाल लोक फेज-2 {इंदौर-नागपुर एक्सप्रेसवे {धार सोलर पार्क {ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट {खरगोन फूड पार्क बनेंगे तीन बड़े आर्थिक कॉरिडोरइंदौर–पीथमपुर–देवास–धार : औद्योगिक कॉरिडोरउज्जैन–ओंकारेश्वर : धार्मिक पर्यटन सर्किटखरगोन–खंडवा–बुरहानपुर : एग्रो-टेक्सटाइल कॉरिडोर 2047 तक ये लक्ष्यक्षेत्रीय जीडीपी : 10.5 लाख करोड़ से बढ़ाकर ~30 लाख करोड़। { रोजगार : 58 लाख से बढ़ाकर →1.2 करोड़। {औद्योगिक पार्क : 18 →से बढ़ाकर 40 से अधिक। { रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता : 1.2 गीगावाट से बढ़ाकर 5 गीगावाट। {निर्यात : 25 हजार करोड़ →से 1 लाख करोड़ रुपए।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:19 am

कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई बंद होने से व्यापार प्रभावित:शहर में 2 दिन का स्टॉक, 2500 होटल-रिसॉर्ट और विला पर संकट, पर्यटक होंगे परेशान

अमेरिका-इजराइल की ईरान से चल रहे युद्ध की वजह से तेल कंपनियों की गैस सप्लाई प्रभावित हुई है। इसको देखते हुए केंद्र सरकार ने देशभर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद कर दी है। इसका व्यापक असर टूरिस्ट सिटी उदयपुर में देखने को मिलेगा। यहां के होटलों, रेस्टोरेंट, विलाओं आदि में प्रतिमाह औसत 20 हजार कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई होती है। संचालकों का कहना है कि अधिकतर प्रतिष्ठानों के पास केवल एक-दो दिन का गैस स्टॉक बचा है। इसके बाद किचन संचालन प्रभावित हो सकता है। कई प्रतिष्ठानों पर तो शटडाउन की स्थिति बन सकती है। मार्च माह वेडिंग सीजन का है। ऐसे में कमर्शियल सिलेंडर सप्लाई आगामी 20 दिन भी प्रभावित रही तो शाही शादियों व सामान्य शादियों में भी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उदयपुर व शहरी सीमा से सटे क्षेत्रों में होटल, रिसॉर्ट, होम स्टे, विला, धर्मशाला की संख्या 1500 है। इसके अलावा ढाबे, रेस्त्रां व कैफे 1000 से अधिक है। शहर की 40 प्रतिशत अर्थव्यवस्था पर्यटन उद्योग पर निर्भर है। पर्यटन उद्योग के विशेषज्ञ प्रो. महेश शर्मा बताते हैं कि कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई बंद होने से होटल उद्योग के साथ डेस्टिनेशन वेडिंग, कैटरिंग और पर्यटन से जुड़े अन्य व्यवसायों पर असर पड़ेगा। होटल एसोसिएशन ने जताई चिंता, सीएम को लिखा पत्र उदयपुर के होटल, रेस्टोरेंट, कैफे, ढाबा संचालकों ने कॉमर्शियल गैस सप्लाई रोकने पर चिंता जताई है। होटल एसोसिएशन उदयपुर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि होटल और रेस्टोरेंट उद्योग के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। वर्तमान समय में शादियों और पर्यटन का सीजन चल रहा है। यदि गैस सप्लाई बंद रहती है तो होटल किचन संचालन प्रभावित होगा और मेहमानों को भोजन उपलब्ध कराना मुश्किल हो जाएगा। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया है और जल्द समाधान की मांग की है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुदर्शन देव सिंह कारोही और सचिव उषा शर्मा ने कहा कि होटल और रेस्टोरेंट उद्योग शहर की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। यह क्षेत्र हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार देता है। गैस सप्लाई बंद या कम होने से कारोबार पर गंभीर असर पड़ेगा और कई प्रतिष्ठानों को संचालन में कठिनाई का सामना करना पड़ेगा। दो दिन बाद भट्ठियों का सहारा या शटडाउन कमर्शियल गैस सप्लाई रुकने का असर शहर की छोटी-बड़ी खानपान दुकानों पर भी दिखने लगा है। सुखाड़िया सर्किल चौपाटी, शोभागपुरा मार्ग चौपाटी, हिरणमगरी चौपाटी पर विभिन्न खान-पान की दुकानों-ठेलों का संचालन करने वाले बताते हैं कि कमर्शियल सिलेंडर का दो दिन का स्टॉक बचा है। जब मंगलवार को गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने की कोशिश की तो सप्लाई उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी गई। ऐसे में असमंजस बना हुआ है। यदि जल्द सप्लाई बहाल नहीं हुई तो वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में कोयला या डीजल भट्टी का उपयोग करना पड़ सकता है। यदि गैस की समस्या लंबे समय तक बनी रही तो कुछ दिनों के लिए दुकान बंद करने की नौबत भी आ सकती है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:18 am

बलरामपुर में 5 एकड़ में अफीम की फसल मिली:झारखंड के लोग कर रहे थे खेती; दुर्ग में विनायक के भाई की दुकान ढहाई गई

दुर्ग जिले में अफीम की खेती पकड़े जाने के बाद अब बलरामपुर जिले में भी अफीम की खेती पकड़ाई है। बलरामपुर के त्रिपुरी क्षेत्र के सरनाटोली गांव में करीब 5 एकड़ में अफीम की फसल पाई गई है। यह मामला कुसमी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। झारखंड के कुछ लोग खेती कर रहे थे। उन्होंने खेती शुरू करने से पहले जशपुर के एक बीजेपी नेता से संपर्क किया था। इस मामले में 5 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। वहीं, दुर्ग जिले में अफीम की खेती से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने बीजेपी नेता विनायक के भाई बृजेश ताम्रकार की अवैध दुकान पर बुलडोजर चलाया। बृजेश ताम्रकार ने गांव की 32 डिसमिल जमीन पर करीब 20 साल से कब्जा कर रखा था। पुलिस बल की मौजूदगी में इस कब्जे को हटाया गया। यह कार्रवाई जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र में की गई। झारखंड के लोग बलरामपुर में अफीम उगा रहे थे जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर के त्रिपुरी गांव में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती मिली। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। कुसमी SDOP आशीष कुंजाम, पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि, उन्हें अफीम उगाने की जानकारी थी, लेकिन यह नहीं पता कि यह अवैध है। दुर्ग में विनायक ताम्रकार के खिलाफ अफीम की खेती किए जाने पर कार्रवाई हुई तो हमें पता चला कि यह गैर कानूनी है। इसके बाद थाने में सूचना दी। जहां अफीम की फसल मिली वह इलाका झारखंड से लगा हुआ है। खेत गांव के रूपदेव भगत और कौशल भगत का है। जमीन को किराए पर लेकर झारखंड के लोगों ने अफीम लगाई है। वह खेत से कुछ दूर फॉरेस्ट की तरफ से चूहीदाह नाले में बनाए गए स्टाप डेम से पंप लगाकर सिंचाई करते थे। झारखंड के लोगों ने की थी खेती, 5 हिरासत में ग्रामीणों के मुताबिक, झारखंड के लोगों ने फूलों की खेती करेंगे कहकर खेत किराए पर लिया था। जिसके लिए जशपुर जिले के ग्राम राझाडीपा निवासी भाजपा नेता से संपर्क भी किया था। अफीम की खेती की देखभाल के लिए झारखंड से 5-6 लोग लाए गए थे। पुलिस ने काम करने वाले 5 लोगों को हिरासत में लिया है। यह लोग खेतों के पास ही झोपड़ी बनाकर रहते थे। दुर्ग में आरोपी के भाई की अवैध दुकान ढही दुर्ग जिले में अफीम उगाने वाले बीजेपी नेता विनायक ताम्रकार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। उसके भाई बृजेश ताम्रकार की 20 साल पुरानी अवैध दुकान ढहाई गई। वहीं, विनायक के खेत से अब तक 65 हजार किलोग्राम अफीम जब्त कर लिया गया है। पूर्व CM बोले- सरकार के सरंक्षण में हो रहा कारोबार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दैनिक भास्कर की खबर को एक्स पर पोस्ट कर लिखा है कि, फिर पकड़ी गई अफीम, मैंने पहले ही कहा था कि दुर्ग तो महज पर्दाफाश की शुरुआत थी। अफीम सहित सूखे नशे का कारोबार सुनियोजित तरीके से मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के संरक्षण में चल रहा है। दुर्ग में जो भाजपा नेता अफीम की खेती करते पकड़ा गया, उसे विष्णुदेव सरकार ने मुख्य आरोपी तक नहीं बनाया। यह खेल बड़ा है। पूरी भाजपा इस नशे के कारोबार में लिप्त है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:16 am

इंदौर सुपर स्पेशिएलिटी में अप्रैल से पेड ओपीडी की तैयारी:एम्स भोपाल की ओपीडी में सिर्फ 10 रुपए शुल्क, तो इंदौर में 600 रुपए क्यों?

एमजीएम मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल और स्कूल ऑफ एक्सीलेंस फॉर आई में अप्रैल से शाम के समय 600 रुपए फीस वाली ओपीडी शुरू की जा रही है। जबकि बेहतर सुविधाओं वाले भोपाल एम्स में स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स ओपीडी में 10 रुपए में ही देखते हैं। पेड ओपीडी का मॉडल रीवा, जबलपुर और ग्वालियर के मेडिकल कॉलेजों में फ्लॉप हो चुका है। हाल ही में स्वास्थ्य चिकित्सा आयुक्त धनराजू एस. की अध्यक्षता में एमजीएम मेडिकल कॉलेज स्वशासी संस्था की बैठक में इसको लेकर प्रस्ताव पास किया गया है। इसके तहत अप्रैल से सुबह-शाम 6:30 से 8:30 बजे तक विशेषज्ञ डॉक्टर 600 रुपए शुल्क लेकर मरीज देखेंगे। नए मॉडल को लेकर डॉक्टरों में भी नाराजगी है। कई डॉक्टरों का कहना है कि एमवायएच में पहले से ही मरीजों का भारी दबाव है। ऐसे में शाम को अलग पेड ओपीडी संचालित करना व्यावहारिक रूप से चुनौतीपूर्ण होगा। दूसरी ओर सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में पूरी तरह से ओपीडी ब्लॉक भी संचालित नहीं हो पाया है। शाम की ओपीडी की व्यवस्था कैसे होगी इस पर भी कई सवाल उठ रहे हैं। पेड ओपीडी में फ्री दवाएं या जांच होगी या नहीं, असमंजससूत्रों के अनुसार प्रस्ताव में पेड ओपीडी में आने वाले मरीजों को फ्री जांच और दवाओं को लेकर अभी िस्थति स्पष्ट नहीं है। कुछ डॉक्टरों का मानना है कि यदि शाम को अलग पेड ओपीडी शुरू होती है तो इससे एमवाय अस्पताल में डॉक्टरों, जांच और अन्य संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ सकता है। लागू करने से पहले ट्रायल जरूरीएमजीएम मेडिकल कॉलेज के पूर्व डीन और स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. वीपी पांडे का कहना है कि पेड ओपीडी जैसी व्यवस्था लागू करने से पहले इसे ट्रायल के तौर पर चलाकर देखा जाना चाहिए। ओपीडी सुपर स्पेशिएलिटी परिसर में ही चलनी चाहिए। इसे एमवायएच में चलाया तो वहां के संसाधनों और स्टाफ पर अतिरिक्त दबाव बढ़ेगा। सुपर स्पेशिएलिटी में लगेगी ओपीडीएमवायएच अधीक्षक डॉ. अशोक यादव का कहना है कि निर्णय के अनुसार शाम की पेड ओपीडी सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में संचालित की जानी है। सुबह की ओपीडी पहले की तरह एमवायएच में ही चलेगी। इधर, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त धनराजू एस. ने इसको लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। 46 विशेषज्ञ, सैलेरी 3 लाख रुपए तकएमजीएम के सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में कुल 46 डॉक्टर हैं। इनमें 38 डीएम और एमसीएच सुपर स्पेशिएलिटी विशेषज्ञ हैं। यहां असिस्टेंट प्रोफेसर को लगभग 1.5 लाख, एसोसिएट प्रोफेसर को 2.5 लाख और प्रोफेसर को करीब 3 लाख रुपए प्रतिमाह फिक्स वेतन दिया जा रहा है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:16 am

करोड़ों खर्च, तिराहे-चौराहे का लेफ्ट टर्न बेकार टूटे स्प्रिंग पोस्ट बने खतरा, लोग हो रहे हैं घायल

नगर निगम और ग्वालियर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कार्पोरेशन के अफसरों की नजर अंदाजी के चलते चौराहे-तिराहों पर बने लेफ्ट टर्न गायब हो गए हैं। यदि कहीं नजर भी आते हैं तो स्प्रिंग पोस्ट टूटे या झुके हुए हैं। ऐसे में लेफ्ट टर्न से निकलने वाले वाहनों को ट्रैफिक की वजह से रुकना पड़ रहा है। लेफ्ट टर्न के लिए डामर डालकर उसमें स्प्रिंग पोस्ट फंसाए गए थे। वे अब गतिरोधक जैसे नजर आ रहे हैं। यहां से निकलते वक्त कई बार दो पहिया वाहन दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। शहर की सड़कों की चौड़ाई लेफ्ट टर्न के लायक पर्याप्त नहीं थी। इसके बाद भी स्मार्ट सिटी और नगर निगम ने पांच सालों में लेफ्ट टर्न पर काम कर पैसों की बर्बादी कर डाली।2021 में ग्वालियर स्मार्ट सिटी ने 13 चौराहे-तिराहे को बेहतर करने के साथ लेफ्ट टर्न का काम किया था। इस प्रोजेक्ट पर 1.80 करोड़ रुपए की राशि खर्च हुई थी। 2024 में निगम ने इन्हीं चौराहे-तिराहे पर लेफ्ट टर्न बनाकर स्प्रिंग पोस्ट लगाए। इस संबंध में निगमायुक्त संघ प्रिय का कहना है कि शहर के जिन तिराहे-चौराहों पर स्प्रिंग पोस्ट टूटे पड़े हैं उन्हें ठीक कराया जाएगा। साथ ही लेफ्ट टर्न भी सही कराएंगे। 13 तिराहे-चौराहा बनाए थे लेफ्ट टर्न, यहीं फंस रहे वाहन और आए दिन हो रहीं दुर्घटनाएं

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:09 am

बालाजी के चरणों में लंबी आयु की कामना की

लुधियाना | विश्वकर्मा टाउन जम्मू कॉलोनी स्थित सुप्रसिद्ध संकट मोचन दरबार श्री बाला जी मंदिर में श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर के मुख्य सेवादार बाबा कुलवंत भल्ला के जन्मदिवस पर मंदिर परिसर को फूलों और लाइटों से भव्य रूप में सजाया गया। श्रद्धालुओं ने बाला जी महाराज के चरणों में बाबा की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की। इस दौरान मुख्य सेवादार सुनील भल्ला रोमी ने बाबा कुलवंत भल्ला के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। मां भगवती क्लब के प्रधान अविनाश सिक्का ने अपनी टीम के साथ बाबा का अभिनंदन किया।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:09 am

वुमन ऑफ विजडम ट्रॉफी से महिलाओं को सम्मानित किया

लुधियाना| क्रिएटिव लेडीज क्लब की ओर से रंगों के पर्व होली के उपलक्ष्य में रासलीला का आयोजन किया गया, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस भी मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान की कृपा को स्मरण करते हुए भक्ति और सांस्कृतिक माहौल में हुई। क्लब की ओर से समाज में अनुभव और प्रेरणा का उदाहरण बनने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर वुमन ऑफ विजडम ट्रॉफी सुरिंदर बंसल, कुलवंत भांबर, सारिका लेखी, रेखा गुप्ता और पूनम सूद को प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में क्लब की अध्यक्ष अनु कपूर ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। सचिव कोमल सेठी के साथ मिलकर किए गए उनके प्रयासों की भी सभी ने सराहना की। इस अवसर पर क्लब की डायरेक्टर सुरिंदर बंसल, चेयरपर्सन शशि खुल्लर और बोर्ड सदस्य कुलवंत भांबर, रेनू भांबरी, विनयप्रीत कौर, सतिंदर सोनी, हरजीत कोचर, सिमरन आहूजा और तरनप्रीत रूही आदि उपस्थित रहे।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:09 am

डीएवी पब्लिक स्कूल बीआरएस नगर में में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया

भास्कर न्यूज |लुधियाना डीएवी पब्लिक स्कूल, बीआरएस नगर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। इस अवसर पर समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिलाओं के योगदान, धैर्य, संघर्षशीलता और उपलब्धियों को सराहा गया। इस दिवस को स्मरणीय बनाने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से प्राचार्या के साथ सामूहिक समूह चित्र लिए गए, जो एकता, सम्मान और सामूहिक गौरव के प्रतीक बने। विद्यालय द्वारा स्टाफ के कल्याण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए शिक्षकों के लिए निशुल्क बोन डेंसिटी जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्टाफ के लिए मनोरंजक खेलों तथा आकर्षक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्राचार्या जेके सिद्धू ने अपने संबोधन में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं की उपलब्धियों, साहस और योगदान को सम्मानित करने का अवसर है। प्रस्तुति देती छात्राएं।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:08 am

पति ने मारपीट कर कमरे में बंद किया, खिड़की से निकलते हुए विवाहिता तीसरी मंजिल से गिरी

भास्कर न्यूज |लुधियाना गांव मानकवाल में पति की प्रताड़ना से परेशान एक विवाहिता के तीसरी मंजिल से गिरने का मामला सामने आया है। घटना 4 मार्च की बताई जा रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मारपीट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता खुशी अरोड़ा ने बताया कि उनकी ननद मीनाक्षी की शादी को कुछ साल हो चुके हैं, लेकिन उन्हें बच्चा नहीं हो रहा था और इसी बात को लेकर उसका पति बॉबी नरूला अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। मीनाक्षी ने कई बार फोन कर उन्हें अपने साथ हो रही प्रताड़ना के बारे में बताया था। आरोप है कि होली वाले दिन सुबह से ही आरोपी ने मीनाक्षी के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसकी जानकारी उन्हें पड़ोसियों से मिली। इसके बाद आरोपी ने उसे मारपीट करते हुए तीसरी मंजिल पर बने कमरे में बंद कर दिया और बाहर से ताला लगाकर घर से चला गया। शाम के समय मीनाक्षी ने खिड़की के रास्ते कमरे से निकलकर बचने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान संतुलन बिगड़ने से वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई। गिरने के बाद उसका पति उसे अस्पताल लेकर गया और डॉक्टरों को इसे हादसा बताकर इलाज शुरू करवाया, लेकिन कुछ देर बाद वह वहां से फरार हो गया। बाद में थाना सदर की पुलिस को शिकायत दी गई, जिसके आधार पर आरोपी बॉबी नरूला के खिलाफ मारपीट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी फिलहाल फरार है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:08 am

सिगरेट का धुआं मुंह पर उड़ाया, विरोध किया तो युवक को पीटा , 8 पर केस

भास्कर न्यूज | लुधियाना एक व्यक्ति ने सिगरेट पीकर उसका धुआं दूसरे युवक के मुंह पर उड़ा दिया। जब युवक ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना सदर पुलिस को दी शिकायत में तरुणजीत सिंह निवासी मोहल्ला बाजड़िया ने बताया कि 4 मार्च की शाम वह अपने दोस्त मनजोत सिंह के साथ सॉलिटेयर होम कॉलोनी में पार्टी कर रहा था। इसी दौरान वहां जसकीरत मान नाम का युवक आया और सिगरेट पीते हुए उसका धुआं तरुणजीत सिंह के मुंह पर उड़ा दिया। तरुणजीत सिंह ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी अपमानजनक शब्द बोलने लगा और अपने साथियों को बुलाकर उनकी पिटाई कर दी। उधर मामले की जांच कर रहे अधिकारी गुरदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने तरुणजीत सिंह की शिकायत पर तमनप्रीत सिंह चेरी, जसकीरत मान और छह अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ थाना सदर में केस दर्ज कर लिया है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:08 am

हार्डीज वर्ल्ड के सामने फोर लेन आरओबी को 6 लेन करने, एलिवेटेड रोड पर क्रैश बैरियर लगाने के निर्देश

भास्कर न्यूज | लुधियाना डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने मंगलवार को जिले में चल रहे सड़क बुनियादी ढांचे के विभिन्न प्रोजेक्टों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और ट्रैफिक व्यवस्था व सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। डीसी हिमांशु जैन ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) तथा पंजाब सड़क सुरक्षा परिषद के सदस्य राहुल वर्मा सहित अन्य अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख हाईवे और चौराहों का जायजा लिया। उन्होंने एनएचएआई की प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रियांका मीना को जालंधर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाडोवाल पुलिस स्टेशन के सामने बने खतरनाक ब्लैक स्पॉट को खत्म करने के लिए तुरंत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मौजूदा मीडियन के कारण लुधियाना-जालंधर से आने वाले वाहनों और हंबड़ां की ओर से आने वाले वाहनों के बीच टकराव की स्थिति बनती है, जिससे अक्सर हादसे और ट्रैफिक जाम लग जाता है। गौर हो कि दैनिक भास्कर ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया था। इस पर प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रियांका मीना ने भरोसा दिलाया कि हार्डी वर्ल्ड के सामने बने चार लेन रेलवे ओवरब्रिज को छह लेन करने और एक व्हीकल अंडरपास (वीयूपी) बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी। दुर्घटनाओं को कम करने के लिए वहां रबर ब्रेकर (स्पीड हंप) लगाने के निर्देश भी दिए गए। डीसी ने एनएचएआई के अधिकार क्षेत्र में आने वाली जालंधर-लुधियाना-दिल् ली रोड की सर्विस लेनों से सभी अवैध कब्जे तुरंत हटाने के आदेश भी दिए। उन्होंने कहा कि इन कब्जों के कारण ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ रही है। उन्होंने अतिक्रमण हटाने के अभियान में प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। इसके अलावा डीसी ने हाईवे के दोनों ओर खाली पड़ी जमीन पर हरित पट्टियां विकसित करने की योजना बनाने के निर्देश दिए, ताकि पर्यावरण और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिल सके। प्रियांका मीना ने बताया कि सर्विस लेनों पर सीमेंट कंक्रीट (सीसी) फ्लोरिंग के लिए लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत वाले प्रोजेक्ट का टेंडर जल्द जारी किया जाएगा। साथ ही मानसून के दौरान जलभराव से बचने के लिए ड्रेनेज सिस्टम में सुधार का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा। सड़कों व हाईवे प्रोजेक्टों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों से चर्चा करते डीसी हिमांशु जैन। डीसी हिमांशु जैन ने एनएचएआई को लुधियाना-फिरोजपुर एलिवेटेड हाईवे पर सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कंक्रीट क्रैश बैरियर लगाने हेतु विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए। गौर हो कि क्रैश बरियर न होने से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। जिले के सभी प्रवेश और निकास मार्गों को यात्रियों के लिए सुगम और सुरक्षित बनाया जाना चाहिए। उन्होंने ग्रेटर लुधियाना एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गलाडा) और सिंचाई विभाग को साइकिल वैली के सामने लगभग तीन किलोमीटर लंबे बाईपास का प्रस्ताव तैयार करने के लिए भी कहा। यह बाईपास चंडीगढ़ रोड को सीधे दिल्ली जीटी रोड से जोड़ेगा, जिससे भारी और व्यावसायिक वाहनों को जमालपुर, सेक्टर-32 और समराला चौक जैसे शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाहर मोड़ा जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान कोहाड़ा चौक की ट्रैफिक समस्या की भी समीक्षा की गई। राहों रोड प्रोजेक्ट की समीक्षा करते हुए डीसी ने पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य में बाधा बन रहे सभी बिजली के खंभों को तुरंत हटाया जाए, ताकि पीडब्ल्यूडी बिना देरी के निर्माण कार्य शुरू कर सके। डीसी हिमांशु जैन ने कहा कि यह निरीक्षण सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, ब्लैक स्पॉट कम करने, हाईवे पर ट्रैफिक जाम घटाने और विभागों के बेहतर तालमेल के जरिए लुधियाना के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:08 am

कैसे बनेगी ग्वालियर-रायरू रूट पर मास्टर प्लान की सड़क:देश की सबसे पतली नैरोगेज के 19.21 किमी रूट पर भास्कर को मिला हर फीट पर कब्जा

देश की सबसे पतली (0.61 मीटर) ग्वालियर–श्योपुर नैरोगेज रेलवे लाइन, जिस पर 1909 से 2020 तक 119 साल ट्रेन चली, अब अतिक्रमण की चपेट में है। ट्रेन बंद होने के बाद 19.21 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक पर कब्जों की रफ्तार तेजी से बढ़ी है। इसका खुलासा तब हुआ जब दैनिक भास्कर रिपोर्टर तीन दिन तक 19.21 किलो मीटर रूट पर पैदल-पैदल चला और स्थानीय लोगों से बातचीत की। रूट पर हर फीट कब्जा नजर आया। हर कब्जे की गिनती की। कुल 3614 अवैध निर्माण मिले। चौंकाने वाली बात है कि इस ओर रेलवे के जिम्मेदार अफसरों ने ध्यान दिया और न उन्हें रोकने की जहमत नहीं उठाई। इस रूट पर ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 से पड़ताल शुरू की। कुछ ही दूर चलने पर लक्ष्मणपुरा क्रॉसिंग से ही ट्रैक पर ठेले और होर्डिंग्स के जरिए कब्जे दिखाई देने लगे। एमएलबी कॉलोनी के पीछे कई मकानों का विस्तार पटरी तक पहुंच चुका है। भास्कर रिपोर्टर 3 दिन रेलवे ट्रैक पर चला... कहीं घर की पार्किंग तो कहीं कार बाजार विकास के रास्ते में 3 बड़ी बाधाएं संयुक्त सर्वे रिपोर्ट में क्या सामने आया: नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और टीएंडसीपी ने संयुक्त सर्वे किया। रिपोर्ट में ट्रैक के दोनों ओर अतिक्रमण की पुष्टि की। सड़क निर्माण के लिए पहले रेलवे से भूमि हस्तांतरित करानी होगी, फिर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई संभव होगी। फूलबाग-पड़ाव पर 40% एक्स्ट्रा लोड: कब्जों की वजह से वैकल्पिक मार्ग शुरू नहीं हो पा रहा, जिससे फूलबाग और पड़ाव क्रॉसिंग पर पीक ऑवर्स में ट्रैफिक का दबाव 40% तक बढ़ गया है। वहीं बहोड़ापुर से रायरू के बीच गैराज-गोदामों के अवैध विस्तार से रास्ता संकरा हो गया है। सीधी बात - शशिकांत त्रिपाठी, सीपीआरओ, उत्तर मध्य रेलवे कब्जे हटाने कार्रवाई करेंगे 19.2 किमी नैरोगेज ट्रैक के दोनों ओर 3614 कब्जे कैसे?रेलवे समय-समय पर सर्वे करता है। जहां अतिक्रमण मिलता है, कार्रवाई की जाती है। भास्कर को ट्रैक के दोनों पक्के मकान दिखे, कर्मचारियों को यह क्यों नहीं दिखते? हमारे सर्वे में पक्का निर्माण सामने नहीं आया। रेलवे की जमीन पर कब्जे करने वालों पर क्या कार्रवाई करेंगे?दोबारा सर्वे कराएंगे। अवैध निर्माण मिला तो कानूनी कार्रवाई कर उसे हटवाया जाएगा। रेलवे से पत्राचार के बाद आगे बढ़ेगी कार्रवाईसर्वे रिपोर्ट मांगी गई हैरायरू से पड़ाव तक सड़क निर्माण के निर्देश जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए थे। संयुक्त टीम से सर्वे रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर रेलवे से पत्राचार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।-रुचिका चौहान, कलेक्टर ग्वा. मास्टर प्लान में नैरोगेज ट्रैक पर रोड प्रस्तावित हैमास्टर प्लान में नैरोगेज ट्रैक पर यह रोड प्रस्तावित की गई है। जिसकी चौड़ाई 18 से 30 मीटर है, जहां जितनी जगह मिलेगी उतनी चौड़ाई की सड़क बनाई जानी है। - केएस गवली, संयुक्त संचालक/टीएंडसीपी

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:07 am

घर में घुसे चोर, 1.50 लाख रुपए कैश समेत कीमती सामान लेकर भागे

लुधियाना| मॉडल टाउन इलाके में उस समय चोरी की वारदात सामने आई जब एक परिवार श्री हजूर साहिब (नांदेड़) में माथा टेकने के लिए गया था। इस दौरान चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए ताले तोड़ दिए और नकदी समेत कीमती सामान चोरी कर लिया। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घर मालिक हरविंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह बीते दिनों परिवार सहित श्री हजूर साहिब में दर्शनों के लिए गए थे। जब वह वापस लौटे तो घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ था और अंदर अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि चोर घर से करीब 1.50 लाख रुपए की नकदी, जरूरी दस्तावेज, करीब 500 ग्राम चांदी के बर्तन, कीमती कपड़े और बाथरूम की टोटियां तक उखाड़ कर ले गए। घटना के बाद घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई, जिसमें दो अज्ञात व्यक्ति चोरी का सामान ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:06 am

महिला से 15 हजार और मोबाइल लेकर लुटेरे फरार

भास्कर न्यूज |लुधियाना शृंगार रोड इलाके में मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उसका पर्स झपट लिया और फरार हो गए। पर्स में मोबाइल, करीब 15 हजार रुपए और जरूरी दस्तावेज थे। इलाके में 24 घंटे के भीतर इस तरह की यह दूसरी वारदात होने से लोगों में चिंता बढ़ गई है। पीड़ित महिला की पहचान गुरु तेग बहादुर नगर निवासी रूपिंदर कौर के रूप में हुई है। रूपिंदर कौर के अनुसार वह जमालपुर से फील्डगंज मार्केट सामान खरीदने के लिए जा रही थीं। जब वह शृंगार रोड पर ओम ढाबा के पास पहुंचीं तो पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने अचानक उनके हाथ से पर्स झपट लिया और मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद उन्होंने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोगों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह भाग गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस चौकी के इंचार्ज रवि कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:05 am

एमपी में सबसे गर्म ग्वालियर-चंबल...टेम्परेचर 6°C ज्यादा:भोपाल, इंदौर-उज्जैन में भी गर्मी बढ़ी; 15 मार्च से असर बढ़ेगा

एमपी में मार्च के दूसरे हफ्ते से ही गर्मी के तेवर तीखे हो गए हैं। इस वजह से ग्वालियर-चंबल में तापमान सामान्य से 6 डिग्री के ज्यादा हो गया है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में भी गर्मी बढ़ी है। मौसम विभाग की माने तो 15 मार्च के बाद गर्मी का असर और भी बढ़ जाएगा। मंगलवार को धार में पारा सबसे ज्यादा 39 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सागर में 38.9 डिग्री, रतलाम में 38.8 डिग्री, नर्मदापुरम में 38.8 डिग्री, खजुराहो (छतरपुर) में 38.3 डिग्री, गुना में 38.1 डिग्री और दमोह-टीकमगढ़ में 38 डिग्री दर्ज किया गया। बाकी शहरों में भी पारा 34 डिग्री या इससे अधिक ही रहा। 5 बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में सबसे ज्यादा 37.2 डिग्री, उज्जैन में 37 डिग्री, जबलपुर में 36.6 डिग्री, इंदौर में 36.8 डिग्री और भोपाल में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार बदली, इसलिए जल्दी गर्मी मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में हवा की दिशा उत्तर-पूर्व से अब पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है। वहीं, हवा में नमी बहुत कम है। साथ ही रेगिस्तानी इलाकों से मप्र पहुंचती है। यह अपने साथ गर्मी भी लाती है। मार्च में सर्दी-जुकाम, एलर्जी का खतरा डॉक्टरों‎ की मानें तो मार्च का यही मौसम ‎सबसे ज्यादा बीमारियां फैलाता है। दरअसल, इस महीने दिन में तो गर्मी बढ़ जाती है, लेकिन रात और सुबह हल्की ठंड रहती है। कई बार लोग दिन की गर्मी से बचने के लिए हल्के कपड़े पहन लेते हैं। वहीं, कोल्ड्रिंक्स समेत शीतल पेय पदार्थों का भी सेवन करते हैं। इससे सर्दी-जुकाम एलर्जी‎ और अस्थमा के मरीज बढ़ते हैं। ‎सुबह और देर रात ठंडी हवा से ‎बचना जरूरी है। खासकर बच्चों और ‎बुजुर्गों को।‎ मार्च के दूसरे सप्ताह में पड़ती है गर्मी प्रदेश में मार्च के दूसरे पखवाड़े में तेज गर्मी का ट्रेंड है। पिछले 10 साल में 15 मार्च के बाद ही तेज गर्मी पड़ी है, लेकिन इस बार ट्रेंड बदल गया है। दूसरे पखवाड़े की बजाय शुरुआत में ही पारे में उछाल आया है। 15 के बाद बदल सकता है मौसम मौसम विभाग ने 15 मार्च के बाद मौसम में बदलाव होने का अनुमान जताया है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से पूर्वी-दक्षिणी हिस्से में हल्की बूंदाबांदी और बादल छाए रह सकते हैं। मार्च के दूसरे सप्ताह में पड़ती है गर्मी प्रदेश में मार्च के दूसरे पखवाड़े में तेज गर्मी का ट्रेंड है। पिछले 10 साल में 15 मार्च के बाद ही तेज गर्मी पड़ी है, लेकिन इस बार ट्रेंड बदल गया है। दूसरे पखवाड़े की बजाय शुरुआत में ही पारे में उछाल आया है। मार्च में लू का असर नहीं, अप्रैल-मई में चलेगी मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अबकी बार अप्रैल और मई में हीट वेव यानी, लू चलेगी। 15 से 20 दिन तक लू चल सकती है, लेकिन मार्च में लू चलने का अलर्ट नहीं है। मार्च के शुरुआती दिनों में पारा बढ़ा हुआ है। मार्च में तीनों मौसम का असर मध्यप्रदेश में पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो मार्च महीने में रातें ठंडी और दिन गर्म रहते हैं। बारिश का ट्रेंड भी है। इस बार भी ऐसा ही मौसम है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है, जबकि रात में 10 से 17 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च में ग्वालियर में मौसम सबसे ज्यादा बदला हुआ रहता है। यहां रात में पारा 8 डिग्री तक पहुंच चुका है। जबलपुर में दिन में गर्मी और रात में ठंड रहती है। अप्रैल-मई सबसे ज्यादा गर्म रहेंगे मौसम विभाग ने इस साल अप्रैल और मई में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ने का अनुमान जताया है। इन दो महीने के अंदर ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग भी गर्म रहेंगे। फरवरी में 4 बार ओले-बारिश हुई इस बार फरवरी में मौसम का मिजाज चार बार बदला। शुरुआत में ही प्रदेश में दो बार ओले, बारिश और आंधी का दौर रह चुका है। इससे फसलों को खासा नुकसान हुआ था। इसके बाद सरकार ने प्रभावित फसलों का सर्वे भी कराया था। 18 फरवरी से तीसरी बार प्रदेश भीग गया है। 19, 20 और 21 फरवरी को भी असर रहा। फिर चौथी बार 23-24 फरवरी को भी ओले-बारिश का दौर रहा। MP के 5 बड़े शहरों में मार्च में मौसम का ऐसा ट्रेंड... भोपाल में दिन में तेज गर्मी के साथ बारिश भोपाल में मार्च महीने में दिन में तेज गर्मी पड़ने के साथ बारिश का ट्रेंड भी है। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च महीने में गर्मी के सीजन की शुरुआत हो जाती है। इसके चलते दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगती है। आंकड़ों पर नजर डालें तो 30 मार्च 2021 को अधिकतम तापमान रिकॉर्ड 41 डिग्री पहुंच चुका है। वहीं, 45 साल पहले 9 मार्च 1979 की रात में पारा 6.1 डिग्री दर्ज किया गया था। वर्ष 2014 से 2023 के बीच दो बार ही अधिकतम तापमान 36 डिग्री के आसपास रहा। बाकी सालों में पारा 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। इंदौर में 41.1 डिग्री तक पहुंच चुका पारा इंदौर में मार्च से गर्मी का असर तेज होने लगता है। यहां दिन का पारा 41.1 डिग्री तक पहुंच चुका है, जो 28 मार्च 1892 को दर्ज किया गया था। 4 मार्च 1898 को रात में पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक रहा था। 24 घंटे में करीब एक इंच बारिश होने का रिकॉर्ड है, जबकि पूरे महीने में दो इंच पानी गिर चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च में 2 से 3 दिन बारिश होती है। कभी-कभी धूल भरी हवा की रफ्तार भी तेज होती है। ग्वालियर में गर्मी, ठंड-बारिश का ट्रेंड मार्च महीने में ग्वालियर में गर्मी, ठंड और बारिश तीनों का ही ट्रेंड है। 31 मार्च 2022 को दिन का पारा रिकॉर्ड 41.8 डिग्री पहुंच गया था, जबकि 1 मार्च 1972 की रात में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री रिकॉर्ड हो चुका है। साल 2015 में पूरे महीने 5 इंच से ज्यादा पानी गिरा। वहीं, 12 मार्च 1915 को 24 घंटे में करीब 2 इंच बारिश हुई थी। जबलपुर में मार्च की रातें रहती हैं ठंडी जबलपुर में मार्च में भी रातें ठंडी रहती हैं। पारा औसत 15 डिग्री के आसपास ही रहता है। वहीं, दिन में 36 से 40 डिग्री के बीच तापमान दर्ज किया जाता है। 31 मार्च 2017 को दिन का पारा 41.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है, जबकि 4 मार्च 1898 में रात का तापमान 3.3 डिग्री दर्ज किया गया था। यहां मार्च में मावठा भी गिरता है। पिछले 10 में से 9 साल बारिश हो चुकी है। उज्जैन में दिन रहते हैं गर्म, 6 दिन बारिश का ट्रेंड भीउज्जैन में दिन गर्म रहते हैं। 22 मार्च 2010 को पारा रिकॉर्ड 42.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। वहीं, 1 मार्च 1971 की रात में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री रहा था। पिछले साल दिन में तापमान 36 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। उज्जैन में 2017 सबसे गर्म साल रहा था। मौसम विभाग के अनुसार, इस महीने बारिश भी होती है। एक दिन में पौने 2 इंच बारिश का रिकॉर्ड 17 मार्च 2013 का है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:05 am

बजट सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित:सरकारी सचेतक ने व्यवस्था पर ही उठाए सवाल,विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने जोगेश्वर गर्ग को चेताया

विधानसभा में बजट सत्र के अंतिम दिन प्रश्नकाल व शून्यकाल के दौरान पक्ष व विपक्ष के बीच कई बार हल्की नोक-झोंक चलती रही। यही नहीं, सत्ता और विपक्ष के विधायकों ने प्रश्नकाल के दौरान मंत्रियों से तीखे पूरक प्रश्न पूछे, मंत्रियों ने प्रश्नों पर जमकर जवाब दिया। जबकि स्पीकर वासुदेव देवनानी ने सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग को सीट पर बैठने की हिदायत दी। असल में चिकित्सा संबंधी एक प्रश्न के लिए स्पीकर देवनानी की ओर से कांग्रेस के गोविंद सिंह डोटासरा को पूरक प्रश्न पूछने का मौका दिया गया। जैसे ही डोटासरा खड़े हुए, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग भी खड़े हो गए और उन्होंने स्पीकर की व्यवस्था पर ही सवाल उठा दिए। इस पर स्पीकर ने कहा- मैंने अनुमति दी है। इस पर गर्ग फिर बोले - मुझे ऐतराज है। पिछले 7 साल से यह व्यवस्था चल रही है कि संबंधित प्रश्नकर्ता के अलावा केवल नेता प्रतिपक्ष को ही पूरक प्रश्न पूछने की अनुमति होती है। आप इनको क्यों अनुमति देते हैं। समझ में नहीं आ रहा। यह गलत है। इस पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली बोले- आसन की व्यवस्था है। पहले भी आसन की ही व्यवस्था थी और आज भी आसन की ही व्यवस्था है। विधानसभा में कार्रवाई शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधायक दल की बैठक ली। पटेल से बोले जूली- हर सवाल का एक ही जवाब देते हो विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कानून मंत्री जोगाराम पटेल और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के बीच नोकझोंक हो गई। बीजेपी विधायक आदूराम मेघवाल के चौहटन कोर्ट परिसर में वकीलों के लिए चैंबर और फरियादियों से जुड़ी सुविधाओं के सवाल पर कानून मंत्री ने जवाब दिया कि अभी कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। जितने केस आए उससे ज्यादा डिस्पोजल हुए हैं, पेंडेंसी कम हुई है। इस पर नेता प्रतिपक्ष जूली ने कहा ​कि हर सवाल का सेम जवाब, मंत्री तो ऐसा ही होना चाहिए। जिस भी विधायक ने कोर्ट खोलने पर सवाल लगाया उसे एक ही जवाब देते हैं, आप घोषणा पूरी करने की डेडलाइन नहीं बता रहे। इस पर पटेल ने हमला किया- हमारी पार्टी अपने ही प्रदेशाध्यक्ष को उन शब्दों से नहीं पुकारती जैसा आपके सीएम ने आपकी ही पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष को पुकारा था। इस पर स्पीकर वासुदेव देवनानी ने पटेल को टोकते हुए कहा- प्रश्नकाल में बहस नहीं कर सकते, मंत्री जी मैं कुछ कह रहा हूं आप बहस कर रहे हैं। आप दोनों के बीच अच्छी मित्रता है, लेकिन आज आखिरी दिन यहां प्रदर्शित मत करो। अध्यक्ष कुछ कहे तो उस पर भी ध्यान देना चाहिए। रामकेश ने आरएसएस का नाम लिया, हंगामाआमागढ़ किले पर आरएसएस के भगवा ध्वज फहराने के जिक्र पर हंगामा हो गया। रामकेश मीणा ने कहा कि मैंने आंदोलन किया। आमागढ़ पर आरएसएस का भगवा झंडा फहरा दिया था। मैं आमागढ़ और मंदिर के जीर्णोद्धार का सवाल पूछ रहा हूं। इस पर मंत्री संजय शर्मा बोले- रामकेश मीणा ने इसी सदन में खुद को हिंदू होने से इनकार किया था। यह सनातन के ध्वज को लेकर चलने वाली सरकार है। आमागढ़ तक रास्ता बनाएंगे। आमागढ़ में पिछली सरकार के दौरान मौजूदा मंत्री डॉ किरोड़ीलाल मीणा ध्वज फहराना चाहते थे लेकिन आपकी सरकार ने उन्हें रोक दिया था। कुंभलगढ़ व टॉडगढ़ रावली में नए सफारीवन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने बताया कि कुंभलगढ़ एवं टॉडगढ़-रावली अभयारण्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दो नए सफारी मार्ग प्रस्तावित हैं, जिनमें कालीघाट से भीलभेरी और फुलास से गोरम घाट शामिल हैं। यहां वर्तमान में कुंभलगढ़ अभयारण्य में 2 सफारी मार्ग बीड़ की भागल से आरेट का फाटक तथा रणकपुर से मुछाला महावीर-घाणेराव विद्यमान हैं। इसी प्रकार टॉडगढ़-रावली में भी प्लेनी से मोडिया रावली एवं गोमथड़ा से गोरम घाट तक 2 सफारी मार्ग हैं।’

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:05 am

दिग्विजय वाली सीट पर कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का रिस्क:पार्टी के अंदर टेंशन, 6 MLA टूटे तो हाथ से निकल सकती है राज्यसभा की सीट

एमपी में 19 जून को राज्यसभा की तीन सीटें खाली हो रहीं हैं। दो सीटों पर बीजेपी के डॉ.सुमेर सिंह सोलंकी और जॉर्ज कुरियन सांसद हैं। कांग्रेस की सीट से दिग्विजय सिंह सांसद हैं। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह राज्यसभा जाने को लेकर इनकार कर चुके हैं। दिग्विजय ने भास्कर से कहा था कि मैं अपनी सीट खाली कर रहा हूं। दिग्विजय के इनकार के बाद कांग्रेस के कब्जे वाली राज्यसभा सीट के लिए छोटे- बडे़ नेताओं को मिलाकर करीब दर्जन भर नेता दावेदारी कर रहे हैं। लेकिन, पार्टी के भीतर इस सीट को जीतने के लिए टेंशन का माहौल है। सबसे पहले जानिए कि कांग्रेस को क्यों रिस्क है कांग्रेस के एक सीनियर लीडर जो राज्यसभा की रेस में शामिल हैं वे कहते हैं- हमें तो इस बात का डर है कि कहीं हम ये सीट हार न जाएं। अगर 6 विधायक इधर से उधर हुए तो ये सीट हमारे हाथ से जा सकती है। क्योंकि, बीजेपी की ओर से विधायकों को अगले इलेक्शन की टिकट और अन्य कुछ ऑफर दिए जा रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष बोले: बीजेपी तोड़फोड का प्रयास करती है, लेकिन हम मजबूत हैं इस मामले पर हमने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से बात की तो उन्होंने कहा- भारतीय जनता पार्टी जब हर जगह तोड़फोड के प्रयास करती है। तो उन्हें वो प्रयास करने दीजिए। लेकिन, हम लोग सब मजबूत हैं। और राज्यसभा सीट कांग्रेस की रहेगी। बीजेपी ने कहा: हमारे पास पर्याप्त विधायकजबलपुर से बीजेपी विधायक अभिलाष पांडे ने कहा- भाजपा अपने काम पर विश्वास रखती है। और हमारे पास इतने ज्यादा नंबर हैं। कांग्रेस अपनी चिंता करे और खुद का आत्ममंथन करे। अभी हाईकोर्ट का भी एक निर्णय आया है। भाजपा के पर्याप्त विधायक हैं। बीजेपी अपनी थीम और अपने विचार पर काम करने वाला संगठन है। इस बार राज्यसभा की एक सीट जीतने 58 विधायकों की जरूरत इस बार राज्यसभा की तीन सीटों पर होने वाले चुनाव में 230 विधायकों के गणित पर चुनाव होगा। एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 58 वोटों की जरूरत होगी। विधानसभा में आंकड़ों के हिसाब से कांग्रेस के 65 विधायक हैं। इनमें बीना विधायक निर्मला सप्रे अब बीजेपी के साथ हैं। ऐसे में कांग्रेस के पास 64 विधायक बचते हैं। लेकिन, विजयपुर विधायक मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने शून्य कर दिया है। यदि मुकेश मल्होत्रा को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलती है। तो एक और वोट कम हो जाएगा। इस स्थिति में कांग्रेस के पास 63 विधायक बचेंगे। 5 MLA इधर से उधर हुए तो जा सकती है कांग्रेस की सीटकांग्रेस में अंदरूनी तौर पर यह चर्चा चल रही है कि यदि पांच विधायकों को बीजेपी अपने पाले में करने में कामयाब हो गई तो कांग्रेस के कब्जे वाली राज्यसभा सीट हार सकती है। वहीं, विधानसभा में बीजेपी के आंकड़ों के हिसाब से 164 विधायक हैं। बीना विधायक के समर्थन से विधायकों की संख्या 165 हो सकती है। बीएपी के एक मात्र विधायक कमलेश्वर डोडियार का मत भी महत्वपूर्ण होगा। कांग्रेस को आशंका है कि यदि उसके 6 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग कर दी तो सीट हाथ से जा सकती है। 2020 में 206 विधायकों पर हुआ था राज्यसभा का चुनाव 2022 के राष्ट्रपति चुनाव में जब द्रोपदी मुर्मू एनडीए की उम्मीदवार थीं, तब मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर क्रॉसवोटिंग देखने को मिली थी, जिसने कांग्रेस को चौंका दिया था। 2020 में जब एमपी की तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव हुआ था। उस वक्त ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ बीजेपी में गए 22 विधायकों और दो विधायकों के निधन के कारण कुल 24 सीटें खाली थीं। 206 सीटों के गणित पर हुए राज्यसभा चुनाव में एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 52 वोटों की जरूरत थी। दिग्विजय सिंह 57 वोट पाकर राज्यसभा सांसद चुने गए थे। राष्ट्रपति चुनाव में हो चुकी है क्रॉस वोटिंग उस समय मध्य प्रदेश विधानसभा में विधायकों की स्थिति और मतदान का परिणाम कुछ इस तरह था : विपक्ष (कांग्रेस + अन्य) की अपेक्षित संख्या: कांग्रेस के पास 96 विधायक थे। इसके अलावा बसपा (2), सपा (1) और निर्दलीयों (4) के समर्थन के साथ विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को करीब 103 वोट मिलने की उम्मीद थी। यशवंत सिन्हा को केवल 79 वोट मिले। क्रॉसवोटिंग की संख्या: आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश के लगभग 19 से 20 विधायकों ने अपनी पार्टी लाइन से हटकर द्रोपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया था। एक सीट के लिए जरूरी वोटों का फॉर्मुला दलित नेताओं में सज्जन और प्रदीप दावेदार कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने दिग्विजय सिंह को पत्र लिखकर अनुसूचित जाति वर्ग के किसी नेता को राज्यसभा भेजने की मांग की थी। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भी उनकी बात का समर्थन किया था। सज्जन सिंह वर्मा और प्रदीप अहिरवार दोनों ही नेता राज्यसभा के लिए ताकत लगा रहे हैं।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:05 am

समराला चौक पर ड्रिंक एंड ड्राइव के 6 चालान काटे

लुधियाना| समराला चौक पर पवन कुमार जॉन इंचार्ज के नेतृत्व में पुलिस द्वारा विशेष ड्रिंक एंड ड्राइव नाका लगाया गया। इस दौरान वाहनों की सघन जांच की गई और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। नाके के दौरान कुल छह चालान ड्रिंक एंड ड्राइव के किए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया है, ताकि शराब पीकर वाहन चलाने की घटनाओं को रोका जा सके।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:05 am

खंभे से गिरा कर्मचारी, दो दिन बाद मौत

लुधियाना| लुधियाना में बिजली विभाग के एक प्राइवेट कर्मचारी की हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान गीता नगर, ताजपुर निवासी प्रमोद कुमार (पुत्र अरुण कुमार) के रूप में हुई है। थाना डिवीजन-7 से जांच अधिकारी दविंदर सिंह के अनुसार प्रमोद कुमार बिजली विभाग में प्राइवेट कर्मचारी के तौर पर काम करता था। 8 मार्च को वह ताजपुर इलाके में बिजली के खंभे पर चढ़कर मरम्मत का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह खंभे से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां दो दिनों तक उसका इलाज चलता रहा। हालत गंभीर होने के कारण 10 मार्च की सुबह उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन-7 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:04 am

जेयू गजब है...:वरिष्ठता सूची में दो मृत व 14 रिटायर्ड प्रोफेसरों के नाम शामिल

जीवाजी यूनिवर्सिटी (जेयू) द्वारा जारी की गई सरकारी कॉलेजों के प्रोफेसरों की वर्ष 2026 की सीनियरिटी (वरिष्ठता) सूची में गंभीर लापरवाही सामने आई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऐसी सूची जारी कर दी, जिसमें कई दिवंगत और सेवानिवृत्त प्रोफेसरों के नाम दर्ज हैं। इस गलती से न केवल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। साथ ही विश्वविद्यालय की निर्णय प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न लग गया है। दरअसल, सीनियरिटी सूची के आधार पर ही प्रोफेसरों को बोर्ड ऑफ स्टडीज का चेयरमैन और डीन जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए प्रस्तावित किया जाता है। साथ ही एक्सपर्ट पैनल में शामिल किया जाता है। ऐसे में मृत या सेवानिवृत्त शिक्षकों के नाम बने रहने से पूरी प्रक्रिया पर असर पड़ सकता है। सीनियरिटी सूची तैयार करने की जिम्मेदारी विकास शाखा की होती है। सूची बनाने के लिए झलकारी बाई कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बीएल अहिरवार के नेतृत्व में नई कमेटी बनाई गई। इसमें प्रो. शांतिदेव सिसौदिया और प्रो. नवनीत गरुड़ शामिल थे। इन्होंने सूची को अंतिम रूप देने से पहले संबंधित कॉलेजों की जानकारी का ठीक से मिलान नहीं किया गया। इसी कारण मृत और सेवानिवृत्त प्रोफेसरों के नाम हटाए नहीं जा सके। नींद में जेयू प्रशासन... सूची में शामिल इन प्रोफेसरों का 5 व 7 साल पहले निधन सीधी बात - प्रो. राजकुमार आचार्य, कुलगुरु, जेयू कॉलेजों से अपडेट जानकारी नहीं मिली, इसलिए चूक सीनियरिटी लिस्ट आखिरी बार कब अपडेट की गई?- वर्ष 2026 की यह सूची नवंबर 2025 में जारी की गई थी। सूची में दिवंगत और रिटायर प्रोफेसरों के नाम कैसे रह गए?- कॉलेजों ने समय पर अपडेटेड सूची नहीं भेजी, इसलिए यह दिक्कत हुई। इस गलत सूची के आधार पर कोई निर्णय, यह कब सुधरेगी?- इस सूची के आधार पर कोई प्रशासनिक निर्णय नहीं लिया है। सभी कॉलेजों के प्राचार्यों से फिर से जानकारी मांगी है। जल्द सूची संशोधित करेंगे। ये जिम्मेदार... कुलसचिव के हस्ताक्षर से जारी हुई थी सूचीवरिष्ठता सूची तत्कालीन कुलसचिव डॉ. राकेश कुशवाह के हस्ताक्षर के बाद जारी हुई थी। शिक्षकों का कहना है जेयू प्रशासन को समय-समय पर समीक्षा कर सूची को अपडेट करना चाहिए था। विकास शाखा की अधीक्षक भारती बाथम से भी जवाब लिया जाना चाहिए।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:03 am

बजट सत्र का दूसरा फेज, तीसरा दिन:स्पीकर बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होगी; विपक्ष ने पक्षपात का आरोप लगाया था

संसद के बजट सत्र के दूसरे फेज का बुधवार को तीसरा दिन है। लोकसभा में आज भी स्पीकर ओम बिरला को हटाने के लिए विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा जारी रहेगी। इस पर चर्चा के लिए 10 घंटे का समय तय हुआ है, जिसमें मंगलवार को करीब 7 घंटे तक बहस हो चुकी है। मंगलवार को सत्र के दूसरे दिन विपक्षी सांसद ओम बिरला पर सदन की कार्यवाही में पक्षपात का आरोप लगाते हुए अविश्वास प्रस्ताव लाए थे। 50 से अधिक सांसदों के प्रस्ताव के समर्थन में वोट करने के बाद पीठासीन अधिकारी ने इसे सदन में पेश करने और चर्चा की मंजूरी दी थी। बहस की शुरुआत करते हुए कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि बजट सत्र के दौरान 20 बार नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को रोका-टोका गया। उन्हें बार बार रूलिंग बुक दिखाई गई। वहीं संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा- 15वीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष केवल 2 बार बोले। जब सेशन चलता है, तो विदेश चले जाते हैं। नेता प्रतिपक्ष अपनी बात बोल के सदन से भाग जाते हैं। किसी और की बात नहीं सुनते हैं। फिर कहते हैं कि मुझे बोलने नहीं दिया जाता है। संसद में मंगलवार को सवाल-जवाब लोकसभा के स्पीकर को हटाने की प्रक्रिया को जानिए... भारतीय संविधान का अनुच्छेद 94(c) लोकसभा को यह अधिकार देता है कि अगर सदन का बहुमत चाहे तो प्रस्ताव पास करके स्पीकर को पद से हटा सकता है। अनुच्छेद 94 (सी) के तहत लोकसभा स्पीकर को हटाने के लिए कम से कम 14 दिन पहले लिखित नोटिस देना जरूरी होता है। नोटिस लोकसभा के सेक्रेटरी जनरल को दिया जाता है। इसके बाद सदन में इस पर चर्चा और मतदान होता है, जिसके लिए साधारण बहुमत की जरूरत होती है। प्रस्ताव पर चर्चा और वोटिंग के दौरान स्पीकर सदन में लोकसभा सदस्य के तौर पर मौजूद रह सकते हैं, लेकिन खुद कार्यवाही की अध्यक्षता नहीं करते। उनकी जगह डिप्टी स्पीकर या अन्य सदस्य मौजूद सदन चलाते हैं। स्पीकर बिरला को हटाने का प्रस्ताव पास होना मुश्किल नियमों के अनुसार स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव लोकसभा में साधारण बहुमत से पारित होता है। मौजूदा लोकसभा में एनडीए के पास करीब 290 से अधिक सांसदों का समर्थन है, इसलिए प्रस्ताव पारित होना कठिन है। चर्चा के दौरान स्पीकर स्वयं सदन की अध्यक्षता नहीं करेंगे, लेकिन उन्हें अपना पक्ष रखने और मतदान करने का अधिकार होगा। सदन के दूसरे फेज के पिछले 2 दिन की कार्यवाही… 10 मार्च: गोगोई बोले- राहुल को 20 बार टोका गया; रिजिजू का जवाब- प्रियंका को नेता प्रतिपक्ष बनाते तो अच्छा होता कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने लोकसभा में कहा कि 2 फरवरी को नेता विपक्ष राहुल गांधी जब बोल रहे थे, तब उन्हें बार-बार रोका गया। स्पीकर सर ने उनके तर्क पर सबूत देने का कहा। 9 फरवरी को शशि थरूर जब बोल रहे थे, तब उनका माइक बंद कर दिया गया। इस पर संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रियंका को LoP बनाते तो कुछ अच्छा होता। देखिए प्रियंका हंस रही हैं। जो अच्छा व्यवहार करे तो उसकी सराहना करनी चाहिए। पूरी खबर पढ़ें… 9 मार्च: वेस्ट एशिया पर संकट जयशंकर बोले- हम शांति और बातचीत से समाधान के पक्ष में विदेश मंत्री ने सोमवार को पहले राज्यसभा में और फिर लोकसभा में गल्फ देशों से भारतीयों की वापसी और एनर्जी संकट को लेकर तैयारियों के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था कि इस समय ईरान की लीडरशिप से कॉन्टैक्ट मुश्किल है, लेकिन भारत शांति और बातचीत के पक्ष में है। पूरी खबर पढ़ें…

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:03 am

MP में 2 दिन से ठप कमर्शियल सिलेंडर की डिलीवरी:होटल-रेस्टोरेंट कारोबार, शादियों पर असर शुरू; कैर्ट्स बोले- ये इमरजेंसी जैसी स्थिति

ईरान-इजराइल युद्ध के असर से MP में पिछले 2 दिन से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई ठप है। इस वजह से सबसे ज्यादा संकट होटल-रेस्टोरेंट इंडस्ट्रीज पर आया है। वहीं, जिन घरों में शादी है, वे टेंशन में हैं। कैर्ट्स का कहना है कि ये इमरजेंसी जैसी स्थिति है। जिन घरों में शादी है, वे कैसे होंगी? अकेले भोपाल में ही अगले 20 दिन में 1 हजार से ज्यादा शादियां होना है। होटल, रेस्टोरेंट कारोबार और शादियों के अलावा सोना-चांदी आभूषण बनाने वाले कारीगरों और रेहड़ी पर भी संकट खड़ा हो गया है। भोपाल सराफा एसोसिएशन के नवनीत अग्रवाल ने बताया कि करीब 3 हजार कारीगरों को महीने में 3 सिलेंडर की जरूरत होती है। इस हिसाब से महीने में 9000 हजार सिलेंडर खरीदे जाते हैं। यानी, रोज औसत 300 सिलेंडर की जरूरत पड़ती है। 1 शादी का ही स्टॉक है, बाकी का क्या करेंगे? भोपाल के कैर्ट्स रामबाबू शर्मा ने बताया, यह इमरजेंसी जैसी स्थिति है। गैस सिलेंडर अनिवार्य वस्तुओं की श्रेणी में है। सबसे ज्यादा शादियां प्रभावित होंगी। यदि 500 लोगों की शादी पार्टी हो तो 10 कमर्शियल सिलेंडर लगते हैं। एक शादी के लिए तो स्टॉक है, लेकिन अगले चार बुकिंग में खाना कैसे बनेगा? इसकी टेंशन है। राजधानी में एक हजार कैर्ट्स हैं। इन सबके सामने यही संकट है। पहले ही महंगाई से जूझ रहेफेडरेशन ऑफ एमपी टेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रिंकू भटेजा ने बताया कि शादी पार्टी की बुकिंग कई महीने पहले से हो गई है। कमर्शियल सिलेंडर के रेट पिछले 2 महीने से बढ़ रहे हैं। पहले ही महंगाई से जूझ रहे हैं और अब सप्लाई का संकट खड़ा हो गया है। भोपाल में स्टॉक रखने वालों पर कार्रवाई होगीगैस सिलेंडर की सप्लाई ठप होने के बाद मंगलवार को भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने ऑयल कंपनी के अधिकारी, चैंबर ऑफ कॉमर्स, होटल इंडस्ट्रीज, गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों की बैठक की थी। इसमें गैस सिलेंडरों के वितरण, आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता, जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के संबंध में चर्चा की गई थी। कलेक्टर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को गैस वितरण व्यवस्था की सतत् निगरानी रखने, जमाखोरी और कालाबाजारी की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू सिलेंडरों को लेकर किसी भी प्रकार की घबराहट की स्थिति नहीं है। गैस वितरण कंपनी उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग के अनुसार नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध करा रही हैं। इस पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। कलेक्टर सिंह ने भोपाल के लोगों से कहा कि गैस सिलेंडर वितरण को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें। वहीं होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली ने कहा कि कमर्शियल सप्लाई ठप हो गई है। सप्लायर ने भी कह दिया है कि आगे से ही सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। होटल वाले क्या करें? कोयला या लकड़ी हम जला नहीं सकते। एक विकल्प इलेक्ट्रिक भी है, लेकिन आज तक इसकी जरूरत नहीं पड़ी। इसलिए होटल या रेस्टोरेंट में यह व्यवस्था नहीं है। अचानक कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई ठप करना परेशानी बढ़ाने वाला है। प्रदेश सरकार ने कहा- घबराने की जरूरत नहींइससे पहले मंगलवार को कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पेट्रोल-डीजल और गैस की उपलब्धता की निगरानी के निर्देश दिए। मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक है और घरेलू गैस की सप्लाई सामान्य है। सरकार ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचने और अधिकृत जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की। सिलेंडर सप्लाई संकट की दो बड़ी वजह 1. 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' का लगभग बंद होना भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' का बंद होना है। ये करीब 167 किमी लंबा जलमार्ग है, जो फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ता है। ईरान जंग के कारण यह रूट अब सुरक्षित नहीं रहा है। खतरे को देखते हुए कोई भी तेल टैंकर वहां से नहीं गुजर रहा। दुनिया के कुल पेट्रोलियम का 20% हिस्सा यहीं से गुजरता है। सऊदी अरब, इराक और कुवैत जैसे देश भी अपने निर्यात के लिए इसी पर निर्भर हैं। भारत अपनी जरूरत का 50% कच्चा तेल और 54% एलएनजी इसी रास्ते से मंगाता है। ईरान खुद इसी रूट से एक्सपोर्ट करता है। 2. प्लांट पर ड्रोन हमले से LNG का प्रोडक्शन रुका पिछले हफ्ते अमेरिका-इजराइल ने ईरान पर स्ट्राइक की थी। इसके जवाब में ईरान ने UAE, कतर, कुवैत और सऊदी जैसे देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है। ईरान के ड्रोन हमले के बाद भारत को गैस सप्लाई करने वाले सबसे बड़े देश कतर ने अपने LNG प्लांट का प्रोडक्शन रोक दिया है। इससे भारत में गैस की सप्लाई घट गई है। भारत अपनी जरूरत की 40% LNG (करीब 2.7 करोड़ टन सालाना) कतर से ही आयात करता है। संकट से निपटने केंद्र सरकार ने 5 जरूरी कदम उठाए 1. हाई-लेवल कमेटी बनाई: संकट को देखते हुए पेट्रोलियम मंत्रालय ने तीन तेल कंपनियों के कार्यकारी निदेशकों की एक हाई-लेवल कमेटी बनाई है, जो सप्लाई की समीक्षा करेगी। 2. एसेंशियल कमोडिटी एक्ट लागू: गैस की सप्लाई को कंट्रोल करने के लिए केंद्र सरकार ने देशभर में 'एसेंशियल कमोडिटी एक्ट 1955' लागू कर दिया है। 3. 25 दिन बाद होगी LPG बुकिंग: घरेलू सिलेंडर की बुकिंग के नियमों में बदलाव किया है। उपभोक्ता एक सिलेंडर डिलीवर होने के बाद दूसरा सिलेंडर 25 दिन बाद ही बुक होगा। 4. OTP और बायोमेट्रिक अनिवार्य: गैस की जमाखोरी रोकने के लिए डिलीवरी एजेंट OTP या बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन का सख्ती से इस्तेमाल कर रहे हैं। 5. LPG उत्पादन बढ़ाने का आदेश: सरकार ने सभी ऑयल रिफाइनरीज को LPG उत्पादन बढ़ाने का आदेश दिया है। इस एक्स्ट्रा उत्पादन का इस्तेमाल घरेलू गैस के लिए होगा।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:02 am

छोटा घर हो तो फर्नीचर का सही चुनाव करें, घर दिखेगा व्यवस्थित

हल्का और कॉम्पैक्ट डिजाइन चुनें : छोटे घर के लिए भारी और बड़े आकार का फर्नीचर सही नहीं माना जाता। इसके बजाय हल्के और कॉम्पैक्ट डिजाइन का फर्नीचर चुनना बेहतर होता है। पतले फ्रेम वाले सोफे, छोटी सेंटर टेबल और स्लिम स्टोरेज यूनिट कमरे को बड़ा दिखाने में मदद करते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार हल्के रंगों और सिंपल डिजाइन वाला फर्नीचर कमरे में भीड़भाड़ का एहसास कम करता है और घर ज्यादा खुला नजर आता है। दीवारों का स्मार्ट इस्तेमाल : कम जगह वाले घरों में दीवारों का उपयोग भी बहुत महत्वपूर्ण होता है। दीवार पर शेल्फ, हैंगिंग कैबिनेट या वॉल माउंटेड टीवी यूनिट लगाने से फर्श की जगह बचाई जा सकती है। इससे कमरे में चलने-फिरने के लिए पर्याप्त जगह मिलती है और घर ज्यादा व्यवस्थित दिखाई देता है। इंटीरियर डिजाइनर सलाह देते हैं कि दीवारों पर स्टोरेज बनाने से घर में सामान भी आसानी से व्यवस्थित रखा जा सकता है। फोल्डिंग और मूवेबल फर्नीचर : आजकल फोल्डिंग और आसानी से खिसकाए जा सकने वाले फर्नीचर का चलन भी बढ़ रहा है। फोल्डिंग चेयर, फोल्डिंग टेबल और हल्के स्टूल जरूरत के अनुसार इस्तेमाल किए जा सकते हैं और काम खत्म होने के बाद उन्हें आसानी से एक तरफ रखा जा सकता है। इससे कमरा साफ और खुला दिखाई देता है। ऐसे फर्नीचर छोटे घरों के लिए काफी उपयोगी माने जाते हैं। सही प्लानिंग से घर बनेगा आरामदायक : इंटीरियर विशेषज्ञों का मानना है कि छोटे घर को सुंदर और आरामदायक बनाने के लिए जरूरी है कि हर फर्नीचर सोच-समझकर खरीदा जाए। जरूरत से ज्यादा फर्नीचर रखने के बजाय केवल जरूरी और उपयोगी चीजें ही रखें। सही प्लानिंग, हल्के डिजाइन और मल्टीपर्पज फर्नीचर की मदद से छोटा घर भी बड़ा, व्यवस्थित और आरामदायक महसूस हो सकता है। भास्कर न्यूज़| लुधियाना बढ़ती शहरी आबादी और महंगी होती प्रॉपर्टी के कारण आजकल अधिकतर लोगों के घरों का आकार पहले की तुलना में छोटा हो गया है। फ्लैट और कॉम्पैक्ट घरों में जगह सीमित होने के कारण लोगों को हर चीज सोच-समझकर चुननी पड़ती है। ऐसे में फर्नीचर का सही चुनाव घर को व्यवस्थित और आरामदायक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इंटीरियर डिजाइन विशेषज्ञों का कहना है कि छोटे घर में हल्का, कॉम्पैक्ट और मल्टीपर्पज फर्नीचर सबसे अच्छा विकल्प होता है। इससे न केवल जगह की बचत होती है बल्कि घर भी साफ-सुथरा और खुला दिखाई देता है। आजकल बाजार में ऐसे कई आधुनिक फर्नीचर डिजाइन उपलब्ध हैं जो कम जगह में ज्यादा उपयोग की सुविधा देते हैं। सही योजना और थोड़ी क्रिएटिविटी के साथ छोटा घर भी आरामदायक और आकर्षक बनाया जा सकता है। छोटे घरों में मल्टीपर्पज फर्नीचर सबसे उपयोगी माना जाता है। उदाहरण के तौर पर सोफा-कम-बेड, स्टोरेज वाले बेड, फोल्डिंग डाइनिंग टेबल या दीवार से जुड़ी फोल्डिंग टेबल आजकल काफी लोकप्रिय हो रही हैं। इंटीरियर विशेषज्ञ बताते हैं कि ऐसे फर्नीचर एक ही समय में दो या तीन काम कर सकते हैं, जिससे घर में अतिरिक्त सामान रखने की जरूरत कम हो जाती है। इससे कमरे में खुलापन भी बना रहता है और जगह का बेहतर उपयोग हो पाता है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:02 am

गेम्स व डांस के साथ बिताए खुशी के पल

लुधियाना। डैजलिंग लेडीज ग्रुप की ओर से रंग-बिरंगी ड्रेस थीम के साथ विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लेते हुए महिला शक्ति और आत्मविश्वास का जश्न मनाया। इस अवसर पर ग्रुप की होस्ट और आयोजक गुरमीत कौर वालिया ने सभी सदस्यों का स्वागत किया और कार्यक्रम को यादगार बनाने में अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने रंग-बिरंगे परिधानों में पहुंचकर समारोह की रौनक बढ़ाई। इस थीम का उद्देश्य महिलाओं के जीवन में रंग, ऊर्जा और सकारात्मकता को दर्शाना था। सभी प्रतिभागियों ने एक-दूसरे के साथ खुशी के पल साझा किए और महिला दिवस की भावना को उत्साहपूर्वक मनाया। समारोह के दौरान कई मनोरंजक फन गेम्स आयोजित किए गए, जिनमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। खेलों के साथ-साथ संगीत और डांस ने कार्यक्रम का माहौल और भी जीवंत बना दिया। महिलाओं ने अपनी पसंदीदा धुनों पर डांस कर खूब आनंद लिया। इस दौरान हंसी-मजाक और उत्साह से भरा माहौल देखने को मिला, जिससे कार्यक्रम और भी खास बन गया। {महिलाओं के लिए यादगार अनुभव बन गया : गुरमीत कौर वालिया ने कहा कि महिला दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं बल्कि महिलाओं की उपलब्धियों और उनके आत्मविश्वास का सम्मान करने का अवसर है। ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, अपने विचार साझा करने और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। रंग-बिरंगी ड्रेस थीम, फन गेम्स और डांस के साथ यह समारोह महिलाओं के लिए यादगार अनुभव बन गया।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:01 am

कॉलेज में सजावटी मछली पालन प्रशिक्षण दिया

लुधियाना| गुरु अंगद देव वेटरनरी एवं एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी के फिशरीज कॉलेज द्वारा सजावटी मछली पालन, प्रजनन, बीज उत्पादन और एक्वेरियम निर्माण विषय पर 5-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं। डीन डॉ. डी अंसल ने बताया कि मछली प्रेमियों की बढ़ती संख्या के कारण सजावटी मछली पालन एक उभरता हुआ व्यवसाय बन रहा है, जिसे कम निवेश और कम स्थान में शुरू किया जा सकता है। कोर्स संयोजक डॉ विनीत इंदर कौर ने कहा कि प्रशिक्षण में मछलियों के पालन, प्रजनन, बीज उत्पादन और एक्वेरियम निर्माण की तकनीकी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किए गए, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक ज्ञान मिला।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:00 am

भास्कर अपडेट्स:₹50 हजार तक डिजिटल ठगी में 85% तक मुआवजा मिलेगा, आरबीआई ने नया ड्राफ्ट जारी किया

आरबीआई ने इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग धोखाधड़ी के मामले में राहत के लिए नया ड्राफ्ट जारी किया है। ये नियम ऑनलाइन और कार्ड-आधारित पेमेंट, दोनों पर 1 जुलाई, 2026 से लागू होंगे करने का प्रस्ताव है। आरबीआई ने ₹50 हजार तक की ऑनलाइन ठगी के लिए नया मुआवजा तंत्र का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत नुकसान का 85% या अधिकतम ₹25 हजार (जो भी कम हो) वापस मिलेगा। यह सुविधा जीवन में सिर्फ एक बार मिलेगी। शर्त यह है कि नुकसान वास्तविक साबित हो और घटना के 5 दिन के भीतर बैंक व साइबर क्राइम हेल्पलाइन (1930) पर शिकायत दर्ज कराई गई हो। 65% बोझ रिजर्व बैंक, 10% ग्राहक का बैंक और 10% लाभार्थी बैंक उठाएगा। बैंक की चूक से हुई ठगी पर ग्राहक की जीरो लायबिलिटी होगी और पूरा ट्रांजैक्शन रिवर्स किया जाएगा। चाहे ग्राहक ने शिकायत की हो या नहीं। 500 से अधिक के हर इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजैक्शन पर बैंक के लिए तुरंत एसएमएस अलर्ट भेजना अनिवार्य होगा। जहां ग्राहक ने ईमेल पता दिया हो, वहां ईमेल अलर्ट भी भेजना होगा। ये अलर्ट इन-एप नोटिफिकेशन के अतिरिक्त होंगे। ड्राफ्ट नियमों में ग्राहक की लापरवाही को स्पष्ट परिभाषित किया गया है। मसलन ओटीपी, पासवर्ड या पिन किसी को बताना, बैंक की स्पष्ट चेतावनी नजरअंदाज करना, पिन को कार्ड के साथ लिखकर रखना या मैलिशियस एप डाउनलोड करना।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:00 am

आधुनिक नारी की शक्ति व आत्मनिर्भरता का जश्न

लुधियाना। महिला शक्ति, नेतृत्व और आत्मविश्वास का उत्सव मनाते हुए गुंजीत रुचि कौर बावा की ओर से विशेष महिला दिवस मिलन समारोह आयोजित किया गया। ‘बॉस लेडी’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रेरणादायी महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान सभी महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ अपने अनुभव साझा किए और आधुनिक नारी की शक्ति, आत्मनिर्भरता और संघर्षशीलता का जश्न मनाया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को नेतृत्व के लिए प्रोत्साहित करना और उनके आत्मविश्वास को और मजबूत बनाना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस तरह उन्होंने चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी पहचान बनाई। इस दौरान महिलाओं के बीच सकारात्मक संवाद हुआ और एक-दूसरे को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में आस एहसास एनजीओ से नेहा ने भी उपस्थित महिलाओं से बातचीत की और संगठन द्वारा महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से समाजसेवा और सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की। इस अवसर पर पंजाब चाइल्ड राइट्स कमीशन की वाइस चेयरपर्सन गुंजीत रुचि कौर बावा ने कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को उनके योगदान और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के लिए सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हर महिला के भीतर नेतृत्व करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता होती है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:00 am

जिसे 15 साल बेटी समझा...एशियन-गेम्स में पता चला बेटा है:भोपाल एम्स में सर्जरी कर निकाले अंडकोष; हर माह हो रहीं ऐसी 10 सर्जरी

मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव में आदिवासी परिवार में जन्मी एक बच्ची को परिवार ने 15 साल तक बेटी की तरह पाला-पोसा। वह पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी आगे रही और प्रतिभा के दम पर 2023 के एशियन गेम्स तक पहुंच गई, लेकिन वहां हुए एक ब्लड टेस्ट ने उसकी पूरी जिंदगी बदल दी। रिपोर्ट में सामने आया कि उसके शरीर में महिलाओं की तुलना में काफी अधिक टेस्टोस्टेरोन हार्मोन है। आगे की जांच में उसके क्रोमोसोम पुरुषों जैसे मिले। शरीर के अंदर अंडकोष भी मौजूद था। इस सच्चाई ने परिवार और बच्ची दोनों को सदमे में डाल दिया। वे कई जगह इलाज की कोशिशों के बाद जब एम्स भोपाल पहुंचे। डॉक्टरों की टीम ने विस्तृत जांच और काउंसलिंग के बाद जटिल सर्जरी की। शरीर में मौजूद अंडकोष और अविकसित पुरुष अंग को निकाल दिया। अब वह पूरी तरह महिला के रूप में सामान्य जीवन जी रही है। एम्स में ऐसे कई मामलों का इलाज ट्रांसजेंडर क्लीनिक के जरिए किया जा रहा है। जन्म हुआ तक डॉक्टरों ने भी बेटी बताकर सौंपा था एम्स के डॉक्टरों को परिजनों ने बताया कि रश्मि (बदला हुआ नाम) का जन्म सामान्य प्रसव से हुआ था। तब डॉक्टर्स ने भी उसे बेटी ही बताया था। हमने उसकी परवरिश भी लड़कियों की तरह ही की है। एशियन गेम्स में उसे खेलने से रोक दिया गया था। जिसके बाद से न केवल रश्मि बल्कि उसका पूरा परिवार लंबे समय तक परेशान रहा। कई डॉक्टरों को दिखाया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं मिला। बाद में उन्हें एम्स भोपाल के विशेष ट्रांसजेंडर क्लीनिक के बारे में जानकारी मिली। एम्स में विस्तृत जांच के दौरान पता चला कि शरीर की बाहरी बनावट पूरी तरह महिला जैसी है, लेकिन क्रोमोसोम XY हैं, जो सामान्यतः पुरुषों में पाए जाते हैं। एमआरआई जांच में यह भी सामने आया कि पेट के निचले हिस्से में, जहां महिलाओं में ओवरी होती हैं, वहां दो छोटे अंडकोष मौजूद थे। यही मौजूद अंडकोष टेस्टोस्टेरोन हार्मोन का निर्माण कर रहे थे। परिवार की सहमति से लिया गया बड़ा फैसला जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्ची और उसके परिवार की विस्तृत काउंसलिंग की। उन्हें यह समझाया गया कि वह चाहें तो पुरुष या महिला के रूप में जीवन चुन सकती हैं। काफी सोच-विचार के बाद बच्ची और उसके परिवार ने महिला के रूप में ही जीवन जारी रखने का निर्णय लिया। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने सर्जरी की विस्तृत योजना तैयार की। चार विभागों की टीम ने की जटिल सर्जरी इस जटिल सर्जरी के लिए स्त्री रोग, मनोचिकित्सा, बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी और यूरोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की संयुक्त टीम बनाई गई। दो चरणों में सर्जरी की गई। पहले चरण में शरीर में विकसित हुए छोटे पुरुष अंग को माइक्रो प्लास्टिक सर्जरी तकनीक से हटाया गया। इस प्रक्रिया में केवल उसके ऊपरी हिस्से और उससे जुड़ी नसों को सुरक्षित रखा गया, ताकि भविष्य में संवेदनशीलता बनी रहे। जो आमतौर पर फिजिकल रिलेशन के दौरान एक व्यक्ति महसूस करता है। वहीं, दूसरे चरण में पेट के अंदर मौजूद अविकसित अंडकोष को भी निकाल दिया गया। नहीं रहती है मां बनने की संभावना डॉक्टरों ने परिवार को पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि ऐसे केस में शरीर में गर्भाशय मौजूद नहीं होता है, इसलिए मरीज भविष्य में मां नहीं बन सकेगी। फिलहाल सर्जरी के बाद वह पूरी तरह स्वस्थ है और नियमित फॉलोअप के लिए एम्स भोपाल के संपर्क में है। डॉक्टरों के अनुसार अब वह पूरी तरह महिला के रूप में सामान्य जीवन जी सकती है। हर महीने हो रही 10 से ज्यादा सर्जरी एम्स भोपाल के बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अभिनव सिंह के अनुसार ऐसे मामलों के लिए यहां विशेष ट्रांसजेंडर क्लीनिक संचालित किया जा रहा है। हर महीने बड़ी संख्या में मरीज यहां परामर्श के लिए पहुंचते हैं, लेकिन इनमें से लगभग 10 से 12 मरीजों की ही सर्जरी हो पाती है। इन मामलों में करीब 60 प्रतिशत केस मेल से फीमेल और लगभग 40 प्रतिशत फीमेल से मेल परिवर्तन के होते हैं। यह अनुपात समय के साथ बदल भी सकता है। डॉ. सिंह के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में ऐसे मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसका मुख्य कारण लोगों में बढ़ती जागरूकता और एम्स भोपाल के प्रति भरोसा है। सर्जरी के साथ काउंसलिंग भी जरूरी एम्स भोपाल में केवल सर्जरी ही नहीं की जाती, बल्कि मरीजों और उनके परिवार की विस्तृत काउंसलिंग भी की जाती है। डॉक्टर उन्हें अपनी स्थिति को समझने और स्वीकार करने में मदद करते हैं। इसके साथ ही हार्मोन थेरेपी के जरिए शरीर को अंदर से चुनी गई पहचान के अनुरूप विकसित किया जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सही समय पर जांच, उपचार और सामाजिक समर्थन मिलने से ऐसे मरीज सामान्य और सम्मानजनक जीवन जी सकते हैं। यह खबर भी पढ़ें… 23 लाख महिलाओं को स्तन कैंसर, मौतें- 7.64 लाख दुनिया भर में स्तन कैंसर महिलाओं के लिए सबसे बड़ी स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक बनता जा रहा है। साल 2023 में विश्वभर में करीब 23 लाख महिलाओं में स्तन कैंसर के नए मामले सामने आए और इनमें से 7.64 लाख महिलाओं की मौत हो गई। पूरी खबर यहां पढ़ें...

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:00 am

चंडीगढ़ निगम 116 करोड़ घोटाला, अधिकारियों की जांच की मांग:कांग्रेस–बचाने में लगे अधिकारी, मेयर–एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी, स्मार्ट सिटी फंड एफडी फर्जी

चंडीगढ़ नगर निगम में स्मार्ट सिटी फंड से जुड़े लगभग 116.84 करोड़ रुपये के घोटाले के मामले में राजनीति गर्माती जा रही है। चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष एचएस लकी ने कहा कि करोड़ों का घोटाला कोई छोटा कर्मचारी नहीं कर सकता, जब तक उसके पीछे किसी बड़े अधिकारी का हाथ न हो। इसलिए इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि इस करोड़ों के घोटाले में शामिल बड़े अधिकारियों की भूमिका सामने आ सके। वहीं मेयर सौरभ जोशी भी एक्शन में आ गए हैं। उन्होंने कमिश्नर अमित कुमार से पूरे मामले की जल्द एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी है। आरोप है कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के खाते से निकाली गई 116.84 करोड़ रुपये की राशि को 11 फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) के रूप में दिखाया गया, लेकिन बाद में जांच में ये सभी एफडी फर्जी पाई गईं। गिरफ्तारी के बाद होंगे खुलासे चंडीगढ़ पुलिस ने नगर निगम के 116.84 करोड़ रुपये के घोटाले के मामले में आर्थिक अपराध शाखा द्वारा नगर निगम में आउटसोर्स पर रखे गए अकाउंटेंट अनुभव मिश्रा और आईडीएफसी सेक्टर-32 के पूर्व मैनेजर रिभव ऋषि के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें से एक आरोपी रिभव ऋषि को, जो हरियाणा के सरकारी विभागों के बैंक खातों में हुए 590 करोड़ रुपये के मामले में भी गिरफ्तार किया जा चुका है, पुलिस जल्द हरियाणा से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आएगी। वहीं दूसरा आरोपी अनुभव मिश्रा फरार है और उसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। किसके संपर्क में था आरोपी चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लकी ने आरोप लगाया कि जिन लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है, उनके मोबाइल फोन की एक साल की कॉल डिटेल निकाली जानी चाहिए। इसके अलावा उनके व्हाट्सएप मैसेज की भी पूरी जांच होनी चाहिए, ताकि पता चल सके कि आरोपी किन-किन लोगों के संपर्क में था। उनका कहना है कि इतना बड़ा घोटाला निचले स्तर का अधिकारी नहीं कर सकता, इसलिए इसमें जिन अधिकारियों की भूमिका है, उनके नाम भी सामने आने चाहिए। संबधित अधिकारियों के मांगे नाम मेयर सौरभ जोशी ने कहा जनता के पैसे से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, 116.84 करोड़ के फिक्स्ड डिपॉजिट मामले की तुरंत जांच के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम कमिशनर से पूरे मामले की विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) मांगी गई है। मार्च–अप्रैल 2025 के दौरान सीएससीएल के बैंक खातों की निगरानी करने वाले अधिकारियों की पहचान कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। चंडीगढ़ पुलिस / इकोनॉमिक ऑफेंस विंग इस मामले की जांच कर रही है और सभी संबंधित अधिकारियों को सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएससीएल के सभी बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन का स्वतंत्र एजेंसी से फॉरेंसिक ऑडिट कराने की सिफारिश की गई है। किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही या संलिप्तता सामने आने पर कड़ी विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम आयुक्त को पांच कार्य दिवस के भीतर विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। जनता का विश्वास बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के बाद सामने आया जानकारी के अनुसार जनवरी 2026 में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का कार्यकाल समाप्त हो गया था। उस समय परियोजना के खाते में लगभग 116.84 करोड़ रुपये शेष थे। इसके बाद अधिकारियों ने निर्णय लिया कि स्मार्ट सिटी का बचा हुआ पैसा नगर निगम चंडीगढ़ के खाते में ट्रांसफर किया जाए। बताया गया कि बाद में इस राशि की एफडी कराने की बात कही गई और लगभग 116.84 करोड़ रुपये की 11 एफडी बनाकर नगर निगम के अकाउंट ब्रांच में जमा दिखा दी गईं। लंबे समय तक इन एफडी की कोई विस्तृत जांच नहीं हुई और मामला फाइलों तक ही सीमित रहा। कमिशनर बोले ब्याज समेत मिले पैसे नगर निगम कमिशनर अमित कुमार ने कहा निगम को ब्याज सहित 121 करोड़ रुपये वापस मिल चुके हैं। बैंकों में लेनदेन के पूरे रिकॉर्ड की जांच की गई है। इसके बाद कुछ खामियां भी सामने आईं। साथ ही अकाउंट ब्रांच के कर्मी की संदिग्ध भूमिका को देखते हुए पूरे मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है और पुलिस जांच में सब सामने आ जाएगा। विकास वधावा का नाम भी चर्चा में सूत्रों से पता चला है कि आईडीएफसी बैंक से जुड़े घोटाले में पहले भी चर्चा में रहे विकास वधावा का नाम इस मामले में भी सामने आ रहा है। बताया जाता है कि उसका सेक्टर-17 स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय और नगर निगम कार्यालय में अक्सर आना-जाना था और वह अधिकारियों से मुलाकात करता रहता था। पुलिस के पास इस संबंध में कुछ जानकारी होने की बात कही जा रही है और उससे पूछताछ की संभावना भी जताई जा रही है। आउटसोर्स कर्मचारी के गायब होने पर खुलासा बताया जा रहा है कि बैंक की नीति के तहत आईडीएफसी बैंक ने नगर निगम को इस राशि की भरपाई कर दी है। इससे पहले हरियाणा में सामने आए घोटाले के बाद भी बैंक ने ग्राहकों का भरोसा बनाए रखने के लिए भुगतान किया था। हालांकि इस मामले में बैंक और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका को लेकर जांच जारी है। हरियाणा में आईडीएफसी बैंक घोटाले का मामला सामने आने के बाद स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में कार्यरत एक आउटसोर्स कर्मचारी अभिनव अचानक गायब हो गया। इसके बाद संदेह होने पर जांच शुरू की गई तो सामने आया कि 116.84 करोड़ रुपये की 11 एफडी फर्जी हैं। अब जांच में यह सवाल भी उठ रहा है कि नगर निगम के अकाउंट से जुड़ी जानकारी और पासवर्ड आउटसोर्स कर्मचारी तक कैसे पहुंचे। 116.84 करोड़ के घोटाले पर कांग्रेस का हमला इस मामले को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एचएस लकी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लगभग 108 करोड़ रुपये से जुड़ी यह अनियमितता बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उनका कहना है कि यदि स्मार्ट सिटी लिमिटेड के खाते से नगर निगम चंडीगढ़ को मिलने वाली राशि में इस प्रकार की गड़बड़ी हुई है, तो यह प्रशासनिक तंत्र की गंभीर विफलता को दर्शाता है। लकी ने कहा कि नगर निगम पहले से आर्थिक तंगी से जूझ रहा है और कर्मचारियों के वेतन देने तक के लिए संसाधनों की कमी है। ऐसे समय में इतनी बड़ी राशि से जुड़ा मामला सामने आना बेहद हैरान करने वाला है। उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है और कहा कि जो भी अधिकारी या व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:00 am

हरियाणा के IAS अधिकारियों पर हाथ डालने बच रही ACB:बैंकिंग फ्रॉड में 6 के नाम आए, अभी नहीं मांगी है जांच की परमिशन

हरियाणा के सरकारी विभागों के साथ हुए 590 करोड़ के बैंक फ्रॉड में ACB अभी IAS अधिकारियों पर हाथ डालने से अभी परहेज कर रही है। एसीबी के द्वारा अभी तक इन आईएएस के खिलाफ जांच के लिए प्रदेश सरकार से परमिशन नहीं मांगी गई है। बैंक फ्रॉड में एसीबी अभी तक 10 गिरफ्तारियां प्रदेश व पंजाब में कर चुकी है। जिसमें IDFC बैंक के चार कर्मचारी, मास्टरमाइंड सहित 2 पूर्व कर्मचारी, स्वास्तिक देश कंपनी की मुखिया व उसका भाई तथा पंचायती राज के सुपरिडेंट सहित एक अन्य प्राइवेट व्यक्ति की गिरफ्तारी शामिल हैं। एसीबी के अधिकारी चाहते हैं कि पहले हर छोटे कर्मचारी और प्राइवेट व्यक्ति को केस में गिरफ्तार कर लिया जाए। उसके बाद आईएएस अधिकारियों से निपटा जाए। क्योंकि आईएएस अधिकारियों के पीछे लगते ही केस में दबाव बनना शुरू हो जाएगा। अभी 6 लोगों की ओर होंगी गिरफ्तारियां एसीबी के सूत्रों की मानें तो पंचायती राज विभाग के अलावा अन्य विभागों व प्राइवेट व्यक्तियों की गिरफ्तारियां होनी हैं। 6 ऐसे लोग शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए एसीबी लगातार प्रयास कर रही है लेकिन वो हाथ नहीं आ रहे हैं। बिजनेसमैन विक्रम वधवा को लेकर तो कयास लगाए जा रहे हैं कि वो देश छोड़कर जा चुका है। 2 लोगों को रिमांड आज होगा खत्म एसीबी की टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए अनुज व प्रियंका को एक दिन के रिमांड पर लिया गया था। जिनका रिमांड आज खत्म होगा। रिमांड खत्म होने के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। अभी तक गिरफ्तार किए गए 10 लोगों में से 8 न्यायिक हिरासत भेजे जा चुके हैं। अब जानिए फ्रॉड में किसकी क्या भूमिका… बैंक मैनेजर रिभव ऋषि : ACB सूत्रों के मुताबिक चंडीगढ़ के सेक्टर-32 की IDFC बैंक का मैनेजर रिभव ऋषि पूरी सूत्रधार है। जिसने रिलेशनशिप मैनेजर के साथ मिलकर फ्रॉड किया। 6 महीने पहले आरोपी ने बैंक की नौकरी छोड़ दी थी। अभय, रिलेशनशिप मैनेजर: चंडीगढ़ के सेक्टर-32 की IDFC बैंक का रिलेशनशिप मैनेजर रहा, जिसने रिभव ऋषि की बनाई योजना पर काम करते हुए अपनी पत्नी स्वाति सिंगला और साले अभिषेक को भी शामिल कर लिया। अधिकारियों के पास जाकर अपनी ब्रांच में एफडी बनवाने के लिए लॉइजनिंग का काम करता था। स्वाति सिंगला, फर्जी कंपनी की मालकिन: स्वाति सिंगला ने एक स्वास्तिक देश प्रोजेक्ट के नाम से कंपनी बनाई। जिसमें वह 75 प्रतिशत की शेयर होल्डर है। पति अभय के कहने पर कंपनी बनाकर फंड को दूसरे अकाउंट में भेजा गया, जहां से प्रॉपर्टी और शेयर मार्केटिंग में हिस्सा लिया गया। अभिषेक सिंगला, स्वाति का भाई: स्वास्तिक देश कंपनी में अभिषेक सिंगला की 25 प्रतिशत हिस्सेदारी है। अभिषेक स्वाति सिंगला का भाई और अभय का साला है। फर्जी कंपनी में हिस्सेदारी के साथ-साथ फंड को रियल एस्टेट में लगाने और वहां से निकालने के जिम्मा अभिषेक संभालता था।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:00 am

'मम्मी-चाचू आखिरी बार देख लो, शायद फिर न दिखूं':फरीदाबाद की पायलट बोलीं- अचानक UAE से भारतीयों को रेस्क्यू के ऑर्डर हुए, हम 6 महिलाएं थीं

हरियाणा में फरीदाबाद की रहने वाली पायलट दीपिका अधाना ने अमेरिका-इजराइल और ईरान की जंग के बीच UAE से 169 भारतीयों को रेस्क्यू किया था। 6 मार्च को दीपिका ने UAE जाने से पहले परिवार को कहा- मम्मी-चाचू मुझे आखिरी बार देख लो, शायद फिर देख न पाओ एअर इंडिया एक्सप्रेस की पायलट दीपिका अधाना ने दैनिक भास्कर एप की टीम से बातचीत में बताया कि जब मैंने परिवार को वॉर जोन में जाने की बात कही थी तो उन्होंने मुझे रोकने की बजाय हिम्मत से काम लेने की बात कही। 6 मार्च को मेरी दोस्त को इस फ्लाइट में जाना था। सुबह अचानक मेरे UAE जाने के ऑर्डर हुए। फ्लाइट में हम 6 महिलाएं थीं। वापसी के समय कुछ देर के लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया था। थोड़ी देर बाद नेटवर्क ठीक हो गया। जिसके बाद हम दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट लैंड हुए। दीपिका ने बताई 6 मार्च को UAE जाने की कहानी… सुबह 10 बजे UAE जाने का ऑर्डर मिला दीपिका अधाना ने कहा कि 6 मार्च की सुबह सवा 10 बजे मुझे रेस्क्यू अभियान के तहत UAE के रास अल खैमाह एयरपोर्ट जाने का आदेश मिला। फ्लाइट में 6 महिलाएं थीं, जिनमें कैप्टन जसविंदर कौर, पायलट दीपिका अधाना और चार महिला क्रू मेंबर शामिल थीं। युद्ध के चलते सभी क्रू मेंबर के मन में कुछ डर जरूर था, लेकिन उन्हें सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाया गया था। इसलिए वे सामान्य दिनों की तरह ही फ्लाइट लेकर पहुंचे। एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क नहीं हुआ दीपिका ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे रास अल खैमाह एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। एयरपोर्ट पर लोगों की संख्या जरूर कम थी, लेकिन किसी प्रकार का कोई पैनिक नहीं था। करीब एक घंटे बाद 169 यात्रियों को विमान में बैठाया गया और दोपहर साढ़े 3 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी। जब विमान UAE से उड़ान भर रहा था, उसी दौरान कुछ समय के लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क बाधित हो गया। कुछ समय बाद नेटवर्क पूरी तरह से ठीक हो गया। पायलट दोस्त जाने वाली थी उन्होंने बताया कि दिल्ली पहुंचने के बाद कई यात्रियों ने विमान से उतरते समय हमें धन्यवाद कहा। जिस फ्लाइट से लोगों को रेस्क्यू करके लाया गया, पहले मैं उसका हिस्सा नहीं थीं। मेरी एक पायलट दोस्त जाने वाली थी, लेकिन फ्लाइट से दो घंटे पहले मुझे उस फ्लाइट में जाने का निर्देश दिया गया, जिसके बाद मैं अपनी टीम के साथ UAE रवाना हुई। अब दीपिका अधाना के बारे में जानिए…. दादा की इच्छा पर बनी पायलट 23 साल की दीपिका मूल रूप से फरीदाबाद के तिगांव विधानसभा क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनके पिता योगेश अधाना आर्किटेक्ट हैं और मां बबली अधाना हाउस वाइफ हैं। दीपिका के बड़े भाई बैंकिंग सेक्टर में मुंबई में काम करते हैं। दीपिका ने बताया कि मेरे स्वर्गीय दादा अमृत सिंह अधाना की इच्छा थी कि मैं पायलट बनूं, इसलिए मैंने इस पेशे को चुना। इसमें परिवार के लोगों ने मेरा पूरा साथ दिया। बल्लभगढ़ से स्कूलिंग, 2021 में लाइसेंस मिला दीपिका ने बताया कि साल 2020 में मैंने बल्लभगढ़ के सेक्टर 3 स्थित टैगोर स्कूल से 12वीं पूरी की। दिल्ली से कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) के लिए तैयारी शुरू की, लेकिन कोरोना के कारण उन्हें 1 साल घर से पढ़ाई करनी पड़ी। 2021 में कमर्शियल पायलट लाइसेंस मिल गया। साल 2022 में फ्लाइट ट्रेनिंग के लिए मध्य प्रदेश के रीवा में फाल्कन एविएशन एकेडमी चली गई। वहां पर मैंने 200 घंटे की उड़ान पूरी की। ग्रीस और इस्तांबुल से टाइप रेटिंग उन्होंने बताया कि साल 2023 में टाइप रेटिंग लाइसेंस एंडोर्समेंट के लिए ग्रीस और इस्तांबुल चली गई, जहां पर मैंने एयरबस A320 से उड़ान भरी। CPL ट्रेनिंग छोटे विमानों पर होती है, लेकिन एयरलाइंस के पास बड़े और जटिल जेट होते हैं। टाइप रेटिंग यह सुनिश्चित करती है कि पायलट को उस खास एयरक्राफ्ट के सिस्टम, उड़ने की क्षमता और सुरक्षा प्रक्रियाओं का पूरा ज्ञान है। इसके बिना वे एयरलाइंस में पैसेंजर एयरक्राफ्ट नहीं उड़ा सकते। एअर इंडिया एक्सप्रेस में पहली जॉइनिंग दीपिका ने बताया कि सितंबर 2023 में मैंने एअर इंडिया एक्सप्रेस एयरलाइंस में रिटर्न और इंटरव्यू दोनों पास कर लिए, जिसके बाद अप्रैल 2024 में मैंने इस एयरलाइंस में पहली जॉइनिंग मिली। अभी भी मैं एअर इंडिया एक्सप्रेस एयरलाइंस के साथ ही काम कर रही हूं।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:00 am

गुरुग्राम सिग्नेचर सोसाइटी हादसे की रिपोर्ट में बड़े खुलासे:मिट्‌टी ढही, फिर भी काम जारी रखा; बिना सेफ्टी इंतजाम रात में लगे रहे मजदूर

हरियाणा के गुरुग्राम में 135 एकड़ में बसाई जा रही सिग्नेचर ग्लोबल सिटी ऑफ कलर्स सोसाइटी में 7 मजदूरों की मौत के बाद की गई जांच में कई हैरान करने वाले खुलासे हुए हैं। लेबर डिपार्टमेंट के असिस्टेंट डायरेक्टर सुमित कुमार और मानेसर SDM दर्शन यादव ने निरीक्षण के बाद अलग-अलग रिपोर्ट दी हैं। लेबर डिपार्टमेंट की रिपोर्ट में जिक्र है कि साइट पर रात के समय भी मजदूर काम कर रहे थे, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे। STP प्लांट की खुदाई के लिए बिना किसी रिटेंशन वॉल, पाइलिंग, ब्रेसिंग या शोरिंग के ही 30 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा खोदा गया। मिट्टी की दीवारें कच्ची थीं, कोई सपोर्ट सिस्टम नहीं था। कच्ची दीवार का काफी हिस्सा हादसे से पहले गिर चुका था, लेकिन बिल्डर और ठेकेदार ने काम नहीं रुकवाया। DC अजय कुमार ने मानेसर SDM दर्शन यादव की अगुआई में चार सदस्यीय कमेटी बनाई है, जिसे जांच करके एक हफ्ते में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने कंपनी और कॉन्ट्रेक्टर कंपनी समेत छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। असिस्टेंट डायरेक्टर की रिपोर्ट में 6 बड़ी खामियों का जिक्र… 9 मार्च की शाम 7 बजे हुए हादसा 9 मार्च की शाम 7 बजे ग्लोबल सिग्ननेचर सोसाइटी में STP प्लांट के निर्माण कार्य के दौरान मिट्‌टी खिसक गई थी। हादसे में 7 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। बिलासपुर थाना पुलिस ने मृतक सुपरवाइजर सतीश यादव के भाई की शिकायत पर 6 लोगों पर मामला दर्ज किया। मंगलवार को पुलिस ने प्रोजेक्ट मैनेजर दिनेश वीर और स्ट्रक्चर इंजीनियर विकास पांडे को गिरफ्तार कर लिया। अब 'सिटी ऑफ कलर्स' के बारे में जानिए…. इंफ्रास्ट्रक्चर: टाउनशिप में 52 एकड़ से ज्यादा ग्रीन व ओपन स्पेस, चौड़ी इंटरनल रोड्स और सस्टेनेबल इंफ्रास्ट्रक्चर का प्रावधान है। औद्योगिक प्लॉट्स 478 से 3348 वर्ग गज तक, जबकि आवासीय प्लॉट्स 123 से 179 वर्ग गज तक के हैं। --------------------------------- ये खबर भी पढ़ें :- 7 मजदूरों की मौत छिपाने की कोशिश:गुरुग्राम से भिवाड़ी भेजे शव, सोसाइटी के बाहर बाउंसर तैनात किए; पुलिस के पास राजस्थान से आई सूचना गुरुग्राम की 'सिग्नेचर ग्लोबल सिटी ऑफ कलर्स' सोसाइटी में सोमवार रात मिट्टी ढहने से 7 मजदूरों की मौत के मामले में अब चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। जांच में सामने आया है कि 10-11 मजदूरों के मिट्टी के नीचे दबने के बाद बिल्डर और ठेकेदार ने प्रशासनिक मदद लेने की बजाय घटना को दबाने की कोशिश की। पढ़ें पूरी खबर…

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:00 am

नन्हे बच्चों ने नृत्य और नाटिका से दिखाया तकनीक का महत्व

भास्कर न्यूज | लुधियाना पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल, लुधियाना के यूकेजी विद्यार्थियों ने मंथन-प्रौद्योगिकी का युग विषय पर एक मनमोहक प्रस्तुति दी। नन्हे विद्यार्थियों ने जीवंत नृत्य और लघु नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से आत्म विश्वासपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसमें प्रौद्योगिकी के लाभ और हानियों दोनों को उजागर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आदरणीय प्रधानाचार्य और अभिभावकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अपने प्रदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों ने बताया कि प्रौद्योगिकी किस प्रकार अधिगम और संचार में सहायक होती है, साथ ही इसके संतुलित उपयोग के महत्व पर भी बल दिया। विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए, विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अनु वर्मा ने कहा कि प्रौद्योगिकी प्रगति का एक मूल्यवान साधन है, लेकिन इसका उपयोग हमेशा बुद्धिमानी और संयम से किया जाना चाहिए।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:00 am

पंजाबी सिंगर जस्सी बोले- मैं कब्रों पर जाकर नहीं गाता:₹35 लाख का ऑफर ठुकराया; डेरे चिट्‌टे से भी खतरनाक, माइंडवॉश करते हैं

'दिल ले गई कुड़ी गुजरात दी' फेम पंजाबी सिंगर जसबीर जस्सी ने कहा कि वह कब्रों पर जाकर नहीं गाते, चाहे कोई उन्हें करोड़ों रुपए क्यों न दे। जस्सी यहीं नहीं रूके उन्होंने डेरों को चिट्‌टा, ड्रग बेचने से भी खतरनाक बता दिया। एक इंटरव्यू में जस्सी ने कहा कि डेरों को प्रमोट करना चिट्‌टा बेचने से भी खतरनाक है क्योंकि यहां लोगों का माइंडवॉश किया जाता है। जसबीर जस्सी ने कहा कि लुधियाना के एक बाबा ने उन्हें अपने डेरे में होने वाले मेले में गाने के लिए ऑफर किया और 32 से 35 लाख रुपए देने की बात की लेकिन उन्होंने साफ मना कर दिया। मेरे से पहले भी वहां पर कई सिंगर गा चुके थे और मेरे बाद भी कई सिंगरों ने गाया है। बाबा ने मेले के बाद फोन करके कहा कि तुम नहीं आए तो मैं तुमसे भी बेहतर सिंगर लेकर आया और वह गाकर चला गया। जस्सी ने कहा कि मेरा उसूल है कब्र वाली जगह पर नहीं गाता हूं। इसलिए बाबा को मना कर दिया। जस्सी का ये बयान सीधे तौर पर उन सिंगरों को चुभने वाला है, जो डेरों और मजारों पर हर साल लगने वाले मेलों में परफॉर्म करते हैं। पंजाबी सिंगर जस्सी की 5 अहम बातें… जसबीर जस्सी के करियर से जुड़े 3 बड़े विवाद… कीर्तन-धार्मिक मर्यादा को लेकर विवाद हुआपंजाबी सिंगर जसबीर सिंह जस्सी ने हाल ही में एक धार्मिक कार्यक्रम में शबद कीर्तन गाया। जिसको लेकर कुछ सिख धार्मिक संस्थाओं ने आपत्ति दर्ज की और मामला श्री अकाल तख्त तक पहुंचा। श्री अकाल तख्त के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने यहां तक कहा कि कीर्तन करने के लिए गुरमत मर्यादा का पालन जरूरी है। जसबीर जस्सी ने तुरंत सफाई दी और कहा कि सिख धर्म व श्री गुरुग्रंथ साहिब में उनका अटूट विश्वास है। अगर उनकी बात से किसी को ठेस पहुंची हो तो वो माफी चाहते हैं। श्री अकाल तख्त के आदेशों का पूरा सम्मान करूंगा। उसके बाद मामला शांत हुआ। यो यो हनी सिंह की अमर्यादित भाषा पर उठाए थे सवालहाल ही में दिल्ली में यो यो हनी सिंह ने एक लाइव परफॉर्मेंस के दौरान अश्लील टिप्पणी की थी। म्युजिक इंडस्ट्री में सबसे पहले जसबीर जस्सी ने सवाल उठाए थे और उनके माता पिता व बहन से अपील की थी कि इसे अभी रोक लो। इसको लेकर काफी विवाद रहा। पाकिस्तानी कलाकारों के समर्थन का विवादजसबीर जस्सी ने दिलजीत दोसांझ की फिल्म सरदार जी-3 में पाकिस्तानी अभिनेत्री को कास्ट करने का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध लगाना है तो फिर उनके गाने और कंटेंट भी पूरी तरह हटाए जाने चाहिए। इस बयान के बाद दिल्ली के पार्लियामेंट थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई और सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना हुई।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 5:00 am

योग और ध्यान को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए किया प्रेरित

लुधियाना| गुरु नानक खालसा कॉलेज फॉर वुमन में आईक्यूएसी के मार्गदर्शन में महिला विकास प्रकोष्ठ द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य में योग की भूमिका विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला भारतीय योग संस्थान के सहयोग से आयोजित की गई, जिसमें योग के माध्यम से महिलाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय योग संस्थान की जिला अध्यक्ष सुमन विरमानी ने नियमित योग अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने में भी सहायक होता है। उन्होंने बताया कि यदि महिलाएं प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालें तो वे कई स्वास्थ्य समस्याओं से बच सकती हैं। इस अवसर पर संस्थान के राज्य अध्यक्ष कुंदन लाल विरमानी ने महिलाओं में होने वाली सामान्य मासिक समस्याओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि योग और कुछ घरेलू उपायों के माध्यम से इन समस्याओं को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। वहीं राज्य उपाध्यक्ष परवीन कुमार ने ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित ध्यान करने से एकाग्रता बढ़ती है और मानसिक तनाव कम होता है। कार्यशाला में योग और ध्यान को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान जगमोहन सिंह ने विभिन्न उपयोगी योग आसनों का प्रदर्शन भी किया। इस कार्यशाला में कुल 77 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को समझा।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:59 am

शिक्षक पात्रता परीक्षा और सरकारी नौकरियों पर छात्रों को दी जानकारी

लुधियाना| मालवा सेंट्रल कॉलेज ऑफ एजुकेशन फॉर वुमन, सिविल लाइन्स के प्लेसमेंट प्रकोष्ठ की ओर से शिक्षक पात्रता परीक्षा और सरकारी नौकरियों विषय पर करियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया। यह सत्र कॉलेज के सेमिनार हॉल में आयोजित हुआ, जिसमें ब्राइट अकादमी लुधियाना के केंद्र प्रमुख देव राज मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में प्लेसमेंट प्रकोष्ठ की सचिव कशिश मल्होत्रा ने मुख्य वक्ता का औपचारिक स्वागत किया। इसके बाद कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. त्रिप्ता और प्राध्यापक प्रभारी डॉ. नीरज कुमार सहित अन्य प्राध्यापकों ने देव राज का स्वागत किया। इस सत्र में बीएड चौथे सेमेस्टर के छात्रों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सत्र के दौरान देव राज ने छात्रों को विभिन्न शिक्षक पात्रता परीक्षाओं और सरकारी नौकरियों के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीचर बनने के लिए किन-किन प्रतियोगी परीक्षाओं को उत्तीर्ण करना आवश्यक है और इन परीक्षाओं की तैयारी किस प्रकार योजनाबद्ध ढंग से की जा सकती है। देव राज ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए सही रणनीति, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास बहुत आवश्यक है। कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. त्रिप्ता ने प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के मार्गदर्शन सत्र छात्रों को अपने भविष्य के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:58 am

प्रैक्टिकल बिजनेस स्किल्स को मिला बढ़ावा

लुधियाना| गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स की प्रिंसिपल सुमन लता और कॉमर्स एंड मैनेजमेंट डिपार्टमेंट की अध्यक्ष सरिता खुराना के मार्गदर्शन में बीबीए रिटेल विजार्ड्स नाम से एक एंटरप्रेन्योरशिप एक्टिविटी आयोजित की गई। इस एक्टिविटी का उद्देश्य बीबीए के स्टूडेंट्स में एंटरप्रेन्योरशिप स्किल्स और प्रैक्टिकल बिजनेस नॉलेज को बढ़ावा देना था। स्टूडेंट्स ने पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लिया और अपनी क्रिएटिव मार्केटिंग स्किल्स का प्रदर्शन किया। इस एक्टिविटी के माध्यम से उन्हें मार्केटिंग, प्रोडक्ट डिस्प्ले, प्राइसिंग और कस्टमर इंटरेक्शन का प्रैक्टिकल अनुभव मिला।यह इवेंट स्टूडेंट्स के लिए एक ऐसा प्लेटफॉर्म बना, जहां उन्होंने अपने बिजनेस आइडियाज और रिटेल मैनेजमेंट से जुड़ी क्षमताओं को वास्तविक रूप में प्रस्तुत किया। प्रिंसिपल सुमन लता ने स्टूडेंट्स की मेहनत और रचनात्मकता की सराहना की। इस गतिविधि ने स्टूडेंट्स में क्रिएटिविटी, टीमवर्क और एंटरप्रेन्योरशिप की भावना को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:58 am

वर्धमान ने सीएसआर के तहत जिला प्रशासन को 5.5 लाख का चेक सौंपा

लुधियाना| कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी पहल के तहत वर्धमान स्पेशल स्टील्स लिमिटेड ने जिला प्रशासन को 5.5 लाख रुपए का चेक सौंपा। यह राशि महिलाओं की डिजिटल साक्षरता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न विकास परियोजनाओं में सहयोग के रूप में दी गई है। कंपनी की ओर से यह चेक सीएसआर हेड अमित धवन ने डिप्टी कमिश्नर लुधियाना हिमांशु जैन को सौंपा। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने इस अवसर पर वर्धमान स्पेशल स्टील्स लिमिटेड के चेयरमैन सचेत जैन, कार्यकारी निदेशक सौम्या जैन और पूरी सीएसआर टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वर्धमान समूह हमेशा सामाजिक और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में जिला प्रशासन का सहयोग करता रहा है। डीसी ने कहा कि निजी कंपनियों का इस तरह सामाजिक जिम्मेदारी निभाना समाज के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी वर्धमान स्पेशल स्टील्स जिला प्रशासन के साथ मिलकर समाज के कमजोर वर्गों के लिए ऐसे जनहितकारी कार्यों में योगदान देता रहेगा।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:58 am

कुलचे वाले से लूटे 1500 रुपए, फरार

लुधियाना| मोती नगर थाना क्षेत्र की एचएल कॉलोनी (वार्ड नंबर 26) में मंगलवार शाम बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक कुलचे बेचने वाले को निशाना बनाकर करीब 1500 रुपए छीनकर फरार हो गए। पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। जानकारी के मुताबिक, शेरपुर निवासी घनश्याम साइकिल पर कुलचे बेचकर अपना गुजारा करता है। मंगलवार शाम वह एचएल कॉलोनी में एक घर के बाहर महिला ग्राहक के लिए कुलचे तैयार कर रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। जैसे ही कुलचे लेने वाली महिला पैसे लेने के लिए घर के अंदर गई, दोनों बदमाशों ने अचानक घनश्याम पर हमला कर दिया। उन्होंने उसकी जेब में रखे करीब 1500 रुपए छीन लिए। धक्का लगने से घनश्याम जमीन पर गिर पड़ा और आरोपी बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए। थाना मोती नगर पुलिस के अनुसार मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:58 am

केशकाल घाट में जाम का संकट बरकरार:19 करोड़ खर्च के बाद भी नहीं सुधरे हालात, यहां बार-बार लग रहा जाम

बस्तर को राजधानी से जोड़ने वाले केशकाल घाट में जाम की समस्या दो साल बाद भी जस की तस है। राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर स्थित इस घाट में मंगलवार को फिर लंबा जाम लग गया। सुबह 10 बजे मोड़ नंबर 7 पर एक डीजल टैंकर खराब होकर खड़ा हो गया, जिसके कारण घाट में साढ़े चार घंटे तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोपहर करीब 3 बजे के बाद मार्ग पूरी तरह से क्लियर हो पाया। गौरतलब है कि साल 2024 में घाट में बार-बार लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए 19.61 करोड़ रुपए की लागत से मरम्मत और चौड़ीकरण का काम किया गया था। उस समय दावे किए गए थे कि निर्माण के बाद घाट में जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी,लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है। मरम्मत के बाद से ही घाट में फिर से छोटे-बड़े जाम लगने शुरू हो गए हैं और अब औसतन हर दूसरे दिन जाम की स्थिति बन रही है। मंगलवार सुबह डीजल टैंकर के मोड़ नंबर 7 पर खराब होने के बाद वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:57 am

हरेक गन लाइसेंस की होगी जांच, पता चलेगा- चुनाव में कितने हथियार जमा होते हैं

राजधानी में कमिश्नरेट लागू होने के साथ ही गन लाइसेंस पर सख्ती शुरू हो गई है। पुलिस की अनुशंसा पर एक बार फिर सभी गन लाइसेंस लेने वालों की जांच की जाएगी। जिले में कितने लोगों के पास गन लाइसेंस है इसका भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इससे यह भी पता चलेगा कि वर्तमान में कितने लोगों के पास गन है और चुनाव के समय कितने लोग हथियार जमा कराते हैं। इसके अलावा ऐसे कौन लोग हैं जिन्होंने गन लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया है, लेकिन उनके पास गन अभी भी है। गन लाइसेंस लेने के लिए सभी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। नए लाइसेंस के साथ ही पहली बार ऐसा हो रहा है कि नवीनीकरण और हथियारों के ट्रांसफर या स्टेट बढ़ाने के आवेदन भी ऑनलाइन ही होंगे। इसके लिए केंद्र सरकार की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा रायपुर में 1927 लाइसेंस राज्यभर में करीब 13242 लोगों को गन लाइसेंस जारी किए गए हैं। इसमें सबसे ज्यादा रायपुर जिले में 1927 लोगों को लाइसेंस जारी किया गया है। 2025 में 85 से ज्यादा लोगों ने नए लाइसेंस के लिए आवेदन किया था, जिसमें केवल 25 को ही लाइसेंस दिया गया था। गन लाइसेंस लेने वालों में सबसे ज्यादा नेता, ठेकेदार, सुरक्षा गार्ड, निशानेबाज खिलाड़ी और कारोबारी शामिल हैं। गन लाइसेंस के लिए हर महीने 12 से 15 नए आवेदन मिल रहे हैं। अब लाइसेंस के लिए समय कम लगेगाअफसरों का दावा है कि नई डिजिटल प्रक्रिया से गन लाइसेंस लेने के लिए समय कम लगेगा। डिजिटल सिस्टम से फाइलों के गुम होने या खोजने जैसी समस्याएं नहीं होंगी। गन लाइसेंस का नवीनीकरण भी इसी पोर्टल से ही होगा। हथियारों के ट्रांसफर के लिए ऑफलाइन आवेदन लिए जाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं किया जा रहा है। आवेदन ऑनलाइन ही करेंगे, लेकिन दस्तावेजों की जांच ऑफलाइन होगी। ऐसे करें आवेदन, ये होगी प्रक्रिया : नए गन लाइसेंस के लिए आवेदन केंद्र सरकार के पोर्टल https://www.ndal-alis.gov.in पर करना होगा। आवेदक अपनी आईडी बनाकर इस वेबसाइट में आवेदन कर सकता है। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद जरूरत पड़ने पर दस्तावेजों की जांच के लिए बुलाया जा सकता है। ऐसे में एडीएम कार्यालय जाकर दस्तावेज दिखाने होंगे। पुलिस टीम घर जाकर व्यक्ति का सत्यापन करेगी और पड़ोसियों का बयान भी लेगी। पुलिस आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने के बाद जांच रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड होगी। गन लाइसेंस जारी करना है या नहीं इस पर अंतिम फैसला कलेक्टर ही लेंगे। सत्यापन किया जा रहागन लाइसेंस के लिए अब सभी काम ऑनलाइन ही हो रहे हैं। एक बार ऑनलाइन आवेदन मिलने के बाद दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया जाता है। लाइसेंस मांगने वाले की भी पूरी जांच की जाती है। उमाशंकर बांदे, एडीएम और नोडल अधिकारी रायपुर

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:52 am

प्रदेश में एलपीजी गैस की कालाबाजारी शुरू:राजस्थान LPG का छठा बड़ा उपभोक्ता, हर माह 206 हजार मीट्रिक टन खपत

सप्लाई में कटौती के साथ ही प्रदेश में एलपीजी गैस की कालाबाजारी शुरू हो गई है। घरेलू उपयोग के 14.5 किलो के सिलेंडर के लिए 600 से 1,000 रुपए ज्यादा ले रहे हैं और 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 3,000 रुपए में बेचा जा रहा है। उधर, होटल-रेस्टोरेंट वालों के पास अधिकतम दो दिन की ही एलपीजी बची है। हालांकि, छोटे होटल और रेस्टोरेंट गैस की किल्लत से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था में जुट गए हैं। समस्या बड़े होटल और रेस्टोरेंट के सामने है। वह सिर्फ तेल कंपनियों के ही आसरे हैं। इधर, होटलों में अप्रैल की कई बुकिंग कैंसिल की जा रही हैं। साथ ही, अन्य उद्योगों पर असर दिखने लगा है। मंगलवार को होटल व रेस्टोरेंट संचालकों ने जिला कलेक्टर से मुलाकात की, लेकिन सप्लाई को लेकर कोई आश्वासन नहीं मिला। अब होटल संचालक नई बुकिंग लेना कम करने के साथ-साथ फूड की गारंटी नहीं दे रहे। जनवरी में प्रदेश में एलपीजी की मांग 1% जबकि देश में 7% बढ़ी प्रदेश में 1,385 गैस वितरकों का नेटवर्क के जरिए जनवरी के दौरान 206 हजार मीट्रिक टन एलपीजी बेची गई। हालांकि प्रदेश में एलपीजी की मांग पिछले साल की जनवरी के मुकाबले एक फीसदी ही बढ़ी है, जबकि देश की सात फीसदी ग्रोथ रही है। एलपीजी की कुल खपत में घरेलू मांग का हिस्सा 86 फीसदी और कमर्शियल 8 फीसदी है। लेकिन, कमर्शियल सिलेंडर की रोक से आने वाले दिनों में कालाबाजारी कर घरेलू गैस का उपयोग कमर्शियल होने की आशंका बढ़ गई है। बड़ी परेशानी : अब बाजार में कोयला भी नहीं मिल रहा एलपीजी डीलर्स ने फोन उठाना बंद कर दिया है। होटल संचालकों ने भट्टियां निकाल ली हैं, लेकिन कोयले की भी कालाबाजारी हो रही है। -राहुल अग्रवाल, महासचिव, फेडरेशन ऑफ राजस्‍थान होटल एसोसिएशन होटल-रेस्टोरेंट के पास 2 दिन से ज्यादा का स्टॉक नहीं“जयपुर में किसी भी होटल और रेस्टोरेंट में 2 दिन से ज्यादा का एलपीजी स्‍टॉक नहीं है। लड्डू-कचौरी जैसे व्यंजनों के लिए एलपीजी की ही जरूरत होगी।” -नवीन हरितवाल, संचालक, कानजी स्वीट

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:51 am

मनीषा डेथ मिस्ट्री, पिता बोले- CBI जांच पूरी:खुलासे में देरी का राजनीतिक दबाव, जनता में होगा खुलासा, प्रशासन को 24 मई तक अल्टीमेटम

भिवानी जिले के गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी करीब 19 वर्षीय शिक्षिका मनीषा की मौत मामले को लेकर CBI की जांच जारी है। इसी बीच CBI से खुलासा करने की डिमांड की जा रही है। लेकिन CBI जांच शुरू हुए 6 माह हो चुके हैं। जबकि मनीषा के पिता का कहना है कि जांच पूरी हो चुकी है, लेकिन खुलासा नहीं किया जा रहा। प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री से इस मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने की डिमांड रखी गई है। मनीषा के पिता संजय ने बताया कि उनकी मांग है कि जल्दी से जल्दी खुलासा किया जाए। जांच प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि CBI के अधिकारियों से बात भी हुई है तो उनका कहना है कि जांच पूरी हो चुकी है। खुलासे में देरी है, इसलिए विरोध प्रदर्शन का कदम उठाया गया। संजय बोले- खुलासे में देरी राजनीतिक दबाव या अन्य कारणसंजय ने कहा कि खुलासे में देरी हो रही है, इसके पीछे कोई-न-कोई राजनीतिक दबाव होगा या कुछ अन्य कारण तो है ही। उन्होंने कहा कि कन्नी पंचायत का फैसला है, जिसके तहत प्रशासन को 24 मई तक का समय दिया गया है। 24 मई के बाद बड़ी पंचायत होंगी। आगे के आंदोलन का वह पंचायत फैसला लेगी। संजय ने कहा कि खुलासा तो होगा, लेकिन वह जनता में होगा। बिना जनता के नहीं होगा। साथ ही कहा कि अगर खुलासा नहीं होता तो आंदोलन किया जाएगा। 13 अगस्त को मिला था शवबता दें कि भिवानी के गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी मनीषा 11 अगस्त को सुबह गांव सिंघानी स्थित प्ले स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के लिए गई थी। इसके बाद वह नर्सिंग कॉलेज में एडमिशन लेने की बात कहकर कॉलेज से निकली। इसके बाद से वह लापता था, वहीं 13 अगस्त को गांव सिंघानी के खेतों में मनीषा का शव पड़ा हुआ मिला। जिसके बाद परिवार द्वारा हत्या का आरोप लगाया गया और इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तारी की डिमांड की गई। हालांकि पुलिस ने इसे सुसाइड बता दिया। जिसके बाद विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। जिसके बाद परिवार की डिमांड पर जांच CBI को सौंपी गई। वहीं मनीषा के 3 दफा पोस्टमार्टम भी करवाए गए। CBI की टीम पहली बार 3 सितंबर को भिवानी पहुंची थी। इसके बाद CBI ने जांच शुरू कर दी। इस दौरान CBI की टीम ने मनीषा के पिता, मनीषा के प्ले स्कूल संचालक, नर्सिंग कॉलेज संचालक, दवा विक्रेता, चश्मदीद व खेत मालिक आदि से पूछताछ की।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:51 am

87 साल के मोहिंदर सिंह पीएचडी की मानद उपाधि से सम्मानित

लुधियाना| 87 वर्ष की आयु में प्रख्यात कीर्तनकार मोहिंदर सिंह परभाकर को भोपाल स्थित एसएएम ग्लोबल यूनिवर्सिटी द्वारा पीएचडी की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। इस सम्मान का समन्वय सिख स्टडी सर्कल के माध्यम से किया गया। जीवन के इस पड़ाव पर मिली यह उपलब्धि न केवल उनके समर्पण और साधना का सम्मान है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सीखने और सेवा की कोई आयु सीमा नहीं होती। पटना साहिब में जन्मे मोहिंदर सिंह परभाकर बचपन से ही आध्यात्मिक वातावरण में पले-बढ़े। गुरबाणी और कीर्तन से उनका जुड़ाव बहुत कम उम्र से ही हो गया था। वर्षों से वे गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से आध्यात्मिक संदेश लोगों तक पहुंचा रहे हैं। मोहिंदर सिंह परभाकर केवल एक प्रसिद्ध कीर्तनकार ही नहीं, बल्कि एक विद्वान व्यक्तित्व भी हैं। उन्होंने अंग्रेजी, पंजाबी और संगीत विषयों में डबल एमए की उपाधि प्राप्त की है। उनकी यह पुस्तक पाठकों को गुरमत विचारधारा को समझने और उसे जीवन में अपनाने की प्रेरणा देती है। 87 वर्ष की आयु में पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर उन्होंने यह संदेश दिया है कि जीवन में सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:45 am

रेप पीड़िताओं को आर्थिक मदद देने के निर्देश

भास्कर न्यूज |लुधियाना राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रही मानवाधिकार और जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा की। बचत भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। प्रियंक कानूनगो ने कहा कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग समाज के हर वर्ग के मानवाधिकारों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी नागरिकों को उनके अधिकारों का पूरा संरक्षण मिले और सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे। बैठक के दौरान उन्होंने बच्चों की सुरक्षा के मुद्दे पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिया कि पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज होने वाली प्रत्येक प्राथमिकी की जानकारी 24 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से बाल कल्याण समिति को दी जाए। उन्होंने कहा कि यह प्रावधान कानून में स्पष्ट रूप से उल्लेखित है और इसका सख्ती से पालन होना चाहिए, ताकि पीड़ित बच्चों को समय पर सुरक्षा और सहायता मिल सके। इसके अलावा उन्होंने सामाजिक सुरक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिया कि अनुसूचित जाति समुदाय की बलात्कार पीड़ित महिलाओं को दी जाने वाली आर्थिक सहायता जल्द से जल्द जारी की जाए। उन्होंने पुलिस विभाग से जिले में दर्ज ऐसे मामलों की विस्तृत जानकारी भी मांगी। बैठक में महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। साथ ही प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, नमस्ते योजना, मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, प्री और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना तथा आयुष्मान भारत योजना जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई और अधिकारियों को इनके प्रभावी संचालन के निर्देश दिए गए। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त पूनम सिंह, डॉ. नरिंदर सिंह ढिल्लों, एसडीएम कुलदीप बावा, सहायक आयुक्त पायल गोयल, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि और जेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अतिरिक्त उपायुक्त पूनम सिंह ने जिले में लागू योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि जिला प्रशासन पारदर्शी व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है और मानवाधिकारों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:45 am

दुर्ग के बाद बलरामपुर में भी 5 एकड़ में अफीम की खेती, कटने से पहले ही हो गया था नशे का सौदा

दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती सामने आने के बाद बलरामपुर जिले में अफीम की खेती का खुलासा हुआ है। कुसमी इलाके के ग्राम पंचायत तिरपुरी के सनाटोली में जंगल के बीच करीब 5 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी। हालांकि प्रशासन का दावा है कि अभी 2 एकड़ में खेती मिली है।पुलिस ने खेत की रखवाली कर रहे 5 लोगों को हिरासत में लिया है। मौके से बाइक जब्त की गई है, जो झारखंड की है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान बलरामपुर कलेक्टर और एसपी भी मौके पर पहुंचे थे। देर शाम तक मामले में जांच जारी रही। यह खेती किराए पर जमीन लेकर की जा रही थी। पूछताछ में सामने आया है कि गांव के दो लोगों की जमीन पर झारखंड के लोग अफीम की खेती कर रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जमीन मालिकों का इस पूरे नेटवर्क से क्या संबंध है। पुलिस की कई टीम गांव में दबिश देकर जांच में जुटी हैं। खेत की नाप-जोख भी कराई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। अफीम के फूल में चीरे लगे मिले अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान उन्होंने पाया कि पूरे खेत में लगे अफीम के फूलों में चीरा लगा हुआ था। इससे यह संकेत मिला कि अफीम निकालने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सितंबर-अक्टूबर में बोई गई फसल से निकला अधिकांश माल पहले ही बेचा जा चुका है। सितंबर-अक्टूबर में लगाए गए पौधेग्रामीणों से बातचीत और प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अफीम की खेती सितंबर-अक्टूबर के दौरान शुरू की गई थी। खेत में लगे अधिकांश पौधों के फूलों में पहले से ही चीरा लगा हुआ मिला, जिससे संकेत मिला कि अफीम निकालने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी। फसल से निकला काफी माल पहले ही बेच दिया गया था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इतने बड़े स्तर पर खेती से लेकर अफीम की निकासी और बिक्री तक का पूरा काम हो गया, लेकिन स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों को इसकी भनक तक नहीं लगी। फसल पकने लगी तो मजदूरों को हटा दिया खेत की सिंचाई वन विभाग के डेम के पानी से की जा रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार शुरुआती दिनों में गांव के कुछ लोग यहां मजदूरी करते थे, लेकिन जब फसल तैयार होने लगी, तो ग्रामीणों को हटाकर झारखंड से मजदूरों से काम कराया जाने लगा। वन विभाग के डेम के पानी से हो रही सिंचाईजंगल के बीच उगाई गई अफीम की फसल वन विभाग के डेम के पानी से लहलहा रही थी। जिस जगह पर खेती की गई है, उसके ठीक नीचे वन विभाग का डेम है। इसी डेम से सोलर प्लांट के जरिए पानी उठाकर खेत तक पहुंचाया जा रहा था। दूसरा मामला आने के बाद गृहमंत्री शर्मा बोले- पूरे प्रदेश में कराएंगे जांच प्रदेश में अफीम की खेती का दूसरा मामला आने के बाद विधानसभा में विपक्ष ने सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। इसके जवाब में उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कहां-कहां इसकी खेती हो रही है, इसकी जांच कराएंगे। दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इधर, दुर्ग में कार्रवाई, भाजपा नेता के भाई के निर्माण पर बुलडोजर दुर्ग के बीजेपी नेता विनायक ताम्रकार के अफीम की फसल तक पहुंचने में पुलिस को 24 घंटे का समय लग गया। समोदा गांव के सरपंच अरुण गौतम का दावा है कि उसने 5 मार्च की दोपहर करीब 1 बजे चौकी के सिपाही पुनेश साहू को सूचना दे दी थी। शाम 7 बजे तक जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उसने दोबारा जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी खगेंद्र पठारे को जानकारी दी। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो 6 मार्च को सुबह 10.30 बजे एसबी (स्पेशल ब्रांच) में पदस्थ पुलिसकर्मी प्रहलाद बंछोर को सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिसकर्मी सबसे पहले बीजेपी नेता के खेत पर ग्रामीण नीरज निषाद के साथ जांच के लिए पहुंचे। अफीम के खेत की तस्दीक करने के बाद उन्होंने अधिकारी को जानकारी दी। इसके बाद क्राइम ब्रांच की एक टीम दोबारा जांच के लिए बीजेपी नेता के खेत पर गई। दोपहर करीब 12.30 से 1 बजे के बीच एएसपी मणिशंकर चंद्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद कार्रवाई शुरू हुई। सरपंच ने बताया कि 3 मार्च को गांव के युवराज देशमुख ने अपने वाट्सएप से उसे अफीम के खेत की फोटो और वीडियो भेजी थी। फोटो की गूगल पर जांच करने से अफीम की फल होने की पुष्टि हो गई। 4 मार्च को होली थी, गांव में किसी भी तरह का कोई हंगामा न हो इसलिए पुलिस को 5 मार्च को सूचना दी। कार्रवाई में 24 घंटे क्यों लग गए, क्यों कोई कदम नहीं उठाया। इसे लेकर ग्रामीण पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। यू ट्यूब हिस्ट्री में मिले अफीम की खेती के वीडियो: इधर, पुलिस ने आरोपी बीजेपी नेता विनायक ताम्रकार, विकास विश्नोई और मनीष ठाकुर को मंगलवार को दोबारा कोर्ट में पेश किया। तीनों की रिमांड फिर से दो दिन के लिए बढ़ा दी गई है। पुलिस ने विकास के मोबाइल की हिस्ट्री चेक की। पता चला कि उसने यू ट्यूब पर अफीम की खेती करने का तरीका, उसके रखरखाव समेत कई वीडियो देखे हैं। बीजेपी नेता और विकास से दो ट्रैक्टर और दो जेसीबी जब्तपुलिस ने आरोपी बीजेपी नेता विनायक और विकास विश्नोई के ठिकानों से कई सामान जब्त किया है। आरोपी विकास से दो ट्रैक्टर,दो जेसीबी,एक हार्वेस्टर,दो बाइक,पैनकार्ड,हिसाब डायरी समेत अन्य दस्तावेज जब्त किए गए है। वहीं बीजेपी नेता से दो नग मोटर पंप,खेत में सिंचाई के लिए उपयोग की जा रही स्प्रिंकलर और खेत में लगे हाईटेक सीसीटीवी कैमरा जब्त किया गया है। भूपेश बघेल ने विधानसभा में उठाया मामला, कहा- दो संभागों में अफीम की खेती, गृहमंत्री इस्तीफा दें विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गृह विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान कहा कि बलरामपुर जिले में दो एकड़ में शानदार अफीम की खेती हो रही है। इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होने कहा कि आपके शासनकाल में दो संभागों में अफीम की खेती पकड़ी गई है। थोड़ी भी नैतिकता है तो गृहमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुर्ग के समोदा में अफीम की खेती करने वाला बीजेपी नेता विनायक ताम्रकार पकड़ा गया। मंत्री ने सदन जो कथन किया, वह चीख- चीख कर कह रहा है कि, अपराधी को बचाने का काम हो रहा है। प्रशासन ने क्षेत्र को पुलिस के घेरे में लिया, आज पहुंचेगी विशेषज्ञों की टीमबलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा और पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव के निर्देश पर पहुंची टीम ने जांच में पाया कि बड़े पैमाने पर अफीम उगाई जा रही थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे क्षेत्र को तत्काल अभिरक्षा में ले लिया गया है। रात के समय सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की कड़ी निगरानी सुनिश्चित की गई है। प्रशासन द्वारा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और एनडीपीएस एक्ट की विशेष टीमों को सूचित कर दिया गया है। कल सुबह इन विशेषज्ञ टीमों और एफएसएल की मौजूदगी में वैधानिक कार्रवाई और फसल नष्टीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:45 am

बाल भिक्षावृत्ति रोकने विशेष चलाया अभियान, पांच बच्चों को रेस्क्यू किया

लुधियाना| डिप्टी कमिश्नर लुधियाना हिमांशु जैन के निर्देशों के तहत जिला बाल सुरक्षा यूनिट की ओर से बाल भिक्षावृत्ति को रोकने के लिए शहर में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान विभिन्न धार्मिक और सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग की गई और भीख मांग रहे बच्चों को रेस्क्यू किया गया। जिला बाल सुरक्षा अधिकारी रश्मि ने जानकारी देते हुए बताया कि टीम ने शहर के प्रमुख स्थानों जैसे दुर्गा माता मंदिर, शीतला माता मंदिर, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने वहां मौजूद बच्चों की स्थिति का निरीक्षण किया और भीख मांगते हुए पाए गए पांच बच्चों को रेस्क्यू किया। उन्होंने बताया कि इन बच्चों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उनके पुनर्वास और शिक्षा से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई है। जिला बाल सुरक्षा अधिकारी ने आम जनता से भी अपील की कि वे बच्चों को भीख देने से बचें। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा बच्चों को भीख देने से बाल भिक्षावृत्ति को बढ़ावा मिलता है और कई बार इसके पीछे संगठित गिरोह भी सक्रिय होते हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी बच्चे भीख मांगते दिखाई दें तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते उन्हें रेस्क्यू कर उचित सहायता प्रदान की जा सके।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:45 am

नानी के गाने ‘आया शेर’ के लिए 2.5 एकड़ में बना असली स्लम

साउथ सिनेमा के स्टार नानी की आगामी फिल्म ‘द पैराडाइज' इन दिनों अपनी भव्य सेटिंग्स के लिए चर्चा में है। अगस्त में रिलीज होने वाली इस फिल्म का इंट्रोडक्शन सॉन्ग ट्रैक ‘आया शेर' हाल ही में जारी किया गया है। फिल्म में नानी को 'स्लम का सम्राट' के रूप में दिखाने के लिए मेकर्स ने किसी वास्तविक लोकेशन पर शूटिंग करने के बजाय 2.5 एकड़ में फैला एक पूरा आर्टिफिशियल स्लम तैयार किया है। फिल्म की सबसे बड़ी विशेषता 2.5 एकड़ में तैयार किया गया ‘वॉटर बॉडी विलेज' है। यहां केवल डमी स्ट्रक्चर्स नहीं, बल्कि 60 असली और पक्के घर बनाए गए हैं। 50 मजदूरों की टीम ने इसे 30 दिनों में तैयार किया और इसकी क्षमता इतनी है कि एक समय में 500 लोग रह सकते हैं। विजुअल डिमांड के लिए यहां आर्टफिशल जल निकाय बनाया गया, जिसे भरने में 100 टैंकर पानी और 7 दिन लगे। गहराई दिखाने के लिए 20 फीट गहरा एक अलग तालाब भी खोदा गया। फिल्म की रॉ दुनिया को दिखाने के लिए 120 फीट लंबा और 30 फीट ऊंचा विशाल डंप यार्ड सेट तैयार किया गया, जिस पर 25 लोगों ने एक महीने तक काम किया। इसके अलावा स्लम की दुनिया को रियलिस्टिक दिखाने के लिए तांबे की फिनिश वाला 10 फीट चौड़ा ‘बिरयानी बाउल' स्ट्रक्चर भी बनाया गया। प्रोडक्शन डिजाइन के अनुसार...‘इन विशाल सेट्स के निर्माण के दौरान प्राकृतिक वातावरण को नुकसान न पहुंचाने का पूरा ध्यान रखा गया। मिट्टी और प्राकृतिक टेक्सचर का उपयोग कर सेट को स्वाभाविक लुक दिया गया।’ वॉटर बॉडी विलेज ने बढ़ाई फिल्म की भव्यता फिल्म के आर्ट डिपार्टमेंट ने गाने के मुख्य आकर्षण, ‘हीरो हाउस' को बारीकी से तैयार किया है। शुरुआत में इसे 30 फीट चौड़ा बनाने की योजना थी, लेकिन नायक की उपस्थिति को और प्रभावशाली दिखाने के लिए इसे 60 फीट चौड़ा किया गया। 25 कारीगरों ने 20 दिनों की मेहनत से 45 फीट ऊंचे इस ढांचे को तैयार किया। खास बात यह है कि नए सेट को पुराना और रियलिस्टिक दिखाने के लिए एजिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया, जिससे यह आसपास के प्राकृतिक वातावरण में पूरी तरह घुल-मिल जाए।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:44 am

जबरन संबंध बनाने और वीडियो वायरल करने का आरोप,पर्चा

लुधियाना| पति की मौत के बाद एक व्यक्ति पर महिला ने जबरन संबंध बनाने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और उन्हें रिश्तेदारों को भेजने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर थाना फोकल पॉइंट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद उसकी जान-पहचान हरजिंदर नाम के व्यक्ति से हुई थी। दोनों के बीच करीब 7-8 साल से दोस्ती थी और इस दौरान आपसी सहमति से संबंध भी बने थे। महिला का कहना है कि कुछ समय पहले उसने आरोपी से मिलना-जुलना बंद कर दिया, जिसके बाद वह उसे परेशान करने लगा। पीड़िता के अनुसार 7 जनवरी को आरोपी जबरन उसके घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। जाते समय उसने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने धोखे से उसकी अश्लील वीडियो बना लि थी, जिसकी उसे जानकारी नहीं थी। जब उसने आरोपी से मिलना-जुलना बंद कर दिया तो उसने उन्हीं वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़िता के मुताबिक 6 मार्च को आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक ग्रुप बनाकर उसके अश्लील वीडियो उसमें डाल दिए और उन्हें उसके रिश्तेदारों को भेज दिया। मामले की जांच कर रहे थाना फोकल पॉइंट के सब-इंस्पेक्टर बलबीर सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी हरजिंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:43 am

आत्महत्या के 2 मामले ...:दो युवतियों ने संदिग्ध हालात में फंदा लगा दी जान, एक 10वीं की छात्रा

भास्कर न्यूज | लुधियाना दो अलग-अलग इलाकों में युवतियों द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने के मामले सामने आए हैं। पहली घटना साहनेवाल गांव में हुई, जहां 17 वर्षीय छात्रा ने घर में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। वहीं दूसरी घटना मन्ना सिंह नगर इलाके की एक गारमेंट फैक्ट्री में हुई, जहां 19 वर्षीय युवती ने संदिग्ध हालात में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों मामलों में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार साहनेवाल गांव निवासी हरप्रीत सिंह की 17 वर्षीय बेटी सुप्रीत कौर ने घर में पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों के मुताबिक मंगलवार शाम को परिवार के सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। जब वे घर लौटे तो देखा कि सुप्रीत कौर पंखे से लटकी हुई थी। मृतका के पिता हरप्रीत सिंह ने बताया कि सुप्रीत कौर ने हाल ही में 10वीं कक्षा के पेपर दिए थे और घर में सामान्य रूप से खुश रहती थी। परिवार के मुताबिक उसे किसी तरह की कोई परेशानी नहीं थी और यह समझ नहीं आ रहा कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। थाना साहनेवाल की पुलिस मामले की जांच कर रही है। दूसरी घटना मन्ना सिंह नगर इलाके में सोमवार रात करीब 9 बजे सामने आई। यहां 19 वर्षीय रोशनी, निवासी इस्लाम गंज, ने एक गारमेंट फैक्ट्री में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि रोशनी उसी फैक्ट्री में काम करती थी, जहां उसके माता-पिता और बहन भी काम करते हैं। थाना सलेम टाबरी के एसएचओ हर्षवीर सिंह के मुताबिक सोमवार शाम रोशनी ने अपने माता-पिता को घर जाने के लिए कहा था और बताया कि वह थोड़ी देर बाद काम खत्म कर घर आ जाएगी। काफी देर तक घर न पहुंचने पर उसके पिता दोबारा फैक्ट्री पहुंचे। वहां जाकर उन्होंने देखा कि रोशनी फंदे से लटकी हुई थी। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए डीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:43 am

खंभे से करंट लगा, वेल्डिंग वर्कर झुलसा

भास्कर न्यूज |लुधियाना ढंडारी इलाके में मंगलवार दोपहर वेल्डिंग का काम करने वाला युवक बिजली के खंभे से करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। घायल की पहचान आकाश कुमार निवासी डॉ. आंबेडकर नगर, गांव बड़ेपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार आकाश किसी काम से ढंडारी क्षेत्र में गया था, तभी वह अचानक बिजली के खंभे की चपेट में आ गया और तेज करंट लगने से उसके दोनों बाजू बुरी तरह झुलस गए। मौके पर मौजूद राहगीर मनोज ने तुरंत उसे संभालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि घायल का इलाज जारी है और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर उसे चंडीगढ़ रेफर किया जा सकता है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:42 am

कार रोककर ड्राइवर पर हमला, चेन लूटी

लुधियाना| गिल रोड स्थित दाना मंडी लाल बत्ती चौक के पास मंगलवार रात करीब 10 बजे टक्कर का बहाना बनाकर दो अज्ञात युवकों ने एक कार चालक पर हमला कर दिया। आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट की और उसके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। घायल की पहचान 35 वर्षीय कर्मजीत सिंह निवासी गांव थरीके के रूप में हुई है। घायल को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी। पीड़ित कर्मजीत सिंह ने बताया कि वह राजगुरु नगर इलाके में कार ड्राइवर का काम करता है। मंगलवार रात वह अपने मालिक की फैक्ट्री की ओर आलमगीर जा रहा था। जब वह गिल रोड स्थित दाना मंडी लाल बत्ती चौक के पास पहुंचा तो एक कार में सवार दो युवकों ने उसकी गाड़ी रुकवा ली। युवकों ने आरोप लगाया कि उसकी कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारी है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। कर्मजीत सिंह के अनुसार बहस के दौरान ही दोनों युवक अचानक उस पर टूट पड़े और उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल कर्मजीत सिंह की मदद की और उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:42 am

जिम्मेदार कौन’ लघु फिल्म को सड़क सुरक्षा महोत्सव में मिला स्पेशल अवॉर्ड

भास्कर न्यूज़| लुधियाना हिमाचल प्रदेश के परिवहन विभाग के रोड सेफ्टी सेल द्वारा आयोजित ‘सड़क सुरक्षा फिल्म महोत्सव–2026’ में पंजाब की रीना और दमनप्रीत कौर द्वारा बनाई गई लघु फिल्म ‘जिम्मेदार कौन’ को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें पुरस्कार स्वरूप पांच हजार रुपये की राशि भी प्रदान की गई। इस फिल्म प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य रचनात्मक माध्यमों के जरिए लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और हेलमेट, सीट बेल्ट के उपयोग और नशे में वाहन चलाने के खिलाफ संदेश देना था। महोत्सव में देशभर से प्रतिभागियों ने भाग लिया और सड़क सुरक्षा विषय पर अपनी लघु फिल्में प्रस्तुत कीं। शानदार प्रदर्शन करने वाले चौबीस प्रतिभागियों को इस अवसर पर सम्मानित किया गया। सभी विजेताओं को परिवहन विभाग की लीड एजेंसी रोड सेफ्टी सेल द्वारा आईआईटी मद्रास के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर रोड सेफ्टी के सहयोग से डॉ. मनमोहन सिंह हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान (हिप्पा) में आयोजित राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा कार्यशाला के दौरान सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक परिवहन नीरज कुमार ने की। इस अवसर पर निदेशक परिवहन नीरज कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा को केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसके प्रति हर नागरिक को जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अगर लोग यातायात नियमों का पालन करें और जिम्मेदारी से वाहन चलाएं तो कई दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग की ओर से फरवरी 2026 में ऑनलाइन माध्यम से ‘सड़क सुरक्षा लघु फिल्म महोत्सव’ का आयोजन किया गया था, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने भाग लेकर सड़क सुरक्षा विषय पर अपनी लघु फिल्में प्रस्तुत कीं। फिल्म की निर्देशिका रीना और निर्माता दमनप्रीत कौर ने बताया कि उन्होंने लगभग एक मिनट उनसठ सेकेंड की इस लघु फिल्म के माध्यम से ओवर स्पीडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने और नशे में ड्राइविंग जैसे खतरनाक व्यवहार के दुष्परिणामों को दिखाने का प्रयास किया है। उनका कहना है कि इस फिल्म के जरिए लोगों को यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उनकी इस पहल को मंच पर सराहा गया और विशेष पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:42 am

सुखबीर बादल ने अमित गोसाईं को शिअद में कराया शामिल, सेंट्रल हलके के इंचार्ज बने

भास्कर न्यूज |लुधियाना पंजाब भाजपा के पूर्व मंत्री रहे स्वर्गीय सतपाल गोसाईं के पोते अमित गोसाईं ने भारतीय जनता पार्टी को अलविदा कहकर शिरोमणि अकाली दल का दामन थाम लिया है। उन्हें अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल करवाया। राजनीतिक हलकों में इस जॉइंनिंग को 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। लुधियाना का हलका सेंट्रल लंबे समय तक स्वर्गीय सतपाल गोसाईं का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। अमित गोसाईं के अकाली दल में शामिल होने के बाद हलका सेंट्रल के राजनीतिक समीकरण बदलने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब अकाली दल ने अमित गोसाईं को पार्टी में शामिल करते हुए उन्हें हलका सेंट्रल का इंचार्ज भी नियुक्त कर दिया है। इस मौके पर अकाली दल के जिला प्रधान भूपिंदर सिंह भिंदा ने कहा कि पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और आने वाले दिनों में कई अन्य बड़े नेता भी अकाली दल में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है और आगामी विधानसभा चुनावों में इसका असर देखने को मिलेगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अमित गोसाईं की एंट्री से लुधियाना सेंट्रल में अकाली दल को नई मजबूती मिल सकती है और आने वाले चुनावों में मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:41 am

ट्रेन के थर्ड एसी कोच में चोरी, 10 लाख के जेवर लेकर फरार

भास्कर न्यूज |लुधियाना शादी समारोह में शामिल होने के लिए जयपुर से लुधियाना आ रहे एक परिवार को ट्रेन में चोरी का शिकार होना पड़ा। जयपुर-अमृतसर एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच में सफर के दौरान अज्ञात चोरों ने परिवार के बैग से करीब 10 लाख रुपए के सोने और डायमंड के गहने चोरी कर लिए। परिवार को इस वारदात की भनक तक नहीं लगी और लुधियाना पहुंचकर सामान चेक करने पर घटना का पता चला। पीड़ित अंकुश जैन ने बताया कि वह अपनी मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए जयपुर गांधीनगर स्टेशन से ट्रेन नंबर 19613 (अजमेर-अमृतसर एक्सप्रेस) में सवार हुए थे। उनके साथ उनकी पत्नी, 70 वर्षीय बुजुर्ग मां और 4 साल की बेटी भी थी। रात के समय जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, उसी दौरान चोरों ने उनके बैग को निशाना बना लिया। अंकुश के मुताबिक चोर बेहद शातिर तरीके से केवल कीमती सामान ही लेकर गए। चोरी हुए गहनों में करीब तीन तोले की सोने की चेन, सोने की अंगूठी और कीमती डायमंड टॉप्स शामिल हैं। मौजूदा बाजार भाव के अनुसार इन जेवरों की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है। पीड़ित ने कहा कि सुरक्षित सफर के लिए थर्ड एसी का किराया दिया था, लेकिन कोच के अंदर सुरक्षा का कोई इंतजाम नजर नहीं आया। फिलहाल पीड़ित परिवार ने लुधियाना जीआरपी में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:40 am

चाइना डोर की बिक्री पर मानवाधिकार आयोग ने लुधियाना पुलिस से मांगी रिपोर्ट

लुधियाना| लुधियाना में प्रतिबंधित सिंथेटिक धागे चाइना डोर की कथित बिक्री के मामले को लेकर पंजाब स्टेट एंड चंडीगढ़ ह्यूमन राइट्स कमीशन ने लुधियाना पुलिस से रिपोर्ट तलब की है। यह कार्रवाई आरटीआई कार्यकर्ता रोहित सभरवाल की आयोग में दी शिकायत के बाद की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शहर में प्रतिबंध के बावजूद चाइना डोर की अवैध बिक्री और उपयोग लगातार हो रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि चाइना डोर बेहद खतरनाक होती है और कई बार दोपहिया वाहन चालकों के गले में फंसने से गंभीर हादसे या मौत तक हो जाती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस छोटे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करती है, लेकिन बड़े सप्लायरों पर सख्त कदम नहीं उठाए जाते। साथ ही कई हादसे सामने ही नहीं आ पाते और पुलिस रिकॉर्ड में भी दर्ज नहीं होते। मामले का संज्ञान लेते हुए आयोग ने लुधियाना के पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिए हैं कि इस पूरे मामले पर अगली सुनवाई से पहले विस्तृत रिपोर्ट आयोग के समक्ष पेश की जाए।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:40 am

नोटिस के बावजूद निर्माण कार्य जारी, निगम ने बिल्डिंग सील की

भास्कर न्यूज | लुधियाना अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नगर निगम लुधियाना ने मंगलवार को भदौड़ हाउस इलाके में एक अवैध रूप से बन रही इमारत को सील कर दिया। इसके साथ ही इमारत में एक और मंजिल बनाने के लिए लगाई गई शटरिंग को भी हटा दिया गया। यह कार्रवाई नगर निगम जोन-ए की बिल्डिंग ब्रांच द्वारा नगर निगम कमिश्नर डॉ. नीरू कत्याल गुप्ता के निर्देशों पर की गई। बिल्डिंग शाखा के अधिकारियों के अनुसार, नगर निगम को इस अवैध निर्माण को लेकर शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद भवन मालिक को निर्माण कार्य रोकने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। नोटिस की अनदेखी किए जाने के बाद मंगलवार को निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और इमारत को सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि भवन मालिक इमारत पर एक और मंजिल बनाने की कोशिश कर रहा था, जिसके लिए लगाई गई शटरिंग को भी हटा दिया गया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने शहरवासियों से अपील की कि वे किसी भी निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले नगर निगम से भवन नक्शा मंजूर करवाएं।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:39 am

मिडिल ईस्ट तनाव का असर:कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने से रायपुर में 20 रेस्टोरेंट बंद...

मिडिल ईस्ट तनाव की आंच अब रायपुर के होटल-रेस्टोरेंट्स के व्यापार पर भी पड़ने लगा है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 114 रुपए बढ़ने के साथ ही होटल-रेस्टोरेंट्स के लिए इसकी सप्लाई पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। इसका असर रायपुर में दिखने भी लगा है। राजधानी में मंगलवार को ईंधन नहीं मिलने के चलते 20 से अधिक रेस्टोरेंट्स एंड कैफे बंद रहे। बुधवार को भी कुछ कैफे-रेस्टोरेंट्स बंद होने की आशंका बनी हुई है। होटल कारोबारियों का कहना है कि अगले 2 दिन में सिलेंडर सप्लाई नहीं हुई तो व्यवसाय को अस्थाई तौर पर बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा। राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश होटल, रेस्टोरेंट्स और कैफे के किचन एलपीजी कुकिंग के आधार पर ही विकसित किए गए हैं। यहां इलेक्ट्रिक कुकिंग की व्यवस्था बहुत छोटे स्तर पर है। इसलिए गैस की सप्लाई नहीं होने पर स्टॉक के खत्म होने के बाद व्यापार में विराम लगने की आशंका व्यापारी जता रहे हैं। शादियों का मौसम, केटरिंग व्यवसाय पर भी पड़ेगा असर छत्तीसगढ़ में मार्च-अप्रैल में शादियों के 5 से अधिक मुहूर्त हैं। कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई बंद होने से केटरिंग व्यवसाय पर भी असर पड़ेगा। ढाबा संचालकों के किचन ओपन होते हैं और स्पेस होने के चलते लकड़ी और कोयले से भोजन पकाकर अपना व्यापार चला सकेंगे। 2-3 दिन का ही स्टॉक रायपुर में ही 100 से अधिक बड़े होटल्स संचालित हैं। सभी के पास एलपीजी का 2 से 3 दिन का ही स्टॉक है। यदि सप्लाई बंद हो गई और स्टॉक खत्म हो गया तो होटल्स का संचालन बंद हो जाएगा।- तरनजीत सिंह होरा, अध्यक्ष छग होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन 20 रेस्टोरेंट-कैफे हो गए बंद सिलेंडर नहीं मिलने पर मंगलवार को राजधानी के 20 रेस्टोरेंट-कैफे बंद रहे। सरकार कम से कम व्यापार संचालन के लिए कोटा निर्धारित कर दे, ताकि रोजी-रोटी का संकट सामने ना आए।- मिक्की दत्ता, महासचिव छग रेस्टोरेंट्स एंड कैफे एसोसिएशन

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:38 am

कैबिनेट के कई अहम फैसले:बिना अनुमति और प्रक्रिया के धर्मांतरण कराया तो जेल और जुर्माना, कर्मचारी चयन मंडल बनेगा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को विधानसभा स्थित समिति कक्ष में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में धर्मांतरण रोकने के लिए बनाए गए कानून को मंजूरी दी गई। इसको विधानसभा के मौजूदा सत्र में पारित किया जाएगा। इस नए कानून के तहत धर्म बदलने के लिए किसी भी व्यक्ति को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा। किसी ने प्रलोभन या दबाव में धर्मांतरण कराया और राज्य के नियमों का पालन नहीं किया तो उसको सजा होगी और जुर्माना भी लगाया जा सकता है। कैबिनेट में छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के गठन को भी मंजूरी दी गई है। राजीव मितान क्लब के लिए लगाया जाने वाला 12% अतिरिक्त उपकर को खत्म कर दिया गया है। इससे रजिस्ट्री सस्ती होने के आसार हैं। वहीं छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश, गृह निर्माण मंडल अधिनियम और भू-राजस्व संहिता की विभिन्न धाराओं में संशोधन के प्रारूपों को हरी झंडी दी गई। वहीं मंत्रिपरिषद की उप-समिति की अनुशंसा पर विशुद्ध रूप से राजनीतिक आंदोलनों से संबंधित 13 प्रकरणों को न्यायालय से वापस लेने की मंजूरी दी गई है। खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव को 5 एकड़ शासकीय भूमि आवंटित करने का निर्णय लिया गया है। यहां अत्याधुनिक खेल मैदान और क्रिकेट अकादमी का निर्माण होगा। अन्य प्रमुख फैसले छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल का गठन तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के तकनीकी व गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए ‘छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल’ बनाया जाएगा। इसके साथ ही परीक्षाओं में नकल और अनुचित साधनों को रोकने के लिए ‘अनुचित साधनों की रोकथाम विधेयक 2026’ के प्रारूप को भी मंजूरी दी गई है, ताकि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे। सौर ऊर्जा और बायोगैस को बढ़ावा: भारी अनुदान की घोषणा क्रेडा के माध्यम से सोलर हाईमास्ट संयंत्रों के लिए 1.50 लाख रुपये तक का राज्य अनुदान तय किया गया है। वहीं, घरेलू बायोगैस संयंत्रों के लिए भी 9 हजार रुपये प्रति संयंत्र की दर से सब्सिडी सुनिश्चित की गई है। भूपेश सरकार ने 13,269 मितान क्लबों को सालाना एक लाख रु. देने लगाया था 12% सेस सरकार ने संपत्ति के हस्तांतरण पर लगने वाले 12 प्रतिशत अतिरिक्त सेस को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के लिए ‘छत्तीसगढ़ उपकर (संशोधन) विधेयक, 2026’ के प्रारूप को मंजूरी दे दी है। दरअसल साल 2023 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने ‘राजीव गांधी मितान क्लब’ योजना शुरू की थी। योजना के तहत प्रत्येक क्लब को हर साल 1 लाख रुपये का अनुदान दिया जाता था। तत्कालीन सरकार ने 13,269 क्लबों के लिए बजट में लगभग 132.69 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था। इस योजना के संचालन और वित्त पोषण के लिए धन जुटाने हेतु सरकार ने एक विशेष प्रावधान किया था। इसके तहत प्रदेश में किसी भी संपत्ति (मकान, दुकान या जमीन) के अंतरण या रजिस्ट्री पर लगने वाले स्टाम्प शुल्क के अतिरिक्त 12% की दर से उपकर लगा दिया गया था। लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद साय सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया और साय सरकार ने क्लबों के लगभग 13,000 से अधिक बैंक खातों को सीज करने के आदेश दिए थे साथ ही इस योजना पर खर्च हुई लगभग 126 करोड़ रुपये की राशि की ऑडिट जांच कराई गई थी। अब इस सेस खत्म किए जाने से जमीन या मकान खरीदने वालों को कुल स्टाम्प ड्यूटी पर लगने वाला अतिरिक्त 12% टैक्स नहीं देना होगा, जिससे रजिस्ट्री कराना सस्ता हो जाएगा। इस शुल्क की समाप्ति से मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए अपना घर खरीदना आसान होगा और रियल एस्टेट बाजार में तेजी आने की उम्मीद है। कैबिनेट से प्रारूप को अनुमोदन मिल चुका है। अब इस संशोधन विधेयक को विधानसभा के चालू बजट सत्र में पटल पर रखा जाएगा। सदन से पारित होने के बाद यह कानून बन जाएगा और राजपत्र में प्रकाशन के साथ ही रजिस्ट्री खिड़की पर यह छूट मिलनी शुरू हो जाएगी।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:38 am

राजाराम हत्याकांड: बहू रेखा वर्मा मुंबई से गिरफ्तार:आज कानपुर लेकर आएगी पुलिस, पूछताछ के लिए नहीं आ रही थीं

एडवोकेट राजाराम वर्मा हत्याकांड में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने राजाराम वर्मा की बैंक कर्मी बहू रेखा वर्मा को मुंबई से गिरफ्तार किया है। रेखा वर्मा की पुलिस लंबे समय से तलाश कर रही थी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल रहा था। जिसके बाद पुलिस ने मुंबई पुलिस से संपर्क किया था। मंगलवार शाम ठाणे पुलिस ने प्रोग्रेसिव सेलिब्रिटी अपार्टमेंट से उसे गिरफ्तार किया। जानकारी मिलने के बाद कोतवाली और मूलगंज पुलिस मुंबई रवाना हो गई है। जहां से उसे ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया जाएगा, इसके बाद पुलिस उसे कानपुर लेकर पहुंचेगी। यह था पूरा मामला… विवेचक कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश पांडेय ने बताया कि स्टेट बैंक कर्मी रेखा वर्मा राजाराम के छोटे बेटे शिवाजी की पत्नी हैं। सितंबर 2016 को शिवाजी का बीमारी से निधन हो गया। रेखा ने 26 दिसंबर 2018 को दो अधिवक्ताओं शारदा नगर क्यू ब्लॉक निवासी मनोज सक्सेना और नवाबगंज के सुक्खूपुरवा निवासी जितेंद्र कुमार सिंह को 2.12 हेक्टेयर जमीन का एग्रीमेंट किया था। इन एग्रीमेंट ने राजाराम के परिवार में तनाव बढ़ा था। 22 दिसंबर 2021 को घर के दरवाजे पर शूटर ने राजाराम ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मनोज सक्सेना और जितेंद्र से कई घंटों तक पूछताछ की थी। इनमें इनमें मनोज और जितेंद्र ने मृतक की छोटी बहू से 26 दिसंबर 2018 को तीन आराजी की कुल 2.12 हेक्टेअर जमीन का एग्रीमेंट कराया था। इस एग्रीमेंट में आराजी संख्या 2561 (ख) ,2559 (क) और 2171(क) शामिल थीं। जून 2023 में राकेश तिवारी ने कराया था एग्रीमेंट बैंक कर्मी रेखा ने परिजन पर कई आरोप लगाकर रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। हालांकि बाद में बैंक कर्मी रेखा का तबादला पहले औरैया, फिर पटना और बाद में मुंबई की शाखा में हो गया था। वहीं हत्याकांड के बाद उनकी एक तिहाई का जमीन का एग्रीमेंट राकेश तिवारी ने एक जून 2023 में कराया था। मृतक के बेटे नरेंद्र का आरोप है कि इस एग्रीमेंट को 6 नवंबर 2025 को निरस्त कराकर उसी दिन दोबारा बढ़ी हुई धनराशि में करा लिया गया। मामले के विवेचक ने बताया कि पूछताछ के लिए रेखा वर्मा को बुलाया था। वह सामने नहीं आईं। उनकी तलाश में टीम मुंबई भी गई थी जहां वह अपने फ्लैट पर नहीं मिलीं। कार्यस्थल पर भी संपर्क किया गया, लेकिन उनके बारे में कुछ पता नहीं चला था। जिसके बाद रेखा वर्मा ने अग्रिम विवेचना बंद करने और गिरफ्तारी से बचने की मांग को लेकर याचिका दायर की थी। जिसके बाद रेखा वर्मा को पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है, आज कोतवाली पुलिस उसे लेकर कानपुर पहुंचेगी।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:36 am

जंगली हाथियों का लोकेशन अब रीयल- टाइम में मिलेगा, कर्नाटक के 7 कुमकी हाथियों से होगी निगरानी

हावड़ा–मुंबई मुख्य रेलखंड पर मंगलवार तड़के जराईकेला और भालूलता स्टेशन के बीच 27 जंगली हाथियों का झुंड रेल लाइन पर पहुंच गया। वन विभाग से सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने रात 2.40 बजे से 3.10 बजे तक बंडामुंडा से जराईकेला के बीच ट्रेनों की आवाजाही बंद कर दी। बाद में स्थिति सामान्य होने पर बिसरा से जराईकेला स्टेशन के बीच ट्रेनों की गति 40 किमी प्रति घंटा कर सावधानी के साथ परिचालन शुरू किया गया। इस दौरान ट्रेन संख्या 18190 एर्नाकुलम एक्सप्रेस को राउरकेला रेलवे स्टेशन पर 02.03 बजे से 03.16 बजे तक रोका गया। वहीं ट्रेन संख्या 18029 कुर्ला–शालीमार एक्सप्रेस को भी 04.13 बजे से 05.12 बजे तक राउरकेला स्टेशन पर खड़ा रखा गया। इसके अलावा कांसबाहाल और कुलुंगा रेलवे स्टेशन के बीच एक अकेले हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद इस सेक्शन में भी ट्रेनों की गति रात 8 बजे से सुबह 5 बजे तक धीमी रखी गई। झारखंड में गंभीर समस्या बन चुका है हाथी-मानव संघर्ष कोल्हान, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, रांची और लातेहार जिले सबसे अधिक प्रभावित हैं। जनवरी 2026 से अब तक हाथियों के हमले में 35 लोगों की मौत हो चुकी है। चाईबासा में 11 दिनों के भीतर लंबे-बड़े दांत वाले टस्कर हाथी ने 22 लोगों की जान ले ली। हजारीबाग में 13 फरवरी की रात हाथियों ने 7 लोगों को कुचलकर मार डाला। कई गांवों में रात के समय घर तोड़ने और फसलों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं होती रहती हैं। हाथियों की निगरानी के लिए रेडियो कॉलर लगाएगा वन विभाग कोल्हान समेत झारखंड में बढ़ते हाथी-मानव संघर्ष को नियंत्रित करने के लिए वन विभाग नई रणनीति पर काम कर रहा है। जंगली हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उन्हें जीपीएस आधारित रेडियो कॉलर पहनाए जाएंगे। वन विभाग के अनुसार रेडियो कॉलर सभी हाथियों को नहीं, बल्कि चुनिंदा हाथियों को ही लगाए जाएंगे। इनमें मुख्य रूप से झुंड का नेतृत्व करने वाले हाथी और अकेले घूमने वाले टस्कर हाथी शामिल होंगे। इनके मूवमेंट से पूरे झुंड की दिशा का अनुमान लगाया जा सकेगा। कॉलर में लगे जीपीएस और ट्रांसमीटर सैटेलाइट या रेडियो सिग्नल के जरिए लगातार लोकेशन भेजते रहेंगे, जिससे वन विभाग को हाथियों की रीयल-टाइम जानकारी मिल सकेगी। कर्नाटक से मंगाए जाएंगे सात कुमकी हाथी वन विभाग जंगली हाथियों को नियंत्रित करने के लिए कर्नाटक से सात कुमकी हाथी भी मंगाने की तैयारी कर रहा है। कुमकी हाथी प्रशिक्षित पालतू हाथी होते हैं, जिनका उपयोग जंगली हाथियों को नियंत्रित करने में किया जाता है। इन पर महावत सवार होकर जंगली हाथियों को धीरे-धीरे जंगल की ओर खदेड़ते हैं और आक्रामक हाथियों को काबू में करने में मदद लेते हैं। तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में लंबे समय से इस तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। बार-बार गांवों में जाने वाले हाथियों की होगी पहचान वन विभाग पहले ऐसे हाथियों की पहचान करेगा जो बार-बार गांवों या आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। चयनित हाथियों को ट्रैंक्विलाइज कर उनके गले में बेल्ट की तरह रेडियो कॉलर लगाया जाएगा और फिर जंगल में छोड़ दिया जाएगा। विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है और जल्द ही कॉलर की खरीद के साथ इसे लगाने की प्रक्रिया शुरू होगी। इस पहल का उद्देश्य हाथियों की लोकेशन का समय रहते पता लगाकर ग्रामीणों को अलर्ट करना और हाथियों को जंगल की ओर वापस खदेड़ना है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:35 am

नन्हीं सी जान को नई जिंदगी...:3 दिन का नवजात, 1 किडनी, 2 किलो वजन; खून ले जाने वाली मुख्य नस सिकुड़ गई थी, जटिल हार्ट सर्जरी से बची जान

रायपुर के इट्सा हॉस्पिटल्स में 3 दिन के नवजात शिशु की जटिल हृदय सर्जरी की गई। जन्म के तुरंत बाद बच्चे में गंभीर जन्मजात हृदय रोग कोआर्क्टेशन ऑफ एओर्टा का पता चला। इसमें हृदय से शरीर तक रक्त ले जाने वाली मुख्य रक्त वाहिका अत्यधिक संकरी हो जाती है। शरीर के निचले हिस्से तक रक्त प्रवाह रुकने का खतरा रहता है। इससे जान भी जा सकती है। जांच के बाद डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी का निर्णय लिया। इसके बाद इट्सा हॉस्पिटल्स, रायपुर तथा किम्स हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने नवजात की सर्जरी की। बेहद नाजुक और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच सर्जिकल टीम ने एओर्टा के संकरे हिस्से की सफल मरम्मत कर रक्त प्रवाह सामान्य किया। ऑपरेशन के बाद नवजात को विशेष निगरानी में रखा गया। नवजात बच्चा अब वह पूरी तरह स्वस्थ होकर मां की गोद में है। टीम में ये शामिलइट्सा हॉस्पिटल के डायरेक्टर एवं सीनियर कंसल्टेंट नियोनेटोलॉजिस्ट डॉ. सचिन पिटलावर, किम्स हॉस्पिटल्स हैदराबाद के कार्डियक सर्जन डॉ. अनिल धर्मापुरम, कार्डियक एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. नागराजन, कंसल्टेंट पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अनिल चौहान, कंसल्टेंट नियोनेटोलॉजिस्ट डॉ. अर्चना राय। कम उम्र-कम वजन की वजह से हर पल थी चुनौती, इसलिए बनाई स्पेशल टीमभास्कर एक्सपर्ट - डॉ. सचिन पिटलावर के साथ 28 फरवरी को बच्चे का जन्म हुआ। नवजात का वजन सिर्फ 2 किलोग्राम था और जन्म के तुरंत बाद उसकी स्थिति गंभीर थी। जांच में पता चला कि बच्चे को कोआर्क्टेशन ऑफ एओर्टा नामक जटिल जन्मजात हृदय रोग है। इस बीमारी में मुख्य नस अत्यधिक संकरी हो जाती है, जिससे शरीर के निचले हिस्से तक रक्त पहुंचना मुश्किल हो जाता है। यदि समय पर उपचार न किया जाए तो किडनी, हृदय और अन्य महत्वपूर्ण अंगों पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। इतनी कम उम्र और वजन वाले नवजात में हृदय सर्जरी करना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। क्योंकि रक्त वाहिकाएं बहुत छोटी और नाजुक होती हैं। यही कारण है कि सर्जरी से पहले बच्चे की स्थिति को स्थिर रखने के लिए विशेषज्ञ टीम बनाई गई। 2 मार्च को किम्स हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के प्रसिद्ध कार्डियक सर्जन डॉ. अनिल धर्मापुरम के नेतृत्व में हमारी टीम ने सर्जरी शुरू की। सौभाग्य से बच्चे में पेटेंट डक्ट्स आर्टेरियोसस नामक एक अस्थाई रक्त वाहिका खुली हुई थी। इसी के माध्यम से शरीर के निचले हिस्से तक रक्त पहुंच रहा था। इस स्थिति को डक्ट-डिपेंडेंट सर्कुलेशन कहा जाता है। सर्जरी तक इस रक्त वाहिका को खुला बनाए रखने के लिए बच्चे को प्रोस्टिन इन्फ्यूजन दिया गया, जो ऐसे मामलों में जीवनरक्षक दवा होती है। इसके बाद सर्जिकल टीम ने लेफ्ट थोरेकोटॉमी के माध्यम से एओर्टा के संकरे हिस्से की सफलतापूर्वक मरम्मत की और रक्त प्रवाह को सामान्य किया। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम लगातार उसकी स्थिति पर नजर रखती रही। आखिरकार बच्चा पूरी तरह स्वस्थ हो गया।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:35 am

दनुआ घाटी में सरिया लदा ट्रेलर 40 फीट खाई में गिरा, चालक-खलासी की मौत

चौपारण थाना क्षेत्र के दनुआ घाटी स्थित जोड़राही पुल के पास मंगलवार अहले सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। बोकारो से बिहार की ओर जा रहा सरिया लदा ट्रेलर (जेएच 09 बीबी 1081) अचानक अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में ट्रेलर के खलासी पंकज कुमार (20), निवासी भोजपुर (बिहार) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक नीतीश कुमार (20), निवासी बक्सर (बिहार) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों को खाई से बाहर निकाला गया।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रेलर में ओवरलोड लदा सरिया सरकने से वाहन असंतुलित हो गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ।स्थानीय ग्रामीण बैजनाथ गंझू ने बताया कि जोड़राही पुल के पास लंबे समय से डिवाइडर टूटा हुआ है और सड़क का यह हिस्सा काफी खतरनाक बन चुका है। इसके बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। यहां तेज रफ्तार या हल्का सा असंतुलन भी बड़े हादसे का कारण बन जाता है। राजनगर: घायल युवक ने 6 दिन बाद रिम्स में दम तोड़ा राजनगर | हाता–चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच-220 पर मुरुमडीह गांव के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल सुड़सी गांव निवासी सोमाय हांसदा (18) की इलाज के दौरान रांची में मौत हो गई। मंगलवार को उनका शव पैतृक गांव सुड़सी पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बाद में गांव में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। जानकारी के अनुसार 3 मार्च को सोमाय हांसदा अपने दोस्तों के साथ बाइक से राजनगर के जुमाल गांव बाहा पर्व मनाने गया था। लौटने के दौरान मुरुमडीह गांव के पास सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन आयरन लदे ट्रक में उसकी तेज रफ्तार बाइक जा टकराई। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए पहले राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए पहले उसे एमजीएम जमशेदपुर, फिर टीएमएच और बाद में रिम्स रांची रेफर किया गया। रिम्स में इलाज के दौरान आखिरकार सोमवार देर रात सोमाय हांसदा की सांसें थम गईं। साहिबगंज: हादसे में दो की मौत, एक की आज थी सगाई सोमवार देर रात 12 बजे शोभनपुर मठिया (डेरा पीपल पेड़) के पास एनएच-80 पर तेज रफ्तार एक बाइक अनियंत्रित होकर पीपल के पेड़ से टकरा गई, जिसमें बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान तालबन्ना निवासी सनोज कुमार यादव (22) और शोभापुर भट्ठा निवासी बादल यादव (18)के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों युवक बाइक से साहिबगंज से महादेवगंज की ओर जा रहे थे। थाना प्रभारी अनीश पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों युवक महादेवगंज में एक शादी समारोह में गए थे। वहीं से किसी की बाइक लेकर वे साहिबगंज स्टेशन पान-गुटखा लेने आए थे। महादेवगंज लौटने के दौरान यह हादसा हो गया। मंगलवार सुबह पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर परिजनों के अनुसार दोनों युवक किसी भोज से लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। मृतक सनोज के पिता राजकुमार यादव ने बताया कि उनके बेटे की सगाई बुधवार को होने वाली थी, लेकिन उससे एक दिन पहले ही यह हादसा हो गया। हजारीबाग: चौपारण में जोड़राही पुल के पास हादसा

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:34 am

इलेक्ट्रिसिटी संशोधन विधेयक-2025 के विरोध में झारखंड में भी बिजली इंजीनियर-कर्मी रहे हड़ताल पर

प्रस्तावित इलेक्ट्रिसिटी (संशोधन) बिल-2025 के विरोध में झारखंड सहित देशभर में मंगलवार को बिजली इंजीनियरों और कर्मचारियों ने हड़ताल कर प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्य के ऊर्जा विकास मुख्यालय समेत सभी जीएम, सर्किल और डिवीजन स्तर के बिजली कार्यालयों में धरना, प्रदर्शन और विरोध सभाएं आयोजित की गईं। यह आंदोलन ऑल इंडिया पावर इंजीनियर्स फेडरेशन और नेशनल कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ इलेक्ट्रिसिटी एम्प्लॉयीज एंड इंजीनियर्स के आह्वान पर किया गया। धुर्वा स्थित ऊर्जा विकास मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में फेडरेशन के अपर महासचिव सह जीएम संजय सिंह प्रस्तावित कानून को कर्मचारी विरोधी बताते हुए सरकार से इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। केंद्र सरकार पर निजीकरण को बढ़ावा देने का लगाया आरोप उन्होंने कहा कि प्रस्तावित बिल का उद्देश्य बिजली वितरण क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निजीकरण को बढ़ावा देना और सार्वजनिक बिजली व्यवस्था को कमजोर करना है। इसके गंभीर प्रभाव किसानों, घरेलू उपभोक्ताओं और बिजली कर्मचारियों पर पड़ सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित प्रावधानों के अनुसार पांच वर्षों के भीतर क्रॉस-सब्सिडी समाप्त करने की योजना है। इससे कृषि उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में भारी वृद्धि हो सकती है। वर्तमान में सिंचाई के लिए रियायती बिजली पाने वाले किसानों को अधिक शुल्क देना पड़ेगा, जिससे कृषि उत्पादन लागत बढ़ने और ग्रामीण संकट गहराने की आशंका है।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:33 am

भगैया की बुनाई और रांची की कलाकारी, 14 दिनों की मेहनत से निखरी ‘तसर साड़ी’

राजधानी के मोरहाबादी मैदान में हस्तशिल्प और कला का महाकुंभ उमड़ पड़ा है। झारक्राफ्ट द्वारा आयोजित ‘राजकीय हथकरघा एवं सरस मेला 2026’ में इस बार झारखंड की माटी की महक और कारीगरों का हुनर सातवें आसमान पर है। मेले में लगे 650 स्टॉल न केवल व्यापार का केंद्र हैं, बल्कि ये बिचौलियों को हटाकर सीधे कारीगरों को ग्राहकों से जोड़ने का एक सशक्त जरिया बन गए हैं। मेले में हैंडमेड चीजों की खूब मांग है। सांस्कृतिक शाम: छऊ और झूमर की थाप मेले के मंच पर हर शाम झारखंड की लोक संस्कृति जीवंत हो रही है। मंगलवार को मानभूम से आए छऊ दल ने अपनी ओजपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद झूमर नृत्य, हिंदी गायन और एक मार्मिक नृत्य नाटिका का मंचन किया गया। अगर आप झारखंडी विरासत और ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स के शौकीन हैं, तो 20 मार्च से पहले एक बार मोरहाबादी जरूर जाएं। आने वाले सरहुल पर्व को देखते हुए मेले में पारंपरिक परिधानों की जबरदस्त धूम है। हाथ से बने ‘कुखेना गमछा’ की सबसे ज्यादा डिमांड है। मात्र 220 रुपए की कीमत वाले इस गमछे को लोग सरहुल पर ओढ़ने और उपहार देने के लिए थोक में खरीद रहे हैं। लाल व सफेद बंडी और कोट भी युवाओं को खूब लुभा रहे हैं। सरहुल का क्रेज: कुखेना गमछे की मांग जुगलबंदी: झारक्राफ्ट के एजीएम (मार्केटिंग) राहुल मिश्रा ने बताया कि इस साड़ी का बेस गोड्डा के भगैया में पुरुष बुनकरों द्वारा तैयार किया गया है। रांची का टच: बुनाई के बाद इसे रांची स्थित झारक्राफ्ट के डिजाइन स्टूडियो लाया गया, जहां महिला कलाकारों ने कूची से इसे जीवंत किया। 14 दिन की तपस्या: एक साड़ी पर सोहराई की बारीक पेंटिंग और कढ़ाई करने में महिलाओं को लगभग 14 दिनों का समय लगा है। मेले में इस बार सबसे ज्यादा चर्चा सोहराई पेंटिंग वाली हैंडमेड तसर साड़ी की हो रही है। इसकी कीमत 12,442 रुपए है, लेकिन इसके पीछे की कहानी इसे अनमोल बनाती है। 12 हजार की साड़ी के पीछे महिलाओं का ‘धैर्य’

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:32 am

सीएम बताएं... 6 वर्षों के कार्यकाल में झारखंड के आदिवासियों के लिए क्या किया : आदित्य

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने मंगलवार को कहा कि असम में आदिवासी हित की बात करने वाले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड में उसका 10% भी जमीन पर उतार देते तो राज्य का भला हो जाता। लेकिन इनकी कथनी और करनी में काफी अंतर उजागर होता है। साहू ने कहा कि पिछले साढ़े 6 वर्षों में राज्य में सत्ता संभाल रहे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बताना चाहिए कि उन्होंने झारखंड के आदिवासियों के लिए क्या किया? जल, जंगल जमीन की लूट पर क्या किया? आदिवासियों की सांस्कृतिक विरासत पर हो रहे लगातार हमले को रोकने के लिए क्या किया? साहू ने कहा कि दो दिन पहले देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन महामहिम राष्ट्रपति, जो झारखंड की नातिन हैं, जनजाति समाज की बेटी हैं, उनका पश्चिम बंगाल की धरती पर अपमान हुआ। लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक छोटी प्रतिक्रिया भी नहीं दी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पेसा कानून के नाम पर राज्य सरकार ने एक्ट की मूल भावना को ही मिटा दिया। उसकी आत्मा ही मार दी।

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:31 am

एसीबी की सुस्त जांच के बीच ईडी ने तेज की कार्रवाई; उत्पाद विभाग के अधिकारियों को समन, 12 से 15 मार्च तक पूछताछ

झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में जहां भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जांच धीमी पड़ती नजर आ रही है, वहीं अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कार्रवाई तेज कर दी है। ईडी ने पहली बार उत्पाद विभाग के अधिकारियों और कर्मियों को समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। एजेंसी इनसे 12 से 15 मार्च के बीच अलग-अलग पूछताछ करेगी। इन सभी के खिलाफ एसीबी ने मई 2025 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17(ए) के तहत मामला (कांड संख्या 9/2025) दर्ज किया था। इसी एफआईआर के आधार पर ईडी ने ईसीआईआर संख्या 10/2025 दर्ज कर मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की है। इससे साफ है कि अब जांच का दायरा उत्पाद विभाग के अंदर तक पहुंच सकता है। दरअसल, एसीबी ने मई 2025 से जनवरी 2026 के बीच इस मामले में 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। हालांकि अब तक किसी के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल नहीं किया जा सका। इसी वजह से सभी आरोपियों को डिफॉल्ट बेल मिल गई। एसीबी जांच के बिंदुओं पर ईडी करेगा पूछताछ एसीबी की जांचके मुताबिक छत्तीसगढ़ के शराब सिंडिकेट ने झारखंड के कुछ अधिकारियों के साथ मिलकर इस घोटाले को अंजाम दिया। इसमें कई प्लेसमेंट एजेंसियों (विजन हॉस्पिटैलिटी और मार्शन सिक्योरिटी) का नाम सामने आया। इन एजेंसियों ने शराब दुकानों में मैनपॉवर उपलब्ध कराने के लिए फर्जी बैंक गारंटी जमा कर ठेका हासिल किया। आरोप है कि संबंधित अधिकारियों ने आरबीआई के मानकों का पालन किए बिना इन गारंटियों का भौतिक सत्यापन तक नहीं कराया। शुरुआती जांच में राज्य को करीब 38 करोड़ रुपए के नुकसान की आशंका जताई गई थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर यह आंकड़ा 150 करोड़ रुपए से अधिक बताया गया। इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया कि छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारियों ने घटिया गुणवत्ता की देसी शराब की आपूर्ति की, जिससे राज्य सरकार को करीब 136 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। ईडी अब इन्हीं बिंदुओं पर उत्पाद विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से विस्तृत पूछताछ करेगा। ईडी ने इन अधिकारियों को भेजा समन

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:29 am

प्रदेश के सबसे बड़े खेल मैदान की सुरक्षा से खिलवाड़:एसएमएस स्टेडियम से गार्ड गायब, मेन ग्राउंड में बाइक लेकर घुस गए 2 युवक

आईपीएल के दौरान सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए राजस्थान रॉयल्स ने मैच दूसरी जगह शिफ्ट करने तक की चेतावनी दी थी। इसके बाद राज्य सरकार हरकत में आई। मुख्य सचिव ने 11 फरवरी को बीसीसीआई को लिखे पत्र में सुरक्षा की गारंटी दी थी, तब जाकर यह तय हुआ कि राजस्थान रॉयल्स के चार मैच जयपुर में होंगे। इसके लिए तैयारियां भी जोर-शोर से शुरू कर दी गईं और सरकार इस पर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है। लेकिन मंगलवार को एसएमएस स्टेडियम के मेन क्रिकेट ग्राउंड में एक मोटरसाइकिल सवार के घुसने की घटना ने पूरी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मोटरसाइकिल सवार ने ग्राउंड के भीतर पूरा चक्कर लगाया और बाइक पर उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी बैठा था। सवाल- घटना इसलिए भी गंभीर है क्योंकि स्टेडियम के हर गेट पर सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं और आमतौर पर सभी गेट बंद रहते हैं। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि इतनी सुरक्षा के बावजूद कोई बाइक लेकर मैदान के अंदर तक कैसे पहुंच गया? क्या उस समय वहां कोई ग्राउंड्समैन या सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं था? अगर था तो उसने बाइक को मैदान में जाने से क्यों नहीं रोका? और यदि नहीं था तो इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की सुरक्षा आखिर किसके भरोसे है? हां, मेरे पास भी यह फोटो आया है। कौन है, कैसे घुसा, इसका पता अभी नहीं चला है। हम इसकी छानबीन करा रहे हैं। गार्ड हर गेट पर तैनात रहते हैं, फिर ये कैसे ग्राउंड में घुसा, इसकी जांच करेंगे।”-नीरज के. पवन, अध्यक्ष, स्पोर्ट्स काउंसिल

दैनिक भास्कर 11 Mar 2026 4:29 am